Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- आगमन एक बसंत का
रीता कुमारी कॉलेज में दशहरे की पूरे दस दिनों की छुट्टी हो गई थी। त्योहार मनाने के लिए अच्छा-ख़ासा समय मिल गया था। सभी ख़ुश थे। हंस-बोल रहे थे। सब को घर जाने की जल्दी भी थी। स्टाफ रूम समय से पहले ही खाली हो चुका था। बरामदे में सब एक-दूसरे को त्योहार की बधाइयां दे रहे थे, पर माधवी का मन तिनका-तिनका बिखर रहा था। वह अतीत के गलियारे में भटक रही थी। वैसे भी उसका जीवन एक उद्देश्यहीन भटकाव ही तो रह गया है। जिन अपने दोनों भाई-बहन कुंदन और नेहा के लिए वह दिन-रात मेहनत करती रही, जिनके लिए उसने अपना पूरा करियर और जीवन दांव पर लगा दिया, उन्हीं दोनों को क्या उसकी यातना का रत्ती भर भी ख़्याल था? कभी उसका भी सुखी परिवार था। भले ही उसके पापा कम कमाते थे, पर बच्चों की ज़रूरतों का उन्हें हमेशा ख़्याल रहता था। यह अलग बात थी कि वह चाहते थे कि कुंदन आई. ए, एस. ऑफिसर बन जाए, जिसके कारण उस पर कुछ ज़्यादा ख़र्च करते थे। कुंदन को महंगे कॉन्वेंट में पढ़ाने के लिए घर के सभी ख़र्चों में उन्हें कटौती करनी पड़ती थी। बेटियां साधारण स्कूल में ही पढ़ती थी, पर उनकी पढ़ाई का भी पूरा ख़्याल रखते थे। देखते-देखते समय निकल गया और माधवी एम. एस. सी. पूरा कर पीएचडी में रजिस्ट्रेशन के लिए प्रयास कर रही थी। उन्हीं दिनों उसकी मुलाक़ात आलोक से हुई थी, जो पीएचडी कर रहा था। जल्दी ही दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई थी। पर इस प्यार को शादी में बदलना बहुत ही मुश्किल था। काफ़ी जद्दोज़ेहद के बाद पापा रूढ़ियों और परंपराओं की संर्कीणता से बाहर आ अपनी बेटी की ख़ुशी के लिए विजातीय लड़का आलोक से उसकी शादी के लिए तैयार हुए थे, पर एक शर्त पर कि मंगनी तो अभी होगी, पर शादी होगी आलोक को नौकरी मिलने के बाद। फिर दोनों परिवारों की सहमती से मंगनी हो गई थी, लेकिन नियति को माधवी की ख़ुशी कभी रास नहीं आई। फिर एक भयंकर रोड एक्सीडेंट हुआ और माधवी के पापा अनंत में विलीन हो गए। इसके साथ ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। समाज के संकीर्ण दायरे में फंसे उसके मायके और होने वाले ससुराल के लोगों ने उसे अपशगुनी करार दे दिया। दुर्भाग्य के इस कठिन समय में सिर्फ़ एक आलोक ही था, जो हर तरह से उसके साथ था। वह अब भी माधवी से शादी करने और उसके परिवार की मदद करने के लिए तैयार था, पर यह माधवी के लिए निर्णय की घड़ी थी। अब उसके सामने उसकी मां गायत्री देवी थी, जो एक सीधी-सादी घरेलू और पूरी तरह पति पर निर्भर महिला थी। पापा के बाद वह दुख और संताप से बिस्तर पकड़ ली थी। छोटी बहन नेहा और भाई कुंदन का भविष्य भी दांव पर लगा था। सब का विश्वास उसी पर टिका था। वह ऐसी परिस्थिति में सबको छोड़कर भला कैसे शादी कर सकती थी। उसने फ़ैसला किया नियति ने जो उसके लिए निर्धारित किया है अब उसे उसी के साथ जीना है। उसने तत्काल निर्णय लिया, अपने परिवार की डूबती नैया को वह ख़ुद पार लगाएगी। अपने पापा का स्थान लेगी। आलोक ने बहुत समझाया कि उससे शादी कर ले, पर माधवी नहीं मानी। शादी के बाद के पाबंदियों से वह अनजान नहीं थी। आलोक को उसने अपनी ज़िंदगी से बहूत दूर यह कहकर भेज दिया कि तुम कही और शादी कर अपनी ज़िंदगी नए सिरे से शुरू करो। तुम जहां कही भी रहोगे ख़ुश रहोगे, तो मैं भी ख़ुश रह पाऊंगी। उसके ज़िद के आगे हार कर आलोक उससे दूर चला गया। अपनी पढ़ाई को तिलाजंली दे, वह जल्द ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने लगी थी। स्कूल के बाद वह टयूशन भी करने लगी, जिससे घर की गाड़ी पहले की तरह ही पटरी पर आ गई थी। नेहा और कुंदन पापा की तरह ही उसका सम्मान करते और हर बात में उसकी राय लेते। कुंदन की पढ़ाई में उसने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। नेहा के कहने पर उसे भी कोचिंग क्लास में भेजने लगी थी। जैसे-जैसे घर के ख़र्चें बढ़ रहे थे उसकी व्यस्तता बढ़ती जा रही थी। वह सारे पैसे मां को सौंप देती थी। नेहा और कुंदन को ज़रूरत के हिसाब से मां पैसे देती। कुछ दिनों तक तो सब ठीक-ठाक चला, पर जैसे दोनों कॉलेज में पहुंचे, दोनों के ही ख़र्च कुछ ज़्यादा ही बढ़ गए। घर का ढांचा ही बदलने लगा था। सारी सुविधा के बावजूद कुंदन की पढ़ाई का स्तर दिनोंदिन गिरते जा रहा था। उसकी सारी गतिविधियां ही बदलने लगी थी। अपने साथ पढ़ने वाले समृद्ध घर के लड़कों के साथ उसकी आवारागर्दी बढ़ने लगी थी। मां को तो वह कुछ समझता ही नहीं था। जिस दीदी के सामने आने से पहले घबराता था, अब उससे भी ज़ुबान लड़ाने लगा था। छोटी-छोटी बातों में जब माधवी उसे डांटती, तो सामने तन कर खड़ा हो जाता, ‘‘नहीं पढूंगा क्या कर लोगी। ज़्यादा रौब दिखाओगी तो घर छोड़ दूंगा।’’ अक्सर वह ऐसी ही बातों से अपनी दीदी को हतप्रभ कर देता। उसकी समझ में नहीं आता क्या करें। उसे लगता मां के अत्यधिक लाड़-प्यार और चुप्पी ही कुंदन को बरबाद कर रहा था। एक छुट्टी के दिन जब वह कुछ सामान लेकर लौट रही थी रास्ते में गायत्री चाची मिल गईं, जो मां के समान ही उसे प्यार करती थी। ज़िद कर अपने घर ले गई। घर पहुंचते ही उसे लिए हुए सीधे अपने बेडरूम में आ गईं और बिना किसी भूमिका के बोली, ‘‘तुम्हें कुछ पता भी है जिन दोनों भाई-बहन के लिए तू इतनी मेहनत कर रही हो, वे कर क्या रहे हैं? जब वही दोनों अपने लक्ष्य से भटक जाएंगे, तुम्हारी सारी मेहनत और त्याग व्यर्थ हो जाएगा।’’ एक अनजानी आशंका से उसका हृदय धड़क उठा, ’’मैं कुछ समझी नहीं…" ‘‘तुम्हारे इसी नासमझी का तो रोना है। तुमने कभी कुंदन की संगति पर ध्यान दिया है। बड़े-बड़े पैसे और रसूख वाले क्रिमिनल टाइप लोगों के बेटों के साथ उसकी दोस्ती है, जो किसी भी तरह के ग़लत काम करने से पीछे नहीं हटते।’’ ‘‘और तुम्हारी नेहा वह भी कुछ कम नहीं है। जब देखो सक्सेना साहेब के लड़के विक्की के साथ यहां-वहां घूमती नज़र आती है। उस दिन ख़ुद मैंने उन दोनों को पटना के एक प्रसिद्ध होटल से बाहर निकलते देखा था। लड़का ढंग का होता, तो उन दोनों के शादी की बातें भी सोची जा सकती थी। विक्की इस मामले में कितना बदनाम है, यह बात किसी से छुपी नहीं हैं। जाने कैसे नेहा इसके जाल फंस गई हैं? तुम्हें सब कुछ बताना ज़रूरी हो गया था, इसलिए वरना…’’ सब कुछ सुनकर माधवी सन्न रह गई। काटो तो खून नहीं वाली स्थिति हो गई थी। गायत्री चाची के बदले कोई दूसरा होता, तो एक बार ज़रूर सोचती। पर गायत्री चाची कभी झूठ बोल ही नहीं सकती थी। वह चुपचाप उठकर घर चली आई। अपना बैग टेबल पर रख, कटे वृक्ष की तरह बिस्तर पर जा गिरी। वह देर तक तकिए में मुंह छुपाए फूट-फूट कर रोती रही। थोड़ी देर बाद मां के हाथों का स्पर्श पा वह चौंक पड़ी। यथा संभव अपने आंसू छुपाती उठ बैठी, पर मां को अंदाज़ा लग गया था कि जिस बात को वह पूरे छल-बल कौशल से अब तक इस बेटी से छुपाती आई थी, उसे उस बात की भनक लग गई है। ‘‘मां नेहा कहां हैं?" माधवी की आवाज़ सुन गायत्री देवी को जैसे सांप सूंघ गया। थोड़ी देर की चुप्पी के बाद उनके बोल फूटे, शायद अपने अंदर छुपा कर रखे गए बातों को कहने के लिए हिम्मत जुटा रही थीं। ‘‘क्या कहूं? इस लड़की ने तो कही मुंह दिखाने के लायक नही छोड़ा। तुम सुबह से शाम तक ख़ुद परेशान रहती हो, तो क्या बताती, इसकी करतूतें। मैंने ख़ुद कोशिश की पर उस लड़के ने नेहा से शादी करने से इंकार कर अपने पापों से हाथ झाड़ लिया। तब कोई उपाय नहीं देख आज ही सुबह के बस से हाजीपुर जाकर उसे सरला के पास छोड़ आई हूं।’’ माधवी को समझते देर नहीं लगी कि मां उसे सरला मौसी के पास क्यों छोड़ आई हैं? मां की चचेरी बहन सरला मौसी डॉक्टर थी। अक्सर मां के सुख-दुख में काम आती थी। अब शायद नेहा को उसके कलंक से मुक्त कराने में सहायक बनी थी। सब सुन माधवी को ऐसा लगा जैसे किसी ने गर्म सलाखें उसके सीने में उतार दिया हो। पापा के जाने के बाद से उसने कठिन परिश्रम कर दोनों भाई-बहन के जीवन को संवारने की हर संभव कोशिश की, क्योंकि कुंदन को लेकर पापा के अरमान हमेशा उसकी चेतना में रहें, पर सारे समीकरण जाने कब गड़बड़ा गए कुछ समझ नहीं पा रही थी। एक हफ़्ते बाद मां नेहा को सरला मौसी के यहां से लेकर बड़े मामाजी के पास मोतिहारी छोड़ आई। इस घटना के दो महीने बाद अचानक एक दिन मां उससे बोली, ‘‘कहते तो मेरी ज़ुबान जलती है बिटिया, पर क्या करूं नेहा ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। तू बड़ी है पर तुझसे छोटी बहन की शादी की बात करने आई हूं। तुम्हारे मामाजी ने नेहा की शादी के लिए कॉरपोरेशन में कार्यरत एक लड़के के घरवालों से बात की है। नेहा उन लोगों को पसंद है। तू थोड़ा कर्ज़ लेकर कुछ पैसे और गहने, जो पापा ने तुम्हारे लिए बनवाए थे, दे देती तो यह शादी निपट जाता। लड़के वालों की कोई मांग नहीं हैं।" ‘‘ठीक है… अम्मा। सारे गहने दे दो। ये सब अब मेरे किस काम के हैं। पैसों का इंतजाम भी कर दूंगी।’’ उसकी बातें सूल की तरह मां के कलेजे मे उतर गई। बड़ी बेटी की शादी की चर्चा किए बैगेर छोटी की शादी में उत्साह दिखना उन्हें ख़ुद शार्मिन्दा कर रहा था। नेहा का जीवन व्यवस्थित करते-करते दूसरी पेरशानी आ खड़ी हुई। कुंदन को ड्रग्स बेचने के आरोप में पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था। जेल से कुंदन के छूटने के कोई आसार नज़र नहीं आ रहे थे। तभी माधवी को याद आया, उसके पापा के एक पुराने घनिष्ट मित्र का बेटा उन दिनों पटना का एस.पी. था। माधवी ने जब उनसे बात की, तो उसके पापा का ख़्याल कर उन लोगों ने कुंदन को किसी तरह जेल से रिहा करवा दिया, पर इस शर्त के साथ कि वह अब उसे किसी काम-धंधा में लगाएं, ताकि वह पीछे मुड़ कर न देखे। कुंदन के जेल से रिहा होते ही गायत्री देवी उसे लेकर मुजफ्फरपुर चली गई, वहीं उन्होंने उसे अपने छोटे भाई के बिज़नेस में पार्टनर बना दिया। कुंदन और नेहा के अपने-अपने जीवन में व्यवस्थित करते-करते पटना का घर भी बिक गया। उसके साथ ही मां भी पटना छोड कुंदन के पास ही ज्यादातर रहने लगी। इस बीच माधवी के लिए बस एक ही बात अच्छी हुई कि वह नेट क्वालिफाई कर गई, जिससे लेक्चरर की नौकरी उसे मिल गई। कॉलेज के कैंपस में ही घर भी मिल गया। कुंदन ने ख़ुद से शादी कर ली। मां और भी व्यस्त हो गई। अपने कहे जाने वाले सभी लोग माधवी से दूर हो गए। सभी अपने-अपने जीवन में व्यस्त थे। किसी को अब उसकी फिक्र नहीं थी। जिनके लिए सर्वस्व निछावर कर दी वे नि:संकोच अपनी मनमानी करते रहे, सिर्फ़ अपने लिए ही सोचते रहे। सअधिकार उससे रुपए-पैसे लेते रहते, पर उसकी भावनाओं का ख़्याल तक उन्हें नहीं रहता। फिर भी घर में वे लोग चाहे जैसा व्यवहार करें बाहर वालों के सामने उसे एक अच्छी बेटी और बहन का ख़िताब ही देते। दिन-प्रतिदिन माघवी के जीवन का सूनापन बढ़ता जा रहा था। माधवी को लगने लगा था उसका पूरा जीवन ही बिखर गया है। कभी अपने परिवार की रक्षा के लिए वह चट्टान की तरह उनके सामने आ खड़ी हुई थी। आज वही चट्टान ज़िंदगी की तेज रफ़्तार में टूट-टूट कर बिखर रहा था, पर उसे समेटने वाला कोई नहीं था। कई लोग उसके जीवन के सूनेपन को देख उसे शादी कर लेने की सलाह देते, पर अब उसे घर-परिवार की चाह ही नहीं रही। ज़िंदगी अपनी रफ़्तार से चल रही थी। अचानक उसकी तंद्रा तब भंग हो गई, जब कॉलेज के एक स्टाफ ने आकर बताया कि स्टाफ रूम बंद करना है, सभी लोग जा चुके हैं। वह अपना बैग उठाए अपने फ्लैट की तरफ़ चल पड़ी। ताला खोलने जा ही रही थी कि उसकी नज़र सामने खड़े व्यक्ति पर पड़ी, जो शायद उसका पहले से इंतज़ार कर रहा था। दोनों की नज़रें मिली, तो उसे ऐसा लगा जैसे सारी कायनात ही थम गई हो। वह जड़वत सामने खड़े आलोक को निहार रही थी। तभी आलोक की आवाज़ ने उसे चौंका दिया। ‘‘यूं ही बाहर खड़े रखोगी या अंदर भी बुलाओगी।" ’’हां… हां… क्यूं नहीं अंदर आओ।" वह दरवाज़ा खोलते हुए बोली। ड्रॉइंगरूम में उसे बैठा, माधवी दो कप कॉफी बना लाई। ‘‘एक कप कॉफी उसकी ओर बढ़ाते हुए बोली, "अब बताओ फ़िलहाल अभी तुम कहां हो? क्या कर रहे हो? तुम्हारी पत्नी और बच्चे सब कैसे हैं?’’ एक ही सांस में उसने मन में उठते सारे सवाल पूछ लिए। आलोक हंसते हुए बोला, ‘‘ज़रा सांस लेकर पूछो। फ़िलहाल मैं यही के एक कालेज में ट्रांसफर लेकर आ गया हूं। अभी तक मैंने कोई शादी-वादी नहीं की है। अब पूछोगी क्यों? तो भई आज भी उस लड़की का इंतज़ार कर रहा हूं, जो अपने शादी का मंडप छोड़कर अपने भाई-बहनों के प्रति अपना फर्ज़ पूरा करने गई थी। आज मैं ख़ास उससे मिलकर यह पूछने ही यहां आया हूं कि क्या उसके सारे फर्ज़ पूरे हो गए?’’ ‘‘हां आलोक, मैंने अपने सारे फर्ज़ पूरे किए फिर भी अब मेरे पास न कोई मेरा अपना है, न कोई अपना घर। मैं बिल्कुल अकेली हूं।‘‘ उसके आंसुओं से भीगे स्वर ने आलोक को अंदर तक हिला दिया। ‘‘ग़लत… पूरी तरह ग़लत। तुम्हारे रिश्ते-नाते भले ही पीछे छूट गए हो, पर एक दोस्ती का रिश्ता आज भी तुम्हारे साथ खड़ा है। तुम्हारे काम पूरे हो गए, तो चलो अपने उस घर में जहां तुम्हारा एक दोस्त आज भी इंतज़ार कर रहा है।’’ एक आत्मीय स्पर्श ने बरसों से दबे तृष्णा को पिघला दिया। माधवी की आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। थोड़ी देर दोनों यूं ही एक-दूसरे को थामे बैठे रहे। बरसों बाद माधवी को सुख और सुरक्षा का आभास हुआ था। यह पतझड़ के बाद बसंत के आगमन का आगाज़ था। ******
- खूबसूरत झांसा
विभा गुप्ता 'रॉयल क्लब' का हॉल मेहमानों से भरा हुआ था। हॉल की दीवारों पर रंग-बिरंगी बत्तियाँ जगमगा रही थी। एक-दूसरे का हाथ थामे दीपक और आरती जब मंच पर आये तो उपस्थित लोगों ने तालियाँ बजाते हुए दोनों को शादी की पच्चीसवीं सालगिरह की बधाई दी। उन्हीं में से एक ने पूछ लिया, "भाई दीपक....तुम्हारी हैप्पी मैरिड लाइफ़ का राज़ क्या है?" हँसते हुए दीपक बोला," खूबसूरत झांसा...!" "ये” खूबसूरत झांसा 'क्या है...