Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- मकान के पहरेदार
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव एक पुरानी सोसाइटी है। पूरे सैक्टर में हर गली में लोहे के गेट लगे हैं। जिनपर गार्ड रहते हैं, कुछ गार्ड तो हमारे टाईम से अब तक हैं। सोसाइटी में पहुंच कर गार्ड से बात कर रहा था कि और क्या हाल है आप लोगों का, तभी मोटरसाइकिल पर एक आदमी आया और उसने झुक कर प्रणाम किया। मैंने पहचानने की कोशिश की। बहुत पहचाना-पहचाना लग रहा था, पर नाम याद नहीं आ रहा था। उसी ने कहा, पहचाने नहीं? हम बाबू हैं, बाबू। उधर वाली आंटी के जी के घर काम करते थे। मैंने पहचान लिया। अरे ये तो बाबू है। पिछली गली में 1287 नं० वाली आंटी जी का नौकर। एक ही बेटा था आंटी का, अंकल पहले ही गुजर चुके थे, बेटा स्नातक के बाद ही ऑस्ट्रेलिया चला गया था, वहीं पढ़ाई की, अब व्यवसाय, विवाह, घर सब ऑस्ट्रेलिया ही है। “अरे बाबू, तुम तो बहुत तंदुरुस्त हो गए हो। आंटी कैसी हैं?”
- निर्णय...
रमाकांत शुक्ला लड़की की मंगनी को सात महीने हो गए थे। मगर लड़के वालों को मनमुताबिक शुभ मुहूर्त नहीं मिल रहा था, सो शादी में देर हो रही थी। लड़के वालों के पंडित जी ने एक अच्छा मुहूर्त बताया भी तो इस बीच लड़के के दादा जी लम्बी बीमारी के चलते भगवान को प्यारे हो गए। ऐसे में एकबार फिर से शादी की तारीख आगे बढ़ गई। खैर मंगनी को साल भर बीत गया था। जैसे-तैसे एक अच्छे दिन पर शादी की तारीख तय हुई। ऐसे में लड़के के परिवार वाले लड़की के घर आए थे। चाय नाश्ते का प्रोग्राम चल ही रहा था कि लड़की के पिता ने जानकारी लेने के लिए लड़के के पिता से पूछा बारात में कितने लोग आएंगे भाई साहब तीन साढ़े तीन सौ बाराती तो मान कर चलिए। लड़के के पिता ने मूंछों पर ताव देते हुए कहा। जी...तीन साढ़े तीन सौ तो बहुत ज्यादा हो जाएंगे, लड़की के पिता ने धीमे और चिंतित होते हुए कहा। अब क्या करें भाई साहब हमारा इतना बड़ा परिवार है और ये तो अपने ही बन्दे हैं। सच कहूं तो अभी बाहर के लोगो को तो गिना ही नही है। लड़की का मामा जो वहां बैठे थे और लड़के की दादाजी के भोग में भी शामिल हुए थे। उसे याद आया कि उसके भोग में तो साठ सत्तर से भी कम लोग शामिल हुए थे। उनमें भी दस बारह तो उनके ही परिवार के ही थे। चूंकि मामला लड़की के रिश्तेदारी का था तो .... उसने अपने जीजा जी की ओर देखा, जिनका चेहरा उतर गया था। वहीं अपनी भांजी की ओर देखा तो वो भी अपने पिता की आर्थिक स्थिति से अवगत थी। सो उसके चेहरे पर भी चिंता की रेखाएं उभर रही थी। उनकी चुप्पी और लड़के वालों की यूं बारातियों की डिमांड को देख लड़की के मामा खड़े होकर बोले भाई साहब आपके पिता जी की अंतिम क्रियाओं में तो आप से सौ लोग भी इकट्ठा ना हो सके थे, तो बारात में आने वाले ये तीन साढ़े तीन सौ लोग कौन से अपने है। अब लड़के वाले लड़की के मामा की बात सुनकर शर्मिंदगी से एक-दूसरे की शक्ल देख रहे थे। तब लड़की के मामा ने कहा भाईसाहब अपने वो होते हैं जो दुःख में साथ खड़े हो ना की खुशी में खाने पीने वाले, कहकर उसने दोनों हाथों को जोड़कर अपना निर्णय सुना दिया। *****
- एक बेटा ऐसा भी
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव माँ, मुझे कुछ महीने के लिये विदेश जाना पड़ रहा है। तेरे रहने का इन्तजाम मैंने करा दिया है।" तक़रीबन 32 साल के, अविवाहित डॉक्टर सुदीप ने देर रात घर में घुसते ही कहा। "बेटा, तेरा विदेश जाना ज़रूरी है क्या?" माँ की आवाज़ में चिन्ता और घबराहट झलक रही थी। "माँ, मुझे इंग्लैंड जाकर कुछ रिसर्च करनी है। वैसे भी कुछ ही महीनों की तो बात है।" सुदीप ने कहा। "जैसी तेरी इच्छा।" मरी से आवाज़ में माँ बोली। और छोड़ आया सुदीप अपनी माँ 'प्रभा देवी' को पड़ोस वाले शहर में स्थित एक वृद्धा-आश्रम में। वृद्धा-आश्रम में आने पर शुरू-शुरू में हर बुजुर्ग के चेहरे पर जिन्दगी के प्रति हताशा और निराशा साफ झलकती थी। पर प्रभा देवी के चेहरे पर वृद्धा-आश्रम में आने के बावजूद कोई शिकन तक न थी। एक दिन आश्रम में बैठे कुछ बुजुर्ग आपस में बात कर रहे थे। उनमें दो-तीन महिलायें भी थीं। उनमें से एक ने कहा, "डॉक्टर का कोई सगा-सम्बन्धी नहीं था जो अपनी माँ को यहाँ छोड़ गया।" तो वहाँ बैठी एक महिला बोली, "प्रभा देवी के पति की मौत जवानी में ही हो गयी थी। तब सुदीप कुल चार साल का था। पति की मौत के बाद, प्रभा देवी और उसके बेटे को रहने और खाने के लाले पड़ गये। तब किसी भी रिश्तेदार ने उनकी मदद नहीं की। प्रभा देवी ने लोगों के कपड़े सिल-सिल कर अपने बेटे को पढ़ाया। बेटा भी पढ़ने में बहुत तेज था, तभी तो वो डॉक्टर बन सका।"
- स्त्री की हत्या
