top of page

Search Results

978 results found with an empty search

  • औलाद

    डॉ हेमा गार्गी गार्डन में लैपटॉप लिए एक लड़के से बुजुर्ग दम्पति ने कहा- "बेटा हमें फेसबुक का अकाउंट बना दो।" लड़के ने कहा- "लाइये अभी बना देता हूँ, कहिये किस नाम से बनाऊँ?" बुजुर्ग ने कहा- "लड़की के नाम से कोई भी अच्छा सा नाम रख लो।" लड़का ने अचम्भे से पूछा- "फेक अकाउंट क्यों?" बुजुर्ग ने कहा- "बेटा, पहले बना तो दो फिर बताता हूँ, क्यों?" बड़ो का मान करना उस लड़के ने सीखा था तो उसने अकाउंट बना ही दिया। अब उसने पूछा- "अंकल जी, प्रोफाइल इमेज क्या रखूँ?" तो बुजुर्ग ने कहा- "कोई भी हीरोइन जो आजकल के बच्चों को अच्छी लगती हो।" उस लड़के ने गूगल से इमेज सर्च करके डाल दी, फेसबुक अकाउंट ओपन हो गया। फिर बुजुर्ग ने कहा- "बेटा कुछ अच्छे लोगो को ऐड कर दो।" लड़के ने कुछ अच्छे लोगो को रिक्वेस्ट सेंड कर दी। फिर बुजुर्ग ने अपने बेटे का नाम सर्च करवा के रिक्वेस्ट सेंड करवा दी। . लड़का जो वो कहते करता गया जब काम पूरा हो गया तो उसने कहा, "अंकल जी अब तो आप बता दीजिये आपने ये फेक अकाउंट क्यों बनवाया?" बुजुर्ग की आँखे नम हो गयी, उनकी पत्नी की आँखों से तो आँसू बहने लगे। उन्होंने कहा- "मेरा एक ही बेटा है और शादी के बाद वो हमसे अलग रहने लगा। सालो बीत गए वो हमारे पास नहीं आता। शुरू-शुरू में हम उसके पास जाते थे तो वो नाराज हो जाता था। कहता आपको मेरी पत्नी पसंद नहीं करती। आप अपने घर में रहिये, हमें चैन से यहाँ रहने दीजिये। कितना अपमान सहते इसलिए बेटे के यहाँ जाना छोड़ दिया। एक पोता है और एक प्यारी पोती है, बस उनको देखने का बड़ा मन करता है। किसी ने कहा कि फेसबुक में लोग अपने फैमिली की और फंक्शन की इमेज डालते है, तो सोचा फेसबुक में ही अपने बेटे से जुड़कर उसकी फैमिली के बारे में जान लेंगे और अपने पोता पोती को भी देख लेंगे, मन को शांति मिल जाएगी। अब अपने नाम से तो अकाउंट बना नहीं सकते। वो हमें ऐड करेगा नहीं, इसलिए हमने ये फेक अकाउंट बनवाया।" बुजुर्ग दंपत्ति के नम आँखों को उनके पत्नी के बहते आँसुओं को देखकर उस लड़के का दिल भर आया और सोचने लगा कि माँ-बाप का दिल कितना बड़ा होता है जो औलाद के कृतघ्न होने के बाद भी उसे प्यार करते हैं और औलाद कितनी जल्दी माँ-बाप के प्यार और त्याग को भूल जाती है।" *******

  • चुभन

    विजय शंकर प्रसाद कल घुँघरू और घूंघट पर शुरू बात, कभी दोनों से ख़ता और फिर तहक़ीक़ात। सल्तनत हेतु कई दफ़ा और इल्ज़ामात, गिरफ़्त हेतु पिंजर और सियासी रहे बिसात। हसीनाओं से ये सब आख़िर हुए मालुमात, हुस्न के जरिये इश्क परिभाषित नहीं साक्षात। किताब से भ्रमित और गुलाब़ पर दृष्टिपात, काँटों का चुभन से असहमति नहीं अज्ञात। नाहक़ दौड़ और दख़ल कब है सपाट, अजनबी न सवाल तो क्यों फिसला ख़्यालात? हमें आँसुओं से कहाँ पर नहीं मुलाकात, कोरी कल्पना है क्या हँसी की बरसात? सूरज के उदय-अस्त पर क्या अब शह-मात, नमन से हंसों का जोड़ा क्या विख्यात? क्यों आज़ हो प्रियतमा आख़िरी बैठक आपात, क्या हुआ कश्तियों के डूबने के पश्चात? नदी के किनारे मंदिर तो कब व्याघात, भीड़ शाम में और सुबह-सुबह क्या-क्या आत्मसात? शरारत की क्या यामिनी और कब बहुबात, मौन हो किरदारों ने क्या दिया सौगात? ******

