top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • परीक्षा

    प्रेमचंद नादिरशाह की सेना में दिल्ली के कत्लेआम कर रखा है। गलियों मे खून की नदियां बह रही हैं। चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। बाजार बंद है। दिल्ली के लोग घरों के द्वार बंद किये जान की खैर मना रहे हैं। किसी की जान सलामत नहीं है। कहीं घरों में आग लगी  हुई है, कहीं बाजार लुट रहा है; कोई किसी की फरियाद नहीं सुनता। रईसों की बेगमें महलो से निकाली जा रही है और उनकी बेहुरती की जाती है। ईरानी सिपाहियों की रक्त पिपासा किसी तरह नहीं बुझती। मानव हृदया की क्रूरता, कठोरता और पैशाचिकता अपना विकरालतम रूप धारण किये हुए है। इसी समय नादिरशाह ने बादशाही महल में प्रवेश किया। दिल्ली उन दिनों भोग-विलास की केंद्र बनी हुई थी। सजावट और तकल्लुफ के सामानों से रईसों के भवन भरे रहते थे। स्त्रियों को बनाव-सिगांर के सिवा कोई काम न था। पुरूषों को सुख-भोग के सिवा और कोई चिन्ता न थी। राजनीति का स्थान शेरो-शायरी ने ले लिया था। समस्त प्रन्तों से धन खिंच-खिंच कर दिल्ली आता था। और पानी की भांति बहाया जाता था। वेश्याओं की चांदीं थी। कहीं तीतरों के जोड़ होते थे, कहीं बटेरो और बुलबुलों की पलियां ठनती थीं। सारा नगर विलास–निद्रा में मग्न था। नादिरशाह शाही महल में पहुंचा तो वहां का सामान देखकर उसकी आंखें खुल गयीं। उसका जन्म दरिद्र-घर में हुआ था। उसका समसत जीवन रणभूमि में ही कटा था। भोग विलास का उसे चस्का न लगा था। कहां रण-क्षेत्र के कष्ट और कहां यह सुख-साम्राज्य। जिधर आंख उठती थी, उधर से हटने का नाम न लेती थी। संध्या हो गयी थी। नादिरशाह अपने सरदारों के साथ महल की सैर करता और अपनी पसंद की चीजों को बटोरता हुआ दीवाने-खास में आकर कारचोबी मसनद पर बैठ गया, सरदारों को वहां से चले जाने का हुक्म दे दिया, अपने सब हथियार रख दिये और महल के दरोगा को बुलाकर हुक्म दिया—मैं शाही बेगमों का नाच देखना चाहता हूं। तुम इसी वक्त उनको सुंदर वस्त्राभूषणों से सजाकर मेरे सामने लाओं खबरदार, जरा भी देर न हो! मैं कोई उज्र या इनकार नहीं सुन सकता। दारोगा ने यह नादिरशाही हुक्म सुना तो होश उड़ गये। वह महिलएं जिन पर सूर्य की दृटि भी नहीं पड़ी कैसे इस मजलिस में आयेंगी। नाचने का तो कहना ही क्या! शाही बेगमों का इतना अपमान कभी न हुआ था। हा नरपिशाच! दिल्ली को खून से रंग कर भी तेरा चित्त शांत नहीं हुआ। मगर नादिरशाह के सम्मुख एक शब्द भी जबान से निकालना अग्नि के मुख में कूदना था। सिर झुकाकर आदाग लाया और आकर रनिवास में सब बेगमों को नादीरशाही  हुक्म सुना दिया; उसके साथ ही यह इत्त्ला भी दे दी कि जरा भी ताम्मुल न हो, नादिरशाह कोई उज्र या हिला न सुनेगा। शाही खानदान पर इतनी बड़ी विपत्ति कभी नहीं पड़ी; पर इस समय विजयी बादशाह की आज्ञा को शिरोधार्य करने के सिवा प्राण-रक्षा का अन्य कोई उपाय नहीं था। बेगमों ने यह आज्ञा सुनी तो हतबुद्धि-सी हो गयीं। सारे रनिवास में मातम-सा छा गया। वह चहल-पहल गायब हो गयीं। सैकडों हृदयों से इस सहायता-याचक लोचनों से देखा, किसी ने खुदा और रसूल का सुमिरन किया; पर ऐसी एक महिला भी न थी जिसकी निगाह कटार या तलवार की तरफ गयी हो। यद्यपी इनमें कितनी ही बेगमों की नसों में राजपूतानियों का रक्त प्रवाहित हो रहा था; पर इंद्रियलिप्सा ने जौहर की पुरानी आग ठंडी कर दी थी। सुख-भोग की लालसा आत्म सम्मान का सर्वनाश कर देती है। आपस में सलाह करके मर्यादा की रक्षा का कोई उपाय सोचने की मुहलत न थी। एक-एक पल भाग्य का निर्णय कर रहा था। हताश होकर सभी ललपाओं ने पापी के सम्मुख जाने का निश्चय किया। आंखों से आसूं जारी थे, अश्रु-सिंचित नेत्रों में सुरमा लगाया जा रहा था और शोक-व्यथित हृदयां पर सुगंध का लेप किया जा रहा था। कोई केश गुंथतीं थी, कोई मांगो में मोतियों पिरोती थी। एक भी ऐसे पक्के इरादे की स्त्री न थी, जो ईश्वर पर अथवा अपनी टेक पर, इस आज्ञा का उल्लंघन करने का साहस कर सके। एक घंटा भी न गुजरने पाया था कि बेगमात पूरे-के-पूरे, आभूषणों से जगमगातीं, अपने  मुख की कांति से बेले और गुलाब की कलियों को लजातीं, सुगंध की लपटें उड़ाती, छमछम करती हुई दीवाने-खास में आकर नादिरशाह के सामने खड़ी हो गयीं। नादिरशाह ने एक बार कनखियों से परियों के इस दल को देखा और तब मसनद की टेक लगाकर लेट गया। अपनी तलवार और कटार सामने रख दी। एक क्षण में उसकी आंखें झपकने लगीं। उसने एक अगड़ाई ली और करवट बदल ली। जरा देर में उसके खर्राटों की अवाजें सुनायी देने लगीं। ऐसा जान पड़ा कि गहरी निद्रा में मग्न हो गया है। आध घंटे तक वह सोता रहा और बेगमें ज्यों की त्यों सिर निचा किये दीवार के चित्रों की भांति खड़ी रहीं। उनमें दो-एक महिलाएं जो ढीठ थीं, घूघंट की ओट से नादिरशाह को देख भी रहीं थीं और आपस में दबी जबान में कानाफूसी कर रही थीं—कैसा भंयकर स्वरूप है। कितनी रणोन्मत आंखें है। कितना भारी शरीर है। आदमी काहे को है, देव है। सहसा नादिरशाह की आंखें खुल गई परियों का दल पूर्ववत् खड़ा था। उसे जागते देखकर बेगमों ने सिर नीचे कर लिये और अंग समेट कर भेड़ो की भांति एक दूसरे से मिल गयीं। सबके दिल धड़क रहे थे कि अब यह जालिम नाचने-गाने को कहेगा, तब कैसे होगा! खुदा इस जालिम से समझे! मगर नाचा तो न जायेगा। चाहे जान ही क्यों न जाय। इससे ज्यादा जिल्लत अब न सही जायगी।  सहसा नादिरशाह कठोर शब्दों में बोला—ऐ खुदा की बंदियो, मैंने तुम्हारा इम्तहान लेने के लिए बुलाया था और अफसोस के साथ कहना पड़ता है कि तुम्हारी निसबत मेरा गुमान था, वह हर्फ-ब-हर्फ सच निकला। जब किसी कौम की औरतों में गैरत नहीं रहती तो वह कौम मुरदा हो जाती है।   देखना चाहता था कि तुम लोगों में अभी कुछ गैरत बाकी है या नहीं। इसलिए मैंने तुम्हें यहां बुलाया था। मैं तुमहारी बेहुरमली नहीं करना चाहता था। मैं इतना ऐश का बंदा नहीं हूं, वरना आज भेड़ो के गल्ले चाहता होता। न इतना हवसपरस्त हूं, वरना आज फारस में सरोद और सितार की तानें सुनाता होता, जिसका मजा मैं हिंदुस्तानी गाने से कहीं ज्यादा उठा सकता हूं। मुझे सिर्फ तुम्हारा इम्तहान लेना था। मुझे यह देखकर सच मलाल हो रहा है कि तुममें गैरत का जौहर बाकी न रहा। क्या यह मुमकिन न था कि तुम मेरे हुक्म को पैरों तले कुचल देतीं? जब तुम यहां आ गयीं तो मैंने तुम्हें एक और मौका दिया। मैने नींद का बहाना किया। क्या यह मुमकिन न था कि तुममें से कोई खुदा की बंदी इस कटार को उठाकर मेरे जिगर में चुभा देती। मैं कलामेपाक की कसम खाकर कहता हूं कि तुममें से किसी को कटार पर हाथ रखते देखकर मुझे बेहद खुशी होती, मैं उन नाजुक हाथों के सामने गरदन झुका देता। पर अफसोस है कि आज तैमूरी खानदान की एक बेटी भी यहां ऐसी नहीं निकली जो अपनी हुरमत बिगाड़ने पर हाथ उठाती। अब यह सल्लतनत जिंदा नहीं रह सकती। इसकी हसती के दिन गिने हुए हैं। इसका निशान बहुत जल्द दुनिया से मिट जाएगा। तुम लोग जाओ और हो सके तो अब भी सल्तनत को बचाओ वरना इसी तरह हवस की गुलामी करते हुए दुनिया से रुखसत हो जाओगी। ******