अदनान कफ़ील दरवेश कुर्सियाँ उल्टी पड़ी हैं तंदूर बुझ चुका है आस-पास पानी गिरने से ज़मीन काफ़ी हँचाड़ हो गई है पत्तलों के ऊढे़ लगे हुए हैं जगह-जगह डिसपोज़ेबल गिलास और दोने बिखरे हुए हैं कुत्ते पत्तल चाटते-चाटते थक गए हैं और अब खेल कर रहे हैं तंबू और शामियाने अब उजाड़े जा रहे हैं चमकदार परदे और रॉड उतारे जा रहे हैं शाम को यहाँ शादी के भोज का एहतमाम था शाम को यहाँ बत्तियों की जगर-मगर थी आदमी-बूढ़े-जवान और बच्चियों की चहल-पहल थी शाम को यहाँ एक नशा-सा था फ़ज़ा में एक उत्साह, एक उत्सव का माहौल अब कनिया की बिदाई हो रही है माहौल में एक अजीब उजाड़-सा है स्त्रियों का सामूहिक दिखावटी विलाप चल रहा है कनिया रोकर चुप हो गई है वधू पक्ष के लोग जहेज़ का सामान और झपोलियाँ लदवा रहे हैं सबके पास कोई न कोई काम है कन्या का पिता बाहर रसोइए की चौकी पर बैठा है उसकी आँखों में तसल्ली और दुःख दोनों की रेखाएँ मौजूद हैं कन्या को दूल्हे की सजी-धजी गाड़ी में अब बिठाया जा रहा है वह फिर से बिलख रही है सब उसे सांत्वना दिला रहे हैं इस वक़्त कन्या के मन में क्या चल रहा है ये तो शायद वह भी नहीं जानती आज जिस पुरुष की वह स्त्री मान ली गई है उसे बिल्कुल नहीं जानती आज उस स्त्री के प्रथम सहवास का दिन है आज ही एक पुरुष ने उसे बड़ी धूमधाम से ख़रीद लिया है आज ही उसकी हत्या होगी आज ही उसका एक नए घर में पुनर्जन्म होगा नया सजा-धजा घर नया शरीर नए हाव-भाव नई हँसी नए विचार नई संवेदना इतनी नई कि कुछ दिनों में ही भूल जाएगी अपना पिछला जन्म उस प्रेमी का चेहरा भी जिसे उसने अपने सीने के तहख़ाने में छुपा दिया था पिता के घर की देहरी लाँघने के बाद ही कुछ महीनों बाद वह शायद माँ बनेगी वंश-वृद्धि करेगी अपनी औलाद को चूमेगी और ढूँढ़ेगी उसमें अपने प्रेमी का खोया चेहरा लेकिन ऐसा कभी-कभी ही होगा… मैं ये वाक़या इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि इन सारी चीज़ों का मैं भी गवाह हूँ लेकिन अब कुछ कहा नहीं जा रहा मुझसे बस सिर झुकाए खड़ा हूँ क्योंकि मैं भी उस स्त्री की हत्या में शामिल हूँ। *****
- मर्द
मनोरंजन तिवारी आज हमेशा के मुकाबले ट्रेन में कम भीड़ थी। सुरेखा ने खाली जगह पर अपना ऑफिस बैग रखा और खुद बाजू में बैठ गई। पूरे डिब्बे में कुछ मर्दों के अलावा सिर्फ सुरेखा थी। रात का समय था सब उनींदे से सीट पर टेक लगाये शायद बतिया रहे थे या ऊँघ रहे थे। अचानक डिब्बे में 3-4 तृतीय पंथी तालिया बजाते हुए पहुँचे और मर्दों से 5-10 रूपये वसूलने लगे। कुछ ने चुपचाप दे दिए कुछ उनींदे से बड़बड़ाने लगे। "क्या मौसी रात को तो छोड़ दिया करो हफ्ता वसूली..." वे सुरेखा की तरफ रुख न करते हुए सीधा आगे बढ गए। फिर ट्रेन कुछ देर रुकी कुछ लडके चढ़े फिर दौड़ ली आगे की ओर, सुरेखा की मंजिल अभी 1 घंटे के फासले पर थी। वे 4-5 लड़के सुरेखा के नजदीक खड़े हो गए और उनमे से एक ने नीचे से उपर तक सुरेखा को ललचाई नजरों से देखा और बोला... "मैडम अपना ये बैग तो उठा लो सीट बैठने के लिए है, सामान रखने के लिए नहीं..." साथी लडको ने विभत्स हंसी से उसका साथ दिया।
- आत्मनिर्भर
अल्पना सिंह भवानी रिटायर्ड हो कर घर आई, तो उसका मन बहुत भारी-भारी लग रहा था। 30 साल सर्विस किया भवानी ने, पति के मृत्यु के बाद। इस सर्विस ने बहुत सहारा दिया था। पति की जगह तो कोई नहीं भर सकता लेकिन फिर भी दोनों बच्चों को पढ़ा-लिखा कर अपने पैरों पर खड़ा करने में। बेटी की शादी में कभी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाने दिया इस नौकरी ने। आज तक अपने आत्म सम्मान के साथ जी पाई तो इसी नौकरी के बदौलत, और आगे भी पेंशन ही सहारा बनेगी। भवानी मन ही मन यहीं सोच रही थी, तभी भवानी का बेटा कुछ कागज ले कर कमरे दाखिल होता हैं, और अपनी माँ से बोलता है- “माँ, ये आपके पेंशन के कागज हैं, थोड़े दिनों में आपका पेंशन चालू हो जायेगा, लेकिन माँ आप हमें छोड़ कर गाँव क्यों जा रही है। मुझसे या सेजल से कोई गलती हो गयी है क्या?” भवानी- “अरे नहीं रे पगले मुझे तुझसे या सेजल से कोई शिकायत नहीं हैं, बल्कि सेजल तो मेरा इतना ख्याल रखती कि मुझे खुद से डर लगता हैं कि कही मैं आलसी न बन जाऊँ।