  • पितृ सम्मान

    स्वाती छीपा रात के दस बज रहे हैं और तुम अभी तक घर नहीं लौटे? कल से तुम्हारा बाहर जाना बंद। यह कमरे में धुंआ किस चीज का है? सिगरेट का पैकेट! लगता है अब तुम्हारी पॉकेट मनी बंद करनी पड़ेगी। मोबाइल लिए किधर चले जा रहे हो? बड़ों के पैर छूना कब सीखोगे? चिल्ला किस पर रहे हो, अपनी मां से बात करने की तमीज नहीं तुम्हें। यह सब तुम्हारे उन्हीं बिगड़े आवारा दोस्तों की संगत का असर है। अपने पापा की रोज-रोज की इन हिदायतो और रोक-टोक से तंग रोहन घर छोड़कर चला जाता है। पर रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो जाता है। जब आंख खुलती है तो सामने देखता है, अस्पताल में उसके मम्मी पापा दो दिन से उसके लिए परेशान हुए बैठे हैं जो लगातार भगवान से उसके ठीक होने की प्रार्थना कर रहे थे। इस बात को छः महीने गुजर चुके हैं और साथ ही गुजर चुकी है, रोहन के मन में अपने पापा के लिए उत्पन्न हुई कड़वाहट। एक्सीडेंट के बाद रोहन को चलने में थोड़ी दिक्कत क्या हुई और चोटों के निशान भी थे जगह-जगह। तो उन दोस्तों ने जिनके लिए वह घर तक छोड़ कर जा रहा था उससे पीछा छुड़ा लिया और उसका मजाक तक बनाया। जबकि उसके पापा ने तो दिन रात एक कर कितना ख्याल रखा उसका। हर डॉक्टर, फिजियोथैरेपिस्ट, होम्योपैथी में दिखाया, मन्नत मांगी, भगवान के दर मत्था टेका। जो उसकी इच्छा होती लाकर देते, उससे हंसी मजाक करते रहते, ताकि उसका मन लगा रहे। जिसके फलस्वरूप आज वह पूर्णतः स्वस्थ है। आज विद्यालय में फादर्स डे के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जहां सबको अपने पापा के बारे में कुछ कहना है। वहां कुछ तो इंटरनेट से रटे रटाये लेख बोल गए। कुछ कागज में लिखा पढ़ कर चले गए। पर रोहन अपने संग पापा को भी स्टेज पर लेकर गया। जहां पहले तो उनके चरण स्पर्श किए और फिर उनकी आंखों में अपने लिए सदा से ही ठहरे हुए प्रेम को जानकर, खुद के भी हृदय में उत्पन्न हुए प्रेमरत भावों को व्यक्त करना शुरू किया। जो कुछ इस प्रकार था... आदरणीय गुरुजनों, पिछले दिनों में घटित हुए कुछ घटनाक्रमों से मुझे इस बात का एहसास हुआ है कि यूं ही नहीं पिता का आसमान से ऊंचा स्थान रखा गया था। सम्मान यह उनके प्रेम दायित्वों का ऋणी हुआ था। क्योंकि पिता ही कर्तव्य पथ के सही मार्ग का अनुसरण करवाते हैं। कुमार्ग पर भटके हमारे मन को सन्मार्ग पर खींच लाते हैं। मैं उनकी छत्र छाया में खुद को सुरक्षित पाता हूं। निर्भीक होकर हर कठिनाई से जूझ जाता हूं। इसलिए अब दिल में ख्वाहिश भी यही रखता हूं कि मिले पिता हर खुशी तुम्हें। ना रोके मार्ग में कोई बाधा तुम्हें। तुम्हारे आशीष का साया हरदम मुझ पर बना रहे, ताकि साथ हमारा निर्विघ्न यूं ही कायम रहे। अब मेरे हृदय में सच्चा स्थान तुम्हारा अविचल ठहरा रहेगा, पाके तुम्हारे पूज्य चरण शीश मेरा यही झुका मिलेगा। सुनकर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठता है। जिसकी तेज गड़गड़ाहट में दोनों पिता-पुत्र के नेत्रों से बहे प्रेम के निश्छल आंसू खामोशी से बहे जा रहे हैं और सदियों से चली आ रही पितृ सम्मान की आदर्श व्यवस्था का पुनः स्मरण करा रहे हैं। *******