  • फ्यूज बल्ब

    डॉ कृष्ण कांत श्रीवास्तव एक छोटे से शहर में एक आईएएस अफसर अपने परिवार सहित रहने के लिये आये, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुये थे? ये अफसर हैरान-परेशान से रोज शाम को अपने घर के नज़दीक के एक पार्क में टहलते हुये अन्य लोगों को तिरस्कार भरी नज़रों से देखते थे और किसी से भी बात नहीं करते थे? एक दिन वे एक बुज़ुर्ग के पास गुफ़्तगू के लिए बैठे और फिर प्रतिदिन उनके पास बैठने लगे, उनकी वार्ता का विषय एक ही होता था - मैं इतना बड़ा आईएएस अफ़सर था? यहां तो मैं मजबूरी में आ गया हूं? मुझे तो दिल्ली में बसना चाहिए था? और बुजुर्ग शांतिपूर्वक उनकी बातें सुना करते थे। सेवानिवृत्त अफसर की घमंड भरी बातों से परेशान होकर एक दिन बुजुर्ग ने उनसे पूछा कि आपने कभी फ्यूज बल्ब देखे हैं? बल्ब के फ्यूज हो जाने के बाद क्या कोई देखता है‌ कि‌ बल्ब‌ किस कम्पनी का बना‌ हुआ था? कितने वाट का था? उससे कितनी रोशनी होती थी? बुजुर्ग ने आगे फ़िर कहा कि बल्ब के‌ फ्यूज़ होने के बाद इनमें‌‌ से कोई भी‌ बात बिलकुल भी मायने नहीं रखती है? लोग बल्ब को‌ कबाड़‌ में डाल देते‌ हैं? मैं सही कह रहा हूं कि नहीं? फिर जब उन रिटायर्ड‌ आईएएस अधिकारी महोदय ने सहमति‌ में सिर‌ हिलाया तो‌ बुजुर्ग फिर बोले‌ - रिटायरमेंट के बाद हम सबकी स्थिति भी फ्यूज बल्ब जैसी हो‌ जाती है? हम‌ कहां काम करते थे? कितने‌ बड़े‌ पद पर थे? हमारा क्या रुतबा‌ था? यह‌ सब‌ कोई मायने‌ नहीं‌ रखता? बुजुर्ग ने बताया कि मैं सोसाइटी में पिछले कई वर्षों से रहता हूं पर आज तक किसी को यह नहीं बताया कि मैं दो बार सांसद रह चुका हूं? उन्होंने कहा कि वो जो सामने वर्मा जी बैठे हैं वे रेलवे के महाप्रबंधक थे? और वे जो सामने से आ रहे हैं साहब वे सेना में ब्रिगेडियर थे? और बैरवा जी इसरो में चीफ थे? लेकिन हममें से किसी भी व्यक्ति ने ये बात किसी को नहीं बताई क्योंकि मैं जानता हूं कि सारे फ्यूज़ बल्ब फ्यूज होने के बाद एक जैसे ही हो जाते हैं? चाहे वह जीरो वाट का हो या 50 वाट का या फिर 100 वाट का हो? कोई रोशनी नहीं‌, तो कोई उपयोगिता नहीं? उन्होंने आगे कहा कि लोग अपने पद को लेकर इतने वहम में होते‌ हैं‌ कि‌ रिटायरमेंट के बाद भी‌ उनसे‌ अपने अच्छे‌ दिन भुलाये नहीं भूलते। वे अपने घर के आगे‌ नेम प्लेट लगाते‌ हैं - रिटायर्ड आइएएस‌ / रिटायर्ड आईपीएस / रिटायर्ड पीसीएस / रिटायर्ड जज‌ आदि। बुजुर्ग ने कहा कि माना‌ आप बड़े‌ आफिसर थे‌? काबिल भी थे? पर अब क्या? अब यह बात मायने नहीं रखती है बल्कि मायने‌ यह रखता है‌ कि पद पर रहते समय आप इंसान कैसे‌ थे? आपने समाज के लोगों को कितनी तवज्जो दी? समाज को क्या दिया? कितने काम आये? या फिर सिर्फ घमंड में ही ऐंठे रहे। बुजुर्ग आगे बोले कि अगर पद पर रहते हुये कभी घमंड आये तो बस याद कर लेना कि एक दिन आपको भी फ्यूज होना है? बुजुर्ग की बातों को सुनकर सेवानिवृत्त अधिकारी सन्न रह गए औऱ उनकी नजरें झुक गयीं। यह उन लोगों के लिये एक आइना है जो पद और सत्ता में रहते हुये कभी अपनी कलम से किसी का हित नहीं करते और रिटायरमेंट के बाद ऐसे लोगों को समाज की बड़ी चिंता होने लगती है? अभी भी वक्त है? चिंतन करिये तथा समाज की मदद कीजिये? अपने पद रूपी बल्ब से समाज व देश को रोशन करिये, तभी रिटायरमेंट के बाद समाज आपको अच्छी नजरों से देखेगा और आपका सम्मान करेगा? *******

  • पिता की थाली

    राम कुमार शर्मा किसी गाँव में एक बूढ़ा व्यक्ति अपने बेटे और बहु के साथ रहता था। परिवार सुखी संपन्न था। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। बूढ़ा बाप जो किसी समय अच्छा खासा नौजवान था आज बुढ़ापे से हार गया था, चलते समय लड़खड़ाता था लाठी की जरुरत पड़ने लगी, चेहरा झुर्रियों से भर चुका था, बस अपना जीवन किसी तरह व्यतीत कर रहा था। घर में एक चीज़ अच्छी थी कि शाम को खाना खाते समय पूरा परिवार एक साथ टेबल पर बैठ कर खाना खाता था। एक दिन ऐसे ही शाम को जब सारे लोग खाना खाने बैठे। बेटा ऑफिस से आया था भूख ज्यादा थी सो जल्दी से खाना खाने बैठ गया और साथ में बहू और उसका एक बेटा भी खाने लगे। बूढ़े हाथ जैसे ही थाली उठाने को हुए थाली हाथ से छिटक गयी थोड़ी दाल टेबल पर गिर गयी। बहू बेटे ने घृणा की दृष्टि से पिता की ओर देखा और फिर से अपना खाने में लग गए। बूढ़े पिता ने जैसे ही अपने हिलते हाथों से खाना खाना शुरू किया तो खाना कभी कपड़ों पे गिरता तो कभी जमीन पर। बहू चिढ़ते हुए कहा – हे राम कितनी गन्दी तरह से खाते हैं मन करता है इनकी थाली किसी अलग कोने में लगवा देते हैं, बेटे ने भी ऐसे सिर हिलाया जैसे पत्नी की बात से सहमत हो। उनका बेटा यह सब मासूमियत से देख रहा था। अगले दिन पिता की थाली उस टेबल से हटाकर एक कोने में लगवा दी गयी। पिता की डबडबाती आँखे सब कुछ देखते हुए भी कुछ बोल नहीं पा रहीं थी। बूढ़ा पिता रोज की तरह खाना खाने लगा, खाना कभी इधर गिरता कभी उधर। छोटा बच्चा अपना खाना छोड़कर लगातार अपने दादा की तरफ देख रहा था। माँ ने पूछा क्या हुआ बेटे तुम दादा जी की तरफ क्या देख रहे हो और खाना क्यों नहीं खा रहे। बच्चा बड़ी मासूमियत से बोला – माँ मैं सीख रहा हूँ कि वृद्धों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए, जब मैं बड़ा हो जाऊँगा और आप लोग बूढ़े हो जाओगे तो मैं भी आपको इसी तरह कोने में खाना खिलाया करूँगा। बच्चे के मुँह से ऐसा सुनते ही बेटे और बहू दोनों काँप उठे शायद बच्चे की बात उनके मन में बैठ गयी थी क्योंकि बच्चा ने मासूमियत के साथ एक बहुत बढ़ा सबक दोनों लोगो को दिया था। बेटे ने जल्दी से आगे बढ़कर पिता को उठाया और वापस टेबल पर खाने के लिए बिठाया और बहू भी भाग कर पानी का गिलास लेकर आई कि पिताजी को कोई तकलीफ ना हो। मित्रों, माँ बाप इस दुनियाँ की सबसे बड़ी पूँजी हैं, आप समाज में कितनी भी इज्जत कमा लें या कितना भी धन इकट्ठा कर लें, लेकिन माँ बाप से बड़ा धन इस दुनिया में कोई नहीं है। माँ बाप की हमेशा निस्वार्थ भाव से सेवा एवं इज्जत करिए, हम जैसा करेंगे वैसा ही हमें भी मिलेगा। *******

