Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- मेरी प्यारी अम्मा जी
डॉ सुषमा सुबह सबेरे जब चिल्लाती मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। नीम बबुर की दतुइन तोड़ के सुबह सुबह हम लाते थे। एक बल्टी औ लोटिया लइ के कुआं किनारे जाते थे। दुइ बल्टी पानी भरवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। चूल्हे में जब तवा चढ़ाती हम को पास बुलाती। आ जाओ सब भोजन करने, जोरों से चिल्लाती एक एक रोटी गरम खिलाती मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती , मेरी प्यारी अम्मा जी। मोमफली औ शकरकंद को आग में भूंज के रखती थी। माटी की दुधहंडिया में वो, दूध मूंद के रखती थी। सबको मीठा दूध पिलाती, मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। बप्पा को पानी देने वो, जंगल भर में फिरती थी। कभी किसी भी जीव जंतु से, बिल्कुल भी ना डरती थी। बिचखोपड़ी भी मार गिराती, मेरी प्यारी अम्मा जी। सबकी खाट खड़ी करवाती, मेरी प्यारी अम्मा जी। छोटी वाली भाभी ने कल वीडियो कॉल मिलाया था। फोन कनेक्शन होते ही अम्मा जी को पकड़ाया था। थोड़ा हो जाती जज़्बाती मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। बिटिया तोहरी खातिर हमने कल ही शहद लिया है। तुरत पेड़ से तोड़ के छत्ता, उसने हमें दिया है। कबअउबू कह कर मुस्काती, मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती मेरी प्यारी अम्मा जी। सत्तर की होने को आई, फिर भी मेहनत करती है। हम सब भाई बहनों में वो भेद भाव न करती है। अब भी कितना प्यार जताती, मेरी प्यारी अम्मा जी। खाट खड़ी सबकी करवाती, मेरी प्यारी अम्मा जी।। *****
- लालची मिठाई वाला
अंकिता मिश्रा दिनपुर गांव में सोहन नाम का हलवाई रहता था। वह खूब बढ़िया और स्वादिष्ट मिठाइयां बनाने के लिए जाना जाता था। इसी वजह से उसकी दुकान पूरे गांव में मशहूर थी। पूरा गांव उसी की दुकान से मिठाई खरीदता था। वह और उसकी पत्नी मिलकर शुद्ध देसी घी में मिठाई बनाते थे। इससे मिठाइयां काफी अच्छी और स्वादिष्ट बनती थीं। हर रोज शाम होते-होते उसकी सारी मिठाइयां बिक जाती थीं और वह अच्छा मुनाफा भी कमा लेता था। मिठाइयों से जैसे ही आमदनी बढ़ने लगी, सोहन के मन में और पैसा कमाने का लालच आने लग गया। अपने इसी लालच के चलते उसे एक तरकीब सूझी। वह शहर गया और वहां से एक दो चुम्बक के टुकड़े ले कर आ गया। उस टुकड़े को उसने अपने तराजू के नीचे लगा दिया। इसके बाद एक नया ग्राहक आया, जिसने सोहन के पास से एक किलो जलेबी खरीदी। इस बार तराजू में चुम्बक लगाने की वजह से सोहन को अधिक मुनाफा हुआ। उसने अपनी इस तरकीब के बारे में अपनी पत्नी को भी बताया, लेकिन उसकी पत्नी को सोहन की यह चालाकी अच्छी नहीं लगी। उसने सोहन को समझाया कि उसे अपने ग्राहकों के साथ इस तरह की धोखेबाजी नहीं करनी चाहिए, लेकिन सोहन ने अपनी पत्नी की बात बिल्कुल भी नहीं सुनी। वो हर रोज तराजू के नीचे चुंबक लगाकर अपने ग्राहकों को धोखा देने लगा। इससे उसका मुनाफा बढ़कर कई गुना अधिक हो गया। इससे सोहन को काफी खुशी हुई। एक दिन सोहन की दुकान पर रवि नाम का एक नया लड़का आया। उसने सोहन से दो किलो जलेबी खरीदी। सोहन ने इसे भी चुम्बक लगे तराजू से तोलकर जलेबी दे दी। रवि ने जैसे ही जलेबी उठाई, उसे लगा कि जलेबी का वजन दो किलो से कम है। उसने अपना शक दूर करने के लिए सोहन से दोबारा से जलेबी को तोलने के लिए कहा। रवि की बात सुनकर सोहन चिढ़ गया। उसने कहा, ‘मेरे पास इतना फालतू समय नहीं है कि मैं बार-बार तुम्हारी जलेबी ही तोलता रहूं।’ इतना कहकर उसने रवि को वहां से जाने के लिए कह दिया। सोहन मिठाई वाले की बात सुनने के बाद रवि जलेबी लेकर वहां से चला गया। वह एक दूसरी दुकान पर गया और वहां बैठे मिठाई वाले से अपनी जलेबी तोलने के लिए कहा। जब दूसरे दुकानदार ने जलेबी तोली, तो जलेबी सिर्फ डेढ़ किलो ही निकली। अब उसका शक यकीन में बदल गया था। उसे पता चल गया कि सोहन मिठाई वाले के तराजू में कुछ गड़बड़ है। अब उसने तराजू की गड़बड़ को सबके सामने लाने के लिए खुद एक तराजू खरीद लिया और उसे ले जाकर सोहन मिठाई वाले के दुकान के पास ही रख दिया। फिर रवि अपने सभी गांव के लोगों को वहां पर इकट्ठा करने में लग गया। जैसे ही लोगों की थोड़ी भीड़ बढ़ने लगी, तो उसने गांव के लोगों को कहा कि आज मैं आप सभी लोगों को एक जादू दिखाऊंगा। यह जादू देखने के लिए बस आप लोगों को सोहन मिठाई वाले से खरीदा गया सामान एक बार इस तराजू में तोलना होगा। तब आप लोग देखेंगे कि कैसे सोहन मिठाई वाले के तराजू में तोली गई मिठाइयां इस दूसरे तराजू में अपने आप ही कम हो जाती हैं। कुछ देर बाद एक-दो लोग मिठाई लेकर रवि के पास पहुंचे, तो उसने ऐसा करके भी दिखाया। इसके बाद सोहन के दुकान से जिसने भी मिठाई खरीदी थी, सभी ने रवि के तराजू में तोलकर देखा, तो सबकी मिठाइयां 250 ग्राम से लेकर आधा किलो तक कम निकली। यह सब देखकर लोगों को काफी हैरानी हुई। अपनी दुकान के पास ही यह सब होता देख सोहन मिठाई वाला रवि से झगड़ा करने लगा। उसने लोगों को बताया कि रवि यह सब नाटक कर रहा है। अपनी बात को सही साबित करने के लिए रवि सीधे सोहन मिठाई वाले का तराजू लेकर आया और तराजू में लगा चुम्बक निकालकर सबको दिखाने लगा। यह देखकर गांव वालों को बहुत गुस्सा आया। सबने मिलकर उस लालची मिठाई वाले को खूब मारा। अब उस लालची मिठाई वाले को अपने लालच और उसके कारण की गई गलत हरकतों पर पछतावा हो रहा था। उसने अपने गांव के सभी लोगों से माफी मांगी और वादा भी किया कि भविष्य में वे ऐसी कोई भी जालसाजी नहीं करेगा। सोहन की इस धोखेबाजी से पूरा गांव नाराज था, इसलिए लोगों ने उसकी दुकान में जाना काफी कम कर दिया। इधर, सोहन के पास पछताने के अलावा कुछ और नहीं बचा, क्योंकि वो पूरे गांव वालों का भरोसा खो चुका था। कहानी से सीख – कभी भी लालच नहीं करना चाहिए। हमेशा ईमानदारी के साथ अपना काम करने से ही इंसान का नाम होता है। लालच के चलते भले ही कुछ समय के लिए अच्छा फायदा हो, लेकिन इससे इज्जत और आत्मसम्मान दोनों कम हो जाते हैं। ******
- रोशनी में कैद अंधेरा
मिट्ठू मिंटू बन गया। डॉ जहान सिंह ‘जहान’ तोता काशीराम 30 साल जंगल में मुनीम की नौकरी करके सेवानिवृत्त हो गया था। वह अपनी पत्नी झुमकी बाई और चार बच्चों के साथ, अपना मकान उसी जंगल के एक दरख्त में बनवाकर शांति की जिंदगी गुजारने लगा। उसका छोटा बच्चा गोलू बड़ा सुंदर और नटखट, बस्ती के सारे तोता उसे प्यार से मिट्ठू कहते थे। माँ झुमकी बाई उसे बहुत चाहती थी। एक दिन काशीराम अपने बच्चों को मेला दिखाने ले जा रहा था। अचानक आंधी आई। सब इधर-उधर भागने लगे। मिट्ठू रास्ता भटक गया। प्राकृतिक जंगल से निकालकर कंक्रीट के जंगल एक महानगर में आ गया। भूख-प्यास, अनजान जगह, अजनबी आवाज़ें, तेज रोशनी कोई साथी ना संगी। अगर उसके साथ था तो बस उसका नसीब। सुस्ताने के लिए उतरा। वो गगन चुंबी इमारत का पेंट हाउस था। एक बूढी दादी लान में बैठी चाय पी रही थी। मिट्ठू डरा सा, घबराए सा उनकी तरफ देख रहा था। दादी मां को दया आई और सोचा इतना छोटा बच्चा रात में कहां जाएगा। शायद रास्ता भटक गया है। दादी ने प्यार से मिट्ठू मिट्ठू बोला। वह धीरे-धीरे दादी की तरफ सामने रखे गमले के पास बैठ गया। दादी ने ब्रेड के टुकड़े उसके सामने रख दिए। दिनभर का भूखा मिट्ठू बड़े चाव से खाने लगा। दादी ने थोड़ा पानी पास में रख दिया। पानी पीकर वहीं बैठ गया। दादी ने सोचा सुबह चला जाएगा। दादी बहुत देर तक उसके पास बैठी रही। मिट्ठू सारी रात मां की याद में रोता रहा। अगले दिन सुबह घर के छोटे बच्चों ने देखा और दादी से उसको पालने के लिए जिद करने लगे। पेंट हाउस एक बड़े फिल्म इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर का था। बच्चों की खुशी के लिए एक बड़ा और खूबसूरत पिंजरा मंगवाया गया। मिट्ठू अब एक मकान मालिक हो गया। कुछ दिन अंनबना रहा। फिर धीरे-धीरे नए वातावरण का रंग चढ़ने लगा। जंगल में मां धार्मिक और प्रेरणादायक कहानी सुनाती थी। पर यहां रोज संगीत, तेज रोशनी, शोर, दूषित भाषा का प्रयोग, धुआं नशा, दौलत की बातें होती थी। दादी को छोड़कर घर के लोगों ने मिट्ठू को भी अपने रंग में रंग लिया था। मिट्ठू अब अंग्रेजी में बात करने लगा। सिगरेट, शराब, एयर कंडीशन, थाई, चाइनीस पिज़्ज़ा, पास्ता, मैंगी का आदी हो चुका था। पार्टी में आने वाली महिलाओं से भी फ्लर्ट करने लगा था। मिट्ठू जो मिंटू हो गया था। एक रात अचानक वह चक्कर खाकर गिर गया। तुरंत डॉक्टर आया, चेकअप हुआ, हाई ब्लड प्रेशर, लो शुगर, एक किडनी की बत्ती बंद, लीवर और लंक्स फुंक चुके थे। एक हफ्ते वेंटीलेटर, आईसीयू में रहकर घर लौट आया। घर में ये सब किसी न किसी सदस्य को होता रहता था। बस दादी को चिंता हो गई। क्योंकि उन्होंने ही घर में पनाह दी था। और इस मासूम को अपनी ही आंखों के सामने बिगड़ता देखा है। एक दिन मिंटू रेवन का गौगल, लंबी सिगरेट, हाथ पर स्कॉच की बॉटल, रॉक