  • निर्वासन

    प्रेमचंद परशुराम– वहीं-वहीं दालान में ठहरो! मर्यादा—क्यों, क्या मुझमें कुछ छूत लग गई! परशुराम—पहले यह बताओं तुम इतने दिनों से कहां रहीं, किसके साथ रहीं, किस तरह रहीं और फिर यहां किसके साथ आयीं? तब, तब विचार...देखी जाएगी। मर्यादा—क्या इन बातों को पूछने का यही वक्त है; फिर अवसर न मिलेगा? परशुराम—हां, यही बात है। तुम स्नान करके नदी से तो मेरे साथ ही निकली थीं। मेरे पीछे-पीछे कुछ देर तक आयीं भी; मै पीछे फिर-फिर कर तुम्हें देखता जाता था,फिर एकाएक तुम कहां गायब हो गयीं? मर्यादा – तुमने देखा नहीं, नागा साधुओं का एक दल सामने से आ गया। सब आदमी इधर-उधर दौड़ने लगे। मै भी धक्के में पड़कर जाने किधर चली गई। जरा भीड़ कम हुई तो तुम्हें ढूंढ़ने लगी। बासू का नाम ले-ले कर पुकारने लगी, पर तुम न दिखाई दिये। परशुराम – अच्छा तब? मर्यादा—तब मै एक किनारे बैठकर रोने लगी, कुछ सूझ ही न पड़ता कि कहां जाऊं, किससे कहूं, आदमियों से डर लगता था। संध्या तक वहीं बैठी रोती रही।ै परशुराम—इतना तूल क्यों देती हो? वहां से फिर कहां गयीं? मर्यादा—संध्या को एक युवक ने आ कर मुझसे पूछा, तुम्हारेक घर के लोग कहीं खो तो नहीं गए है? मैने कहा—हां। तब उसने तुम्हारा नाम, पता, ठिकाना पूछा। उसने सब एक किताब पर लिख लिया और मुझसे बोला—मेरे साथ आओ, मै तुम्हें तुम्हारे घर भेज दूंगा। परशुराम—वह आदमी कौन था? मर्यादा—वहां की सेवा-समिति का स्वयंसेवक था। परशुराम –तो तुम उसके साथ हो लीं? मर्यादा—और क्या करती? वह मुझे समिति के कार्यलय में ले गया। वहां एक शामियाने में एक लम्बी दाढ़ीवाला मनुष्य बैठा हुआ कुछ लिख रहा था। वही उन सेवकों का अध्यक्ष था। और भी कितने ही सेवक वहां खड़े थे। उसने मेरा पता-ठिकाना रजिस्टर में लिखकर मुझे एक अलग शामियाने में भेज दिया, जहां और भी कितनी खोयी हुई स्त्रियों बैठी हुई थीं। परशुराम—तुमने उसी वक्त अध्यक्ष से क्यों न कहा कि मुझे पहुंचा दीजिए? पर्यादा—मैने एक बार नहीं सैकड़ो बार कहा; लेकिन वह यह कहते रहे, जब तक मेला न खत्म हो जाए और सब खोयी हुई स्त्रियां एकत्र न हो जाएं, मैं भेजने का प्रबन्ध नहीं कर सकता। मेरे पास न इतने आदमी हैं, न इतना धन? परशुराम—धन की तुम्हे क्या कमी थी, कोई एक सोने की चीज बेच देती तो काफी रूपए मिल जाते। मर्यादा—आदमी तो नहीं थे। परशुराम—तुमने यह कहा था कि खर्च की कुछ चिन्ता न कीजिए, मैं अपने गहने बेचकर अदा कर दूंगी? मर्यादा—सब स्त्रियां कहने लगीं, घबरायी क्यों जाती हो? यहां किस बात का डर है। हम सभी जल्द अपने घर पहुंचना चाहती है; मगर क्या करें? तब मैं भी चुप हो रही। परशुराम – और सब स्त्रियां कुएं में गिर पड़ती तो तुम भी गिर पड़ती? मर्यादा—जानती तो थी कि यह लोग धर्म के नाते मेरी रक्षा कर रहे हैं, कुछ मेरे नौकरी या मजूर नहीं हैं, फिर आग्रह किस मुंह से करती? यह बात भी है कि बहुत-सी स्त्रियों को वहां देखकर मुझे कुछ तसल्ली हो गईग् परशुराम—हां, इससे बढ़कर तस्कीन की और क्या बात हो सकती थी? अच्छा, वहां के दिन तस्कीन का आनन्द उठाती रही? मेला तो दूसरे ही दिन उठ गया होगा? मर्यादा—रात- भर मैं स्त्रियों के साथ उसी शामियाने में रही। परशुराम—अच्छा, तुमने मुझे तार क्यों न दिलवा दिया? मर्यादा—मैंने समझा, जब यह लोग पहुंचाने की कहते ही हैं तो तार क्यों दूं? परशुराम—खैर, रात को तुम वहीं रही। युवक बार-बार भीतर आते रहे होंगे? मर्यादा—केवल एक बार एक सेवक भोजन के लिए पूछने आयास था, जब हम सबों ने खाने से इन्कार कर दिया तो वह चला गया और फिर कोई न आया। मैं रात-भर जगती रही। परशुराम—यह मैं कभी न मानूंगा कि इतने युवक वहां थे और कोई अन्दर न गया होगा। समिति के युवक आकाश के देवता नहीं होत। खैर, वह दाढ़ी वाला अध्यक्ष तो जरूर ही देखभाल करने गया होगा? मर्यादा—हां, वह आते थे। पर द्वार पर से पूछ-पूछ कर लौट जाते थे। हां, जब एक महिला के पेट में दर्द होने लगा था तो दो-तीन बार दवाएं पिलाने आए थे। परशुराम—निकली न वही बात!मै इन धूर्तों की नस-नस पहचानता हूं। विशेषकर तिलक-मालाधारी दढ़ियलों को मैं गुरू घंटाल ही समझता हूं। तो वे महाशय कई बार दवाई देने गये? क्यों तुम्हारे पेट में तो दर्द नहीं होने लगा था.? मर्यादा—तुम एक साधु पुरूष पर आक्षेप कर रहे हो। वह बेचारे एक तो मेरे बाप के बराबर थे, दूसरे आंखे नीची किए रहने के सिवाय कभी किसी पर सीधी निगाह नहीं करते थे। परशुराम—हां, वहां सब देवता ही देवता जमा थे। खैर, तुम रात-भर वहां रहीं। दूसरे दिन क्या हुआ? मर्यादा—दूसरे दिन भी वहीं रही। एक स्वयंसेवक हम सब स्त्रियों को साथ में लेकर मुख्य-मुख्य पवित्र स्थानो का दर्शन कराने गया। दो पहर को लौट कर सबों ने भोजन किया। परशुराम—तो वहां तुमने सैर-सपाटा भी खूब किया, कोई कष्ट न होने पाया। भोजन के बाद गाना-बजाना हुआ होगा? मर्यादा—गाना बजाना तो नहीं, हां, सब अपना-अपना दुखड़ा रोती रहीं, शाम तक मेला उठ गया तो दो सेवक हम लोगों को ले कर स्टेशन पर आए। परशुराम—मगर तुम तो आज सातवें दिन आ रही हो और वह भी अकेली? मर्यादा—स्टेशन पर एक दुर्घटना हो गयी। परशुराम—हां, यह तो मैं समझ ही रहा था। क्या दुर्घटना हुई? मर्यादा—जब सेवक टिकट लेने जा रहा था, तो एक आदमी ने आ कर उससे कहा—यहां गोपीनाथ के धर्मशाला में एक आदमी ठहरे हुए हैं, उनकी स्त्री खो गयी है, उनका भला-सास नाम है, गोरे-गोरे लम्बे-से खूबसूरत आदमी हैं, लखनऊ मकान है, झवाई टोले में। तुम्हारा हुलिया उसने ऐसा ठीक बयान किया कि मुझे उसस पर विश्वास आ गया। मैं सामने आकर बोली, तुम बाबूजी को जानते