ज़रा हम भी तो सुने...।" फिर हॉल में शांति छा गयी और दीपक कहने लगा, "नौकरी लगते ही मेरे पापा मेरी शादी के लिये लड़की तलाश करने लगे। उसी समय मेरे रिश्ते के एक चाचा ने हमें आरती के बारे में बताया। वो हमें आरती की तस्वीर दिखाकर उसकी सुन्दरता, शिक्षा और अच्छे स्वभाव के बारे में बताने लगे। आरती हम सभी को पसंद आ गई थी। कुछ महीनों पहले चाचा की मेरे पापा से अनबन हुई थी, इसलिए मम्मी को उनके कहे पर विश्वास नहीं हुआ लेकिन आरती से मिलकर मम्मी आश्वस्त हो गई और हमारा विवाह हो गया। शादी के बाद मैंने नोटिस किया कि आरती बोलते-बोलते अचानक हकलाने लगती है। मेरे पूछने पर उसने बताया कि बचपन में हुई एक दुर्घटना के कारण वह कभी-कभी हकलाने लगती है। अपने साथ हुए इस धोखे का गुस्सा मैंने अपने सास-ससुर पर निकाला। उन्होंने कहा कि आपके चाचा ने तो हमें यही बताया था कि आपलोगों को आरती की समस्या मालूम है। दरअसल चाचा ने दोनों परिवारों से झूठ बोला था। उन्होंने सोचा कि आरती की शादी कराकर उसके माता-पिता से रुपये ऐंठ लेंगे और गलत लड़की से मेरा विवाह कराकर वे मेरे पिता से अपने अपमान का बदला भी ले लेंगे। अब तो मैं चाचा के झांसे में आ चुका था। कुछ दिनों तक मैं आरती से नाराज़ रहा लेकिन उसके सरल व्यहार ने हम सबका दिल जीत लिया था। कुछ समय के बाद हमने डॉक्टर से कंसल्ट किया। इलाज के बाद आरती के हकलाने की समस्या दूर हो गई। हमारे दो बेटे हैं। आरती पहले उनकी माँ थी, अब उनकी अच्छी मित्र है। दोस्तों...., उस दिन चाचा के झांसे में आने से ही तो मुझे इतनी अच्छी और प्यारी पत्नी मिली है जो मुझे समझती है, मेरे माता-पिता का ख्याल रखती है और मुझ पर अटूट विश्वास रखती है। इसलिए मैंने आपको 'खूबसूरत झांसा' कहा था।" मुस्कुराते हुए दीपक ने आरती की आँखों में देखा जिसमें दीपक के लिये अथाह प्यार था। सबने फिर से तालियाँ बजाकर दोनों को बधाई और शुभकामनाएँ दी। ******
- बोलने वाली गुफा
नृपेंद्र बहुत पुरानी बात है, एक घने जंगल में बड़ा-सा शेर रहता था। उससे जंगल के सभी जानवर थर-थर कांपते थे। वह हर रोज जंगल के जानवरों का शिकार करता और अपना पेट भरता था। एक दिन वह पूरा दिन जंगल में भटकता रहा, लेकिन उसे एक भी शिकार नहीं मिला। भटकते-भटकते शाम हो गई और भूख से उसकी हालत खराब हो चुकी थी। तभी उस शेर को एक गुफा दिखी। शेर ने सोचा कि क्यों न इस गुफा में बैठकर इसके मालिक का इंतजार किया जाए और जैसे ही वो आएगा, तो उसे मारकर वही अपनी भूख मिटा लेगा। यह सोचते ही शेर दौड़कर उस गुफा के अंदर जाकर बैठ गया। वह गुफा एक सियार की थी, जो दोपहर में बाहर गया था। जब वह रात को अपनी गुफा में लौट रहा था, तो उसने गुफा के बाहर शेर के पंजों के निशान देखे। यह देखकर वह सतर्क हो गया। उसने जब ध्यान से निशानों को देखा, तो उसे समझ आया कि पंजे के निशान गुफा के अंदर जाने के हैं, लेकिन बाहर आने के नहीं हैं। अब उसे इस बात का विश्वास हो गया कि शेर गुफा के अंदर ही बैठा हुआ है। फिर भी इस बात की पुष्टि करने के लिए सियार ने एक तरकीब निकाली। उसने गुफा के बाहर से ही आवाज लगाई, “अरी ओ गुफा! क्या बात है, आज तुमने मुझे आवाज नहीं लगाई। रोज तुम पुकारकर बुलाती हो, लेकिन आज बड़ी चुप हो। ऐसा क्या हुआ है?” अंदर बैठे शेर ने सोचा, “हो सकता है यह गुफा रोज आवाज लगाकर इस सियार को बुलाती हो, लेकिन आज मेरे वजह से बोल नहीं रही है। कोई बात नहीं, आज मैं ही इसे पुकारता हूं।” यह सोचकर शेर ने जोर से आवाज लगाई, “आ जाओ मेरे प्रिय मित्र सियार। अंदर आ जाओ।” इस आवाज को सुनते ही सियार को पता चल गया कि शेर अंदर ही बैठा है। वो तेजी से अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया। सीख : मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति में भी बुद्धि से काम लिया जाए, तो उसका हल निकल सकता है। ******
- वयःसंधि
श्याम आठले सुबह के दस बजे थे। मैं अपनी क्लिनिक में अपनी केबिन में आकर बैठा ही था और डाक देख रहा था कि सहायक ने आकर बताया कि बलबीर चोपड़ा जी मुझसे मिलने के इच्छुक हैं। मैंने उन्हें तुरंत केबिन में भेजने को कहा। उनका चेहरा देखते ही मेरी आंखों के सामने पिछले दो वर्षों के उनके और उनके बेटे कुणाल के साथ की सभी घटनाएं चलचित्र के सामान घूम गईं। पहले दिन बलबीर जी अकेले ही आए थे। उन्होंने अपने सोलह वर्षीय बेटे के बारे में कुछ बातें बताई और आजकल उसके अति उग्र होने के बारे में बताया। मैं बोला था कि मुझे उससे एक बार मिलवा दो सब ठीक हो जाएगा। वे बोले, आपके क्लिनिक में तो आना मुश्किल है। आपका बोर्ड देखते ही वो कहेगा, पापा क्या मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ गया है जो कि मुझे प्रसिद्ध मनोरोग विशेषज्ञ समर्थ को दिखाने लाएं है। तब मैंने कहा था कि ठीक है। आप मुझे अपने मित्र के रूप में चाय पर बुलाइए। बाकी मैं सम्हाल लूंगा। उनके घर पर मैंने देखा कि एक लगभग सोलह-सत्रह वर्षीय हैंडसम युवक अपने पापा के साथ मुझसे मिलने आया। औपचारिकताओं के बाद बलवीर जी चाय की व्यवस्था के नाम पर अंदर चले गए। अब मैं और कुणाल अकेले ही थे। मैंने उससे, उसके और उसकी हॉबीज के बारे में पूछा। वो असहज सा बता रहा था। तभी मैंने उसे अपना परिचय मनोरोग विशेषज्ञ के रूप में दिया और आश्वस्त किया कि मेरी और उसकी बातें हम दोनों के बीच ही रहेंगी। इसके बाद वो खुल गया और ऐसी-ऐसी बातें बताई जो शायद वो अपने पापा से कभी भी नहीं बताता। कुछ सवाल उसने यौन सबंधी भी पूछे और अपनी शंका का समाधान किया। अब उसके चेहरे पर संतुष्टी का भाव था। तभी मैंने अपनी बैग से उसे एक किताब निकाल कर दी जिसका नाम था 'वयःसंधि' और कहा कि इसको पढ़ने से उसकी सारी बची-खुची शंकाओं का समाधान हो जाएगा बलबीर जी की आवाज से मैं वर्तमान में आ गया। बलबीर जी कह रहे थे "समर्थ जी, आपकी बातों ने तो कुणाल पर जादू का सा असर किया। ये मिठाई लीजिये। बेटे का एडमिशन कानपुर के आईआई टी कॉलेज में हुआ है। आपने उसे सही समय पर उचित सलाह दी जिसे उसका जीवन संवर गया। वर्ना वो "वयःसंधि" की समस्याओं का शिकार हो जाता। *******
- सपना का पति
ऋतु गुप्ता दरवाजे पर शहनाई बज रही थी, कल्पना जी फूलों से नई बहू की अगवानी कर रही है, वो सबसे पहले अपनी नई बहू सपना को दादी सास के पास ले जाती हैं, जैसे ही नई बहू सपना ने दादी सास के चरण स्पर्श किए, दादी जी ने आशीर्वाद के साथ-साथ नसीहत और सलाहों की झड़ी लगा दी, कहा बहू रोज बड़ों के और अपने सास ससुर के चरण स्पर्श करना, ये तुम्हारा फर्ज है। कुछ दिन बाद जब सपना के पापा मम्मी उसके ससुराल आये तो शैलेन्द्र (सपना के पति) ने आगे बढ़कर अपने सास-ससुर के पैर छुए तो दादी जी को शायद अच्छा नहीं लगा, उस समय तो उन्होंने कुछ नहीं कहा पर उनके जाते ही शैलेन्द्र से बोली क्यूं रे तुझे क्या जरूरत थी उनके पैर छूने की, वैसे भी मान से कौन पैर छुलवाता है? शैलेन्द्र ने भी कहा क्यूं दादी क्या हमें ये नहीं सिखाया जाता कि अपनों से बड़ों के पैर छूने चाहिए और ये तो दोगला व्यवहार क्यों, बहू के लिए और, और बेटे के लिए और! जब सपना मेरे मम्मी पापा और आपको, घर में सभी को इज्जत और सम्मान दे सकती है तो मैं क्यूं नहीं उसके मम्मी पापा को वो सम्मान दे सकता? इस पर दादी बोली तू बहुत भोला है, ये तो समाज के नियम और सोच है कि दामाद भगवान समान होता है और भगवान से भी कोई क्या पैर छूलवाता है? इस पर शैलेंद्र की मां कल्पना जी, जिन्होंने शायद अपनी पूरी जिंदगी दादी के उसूलों और नियमों में काट दी मन में निश्चय करते हुए कि जो मेरे साथ हुआ वो अपनी बहू के साथ ना होने देगीं आखिर वो भी किसी की बेटी है, वे बोलीं सही ही तो कहता है शैलेन्द्र मां जी, जब बहू बेटी बन सकती है तो दामाद बेटा क्यूं नहीं बन सकता? बस अब इसी सोच को तो हमें बदलना होगा। सपना खड़ी अपने भाग्य को सराह रही थीं और ससुराल को लेकर उसका सारा डर जाता रहा क्योंकि उसे इतनी समझदार मां समान सास और सभी की इज्जत और सम्मान करने वाला पति जो मिला था। ******