,” इतना बोल कर भवानी हँसने लगी। दरअसल बात ये है बेटे कि तेरी बड़ी चाची जी ने मुझे अपनी मदद के लिए बुलाया हैं। सुमन के लिए अहम फैसला लेने में मेरी मदद चाहिए उन्हें। ओम ने आश्चर्य से अपनी माँ की ओर देखा और बोला- “चाची जी ने! ” आप एक बार फिर सोच लो माँ, चाचा जी बहुत ही अकडू हैं वे आपकी बात कभी नहीं मानेंगे। तेरे चाचा जी मेरी बात मानें या ना मानें लेकिन मैं फिर भी जाउंगी। जनता हैं ओम, सालों पहले यदि तेरी दादी माँ ने हार मान ली होती तो ना आज मैं यहाँ होती, और ना तुम। सालो पहले जब अकस्मात तेरे पिता जी का साया हम लोगों के सर से उठ गया और उनकी जगह अनुकम्पा के आधार पर मुझे नौकरी मिली। तब घर के सारे लोग मेरे खिलाफ हो गये थे। घर की जवान विधवा बहु घर की दहलीज लाँघ कर काम करने जाये ये, किसी को मंजूर नहीं था। तुम्हारे चाचा जी को ही नहीं बल्कि तुम्हारे नाना जी को भी मंजूर नहीं था। लेकिन सिर्फ तुम्हारी दादा माँ थी जो मेरे साथ खड़ी थी, और मेरे लिए सारे घर वालो से लड़ गयी थीं। आज यदि मैं बिना किसी पर आश्रित, आत्म सम्मान के साथ यहाँ खड़ी हूँ, और तुम दोनों को पढ़ा-लिखा कर अपने पैरो पर खड़ा कर पाई हूँ, तो इसका श्रेय सिर्फ और सिर्फ तुम्हारी दादा माँ को जाता हैं। और ओम यदि मैं दो औरतों की भी मदद कर पाई और उनके घर वालों को समझाने में कामयाब हो पाई कि पति के मर जाने से पत्नी की जरूरते नहीं मर जाती, उसकी इच्छा, उसकी ख्वाहिसे नहीं मर जाती। पत्नी को अपनी जरूरते पूरी करने के लिए आत्मनिर्भर होना बहुत जरुरी हैं, ताकि उसे अपनी और अपने बच्चो के जरूरतों के लिए दुसरे का मुहँ ना देखना पड़े। सही मायने में यही सच्ची श्रधांजलि होगी तुम्हारी दादी माँ को। थोड़ी देर रुक कर भवानी एक गहरी साँस ले कर बोली- “और ओम मैं तो चाहूंगी कि तुम्हारे चाचा जी सुमन की दूसरी शादी ही कर दें। अभी उम्र ही क्या हो रही हैं उसकी, शादी के केवल पाँच साल ही तो हुए थे और भगवान् ने.....इतना बोलते-बोलते भवानी का गला भर आया और आँखों में आँसू छल-छला आये। ओम ने आगे बढ़ अपनी माँ के हाथो को अपने हाथो में लेते हुए बोला- “आप बिलकुल सही बोल रही हैं माँ, लेकिन सुमन की एक बेटी है।” भवानी बोली- “हां, इसीलिए तो मैं गाँव जा रही हूँ, यदि सुमन की इच्छा हुई तो उसकी बेटी को मैं गोद लेना चाहती हूँ। मेरी सारी जिम्मेदारियां ख़तम हो गयी हैं। मैं अपने पेंशन से भी उस बच्ची को पाल सकती हूँ। अच्छी शिक्षा दे सकती हूँ। थोड़ी देर रुक कर, भवानी गहरी साँस लेते हुए बोली- “चल मुझे बस स्टैंड तक छोड़ दे।” ओम- बस से क्यों? मैं छोड़ देता हूँ अपनी कार से। तभी सेजल बोलती हैं- “रुकिए माँ जी ये लेते जाईये, सेजल ने एक छोटा सा गणपति बप्पा की मूर्ति भवानी की हाथो में रखते हुए बोली- “माँ जी इन्हें लेते जाईये ये विध्नहर्ता हैं, इनकी कृपा से सब कुछ सही होगा, और माँ जी आप अकेली नहीं हैं हम सब आपके साथ हैं। ******
- सासु माँ का सबक
लक्ष्मी कुमावत मीनल अभी तक बाजार से घर नहीं लौटी थी। शाम के 6:00 बजने को आ चुके थे। ममता जी बार-बार घर के बाहर आकर देख रही थी। सुबह 10:00 की मार्केट गई हुई है लेकिन अभी तक उसका कोई अता-पता नहीं था। कई बार फोन भी ट्राई कर लिए लेकिन फोन उठाए तब ना। मीनल ममता जी की बहू है। अभी तीन महीने पहले ही उनके इकलौते बेटे तरुण के साथ शादी होकर इस घर में आई है। पर बहू जैसी कोई बात नहीं है उसमें। हर बात में अपनी ही चलाती है। जब ममता जी अपने पति महेश जी के साथ उसे देखने गई थी तो उसकी मम्मी ने उसकी तारीफों के बड़े पुल बांधे थे। मम्मी पापा के अलावा उसके दो बड़े भाई और भाभी है। भरे पूरे परिवार को देखकर उन्होंने ये सोचकर हां कर दी कि लड़की परिवार में ही रही है तो संस्कारी तो होगी ही। पर कहते हैं ना ऊंची दुकान फीके पकवान। ठीक वैसा ही हाल मीनल का निकला। जैसे सब कहते हैं कि हम तो बहू को बेटी बनाकर रखेंगे। ठीक वैसे ही ममता जी ने भी मीनल के लिए कहा था। लेकिन बेटी बना कर रखना और बेटी होने में फर्क होता है। इस महीन रेखा को मीनल नहीं समझ पाई। शादी के बाद उसने बहू जैसे कोई लक्षण नहीं दिखाएं। घर में शॉर्ट्स पहन कर घूमना, जब चाहे पार्टी करना, किसी भी समय बाहर से खाना ऑर्डर कर लेना, घर के काम न करना और सबसे बड़ी बात ममता जी से छोटी-छोटी बातों पर बहस कर लेना। ये उसके लिए बहुत ही साधारण सी बात थी। अगर ममता जी समझाती भी तो मीनल बात को हमेशा उल्टा ही लेकर जाती, "मैं तो आपकी बहू हूं ना। इसलिए मेरे साथ हमेशा ऐसा व्यवहार होता है। क्या आप अपनी सगी बेटी को इतना रोकती टोकती। जब मुझे देखने आई थी तभी कह देना चाहिए था कि हम तुझे बेटी बनाकर नहीं रखेंगे" ममता जी घर की शांति के लिए चुप रह जाती। महेश जी से बोलती तो महेश जी भी ममता जी को ही समझाते, "अरे अभी बच्ची है। कुछ दिनों में समझ जाएगी। तुम थोड़ा सब्र करो" तरुण से कुछ कहती तो तरुण कहता, "मम्मी आपके जमाने में और आज के जमाने में बहुत फर्क है। पहले बहुएं सिर्फ बहुएं होती थी, पर आजकल बेटियां होती है। थोड़ा वक्त दो वो सब समझ जाएगी" आखिर जब पति और बेटा ही कह रहे हैं तो ममता जी उसके आगे कुछ कह ही नहीं पाती। पर आज तो हद ही हो गई। सुबह तरुण और महेश जी के ऑफिस जाने के बाद से ही मीनल गई हुई है, लेकिन अभी तक नहीं आई। ममता जी फोन कर रही है तो फोन भी उठा नहीं रही है। 