  • अच्छाई की जीत

    विभा गुप्ता "अंशुल बेटे पापा से पूछ चाय बना दूँ।" "अंशुल, अपनी मम्मी को बोल दे, नहीं पीनी है चाय मुझे।" "अंशुल, पूछ अपने पापा से कि होलिका।" "बस करो मम्मा....।" आठ वर्षीय अंशुल एकाएक चीख पड़ा। आकाश और नमिता का इकलौता बेटा था अंशुल। दूसरी कक्षा में पढ़ता था। उसकी जब भी अपने मित्रों से लड़ाई हो जाती तो वह घर आकर मुँह फुलाकर बैठ जाता था। तब नमिता उसे प्यार-से समझाती कि बेटे, झगड़ा करना तो बहुत बुरी बात है। किसी मित्र ने कुछ कह दिया हो तो उसे इग्नोर करके हाथ मिला लेना चाहिए और तुमने कुछ गलत कह दिया हो तो सॉरी बोलकर फिर से उसे दोस्त बना लो। इस तरह से नाराज़ होना और मुँह फुलाकर बैठ जाना तो अच्छी बात नहीं है। तब अंशुल अपनी मम्मी की बात मानकर अपने मित्रों से फिर से दोस्ती कर लेता था। होली से एक दिन पहले आकाश और नमिता में किसी बात पर अनबन हो गई और दोनों ने आपस में बातचीत बंद कर दी। एक-दूसरे को कोई भी बात कहने के लिए दोनों अंशुल का सहारा ले रहें थें। अब अंशुल बेचारा अपने मम्मी-पापा के बीच एक पेंडुलम बन गया था। शाम को होलिका-दहन के लिये जाना था तो नमिता बेटे से कह रही थी कि पापा से पूछो कि होलिका-दहन के लिये कब जाना है..लेकिन उसकी बात अधूरी रह गई क्योंकि अंशुल इस पूछा-पूछी से झुंझलाकर चीख पड़ा था। बेटे की चीख सुनकर दोनों घबरा गये और एक साथ बोल पड़े, "क्या हुआ अंशुल बेटे?" तब अंशुल अपनी मम्मी के गले में अपनी बाँहें डालते हुए बोला, "मम्मा, आप तो कहती हैं कि झगड़ा करना गंदी बात है। याद है, लास्ट ईयर होली के दिन जब मैंने मनु से कट्टी कर लिया था तब आपने कहा था कि होली तो गले मिलने का फेस्टिवल है। होलिका-दहन में अपना गुस्सा और जेलेस (ईर्ष्या) का दहन कर देना चाहिए और आपने यह भी बताया था कि होली फेस्टिवल तो बुराई पर अच्छाई की जीत है, तो फिर आप पापा से....।" "नहीं-नहीं बेटे, हम कोई झगड़ा नहीं कर रहे थे। तुम्हारी मम्मा ने बिल्कुल सही कहा है कि हमें क्रोध-कट्टी कभी नहीं करनी चाहिए। चलो...अब तुम जल्दी-से तैयार हो जाओ..।" आकाश ने तुरंत बात संभालते हुए अंशुल से कहा। "ओके पापा...।" कहकर अंशुल कपड़े बदलने अपने कमरे में चला गया। आकाश और नमिता ने एक-दूसरे को सॉरी कहा और फिर तीनों होलिका-दहन वाली जगह पर चले गये। तीनों ने एक साथ पूजा किया तथा आकाश-नमिता ने अपने अहंकार की आहुति देते हुए प्रॉमिस किया कि अब कभी भी लड़ाई नहीं करेंगे...एक-दूसरे का सम्मान करेंगे। ****

  • शेर, चूहा और बिल्ली

    अंकिता मिश्रा एक समय की बात है। अर्बुद शिखर नामक पर्वत की गुफा में दुर्दांत नाम का एक शेर रहता था। वह बड़ा ही खूंखार था। वह हर दिन अपनी गुफा से केवल शिकार करने के लिए बाहर निकलता था और पेट भरने के बाद वापस गुफा में जाकर सो जाता था। एक दिन न जाने कहां से उसकी गुफा में एक चूहा आ गया और वह भी वहीं एक बिल बनाकर रहने लगा। एक रोज जब शेर गुफा में सो रहा था, तभी चूहा अपने बिल से बाहर निकला और उसके बालों को कुतर कर वापस बिल में चला गया। शेर की जब नींद खुली तो उसने देखा कि उसके बाल कुतरे हुए थे। वह गुस्से से आगबबूला हो गया। उसने चूहे को कई बार पकड़कर उसे मारने का प्रयास भी किया, लेकिन चूहा था कि हाथ ही नहीं आता था। हर बार वह भागकर अपने बिल में छिप जाता था। अंत में शेर को एक युक्ति सूझी। उसने सोचा कि क्यों न चूहे को मारने के लिए इसका परम शत्रु लाया जाए। वह जंगल गया और बहला-फुसलाकर एक बिल्ली को अपनी गुफा में लेकर आया। इसके बाद से जब भी शेर सोता या आराम करता था, बिल्ली पहरेदार की तरह शेर की निगरानी करती थी। वहीं, शेर भी हर दिन बिल्ली के खाने के लिए ताजे-ताजे मांस लाता था। इससे वह बिल्ली कुछ ही दिनों में बहुत मोटी-ताजी हो गई थी। दूसरी तरफ, बिल्ली की डर की वजह से चूहा अपने बिल में ही दुबका रहता था। वह खाने-पीने के लिए भी बिल से बाहर नहीं निकलता था। इस वजह से वह काफी कमजोर भी हो गया था। एक दिन भूख-प्यास से व्याकुल होकर चूहा अपने बिल से बाहर निकला। उसने देखा कि शेर अपनी गुफा में आराम फरमा रहा था और बिल्ली ताजे-ताजे मांस खा रही थी। लेकिन, बिल्ली भी बहुत चालाक थी। चूहा जैसे ही शेर के पास उसके बाल कुतरने पहुंचा, बिल्ली ने तुरंत उस पर झपट्टा मारा और उसे निगल गई। वह बहुत खुश थी कि जब वह शेर को यह बताएगी कि चूहे से अब परेशान होने की जरूरत नहीं है, तो शेर बहुत खुश हो जाएगा और उसे ढेर सारे ताजे मांस लाकर देगा। जब शेर अपनी नींद से जागा, तो बिल्ली ने उसे बताया कि उसने चूहे को मार दिया है। बिल्ली की बात सुनकर शेर बहुत खुश हुआ। अब उसकी परेशानी दूर हो गई थी, इसलिए वह बिल्ली अब उसके किसी काम की नहीं थी। उसी दिन से शेर ने बिल्ली के लिए मांस लाना बंद कर दिया। इसके बाद भूखी-प्यासी बिल्ली कमजोर होने लगी थी। उसे समझ आ गया था कि शेर उसे मांस सिर्फ चूहे की वजह से देता था। अब चूहा नहीं है, तो उसे उसकी कोई जरूरत नहीं है। फिर वह बिल्ली उस गुफा को छोड़कर वहां से चली गई। सीख : शेर, चूहे और बिल्ली की कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि अपना काम निकल जाने के बाद, हर कोई पराये की तरह व्यवहार करने लगते हैं। इसलिए, कभी किसी के अधिक मोह में न पड़ें। ******

  • नरेंद्र की जीत

    मुकेश ‘नादान’ 'एकरसता उनसे सहन नहीं होती थी, अत: नित्य नवीन आनंद के उपाय की खोज करनी पड़ती थी। तब यहाँ यह कह देना भी आवश्यक है कि उनके स्वभाव में जैसी एक स्वाभाविक पवित्रता थी तथा परिवार की सुशिक्षा ऐसी सुंदर थी कि उनके पाँव कभी बेताल नहीं पड़ पाते थे। साथियों में किसी के अवांछनीय रहने पर भी वह उन्हें प्रभावित करने में समर्थ नहीं हो पाते। निर्मल आनंद की खोज में व्यस्त रहकर उन्होंने एक बार अपनी पसंद का एक थियेटर दल गठित कर लिया और अपने मकान के पूजाघर के बरामदे में कई बार अभिनय किया। किंतु अपने एक छोटे चाचा के द्वारा इस विषय में आपत्ति करने पर थियेटर की स्टेज के बदले मकान के प्रंगण में व्यायाम के लिए एक अखाड़ा तैयार किया। मित्रगण वहाँ नियमित व्यायाम करते थे। दुर्भाग्यवश वहाँ एक चचेरे भाई का कसरत करते समय हाथ टूट गया। इसी से चाचा ने व्यायाम के सारे सामान नष्ट कर दिए। फलत: अखाड़ा भी बंद हो गया। इसके बाद नरेंद्रनाथ ने अपने पड़ोसी नवगोपाल बाबू के जिमनास्टिक के अखाड़े में नाम लिखवाया। नवगोपाल बाबू हिंदू मेला के प्रवर्तक और हिंदुओं की सर्वांगीण उन्नति के आकांक्षी थे। उपयुक्त स्थान पाकर नरेंद्र ने शरीर को सबल-सशक्त बनाने में मन लगाया। अखाड़ा कॉर्नवालिस स्ट्रीट के ऊपर स्थित था। अखाड़े के सदस्य के रूप में नरेंद्रनाथ ने लाठी भाँजने, तलवार चलाने, तैरने, कुश्ती तथा अन्य व्यायामों में दक्षता प्राप्त की। एक बार व्यायाम प्रदर्शन में उन्होंने मुक्केबाजी में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक चाँदी की तितली प्राप्त की थी। लाठी भाँजने में उन्हें अधिक रूचि थी। अखाड़े में एवं अखाड़े के बाहर कुछ मुसलमान उस्तादों की सहायता से उन्होंने इस विद्या में विशेष निषुणता प्राप्त की थी। उनकी उम्र जब दस वर्ष की थी और वे मेट्रोपोलिटन स्कूल में पढ़ते थे, तब एक मेले के उपलक्ष्य में जिमनास्टिक का खेल दिखाया गया। दर्शक के रूप में नरेंद्र वहाँ उपस्थित थे। दूसरे खेलों के बाद लाठी भाँजने का खेल चलने पर जब उत्साह में कमी आ गई, तब नरेंद्र ने अकस्मात्‌ कहा, खेलने वालों में जो कोई मेरे विरोध में खड़ा होना चाहे, मैं उन्हीं के साथ खेलने को तैयार हूँ। खिलाडियों में जो सबसे अधिक बलवान थे, वे ही आगे आए और ठतव्क्त-ठव्क्त शब्द के साथ प्रतिद्व॑द्विता शुरू हुई। नरेंद्र की अपेक्षा दूसरे व्यक्ति के उम्र और शक्ति में अधिक प्रबल होने के कारण परिणाम एक प्रकार से निश्चित ही था। तथापि बालक के कौशल और साहस को देखकर पल-पल प्रशंसा की वर्षा होने लगी। इधर नरेंद्र ने पैंतरा बदलते-बदलते अचानक कुशलतापूर्वक घोर आवाज करते हुए प्रतिद्वंद्वी पर एक ऐसा आघात किया कि उनके हाथ की लाठी दो टुकड़े होकर जमीन पर गिर गई। नरेंद्र की शिक्षा सार्थक हुईं। वे जीत गए और फिर दर्शकों के आनंद की सीमा न रही। ******