- नैराश्य
प्रेमचंद बाज आदमी अपनी स्त्री से इसलिए नाराज रहते हैं कि उसके लड़कियां ही क्यों होती हैं, लड़के क्यों नहीं होते। जानते हैं कि इनमें स्त्री को दोष नहीं है, या है तो उतना ही जितना मेरा, फिर भी जब देखिए स्त्री से रूठे रहते हैं, उसे अभागिनी कहते हैं और सदैव उसका दिल दुखाया करते हैं। निरुपमा उन्हीं अभागिनी स्त्रियों में थी और घमंडीलाल त्रिपाठी उन्हीं अत्याचारी पुरुषों में। निरुपमा के तीन बेटियां लगातार हुई थीं और वह सारे घर की निगाहों से गिर गयी थी। सास-ससुर की अप्रसन्नता की तो उसे विशेष चिंता न थी, वह पुराने जमाने के लोग थे, जब लड़कियां गरदन का बोझ और पूर्वजन्मों का पाप समझी जाती थीं। हां, उसे दु:ख अपने पतिदेव की अप्रसन्नता का था जो पढ़े-लिखे आदमी होकर भी उसे जली-कटी सुनाते रहते थे। प्यार करना तो दूर रहा, निरुपमा से सीधे मुंह बात न करते, कई-कई दिनों तक घर ही में न आते और आते तो कुछ इस तरह खिंचे-तने हुए रहते कि निरुपमा थर-थर कांपती रहती थी, कहीं गरज न उठें। घर में धन का अभाव न था; पर निरुपमा को कभी यह साहस न होता था कि किसी सामान्य वस्तु की इच्छा भी प्रकट कर सके। वह समझती थी, में यथार्थ में अभागिनी हूं, नहीं तो भगवान् मेरी कोख में लड़कियां ही रचते। पति की एक मृदु मुस्कान के लिए, एक मीठी बात के लिए उसका हृदय तड़प कर रह जाता था। यहां तक कि वह अपनी लड़कियों को प्यार करते हुए सकुचाती थी कि लोग कहेंगे, पीतल की नथ पर इतना गुमान करती है। जब त्रिपाठी जी के घर में आने का समय होता तो किसी-न-किसी बहाने से वह लड़कियों को उनकी आंखों से दूर कर देती थी। सबसे बड़ी विपत्ति यह थी कि त्रिपाठी जी ने धमकी दी थी कि अब की कन्या हुई तो घर छोड़कर निकल जाऊंगा, इस नरक में क्षण-भर न ठहरूंगा। निरुपमा को यह चिंता और भी खाये जाती थी। वह मंगल का व्रत रखती थी, रविवार, निर्जला एकादसी और न जाने कितने व्रत करती थी। स्नान-पूजा तो नित्य का नियम था; पर किसी अनुष्ठान से मनोकामना न पूरी होती थी। नित्य अवहेलना, तिरस्कार, उपेक्षा, अपमान सहते-सहते उसका चित्त संसार से विरक्त होता जाता था। जहां कान एक मीठी बात के लिए, आंखें एक प्रेम-दृष्टि के लिए, हृदय एक आलिंगन के लिए तरस कर रह जाये, घर में अपनी कोई बात न पूछे, वहां जीवन से क्यों न अरुचि हो जाय? एक दिन घोर निराशा की दशा में उसने अपनी बड़ी भावज को एक पत्र लिखा। एक-एक अक्षर से असह्य वेदना टपक रही थी। भावज ने उत्तर दिया—तुम्हारे भैया जल्द तुम्हें विदा कराने जायेंगे। यहां आजकल एक सच्चे महात्मा आये हुए हैं जिनका आर्शीवाद कभी निष्फल नहीं जाता। यहां कई संतानहीन स्त्रियां उनक आर्शीवाद से पुत्रवती हो गयीं। पूर्ण आशा है कि तुम्हें भी उनका आर्शीवाद कल्याणकारी होगा। निरुपमा ने यह पत्र पति को दिखाया। त्रिपाठी जी उदासीन भाव से बोले—सृष्टि-रचना महात्माओं के हाथ का काम नहीं, ईश्वर का काम है। निरुपमा—हां, लेकिन महात्माओं में भी तो कुछ सिद्धि होती है। घमंडीलाल—हां होती है, पर ऐसे महात्माओं के दर्शन दुर्लभ हैं। निरुपमा—मैं तो इस महात्मा के दर्शन करुंगी। घमंडीलाल—चली जाना। निरुपमा—जब बांझिनों के लड़के हुए तो मैं क्या उनसे भी गयी-गुजरी हूं। घमंडीलाल—कह तो दिया भाई चली जाना। यह करके भी देख लो। मुझे तो ऐसा मालूम होता है, पुत्र का मुख देखना हमारे भाग्य में ही नहीं है। कई दिन बाद निरुपमा अपने भाई के साथ मैके गयी। तीनों पुत्रियां भी साथ थीं। भाभी ने उन्हें प्रेम से गले लगाकर कहा, तुम्हारे घर के आदमी बड़े निर्दयी हैं। ऐसी गुलाब –फूलों की-सी लड़कियां पाकर भी तकदीर को रोते हैं। ये तुम्हें भारी हों तो मुझे दे दो। जब ननद और भावज भोजन करके लेटीं तो निरुपमा ने पूछा—वह महात्मा कहां रहते हैं? भावज—ऐसी जल्दी क्या है, बता दूंगी। निरुपमा—है नगीच ही न? भावज—बहुत नगीच। जब कहोगी, उन्हें बुला दूंगी। निरुपमा—तो क्या तुम लोगों पर बहुत प्रसन्न हैं? भावज—दोनों वक्त यहीं भोजन करते हैं। यहीं रहते हैं। निरुपमा—जब घर ही में वैद्य तो मरिये क्यों? आज मुझे उनके दर्शन करा देना। भावज—भेंट क्या दोगी? निरुपमा—मैं किस लायक हूं? भावज—अपनी सबसे छोटी लड़की दे देना। निरुपमा—चलो, गाली देती हो। भावज—अच्छा यह न सही, एक बार उन्हें प्रेमालिंगन करने देना। निरुपमा—भाभी, मुझसे ऐसी हंसी करोगी तो मैं चली आऊंगी। भावज—वह महात्मा बड़े रसिया हैं। निरुपमा—तो चूल्हे में जायं। कोई दुष्ट होगा। भावज—उनका आर्शीवाद तो इसी शर्त पर मिलेगा। वह और कोई भेंट स्वीकार ही नहीं करते। निरुपमा—तुम तो यों बातें कर रही हो मानो उनकी प्रतिनिधि हो। भावज—हां, वह यह सब विषय मेरे ही द्वारा तय किया करते हैं। मैं भेंट लेती हूं। मैं ही आर्शीवाद देती हूं, मैं ही उनके हितार्थ भोजन कर लेती हूं। निरुपमा—तो यह कहो कि तुमने मुझे बुलाने के लिए यह हीला निकाला है। भावज—नहीं, उनके साथ ही तुम्हें कुछ ऐसे गुर दूंगी जिससे तुम अपने घर आराम से रहो। इसके बाद दोनों सखियों में कानाफूसी होने लगी। जब भावज चुप हुई तो निरुपमा बोली—और जो कहीं फिर क्या ही हुई तो? भावज—तो क्या? कुछ दिन तो शांति और सुख से जीवन कटेगा। यह दिन तो कोई लौटा न लेगा। पुत्र हुआ तो कहना ही क्या, पुत्री हुई तो फिर कोई नयी युक्ति निकाली जायेगी। तुम्हारे घर के जैसे अक्ल के दुश्मनों के साथ ऐसी ही चालें चलने से गुजारा है। निरुपमा—मुझे तो संकोच मालूम होता है। भावज—त्रिपाठी जी को दो-चार दिन में पत्र लिख देना कि महात्मा जी के दर्शन हुए और उन्होंने मुझे वरदान दिया है। ईश्वर ने चाहा तो उसी दिन से तुम्हारी मान-प्रतिष्ठा होने लगी। घमंडी दौड़े हुए आयेंगे और तम्हारे ऊपर प्राण निछावर करेंगे। कम-से-कम साल भर तो चैन की वंशी बजाना। इसके बाद देखी जायेगी। निरुपमा—पति से कपट करूं तो पाप न लगेगा? भावज—ऐसे स्वार्थियों से कपट करना पुण्य है। तीन चार महीने के बाद निरुपमा अपने घर आयी। घमंडीलाल उसे विदा कराने गये थे। सलहज ने महात्मा जी का रंग और भी चोखा कर दिया। बोली—ऐसा तो किसी को देखा नहीं कि इस महात्मा जी ने वरदान दिया हो और वह पूरा न हो गया हो। हां, जिसका भाग्य फूट जाये उसे कोई क्या कर सकता है। घमंडीलाल प्रत्यक्ष तो वरदान और आर्शीवाद की उपेक्षा ही करते रहे, इन बातों पर विश्वास करना आजकल संकोचजनक मालूम होता है, पर उनके दिल पर असर जरूर हुआ। निरुपमा की खातिरदारियां होनी शुरू हुईं। जब वह गर्भवती हुई तो सबके दिलों में नयी-नयी आशाएं हिलोरें लेने लगी। सास जो उठते गाली और बैठते व्यंग्य से बातें करती थीं अब उसे पान की तरह फेरती—बेटी, तुम रहने दो, मैं ही रसोई बना लूंगी, तुम्हारा सिर दुखने लगेगा। कभी निरुपमा कलसे का पानी या चारपाई उठाने लगती तो सास दौड़ती—बहू, रहने दो, मैं आती हूं, तुम कोई भारी चीज मत उठाया करा। लड़कियों की बात और होती है, उन पर किसी बात का असर नहीं होता, लड़के तो गर्भ ही में मान करने लगते हैं। अब निरुपमा के लिए दूध का उठौना किया गया, जिससे बालक पुष्ट और गोरा हो। घमंडी वस्त्राभूषणों पर उतारू हो गये। हर महीने एक-न-एक नयी चीज लाते। निरुपमा का जीवन इतना सुखमय कभी न था। उस समय भी नहीं जब नवेली वधू थी। महीने गुजरने लगे। निरूपमा को अनुभूत लक्षणों से विदित होने लगा कि यह कन्या