हो? वह हंसकर बोला, जानता नहीं हूं तो तुम्हें तलाश क्यो करता फिरता हूं। तुम्हारा बच्चा रो-रो कर हलकान हो रहा है। सब औरतें कहने लगीं, चली जाओं, तुम्हारे स्वामीजी घबरा रहे होंगे। स्वयंसेवक ने उससे दो-चार बातें पूछ कर मुझे उसके साथ कर दिया। मुझे क्या मालूम था कि मैं किसी नर-पिशाच के हाथों पड़ी जाती हूं। दिल मैं खुशी थी किअब बासू को देखूंगी तुम्हारे दर्शन करूंगी। शायद इसी उत्सुकता ने मुझे असावधान कर दिया। परशुराम—तो तुम उस आदमी के साथ चल दी? वह कौन था? मर्यादा—क्या बतलाऊं कौन था? मैं तो समझती हूं, कोई दलाल था? परशुराम—तुम्हे यह न सूझी कि उससे कहतीं, जा कर बाबू जी को भेज दो? मर्यादा—अदिन आते हैं तो बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है। परशुराम—कोई आ रहा है। मर्यादा—मैं गुसलखाने में छिपी जाती हूं। परशुराम –आओ भाभी, क्या अभी सोयी नहीं, दस तो बज गए होंगे। भाभी—वासुदेव को देखने को जी चाहता था भैया, क्या सो गया? परशुराम—हां, वह तो अभी रोते-रोते सो गया। भाभी—कुछ मर्यादा का पता मिला? अब पता मिले तो भी तुम्हारे किस काम की। घर से निकली स्त्रियां थान से छूटी हुई घोड़ी हैं। जिसका कुछ भरोसा नहीं। परशुराम—कहां से कहां लेकर मैं उसे नहाने लगा। भाभी—होनहार हैं, भैया होनहार। अच्छा, तो मै जाती हूं। मर्यादा—(बाहर आकर) होनहार नहीं हूं, तुम्हारी चाल है। वासुदेव को प्यार करने के बहाने तुम इस घर पर अधिकार जमाना चाहती हो। परशुराम –बको मत! वह दलाल तुम्हें कहां ले गया। मर्यादा—स्वामी, यह न पूछिए, मुझे कहते लज्ज आती है। परशुराम—यहां आते तो और भी लज्ज आनी चाहिए थी। मर्यादा—मै परमात्मा को साक्षी देती हूं, कि मैंने उसे अपना अंग भी स्पर्श नहीं करने दिया। पराशुराम—उसका हुलिया बयान कर सकती हो। मर्यादा—सांवला सा छोटे डील डौल काआदमी था।नीचा कुरता पहने हुए था। परशुराम—गले में ताबीज भी थी? मर्यादा—हां,थी तो। परशुराम—वह धर्मशाले का मेहतर था।मैने उसे तुम्हारे गुम हो जाने की चर्चा की थी। वहउस दुष्ट ने उसका वह स्वांग रचा। मर्यादा—मुझे तो वह कोई ब्रह्मण मालूम होता था। परशुराम—नहीं मेहतर था। वह तुम्हें अपने घर ले गया? मर्यादा—हां, उसने मुझे तांगे पर बैठाया और एक तंग गली में, एक छोटे- से मकान के अन्दर ले जाकर बोला, तुम यहीं बैठो, मुम्हारें बाबूजी यहीं आयेंगे। अब मुझे विदित हुआ कि मुझे धोखा दिया गया। रोने लगी। वह आदमी थोडी देर बाद चला गया और एक बुढिया आ कर मुझे भांति-भांति के प्रलोभन देने लगी। सारी रात रो-रोकर काटी दूसरे दिन दोनों फिर मुझे समझाने लगे कि रो-रो कर जान दे दोगी, मगर यहां कोई तुम्हारी मदद को न आयेगा। तुम्हाराएक घर डूट गया। हम तुम्हे उससे कहीं अच्छा घर देंगें जहां तुम सोने के कौर खाओगी और सोने से लद जाओगी। लब मैने देखा किक यहां से किसी तरह नहीं निकल सकती तो मैने कौशल करने का निश्चय किया। परशुराम—खैर, सुन चुका। मैं तुम्हारा ही कहना मान लेता हूं कि तुमने अपने सतीत्व की रक्षा की, पर मेरा हृदय तुमसे घृणा करता है, तुम मेरे लिए फिर वह नहीं निकल सकती जो पहले थीं। इस घर में तुम्हारे लिए स्थान नहीं है। मर्यादा—स्वामी जी, यह अन्याय न कीजिए, मैं आपकी वही स्त्री हूं जो पहले थी। सोचिए मेरी दशा क्या होगी? परशुराम—मै यह सब सोच चुका और निश्चय कर चुका। आज छ: दिन से यह सोच रहा हूं। तुम जानती हो कि मुझे समाज का भय नहीं। छूत-विचार को मैंने पहले ही तिलांजली दे दी, देवी-देवताओं को पहले ही विदा कर चुका:पर जिस स्त्री पर दूसरी निगाहें पड चुकी, जो एक सप्ताह तक न-जाने कहां और किस दशा में रही, उसे अंगीकार करना मेरे लिए असम्भव है। अगर अन्याय है तो ईश्वर की ओर से है, मेरा दोष नहीं। मर्यादा—मेरी विवशमा पर आपको जरा भी दया नहीं आती? परशुराम—जहां घृणा है, वहां दया कहां? मै अब भी तुम्हारा भरण-पोषण करने को तैयार हूं।जब तक जीऊगां, तुम्हें अन्न-वस्त्र का कष्ट न होगा पर तुम मेरी स्त्री नहीं हो सकतीं। मर्यादा—मैं अपने पुत्र का मुह न देखूं अगर किसी ने स्पर्श भी किया हो। परशुराम—तुम्हारा किसी अन्य पुरूष के साथ क्षण-भर भी एकान्त में रहना तुम्हारे पतिव्रत को नष्ट करने के लिए बहुत है। यह विचित्र बंधन है, रहे तो जन्म-जन्मान्तर तक रहे: टूटे तो क्षण-भर में टूट जाए। तुम्हीं बताओं, किसी मुसलमान ने जबरदस्ती मुझे अपना उच्छिट भोलन खिला दियया होता तो मुझे स्वीकार करतीं? मर्यादा—वह.... वह.. तो दूसरी बात है। परशुराम—नहीं, एक ही बात है। जहां भावों का सम्बन्ध है, वहां तर्क और न्याय से काम नहीं चलता। यहां तक अगर कोई कह दे कि तुम्हारें पानी को मेहतर ने छू निया है तब भी उसे ग्रहण करने से तुम्हें घृणा आयेगी। अपने ही दिन से सोचो कि तुम्हारेंसाथ न्याय कर रहा हूं या अन्याय। मर्यादा—मै तुम्हारी छुई चीजें न खाती, तुमसे पृथक रहती पर तुम्हें घर से तो न निकाल सकती थी। मुझे इसलिए न दुत्कार रहे हो कि तुम घर के स्वामी हो और कि मैं इसका पलन करतजा हूं। परशुराम—यह बात नहीं है। मै इतना नीच नहीं हूं। मर्यादा—तो तुम्हारा यहीं अतिमं निश्चय है? परशुराम—हां, अंतिम। मर्यादा-- जानते हो इसका परिणाम क्या होगा? परशुराम—जानता भी हूं और नहीं भी जानता। मर्यादा—मुझे वासुदेव ले जाने दोगे? परशुराम—वासुदेव मेरा पुत्र है। मर्यादा—उसे एक बार प्यार कर लेने दोगे? प रशुराम—अपनी इच्छा से नहीं, तुम्हारी इच्छा हो तो दूर से देख सकती हो। मर्यादा—तो जाने दो, न देखूंगी। समझ लूंगी कि विधवा हूं और बांझ भी। चलो मन, अब इस घर में तुम्हारा निबाह नहीं है। चलो जहां भाग्य ले जाय। ********