  • तुम्हारा लाडला

    ऋतु अग्रवाल "मैं नहीं जाऊंगी" "एक बार कह दिया तो कह दिया, मैं नहीं जाऊंगी।" मानसी चिल्ला पड़ी। "क्यों नहीं जाएगी? आखिर ऐसी क्या बात है कि तू इतनी जिद कर रही है?" नूतन ने मानसी को झिंझोड़ दिया। "कुछ नहीं पर मैं नहीं जाऊंगी।" मानसी अपनी बात पर अटल थी। "तो फिर घर का सामान कौन लाएगा।" दीपांशु तो दोपहर का गया रात को ही लौटता है कोचिंग से। थका-हारा आता है वह। कितनी मेहनत कर रहा है ताकि अच्छे कॉलेज में उसका दाखिला हो सके। तेरे पापा बीती रात घर लौटते हैं तो क्या तेरा फ़र्ज़ नहीं कि तू घर के काम में हाथ बँटा दे। बस उस मोड को पार करके बनिये की दुकान से राशन ही तो लाना है और वह भी स्कूटी से। इतना सा काम करने में भी ज़ोर आ रहा है तुझे। खड़ी हो और फटाफट से सामान लेकर आ।" नूतन ने मानसी का हाथ खींचा । "उस मोड़ पर ही तो तुम्हारा लाडला अपने निकम्मे दोस्तों के साथ खड़ा आती-जाती हर लड़की पर छींटाकशी करता है, अश्लील हरकतें करता है। सिर झुक जाता है मेरा जब मेरे स्कूल की छात्राएँ जाकर रहती हैं कि मैडम! आपका भाई बहुत बदतमीज़ है पर तुम्हें तो अपने राजदुलारे पर बड़ा गर्व है, तभी तो उसकी कही सभी बातों पर आँख मूँदकर विश्वास कर लेती हो। पर मुझसे उस मोड़ पर उसका वह वीभत्स रूप नहीं देखा जाएगा इसलिए मैं वहाँ कभी नहीं जाऊंगी।" मानसी रो पड़ी। कमरे में सन्नाटा छा गया और पंखे की भायं-भायं नूतन का मस्तिष्क सुन्न कर गई। *******

  • चालाक लोमड़ी

    अविरति गौतम सालों पहले एक जंगल में गधा, लोमड़ी और शेर के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। तीनों ने एकदिन बैठकर साथ में शिकार करने के बारे में सोचा। कुछ देर बाद सबने मिलकर तय किया कि शिकार करने के बाद उसपर तीनों का बराबर हक होगा। ये फैसला लेने के बाद तीनों दोस्त शिकार के लिए जानवर की तलाश में जंगल की ओर निकल पड़े। कुछ ही दूरी पर उन तीनों को जंगल में हिरण दिखा। एकदम तीनों ने हिरण पर झपट्टा मारने की कोशिश की। उसे देखते ही वो तेजी से दौड़ने लगा। दौड़ते-दौड़ते थककर हिरण कुछ देर के लिए रुक गया। तभी मौका देखकर शेर ने हिरण का शिकार कर दिया। गधा, लोमड़ी और शेर तीनों काफी खुश हो गए। मरे हुए हिरण के तीन हिस्से करने के लिए शेर ने अपने दोस्त गधे को कहा। जैसा पहले तय हुआ था उसी हिसाब से गधे ने शिकार को तीन बराबर हिस्सों में बांट दिया। ये देखकर शेर को बिल्कुल अच्छा नहीं लगा। वो गुस्से में जोर-जोर से दहाड़े मारने लगा। दहाड़ते-दहाड़ते शेर ने गधे पर हमला करके उसे अपने दांतों और पंजों की मदद से दो हिस्से में बांट दिया। लोमड़ी ये सब होते हुए देख रही थी। तभी शेर ने एकदम से लोमड़ी को कहा, “चलो दोस्त अब तुम इस शिकार का अपना हिस्सा ले लो। लोमड़ी चालाक और समझदार दोनों ही थी। उसने बड़ी ही अकलमंदी के साथ हिरण के शिकार का तीन चौथाई हिस्सा शेर को दे दिया और खुद के लिए एक चौथाई हिस्सा ही बचाया। इस तरह हुए शिकार के हिस्से से शेर काफी खुश हो गया। उसने हंसते हुए लोमड़ी से कहा, ‘अरे वाह! तुमने एकदम मेरे मन का काम किया है। तुम्हारा दिमाग काफी तेज है।’ इतना कहते ही शेर ने लोमड़ी से पूछा, ‘तुम इतनी समझदार कैसे हो? तुम्हें कैसे पता चला कि मैं क्या चाहता हूं? तुमने इतना अच्छे से शिकार का हिस्सा लगाना कहा से सीखा है?’ शेर के सवालों का जवाब देते हुए लोमड़ी बोली, ‘आप जंगल के राजा हैं और आपको कैसे हिस्सा लगाना है, ये समझना मुश्किल नहीं है। साथ ही मैंने उस गधे की हालत भी देख ली थी। उसके साथ जो कुछ भी हुआ उससे सीख लेते हुए मैंने ऐसी समझदारी दिखाई है।’ जवाब सुनकर शेर काफी खुश हुआ। उसने कहा कि तुम सच में बुद्धिमान हो। सीख : हम सभी को अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरों की गलतियों से भी नई बातों को सीखना चाहिए। इससे हम वही गलती करने से और उसके नकारात्मक परिणामों से बच सकते हैं। ******