ही है; पर वह इस भेद को गुप्त रखती थी। सोचती, सावन की धूप है, इसका क्या भरोसा जितनी चीज धूप में सुखानी हो सुखा लो, फिर तो घटा छायेगी ही। बात-बात पर बिगड़ती। वह कभी इतनी मानशीला न थी। पर घर में कोई चूं तक न करता कि कहीं बहू का दिल न दुखे, नहीं बालक को कष्ट होगा। कभी-कभी निरुपमा केवल घरवालों को जलाने के लिए अनुष्ठान करती, उसे उन्हें जलाने में मजा आता था। वह सोचती, तुम स्वार्थियों को जितना जलाऊं उतना अच्छा! तुम मेरा आदर इसलिए करते हो न कि मैं बच्चा जनूंगी जो तुम्हारे कुल का नाम चलायेगा। मैं कुछ नहीं हूं, बालक ही सब-कुछ है। मेरा अपना कोई महत्व नहीं, जो कुछ है वह बालक के नाते। यह मेरे पति हैं। पहले इन्हें मुझसे कितना प्रेम था, तब इतने संसार-लोलुप न हुए थे। अब इनका प्रेम केवल स्वार्थ का स्वांग है। मैं भी पशु हूं जिसे दूध के लिए चारा-पानी दिया जाता है। खैर, यही सही, इस वक्त तो तुम मेरे काबू में आये हो। जितने गहने बन सकें बनवा लूं, इन्हें तो छीन न लोगे। इस तरह दस महीने पूरे हो गये। निरुपमा की दोनों ननदें ससुराल से बुलायी गयीं। बच्चे के लिए पहले ही सोने के गहने बनवा लिये गये, दूध के लिए एक सुन्दर दुधार गाय मोल ले ली गयी, घमंडीलाल उसे हवा खिलाने को एक छोटी-सी सेज गाड़ी लाये। जिस दिन निरूपमा को प्रसव-वेदना होने लगी, द्वार पर पंडित जी मुहूर्त देखने के लिए बुलाये गये। एक मीरशिकार बंदूक छोड़ने को बुलाया गया, गाय नें मंगल-गान के लिए बटोर ली गयीं। घर से तिल-तिल कर खबर मंगायी जाती थी, क्या हुआ? लेडी डॉक्टर भी बुलायी गयीं। बाजे वाले हुक्म के इंतजार में बैठे थे। पामर भी अपनी सारंगी लिये ‘जच्चा मान करे नंदलाल सों’ की तान सुनाने को तैयार बैठा था। सारी तैयारियां; सारी आशाएं, सारा उत्साह समारोह एक ही शब्द पर अवलम्बि था। ज्यों-ज्यों देर होती थी लोगों में उत्सुकता बढ़ती जाती थी। घमंडीलाल अपने मनोभावों को छिपाने के लिए एक समाचार पत्र देख रहे थे, मानो उन्हें लड़का या लड़की दोनों ही बराबर हैं। मगर उनके बूढ़े पिता जी इतने सावधान न थे। उनकी पीछें खिली जाती थीं, हंस-हंस कर सबसे बात कर रहे थे और पैसों की एक थैली को बार-बार उछालते थे। मीरशिकार ने कहा—मालिक से अबकी पगड़ी दुपट्टा लूंगा। पिताजी ने खिलकर कहा—अबे कितनी पगड़ियां लेगा? इतनी बेभाव की दूंगा कि सर के बाल गंजे हो जायेंगे। पामर बोला—सरकार अब की कुछ जीविका लूं। पिताजी खिलकर बोले—अबे कितनी खायेगा; खिला-खिला कर पेट फाड़ दूंगा। सहसा महरी घर में से निकली। कुछ घबरायी-सी थी। वह अभी कुछ बोलने भी न पायी थी कि मीरशिकार ने बन्दूक फैर कर ही तो दी। बन्दूक छूटनी थी कि रोशन चौकी की तान भी छिड़ गयी, पामर भी कमर कसकर नाचने को खड़ा हो गया। महरी—अरे तुम सब के सब भंग खा गये हो गया? मीरशिकार—क्या हुआ? महरी—हुआ क्या लड़की ही तो फिर हुई है? पिता जी—लड़की हुई है? यह कहते-कहते वह कमर थामकर बैठ गये मानो वज्र गिर पड़ा। घमंडीलाल कमरे से निकल आये और बोले—जाकर लेडी डाक्टर से तो पूछ। अच्छी तरह देख न ले। देखा सुना, चल खड़ी हुई। महरी—बाबूजी, मैंने तो आंखों देखा है। घमंडीलाल—कन्या ही है? पिता—हमारी तकदीर ही ऐसी है बेटा! जाओ रे सब के सब! तुम सभी के भाग्य में कुछ पाना न लिखा था तो कहां से पाते। भाग जाओ। सैंकड़ों रुपये पर पानी फिर गया, सारी तैयारी मिट्टी में मिल गयी। घमंडीलाल—इस महात्मा से पूछना चाहिए। मैं आज डाक से जरा बचा की खबर लेता हूं। पिता—धूर्त है, धूर्त! घमंडीलाल—मैं उनकी सारी धूर्तता निकाल दूंगा। मारे डंडों के खोपड़ी न तोड़ दूं तो कहिएगा। चांडाल कहीं का! उसके कारण मेरे सैंकड़ों रुपये पर पानी फिर गया। यह सेजगाड़ी, यह गाय, यह पलना, यह सोने के गहने किसके सिर पटकूं। ऐसे ही उसने कितनों ही को ठगा होगा। एक दफा बचा ही मरम्मत हो जाती तो ठीक हो जाते। पिता जी—बेटा, उसका दोष नहीं, अपने भाग्य का दोष है। घमंडीलाल—उसने क्यों कहा ऐसा नहीं होगा। औरतों से इस पाखंड के लिए कितने ही रुपये ऐंठे होंगे। वह सब उन्हें उगलना पड़ेगा, नहीं तो पुलिस में रपट कर दूंगा। कानून में पाखंड का भी तो दंड है। मैं पहले ही चौंका था कि हो न हो पाखंडी है; लेकिन मेरी सलहज ने धोखा दिया, नहीं तो मैं ऐसे पाजियों के पंजे में कब आने वाला था। एक ही सुअर है। पिताजी—बेटा सब्र करो। ईश्वर को जो कुछ मंजूर था, वह हुआ। लड़का-लड़की दोनों ही ईश्वर की देन है, जहां तीन हैं वहां एक और सही। पिता और पुत्र में तो यह बातें होती रहीं। पामर, मीरशिकार आदि ने अपने-अपने डंडे संभाले और अपनी राह चले। घर में मातम-सा छा गया, लेडी डॉक्टर भी विदा कर दी गयी, सौर में जच्चा और दाई के सिवा कोई न रहा। वृद्धा माता तो इतनी हताश हुई कि उसी वक्त अटवास-खटवास लेकर पड़ रहीं। जब बच्चे की बरही हो गयी तो घमंडीलाल स्त्री के पास गये और सरोष भाव से बोले—फिर लड़की हो गयी! निरुपमा—क्या करूं, मेरा क्या बस? घमंडीलाल—उस पापी धूर्त ने बड़ा चकमा दिया। निरुपमा—अब क्या कहें, मेरे भाग्य ही में न होगा, नहीं तो वहां कितनी ही औरतें बाबाजी को रात-दिन घेरे रहती थीं। वह किसी से कुछ लेते तो कहती कि धूर्त हैं, कसम ले लो जो मैंने एक कौड़ी भी उन्हें दी हो। घमंडीलाल—उसने लिया या न लिया, यहां तो दिवाला निकल गया। मालूम हो गया तकदीर में पुत्र नहीं लिखा है। कुल का नाम डूबना ही है तो क्या आज डूबा, क्या दस साल बाद डूबा। अब कहीं चला जाऊंगा, गृहस्थी में कौन-सा सुख रखा है। वह बहुत देर तक खड़े-खड़े अपने भाग्य को रोते रहे; पर निरुपमा ने सिर तक न उठाया। निरुपमा के सिर फिर वही विपत्ति आ पड़ी, फिर वही ताने, वही अपमान, वही अनादर, वही छीछालेदार, किसी को चिंता न रहती कि खाती-पीती है या नहीं, अच्छी है या बीमार, दुखी है या सुखी। घमंडीलाल यद्यपि कहीं न गये, पर निरूपमा को यही धमकी प्राय: नित्य ही मिलती रहती थी। कई महीने यों ही गुजर गये तो निरूपमा ने फिर भावज को लिखा कि तुमने और भी मुझे विपत्ति में डाल दिया। इससे तो पहले ही भली थी। अब तो कोई बात भी नहीं पूछता कि मरती है या जीती है। अगर यही दशा रही तो स्वामी जी चाहे संन्यास लें या न लें, लेकिन मैं संसार को अवश्य त्याग दूंगी। भाभी यह पत्र पाकर परिस्थिति समझ गयी। अबकी उसने निरुपमा को बुलाया नहीं, जानती थी कि लोग विदा ही न करेंगे, पति को लेकर स्वयं आ पहुंची। उसका नाम सुकेशी था। बड़ी मिलनसार, चतुर विनोदशील स्त्री थी। आते ही आते निरुपमा की गोद में कन्या देखी तो बोली—अरे यह क्या? सास—भाग्य है और क्या? सुकेशी—भाग्य कैसा? इसने महात्मा जी की बातें भुला दी होंगी। ऐसा तो हो ही नहीं सकता कि वह मुंह से जो कुछ कह दें, वह न हो। क्यों जी, तुमने मंगल का व्रत रखा? निरुपमा—बराबर, एक व्रत भी न छोड़ा। सुकेशी—पांच ब्राह्मणों को मंगल के दिन भोजन कराती रही? निरुपमा—यह तो उन्होंने नहीं कहा था। सुकेशी—तुम्हारा सिर, मुझे खूब याद है, मेरे सामने उन्होंने बहुत जोर देकर कहा था। तुमने सोचा होगा, ब्राह्मणों को भोजन कराने से क्या होता है। यह न समझा कि कोई अनुष्ठान सफल नहीं होता जब तक विधिवत् उसका पालन न किया जाये। सास—इसने कभी इसकी चर्चा ही नहीं की नहीं पांच क्या दस ब्राह्मणों को जिमा देती। तुम्हारे धर्म से कुछ कमी नहीं है। सुकेशी—कुछ नहीं, भूल हो गयी और क्या। रानी, बेटे