'भला ये कोई बहू बेटी के लक्षण है। आने दो उसे आज। आज तो साफ-साफ बात करूंगी' ममता जी बड़बडाने लगी। इतने में तरुण और महेश जी भी घर आ गए। आते ही महेश जी बोले, "अरे क्या हो गया श्रीमती जी? घर के बाहर खड़ी होकर किसका इंतजार कर रही हो? हमारा तो आज तक इस तरह से इंतजार नहीं किया। कौन खुश नसीब है वो।" महेश जी के सवाल को सुनकर ममता जी उन्हें घूरते हुए बोली, "आपको मजाक सूझ रहा है। यहाँ शाम हो चुकी है लेकिन बहू अभी तक घर पर नहीं आई। पता नहीं कहां रह गई। कह कर तो गई थी कि थोड़ी देर में आती हूं।" "अरे तो कोई काम हो गया होगा। मम्मी आप भी क्या चिंता करती हो। कोई छोटी बच्ची थोड़ी ना है। आ जाएगी" तरुण ने बीच में ही कहा। "आ जाएगी से क्या मतलब? आजकल जमाना कितना खराब है, पता नहीं है क्या। कब से फोन लगा रही हूँ। कम से कम फोन तो उठा कर जवाब दे सकती है। भला ये कोई बहू बेटी के लक्षण होते हैं।" तरुण की बात सुनकर ममता जी खींझते हुए बोली। "अच्छा अच्छा! तुम दोनों मां बेटे बात करो। मैं जाकर चेंज कर रहा हूं और थोड़ी देर आराम करूंगा। फिर सब लोग मिलकर खाना खाएंगे। खाना तो बना लिया होगा आपने श्रीमती जी?" महेश जी की बात सुनकर ममता जी बोली, "हां हां, सब्जी और दाल बना दी है। बस रोटियां सेकनी है।" इतने में बाहर कैब आकर रुकी। उसमें से मीनल उतरकर आई तो उसके हाथ में काफी सारे शॉपिंग बैग्स थे। अंदर आते ही बैग्स एक तरफ पटक कर सोफे पर बैठते हुए बोली, "आज तो सचमुच बहुत थक गई हूं। पर शॉपिंग करके मजा आ गया।" "बहु तुम इतना सब कुछ क्या लेकर आई हो" ममता जी ने बैग्स की तरफ देखते हुए कहा। "कुछ नहीं मम्मी जी, मेरी जरूरत का सामान है। मैं अपने लिए सेल में से खूब अच्छी-अच्छी साड़ियां लेकर आई हूं। कुछ मेकअप का सामान है और डेली यूज के कपड़े लाई हूं।" मीनल ने ममता जी को जवाब दिया। "पर तुम्हारी शादी तो अभी तीन महीने पहले ही तो हुई है। अभी तो कई सारे कपड़े ऐसे है जो तुमने पहने भी नहीं है। फिर और शॉपिंग करने की क्या जरूरत थी। और मैं तुम्हें कब से फोन लगा रही हूं। तुम फोन उठा कर जवाब तक नहीं दे रही हो मुझे। भला ये कोई बात होती है। मुझे चिंता हो रही थी" ममता जी ने कहा। "मम्मी जी मैं कोई छोटी बच्ची नहीं हूं। शॉपिंग करने ही तो गई थी, लौट कर आ ही जाती ना। जो आप बार-बार फोन पर फोन कर रहे थे। कितना एंबेरेस लग रहा था मुझे अपने दोस्तों के सामने। इसलिए मैंने फोन का वॉल्यूम ही बंद कर दिया। और रही बात शॉपिंग की तो मुझे जिन चीजों की जरूरत थी मैं वो ले आई। इसमें बात का बतंगढ़ बनाने की क्या जरूरत पड़ गई। मेरी मम्मी ने तो मुझे कभी नहीं रोका" मीनल ने बिगड़ते हुए कहा। "बेटा तुम्हारी मम्मी ने तुम्हें कभी रोका नहीं क्योंकि वो तुम्हारा मायका था। वहाँ तुम बेफिक्र होकर रहती थी। जी किया तो काम किया नहीं तो छोड़ दिया। दो दो भाभियाँ थी, संभाल लिया था उन्होंने। पर ये तो तुम्हारा ससुराल है। तुम खुद यहां एक बहू हो, वो भी इकलौती। इस घर का भला बुरा सब तुम्हें सोचना है। आखिर अपनी जिम्मेदारियां कब उठाओगी?" ममता जी ने मीनल की बात का जवाब दिया। तब मीनल चिड़ते हुए बोली, "मम्मी जी फिर तो आपको शादी से पहले बोलना ही नहीं चाहिए था कि हम बहू को बेटी बनाकर रखेंगे। इतनी रोक-टोक तो कभी मुझ पर मेरी मम्मी ने भी नहीं की, जितना आप टोकती हैं।" कहकर मीनल कमरे में चली गई। ममता जी ने उदास होकर तरुण की तरफ देखा। तो तरुण उल्टा ममता जी को समझाने लगा, "क्या मम्मी, आप भी चिल करो ना। क्यों सास बन रही हो। सात ही तो बजे है। आ तो गई टाइम से। आपकी बेटी होती तो क्या आप उसके साथ भी इस तरह से बिहेव करते हैं।" कहकर तरुण भी अपने कमरे में चलता बना। ममता जी को बहुत बुरा लगा। उदास मन से ममता जी कमरे में आ गई और पलंग पर बैठ गई। उन्हें इस तरह उदास देखकर महेश जी बोले, "ममता तुम्हें नहीं लगता कि तुम मीनल के सास बनने की कोशिश कर रही हो? अभी बाहर जो भी हुआ, उसमें तुम्हारा हाथ है। अच्छी खासी घर में शांति थी। बेवजह तुमने हंगामा कर दिया।" उनकी बात सुनकर ममता जी बोली, "आपको भी लगता है कि मेरी ही गलती है। बहू का यूँ लेट तक आना, मेरा फोन ना उठाना, घर की कोई जिम्मेदारी ना लेना, ये गलत नहीं है।" "अरे, तुम छोटी सी बात को क्यों बड़ा बना रही हो। अगर उसे बेटी की तरह मानोगी तो खुश रहोगी। अब तुम्हारी अपनी बेटी होती तो.. " कहते-कहते महेश जी चुप हो गए। पर ये बात ममता जी के दिल पर जा लगी। उन्होंने कहा तो कुछ भी नहीं पर अपना मोबाइल लेकर बाहर बरामदे में आ गई। घुटन महसूस हो रही थी इसलिए अपनी एक सहेली अनु को फोन लगा दिया। और बातों ही बातों में मिनाल के बारे में बता दिया। तब अनु ने कहा, "देख ममता, बहु और बेटी के बीच में फर्क तो होता है। यह बात मीनल को समझना ही पड़ेगी। और रही बात महेश जी और तरुण की। तो जब तक इंसान को पका पकाया मिलता