  • संत की शरण

    रमाकांत शास्त्री एक गांव में एक ठाकुर थे। उनके यहां एक नौकर काम करता था जिसके कुटुंब में बीमारी की वजह से कोई आदमी नहीं बचा। केवल नौकर का लड़का रह गया। वह ठाकुर के घर काम करने लग गया। रोजाना सुबह वह बछड़े चराने जाता था और लौटकर आता तो रोटी खा लेता था। ऐसे समय बीतता गया। एक दिन दोपहर के समय वह बछड़े को चरा कर आया तो ठकुरानी की नौकरानी ने उसे ठंडी रोटी खाने के लिए दे दी। उसने कहा कि थोड़ी सी छाछ या रबड़ी मिल जाए तो ठीक है। नौकरानी ने कहा कि, जा जा तेरे लिए बनाई है रबड़ी, जा ऐसे ही खा ले नहीं तो तेरी मर्जी। उस लड़के के मन में गुस्सा आया कि, मैं धूप में बछड़े चरा कर आया हूं, भूखा हुँ, पर मेरे को बाजरे की सूखी रोटी दे दी। रबड़ी मांगी तो तिरस्कार कर दिया। वह भूखा ही वहां से चला गया। गांव के पास में एक शहर था। उस शहर में संतों कि एक मंडली आई हुई थी। वह लड़का वहां चला गया। संतों ने उसको भोजन कराया और पूछा कि तेरे परिवार में कौन हैं। उसने कहा कि कोई नहीं है। संतों ने कहा तू भी साधु बन जा। लड़का साधु बन गया। संतों ने ही उसके पढ़ने की व्यवस्था काशी में कर दी। वह पढ़ने के लिए काशी चला गया।  वहां पढ़कर वह विद्वान हो गया। फिर कुछ समय बाद उसे महामंडलेश्वर महंत बन दिया गया। महामंडलेश्वर बनने के बाद एक दिन उसको उसी शहर में आने का आमंत्रण मिला। वह अपनी मंडली लेकर वहां आये, जिनके यहाँ वह बचपन में काम करते थे। वे ठाकुर बूढ़े हो गए थे। वह ठाकुर जी भी शहर में उनका सत्संग सुनने आए। उनका सत्संग सुना और प्रार्थना की कि महाराज, एक बार हमारी कुटिया में पधारो जिससे हमारी कुटिया पवित्र हो जाए। महामंडलेश्वर जी ने उसका निमंत्रण स्वीकार कर लिया।  महामंडलेश्वर जी अपनी मंडली के साथ ठाकुर के घर पधारे। भोजन के लिए पंक्ति बैठी, भोजन मंत्र का पाठ हुआ। फिर सबने भोजन करना आरंभ किया। महाराज के सामने तख़्त लगाया गया, और उस पर तरह-तरह के भोजन के पदार्थ रखे हुए थे। अब ठाकुर जी महाराज के पास आए साथ में नौकर था, जिसके हाथ में हलवे का पात्र था। ठाकुर साहब प्रार्थना करने लगा कि महाराज कृपा करके थोड़ा सा हलवा मेरे हाथ से ले लो। महाराज को हंसी आ गई। ठाकुर ने पूछा कि आप हँसे कैसे? महाराज बोले कि, मेरे को पुरानी बातें याद आ गई इसलिए हंसा। ठाकुर साहब बोले महाराज यदि हमारे सुनने लायक बात हो तो हमें भी बताइए। महाराज ने सब संतो से कहा कि, भाई थोड़ा ठहर जाओ बैठे रहो। ठाकुर बात पूछता है, तो बताता हूं। महाराज ने ठाकुर से पूछा कि, आपके कुटुंब में एक नौकर का परिवार रहा करता था। उस परिवार में अब कोई है क्या? ठाकुर बोले कि, केवल एक लड़का था और हमारे यहाँ उसने कई दिन बछड़े चराए फिर ना जाने कहाँ चला गया। बहुत दिन हो गए फिर कभी उसको देखा नहीं। महाराज बोले, कि मैं वही लड़का हूं। पास के शहर में संत-मंडली ठहरी हुई थी। मैं वहां चला गया। पीछे काशी चला गया वहां पढ़ाई की और फिर महामंडलेश्वर बन गया। यह वही आंगन है, जहां आपकी नौकरानी ने मेरे को थोड़ी सी रबड़ी देने के लिए भी मना कर दिया था। अब मैं भी वही हुँ, आंगन भी वही है, आप भी वही हैं, पर अब आप अपने हाथों से मोहनभोग दे रहे हैं कि महाराज कृपा करके थोड़ा सा मेरे हाथ से ले लो।  सन्तों की शरण लेने मात्र से इतना हो गया कि जहां रबड़ी नहीं मिलती थी वहां मोहनभोग भी गले में अटक रहे हैं। अगर कोई भगवान् की शरण ले ले, तो वह संतों का भी आदरणीय हो जाए। लखपति करोड़पति बनने के लिए सब स्वतंत्र नहीं हैं, पर भगवान् की शरण होने में भगवान् का भक्त बनने में सब के सब स्वतंत्र हैं, और ऐसा मौका इस मनुष्य जन्म में ही है। ******

  • तमाचा

    कृष्णकांत श्रीवास्तव मेम साब कल मेरे बेटे का अन्नप्राशन है यदि आप मेरे कुटिया पर पैर रख देंगी तो झोपड़ पट्टी में मेरा सम्मान बढ़ जाएगा। काम की निरंतरता की मजबूरी और उत्सुकता वश नित्या ने हां हां आऊंगी ना लक्ष्मी कह दिया। नियत समय से विलंब नित्या लक्ष्मी के घर पहुंची तुरंत कुर्सी लाई गई नित्या का विशेष सम्मान किया जा रहा था बड़े ध्यान से नित्या वहां की गतिविधियां देख रही थी। साफ-सुथरे घर में दरी पर पंक्तिबद्ध बैठ सब भोजन कर रहे थे भोजन करने के उपरांत सभी अपने-अपने थाली में पानी डालकर उसे धो धो कर पास में लगे पौधों में डाल रहे थे। उसके बाद ही थाली नीचे रखी जा रही थी। नित्या ने उत्सुकता वश लक्ष्मी से पूछा ऐसा करने का कोई रिवाज है क्या? अरे नहीं मेम साब वो पानी की कमी हो रही है ना धरती का जल स्तर कम होता जा रहा है। तो हमारे गांव में पानी को बेकार नहीं बहाते लक्ष्मी के जवाब से नित्या को ऐसा लगा जैसे लक्ष्मी के जवाब ने उसके गालों पर एक जोरदार तमाचा जड़ दिया हो। उसे कुछ दिनों पहले की बातें याद आने लगी जब टंकी भर कर पानी गिर रहा था, तो लक्ष्मी ने सारे काम छोड़ दौड़कर मोटर का स्विच ऑफ किया था। तब नित्या ने कहा था, इतनी क्या आफत आ गयी थी जो बदहवास दौड़कर बटन बंद करने भागी। थोड़ा पानी ही तो गिर रहा था ना। कौन सा उसमें पैसा लग रहा था और लक्ष्मी द्वारा बात-बात पर नल बंद करने पर नित्या का गुस्सा होना, आज नित्या को लग रहा था। कागज की डिग्रियां तो है मेरे पास। बौद्धिक ज्ञान भी है, पर अमल करना शायद फितरत में नहीं। नित्या मन ही मन मुस्कुराई और अपने घर बुलाने और विचारों को धरातल पर क्रियान्वयन करने हेतु प्रोत्साहन करने के लिए लक्ष्मी का धन्यवाद किया। ******