का मुंह यों देखना नसीब नहीं होता। बड़े-बड़े जप-तप करने पड़ते हैं, तुम मंगल के व्रत ही से घबरा गयीं? सास—अभागिनी है और क्या? घमंडीलाल—ऐसी कौन-सी बड़ी बातें थीं, जो याद न रहीं? वह हम लोगों को जलाना चाहती है। सास—वही तो कहूं कि महात्मा की बात कैसे निष्फल हुई। यहां सात बरसों ते ‘तुलसी माई’ को दिया चढ़ाया, जब जा के बच्चे का जन्म हुआ। घमंडीलाल—इन्होंने समझा था दाल-भात का कौर है! सुकेशी—खैर, अब जो हुआ सो हुआ कल मंगल है, फिर व्रत रखो और अब की सात ब्राह्मणों को जिमाओ, देखें, कैसे महात्मा जी की बात नहीं पूरी होती। घमंडीलाल-व्यर्थ है, इनके किये कुछ न होगा। सुकेशी—बाबूजी, आप विद्वान समझदार होकर इतना दिल छोटा करते हैं। अभी आपकी उम्र क्या है। कितने पुत्र लीजिएगा? नाकों दम न हो जाये तो कहिएगा। सास—बेटी, दूध-पूत से भी किसी का मन भरा है। सुकेशी—ईश्वर ने चाहा तो आप लोगों का मन भर जायेगा। मेरा तो भर गया। घमंडीलाल—सुनती हो महारानी, अबकी कोई गोलमोल मत करना। अपनी भाभी से सब ब्योरा अच्छी तरह पूछ लेना। सुकेशी—आप निश्चिंत रहें, मैं याद करा दूंगी; क्या भोजन करना होगा, कैसे रहना होगा कैसे स्नान करना होगा, यह सब लिखा दूंगी और अम्मा जी, आज से अठारह मास बाद आपसे कोई भारी इनाम लूंगी। सुकेशी एक सप्ताह यहां रही और निरुपमा को खूब सिखा-पढ़ा कर चली गयी। निरुपमा का एकबाल फिर चमका, घमंडीलाल अबकी इतने आश्वासित से रानी हुई, सास फिर उसे पान की भांति फेरने लगी, लोग उसका मुंह जोहने लगे। दिन गुजरने लगे, निरुपमा कभी कहती अम्मां जी, आज मैंने स्वप्न देखा कि वृद्ध स्त्री ने आकर मुझे पुकारा और एक नारियल देकर बोली, ‘यह तुम्हें दिये जाती हूं; कभी कहती,’ अम्मां जी, अबकी न जाने क्यों मेरे दिल में बड़ी-बड़ी उमंगें पैदा हो रही हैं, जी चाहता है खूब गाना सुनूं, नदी में खूब स्नान करूं, हरदम नशा-सा छाया रहता है। सास सुनकर मुस्कराती और कहती—बहू ये शुभ लक्षण हैं। निरुपमा चुपके-चुपके माजूर मंगाकर खाती और अपने असल नेत्रों से ताकते हुए घमंडीलाल से पूछती-मेरी आंखें लाल हैं क्या? घमंडीलाल खुश होकर कहते—मालूम होता है, नशा चढ़ा हुआ है। ये शुभ लक्षण हैं। निरुपमा को सुगंधों से कभी इतना प्रेम न था, फूलों के गजरों पर अब वह जान देती थी। घमंडीलाल अब नित्य सोते समय उसे महाभारत की वीर कथाएं पढ़कर सुनाते, कभी गुरु गोविंदसिंह कीर्ति का वर्णन करते। अभिमन्यु की कथा से निरुपमा को बड़ा प्रेम था। पिता अपने आने वाले पुत्र को वीर-संस्कारों से परिपूरित कर देना चाहता था। एक दिन निरुपमा ने पति से कहा—नाम क्या रखोगे? घमंडीलाल—यह तो तुमने खूब सोचा। मुझे तो इसका ध्यान ही न रहा। ऐसा नाम होना चाहिए जिससे शौर्य और तेज टपके। सोचो कोई नाम। दोनों प्राणी नामों की व्याख्या करने लगे। जोरावरलाल से लेकर हरिश्चन्द्र तक सभी नाम गिनाये गये, पर उस असामान्य बालक के लिए कोई नाम न मिला। अंत में पति ने कहा तेगबहादुर कैसा नाम है। निरुपमा—बस-बस, यही नाम मुझे पसन्द है? घमंडी लाल—नाम ही तो सब कुछ है। दमड़ी, छकौड़ी, घुरहू, कतवारू, जिसके नाम देखे उसे भी ‘यथा नाम तथा गुण’ ही पाया। हमारे बच्चे का नाम होगा तेगबहादुर। प्रसव-काल आ पहुंचा। निरुपमा को मालूम था कि क्या होने वाली है; लेकिन बाहर मंगलाचरण का पूरा सामान था। अबकी किसी को लेशमात्र भी संदेह न था। नाच, गाने का प्रबंध भी किया गया था। एक शामियाना खड़ा किया गया था और मित्रगण उसमें बैठे खुश-गप्पियां कर रहे थे। हलवाई कड़ाई से पूरियां और मिठाइयां निकाल रहा था। कई बोरे अनाज के रखे हुए थे कि शुभ समाचार पाते ही भिक्षुकों को बांटे जायें। एक क्षण का भी विलम्ब न हो, इसलिए बोरों के मुंह खोल दिये गये थे। लेकिन निरुपमा का दिल प्रतिक्षण बैठा जाता था। अब क्या होगा? तीन साल किसी तरह कौशल से कट गये और मजे में कट गये, लेकिन अब विपत्ति सिर पर मंडरा रही है। हाय! निरपराध होने पर भी यही दंड! अगर भगवान् की इच्छा है कि मेरे गर्भ से कोई पुत्र न जन्म ले तो मेरा क्या दोष! लेकिन कौन सुनता है। मैं ही अभागिनी हूं मैं ही त्याज्य हूं मैं ही कलमुंही हूं इसीलिए न कि परवश हूं! क्या होगा? अभी एक क्षण में यह सारा आनंदात्सव शोक में डूब जायेगा, मुझ पर बौछारें पड़ने लगेंगी, भीतर से बाहर तक मुझी को कोसेंगे, सास-ससुर का भय नहीं, लेकिन स्वामी जी शायद फिर मेरा मुंह न देखें, शायद निराश होकर घर-बार त्याग दें। चारों तरफ अमंगल ही अमंगल हैं मैं अपने घर की, अपनी संतान की दुर्दशा देखने के लिए क्यों जीवित हूं। कौशल बहुत हो चुका, अब उससे कोई आशा नहीं। मेरे दिल में कैसे-कैसे अरमान थे। अपनी प्यारी बच्चियों का लालन-पालन करती, उन्हें ब्याहती, उनके बच्चों को देखकर सुखी होती। पर आह! यह सब अरमान झाक में मिले जाते हैं। भगवान्! तुम्हीं अब इनके पिता हो, तुम्हीं इनके रक्षक हो। मैं तो अब जाती हूं। लेडी डॉक्टर ने कहा—वेल! फिर लड़की है। भीतर-बाहर कुहराम मच गया, पिट्टस पड़ गयी। घमंडीलाल ने कहा—जहन्नुम में जाये ऐसी जिंदगी, मौत भी नहीं आ जाती! उनके पिता भी बोले—अभागिनी है, वज्र अभागिनी! भिक्षुकों ने कहा—रोओ अपनी तकदीर को हम कोई दूसरा द्वार देखते हैं। अभी यह शोकादगार शांत न होने पाया था कि डॉक्टर ने कहा मां का हाल अच्छा नहीं है। वह अब नहीं बच सकती। उसका दिल बंद हो गया है। ******
- नयी माटी
मीनू कपूर "अरे, अरे, चाय ठंडी हो जाएगी, कितनी देर शक्कर मिलाओगी? आजकल तुम्हें क्या हो गया है सुधा, हर समय उदास और खोई खोई। बात क्या है आखिर?" रतन जी पत्नी को लगातर चाय के कप में चम्मच हिलाते देख पूछ बैठे। अरे, कह कर एकदम से सम्भल गयी सुधा और चाय का कप पति की ओर बढ़ा दिया। दोनों चाय पीते हुए इधर-उधर की हल्की-फुल्की बातेँ करते रहे। मौका देख कर सुधा पूछ बैठी, "सुनिए, अंबि का कोई फोन आया आपके पास?” मेरे पास, नहीं तो। फोन तो वह तुम्हें ही करती है न। बात नहीं हुई क्या उससे? नहीं, हुई तो थी, सुबह को जरा देर। तब? "अरे, ये लड़की भी न, जब से ब्याह के गयी, दो पल सुकून से बात ही नहीं करती मुझसे। पग फेरे को भी उड़ी उड़ी आयी। जल्दी जाना था। फ्लाइट का टाइम हो रहा था, घूमने जा रहे थे दोनों और अब वापस आकर भी। कुछ पूछो तो बस, सब ठीक है मम्मी, यहाँ सब बहुत अच्छे हैं। एक ही राग अलापा करती है। कुछ अपनी कहे कुछ मेरी सुने, पर नहीं। शादी को दस दिन भी नहीं हुआ और एकदम बदल गयी है ये लड़की।" सुधा के मन का गुबार उसकी बातों और आँखों से छलका जा रहा था। तो ये बात है। मैं भी कहूँ, बेगम साहिबा आजकल उदास क्यूँ रहती हैं। कहते हुए रतन जी उठ कर पत्नी के पास चले आए। देखो सुधा, तुमने 25 वर्ष बेटी को पाला, पढ़ाया लिखाया, अब तक हर बात में वह तुम्हें ही पूछती थी, तुम्हारा सोचना स्वाभाविक है। पर अब, वह एक नये परिवेश में पहुंची है, नयी दुनिया में, नए लोगों के बीच। अब उसे अपने बात व्यवहार से उन्हें अपना बनाना है, उनके तौर-तरीके सीखने हैं। अब तुम हर समय, हर बात में उसकी परवाह करना छोड़ दो। उसका नया परिवार सम्हाल लेगा उसे, अपना लेगी वह उन्हें और वो उसे। कहते कहते थोड़ा रुके रतन जी, फिर बोले "ये जो नया पौधा लगाया है न तुमने। देखो ये भी जड़ पकड रहा है नये गमले में धीरे-धीरे। अब अगर तुम इसे रोज हिलाती, छेड़ती रहोगी तो य़ह कैसे पनपेगा?” ऐसे ही अंबि को भी थोड़ा समय दो। नए परिवेश में खुद को समायोजित करने के लिए। वक्त बे वक्त दखल देना बंद करो उसकी नयी जिन्दगी में। "कहते हुए उन्होंने स्नेह से गाल थप थपा दिए सुधा के। सुधा ने हल्के से आंखे मूंद ली अपनी। ******