रहेगा, तब तक वो हाथ पैर क्यों चलाएगा। महेश जी और तरुण के सारे काम तो तू कर देती है। इसलिए उन लोगों को क्या फर्क पड़ेगा कि मीनल घर का काम करती है या नहीं। अपनी जिम्मेदारियां को समझती है या नहीं। तुझे खुद ही कोई कदम उठाना पड़ेगा। तभी तू खुद की मदद कर सकती है।" अनु की बात धीरे-धीरे ममता जी को समझ में आने लगी थी। उन्होंने फोन कट करने के बाद कैब बुक की और अपने कमरे में आ गई। अपने कमरे में आकर अपना सामान एक बैग में पैक करने लगी। उन्हें सामान पैक करते देखकर महेश जी ने कहा, "तुम सामान क्यों पैक कर रही हो? कहीं जा रही हो क्या?" "हां, मैं अपने मायके जा रही हूं। भाई कितने दिनों से बुला रहा था। सोचा कुछ दिन वही रहकर आऊंगी।" उनकी बात सुनकर महेश जी हैरान होते हुए बोले, "अरे! अचानक मायके जाने की क्या लगी तुम्हें? और अभी तक तो हमने खाना भी नहीं खाया। रोटियां कौन सेकेगा?" "अरे! आपकी लाडली बेटी है ना। उससे बोलो। अब क्या हमेशा जिम्मेदारी मैं ही निभाती रहूंगी।" "ओह! तो लगता है बात का बुरा लग गया। इसलिए अब ये तमाशा कर रही हो" "इसमें तमाशे की क्या बात है? अभी मैं अपने मायके जाती तो क्या मेरी बेटी मुझे मायके जाने से रोकती। वही तो पीछे से पूरा घर संभालती" "अब तुम बेवजह की बातें कर रही हो। तुम... " लेकिन ममता जी ने महेश जी की बात को पूरा होने ही नहीं दिया। वो चुपचाप अपना बैग लेकर बाहर आ गई। तब तक कैब भी आ चुकी थी। इतने में तरुण और मीनल भी बाहर आए। तरुण ने आते हुए कहा, "मम्मी खाना बन ...." ममता जी को बैग के साथ देखकर तरुण ने बात को पलटकर पूछा, "आप कही जा रही हो?" "हां मैं कुछ दिन तुम्हारे मामा के घर रहने जा रही हूं। बहुत दिन हो गये मुझे मायके गए हुए। इसलिए सोचा थोड़ा चेंज हो जाएगा।" कहकर ममता जी बिना किसी की बात सुने ही वहाँ से रवाना हो गई। ममता जी के इस कदम से सब हक्के बक्के रह गए। लेकिन भूख तो जोरो से लगी ही थी। तरुण ने मीनल की तरफ देखकर कहा, "अब खाना?" "अरे! मैं भी थक गई हूं।" मीनल ने धीरे से कहा। लेकिन तब तक महेश जी ने बाहर आते हुए कहा, "तो मीनल बेटा, आज तुम खाना खिला दो। वैसे भी तुम्हारी मम्मी सब कुछ तैयार करके ही गई है। तुम्हें सिर्फ रोटियां ही सेकनी है।" मीनल महेश जी से कुछ कह ना पाई और तरुण को घूरती हुई रसोई में आ गई। रोटियां सेक कर सबको खाना खिलाया और फिर खुद खाना खाकर अपने कमरे में जाकर सो गई। यहां तक कि ना रसोई साफ की और ना ही बर्तन धोए। दूसरे दिन सुबह के 8:00 बज गए। लेकिन किसी की नींद तक नहीं खुली। अचानक तरुण हड़बढाकर उठा। और मीनल को जगाते हुए बोला, "मीनल जल्दी उठो। सुबह के 8:00 बज चुके हैं। आज तो बहुत देर हो गई। अब तो ऑफिस के लिए पक्का लेट हो जाऊंगा। पता नहीं पापा भी उठे हैं या नहीं। तुम फटाफट चाय नाश्ता बनाओ।" कहकर तरुण अपने पापा के कमरे की तरफ भागा। तब तक मीनल भी चिड़चिड़ा कर उठी, "क्या तमाशा है ये? मम्मी जी को भी मायके जाना जरूरी था क्या? बुढ़ापे में भी मायके का शौक नहीं गया। नींद खराब हो गई मेरी। अब रसोई में घुसकर नाश्ता और बनाओ।" तरुण ने कमरे में जाकर देखा तो महेश जी भी अभी तक सो रहे थे। उसने उन्हें भी उठाया और फटाफट तैयार होने को कहा। इधर मीनल रसोई में गई तो रसोई रात की ही बिखरी पड़ी थी। बर्तन झूठे पड़े हुए थे। उसे कुछ समझ ही नहीं आया कि क्या बनाऊं। इतने में तरुण रसोई में आया और बोला, "मीनल कमलाबाई का फोन आया था। वो आज भी नहीं आएगी इसलिए घर के साफ-सफाई भी तुम्हें ही देखनी है।" "तरुण मैं ये सब कैसे करूंगी। रसोई बिखरी पड़ी है। रात के झूठे बर्तन पड़े हुए हैं। ऊपर से तुम कह रहे हो कमलाबाई भी नहीं आएगी। पिछले तीन दिन से वो छुट्टी ले रही है। और कितनी छुट्टी लेगी? मुझसे नहीं होगा ये सब। या तो तुम यहां रुक कर मेरी मदद करो वरना मैं भी अपने मायके चली जाऊंगी।" मीनल चिड़चिड़ाते से बोली। उसकी बात सुनकर तरुण एक पल के लिए बिल्कुल चुप हो गया। और फिर बोला, "मीनल मम्मी भी तो ये सब अकेले संभालती थी। तुम तो कभी उनकी मदद भी नहीं करवाती थी।" "मुझे नहीं पता ये सब। तुम्हारी मम्मी ने ये सब जानबूझकर किया है मुझे परेशान करने के लिए। मैं अपने मायके जा रही हूं। तुम देख लो तुम्हें क्या करना है।" मीनल बड़बड़ाते हुई अपने कमरे में चली गई। उसकी ये बात महेश जी ने भी सुन ली। वाकई उन्हें काफी हैरानी हुई कि बहू एक दिन घर नहीं संभाल पा रही जबकि वो और तरूण उसी का साथ देते थे। तभी महेश जी तरुण से बोले, "बेटा मैं ऑफिस जा रहा हूं। चाय नाश्ता वही कर लूंगा। आज तुम घर पर रहकर मीनल की मदद करवा दो।" कहकर महेश जी घर से बिना चाय नाश्ता किए ही रवाना हो गए। इधर मीनल ने अपनी मम्मी को फोन लगाया ये बताने के लिए कि वो मायके आ रही है तो उसकी मम्मी ने पूछा, "आज अचानक कैसे