  • सबसे बहुमूल्य वस्तु

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक जाने माने प्रवक्ता ने हाथ में पांच सौ का नोट लहराते हुए अपनी सेमीनार शुरू की। हाल में बैठे सैकड़ों लोगों से उसने पूछा, “ये पांच सौ का नोट कौन लेना चाहता है?” हाथ उठना शुरू हो गए। फिर उसने कहा, “मैं इस नोट को आपमें से किसी एक को दूंगा पर उससे पहले मुझे ये कर लेने दीजिये।” और उसने नोट को अपनी मुट्ठी में मोड़ना शुरू कर दिया। और फिर उसने पूछा, “कौन है जो अब भी यह नोट लेना चाहता है?” अभी भी लोगों के हाथ उठने शुरू हो गए। अच्छा” उसने कहा, “अगर मैं ये कर दूं?” और उसने नोट को नीचे गिराकर पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। उसने नोट उठाया, वह अब मुड़कर बिल्कुल गन्दा हो गया था। क्या अभी भी कोई है जो इसे लेना चाहता है?” और एक बार फिर हाथ उठने शुरू हो गए। सार - नोट कितना भी पुराना या गंदा क्यों ना हो परंतु उसका मूल्य कम नहीं होता। इसी प्रकार यदि आपका व्यक्तित्व साफ है तो आपके साथ चाहे जो हुआ हो या भविष्य में जो हो जाए, आपका मूल्य कम नहीं होता। आप स्पेशल हैं, इस बात को कभी मत भूलिए। ******