- आशंकाओं के बादल
दीप्ति मिश्रा नव्या कॉलेज के लिए तैयार होकर घर से निकलने लगी, तो मैं अपलक उसे निहारती रह गई। दिनों दिन उसका निखरता सौंदर्य देख जहां मेरा मन प्रसन्न होता, वहीं एक अनजानी सी आशंका और भय की परछाई मन की धरती को अपने आगोश में समेटने का प्रयास करने लगती। समाज में आए दिन होनेवाली अप्रिय और अनैतिक घटनाओं से मेरा मन घबराया सा रहता था। कहीं मेरी बेटी किसी ग़लत इंसान के संपर्क में आकर कभी कोई ग़लत कदम तो नहीं उठा लेगी। एक दिन, पति नमन को मैंने अपनी मनःस्थिति बताई तो वह हंसकर बोले, “अक्सर हम अपनी कल्पना में उन घटनाओं को जन्म दे देते हैं जिनका अस्तित्व हमारे जीवन में होता ही नहीं है। व्यर्थ की चिंता छोड़कर पॉज़िटिव सोचो, तो सब कुछ अच्छा ही होगा।” सही तो कह रहे हैं वह, बेटी अपना करियर बनाने में व्यस्त हैं और मैं व्यर्थ ही अपनी नकारात्मक सोच के चलते परेशान रहती हूं। किंतु उस रात मुझे लगा, मेरी चिंता व्यर्थ नहीं है। मैं गर्म दूध लेकर नव्या के कमरे में पहुंची, तो वह धीमे स्वर में फोन पर किसी से कह रही थी, “मैं किसी को नहीं बताऊंगी और समय पर पहुंच भी जाऊंगी।” मेरा हृदय धक से रह गया। किससे मिलने जाना है उसे? क्या पूछ लूं उससे? नहीं, नहीं, कहीं नव्या यह न समझ ले कि मैं छिपकर उसकी बातें सुन रही थी। रातभर मैं बेचैनी में करवटें बदलती रही। सुबह की प्रतीक्षा में। हो सकता है वह कुछ बताए। किंतु बिना कुछ कहे नव्या कॉलेज के लिए निकल गई। मेरे मन में दर्द की तेज लहर उठी। कहीं उसका किसी लड़के के साथ अफेयर तो नहीं चल रहा? इस विचार मात्र से मैं पसीने-पसीने हो उठी। सारा दिन आशंकाओं के बादल मन को घेरे रहे और नज़र घड़ी की सुई पर अटकी रही। पांच बज गए, तो मुझे घबराहट होने लगी। रोज़ तो वह चार बजे तक कॉलेज से लौट आती है, फिर आज क्या हो गया? मैं बार-बार बेचैनी से अंदर-बाहर के चक्कर काट रही थी। पांच बजे तक मेरा सब्र जवाब दे गया। किसी अनहोनी की आशंका से हृदय कांप रहा था। मैंने मोबाइल पर नमन का नंबर मिलाया। तभी बाहर गेट पर कार आकर रुकी और उसमें से नमन और नव्या उतरते दिखाई दिए। “इतनी देर कैसे हो गई? कहां थी तू अब तक? मेरे तीखे स्वर पर नव्या और नमन हैरान हो उठे। नमन बोले, “अरे, यह कॉलेज से सीधे मेरे ऑफिस आ गई थी। इसने सोचा पापा को भी आज जल्दी घर ले चलूं।“ "किंतु आज इसे किसी से मिलने भी तो जाना था।” “ओह, तो यह बात है। आपने फोन पर हुई मेरी सहेली से बात सुन ली थी, इसलिए आप मुझसे नाराज़ हैं। मुझे रात को ही आपको सब कुछ बताना चाहिए था।” नव्या ने स्नेह से मेरा हाथ पकड़ा और मुझे सोफे पर बैठाते हुए बोली, “सुनो, मम्मी, वह मेरी सहेली कनिका है न, उसका पिछले एक साल से विवेक नाम के लड़के से अफेयर चल रहा है। कनिका के पैरेंट्स उसकी पढाई़ पूरी होने के पश्चात उसकी शादी करना चाहते हैं, जबकि वह विवेक के प्यार में पागल पढ़ाई बीच में छोड़कर शादी करना चाहती है। यहां तक कि लिव इन में रहने की भी धमकी देती है। आज वह इस बारे में मेरी राय जानना चाहती थी। मम्मी, कॉलेज कैंटीन में पूरे दो घंटे तक मैंने उसे समझाया कि भावुकता में बहकर जीवन का इतना बड़ा फ़ैसला लेना ग़लत है। भावावेश में लिए गए फ़ैसले अक्सर ग़लत साबित होते हैं। समय के साथ इस प्यार की खुमारी अवश्य उतरेगी और जीवन में ठहराव आएगा, तो तुम्हें अवश्य अपने फ़ैसले पर पछतावा होगा कि व्यर्थ ही अपना एक वर्ष ख़राब किया।“ “फिर वह कुछ समझी या नहीं।‘’ मम्मी ने उत्तेजित स्वर में पूछा। पापा बोले, “वह समझे या न समझे, अब यह उसकी प्रॉब्लम है। दीप्ति, मैं मानता हूं, समाज में जैसी घटनाएं घट रही है और युवा पीढ़ी जिस ग़लत रास्ते की ओर बढ़ रही है, उससे तुम्हारा चिंतित होना स्वाभाविक भी है। किंतु दीप्ति, आज यह बात तुम अच्छी तरह समझ लो, जो दूसरों को रास्ता दिखाते हैं, वे स्वयं रास्ता नहीं भटकते। तुम्हें अपनी बेटी पर और अपने दिए संस्कारों पर विश्वास होना चाहिए।" नमन की बातें मेरे हृदय की गहराइयों तक उतर गई थी और आशंकाओं के बादल धुआं बनकर उड़ गए थे। ******
- ब्राह्मण का सपना
रविन्द्र सिंह एक वक्त की बात है, किसी शहर में एक कंजूस ब्राह्मण रहता था। एक दिन उसे भिक्षा में जो सत्तू मिला, उसमें से थोड़ा खाकर बाकी का उसने एक मटके में भरकर रख दिया। फिर उसने उस मटके को खूंटी से टांग दिया और पास में ही खाट डालकर सो गया। सोते-सोते वो सपनों की अनोखी दुनिया में खो गया और विचित्र कल्पनाएं करने लगा। वो सोचने लगा कि जब शहर में अकाल पड़ेगा, तो सत्तू का दाम 100 रुपये हो जाएगा। मैं सत्तू बेचकर बकरियां खरीद लूंगा। बाद में इन बकरियों को बेचकर गाय खरीदूंगा। इसके बाद भैंस और घोड़े भी खरीद लूंगा। कंजूस ब्राह्मण कल्पनाओं की विचित्र दुनिया में पूरी तरह खो चुका था। उसने सोचा कि घोड़ों को अच्छी कीमत पर बेचकर खूब सारा सोना खरीद लूंगा। फिर सोने को अच्छे दाम पर बेचकर बड़ा-सा घर बनाऊंगा। मेरी संपत्ति को देखकर कोई भी अपनी बेटी की शादी मुझसे करा देगा। शादी के बाद मेरा जो बच्चा होगा, मैं उसका नाम मंगल रखूंगा। फिर जब मेरा बच्चा अपने पैरों पर चलने लगेगा, तो मैं दूर से ही उसे खेलते हुए देखकर आनंद लूंगा। जब बच्चा मुझे परेशान करने लगेगा, तो मैं गुस्से में पत्नी को बोलूंगा और कहूंगा कि तुम बच्चे को ठीक से संभाल भी नहीं सकती हो। अगर वह घर के काम में व्यस्त होगी और मेरी बात का पालन नहीं करेगी, तब मैं गुस्से में उठकर उसके पास जाऊंगा और उसे पैर से ठोकर मारूंगा। ये सारी बातें सोचते-सोचते ब्राह्मण का पैर ऊपर उठता है और सत्तू से भरे मटके में ठोकर मार देता है, जिससे उसका मटका टूट जाता है। इस तरह सत्तू से भरे मटके के साथ ही कंजूस ब्राह्मण का सपना भी चकनाचूर हो जाता है। सीख : इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि किसी भी काम को करते वक्त मन में लोभ नहीं आना चाहिए। लोभ का फल कभी भी मीठा नहीं होता है। साथ ही सिर्फ सपने देखने से सफलता नहीं मिलती, इसके लिए मेहनत करना भी जरूरी है। ******
- घरेलू महिला