मायके आ रही है? सब ठीक तो है?" "यहाँ कुछ भी ठीक नहीं है मम्मी। मेरी सास तो रुठकर मायके जाकर बैठ गई। पता नहीं लोग शादी से पहले ऐसा क्यों कहते हैं कि हम तो बहू को बेटी बना कर रखेंगे। सच, बोलने में और करने में बहुत फर्क होता है।" बड़बड़ाती हुई मीनल ने कल का पूरा किस्सा अपनी मम्मी को कह सुनाया। उसकी बात सुनकर उसकी मम्मी ने कहा, "अच्छा! तो तू काम के डर से भाग कर आ रही है। तुझे तो मेरे जैसे सास मिलनी चाहिए थी जो बहूओं को डांट डपटकर एक तरफ बिठाकर रखती है। खबरदार! जो तू मेरे घर आई तो। तेरी बात सुन-सुन कर मेरी बहुएं बिगड़ जाएगी। और मेरे सिर पर चढ़कर नाचेगी।" "मम्मी आप मुझे मेरे ही मायके आने से रोक रही हो" मीनल हैरान होते हुए बोली। "क्यों ना रोकूँ तुझे। अपना घर संभाल नहीं पा रही है। और मेरे घर में आग लगा देगी। इज्जत से आए तो तेरा स्वागत है। लेकिन इस तरह से लड़ झगड़ कर आई तो मेरे घर के दरवाजे तेरे लिए बंद हैं।" कहकर उसकी मम्मी ने फोन रख दिया। मीनल हैरान रह गई कि उसकी मम्मी उसे ये जवाब दे रही थी। अब तो मजबूरन उसे घर का काम करना ही था, इसलिए रसोई में पहुंच गई। मीनल को काम करता देखकर तरुण की भी जान में जान आई और वो भी घर की साफ सफाई में उसकी मदद करने लगा। दोनों ने मिलकर ही घर का काम किया था लेकिन उसमें ही दोनों थक गए। इसलिए दोपहर में खाना दोनों ने बाहर से मंगवाया। लेकिन शाम आते आते तक सबको अपनी गलती का एहसास हो चुका था। इसलिए महेश जी आते समय ममता जी को मनाकर अपने साथ ही लेकर आए। ममता जी के घर आते ही मीनल और तरुण ने भी उनसे माफी मांगी। आखिर धीरे-धीरे सब कुछ नॉर्मल हो गया यह तो कहानी थी इसलिए आसानी से सब कुछ नॉर्मल हो गया। पर सच्चाई तो इससे काफी परे होती है। ******
- फिर एक बार…
रचना कंडवाल सुजाता ने आज दस साल बाद दोबारा "बसेरा" में कदम रखा था। ये वही "बसेरा" था जहां कभी वह दुल्हन बन कर आई थी। ये कभी उसका घर हुआ करता था। उसके ससुर रिटायर्ड जज अविनाश शर्मा की कोठी उसके पति आइपीएस निशांत शर्मा का घर। घर में शोक पसरा हुआ था, मृत शरीर को ले जाने की तैयारी थी। मरने वाली और कोई नहीं उसके पति की दूसरी पत्नी ज्योति थी। वो जाकर अपनी सास के पास खड़ी हो गई। मां आंखों में आंसू भरे उसे देखने लगी। उनकी गोद में ज्योति का बेटा आदित्य दुबका हुआ था। उम्र आठ साल थी। ऐसा लग रहा था कि आसपास के माहौल से बहुत डरा हुआ था। निशांत की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, वह अवाक रह गए। ये कुछ ऐसा था जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। मृत शरीर अपनी अंतिम यात्रा पर निकल पडा़ था। सुजाता अपनी सास को सहारा दे कर अंदर ले आयी। सास ने उसका हाथ अपने हाथों में ले लिया "सुजाता तुमने मेरा मान रख लिया बेटा। अनु कैसी है?" बोलते हुए गला भर आया था उनका। "ठीक है मां उसे नानी के पास छोड़कर आयी हूं।" "सुजाता मेरा दिल बहुत घबरा रहा है। आदित्य का क्या होगा?" "मां आप ज्यादा न बोलें, आपकी तबीयत खराब हो जाएगी।" सुजाता उन्हें तसल्ली देती रही, पर उसके मन में तूफान उमड़ रहा था। ये वही घर था जहां उसके पति ने उसे ठुकराया था। और ज्योति से शादी कर ली थी। वह भी उस कंडीशन में जब वो मां बनने वाली थी। निशांत बेटी के जन्म के बाद एक बार भी अपनी बेटी को देखने नहीं आए थे। उन्होंने तो ये भी जानना जरूरी नहीं समझा था कि मां, बेटी जिंदा हैं या मर गईं। इस घर में सिर्फ एक मां ही थीं जिन्होंने उसे बेहद प्यार दिया था। जो उसके साथ डट कर खड़ी थीं। उन्होंने बेटे को बहुत रोकने की कोशिश की थी, पर रोक नहीं सकी थी। सुजाता ने ही उन्हें मना कर दिया था। "मां मैं अब इतना नीचे नहीं गिर सकती कि निशांत के साथ रहूं। जब उन्होंने मेरी जगह किसी और को दे दी है।" उसने आसानी से निशांत को आजाद कर दिया था।
- पते ठिकाने
निरंजन धुलेकर कुमार साहब के टेंशन के दो कारण थे, पहला पत्नी का अल्ट्रा मॉडर्न होना और दूसरा पत्नी द्वारा देर रात तक उनकी ओर पीठ मोड़ कर मोबाइल चलाते रहना। दोनों ही थे साठ पचपन के और बेटियां बाइस पच्चीस की। तेज़ मिज़ाज मिसेज कुमार कुछ ज़्यादा ही सोशल थीं। उन्होंने लंबी फ्रेंडलिस्ट और कॉन्टेक्ट्स को अपने स्टेटस सिंबल से जोड़ रखा था, कॉन्टेक्ट में मर्दो की संख्या बहुत ही अधिक थी। आठ दस व्हाट्सप्प ग्रुप्स की वो मेंबर थीं और टेलीग्राम हो चाहे इंस्टाग्राम, मेसेंजर हो या ट्वीटर हर प्लेटफ़ॉर्म पर वो अति सक्रिय रहतीं। कुमार साहब ने उन्हें कई बार रात दो ढाई तीन बजे भी मैसेजेस करते देखा और टोका भी। जब देखो तब वो मोबाइल में घुसी रहतीं और कुमार साहब सलाह देते देते हार जाते की' बाबा रे! मोबाइल को अपना गुलाम बना कर रखो वरना ये घर भर को सरदर्द देगा!' पर वो मानती ही नहीं थीं। कल एक अलग तरह की घटना हुई। मिसेज कुमार के व्हाट्सप्प पर किसी ने वीडियोज़ भेजे थे वो अननोन नम्बर मिडिल ईस्ट के किसी देश का था। मिसेज कुमार के वीडियो देखते ही दूसरे अंजान नम्बरों से भी उल्टे सीधे वाहियात किस्म के मैसेजेज और वीडिओज़ आ गए। यह सब बेहद गन्दा ही नही बेहद ख़तरनाक भी था। मिसेज कुमार ने जिस केजुअल अंदाज में यह सब लिया उसे देख कुमार साहब गुस्से में तमतमा उठे थे। घर में टेंशन बढ़ गया था पर पत्नी के चेहरे पर कतई कोई फ़िक्र या चिंता ही नही दिख रही थी क्योंकि उन्होंने उन नम्बरों को ब्लॉक कर रिपोर्ट जो कर दिया था। कुमार साहब ने उन्हें मोबाइल सिम को तुरंत बदल लेने की सलाह दी जिसके उत्तर में मिसेज कुमार ने उल्टे उन्हें ही दब्बू डरपोक आदि की पदवी से नवाज़ दिया। "वो कहावत सुनी तुमने? घर की बुढ़िया के मरने का दुःख नही डर इस बात का है कि मौत ने घर देख लिया!' मेरे दो दो जवान बेटियों वाले इस घर के पते ठिकानों को सेफ रखने में ही अक्लमंदी है। तुम्हारी वहज से इनकी शादियां होनी मुश्किल हो जाएंगीं" गुस्से में उबल रहे कुमार साहब ने मिसेज कुमार के सिम के कैंची से टुकड़े-टुकड़े कर दिए और मोबाइल जेब मे रख लिया। कुमार साहब के इस विकराल रूप को देख बेटियों ने सिम के टुकड़े बीन कर कूड़ेदान में फेंक दिए और मिसेज कुमार सकपका कर दुबक कर बैठ गईं क़रतीं भी क्या? मौत ने घर देख जो लिया था अब मोबाइल का घर बदलने में और नए घर की देखभाल ठीक से करने में ही उनकी भलाई थी। *****
- सौदामिनी
विभा गुप्ता मेरी सहेली सौदामिनी देखने में जितनी सुन्दर थी, स्वभाव में उतनी ही कड़क। कई बार वो मेरी रूम पार्टनर भी बनी। जब कभी भी मैं उसे बिना बताये उसकी कलम लेकर पुनः मेज पर रख देती थी तो वो तुरंत समझ लेती थी कि मैंने उनकी कलम को हाथ लगाया है। इतनी अनुशासनप्रिय सौदामिनी कि जब शादी ठीक हुई तो उसके माता-पिता चिंतित थें कि सौदामिनी का निबाह कैसे होगा। लेकिन कहते हैं ना कि ऊपर वाला जोड़ियाँ भी बहुत सोच-समझ कर बनाता है। उसके पति महेश जी पूरे पत्नीभक्त थें। वो कह देती कि मेज पर गिलास ऐसे रखनी है तो वो वैसे ही रखते थें। उसके घर में काम करने वाले शंभू काका भी उतने ही आज्ञाकारी थे। सौदामिनी को जब बेटी हुई तब उसके माता-पिता को तसल्ली हुई कि चलो...लड़की बस गई। पत्र में वह कभी-कभी अपनी बेटी की तस्वीर भी भेजती थी। उसकी बातों से इतना तो स्पष्ट होता था कि बेटी श्वेता ने रूप-रंग तो उसका लिया था लेकिन स्वभाव में वह अपनी माँ के बिल्कुल विपरीत थी। मोबाइल फ़ोन आया तो तब वह माँ-बेटी की नोंक-झोंक मुझे बताने लगी थी और तब मेरे अंदर की खुंदक जाग उठती थी। मन में कहती, बच्चू..अब आया ऊँट पहाड़ के नीचे। देखते-देखते उसकी बेटी सॉफ़्टवेयर इंजीनियर बन गई। एक दिन बेटी ने उसे अपना फ़ैसला सुना दिया, "मैं निकुंज से ही शादी करुँगी।" उसने समझाने की कोशिश की...महेश जी ने भी कहा कि थोड़ा समय ले लो...दो-तीन महीनों की जान-पहचान में भला किसी इंसान की पहचान कैसे हो सकती है? तब उसने जवाब दिया था, "आप मम्मा को दो घंटे की बातचीत पहचान गये थे और दो-तीन महीने में मैं निकुंज को नहीं पहचान सकती।" महेश जी निरुत्तर हो गये। फिर थी तो वह सौदामिनी की ही बेटी ना...जो निर्णय ले लिया सो ले लिया। बेटी के आगे माँ को झुकना ही पड़ा। उस समय वह अंदर से टूट-सी गयी थी। मुझे भी अच्छा नहीं लगा था। बस उसे इतना ही कहा, "सब वक्त पर छोड़ दो।" विवाह के छह महीने बाद से ही श्वेता और निकुंज के बीच बहस होने लगी। वह माँ को कम बताती थी लेकिन जब वह सिर्फ़ 'ठीक है' कहती तो सौदामिनी समझ जाती थी कि कुछ भी ठीक नहीं है। डेढ़ साल बाद जब श्वेता ने बताया कि वह माँ बनने वाली है तो सौदामिनी की खुशी का ठिकाना न रहा। काफ़ी दिनों बाद उसकी बातों में मुझे नई ऊर्जा महसूस हुई थी। श्वेता ने एक बेटे को जन्म दिया तब नानी बनने की खुशी में उसने एक पार्टी दी थी। मैं गई थी। खुशी उसके चेहरे पर दिख रही थी। उम्र हो गई थी लेकिन चेहरे पर तेज अब भी बरकरार था। कुछ महीनों बाद अचानक श्वेता ने मुझे फ़ोन किया, "आंटी...मैं निकुंज से डिवोर्स ले रही हूँ...।" "पर बेटा..एक बार..।" "नहीं आंटी...लेक्चर मत देना...। आपको बताया कि मम्मी को आप संभाल लेना।" कहकर उसने फ़ोन डिस्कनेक्ट कर दिया। मैं तो सन्न रह गई थी। सौदामिनी को फ़ोन किया...बहुत शांत थी। शायद खुद को समझा चुकी थी या फिर इस परिणाम का अंदेशा था उसे। फिर एक दिन उसने मुझे बताया कि श्वेता का तलाक मिल गया है। आवाज़ में थोड़ी कंपन थी...इधर-उधर की बात करके उसने फ़ोन डिस्कनेक्ट कर दिया। वैसे तो आज डिवोर्स होना आम बात हो गई हो लेकिन जिसके जीवन में होता है तो वो पहली बार ही होता है। आस-पास के लोग-रिश्तेदारों सवालों की बौछारें लगा देते हैं। ऐसे समय में भला मैं उसे अकेले कैसे छोड़ देती। समय निकालकर एक दिन चली गई। श्वेता और उसके बेटे से मिली। शाम चार बजे के करीब दो महिलाएँ आईं...