  • माता का ह्रदय

    प्रेमचंद माधवी की आंखों में सारा संसार अंधेरा हो रहा था। काई अपना मददगार दिखाई न देता था। कहीं आशा की झलक न थी। उस निर्धन घर में वह अकेली पडी रोती थी और कोई आंसू पोंछने वाला न था। उसके पति को मरे हुए २२ वर्ष हो गए थे। घर में कोई सम्पत्ति न थी। उसने न- जाने किन तकलीफों से अपने बच्चे को पाल-पोस कर बडा किया था। वही जवान बेटा आज उसकी गोद से छीन लिया गया था और छीनने वाले कौन थे? अगर मृत्यु ने छीना होता तो वह सब्र कर लेती। मौत से किसी को द्वेष नहीं होता। मगर स्वार्थियों के हाथों यह अत्याचार असहृ हो रहा था। इस घोर संताप की दशा में उसका जी रह-रह कर इतना विफल हो जाता कि इसी समय चलूं और उस अत्याचारी से इसका बदला लूं जिसने उस पर निष्ठुर आघात किया है। मारूं या मर जाऊं। दोनों ही में संतोष हो जाएगा। कितना सुंदर, कितना होनहार बालक था! यही उसके पति की निशानी, उसके जीवन का आधार उसकी अम्रं भर की कमाई थी। वही लडका इस वक्त जेल मे पडा न जाने क्या-क्या तकलीफें झेल रहा होगा! और उसका अपराध क्या था? कुछ नही। सारा मुहल्ला उस पर जान देता था। विधालय के अध्यापक उस पर जान देते थे। अपने-बेगाने  सभी तो उसे प्यार करते थे। कभी उसकी कोई शिकायत सुनने में नहीं आयी।ऐसे बालक की माता होन पर उसे बधाई देती थी। कैसा सज्जन, कैसा उदार, कैसा परमार्थी ! खुद भूखो सो रहे मगर क्या मजाल कि द्वार पर आने वाले अतिथि को रूखा जबाब दे। ऐसा बालक क्या इस योग्य था कि जेल में जाता ! उसका अपराध यही था, वह कभी-कभी सुनने वालों को अपने दुखी भाइयों का दुखडा सुनाया करता था। अत्याचार से पीडित प्राणियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था। क्या यही उसका अपराध था? दूसरो की सेवा करना भी अपराध है? किसी अतिथि को आश्रय देना भी अपराध है? इस युवक का नाम आत्मानंद था। दुर्भाग्यवश उसमें वे सभी सद्गुण थे जो जेल का द्वार खोल देते है। वह निर्भीक था, स्पष्टवादी था, साहसी था, स्वदेश-प्रेमी था, नि:स्वार्थ था, कर्तव्यपरायण था। जेलल जाने के लिए इन्हीं गुणो की जरूरत है। स्वाधीन प्राणियों के लिए वे गुण स्वर्ग का द्वार खोल देते है, पराधीनो के लिए नरक के! आत्मानंद के सेवा-कार्य ने, उसकी वक्तृतताओं ने और उसके राजनीतिक लेखो ने उसे सरकारी कर्मचारियों की नजरों में चढा दिया था। सारा पुलिस-विभाग नीचे से ऊपर तक उससे सर्तक रहता था, सबकी निगाहें उस पर लगीं रहती थीं। आखिर जिले में एक भयंकर डाके ने उन्हे इच्छित अवसर प्रदान कर दिया। आत्मानंद के घर की तलाशी हुई, कुछ पत्र और लेख मिले, जिन्हें पुलिस ने डाके का बीजक सिद्व किया। लगभग २० युवकों की एक टोली फांस ली गयी। आत्मानंद इसका मुखिया ठहराया गया। शहादतें हुई। इस बेकारी और गिरानी के जमाने में आत्मा सस्ती और कौन वस्तु हो सकती है। बेचने को और किसी के पास रह ही क्या गया है। नाम मात्र का प्रलोभन देकर अच्छी-से-अच्छी शहादतें मिल सकती है, और पुलिस के हाथ तो निकृष्ट-से- निकृष्ट गवाहियां भी देववाणी का महत्व प्राप्त कर लेती है। शहादतें मिल गयीं, महीनें-भर तक मुकदमा क्या चला एक स्वांग चलता रहा और सारे अभियुक्तों को सजाएं दे दी गयीं। आत्मानंद को सबसे कठोर दंड मिला ८ वर्ष का कठिन कारावास। माधवी रोज कचहरी जाती;  एक कोने में बैठी सारी कार्यवाई देखा करती। मानवी चरित्र कितना दुर्बल, कितना नीच है, इसका उसे अब तक अनुमान भी न हुआ था। जब आत्मानंद को सजा सुना दी गयी और वह माता को प्रणाम करके सिपाहियों के साथ चला तो माधवी मूर्छित होकर गिर पडी। दो-चार सज्जनों ने उसे एक तांगे पर बैठाकर घर तक पहुंचाया। जब से वह होश में आयी है उसके हृदय में शूल-सा उठ रहा है। किसी तरह धैर्य नही होता। उस घोर आत्म-वेदना की दशा में अब जीवन का एक लक्ष्य  दिखाई देता है और वह इस अत्याचार का बदला है। अब तक पुत्र उसके जीवन का आधार था। अब शत्रुओं से बदला लेना ही उसके जीवन का आधार होगा। जीवन में उसके लिए कोई आशा न थी। इस अत्याचार का बदला लेकर वह अपना जन्म सफल समझगी। इस अभागे नर-पिशाच बगची ने जिस तरह उसे रक्त के आसूं रॅलाये हैं उसी भांति यह भी उस रूलायेगी। नारी-हृदय कोमल है लेकिन केवल अनुकूल दशा में: जिस दशा में पुरूष दूसरों को दबाता है, स्त्री शील और विनय की देवी हो जाती है। लेकिन जिसके हाथों में अपना सर्वनाश हो गया हो उसके प्रति स्त्री की पुरूष से कम घ्ज्ञृणा ओर क्रोध नहीं होता अंतर इतना ही है कि पुरूष शास्त्रों से काम लेता है, स्त्री कौशल से। रा भीगती जाती थी और माधवी उठने का नाम न लेती थी। उसका दु:ख प्रतिकार के आवेश में विलीन होता जाता था। यहां तक कि इसके सिवा उसे और किसी बात की याद ही न रही। उसने सोचा, कैसे यह काम होगा? कभी घर से नहीं निकली।वैधव्य के २२ साल इसी घर कट गये लेकिन अब निकूलूंगीं। जबरदस्ती निकलूंगी, भिखारिन बनूगीं, टहलनी बनूगी, झूठ बोलूंगी, सब कुकर्म करूंगी। सत्कर्म के लिए संसार में स्थान नहीं। ईश्वर ने निराश होकर कदाचित् इसकी ओर से मुंह फेर लिया है। जभी तो यहां ऐसे-ऐसे अत्याचार होते है। और पापियों को दडं नहीं मिलता। अब इन्हीं हाथों से उसे दंड दूगी। संध्या का समय था। लखनऊ के एक सजे हुए बंगले में मित्रों की महफिल जमी हुई थी। गाना-बजाना हो रहा था। एक तरफ आतशबाजियां रखी हुई थीं। दूसरे कमरे में मेजों पर खना चुना जा रहा था। चारों तरफ पुलिस के कर्मचारी नजर आते थें वह पुलिस के सुपरिंटेंडेंट मिस्टर बगीची का बंगला है। कई दिन हुए उन्होने एक मार्के का मुकदमा जीता था।अफसरो ने खुश होकर उनकी तरक्की की दी थी। और उसी की खुशी में यह उत्सव मनाया जा रहा था। यहां आये दिन ऐसे उत्सव होते रहते थे। मुफ्त के गवैये मिल जाते थे, मुफ्त की अतशबाजी; फल और मेवे और मिठाईयां आधे दामों पर बाजार से आ जाती थीं। और चट दावतो हो जाती थी। दूसरों के जहों सौ लगते, वहां इनका दस से काम चल जाता था। दौड़-धूप करने को सिपाहियों की फौज थी हीं। और यह मार्के का मुकदमा क्या था? वह जिसमें निरपराध युवकों को बनावटी शहादत से जेल  में ठूस दिया गया था। गाना समाप्त होने पर लोग भोजन करने बैठें। बेगार के मजदूर और पल्लेदार जो बाजार से दावत और सजावट के सामान लाये थे, रोते या दिल में गालियां देते चले गये थे; पर एक बुढ़िया अभी तक द्वार पर बैठी हुई थी। और अन्य मजदूरों की तरह वह भूनभुना कर काम न करती थी। हुक्म पाते ही खुश-दिल मजदूर की तरह हुक्म बजा लाती थी। यह मधवी थी, जो इस समय मजूरनी का वेष धारण करके अपना घतक संकल्प पूरा करने आयी। थी। मेहमान चले गये। महफिल उठ गयी। दावत का समान समेट दिया गया। चारों ओर सन्नाटा छा गया; लेकिन माधवी अभी तक वहीं बैठी थी। सहसा मिस्टर बागची ने पूछा—बुड्ढी तू यहां क्यों बैठी है? तुझे कुछ खाने को मिल गया? माधवी—हां हुजूर, मिल गया। बागची—तो जाती क्यों नहीं? माधवी—कहां जाऊं सरकार , मेरा कोई घर-द्वार थोड़े ही है। हुकुम हो तो यहीं पडी रहूं। पाव-भर आटे की परवस्ती हो जाय हुजुर। बगची –नौकरी करेगी? माधवी—क्यो न करूंगी सरकार, यही तो चाहती हूं। बागची—लड़का खिला सकती है? माधवी—हां हजूर, वह मेरे मन का काम है। बगची—अच्छी बात है। तु आज ही से रह। जा घर में देख, जो काम बतायें, वहा कर। एक महीना गुजर गया। माधवी इतना तन-मन से काम करती है कि सारा घर उससे खुश है। बहू जी का मीजाज बहुम ही चिड़चिड़ा है। वह दिन-भर खाट पर पड़ी रहती है और बात-बात पर नौकरों पर झल्लाया करती है। लेकिन माधवी उनकी घुड़कियों को भी सहर्ष सह लेती है। अब तक मुश्किल से कोई दाई एक सप्ताह से अधिक ठहरी थी। माधवी का कलेजा है कि जली-कटी सुनकर भी मुख पर मैल नहीं आने देती। मिस्टर बागची के कई लड़के हो चुके थे, पर यही सबसे छोटा बच्चा बच रहा था। बच्चे पैदा तो हृष्ट-पृष्ट होते, किन्तु जन्म लेते ही उन्हे एक न एक रोग लग जाता था और कोई दो-चार महीनें, कोई साल भर जी कर चल देता था। मां-बाप दोनों इस शिशु पर प्राण देते थे। उसे  जरा जुकाम भी हो तो दोनो विकल हो जाते। स्त्री-पुरूष दोनो शिक्षित थे, पर बच्चे की रक्षा के लिए टोना-टोटका, दुआता-बीच, जन्तर-मंतर एक से भी उन्हें इनकार न था। माधवी से यह बालक इतना हिल गया कि एक क्षण के लिए भी उसकी गोद से न उतरता। वह कहीं एक क्षण के  लिए चली जाती तो रो-रो कर दुनिया सिर पर उठा लेता। वह सुलाती तो सोता, वह दूध पिलाती तो पिता, वह खिलाती तो खेलता, उसी को वह अपनी माता समझता। माधवी के सिवा उसके लिए संसार में कोई अपना न था। बाप को तो वह दिन-भर में केवल दो-नार बार देखता और समझता यह कोई परदेशी आदमी है। मां आलस्य और कमजारी के मारे गोद में लेकर टहल न सकती थी। उसे वह अपनी रक्षा का भार संभालने के योग्य न समझता था, और नौकर-चाकर उसे गोद में ले लेते तो इतनी वेदर्दी से कि उसके  कोमल अंगो मे पीड़ा होने लगती थी। कोई उसे ऊपर उछाल देता था, यहां तक कि अबोध शिशु का कलेजा मुंह को आ जाता था। उन सबों से वह डरता था। केवल माधवी थी जो उसके स्वभाव को समझती थी। वह जानती थी कि कब क्या करने से बालक प्रसन्न होगा। इसलिए बालक को भी उससे प्रेम था। माधवी ने समझाया