एंड रोल चेयर, आई डोंट केयर का भाव, सन बाथ, लेता हुआ लैपटॉप पर सर्फिंग कर रहा था। अचानक डिस्कवरी चैनल खुल गई। पेड़-पौधे, हरियाली, नदिया, झरने, पंछी, एक तोतों का झुंड सामने से गुजरा। मिट्ठू ने बड़े अकड़न के साथ उन्हें देखा और फिर खुद को दिखा। उनसे कहा, “मुझे देखो, मेरे पास क्या नहीं है?” फिर पूछा तुम्हारे पास क्या है। एक नन्हें बच्चे ने कहा, “मेरे पास मेरी मां है।” मिंटू बेचैन हो उठा। पुरानी यादों का एक साथ तूफान आ गया। मां-बाप की याद आई। आंखों पर आंसू सुबक-सुबक कर रोने लगा। अचानक चिल्लाने पर दादी दौड़ी आई। क्या हो गया? लैपटॉप की स्क्रीन पर जो दृश्य देखा उन्हें समझने में देर न लगी। घर की याद, वतन की याद दादी ने अपने बच्चों की चिंता लिए बगैर। मिंटू को मुक्त करने का फैसला कर लिया। दादी की आंखों में आंसू। प्यार से उस पर हाथ फेरा और कहा, “मिंटू इस नर्क से दूर अपने सुंदर जीवन में वापस लौट जा।” और पिंजरे का दरवाजा खोल दिया। मिंटू ने आंखों से दादी को धन्यवाद दिया। पंजे उठाये, पंख फड़फड़ाये, लेकिन उड़ा ना सका, पिंजरे में फिर गिर गया। वह उड़ाना भूल चुका था। नई जीवन शैली का इतना जहर पी चुका था। ‘जहांन’ वो उड़ाना भूल चुका था।। परिंदा उड़ाना भूल जाए तो परिंदा नहीं रहता। बिन मां-बाप के घर-घर नहीं रहता।। बड़ा मासूम था मिट्ठू, मिंटू बनकर क्या मिला। ******
- रक्षा
वृंदावनलाल वर्मा मुहम्मदशाह औरंगजेब का परपोता और बहादुरशाह का पोता था। 1719 में सितंबर में गद्दी पर बैठा था। सवाई राजा जयसिंह के प्रयत्न पर मुहम्मदशाह ने गद्दी पर बैठने के छह वर्ष बाद जजिया मनसूख कर दिया। निजाम वजीर हुआ और उसने विदेशियों की प्रेरणा से, क्योंकि औरंगजेब के बाद भी इनमें कट्टरपन के आदर्शों की श्रद्धा बाकी थी और यहाँ के हिंदू मुसलमानों के प्रति सहानुभूति नहीं रखते थे, जजिया फिर जारी करवाने की कोशिश की। राजा जयसिंह इत्यादि के हिंदुस्तानी दल के विरोध के कारण जजिया की नीति व्यवहार में नहीं लाई जा सकी – एक छदाम भी वसूल नहीं किया जा सका होगा। विदेशी दल ने अपनी बान छोड़ दी हो, सो नहीं हुआ। वह किसी अच्छे युग के आने की प्रतीक्षा में था। हिंदुस्तानी दल इतना मजबूत बन चुका था कि निजाम को मुँह की खानी पड़ी। कोकीजू ने उसके विरुद्ध इतने षड्यंत्र तैयार किए कि निजाम को परेशान होकर वजीर पद त्यागना पड़ा और ‘दक्खिन’ की सूबेदारी तथा अपने लिए नई सल्तनत स्थापित करने की महत्वाकांक्षा लेकर एक बड़ी सेना के साथ वह दक्षिण चला गया। परंतु संतुलन बनाए रखने के लिए मुहम्मदशाह ने विदेशी दल के दूसरे मुखिया कमरुद्दीन को वजीर बना दिया। कोकीजू को तरह देनी पड़ी। औरंगजेबी सवारों इत्यादि में ही नहीं – बहुत से रोजगारियों में भी, और अधिक गरमागरमी के साथ। दिल्ली के बहुसंख्यक जूताफरोश और कसाई इनमें प्रमुख थे। रोजगार में श्रम और लगन के कारण इनके पास काफी धन हो गया था। संगठित भी थे। धर्म के बाहरी रूपों का नियमानुसार अनुशीलन करते-करते, विदेशी दल की राजनीतिक वृत्तियों के आवरण में, उनका मन छिपे बारूदखानों की तरह का हो गया था। बादशाह मुहम्मदशाह और उसके दरबार की रंगरेलियों, मजहब की तरफ से लापरवाही और कठमुल्लों के अपमानों ने उस बारूदखाने के बारूद को काफी सूखा रख छोड़ा था। केवल एक चिनगारी की जरूरत थी। शाही जुमा (जामा) मसजिद के पेश इमाम की जगह खाली हुई। वजीर ने विदेशी दल के एक कट्टर मुल्ला को नियुक्त कराने की कोशिश की। परंतु वह सफल न हो सका। हिंदुस्तानी दल का एक मुल्ला राजा शुभकर्ण की मारफत हाफिज खिदमतगार खाँ के पास पहुँचा। हाफिज ने रौशनुद्दौला को पकड़ा। रौशनद्दौला और सवाई जयसिंह ने कोकीजू को। बिना खर्च किए वह मुल्ला पेश इमाम मुकर्रर हो गया। वजीर को दुहरी चोट लगी – अपना आदमी पेश इमाम न बन सका और जो कुछ हाथ लगने वाला था, न लगा। इतने प्रभावशाली स्थान में अपने आदमी का न रख पाना आगे चलकर बहुत हानि पहुँचा सकता है, उसे यह खटक रहा था। विदेशी दल को बड़ी ठेस लगी। अब तो हिंदू पेश इमाम की नियुक्ति में भी हाथ डालने लगे हैं! ये ही लोग तो बादशाह को बिगाड़े हुए हैं – ये ही उसे सुरा और सुंदरी के जाल में फाँसे हुए हैं! उसे मस्त रखकर बादशाह के कर्तव्यों का पालन नहीं करने देते! हमें पनपने न देंगे! दीन को खतरे में धकेल रहे हैं और पठानों को बुद्धू बनाए हुए हैं। उनके विचार में जजिया के कारण हिंदू और मुसलमान के बीच एक बड़ी राजनीतिक पहचान थी, वह भी खत्म कर दी गई। महत्वपूर्ण भेद का एकमात्र साधन गायब हो गया। कयामत आने में कसर ही क्या रह गई! दीन को संकट में पड़ा देखने की वृत्तिवाले कुछ इसी प्रकार सोचते थे। जनता का संपर्क प्राप्त न होने के कारण शासन निकृष्ट हो ही गया था, इस प्रकार के लोगों का उद्वेग पुष्ट और विस्तृत होता चला गया। उस दिन संध्या होने में थोड़ी ही देर थी। हवा बहुत मंद थी। यमुना की धार तेज थी। अस्ताचलगामी सूर्य की किरणें उसके साथ मचल-मचलकर खेल रही थीं – किरणों को मानो प्रवाह की उस गति की कोई परवाह ही न हो। सूर्य के ऊपर क्षितिज में रीने-झीने बादल थे। लगता था जैसे तपे हुए सोने के कण समेटे मुसकरा रहे हों। जाड़ा जा रहा था। गरमी आ रही थी। फिर भी साँझ के समय ठंडक थी – वसंत के फूलों की सुगंधि से बसी हुई ठंडक। दिल्ली नगर के बड़े मार्गों पर आने जानेवालों का घना बिखरा ताँता था। धूल उड़ रही थी। सुगंधि उसके कणों को भी नहीं भूल रही थी। ‘शाबान’ का महीना था। शबरात का त्योहार आने वाला था। सूर्यास्त हो चुका था। त्योहार के आने की खुशी में जगह-जगह दिए जला दिए गए थे – जैसे दीपावली के अवसर पर हिंदू करते आए हैं। लड़के उस त्योहार की अगवानी में अग्रसर थे। मुसलमान और हिंदू लड़के दोनों मिलकर सादुल्लाखाँ के चौक में पटाखे छुड़ा रहे थे। हवा कुछ तेज हुई। पटाखों की चिनगारियाँ इधर-उधर उड़ने लगीं। जूताफरोशों की दुकानें दोनों तरफ थीं, दूर-दूर तक। दुकानें बड़ी-बड़ी थीं और छोटी भी। एक दुकानदार ने छोकरों को डाँटा, ‘अरे ओ बदमाशों! दुकान से जरा हटकर। गंधक के धुएँ की बू से हमारी दुकान भर गई है और दिमाग फटा जा रहा है। इसके सिवाय दुकान में आग लगने का भी डर है।’ दुकानदार दुकान में ही बैठा रहा। ‘ओहो!’ एक हिंदू बालक ने मुँह बिचकाकर चुनौती दी, ‘जूतों के दुकान में आग कैसे लग जाएगी?’ ‘एक और छुड़ा लेने दीजिए। अच्छा लग रहा है। एक-दो पटाखों से कहीं दुकान में धुआँ भरते सुना है! हिंदू लड़के से कम उम्र के एक मुसलमान बच्चे ने घिघियाते स्वर और शरारत भरी आँखों से कहा।’ हिंदू और मुसलमान बालकों ने धड़ाम-धड़ाम दो पटाखे छुड़ा दिए। दुकानदार ने रूमाल से नाक दबोच ली और त्योरी सिकोड़ ली। दो छोकरे वहाँ और सिमट आए। उन्होंने भी पटाखे छोड़े। वे सब दस-दस, बारह-बारह साल के होंगे। दुकानदार के मन में आया, सबों के कान मल दूँ; परंतु था असंभव। सोचा की छोकरों की आँधी जल्दी किसी दूसरी दिशा में रुख फेर लेगी, रह गया। कुछ लड़के और इकट्ठे हुए – हिंदू-मुसलमान घुले-मिले से। वहाँ से जरा दूर हटकर पटाखे छोड़ने लगे। पास ही एक झकोला चारपाई पर, जूतों की एक दुकान के पास, एक बुड्ढा तसबीह (माला) लिए मन-ही-मन कुछ जाप कर रहा था। उसके ओठ बिरबिरा रहे थे, स्वर नहीं फूट रहा था। लड़कों के हो हल्ले के मारे परेशान होकर बूड्ढे ने माला चारपाई के एक कोने पर रख दी और चिल्लाकर कहा, ‘कमबख्तो! क्यों जमीन सिर पर उठाए फिरते हो? आता हूँ एक-एक की गरदन न मरोड़ी तो बात काहे की!’ बड़े मियाँ को चारपाई से उठते देखकर हिंदू लड़के जरा पीछे हटे, परंतु मुसलमान लड़के डटे रहे। इनमें से एक ने अपने साथी हिंदू बालक से धीरे से कहा, ‘अमाँ, भागते क्यों हो? हाजीजी दाढ़ी हिलाकर अभी जहाँ के तहाँ बैठे जाते हैं।’ बड़े मियाँ ने यह आदर वाक्य सुन लिया। लपके। छोकरे जरा दूर भागकर फिर खड़े हो गए। बड़े मियाँ ने कुढ़कर कहा, ‘ससुरों! भाग गए, नहीं तो कान उखाड़े बगैर न मानता।’ लड़कों ने शोर किया और बीच रास्ते में पटाखे छोड़े। बुड्ढा फिर अपनी झकुलिया पर जा बैठा और माला के गुरिए फेरने लगा। उसी समय किले की ओर से एक पालकी आती हुई दिखलाई पड़ी। चार-पाँच सिपाही उसकी अगल-बगल थे। सिपाही ‘हटो, बचो’ कहते हुए पालकी के साथ तेज चाल से चले आ रहे थे। ‘अब देखूँ,’ हाजी क्षुब्ध स्वर में बोला, ‘इन सिपाहियों के पास पटाखे छुड़ाओ – इतने बेभाव पिटोगे कि याद करोगे।’ एक हिंदू बालक ने जवाब दिया, ‘अभी लीजिए, हाजीजी। देखूँ, सिपाही हम लोगों को कैसे छूते हैं! मुसमान बालकों ने अपने साथी हिंदू बालक का संकेत में समर्थन किया और कहा, ‘एक नही, चार छह छुड़ाएँगे, अभी लीजिए।’ हाजी ने भर्राए स्वर में निवारण किया, ‘ऐसा मत करियो रे, किसी बड़े आदमी की सवारी है।’ ‘होगी,’ हिंदू बालक ने उत्तेजित होकर कहा, ‘शबरात के पटाखों को कोई नहीं रोक सकता।’ ‘मरो शैतानों,’ हाजी ने क्रुद्ध स्वर में दुआ दी और आँखें मूँदकर माला फेरने लगा। पालकी के पास आते-आते छोकरों ने एक-दो-तीन पटाखे फोड़ दिए। पालकी की चाल धीमी पड़ गई। एक हिंदू बालक पालकीरक्षक सिपाहियों के सामने पड़ गया। सिपाही ने उसकी पीठ पर धौल जमा दी। बालक चीखा। अन्य बालकों ने रौरा मचाया। पालकी की गति और धीमी पड़ी। सिपाहियों ने और कई बालकों पर तमाचे जड़े। हाजी ने चारपाई पर बैठे-बैठे मना किया। लड़कों को बचाने के लिए दो-तीन दुकानदार उतर आए। सिपाहियों को मना कर दूर से ही बीच-बचाव करने लगे। इतने में एक हिंदू ने सुर्रू और बिछुए में आग लगाई और पालकी के पास छोड़ दिया। बिछुआ फिरकी खाकर उचटा। उसके बड़े-बड़े परे पालकी में बैठे हुए रईस के दरबारी लिबास पर जा पड़े। पालकी में बैठा रईस राजा शुभकर्ण था। वह इस समय हाफिज खिदमतगार खाँ की हवेली से लौट रहा था। बादशाह के बख्शे हुए लिबास पर हाफिज की दुआ भी थोड़ी ही देर पहले पाई थी। उसी लिबास पर बिछुए के परे ने चमककर छेद कर दिया। चिनगारी उसके शरीर को भी छू गई। उसने तुरंत गदेली से मलकर बुझाया और देह के उस अंग को रगड़ा। छेद बड़ा न था और न देह का अंग ज्यादा जला ही था; परंतु जिस कपड़े में छेद हो गया था, वह बादशाह का बख्शा हुआ था और उसका पहननेवाला पालकी में बैठा हुआ राजा था। लड़कों की बदमाशी सही ही कैसे जा सकती थी। शुभकर्ण को क्रोध आ गया। पालकी खड़ी हो गई। सिपाहियों से उसने कहा, ‘सालों के दाँत तोड़ दो! शाहंशाह के बख्शे हुए सिरोपाव में आग लगा दी है!’ फिर क्या था, सिपाहियों ने बिना किसी भेदभाव के कई हिंदू-मुसलमान बालकों को, जो उनके घेरे में से भागकर नहीं निकल पाए थे, मरम्मत शुरू कर दी। उन लड़कों की मारपीट में, शाबान के महीने का और आनेवाली शबरात का अपमान होता हुआ समझकर कई जूताफरोश दुकानें छोड़-छोड़कर शुभकर्ण से प्रतिवाद करने और उन बालकों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। उन लोगों के दौड़ पड़ने और प्रतिवाद करने पर भी सिपाहियों के हाथ नहीं रुके। क्षुब्ध स्वर में शुभकर्ण चिल्लाया, ‘आप लोगों को शरम आनी चाहिए। इन छोकरों को इतना आवारा कर दिया है। क्या इन लौंडों को आप यही तालीम देते रहते हैं? इन बेहूदों ने हमारा दरबारी लिबास जला दिया है!’ एक दुकान से दूसरी दुकान की रोशनी लहरा-लहराकर सड़क पर खड़े उन लोगों की छाया को हिला-डुला रही थी; मानो एक छाया दूसरी से गुँथ जाना चाहती हो। ‘उसमें पैबंद लगवा लीजिएगा,’ एक दुकानदार जरा दूर से बोला, ‘जरा-जरा से बच्चों को इस तरह तो नहीं पीटा जाता। क्या ये सिपाही इन बच्चों को मार डालने के लिए तैनात किए गए हैं?’ भीड़ के लोगों में से कुछ ने ताका, देखें पालकी में कौन है। राजा शुभकर्ण को पहचान लिया। एक सिपाही ने फटकारा – ‘चुप रहो, बेहया कहीं के!’ ‘ओ हो हो!’ दुकानदारों की भीड़ में से एक बौखलाया – ‘जवानों से मुकाबला पड़े तब तुम्हारी हया और बहादुरी की जाँच हो।’ शुभकर्ण को पहचानते ही भीड़ में गरमी आ गई थी। शुभकर्ण और उसके सिपाही और भी उत्तजित हो गए। बीच-बचाव के लिए दुकानदारों के आने पर कुछ बच्चे सिपाहियों के घेरे से निकल भागे। उन्होंने सिपाहियों पर धूल फेंकी। अब आया सिपाहियों को बहुत तैश। एक सिपाही के कुछ अधिक निकट एक बालक आ गया था। सिपाही पकड़ने के लिए झपटा। कुछ दुकानदार बीच में आ गए। सिपाही ने एक दुकानदार की हिलती हुई दाढ़ी पकड़कर उसके मुँह पर तमाचा जड़ दिया। दूसरे दुकानदार उस सिपाही से चिपट गए। सिपाही हथियारबंद था। परंतु हथियार का उपयोग नहीं कर पा रहा था। दुकानदारों की भीड़ बढ़ी। वे सिपाहियों पर टूट पड़े। एक सिपाही के अंग-अंग पर मार पड़ी और भीड़ ने उसके हथियार छीन लिए। सिपाही गाली-गलौज कर रहे थे। दुकानदारों का हुल्लड़ और भी अधिक उत्साह और उद्वेग के साथ जवाब दे रहा था। शुभकर्ण की पालकी के कहार अधीर हो उठे, घबरा गए। शुभकर्ण ने भी देखा कि और अधिक ठहरने में कुशल नहीं। कहारों को चल पड़ने का आदेश दिया। वे तो चाहते ही थे। दौड़ पड़े। सिपाही भी हाथ-पैर चलाते, कुटते-पिटते जान छुड़ाकर वहाँ से भागे। वे अपने हथियार बचा ले गए। चला एक भी नहीं पाया, क्योंकि भीड़ बहुत बढ़ गई थी। भीड़ ने ताने मारते हुए थोड़ी दूर तक पीछा किया, फिर लौट पड़ी। शुभकर्ण की हवेली जौहरी बाजार के पीछे थी। रात हो ही गई थी, हवेली पर पहुँचते-पहुँचते देर लग गई। झगड़े का समाचार वहाँ पहले ही आ गया था। उसके सिपाही – संख्या उनकी थोड़ी ही थी – लड़ने के लिए तैयार हो गए थे; परंतु हवेली को अरक्षित नहीं छोड़ सकते थे। शुभकर्ण की प्रतीक्षा में थे। उन्हें देखकर शुभकर्ण के भीतर अपमान की स्मृति और भी नुकीली हो गई। वह क्रोध के मारे काँप रहा था। सिपाहियों में हिंदू-मुसलमान दोनों थे। जब उन्होंने अपने उन साथियों की दुर्गति का ब्योरा उन्हीं की जुबानी सुना और उनका फटा हाल देखा तो बहुत उत्तेजित हुए। जैसे ही शुभकर्ण हवेली के भीतर पहुँचा, वे सब उसके पास इकट्ठे हो गए। चुप थे, परंतु साँसों की फुफकारें और चेहरों की सुकड़ने काफी बोल रही थीं। ‘इन हरामजादे जूताफरोसों को सजा दूँगा,’ शुभकर्ण ने चिल्लाकर कहा। जिस सिपाही के हथियार छीन गए थे उसका गला रुद्ध था, बदन सूजा हुआ और माथे की नसें तनी हुईं। कठिनाई के साथ उसने अपने स्वामी का भाव प्रतिध्वनित किया – ‘मैं मुँह दिखलाने लायक नहीं रहा।’ शुभकर्ण ने आवेश के साथ आदेश दिया, ‘कभी नहीं। अभी जाकर उन बदमाशों को चुन-चुनकर सजा दो। जितने सिपाही चाहो, साथ ले जाओ। जितनों को पकड़ सको, पकड़ो और कोतवाल साहब के हवाले कर दो। कल उनकी पीठ तुड़वाऊँगा।’ राजा के हथियारबंद सिपाही तुरंत चौक सादुल्लाखाँ की ओर दौड़ पड़े। सिपाहियों के मन में बदला लेने की भावना थी ही, अपने स्वामी के आदेश का और उसके अनेक अर्थों का पूरी तरह से पालन करने का संकल्प कर लिया। दूरदर्शिता और समझ-बूझ गाँठ में रह ही कहाँ सकती थी। छोकरे अब भी टोलियाँ बाँधे इधर-उधर घूम रहे थे। पटाखे बहुत कम छुड़ाए जा रहे थे। दुकानदार गर्वोन्मत थे और दो-दो चार-चार के समूहों में बँटकर अपने किए और न किए की शूरता का बखान कर रहे थे। शुभकर्ण के सिपाहियों की उस छोटी सी भीड़ के आते ही छोकरे नौ दो ग्यारह हो गए। केवल एक बच्चा सिपाहियों की भीड़ में बींध गया। बच्चा हिंदू का था। ‘यही है, यही तो है। मारो साले को!’ ‘मैं नहीं था, मैं नहीं था,’ बच्चे ने बिलखते हुए कहा, ‘पटाखे छुड़ाने वाले तो भाग गए, मैं तो तमाशा देख रहा था।’ भीड़ चाहे सिपाहियों की हो, चाहे जनता की, जब उत्तेजित हो जाती है तो उसके भीतर की आग बाहर लपटें फेंकने लगती है। सिपाहियों ने एक न सुनी। उस बच्चे को कुछ ही क्षण में इतना पीटा, इतना पीटा कि वह मृतप्राय हो गया। फिर भी उसका पिटना बंद न हुआ। टूटी सी खटिया पर वह हाजी अब भी बैठा था। माला अब भी फेर रहा था। उससे बालक का पिटना और क्रंदन न देखा गया। तुरंत माला एक तरफ रखकर नंगे पाँव दौड़ा आया। और पिटते बच्चे से लिपट गया। उसकी दाढ़ी और हाथों ने बच्चे को छिपा लिया। सिपाही क्रोध में पागल हो चुके थे। बुद्धि नष्ट हो चुकी थी। एक सिपाही ने तलवार खींचकर वार किया। हाजी पर हाथ पूरा बैठा। वह तुरंत मर गया। बच्चा उसकी लाश के नीचे सिसक रहा था। खून बहाने के बाद अधिकांश व्यक्ति अपना क्रोध पी जाते हैं। सिपाहियों ने देखा, जरूरत से ज्यादा आगे बढ़ गए। जोश पर ठंडक का दौर आया। उधर कुछ जूताफरोश हथियार लेकर उन पर आ टूटने के लिए दौड़े आ रहे थे। सिपाही अविलंब शुभकर्ण की हवेली की ओर भागे – जूताफरोशों के मुकाबले में थे भी थोड़े। उन लोगों ने सिपाहियों का पीछा नहीं किया। भागते हुए सिपाहियों की परछाइयाँ दुकानों के शमादानों की लहराती रोशनी में अधिक चंचल लग रही थीं। उन्हें हाजी की देखभाल की अधिक चिता न थी। शुभकर्ण के क्रोध ने हाजी के वध की बात सुनकर ठंडक पाई, इतनी कि कलेजा जरा नीचे को धसक आया। राजा को सन्नाटे में देखकर सिपाही बोला, ‘हुजूर, उसी ने हमारे हथियार छिनवाए थे।’ ऐसे दंगे के अवसर पर लोगों की स्मृति इधर-उधर हो जाती है। राजा को केवल एक बात कोंच रही थी। बोला, ‘मगर वह हाजी था।’ ‘नहीं, हुजूर वह पाजी था।’ सिपाही ने कहा। वह पछतावे की मुद्रा में नहीं था। और फिर जो कुछ किया, मालिक के हुक्म से ही तो किया। सिपाही हाँफ रहा था। शुभकर्ण ने कुछ सोचकर कहा, ‘तलवार का खून पोंछ डालो। अगर कोई पूछे तो इनकार कर देना, न मालूम किसने मारा। कोई पहचान तो नहीं पाया होगा?’ ‘नहीं सरकार।’ ‘दिल्ली में रोज ऐसे ही दंगे-फसाद होते रहते और जब तब आदमी आदमी रास्तों पर कट मरते हैं। समझ गए?’ शुभकर्ण को उस समय यही समाधान सूझा।। सिपाहियों ने सिर हिलाकर हामी भरी। शुभकर्ण ने एक सुझाव और दिया, ‘तुम लोग हथियारों से लैस अपनी-अपनी जगह कमर कसकर तैयार रहो। मैं खाना-वाना खाकर खाँ साहब नवाब शेर अफगन के पास जाऊँगा। कोई बड़ी बात नहीं, कुछ हुआ तो मामला ठंडा हो जाएगा। डर की कोई बात नहीं।’ परंतु उसके मन में उठ रहा था कि बहुत बड़ी बात हो गई है, मामला शायद देर में शांत हो पावे।’ उसकी पत्नी देवकी को बहुत कुछ हाल मालूम हो गया था। खाना खिलाते समय उसने कहा, ‘बात जरा आगे बढ़ गई है,’ और वह शुभकर्ण को पैनी दृष्टि से देखने लगी। थोड़ी सी कातर भी थी। शुभकर्ण के मन में भी ‘बात जरा बढ़ सी गई है’ बार-बार उठ रहा था और वह सोच रहा था कि कोई-न-कोई कठिनाई आएगी। उसका हल निकालने में व्यस्त था। हल निकालने के लिए उसकी कल्पना जहाँ से चली थी उसी स्थान पर जा पहुँची। बोला, ‘हो, परंतु मेरे सिपाहियों का दोष नहीं है।’ ‘जो होनहार है वह तो होकर ही रहता है। सिपाहियों को चौक की तरफ न भेजते तो अच्छा होता।’ शुभकर्ण जो कुछ अपने मिलनेवालों से कहता, वह देवकी से कहा, ‘फिर क्या करता? वह सब यों ही पी जाता?’ ‘नहीं तो, अपमान बहुत हुआ है। ऐसे अवसर पर सब बेकाबू हो जाते हैं। क्या करना चाहिए था, यह तो अब सोच-विचार की बात नहीं है। क्या करना चाहिए, इसे जल्दी तय करना पड़ेगा!’ ‘खाना खाकर अभी नवाब शेर अफगन के पास जाता हूँ। वहीं सबकुछ तय होगा।’ शुभकर्ण ने कठिनाई से थोड़ा सा खा पाया। भोजन के उपरांत पान चबाया और जल्दी-जल्दी में हुक्का पीकर शेर अफगन की हवेली पर जाने के लिए तैयार हो गया। थोड़े से अंगरक्षक लेकर वह पैदल गया। साथ में जली हुई दरबारी खिलअत लिए था। शेर अफगन से मिलने में देर नहीं लगी। अभिवादन किया, फिर आँखों से दो बड़े-बड़े आँसू टपकाए और वह पोशाक शेर अफगन के सामने रख दी। ‘हुजूर, बड़ी तौहीन हुई, बहुत जिल्लत,’ शुभकर्ण का गला काँप रहा था। ‘क्या हुआ, राजा साहब?’ शेर अफगन ने मूँछ पर उँगली फेरते हुए एक आँख तरेरकर प्रश्न किया। शुभकर्ण साँस और स्वर नहीं साध पा रहा था। शेर अफगन को आश्चर्य हो रहा था। उसने दोहराया, ‘क्या हुआ? क्या हुआ, राजा साहब?’ शुभकर्ण ने ब्योरे के साथ सब सुनाया। बादशाह से सिरोपाव का पाना, हाफिज खिदमतगार खाँ का प्रसन्न होना, चौक में लड़कों की शरारत। जूताफरोशों की ‘बदमाशी’ का वर्णन उसने बढ़ा-चढ़ाकर किया। हाजी की मृत्यु का परिच्छेद आगे के लिए दबा लिया। शेर अफगन तमक गया, ‘क्या आपके सिपाही सब नामर्द हैं? क्यों नहीं दस-पाँच जूताफरोशों के सिर धड़ से जुदा कर दिए?’ शुभकर्ण ने हाथ जोड़े – मन की जो पा ली। बोला, ‘हुजूर, उस हंगामे में एक सिपाही फँस गया था। उसकी जान पर आ बनी। तलवार का वार हुआ। एक जूताफरोश मारा गया।’ ‘सिर्फ एक?’ ‘हुजूर, एक ही। मगर वह…’ शुभकर्ण रुका। ‘मगर क्या?’ ‘मगर वह हाजी था, हुजूर।’ ‘होगा जी। हाजी को क्या सिपाही के हथियार छीनने की सनद मिली थी?’ ‘हुजूर, वह कुछ बुड्ढा भी था।’ ‘होगा, क्यों जान छोड़े दे रहे हो? बुड्ढे आदमी ही तो फसाद करवाते हैं।’ शुभकर्ण का मन आनंद की पेंगों पर झूलने लगा; परंतु उसने अपना मुँह ऊँचा नहीं किया – सिर नीचा किए रहा। कुछ क्षणों दोनों चुप रहे। हाजी का मारा जाना कोई मामूली बात नहीं है, था वह परदेसी गुट का, पर खैर – शेर अफगन सोच रहा था। शुभकर्ण बोला, ‘हुजूर, जूताफरोश कुछ ऊधम शायद जरूर करेंगे। कल चौक सादुल्लाखाँ में होकर मुझे अपने काम से फिर गुजरना होगा। सिपाही साथ होंगे। डर तो वैसे कोई बड़ा नहीं है, पर शायद बात बढ़ जाए।’ शेर अफगन ने उसके ‘शायद’ को अच्छी तरह समझ लिया और कहा, ‘राजा साहब, आप भूलते हैं, वे सब बड़े बदमाश हैं। लेकिन हम परवाह नहीं करते। मेरे पास दस हजार असली पठान और राजपूत हैं और रौशनुद्दौला साहब के पास इनसे भी ज्यादा – जाट भी बहुत से। सवाई राजा जयसिंह भी दिल्ली में ही हैं।’ शुभकर्ण चालाक जौहरी था। सिर नीचा किया और दबी जबान से बोला, ‘सो तो सरकार हैं ही। कोई शक ही नहीं। लेकिन जूताफरोशों की तादाद बहुत ज्यादा है। सारे चौक के दोनों तरफ ठसाठस भरे हुए हैं और तमाम परदेसी उनके हिमायती हैं। जरा-जरा सी बात पर दुनिया को सिर पर उठा लेने की फितरत रच डालते हैं।’ जरा सा मुसकराकर शेर अफगन ने फिर मूँछों पर हाथ फेरा। कहता गया – ‘जूताफरोश हैं क्या चीज? रौशनद्दौला तुर्रेबाज, मैं और मेरे भाई एक लमहे में पचास हजार पठान और राजपूत खड़े कर सकते हैं; जिनके हथियारों की झनझनाहट भर से जूताफरोशों और उनके हिमायतियों के कान बहरे हो जाएँगे। हमारे पास इतनी फौज है कि दिल्ली भर में नहीं समा सकती!’ अब शुभकर्ण अपनी प्रसन्नता की सँभाल न सका। ‘बादशाह सलामत और वजीर साहब का रुख क्या होगा, हुजूर?’ उसने पूछा। शेर अफगन ने बिना किसी संकोच के उत्तर दिया, ‘जिस ओर रौशनद्दौला का तुर्रा हिल जाएगा उसी तरफ बादशाह सलामत की मर्जी का भी इशारा होगा; मगर इतने बेकाबू क्यों हुआ जा रहे हो, राजा साहब?’ शुभकर्ण ने तुरंत उत्तर देना ठीक नहीं समझा। गरदन और भी नीची कर ली। शेर अफगन ने सिर ऊँचा किया और सोचा। सोचकर कहा, ‘राजा साहब, आप एकाध दिन काम पर मत जाइए। हाफिज खिदमतगार खाँ साहब के पास खबर भेज दूँगा। आप मेरे मकान पर आ जाइए। शायद आपके घर पर कोई बखेड़ा इतनी जल्दी खड़ा हो जाए कि कुमुक पहुँचने में कुछ देर लग जाए और नुकसान हो जाए। उम्मीद है कि मामला यों ही ठंडा हो जाएगा; क्योंकि हम सबकी ताकत किसी से छिपी नहीं है। यों ही ठंड़ा न हुआ तो कोशिश की जाएगी। आप बाहर निकलेंगे तो शायद आग बेकार भड़क उठेगी।’ राजा ने खाँसकर गला साफ किया और उपयुक्त अवसर की बाट में थोड़ी देर चुप बना रहा। वातावरण में ठंडक आने लगी। शेर अफगन ने कुछ क्षण उपरांत कहा, ‘मामला फिजूल ही बढ़ गया।’ ‘हुजूर!’ ‘फिर भी भीतर की आवाज कहती है कि अगर अक्ल से काम लिया जाता तो मरने-मारने की नौबत न आती। छोकरों का खिलवाड़ ही तो था, और जमाना पूरे तौर से अभी हाथ में है भी नहीं।’ शेर अफगन कह तो गया, परंतु प्रतिक्रिया ने उसे भीतर ही भीतर दुत्कारा। अब की बार शुभकर्ण के मुँह से ‘हुजूर’ शब्द काँपते और क्षीण स्वर में निकला। शेर अफगन को तुरंत स्पर्श कर गया। बोला, ‘जो कुछ भी हो, अब तो मामले को आँख-से-आँख मिलाकर ही देखना पड़ेगा।’ शुभकर्ण को फिर सहारा मिला। उसने कहा, ‘हुजूर, पठान और राजपूत सिपाही का हथियार उसकी मार-मर्यादा की नाक रहा है। छीने हुए हथियार को वापस लेने के लिए सिपाही गए। जूताफरोशों ने फसाद कर दिया। अपने सिपाहियों ने इज्जत बचाने के लिए हथियार उठाया। अचानक एक बिचारा बुड्ढा मारा गया। मेरे दिल में यही बहुत कसक रहा है।’ शेर अफगन के दबे भाव ने पुनः पलटा खाया। गरदन मोड़कर बोला, ‘बुरा-भला जो हुआ, सो हुआ। अब जो कोई भी हमारे मातहत की बेइज्जती करने की हिम्मत करेगा, उसे ऐसा सबक सिखलाऊँगा कि कभी न भूल सकेगा।’ ‘सरकार!’ शुभकर्ण ने कुछ निवेदन और कुछ प्रश्न-सा करते हुए कहा। ‘बेशक,’ शेर अफगन ने दृढ़तापूर्वक ढाँढ़स दी, ‘बेशक, चाहे दुनिया इधर की उधर हो जाए।’ शेर अफगन ताव पर आ गया था। शुभकर्ण बोला, ‘हुजूर की पनाह में मेरा बाल भी बाँका नहीं हो सकता, लेकिन घर पर बाल-बच्चे हैं; पर हाँ, जो हाल मेरा होगा वही उनका भी।’ शेर अफगन इस बात पर जरा हिल गया। एक क्षण सोचकर बोला, ‘फौरन घर जाइए। शायद वे शैतान गिनती में आप लोगों को कम पाकर कुछ कर बैठें। इसलिए बाल-बच्चों को मेरी हवेली पर ले आइए। आपकी रानी साहब मेरी निज बहिन के बराबर हैं। तब तक सबके सब यहीं बने रहना जब तक मामला रफै-दफै नहीं हो जाता। आजकल नवाब रौशनुद्दौला के यहाँ से मेरी और बहिनें भी आई हुई हैं।’ शुभकर्ण हर्षमग्न होकर तुरंत अपने घर गया। देवकी को समाचार सुनाया। ‘जल्दी करो,’ उसने देवकी से कहा। देवकी को संकोच नहीं हुआ। सहमत हो गई। जैसाकि होता है, अपने कीमती समान की चिंता हुई। उसने ऐसा सारा सामान इकट्ठा किया। जो साधारण सा था, उसका भी मोह त्यागना दूभर था। उसे भी इकट्ठा किया। शुभकर्ण को आतुरता थी। ‘सड़े-गले पुराने सामान छोड़ो। सबका सब जोड़ने-जमा करने में यह रात तो क्या, कई रातें बीत जाएँगी। इसी घड़ी यदि जूताफरोशों या उनके साथियों ने हमारे ऊपर धावा कर दिया तो कुछ भी नहीं बच सकेगा, प्राणों पर भी बन आएगी।’ देवकी को अच्छा नहीं लगा, परंतु करती क्या। बहुमूल्य सामाग्री ही साथ ले जाने का संकल्प कर सकी। सामान सिपाहियों के सिर पर धीरे-धीरे ही शेर अफगन की हवेली पर भेजा जा सका, क्योंकि थोड़ा न था। साधारण सामान सब छोड़ना पड़ा। देवकी और शुभकर्ण को विश्वास था कि उन्हें वहाँ न पाकर धावा बोलनेवाले उनकी खोज के पीछे पड़ेंगे। न कि सामान के पीछे। शुभकर्ण और देवकी भोर होने के पहले शेर अफगन की हवेली में जा पहुँचे। सिपाहियों ने भी वहीं डेरा डाला। बात छिपी न रही। शुभकर्ण और देवकी शेर अफगन की हवेली में पहुँच गए और चैन की साँस ली। रौशनुद्दौला की बेगम शबनम शेर अफगन की रिश्तेदार थी। वह वहाँ पहले ही आ गई थी। शबनम और देवकी एक ही कमरे में बैठी हुई थीं। शेर अफगन ने अपनी हवेली में शुभकर्ण, रानी देवकी और उनकी सहवर्गियों के भोजनादि की व्यवस्था कर दी थी। ब्राह्मण रसोइए और कहार लगा दिए थे। छुआछूत का पूरा जोर था – हिंदुओं के धर्म का अंग ही था। परंतु इसके कारण आपस की घनिष्ठता में कमी नहीं आती थी। खाया उन सबने बहुत कम, परंतु वे सब अति कृतज्ञ थे। देवकी की आँखे छलछला आईं। कृतज्ञता के दो आँसू उसके गाल पर ढलक आए। केवल मुँह से निकला – ‘प्राणों की बाजी लगाकर आप हम लोगों की रक्षा कर रही हैं।’ उसने शबनम से कहा, ‘बहिन, आपका जस कभी नहीं भूलूँगी।’ शबनम बोली, ‘दीदी इसमें जस किस बात का? आप मेरी बड़ी बहिन हैं। हम लोगों ने थोड़ा सा फर्ज अदा किया तो कौन बड़ा काम किया?’ ‘हम लोगों के लिए नवाब साहब ने अपने को संकट में डाल लिया है।’ ‘वाह! वाह! यह सब कुछ नहीं है। हम लोग आपस में एक-दूसरे की मदद न करेंगे तो क्या बाहरवाले मदद करने आएँगे?’ ‘यह सारा ऊधम बाहवालों का किया हुआ है, और न जाने आगे क्या-क्या करेंगे!’ ‘अगर मैं किसी तरह अपने अब्बाजान के पास पहुँच पाती तो उनके हाथ जोड़ती, उन्हें समझाती, जिद्द करती और अपना गला तक काटकर उनके हाथ में रख देती कि बाज आइए, विलायतियों का साथ छोड़िए और हिंदुस्तानियों को अपना समझिए।’ ‘प्यारी बहिन, आप किसी और आफत में न पड़ जाना; नवाब साहब तो हम थोड़े से हिंदुओं के लिए पूरी जोखिम सिर पर ले ही चुके हैं।’ ‘आप बार-बार यह क्यों कहती हैं? थोड़ी देर के लिए मान लीजिए कि हम लोग किसी ऐसी जगह होते, जहाँ हिंदुओं की बहुतायत होती और थोड़े से हिंदुओं ने शरारत की होती और हम लोग उनके बीच फँस जाते तो आप क्या हाथ पर हाथ धरे बैठी रहतीं? राजा साहब क्या किनारा खींच जाते?’ देवकी की आँख का आँसू सूख गया। लाल हो गई। तमककर बोली, ‘बहिन, मैं हिंदुओं की मिट्टी खराब कर देती, जो आपको या आपके किसी नातेवाले को छूने के लिए कदम बढ़ाते।’ शबनम देवकी से लिपट गई। बोली, ‘दीदी, हम भी तो इनसान हैं। आपके लिए यही खयाल हमारे भी जी में घर किए हुए है। हम आपकी मदद नहीं कर रहे हैं बल्कि हिंदुस्तानी होने के नाते सिर्फ अपना फर्ज अदा कर रहे हैं।’ *******
- सच्चा प्यार
प्रवीण केट अभी यह अरेंज मैरिज बोले तो पूनम और अक्षय दोनों ही अनजान होंगे बराबर? दोनों ही अनजान थे। उनकी शादी दोनों के परिवार वालों ने मिलकर पक्की की। दोनों ही मिडिल क्लास परिवार से थे, अभी अरेंज मैरिज है, तो देखने दिखाने की प्रोसेस तो होगी ही। 15 अक्टूबर की यह बात है। अक्षय और उसके मां पापा के साथ पूनम को देखने आए थे। पूनम एक काफी सुंदर लड़की थी। अक्षय को वह पहली नजर में ही बहुत पसंद आई। उसने पूनम को रिश्ते के लिए हाँ कहा और पूनम से भी पूछा तुम्हारा क्या निर्णय है क्योंकि तुम्हारा निर्णय ज्यादा महत्वपूर्ण है। पूनम ने भी तुरंत हां कह दिया और बाद में दोनों की शादी की तारीख पक्की की गई। बहुत धूम-धड़ाके के साथ दोनों की शादी कर दी गई। उनकी शादी अक्षय के घर पर हुई। अक्षय का घर शहर के 1BHK घरों जितना था। शादी की सारी विधि खत्म हुई। बाद में दोनों अपने रूम मे फ्रेश होकर अपने कपड़े बदल कर आते हैं। दोनों की वह शादी की पहली रात थी। अक्षय धीरे से पूनम को आवाज देते हुए बोलता है, आज से हमारी नई जिंदगी की शुरुआत है। ऐसा बोलकर पूनम को गले लगाने की कोशिश करता है पर पुनम उस पर चिल्लाती है और बोलती है तुम मुझे जरा भी पसंद नहीं हो! और मैं तुमसे प्यार भी नहीं करती, इसलिए मेरी तरफ से तुम कोई भी उम्मीद मत करना। अक्षय उसकी बातें सुनकर हैरान हो गया। पर हिम्मत करके उसने पूनम को पूछा, पूनम अगर ऐसा ही था तो तुमने मुझसे शादी क्यों की? मैंने तुम्हारे साथ जबरदस्ती नहीं की थी, मैंने पूछा भी था तुम्हें, फिर तभी क्यों नहीं कहा मुझे? इस बात पर पुनम बोली मुझे कुछ मत पूछो! 2-3 महीने एडजेस्ट करो और उसके बाद हम डिवोर्स लेकर अलग हो जाएंगे। यह सुनकर अक्षय को धक्का लगा। उसने पूनम को समझाने की बहुत कोशिश की पर उसने अक्षय की कोई भी बात नहीं सुनी और वह उसके निर्णय पर डटी रही। अक्षय उसे बोला ठीक है, तुम्हें यही ठीक लगता है तो यही करेंगे। पर मेरी एक बात मानोगी क्या? पूनम बोलती है, क्या? अक्षय बोलता है कि एक छोटी सी मदद करोगी? जब तक मां पापा यहां है तब तक तुम यहीं पर रहोगी? एक बार वह गांव चले गए तो फिर सब तुम्हारे मुताबिक होगा। वह भी तैयार हो गई इस बात पर और दोनों सो गए। हर रोज का दिखावा उनका चालू था। मां पापा के सामने पति-पत्नी की तरह रहना, उनको समझ में नहीं आए इसलिए उनके सामने नाटक करना, ऐसे करते-करते दिन खत्म होने लगे। दोनों ही नौकरी करते थे फिर रोज के टाइम टेबल के अनुसार अपना अपना काम खत्म करके काम पर जाना, अक्षय रोज पुनम से प्यार से बोलने का प्रयास करता था। पर पूनम अक्षय को अनदेखा करती थी क्योंकि पूनम की एक ही इच्छा थी कि उसको जल्दी शादी नहीं करनी थी। घर के लोगों का मन उसे नहीं दुखाना था इसलिए वो शादी करने के लिए तैयार हुई। पर शादी करने के बाद भी वो फिर से अकेली रहने का विचार करती थी क्योंकि उसे खुद की लाइफ किसी के साथ शेयर नहीं करनी थी। जैसे तैसे उसके दिन धकेल रही थी। अक्षय मात्र उसे हमेशा अपनी पत्नी का दर्जा देने का प्रयास कर रहा था। पर पुनम कभी भी अक्षय को पति का दर्जा नहीं देती थी। एक दिन फर्श पर पानी गिरा हुआ था तब पुनम का पैर उसपर अचानक से फिसला और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। अक्षय तुरंत उसे डॉक्टर के पास लेकर गया। उसका इलाज होता है, डॉक्टर कहता है पैर पर जरा सा भी जोर नहीं देना है। उसकी काफी देखभाल करने के लिए बोलते है। फिर क्या अक्षय उसका बहुत खयाल रखने लगा। हररोज उसके पैर की मालिश करता था। उसका पैर फ्राक्चर होने के कारण उसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। घर के काम और खाने की जिम्मेदारी अक्षय पर आ गई थी। पर अक्षय को तो पहले से ही ये सब की आदत थी। इस वजह से उसे कोई दिक्कत नहीं थी। अक्षय रोज खाना खुद ही बनाया करता था। उसके मां पापा भी उसे थोड़ा घर काम में मदद करते थे। रोज काम पर जाने से पहले पूनम के लिए नाश्ता और खाना बनाकर खुद के हाथों से उसे नाश्ता खिलाता और फिर काम पर जाता था। टाइम पर उसे फोन करके दवाई लेने के लिए याद दिलाता था। काम पर से आने के बाद सबसे पहले उसके पैरों की मालिश करता था। उसे थोड़ा चलने के लिए मदद करता था। कोई भी काम हो उसके लिए मन से करता था। फिर भी वह अक्षय को प्यार से नहीं बुलाती। उसका मन अक्षय को स्वीकारने के लिए तैयार ही नहीं था। 1 दिन पूनम को देखने के लिए उसकी सहेली आई। उनकी बातचीत चालू थी तब अक्षय दोनों के लिए नाश्ता बना कर लाया। फिर वो पूनम से बोला : मैं जरा मार्केट से हो आता हूं थोड़ा सामान लाना है। तुम दोनों को कुछ चाहिए तो बता दो? पुनम बोलती है नहीं अभी कुछ नहीं चाहिए, तुम जाकर आओ। पुनम की सहेली को अक्षय को ऐसे नाश्ता लाते देखकर धक्का लगा उसने पुनम को पूछा, पूनम घर के काम सब तुम्हारा पति ही करता है क्या? हां वही देखते हैं। मेरा पैर फैक्चर होने के बाद से, पूनम की सहेली पूनम को बोलती है कि तुम बहुत खुशनसीब हो जो तुम्हें इतना प्यार करने वाला पति मिला। पूनम के चेहरे पर मात्र प्रश्न चिन्ना था … तभी पूनम बोली इसमें इतना खुशनसीब होने जैसा क्या है? उसकी सहेली बोली अरे मेरा पति मुझे पूछता तक नहीं है कि कैसी हो तुम? खाना खाया कि नहीं? और मेरे पति ने आज तक कभी मुझको चाय तक नहीं पिलाई। मुझे भी लगता था मेरे पति भी मेरा ख्याल रखे, ज्यादा कुछ नहीं पर प्यार भरे शब्द ही बोले तो बहुत होता मेरे लिए। बहुत इच्छा होती है यार पर इसके बजाय मुझे हमेशा निराशा ही मिली। बहुत मन दुखता है मेरा यार! यह सब सुनकर पूनम विचार में डूब गई। उसके मन में अक्षय के प्रति प्यार जगने लगा। अक्षय का प्यार उसकी आंखों के सामने आने लगा। वह उस पर जान छिड़कता है यह उसे समझने लगा। अभी धीरे-धीरे पूनम को भी अक्षय से प्यार होने लगा था। वो उस पर विश्वास करने लगी थी। अक्षय के मन पर मात्र एक ही डर था कि मां-बाप गांव गए तो हमारा डिवोर्स हो जाएगा। पूनम मुझे छोड़ कर चली जाएगी और समाज में मेरी इज्जत कम हो जाएगी। तभी मां पापा अक्षय को बोलते हैं कि, अभी हमें गांव जाना चाहिए थोड़े दिन रह कर खेती वगैरा करके आते हैं। अक्षय उनको जाने नहीं देना चाहता था और उनको डिवोर्स के बारे में भी बता नहीं सकता था। अक्षय सोच रहा होता है कि अभी पूनम को सब कैसे पूछे? कैसे बोलूं उसके साथ? ऐसे सोचते सोचते ही सो जाता है। सुबह उठता है, तो देखता है कि पूनम बहुत जल्दबाजी में थी। वह जॉब पर जाने के लिए निकलती है। तब जाते-जाते पूनम बोली कि अक्षय टिफिन बना कर रखा है लेकर जाना, कपड़ों को इस्त्री कर के रख दिया है और नाश्ता भी करके जाना, और हां आज घर पर जल्दी आना यह बोलकर निकल गई। अक्षय मन में ही सोचने लगा कि, जिसने आज तक एक ग्लास पानी तक दिया नहीं आज अचानक ऐसे उसने इतना सब कैसे किया? अक्षय का मन बहुत अशांत हुआ हो गया। वह भी सब काम करके ऑफिस के लिए निकल गया। उसके मन में बस इतना ही चालू था कि आज हमें डिवोर्स के बारे में बोलना है। शाम का वक्त होता है पूनम के बताने के अनुसार अक्षय जल्दी घर आता है। पूनम ने खाना बनाकर सब काम निपटा कर रखा था। घर पर आते ही उसे चाय देती है। यह सब अक्षय के लिए नई बात थी। चाय पीते पीते अक्षय धीरे से पूनम को पूछता है। पूनम तुम ठीक तो हो ना? तुमने निर्णय तो लिया ही होगा ना? मुझे छोड़कर जाने वाली हो इसीलिए सब कर रही हो ना? इस पर पूनम बोलती है मैंने अपना फैसला ले लिया है और मैं कहीं पर भी नहीं जा रही हूं। मेरी पूरी जिंदगी मैं तुम्हारे साथ जीना चाहती हूं और जा कर अक्षय को गले लगा लेती है। वो बोलती है मैं तुम्हें छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगी मैं तुमसे बहुत प्यार करने लगी हूं और अभी यह हमारा रिश्ता कोई भी नहीं तोड़ सकता। जिंदगी में बहुत बड़ी भूल हो गई होती मुझसे अगर मैं तुम्हें खो देती तो। अरेंज मैरिज करके भी तुम्हारे जैसा इतना प्यार करने वाला पति मुझे मिला यही मेरी खुशनसीबी है। ******