सौदामिनी से मिली, "भाभीजी..सुनकर बहुत बुरा लगा। आपको ना लड़के के बारे में पूरी छान-बीन कर लेनी चाहिए थी।" दूसरी बोली," मुझे तो तभी खटका लग गया था। अजी...लड़की को भला क्या परख...खुद से लड़का पसंद करेगी तो....।" तभी उसकी मेड चाय ले आई तो उसने कहा, "चाय पीजिए।" सब शांत थे, अचानक सौदामिनी बोली, "आपने ठीक ही कहा कि लड़की को क्या परख...लेकिन सानिया मिर्ज़ा तो इंटरनेशनल प्लेयर है..उसे तो सब ज्ञान था फिर भी उसका तलाक हो गया। और तो और...पति ने दूसरी शादी भी कर ली। करिश्मा कपूर का तो पूरा खानदान ही समझदार था.. फिर उसकी शादी भी तो टाँय-टाँय फिस्स..हो गई। हमारी ड्रीम गर्ल ने तो देख-परखकर स्वयं दामाद पसंद किया था..लेकिन क्या हुआ...सब जानते हैं। अब मेरी बेटी से भी ज़रा-सी भूल हो गई तो क्या हुआ। कहते हुए उसने मुस्कुराकर अपनी बेटी की तरफ़ देखा। अपनी बेटी को जिस तरह से उसने डिफ़ेंड किया..ये देखकर चाय पीने वालों की तो ज़बान बंद हो गई और मेरे मुँह से हठात् निकल पड़ा "वाह सौदामिनी वाह!” *****
- अधूरा सर्वे
अवधेश कुमार सिंह (टिंग-टॉन्ग.... दरवाजे पर घन्टी बजती है।). बहु देखना कौन है? सोफे पर लेटकर टीवी देख रहे ससुर ने कहा। माया किचन से निकलकर दरवाज़ा खोलती है। हां जी, आप कौन? 'महिलाओं की स्थिति पर एक सर्वे चल रहा है। उसी की जानकारी के लिए आई हूँ।' दरवाज़े पर खड़ी महिला ने जवाब दिया। कौन है बहु? पूछते हुए ससुरजी बाहर आ जाते हैं। महिला, 'बाऊजी सर्वे करने आई हूँ।' घनश्याम जी, 'हां पूछिए' महिला, 'आपकी बहु सर्विस करती हैं या हाउस वाइफ हैं?'
- अनहोनी...
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव गरीबी से जूझती सरला दिन-ब-दिन परेशान रहने लगी थी। भगवान के प्रति उसे असीम श्रद्धा थी और नित नेम करके ही वह दिन की शुरुआत करती थी। आज भी नहा धोकर घर की पहली मंजिल पर बने पूजाघर में जाकर उसने श्रद्धा के साथ धूपबत्ती की और कल रात जो उसके पति को तनख्वाह मिली थी, उसे भगवान के चरणों में अर्पित कर दी। पूजा खत्म करके वह घर के कामों में लग गई। बच्चों को तैयार करके उसने स्कूल भेज दिया और पति के लिए चाय नाश्ता बनाने लगी। पति नहाकर जैसे ही पूजा घर की तरफ़ बढ़ा। कमरे से धुआँ निकल रहा था, वह अंदर की तरफ़ भागा "सरला!" उसने ज़ोर से आवाज दी। "क्या हुआ" वह भी आवाज सुनकर ऊपर की तरफ़ भागी। "हाय राम! यह क्या हुआ?" कमरा धुएं से भर गया था, शायद पंखे के कारण जोत से आग फैल गई थी। पास पड़ी सब धार्मिक किताबें और कुछ फोटो जल कर राख हो गए थे। वह वहीं जमीन पर बैठ गई। अब क्या होगा कैसे बताए पति को कि जो पैसा वह महीना भर मेहनत करके लाया था, सब उसने स्वाह कर दिया। उसका अंतर्मन रो रहा था। "चलो कोई बात नहीं अब जो होना था सो हो गया। शुक्र करो कमरे में कोई सामान नहीं था, नहीं तो पता नहीं क्या होता।" यह सब बाद में संभाल लेना। अभी मुझे काम के लिए लेट हो रहा है। "सरला का दिल बैठा जा रहा था, मन ही मन खुद को कोसती जा रही थी। क्या जवाब देगी पति को जब वह पैसे के लिए पूछेगा? "सामान की लिस्ट बना लेना, शाम को बाज़ार चलेंगे, राशन वगैरह लाना है ना। "हाँ! बना लूंगी, दुःखी मन से वह बोली।" पति के निकलते ही उसने घर को ताला लगाया और अपने सुख दुःख की सहेली रूक्मणी के घर पहुंची, उसे देखते ही सरला रोते हुए उससे लिपट गई "अरे क्या हुआ, रो क्यों रही हो? सारी घटना सुनकर वह भी परेशान हो गई, उसे सांत्वना देती हुई बोली, "भगवान पर भरोसा रखो वह सब भली करेंगे।" वह चुपचाप उठी और बोझिल कदमों से घर की तरफ़ चल दी। घर का ताला खोल बुझे मन से वह पूजा घर में जाकर बैठ गई। जले हुए सामान के बीच भगवान की फोटो उल्टी पड़ी हुई थी, उसने उसे सीधा कर दिया। तभी उसकी आंखें फैल गई। जिस प्लेट में उसने रूपए रखे थे वह ज्यों के त्यों सही सलामत पड़े थे। कांच का फ्रेम होने के कारण उसने प्लेट को पूरी तरह ढक दिया था। अचानक यह सब देख सरला की आंखों से ख़ुशी के आंसुओं का सैलाब बहने लगा। भगवान के प्रति उसका विश्वास और आस्था अचानक से और मजबूत महसूस होने लगी। अपने भगवान पर हमेशा विश्वास बनाए रखे। मेरे ठाकुर कभी किसी का गलत या अमंगल होने नहीं देते। कभी-कभी आपको लगता होगा कि आपकी ज़िन्दगी में कुछ भी सही नहीं चल रहा है। आप सोचते कुछ और हैं और होता कुछ और है। पर कुछ समय बीतने के बाद आपको एहसास होता है कि जो हुआ था अच्छा ही हुआ। बस आपको उनपर पूर्ण श्रद्धा होनी चाहिये और हाँ एक बात और.... हर हाल में सब्र बनाए रखे।' सब्र की जड़े...चाहें जैसी भी हो। इसके फ़ल, सदैव मीठे होते हैं। ******