था, यहां कंचन बरसता होगा; लेकिन उसे देखकर कितना विस्मय हुआ कि बडी मुश्किल से महीने का खर्च पूरा पडता है। नौकरों से एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाता था और बहुधा आवश्यक वस्तुएं भी टाल दी जाती थीं। एक दिन माधवी ने कहा—बच्चे के लिए कोई तेज गाड़ी क्यों नहीं मंगवा देतीं। गोद में उसकी बाढ़ मारी जाती है। मिसेज बागजी ने कुठिंत होकर कहा—कहां से मगवां दूं? कम से कम ५०-६० रुपयं में आयेगी। इतने रुपये कहां है? माधवी—मलकिन, आप भी ऐसा कहती है! मिसेज बगची—झूठ नहीं कहती। बाबू जी की पहली स्त्री से पांच लड़कियां और है। सब इस समय इलाहाबाद के एक स्कूल में पढ रही हैं। बड़ी की उम्र १५-१६ वर्ष से कम न होगी। आधा वेतन तो उधार ही चला जाता है। फिर उनकी शादी की भी तो फिक्र है। पांचो के विवाह में कम-से-कम २५ हजार लगेंगे। इतने रूपये कहां से आयेगें। मै चिंता के मारे मरी जाती हूं। मुझे कोई दूसरी बीमारी नहीं है केवल चिंता का रोग है। माधवी—घूस भी तो मिलती है। मिसेज बागची—बूढ़ी, ऐसी कमाई में बरकत नहीं होती। यही क्यों सच पूछो तो इसी घूस ने हमारी यह दुर्गती कर रखी है। क्या जाने औरों को कैसे हजम होती है। यहां तो जब ऐसे रूपये आते है तो कोई-न-कोई नुकसान भी अवश्य हो जाता है। एक आता है तो  दो लेकर जाता है। बार-बार मना करती हूं, हराम की कौड़ी घर मे न लाया करो, लेकिन मेरी कौन सुनता है। बात यह थी कि माधवी को बालक से स्नेह होता जाता था। उसके अमंगल की कल्पना भी वह न कर सकती थी। वह अब उसी की नींद सोती और उसी की नींद जागती थी। अपने सर्वनाश की बात याद करके एक क्षण के लिए बागची पर क्रोध तो हो आता था और घाव फिर हरा हो जाता था; पर मन पर कुत्सित भावों का आधिपत्य न था। घाव भर रहा था, केवल ठेस लगने से दर्द हो जाता था। उसमें स्वंय टीस या जलन न थी। इस परिवार पर अब उसे दया आती थी। सोचती, बेचारे यह छीन-झपट न करें तो कैसे गुजर हो। लड़कियों का विवाह कहां से करेगें! स्त्री को जब देखो बीमार ही रहती है। उन पर बाबू जी को एक बोतल शराब भी रोज चाहिए। यह लोग स्वयं अभागे है। जिसके घर में ५-५क्वारी कन्याएं हों, बालक हो-हो कर मर जाते हों, घरनी दा बीमार रहती हो, स्वामी शराब का तली हो, उस पर तो यों ही ईश्वर का कोप है। इनसे तो मैं अभागिन ही अच्छी! दुर्बल बलकों के लिए बरसात बुरी बला है। कभी खांसी है, कभी ज्वर, कभी दस्त। जब हवा में ही शीत भरी हो तो कोई कहां तक बचाये। माधवी एक दिन आपने घर चली गयी थी। बच्चा रोने लगा तो मां ने एक नौकर को दिया, इसे बाहर बहला ला। नौकर ने बाहर ले जाकर हरी-हरी घास पर बैठा दिया,। पानी बरस कर निकल गया था। भूमि गीली हो रही थी। कहीं-कहीं पानी भी जमा हो गया था। बालक को पानी में छपके लगाने से ज्यादा प्यारा और कौन खेल हो सकता है। खूब प्रेम से उमंग-उमंग कर पानी में लोटने लगां नौकर बैठा और आदमियों के साथ गप-शप करता घंटो गुजर गये। बच्चे ने खूब सर्दी खायी। घर आया तो उसकी नाक बह रही थीं रात को माधवी ने आकर देखा तो बच्चा खांस रहा था। आधी रात के करीब उसके गले से खुरखुर की आवाज निकलने लगी। माधवी का कलेजा सन से हो गया। स्वामिनी को जगाकर बोली—देखो तो बच्चे को क्या हो गया है। क्या सर्दी-वर्दी तो नहीं लग गयी। हां, सर्दी ही मालूम होती है। स्वामिनी हकबका कर उठ बैठी और बालक की खुरखराहट सुनी तो पांव तलेजमीन निकल गयीं यह भंयकर आवाज उसने कई बार सुनी थी और उसे खूब पहचानती थी। व्यग्र होकर बोली—जरा आग जलाओ। थोड़ा-सा तंग आ गयी। आज कहार जरा देर के लिए बाहर ले गया था, उसी ने सर्दी में छोड़ दिया होगा। सारी रात दोंनो बालक को सेंकती रहीं। किसी तरह सवेरा हुआ। मिस्टर बागची को खबर मिली तो सीधे डाक्टर के यहां दौड़े। खैरियत इतनी थी कि जल्द एहतियात की गयी। तीन दिन में अच्छा हो गया; लेकिन इतना दुर्बल  हो गया था कि उसे देखकर डर लगता था। सच पूछों तो माधवी की तपस्या ने बालक को बचायां। माता-पिता सो जाता, किंतु माधवी की आंखों में  नींद न थी। खना-पीना तक भूल गयी। देवताओं की मनौतियां करती थी, बच्चे की बलाएं लेती थी, बिल्कुल पागल हो गयी थी, यह वही माधवी है जो अपने सर्वनाश का बदला लेने आयी थी। अपकार की जगह उपकार कर रही थी।विष पिलाने आयी थी, सुधा पिला रही थी। मनुष्य में देवता कितना प्रबल है! प्रात:काल का समय था। मिस्टर बागची शिशु के झूले के पास बैठे हुए थे। स्त्री के सिर में पीड़ा हो रही थी। वहीं चारपाई पर लेटी हुई थी और माधवी समीप बैठी बच्चे के लिए दुध गरम कर रही थी। सहसा बागची ने कहा—बूढ़ी, हम जब तक जियेंगे तुम्हारा यश गयेंगे। तुमने बच्चे को जिला लियां स्त्री—यह देवी बनकर हमारा कष्ट निवारण करने के लिए आ गयी। यह न होती तो न जाने क्या होता। बूढ़ी, तुमसे मेरी एक विनती है। यों तो मरना जीना प्रारब्ध के हाथ है, लेकिन अपना-अपना पौरा भी बड़ी चीज है। मैं अभागिनी हूं। अबकी तुम्हारे ही पुण्य-प्रताप से बच्चा संभल गया। मुझे डर लग रहा है कि ईश्वर इसे हमारे हाथ से छीन ने ले। सच कहतीं हूं बूढ़ी, मुझे इसका गोद में लेते डर लगता हैं। इसे तुम आज से अपना बच्चा समझो। तुम्हारा होकर शायद बच जाय। हम अभागे हैं, हमारा होकर इस पर नित्य कोई-न-कोई संकट आता रहेगा। आज से तुम इसकी माता हो जाआ। तुम इसे अपने घर ले जाओ। जहां चाहे ले जाओ, तुम्हारी गोंद मे देर मुझे फिर कोई चिंता न रहेगी। वास्तव में तुम्हीं इसकी माता हो, मै तो राक्षसी हूं। माधवी—बहू जी, भगवान् सब कुशल करेगें, क्यों जी इतना छोटा करती हो? मिस्टर बागची—नहीं-नहीं बूढ़ी माता, इसमें कोई हरज नहीं है। मै मस्तिष्क से तो इन बांतो को ढकोसला ही समझता हूं; लेकिन हृदय से इन्हें दूर नहीं कर सकता। मुझे स्वयं मेरी माता जीने एक धाबिन के हाथ बेच दिया था। मेरे तीन भाई मर चुके थे। मै जो बच गया तो मां-बाप ने समझा बेचने से ही इसकी जान बच गयी। तुम इस शिशु को पालो-पासो। इसे अपना पुत्र समझो। खर्च हम बराबर देते रहेंगें। इसकी कोई चिंता मत करना। कभी –कभी जब हमारा जी चाहेगा, आकर देख लिया करेगें। हमें विश्वास है कि तुम इसकी रक्षा हम लोंगों से कहीं अच्छी तरह कर सकती हो। मैं कुकर्मी हूं। जिस पेशे में हूं, उसमें कुकर्म किये बगैर काम नहीं चल सकता। झूठी शहादतें बनानी ही पड़ती है, निरपराधों को फंसाना ही पड़ता है। आत्मा इतनी दुर्बल हो गयी है कि प्रलोभन में पड़ ही जाता हूं। जानता ही हूं कि बुराई का फल बुरा ही होता है; पर परिस्थिति से मजबूर हूं। अगर न करूं तो आज नालायक बनाकर निकाल दिया जाऊं। अग्रेज हजारों भूलें करें, कोई नहीं पूछता। हिनदूस्तानी एक भूल भी कर बैठे तो सारे अफसर उसके सिर हो जाते है। हिंदुस्तानियत को दोष मिटाने केलिए कितनी ही ऐसी  बातें करनी पड़ती है जिनका अग्रेंज के दिल में कभी ख्याल ही नहीं पैदा हो सकता। तो बोलो, स्वीकार करती हो? माधवी गद्गद् होकर बोली—बाबू जी, आपकी इच्छा है तो मुझसे भी जो कुछ बन पडेगा, आपकी सेवा कर दूंगीं भगवान् बालक को अमर करें, मेरी तो उनसे यही विनती है। माधवी को ऐसा मालूम हो रहा था कि स्वर्ग के द्वार सामने खुले हैं और स्वर्ग की देवियां अंचल फैला-फैला कर आशीर्वाद दे रही हैं, मानो उसके अंतस्तल में प्रकाश की लहरें-सी उठ रहीं है। स्नेहमय सेवा में कि कितनी शांति थी। बालक अभी तक चादर ओढ़े सो रहा था। माधवी ने दूध गरम हो जाने पर उसे झूले पर से उठाया, तो चिल्ला पड़ी। बालक की देह ठंडी हो गयी थी और मुंह पर वह पीलापन आ गया था जिसे देखकर कलेजा हिल जाता है, कंठ से आह निकल आती है और आंखों से आसूं बहने लगते हैं। जिसने इसे एक बारा देखा है फिर कभी नहीं भूल सकता। माधवी ने शिशु को गोंद से चिपटा लिया, हालाकिं नीचे उतार दोना चाहिए था। कुहराम मच गया। मां बच्चे को गले से लगाये रोती थी; पर उसे जमीन पर न सुलाती थी। क्या बातें हो रही रही थीं और क्या हो गया। मौत को धोखा दोने में आन्नद आता है। वह उस वक्त कभी नहीं आती जब लोग उसकी राह देखते होते हैं। रोगी जब संभल जाता है, जब वह पथ्य लेने लगता है, उठने-बैठने लगता है, घर-भर खुशियां मनाने लगता है, सबकों विश्वास हो जाता है कि संकट टल गया, उस वक्त घात में बैठी हुई मौत सिर पर आ जाती है। यही उसकी निठुर लीला है। आशाओं के बाग लगाने में हम कितने कुशल हैं। यहां हम रक्त के बीज बोकर सुधा के फल खाते हैं। अग्नि से पौधों को सींचकर शीतल छांह में बैठते हैं। हां, मंद बुद्धि। दिन भर मातम होता रहा; बाप रोता था, मां तड़पती थी और माधवी बारी-बारी से दोनो को समझाती थी।यदि अपने प्राण देकर वह बालक को जिला सकती तो इस समया अपना धन्य भाग समझती। वह अहित का संकल्प करके यहां आयी थी और आज जब उसकी मनोकामना पूरी हो गयी और उसे खुशी से फूला न समाना चाहिए था, उस उससे कहीं घोर पीड़ा हो रही थी जो अपने पुत्र की जेल यात्रा में हुई थी। रूलाने आयी थी और खुद राती जा रहीं थी। माता का हृदय दया का आगार है। उसे जलाओ तो उसमें दया की ही सुगंध निकलती है, पीसो तो दया का ही रस निकलता है। वह देवी है। विपत्ति की क्रूर लीलाएं भी उस स्वच्छ निर्मल स्रोत को मलिन नहीं कर सकतीं। ******