- हंस और मूर्ख कछुआ
विष्णु शर्मा एक तालाब में एक कछुआ रहता था। उसी तालाब में दो हंस भी पानी पीने आते थे। जल्द ही हंस और कछुआ दोस्त बन गए। हंसों को छुए का भोलापन बहुत अच्छा लगता था। हंस बहुत बुद्धिमान थे। वे कछुए को नई-नई बातें बताते लेकिन कछुए को बीच में टोक टंकी करने की आदत थी। इस हालांकि हंस इसका बुरा नहीं मानते थे। वक्त के साथ उनकी दोस्ती और गहरी होती गई। एक बार भयंकर सूखा पड़ा। जिस तालाब में वे रहते थे, वह सूख गया। कछुए ने इस तालाब से निकाल कर कहीं और जाने की एक योजना बनाई। कछुए ने हंसों से बोला, “एक लकड़ी लाओ। मैं उसे बीच में दाँतों से दबा लूँगा और तुम लोग उसके किनारे अपनी चोंच में दबाकर उड़ जाना और इस प्रकार हम लोग किसी नए स्थान पर चलेंगे जहां ना पानी की कमी होगी और ना खाने की।” हंस मान गए। उन्होंने कछुए को चेतावनी दी, “तुम्हें पूरे समय अपना मुँह बंद रखना होगा। वरना तुम सीधे धरती पर आ गिरोगे और मर जाओगे।” कछुआ तुरंत मान गया। जब सब कुछ तैयार हो गया तो हंस कछुए को लेकर उड़ चले। रास्ते में कुछ लोगों की नज़र हंसों और कछुए पर पड़ी। वे उत्साह में आकर चिल्लाने लगे, “देखो, ये हंस कितने चतुर हैं। वे अपने साथ कछुए को भी ले जा रहे हैं।” कछुए से लोगों के द्वारा हर्ष की तारीफ सुनकर रहा नहीं गया। वह उन लोगों को बताना चाहता था कि यह विचार तो उसके मन में आया था। वह बोल पड़ा लेकिन जैसे ही उसने मुँह खोला, लकड़ी उसके मुँह से छूट गई और वह सीधे धरती पर आकर गिर पड़ा। बच्चों यदि कछुए ने अपने अहंकार पर नियंत्रण कर लिया होता तो वह भी सुरक्षित नए तालाब में पहुँच जाता। इसलिए अपने अहंकार पर हमेशा नियंत्रण रखना चाहिए। *****
- मातृ दिवस
यायावर गोपाल खन्ना मैं तो कहूंगा माता-पिता के लिए तो हर दिन समर्पित है। जब ये शरीर ही माता पिता का दिया हुआ है तो उनको किसी खास दिन से क्या जोड़ना। आज मेरी मां को दिवंगत हुए 33 वर्ष का समय गुजर गया है पर शायद ही कोई दिन ऐसा हो जब मां की याद ना आई हो। आज मां नहीं है पर बहुत सी अपनी वो गलतियां याद आती हैं, जो मुझे नहीं करनी चाहिए थीं। मैं हर साल कहीं न कही पत्नी और बच्चों के साथ घूमने जाता था। मेरे साथ मेरे मित्र श्री अशोक जेटली भी जाते थे। मां बड़ी खुशी से मेरे जाने की तयारी में अपना सहयोग देतीं, एक बार जब मेरी बेटी करीब पांच साल की थी और बेटा तीन साल का तो मैं अपनी बेटी को मां के पास छोड़ कर भी गया था। पर कभी मां ने ये नहीं कहा की मुझे भी ले चलो। मन तो उनका भी घूमने का जरूर करता होगा, पर यह सोच कर नहीं कहा होगा की बेटे की आजादी में खलल पड़ेगी। जब मैं लौट कर आता तो मुझसे एक एक बात बड़े चाव से पूछतीं, शायद वह अपने न घूम पाने की कसर पूरी करतीं। अगर मेरी मां ने एक बार भी मेरे साथ चलने की इच्छा जरा भी व्यक्त की होती तो मैं उनकी बात मना नहीं करता ले जरूर जाता। वह बहुत सहयोगी स्वभाव की थीं, और मैं उनको प्यार और सम्मान भी देता था। एक बार जब मैं अपने मित्र के साथ कोलकाता जा रहा था तो उन्हों ने मुझसे पूछा "गोपाल क्या मैं अपनी मासी ( मौसी) को साथ ले चलूं?" मेरे मना करने का तो कोई प्रश्न ही नहीं था। लिहाजा हम दोनों परिवार और मित्र की मासी टूर पर गए। सब लोग उनका ख्याल रखते थे। यात्रा बहुत अच्छी रही। तब मैंने अनुभव किया माता-पिता के साथ यात्रा करने में एक अनोखे आनंद की अनुभूति होती है। उनका सहयोग भी मिलता है। बच्चों की जिम्मेदारी भी आधी रह जाती है। पर इस यात्रा में मैं कई बार अपने आंसू नहीं रोक पाया, रह रह कर एक बात सोचता, जब मासी आ सकती हैं तो मैं अपनी मां को क्यों कभी नहीं लाया। ये सच है स्वयं कभी उन्होंने साथ चलने को नहीं कहा, पर मेरा भी तो कुछ फर्ज बनता था मैने भी तो कभी उनसे चलने को नहीं कहा। आज मैं सिर्फ अपनी इस गलती पर रो सकता हूं। अफसोस कर सकता हूं, सुधार नहीं सकता क्योंकि मां तब तक महा यात्रा पर जा चुकी थी। *****
- देश का कर्ज
प्रवीण केट समर्थ :- प्रज्ञा प्लीज! मुझे मेरा काम करने दो, मुझे परेशान मत करो। ऐसी फालतू बाते सुनने के लिए मेरे पास तुम्हारे जैसा फालतू वक्त नहीं है। प्रज्ञा :- समर्थ आजकल मेरे लिए तुम्हारे पास टाइम ही नहीं रहता और तुम्हें मेरी सभी बातें फालतू और गलत ही लगती है। तुम्हारी नजरों में मैं इतनी ही बुरी थी तो तुमने मुझे प्रपोज करके शादी क्यों की? समर्थ :- हां भूल हो गई मुझसे लेकिन अब क्या फायदा यह सब बोल के? हुई भूल अब निभानी तो पड़ेगी ही ना जिंदगी भर! समर्थ के ऐसे शब्द सुनकर प्रज्ञा की आंखों में आंसू आ गए। प्रज्ञा :- ठीक है तो फिर तुम्हें मेरे होने से इतनी ही तकलीफ होती है तो मुझे लगता है कि हम अलग हो जाते हैं। दोनों की यह बातें चालू थी। तब अनु का कॉल प्रज्ञा के मोबाइल पर आया। अनु समर्थ और प्रज्ञा दोनों की कॉमन फ्रेंड थी। प्रज्ञा अनु का कॉल उठाती है लेकिन अनु कॉल पर रो रही थी। प्रज्ञा :- अरे बोल ना कुछ, क्या हुआ? आंटी की तबीयत अच्छी नहीं है क्या? अनु :- मां की तबीयत अच्छी है प्रज्ञा। ऐसा बोल कर अनु फिर से फूट फुटकर रोने लगी। प्रज्ञा :- अनु तूम पहले रोना बंद करो और मुझे ठीक से बताओ आखिर क्या बात है? मुझे अभी डर लग रहा है, अनु जल्दी बताओ क्या हुआ? अनु :- प्रज्ञा..... प्रज्ञा राहुल.... प्रज्ञा :- क्या हुआ राहुल को? अनु :- प्रज्ञा कल रात को कश्मीर में आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में राहुल को 4 गोली लगने से राहुल शहीद हो गये। अभी अभी फोन आया उनकी बॉडी विमान से ला रहे हैं। यह सुनकर प्रज्ञा की पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रज्ञा :- अनु.... अनु हम दोनों अभी आते हैं तुम्हारे पास, तू संभाल खुद को और आंटी को भी। हम पहचते हैं जल्द से जल्द उधर। ऐसा बोलकर प्रज्ञा फोन रख देती है और समर्थ को राहुल और आतंकवादीयौ में हुई फायरिंग और राहुल के शहीद होने की बात बताती हैं। समर्थ भी उसकी बातें सुनकर सुन्न हो गया। लेकिन तुरंत वह दोनों अनु के घर जाने के लिए रवाना हुए। अनु के घर पहुंचते ही दरवाजे में ही अनु प्रज्ञा के गले लग कर रोने लगी। अनु :- प्रज्ञा कल सुबह ही तो हम तीनों ने उनसे बात की थी। वीडियो कॉल पर वो कह रहे थे कि छुट्टी सेक्शन हो गई है और अगले सप्ताह वो घर आ रहे हैं। यह बातें बोलकर वह कितने खुश थे और रात को अचानक......... ऐसे हो गया! प्रज्ञा :- संभाल खुद को। तुम्हें तकलीफ होगी प्लीज संभाल खुद को तू अपनी हिम्मत खो देगी तो आंटी को कौन संभालेगा? अनु :- अब मैं क्या करूं खुद को संभाल कर! मेरे जीने की वजह ही मुझसे दूर चली गई। अब किसके लिए जिऊ मैं? बस 6 महीने ही हुए हैं हमारी शादी को और शादी होते ही 15 दिन में वह ड्यूटी पर निकल गए। एक दूसरे को समझने के लिए भी वक्त नहीं मिला प्रज्ञा। इतने सपने देखे थे हम दोनों ने। हमारे बच्चे के, नए घर के, एक दूसरे के लिए बहुत सारी बातों के सपने देखे थे। अब सारे सपने अधूरे रह गए। हमें वक्त नहीं मिला प्रज्ञा..... वक्त ही नहीं मिला। थोड़ी देर में राहुल की बॉडी तिरंगे में लपेटकर घर पर आई। शासकीय इंतजाम में राहुल का अंतिम संस्कार हुआ। सभी विधि खत्म होने पर समर्थ और प्रज्ञा अपने घर वापस देर रात तक पहुंचे। प्रज्ञा :- समर्थ तुम खाना खाने वाले हो क्या? मुझे तो भूख नहीं है। समर्थ :- नहीं चाय बनाओ बहुत सिर दर्द हो रहा है, कुछ समझ में नहीं आ रहा। प्रज्ञा दोनों के लिए चाय बना कर ले आती है। चाय पीने के लिए दोनों शांति से सोफे पर बैठते हैं। समर्थ:- सॉरी प्रज्ञा मैं सुबह तुम पर बहुत चिल्लाया। अरे क्या करें work-from-home होकर भी इतना प्रेशर होता है। और इस वजह से मैं इतना चिड़चिड़ा हो जाता हूं कि उसका गुस्सा तुम पर निकलता है। आई एम सो सॉरी प्रज्ञा! प्रज्ञा:- समर्थ तुम सॉरी मत बोलो। मैं भी गलत थी, मैंने भी ज्यादा ही बोल दिया था कि हमें अलग हो जाना चाहिए। मुझे ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। समर्थ :- प्रज्ञा तुम्हारा गुस्सा भी सही है। मैं तुम्हें वक्त दे पाऊं इतनी सी तो तुम्हारी इच्छा होती है। प्रज्ञा :- हां लेकिन मैंने भी तुम्हें समझना चाहिए था। समर्थ :- तुम्हारे काम का प्रेशर ना समझते हुए मैं अपना ही गुस्सा तुम पर निकाल रही थी। समर्थ :- इट्स ओके प्रज्ञा हम दोनों ही अपनी-अपनी जगह सही थे। बस हम दोनों एक दूसरे को समझ नहीं पाए। प्रज्ञा :- समर्थ, अनु के वह शब्द अभी भी मेरे कानों में गूंज रहे हैं। हमें वक्त ही नहीं मिला प्रज्ञा। हम हमें मिला हुआ वक्त को कितना ग्रांटेड लेते हैं ना? समर्थ :- सच में प्रज्ञा हमें जैसे एक दूसरे के साथ रहने के लिए वक्त मिलता है। वैसे हर किसी को नहीं मिलता। वह टाइम मिले इसके लिए बहुत लोग कितने प्रयास करते हैं। लेकिन कोई परिवार की जिम्मेदारी में तो कोई देश के प्रति जिम्मेदारी को निभाने में व्यस्त रहता है। और हम इस मिले हुए वक्त में क्या करते हैं। एक दूसरे की गलती निकालने की कोशिश करते रहते हैं। प्रज्ञा :- सच में समर्थ, अनु और राहुल की जिंदगी देखकर समझ में आता है कि हम कितने सुखी और खुश हैं। लेकिन हमें उसकी कीमत ही नहीं पता। हम हमारे जिंदगी में छोटे-छोटे दुख में उलझें रहते हैं। समर्थ:- हमारा देश सुखी और प्यार से रहे इसके लिए हमारे देश के जवान अपने परिवार को छोड़कर देश की सीमा पर अपनी जान की परवाह ना कर के हमारे लिए लड़ाई करता है। तभी हम यहां पर जाति, धर्म, पैसा, प्रेम, वक्त, ऐसी छोटी बातों पर एक दूसरे से झगड़ा करते हैं। प्रज्ञा :- हां, चलो फिर आज से हम एक दूसरे की भावनाओं की कदर करेंगे और प्यार का सम्मान करेंगे एक दूसरे को समझने की कोशिश करेंगे। समर्थ :- हां और हम ये सुनिश्चित करेंगे की हमारे सुख और खुशी के लिए जो जवान सीमा पर लड़ते है, जो शहीद होते हैं उन्हें और उनके परिवार को सुख के कुछ पल दे सके। हम से जितनी छोटी देश सेवा हो सके उतनी करें और देश का कर्ज चुका सके। *****
- अपना फर्ज
रमाकांत अवस्थी ये क्या कर रही हो निशा तुम। अपनी पत्नी निशा को कमरे में एक और चारपाई बिछाते देख मोहन ने टोकते हुए कहा। निशा, मां के लिए बिस्तर लगा रही हूं आज से मां हमारे पास सोएगी। मोहन-क्या, तुम पागल हो गई हो क्या? यहां हमारे कमरे में और हमारी प्राइवेसी का क्या? और जब अलग से कमरा है उनके लिए तो इसकी क्या जरूरत। निशा-जरूरत है मोहन, जब से बाबूजी का निधन हुआ है तबसे मां का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता। तुमने तो स्वयं देखा है पहले बाबूजी थे तो अलग कमरे में दोनों को एकदूसरे का सहारा था। मगर अब मोहन बाबूजी के बाद मां बहुत अकेली हो गई है। दिन में तो मै आराध्या और आप उनका ख़्याल रखने की भरपूर कोशिश करते है। ताकि उनका मन लगा रहे वो अकेलापन महसूस ना करे। मगर रात को अलग कमरे में अकेले, नहीं वो अबसे यही सोएगी। मोहन-मगर अचानक ये सब कुछ समझ नहीं पा रहा तुम्हारी बातों को। निशा - मोहन हर बच्चे का ध्यान उसके माता पिता बचपन में रखते हैं। सब इसे उनका फर्ज कहते हैं। वैसे ही बुढ़ापे में बच्चों का भी तो यही फर्ज होना चाहिए ना। और मुझे याद है, मेरा तो दादी से गहरा लगाव था। मगर दादी को मम्मी पापा ने अलग कमरा दिया हुआ था। और उस रात दादी सोई तो सुबह उठी ही नहीं। डाक्टर कहते थे कि आधी रात उन्हें अटैक आया था, जाने कितनी घबराहट परेशानी हुई होगी और शायद हम में से कोई वहां उनके पास होता तो शायद दादी कुछ और वक्त हमारे साथ। मोहन जो दादी के साथ हुआ वो मैं मां के साथ होते हुए नहीं देखना चाहती। और फिर बच्चे वहीं सीखते हैं जो वो बड़ो को करते देखते हैं। मैं नहीं चाहती कल आराध्या भी अपने ससुराल में अपने सास ससुर को अकेला छोड़ दे। उनकी सेवा ना करें। आखिर यही तो संस्कारों के वो बीज है जोकि आनेवाले वक्त में घनी छाया देने वाले वृक्ष बनेंगे। मोहन उठा और निशा को सीने से लगाते बोला - मुझे माफ करना निशा, अपने स्वार्थ में मै अपनी मां को भूल गया अपने बेटे होने के फर्ज को भूल गया और फिर दोनों मां के पास गए और आदरपूर्वक उन्हें अपने कमरे में ले आए। ******
- संस्कार
डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव वासु भाई और वीणा बेन गुजरात के एक शहर में रहते हैं। आज दोनों यात्रा की तैयारी कर रहे थे। 3 दिन का अवकाश था। पेशे से चिकित्सक हैं। लंबा अवकाश नहीं ले सकते थे। परंतु जब भी दो-तीन दिन का अवकाश मिलता छोटी यात्रा पर कहीं चले जाते हैं। आज उनका इंदौर-उज्जैन जाने का विचार था। दोनों जब साथ-साथ मेडिकल कॉलेज में पढ़ते थे, वहीं पर प्रेम अंकुरित हुआ था और बढ़ते-बढ़ते वृक्ष बना। दोनों ने परिवार की स्वीकृति से विवाह किया। 2 साल हो गए, अभी संतान कोई है नहीं, इसलिए यात्रा का आनंद लेते रहते हैं। विवाह के बाद दोनों ने अपना निजी अस्पताल खोलने का फैसला किया, बैंक से लोन लिया। वीणा बेन स्त्री-रोग विशेषज्ञ और वासु भाई डाक्टर आफ मैडिसिन हैं। इसलिए दोनों की कुशलता के कारण अस्पताल अच्छा चल निकला। यात्रा पर रवाना हुए, आकाश में बादल घुमड़ रहे थे। मध्य-प्रदेश की सीमा लगभग 200 कि मी दूर थी। बारिश होने लगी थी। म.प्र. सीमा से 40 कि.मी. पहले छोटा शहर पार करने में समय लगा। कीचड़ और भारी यातायात में बड़ी कठिनाई से दोनों ने रास्ता पार किया। भोजन तो मध्यप्रदेश में जाकर करने का विचार था, परंतु चाय का समय हो गया था। उस छोटे शहर से ४-५ कि.मी. आगे निकले। सड़क के किनारे एक छोटा सा मकान दिखाई दिया। जिसके आगे वेफर्स के पैकेट लटक रहे थे। उन्होंने विचार किया कि यह कोई होटल है। वासुभाई ने वहां पर गाड़ी रोकी, दुकान पर गए, कोई नहीं था। आवाज लगाई! अंदर से एक महिला निकल कर आई। उसने पूछा, "क्या चाहिए भाई?" वासुभाई ने दो पैकेट वेफर्स के लिए और "कहा बेन !! दो कप चाय बना देना। थोड़ी जल्दी बना देना, हमको दूर जाना है।" पैकेट लेकर गाड़ी में गए। दोनों ने पैकेट के वैफर्स का नाश्ता किया। चाय अभी तक आई नहीं थी। दोनों कार से निकल कर दुकान में रखी हुई कुर्सियों पर बैठे। वासुभाई ने फिर आवाज लगाई। थोड़ी देर में वह महिला अंदर से आई और बोली, "भाई! बाड़े में तुलसी लेने गई थी, तुलसी के पत्ते लेने में देर हो गई, अब चाय बन रही है।" थोड़ी देर बाद एक प्लेट में दो मैले से कप लेकर वह गरमा गरम चाय लाई। मैले कप देखकर वासु भाई एकदम से अपसेट हो गए और कुछ बोलना चाहते थे, परंतु वीणाबेन ने हाथ पकड़कर उन्हें रोक दिया। चाय के कप उठाए, उनमें से अदरक और तुलसी की सुगंध निकल रही थी। दोनों ने चाय का एक सिप लिया। ऐसी स्वादिष्ट और सुगंधित चाय जीवन में पहली बार उन्होंने पी। उनके मन की हिचकिचाहट दूर हो गई। उन्होंने महिला को चाय पीने के बाद पूछा, कितने पैसे? महिला ने कहा, "बीस रुपये" वासुभाई ने सौ का नोट दिया। महिला ने कहा कि भाई छुट्टा नहीं है, 20 ₹ छुट्टा दे दो। वासुभाई ने बीस रु का नोट दिया। महिला ने सौ का नोट वापस किया। वासुभाई ने कहा कि हमने तो वैफर्स के पैकेट भी लिए हैं। महिला बोली, "यह पैसे उसी के हैं, चाय के नहीं।" अरे! चाय के पैसे क्यों नहीं लिए? जवाब मिला हम चाय नहीं बेंचते हैं यह होटल नहीं है। "फिर आपने चाय क्यों बना दी?" "अतिथि आए!! आपने चाय मांगी, हमारे पास दूध भी नहीं था। यह बच्चे के लिए दूध रखा था, परंतु आपको मना कैसे करते, इसलिए इसके दूध की चाय बना दी।" अब बच्चे को क्या पिलाओगे। "एक दिन दूध नहीं पिएगा तो मर नहीं जाएगा।" इसके पापा बीमार हैं। वह शहर जाकर दूध ले आते, पर उनको कल से बुखार है। आज अगर ठीक हो गऐ तो कल सुबह जाकर दूध ले आएंगे।" वासुभाई उसकी बात सुनकर सन्न रह गये। इस महिला ने होटल न होते हुए भी अपने बच्चे के दूध से चाय बना दी और वह भी केवल इसलिए कि मैंने कहा था, अतिथि रूप में आकर। संस्कार और सभ्यता में महिला मुझसे बहुत आगे है। उन्होंने कहा कि हम दोनों डॉक्टर हैं। आपके पति कहां हैं। महिला उनको भीतर ले गई। अंदर गरीबी पसरी हुई थी। एक खटिया पर सज्जन सोए हुए थे, बहुत दुबले पतले थे। वासुभाई ने जाकर उनके माथे पर हाथ रखा। माथा और हाथ गर्म हो रहे थे और कांप भी रहे थे। वासुभाई वापस गाड़ी में गए। दवाई का अपना बैग लेकर आए। उनको दो-तीन टेबलेट निकालकर खिलाई और कहा:- "इन गोलियों से इनका रोग ठीक नहीं होगा।" मैं पीछे शहर में जा कर इंजेक्शन और दवाई की बोतल ले आता हूं। वीणाबेन को उन्होंने मरीज के पास बैठने को कहा। गाड़ी लेकर गए, आधे घंटे में शहर से बोतल, इंजेक्शन ले कर आए और साथ में दूध की थैलियां भी लेकर आये। मरीज को इंजेक्शन लगाया, बोतल चढ़ाई और जब तक बोतल लगी दोनों वहीं बैठे रहे। एक बार और तुलसी अदरक की चाय बनी। दोनों ने चाय पी और उसकी तारीफ की। जब मरीज 2 घंटे में थोड़े ठीक हुआ तब वह दोनों वहां से आगे बढ़े। 3 दिन इंदौर-उज्जैन में रहकर, जब लौटे तो उनके बच्चे के लिए बहुत सारे खिलौने और दूध की थैलियां लेकर आए। वापस उस दुकान के सामने रुके। महिला को आवाज लगाई तो दोनों बाहर निकले और उनको देखकर बहुत खुश हुए। उन्होंने कहा कि आपकी दवाई से दूसरे दिन ही बिल्कुल ठीक हो गये। वासुभाई ने बच्चे को खिलोने दिए, दूध के पैकेट दिए। फिर से चाय बनी, बातचीत हुई, अपना पन स्थापित हुआ। वासुभाई ने अपना एड्रेस कार्ड देकर कहा, "जब कभी उधर आना हो तो जरूर मिलना। और दोनों वहां से अपने शहर की ओर लौट गये। शहर पहुंचकर वासु भाई ने उस महिला की बात याद रखी। फिर एक फैसला लिया। अपने अस्पताल में रिसेप्शन पर बैठे हुए व्यक्ति से कहा कि अब आगे से जो भी मरीज आयें, केवल उनका नाम लिखना, फीस नहीं लेना, फीस मैं खुद लूंगा। और जब मरीज आते तो अगर वह गरीब मरीज होते तो उन्होंने उनसे फीस लेना बंद कर दिया। केवल संपन्न मरीज देखते तो ही उनसे फीस लेते। धीरे-धीरे शहर में उनकी प्रसिद्धि फैल गई। दूसरे डाक्टरों ने सुना तो उन्हें लगा कि इससे तो हमारी प्रैक्टिस भी कम हो जाएगी और लोग हमारी निंदा करेंगे। उन्होंने एसोसिएशन के अध्यक्ष से कहा : एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वासुभाई से मिलने आए और उन्होंने कहा कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं? तब वासुभाई ने जो जवाब दिया उसको सुनकर उनका मन भी पुलकित हो गया। वासुभाई ने कहा कि मैं मेरे जीवन में हर परीक्षा में मैरिट में पहली पोजीशन पर आता रहा हूँ। एम.