  • मन का मीत

    प्रियांशी बरनवाल मीत आए सदा, तुम बहारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। आईना बन सुबह शाम देखा जिन्हें। मस्त हूँ मानकर भाग्य रेखा जिन्हें। प्रेम माला सजी है तुम्हारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। मीत आए सदा, तुम बहारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। प्यार का एक नगमा सुनाती रहूँ। देखकर आपको मुस्कुराती रहूँ। राह में हम भटकते सितारें लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। मीत आए सदा, तुम बहारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। मैंने जबसे तुम्हारा सजदा किया। उस घड़ी ही तुझे ये दिल दे दिया। चार नयनों के हमने इशारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। मीत आए सदा, तुम बहारे लिए। प्यार के खूबसूरत नजारे लिए।। *******

  • शिक्षक का कोप

    मुकेश ‘नादान’ नरेंद्र बहुत ही निर्भीक तथा दृढ़ संकल्प वाला बालक था। उनकी इच्छा के विरूद्ध उनसे कार्य करवाना मानो लोहे के चने चबाने जैसा था। यह घटना भी उसी समय से संबंध रखती है। नरेंद्र जिस विद्यालय में पढ़ते थे, उस विद्यालय के एक शिक्षक बड़े क्रोधी थे। आवश्यकता महसूस करते ही वे छात्रों को कठोर शारीरिक दंड दिया करते। एक दिन शिक्षक एक बालक को उसके उद्डं व्यवहार के लिए पीट रहे थे, तब उनकी इस अकारण उन्मत्तता, विकट मुखभंगिमा आदि देखकर नरेंद्र अपनी हँसी नहीं रोक सके। इसके फलस्वरूप शिक्षक का सारा क्रोध नरेंद्र के ऊपर आ गिरा और उन्हें पीटते-पीटते वे कहने लगे, “कहो, फिर कभी मेरी ओर देखकर नहीं हँसोगे।” नरेंद्र के ऐसा नहीं कहने पर शिक्षक ने और अधिक पीटना शुरू किया और दोनों हाथों से उनके कान मलने लगे। यहाँ तक कि कान पकड़कर ऊँचा उठाते हुए उन्हें बेंच पर खड़ा कर दिया। इससे एक कान छिल गया और खून रिसने लगा। तब भी नरेंद्र उस प्रकार की प्रतिज्ञा करने को सहमत नहीं हुए और क्रोध से भरकर कहने लगे, “मेरे कान नहीं मलिएगा! मुझे पीटने वाले आप कौन होते हैं? मेरी देह पर हाथ नहीं लगाइएगा!” इसी समय सौभाग्यवश श्रीईश्वरचंद्र विद्यासागर वहाँ आ पहुँचे। नरेंद्र ने फफकते-फफकते सारी घटना उनसे कह सुनाई और हाथों में पुस्तकें उठाते हुए कहा कि मैं सदा के लिए यह विद्यालय छोड़कर जा रहा हूँ। विद्यासागर ने उन्हें अपने कमरे में ले जाकर काफी सांत्वना दी। बाद में इस प्रकार के दंड विधान के संबंध में और भी जानकारी मिलने पर यह आदेश दिया गया कि विद्यालय में इस प्रकार का दंड नहीं दिया जाएगा। इधर घर में भुवनेश्वरी ने जब घटना का विवरण सुना, तब उन्होंने दुख और क्षोभ से विह्वल होकर कहा, “मैं अपने बच्चे को ऐसे विद्यालय में अब नहीं जाने दूँगी।” किंतु नरेंद्रनाथ का मन तब तक शांत हो गया था। पहले की भाँति ही वे उस विद्यालय में जाने लगे, उनका कान ठीक होने में कई दिन लग गए थे। खेल-कूद और लिखने-पढ़ने के साथ-साथ उनके चरित्र के और भी कई आयाम इसी समय खुलने लगे। संगीत के प्रति उनमें एक जन्मजात और स्वाभाविक आकर्षण था। भिखारी गायकों का दल जब दरवाजे पर खड़ा होकर ढोल बजाते हुए गाना गाता, तब वे उसे आग्रहपूर्वक सुना करते। टोले-मुहल्ले में रामायण आदि का गान होने पर वे वहाँ भी उपस्थित होते। इसी समय उन्होंने पाकविद्या भी सीखी। साथियों को लेकर खेल के बहाने वे रसोई की सारी वस्तुओं को एकत्र करते और उन सबसे चंदा भी लेते, किंतु अधिकांश व्यय उन्हें स्वयं वहन करना होता। मुख्य रसोइया स्वयं होते। यद्यपि वे मिर्ची का अधिक प्रयोग करते थे, किंतु इसके पश्चात्‌ भी खाना विलक्षण बनता था। *********