भूपेंद्र बघेल मोहन आज फिर लता को उसकी औकात दिखा कर दफ्तर के लिये निकल गया और वो दिखाये भी क्यों ना, क्योंकि लता एक घरेलू महिला है। वो कोई ज्यादा पढ़ी लिखी लड़की नहीं। न ही वो कोई कामकाजी सफल महिला है। उसका काम सिर्फ कपड़े धोना, खाना पकाना, बिस्तर लगाना, घर की सफाई करना, बच्चों को अच्छी शिक्षा देना, घर के बड़े-बूढों का ध्यान रखना और घर में आये मेहमानों का स्वागत करना ही तो हैं। इन सब काम की क्या अहमियत? यह तो कोई नौकरानी भी कर सकती हैं, यह सब सोचकर लता ने अपने गालों से आँसुओं की बूंदों को साफ किया और फिर से अपने कामों मे जुट गई। रोज की तरह मोहन का फोन आया कि वह देर से घर आयेगा, खाना बाहर ही खायेगा। लता समझ गई थी कि पियेगा भी बाहर। पहले तो लता रोज मोहन से इस बात के लिए लड़ती थी और वो यह कहकर फटकार देता है कि वो मेहनत करता है और कमाता हैं। वो जो चाहे करे पर अब तो जैसे वो थक चुकी थी। वह मोहन के मुँह ही नही लगना चाहती थी क्योंकि वह कई बार कह चुका था कि उसे इस घर की जरूरत है ना कि इस घर को उसकी जरूरत। वो जब चाहे इस घर को छोड़कर जा सकती हैं। लता यह सोचकर चुप हो जाती कि शायद मोहन सही कह रहा हैं वो जायेगी भी कहॉ? मायका तो बचपन से ही पराया होता है। अगर घर की बेटी चार दिन भी ज्यादा रूक ले तो आस पड़ोस वालो के कान खड़े हो जाते हैं, नाते रिश्तेदार चुटकियॉ लेना शुरू कर देते है और बात मॉ बाप की ईज्जत पर बन आती है यही सब सोचकर लता अपमान के घूंट पी जाती हैं। अगले दिन लता की तबियत कुछ ठीक सी नहीं लग रही थी। उसने नापा तो उसे बुखार था। लता ने घर पर ही रखी दवा ले ली और जैसे तैसे नाश्ता और बच्चो का टिफ़िन लगा दिया और कमरे में जाकर लेट गई। मोहम यह कह कर चला गया कि डाक्टर को दिखा लेना। शाम तक लता का बुखार बढ़ गया उसकी तबियत में जरा भी सुधार नही हुआ, उसने मोहन को फोन किया तो उसने कहा वो घर आते वक्त दवा लेता आयेगा। मोहन ने लता के पास दवा रख दी और कहा ले लो। क्योंकि उसने दवा लाने का इतना महान काम जो किया। पत्नी ऐसा नही कर सकती वो दवा देगी और प्यार से उसके माथे पर हाथ भी फेरेगी। उधर सासु मँ ने खाना बनाकर आज रात के लिऐ यह मोहर लगा दी कि वाकई में इस घर को लता की जरूरत नही। रात को लता ने खाना नही खाया। वो बैचेन होकर तड़प रही थी। उधर मोहन चैन की नींद सो रहा था। सोये भी क्यों न उसे अगले दिन काम पर जो जाना था, वो कमाता हैं, इस घर को उसकी बहुत आवश्यकता हैं। अगले दिन मोहन दवा ले लेना कहकर चला गया और रात को डाक्टर के पास चलना, अपना महान फ़र्ज़ निभाकर चला गया। उधर सास ने भी बीमारी में हाथ पैर चलाने की नसीहत देकर महानता का उदाहरण दे दिया। शाम को लता की तबियत और बिगड़ गई, सास ने मोहन को फोन किया। उसने कहा वो अभी आता है, पर मोहन को यह कहे भी एक घण्टा हो गया। फिर मोहन को दोबारा फोन किया तब तक लता मौत के करीब पहुँच चुकी थी। मोहन घर आकर उसे अस्पताल ले गया तब तक लता मर चुकी थी। अब लता को किसी की जरूरत नही थी, पर अब लता की सबको जरूरत थी। आज लता की तेरहवीं हो चुकी थी, दिलासा देने वाले मेहमान सब जा चुके थे, अब मोहन को दफ्तर जल्दी नही जाना था, जाता भी कैसे अब उसे घर के बहुत से काम करने थे जो लता के होने पर उसे पता भी नही चलता था, आज उसे पता लगा इस घर को लता की कितनी जरूरत है। आज उसको अपने तौलिये, रूमाल, अपनी दफ्तर की फाईल यहॉ तक कि वो छोटी-छोटी चीज़े जिसका उसे आभास भी नही था, नही मिल रही थी। उसे पता भी नही था कि उसे लता की कितनी जरूरत हैं। आज लता के जाने के बाद घर, घर नही चिड़ियाघर नजर आता था। सास की दवाई और बच्चों को समय पर खाना नही मिल रहा था, मोहन को रात को अपना बिस्तर लगा नही मिलता था। आज मोहन का घर पर इन्तजार करने वाला कोई नही था। उसको किसी को बताने की आवश्यकता नही कि वो कहॉ है और कब आयेगा, क्योकि कोई पूछने वाला ही नही। आज मोहन को लता की बहुत जरूरत है। पर लता को यह साबित करने के लिए कि मेरी भी जरूरत है सबको...मौत को गले लगाना पड़ा। उसे अपनी अहमियत बताने के लिये इस दुनिया से विदा होना पड़ा। आज सबने मान लिया कि लता को इस घर की नही, इस घर को लता की ज्यादा जरूरत हैं। *******
- वाणी पर नियंत्रण रखें
डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक बार एक बूढ़े आदमी ने अफवाह फैलाई कि उसके पड़ोस में रहने वाला नौजवान चोर है। यह बात दूर-दूर तक फैल गई। आस-पास के लोग उस नौजवान से बचने लगे। नौजवान परेशान हो गया, कोई उस पर विश्वास ही नहीं करता था। तभी गाँव में एक चोरी की एक वारदात हुई और शक उस नौजवान पर गया, फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन कुछ दिनों के बाद सबूत के अभाव में वह निर्दोष साबित हो गया, निर्दोष साबित होने के बाद वह नौजवान चुप नहीं बैठा। उसने उस बूढ़े आदमी पर गलत आरोप लगाने के लिए मुकदमा दायर कर दिया। पंचायत में बूढ़े आदमी ने अपने बचाव में सरपंच से कहा- मैंने जो कुछ कहा था, वह एक टिप्पणी से अधिक कुछ नहीं था। किसी को नुकसान पहुंचाना मेरा मकसद नहीं था। सरपंच ने बूढ़े आदमी से कहा- आप एक कागज के टुकड़े पर वो सब बातें लिखें, जो आपने उस नौजवान के बारे में कहीं थीं और जाते समय उस कागज के टुकड़े-टुकड़े करके घर के रस्ते पर फ़ेंक दें, कल फैसला सुनने के लिए आ जाएँ। बूढ़े व्यक्ति ने वैसा ही किया। अगले दिन सरपंच ने बूढ़े आदमी से कहा कि फैसला सुनने से पहले आप बाहर जाएँ और उन कागज के टुकड़ों को, जो आपने कल बाहर फ़ेंक दिए थे, इकट्ठा कर ले आएं। बूढ़े आदमी ने कहा- मैं ऐसा नहीं कर सकता। उन टुकड़ों को तो हवा कहीं से कहीं उड़ा कर ले गई होगी। अब वे नहीं मिल सकेंगें। मैं कहाँ-कहाँ उन्हें खोजने के लिए जाऊंगा? सरपंच ने कहा- 'ठीक इसी तरह, एक सरल-सी टिप्पणी भी किसी का मान-सम्मान उस सीमा तक नष्ट कर सकती है, जिससे वह व्यक्ति किसी भी दशा में दोबारा प्राप्त करने में सक्षम नहीं हो सकता। शिक्षा : यदि किसी के बारे में कुछ अच्छा नहीं कह सकते, तो चुप रहें। वाणी पर हमारा नियंत्रण होना चाहिए, ताकि हम शब्दों के दास न बनें। *****
- मदद का फल
अंकिता मिश्रा गर्मियों का मौसम था, एक चींटी को बहुत तेज प्यासी लगी थी। वह पानी की खोज में यहां-वहां भटकने लगी। कुछ ही देर में वह एक नदी के पास पहुंच गई। वह नदी पानी से भरी थी, लेकिन चींटी सीधे उस नदी में नहीं जा सकती थी। इस वजह से वह एक छोटे से पत्थर पर चढ़ गई और वहीं से झुककर नदी का पानी पीने की कोशिश करने लगी। जैसे ही चींटी पानी पीने के लिए नीचे की तरफ झुकी वह नदी में गिर पड़ी। उसी नदी के किनारे एक पेड़ पर बैठा कबूतर यह सब देख रहा था। उसे चींटी की हालत पर दया आ गई और उस कबूतर ने चींटी को बचाने की योजना बनाई। उसने जल्दी से पेड़ की डाली से एक पत्ता तोड़कर नदी के पानी में बह रही चींटी के पास फेंक दिया। चींटी उस पत्ते पर चढ़कर बैठ गई और जब वह पत्ता नदी के किनारे पहुंचा, तो वह पत्ते से कूदकर जमीन पर आ गई। चींटी ने अपनी जान बचाने के लिए कबूतर को धन्यवाद किया और वहां से चली गई। कुछ दिनों के बाद उसी नदी के किनारे एक शिकारी आया। उसने कबूतर के घोंसले के पास अपना जाल बिछा दिया। जाल पर दाने फैलाकर वह पास के एक झाड़ी में छिपकर बैठ गया। कबूतर शिकारी और उसके जाल को नहीं देख सका। उसने जमीन पर जब दाना देखा, तो वह उसे चुगने के लिए नीचे उतर गया और शिकारी के जाल में फंस गया। उसी समय चींटी भी वहां आ गई थी। उसने कबूतर को शिकारी के जाल में फंसता हुआ देख लिया था। बेचारा कबूतर लाख प्रयास करने के बाद भी शिकारी के जाल से नहीं निकल पाया। इसके बाद शिकारी आया और जाल में फंसे कबूतर को उठाकर चलने लगा। तभी चींटी ने कबूतर की जान बचाने का फैसला किया। चींटी दौड़ती हुई आई और उसने शिकारी के पैर में काटना शुरू कर दिया। चींटी के काटने के कारण शिकारी को बहुत तेज दर्द होने लगा। उसने जाल को नीचे फेंक दिया और अपना पैर साफ करने लगा। इसी बीच मौका पाते ही कबूतर जाल से निकल गया और वह तेजी से उड़ गया। इस तरह चींटी ने कबूतर की जान बचा ली। सीख : अगर कोई बिना किसी स्वार्थ के किसी की मदद करे तो उसका अच्छा परिणाम भी कभी न कभी जरूर मिलता है। अच्छे व्यक्ति के साथ हमेशा अच्छा ही होता है। ******