  • शिकार का ऐलान

    अंकिता मिश्रा सालों पहले एक घने से जंगल में कुछ जानवर रहा करते थे। उनमें से एक शेर था और उसकी सेवा में हरदम लोमड़ी, भेड़िया, चीता और चील रहते थे। लोमड़ी को शेर ने अपनी सेक्रेटरी, चीता को अपना अंगरक्षक और भेड़िये को अपना गृहमंत्री बना रखा था। इनके अलावा, चीता दूर-दूर की सारी खबरें लाकर शेर को देता था यानी वो खबरी का काम करता था। इन चारों को भले ही शेर ने अच्छे-अच्छे पद दे रखे थे, लेकिन दूसरे जानवर इन्हें चापलूस मंडली कहते थे। सबको पता था कि चारों कोई काम करें, चाहे न करें, लेकिन शेर की चापलूसी खूब अच्छे से करते हैं। रोजाना चारों जानवर शेर की बढ़ाई में कुछ शब्द कह देते थे, जिससे वो खुश हो जाता था। इन सबके चलते जैसे ही शेर शिकार करता था, तो अपना पेट भरने तक खाने के बाद वो अपने चारों खास पद में बैठे जानवरों को बाकी का हिस्सा दे देता था। इसी तरह लोमड़ी, भेड़िया, चीता और चील की जिंदगी बड़े ही आराम से कट रही थी। एक दिन खबरी चील ने अपने चापलूस दोस्तों को आकर बताया कि काफी देर से सड़क के पास में ही एक ऊंट बैठा हुआ है। भेड़िया ने सुनते ही पूछा कि क्या वो अपने काफिले वालों से बिछड़ गया है? चीते ने इस सवाल को सुनते ही कहा कि चाहे जो भी हो हम उसका शिकार करवा देते हैं शेर से। उसके बाद कई दिनों तक आराम से उसे खाएंगे। इस बात को सहमति देते हुए लोमड़ी ने कहा कि ठीक है मैं जाकर राजा से यह बात करती हूं। इतना कहकर सीधे लोमड़ी शेर के पास पहुंची और बड़े ही प्यार से बोली, ‘महाराज! हमारा दूत खबर लेकर आया है कि एक ऊंट हमारे इलाके में आकर सड़क के किनारे में बैठा हुआ है।’ मुझे किसी ने बताया था कि मनुष्य जिन जानवरों को पालते हैं उनका स्वाद काफी अच्छा होता है। एकदम राजाओं के खाने के लायक। अगर आप कहें, तो मैं यह एलान करवा दूं कि वह ऊंट आपका शिकार है? लोमड़ी की अच्छी बातों में आकर शेर ने कहा, ठीक है। इतना कहते ही वह उस जगह पर पहुंच गया, जहां ऊंट बैठा हुआ था। शेर ने देखा कि वो ऊंट काफी कमजोर है और उसकी आंखें भी काफी पीली हो चुकी हैं। उसकी ऐसी हालत शेर से देखी नहीं गई। उसने ऊंट ने पूछा कि दोस्त, तुम्हारी ऐसी हालत कैसे हो गई? कराहते हुए ऊंट ने जवाब दिया, ‘जंगल के राजा क्या आपको नहीं पता कि सारे इंसान कितने दयाहीन होते हैं। सारी उम्र मुझसे एक व्यापारी ने माल ढुलाया। अब मैं बीमार हो गया, तो उसने मुझे अकेले मरने के लिए छोड़ दिया। उसने सोचा कि मैं उसके किसी काम का नहीं रहा। इसी वजह से अब वो मुझे अपने साथ नहीं रख रहा है और न ही मेरा इलाज करवा रहा है। अब आप ही मेरा शिकार कर दीजिए ताकि मुझे इस दर्द से मुक्ति मिल जाए।’ इन सब बातों को सुनकर शेर काफी दुखी हुआ। उसने ऊंट से कहा कि अब तुम इसी जंगल में रहोगे हमारे साथ। यहां तुम्हें कोई भी नहीं मारेगा। मैं एलान कर देता हूं कि तुम्हारा शिकार कोई जानवर नहीं करेगा। शेर की इस दयालुता को देखकर चारों चापलुस जानवर दंग रह गए। धीमी आवाज में भेड़िये ने कहा कि कोई नहीं, बाद में इसे किसी तरह से मरवा देंगे। अभी जंगल के राजा का आदेश मान लेते हैं। ऊंट अब उसी जंगल में आराम से रह रहा था। अच्छे से हरी घास खाते-खाते ऊंट एक दिन बिल्कुल स्वस्थ हो गया। वो हमेशा शेर के प्रति आदर भाव रखता था और शेर के दिल में भी उसके लिए दया और प्रेम की भावना थी। अब शेर की शाही सवारी भी स्वस्थ ऊंट निकालता था। वो शेर के चारों खास पदाधिकारी जानवरों को अपनी पीठ पर बैठाकर चलता। एक दिन चापलूस जानवरों ने जंगल के राजा शेर को हाथी का शिकार करने के लिए कहा। राजा भी मान गया, लेकिन वो हाथी पागल था। उसने शेर को बुरी तरह से पटक दिया। किसी तरह से शेर पागल हाथी से बच तो गया, लेकिन उसे काफी चोट लग गई। अब बीमार शेर बिना शिकार किए किसी तरह से अपनी जिंदगी जीने लगा। उसके सेवक भी भूखे थे। उनके मन में हुआ कि आखिर ऐसा क्या करें कि कुछ खाने को मिल जाए। फिर उनका ध्यान हट्टे-कट्टे हो चुके ऊंट पर गया। सबने मिलकर एक तरकीब सोची और राजा के पास चले गए। सबसे पहले भेड़िए ने कहा कि महाराज आप कितने दिनों तक भूखे रहेंगे। मेरा शिकार करके मुझे खा लीजिए आपकी भूख मर जाएगी। फिर चील कहने लगी कि राजा साहब! भेड़िए का मांस खाने लायक नहीं होता है। आप मुझे खा लीजिए। चील को पीछे धकेलते हुए लोमड़ी बोली, ‘तुम्हारा मांस इनके दांतों में ही लगकर रह जाएगा। आप इसे छोड़िए मुझे खा लीजिए। एकदम से फिर चीता बोला कि इसके शरीर में आपको सिर्फ बाल ही मिलेंगे। आप मुझे खाकर अपनी भूख मिटा लीजिए। ये सब उन चापलूस जानवरों का नाटक था, जिसे ऊंट नहीं समझ पाया। उसने भी एकदम से कहा कि महाराज, मेरी जिंदगी तो आपकी ही दी हुई है। आप इस तरह से भूखे क्यों रहेंगे। आप मुझे मारकर खा लीजिए। चारों चापलूस जानवरों को इसी बात का इंतजार था। उन्होंने एकदम कहा कि ठीक है महाराज आप ऊंट को ही खा लीजिए। अब तो ये खुद ही कह रहा है कि मुझे खा लो और इसके शरीर में मांस भी काफी ज्यादा है। अगर आपकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, तो इसका शिकार हम कर देते हैं। इतना कहते ही चीते और भेड़िये ने मिलकर एक साथ ऊंट पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में ऊंट की मौत हो गई। सीख : अपने आसपास चापलूस लोगों को नहीं रखना चाहिए। वो हमेशा अपने फायदे की ही सोचते हैं। ******

bottom of page