  • परिहास

    मनोज कुमार पुर्रे 'मौजी' हाथों में स्वेत ध्वजा लेकर अगर तुम कदम बढ़ा ना सको, मानवीय तत्वों व भावनाओं को जो स्वयं में जगा ना सको तो नाम में तुम्हारे उपहास ही लिखा जायेगा!! अपने समाज, कुल और महापुरुषों के गौरव के जो मान अगर बढ़ा ना सको तो तुमकों यहाँ पराजित व हताश ही लिखा जायेगा!! वीर गुरु बालकदास जैसा अगर तुम तलवार उठा ना सको, इंसानियत को तुम बचा न सको तो तुम्हारे लिए जीवनपर्यंत परिहास ही लिखा जायेगा!! तुम मानव-मानव एक को अगर चरितार्थ कर दिखा सको, गुरु घासीदास जी के बताए उद्देश्यों को अपना सको, तो तुम्हारे नाम से स्वर्णिम इतिहास ही लिखा जायेगा!! *******

  • मुस्कान

    संगीता मिश्र हरेक मुस्कान, हर आँसू जो कह जाये वो क़िस्सा है। जहां भर की गुनहगारी में मेरा भी तो हिस्सा है। तेरी उंगली पकड़ कर चल रही साये की तरह मैं झटक कर चल पड़ा तू, ऐ ख़ुदा, कैसा ये ग़ुस्सा है? नदी की तिश्नगी उसको लिये जाती है सागर तक वजूद उसका समन्दर है, कि सागर भी उसी-सा है। मेरी दादी जो बैठी चाँद पर, बुनतीं सियह रातें नुमायाँ इस क़दर, वो चाँद की मिट्टी का विरसा है। 'संगीता' की ग़ज़ल है ये मिसाल-ए-ख़ुद-एतिमादी सुख़न में सख़्त लोहे सी, कहन में जैसे सीसा है। *****

  • खूबसूरत

    अनजान एक अंधा लड़का एक इमारत की सीढ़ियों पर बैठा था। उसके पैरों के पास एक टोपी रखी थी। पास ही एक बोर्ड रखा था, जिस पर लिखा था, "मैं अंधा हूँ कृप्या मेरी मदद करें" टोपी में केवल कुछ सिक्के थे। वहां से गुजरता एक आदमी यह देख कर रुका, उसने अपनी जेब से कुछ सिक्के निकाले और टोपी में गिरा दिये। फिर उसने उस बोर्ड को पलट कर कुछ शब्द लिखे और वहां से चला गया। उसने बोर्ड को पलट दिया था जिससे कि लोग वह पढ़ें जो उसने लिखा था। जल्द ही टोपी को भरनी शुरू हो गई। अधिक से अधिक लोग अब उस अंधे लड़के को पैसे दे रहे थे। दोपहर को बोर्ड बदलने वाला आदमी फिर वहां आया। वह यह देखने के लिए आया था उसके शब्दों का लोगों पर क्या प्रभाव पड़ा? अंधे लड़के ने उसके क़दमों की आहट पहचान ली और पूछा, "आप सुबह मेरे बोर्ड को बदल कर गए थे? आपने बोर्ड पर क्या लिखा था?" उस आदमी ने कहा मैंने केवल सत्य लिखा था, मैंने तुम्हारी बात को एक अलग तरीके से लिखा, "आज एक बहुत खूबसूरत दिन है और मैं इसे नहीं देख सकता।" आपको क्या लगता है? पहले वाले शब्द और बाद वाले शब्द, एक ही बात कह रहे थे? बेशक दोनों संकेत लोगों को बता रहे थे कि लड़का अंधा था। लेकिन पहला संकेत बस इतना बता रहा था कि वह लड़का अंधा है। जबकि दूसरा संकेत लोगों को यह बता रहा था कि वे कितने भाग्यशाली हैं कि वे अंधे नहीं हैं। क्या दूसरा बोर्ड अधिक प्रभावशाली था? यह कहानी हमें यह बताती है कि, जो कुछ हमारे पास है उसके लिए हमें आभारी होना चाहिए। *******