बी.बी.एस. में भी, एम.डी. में भी गोल्ड मेडलिस्ट बना परंतु सभ्यता, संस्कार और अतिथि सेवा में वह गांव की महिला जो बहुत गरीब है, वह मुझसे आगे निकल गयी। तो मैं अब पीछे कैसे रहूँ? इसलिए मैं अतिथि-सेवा और मानव-सेवा में भी गोल्ड मैडलिस्ट बनूंगा। इसलिए मैंने यह सेवा प्रारंभ की है और मैं यह कहता हूँ कि हमारा व्यवसाय मानव सेवा का ही है। सारे चिकित्सकों से भी मेरी अपील है कि वह सेवा-भावना से काम करें। गरीबों की निशुल्क सेवा करें, उपचार करें। यह व्यवसाय धन कमाने का नहीं है। परमात्मा ने हमें मानव-सेवा का अवसर प्रदान किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने वासुभाई को प्रणाम किया और धन्यवाद देकर उन्होंने कहा कि मैं भी आगे से ऐसी ही भावना रखकर चिकित्सा-सेवा करुंगा। *****
- कौआ हकनी
एस डी ओझा वह कौआ हकनी थी। कौओं को भगाया (हांका) करती थी। उसे यह काम खुद राजा ने सौंपा था। कभी वह राजा की अंक शायिनी हुआ करती थी। जी हाँ, राजा की पटरानी। इस पटरानी के दुर्दिन तब शुरु हो गये थे जब राजा मगह देश से एक और रानी लाए थे। रानी रुपमती के रुप लावण्य के आगे पटरानी फीकी पड़ गयी थीं। रुपमती को भी उनका पटरानी होना फुटली आँखों भी नहीं सुहाया था। उसकी ईर्ष्या तब और बढ़ गयी जब उसे पता चला कि पटरानी हमल से है। इसका मतलब कि पटरानी का हीं बालक राजा बनेगा। क्योंकि बड़ा बेटा हीं राज्य का उत्तराधिकारी हुआ करता था। रानी रुपमती प्रत्यक्षतः तो पटरानी की खूब देख भाल किया करती थी, पर उसके दिमाग में एक भयानक षड़यंत्र चल रहा था। वह किसी भी तरह से पटरानी के गर्भ को नष्ट करना चाहती थी। वह पूरे रनिवास पर अपना कब्जा जमाए हुई थी। राज पुरोहित को भी उसने अपने पक्ष में कर रखा था। राज वैद्य भी उसकी हीं भाषा हीं बोलते थे। राज वैद्य से पटरानी को धीमा जहर दिलवाना शुरु किया था ताकि जच्चा व बच्चा दोनों नष्ट हो जाएँ। लेकिन जच्चा व बच्चा आखिर तक सही सलामत हीं रहे थे। रुपमती ने गर्भ नष्ट करने के लिए पटरानी के आने जाने के रास्ते में तेल भी गिरवा दिया था। पटरानी फिसल कर गिरीं तो जरुर। उन्हें चोट भी आई, लेकिन उनका गर्भ सुरक्षित रहा। रुपमती गर्भ गिराने में सफल नहीं हुई। नियत समय पर पटरानी को एक बेटा व एक बेटी पैदा हुए थे। पटरानी का दर्द से हाल बेहाल था। वे बेहोश थीं। उन्हें पता हीं नहीं चला कि उन्होंने जुड़वा बच्चों को जना है। रानी रुपमती ने उन बच्चों को गायब करवा दिया। अफवाह फैला दी गयी कि पटरानी ने एक ईंट और एक पत्थर को जन्म दिया है। राज पुरोहित ने इस घटना को बड़ा हीं अशुभ माना था। उसका मानना था कि राज्य पर कभी भी बड़ी बिपत्ती आ सकती है। उसने राजा से कहकर पटरानी को रनिवास से निकलवा दिया। उन्हें कौआ हाकने का काम मिला था। वह दिन भर भाग भागकर शाही बाग से कौए उड़ाया करतीं थीं। उन्हें तीन बक्त का भोजन शाही रसोई से मिल जाया करता था। सब उन्हें कौआ हकनी के नाम से बुलाने लगे थे। शाही बाग में हीं उन्हें एक कमरा रहने के लिए दे दिया गया था। रानी रुपमती ने उन बच्चों को जान से मरवा दिया था। मारकर उनकी लाश शाही बाग में गड़वा दिया था। जहाँ लाश गाड़ी गयी थी, वहाँ एक मोला और एक केतकी के पौधे उग आए थे। मोला भाई था। केतकी बहन थी। भाई बहन आपस में खूब बातें किया करते थे। जब हवा चलती तो दोनों एक दूसरे को छूकर अठखेलियाँ किया करते थे। दोनों भाई बहन अपनी माँ की इस हालत से बहुत दुःखी हुआ करते थे। जब पूर्व पटरानी उनके पास से गुजरतीं तो भाई बहन अपनी माँ को देखकर बहुत हीं पुलकित हो उठते थे। केतकी में एक दिन फूल आए तो सारा बाग मह मह कर उठा। एक दिन राजा बाग में सुबह सुबह टहल रहे थे। उन्हें केतकी के फूल बड़े सुहाने लगे। उनकी खूश्बू से उनका मन प्रफुल्लित हो उठा था। वे फूल को तोड़ने के लिए केतकी की ओर जब बढ़ने लगे तो केतकी ने अपने भाई मोला से कहा था - सुनबे तऽ सुनु भइया मोलवा रे ना! ऐ भइया राजा पापी अइले फूल लोर्हनवा रे ना ! भाइ ने कहा था - सुनबे तऽ सुनु बहिना केतकी रे ना ! ऐ बहिनी डाढ़े पाते खिली जो आकाशवा रे ना ! भाई की बात मानकर बहन अपनी डालियों को आकाश की ऊँचाइयों की तरफ ले गयी। राजा फूल नहीं तोड़ पाए थे। उन्होंने माली से कहा। माली के हाथ भी फूलों तक नहीं पहुँच पाये थे। सीढ़ी मंगवाई गयी। सीढ़ी छोटी पड़ गयी। कई बड़ी सीढ़ियाँ मंगवायी गयी। सीढ़ियां छोटी पड़ती रहीं और बहन केतकी ऊपर उठती गयी। कौआ हकनी भी वहीं थी। उसने भी कोशिश करने की ठानी। कौआ हकनी भी फूल तोड़ने के लिए आगे बढ़ी थी। केतकी ने फिर भाई से कहा था - सुनबे तऽ सुनु भइया मोलवा रे ना ! ऐ भइया अम्मा सोहागिन अइली फूल लोर्हनवा रे ना ! भाई ने कहा था - सुनबे तऽ सुनु बहिना केतकी रे ना ! ऐ बहिनी डाढ़े पाते सोहरि जो जमीनिया रे ना ! भाई के कहने पर केतकी अपनी डाली को नीचे झुकाकर जमीन पर ले आई। कौआ हकनी ने फूल तोड़ लिया और राजा को दे दिया। राजा इस चमत्कार से आश्चर्यचकित रह गये। तभी राजा के सामने एक बालक और बालिका प्रकट हुए। उन्होंने राजा को अपना परिचय उनके पुत्र और पुत्री के रुप में दिया था। राजा अपनी संतान से मिलकर बहुत खुश हुए थे। उनके सामने रनिवास में हुए षड़यंत्र का पर्दाफाश हो चुका था। राजा ने रुपमती को मृत्यु दण्ड दिया था। राज वैद्य और राज पुरोहित को देश निकाला मिला था। कौआ हकनी को फिर से पटरानी का दर्जा मिला। राजा पटरानी और अपनी संतानों के साथ सुख पुर्वक रहने लगे। ******
- प्रभु की लीला
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव एक बार श्री कृष्ण और अर्जुन भ्रमण पर निकले। उन्होंने मार्ग में एक निर्धन ब्राहमण को भिक्षा मागते देखा। अर्जुन को उस पर दया आ गयी और उन्होंने उस ब्राहमण को स्वर्ण मुद्राओं से भरी एक पोटली दे दी। जिसे पाकर ब्राहमण ख़ुशी-ख़ुशी घर लौट चला। पर राह में एक लुटेरे ने उससे वो पोटली छीन ली। ब्राहमण दुखी होकर फिर से भिक्षावृत्ति में लग गया। अगले दिन फिर अर्जुन की दृष्टि जब उस ब्राहमण पर पड़ी तो उन्होंने उससे इसका कारण पूछा। ब्राहमण की व्यथा सुनकर उन्हें फिर से उस पर दया आ गयी और इस बार उन्होंने ब्राहमण को एक माणिक दिया। ब्राहमण उसे लेकर घर पंहुचा और चोरी होने के डर से उसे एक घड़े में छिपा दिया। दिन भर का थका मांदा होने के कारण उसे नींद आ गयी, इस बीच ब्राहमण की स्त्री उस घड़े को लेकर नदी में जल लेने चली गयी और जैसे ही उसने घड़े को नदी में डुबोया वह माणिक भी जल की धारा के साथ बह गयी। ब्राहमण को जब यह बात पता चली तो अपने भाग्य को कोसता हुआ वह फिर भिक्षावृत्ति में लग गया। अर्जुन और श्री कृष्ण ने जब फिर उसे इस दरिद्र अवस्था में उसे देखा तो जाकर सारा हाल मालूम किया। सारा हाल मालूम होने पर अर्जुन भी निराश हुए और मन की मन सोचने लगे इस अभागे ब्राहमण के जीवन में कभी सुख नहीं आ सकता। अब यहाँ से प्रभु की लीला प्रारंभ हुई। उन्होंने उस ब्राहमण को दो पैसे दान में दिए। तब अर्जुन ने उनसे पुछा प्रभु मेरी दी मुद्राए और माणिक भी इस अभागे की दरिद्रता नहीं मिटा सके तो इन दो पैसो से इसका क्या होगा? यह सुनकर प्रभु बस मुस्कुरा भर दिए और अर्जुन से उस ब्राहमण के पीछे जाने को कहा। रास्ते में ब्राहमण सोचता हुआ जा रहा था कि दो पैसो से तो एक व्यक्ति के लिए भी भोजन नहीं आएगा प्रभु ने उसे इतना तुच्छ दान क्यों दिया? तभी उसे एक मछुवारा दिखा जिसके जाल में एक मछली तड़प रही थी। ब्राहमण को उस मछली पर दया आ गयी उसने सोचा इन दो पैसो से पेट कि आग तो बुझेगी नहीं क्यों न इस मछली के प्राण ही बचा लिए जाये यह सोचकर उसने दो पैसो में उस मछली का सौदा कर लिया और मछली को अपने कमंडल में डाल दिया। कमंडल के अन्दर जब मछली छटपटई तो उसके मुख से माणिक निकल पड़ा। ब्राहमण ख़ुशी के मारे चिल्लाने लगा मिल गया मिल गया। तभी भाग्यवश वह लुटेरा भी वहां से गुजर रहा था जिसने ब्राहमण की मुद्राये लूटी थी। उसने सोचा कि ब्राहमण उसे पहचान गया और अब जाकर राजदरबार में उसकी शिकायत करेगा। इससे डरकर वह ब्राहमण से रोते हुए क्षमा मांगने लगा और उससे लूटी हुई सारी मुद्रायें भी उसे वापस कर दी। यह देख अर्जुन प्रभु के आगे नतमस्तक हुए बिना नहीं रह सके। जब आप दूसरे का भला कर रहे होते हैं, तब आप ईश्वर का कार्य कर रहे होते हैं। *******