  • तीर्थ

    अनजान 'गाड़ी रोको बेटा।' कार की खिड़की से बाहर झाँक रहे रत्नेश बाबू ने सामने नजर आ रही बिल्डिंग पर आँखें गढ़ाए अपने बेटे आयुष से कहा। आयुष ने कार रोक कर साइड में खड़ी कर दी। रत्नेश बाबू दरवाजा खोल कर नीचे उतरे और पैदल चलते हुए बिल्डिंग के बाहर लगे लोहे के विशाल गेट से अंदर झाँकने लगे। उनकी आँखों में गर्व की चमक उभर आयी। आयुष ने यहीं से पढ़ाई की शुरुआत की थी। तब यहाँ की फीस भरना उनके सामर्थ्य के बाहर था पर बेटे के बेहत्तर भविष्य के लिए उन्होंने जैसे-तैसे सब सहन किया। उस समय का छोटा सा स्कूल आज शहर का सबसे प्रतिष्ठित कॉलेज था और आयुष एक बड़ा अधिकारी। उनके ओठों पर खिली गर्वीली मुस्कान और गाढ़ी हो गई थी। धीरे-धीरे चलते हुए वह स्कूल के बगल में बने पार्क तक पहुँच गए। वहाँ लगे झूलों को देख कर उन्हें वर्षों पुरानी एक घटना याद आ गयी। आयुष बचपन में उस बीच वाले झूले से अचानक फिसल गया था। उन्होंने छलांग लगा कर बेटे को सुरक्षित बचा लिया था। इस प्रयास में उनके दाएं हाथ में गहरी चोट आ गई थी। बाएं हाथ की उंगलियों से चोट के निशान को सहलाते हुए रत्नेश बाबू की आँखों में आयुष के लिए ढेर सारा स्नेह उमड़ आया। पार्क के बाहरी कोने में एक बड़ा सा मन्दिर बना था। वह जूते उतार कर मंदिर के भीतर गए और वहाँ स्थापित काली माता की मूर्ति के चरणों में सिर रख दिया। शादी के कई सालों बाद तक यशोधरा की गोद सूनी थी। उन्होंने और यशोधरा ने महीनों बिना नागा यहाँ माथा टेका तब आयुष का जन्म हुआ था। यशोधरा कहती थी कि उसका बेटा बड़ा हो कर उसे तीर्थ कराने ले जायेगा, लेकिन वक्त की हवा उसे उसकी अधूरी इच्छा के साथ उड़ा कर दूर गगन में ले गयी थी। उनकी आँखों की कोरें गीली हो गयी थीं। आयुष पिछले कई दिनों से उन्हें तीर्थ पर ले जाने की कह कर रहा था। उन्हें लगता था कि उम्र के अंतिम सोपान में पाँच वर्षीय पोते की तोतली बातों में जो सुख है वह किसी तीर्थ में कहाँ, इसलिए टाल रहे थे। अब बहू भी जिद करने लगी थी तो तैयार होना पड़ा। पोते को सोता छोड़ कर आये थे, वरना वह कभी नहीं आने देता। वह तीर्थ पर जाते समय इन स्मृतियों से साक्षात्कार कर जैसे यशोधरा से कह रहे थे कि तुम्हारा देखा सपना आज पूरा हो रहा है। वह वापिस आ कर कार में बैठ गए, पर मन अभी भी अतीत की सुगंधित गलियों से नाता जोड़े था। शहर निकलने के बाद आयुष एक पुरानी इमारत के बाहर कार रोक कर नीचे उतरा, तब उनकी तन्द्रा भंग हुयी। 'ये क्या है?' उन्होंने बाहर निकल कर असमंजस से पूछा। 'तीर्थ...।' उनकी ओर देखे बिना आयुष ने कहा और उन्हें लेकर भीतर गया। 'कहाँ ले आये बेटा।' वहाँ का नजारा देख कर रत्नेश बाबू का चेहरा सफेद पड़ गया, 'ये तो ओल्ड एज...।' वह आगे नहीं बोल पाये। आँसुओं के तीव्र सैलाब के साथ उनका कंठ अवरुद्ध हो गया था। ******

  • बेटा लौट आया

    अनजान वह बच्चा सड़क पर दौड़ रहा था, पीछे से ट्रक आता देख मनीषा भागी और बच्चे को बचा लिया। एक ठेले वाले ने मनीषा की हिम्मत की दाद दी और कहा," मैडम, आपको मानना पड़ेगा। वैसे यह ट्रक वाला दृश्य देखकर किसी भी माँ में हिम्मत आ जायेगी।" तभी उषा आकर मनीषा पर चिल्लाने लगी," कहाँ ले जा रही हो मेरे मोनू को, कल ही मैंने पढ़ा था कि शहर में बच्चे उठाने वाला गैंग सक्रिय हैं, तुम उसी गैंग की लगती हो, अभी पुलिस को बुलाती हूँ।" ठेले वाले ने उषा को रोका, बताया कि मनीषा ने कैसे अपनी परवाह न कर बच्चे को बचाया। फिर मनीषा से बोला,"जिस तरह आपने दौड़कर बच्चे को उठाया, छाती से चिपकाया मुझे लगा कि आप उसकी माँ है लेकिन माँ तो यह बहन निकली।" मनीषा ने कहा, "मैं इस बच्चे की माँ न सही परंतु माँ तो हूँ, हूँ नहीं थी। ऐसे ही मेरा बच्चा भी सड़क पर खेल रहा था, सामने से तेज गति से बाइक आ रही थी, मैं अपने बच्चे को बचाने भागी परंतु बदकिस्मती से गिर पड़ी। पास में दो महिलाएँ भी खड़ी थी, दोनों एक दूसरे को देख रही थी जैसे कह रही हो कि तुम जाओ बचाने, उस दिन उन दोनों में से किसी ने मेरे जैसी हिम्मत दिखा दी होती तो आज मेरा..।" मनीषा की ममता हाथों से चेहरा छिपाकर रो उठी। मनीषा के आँसू उषा की आँखों में आ गये। वह मनीषा से बोली, "बहन, माँ कभी थी' नहीं होती। मोनू को अपना बेटा ही समझिये, यह लीजिये मेरा कार्ड, मोनू से मिलने का जब मन करे आ जाइयेगा।" *******

bottom of page