top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • रेशमा का घर

    भगवती प्रसाद वर्मा मेरी शादी को लगभग 6 महीने हो चुके थे। अपनी पसंद की शादी करने के लिए मैंने बहुत पापड़ बेले थे। हमारे घर में यह पहली एक ऐसी शादी थी, जो घर वालों की मर्जी से नहीं हुई थी। लड़की मैंने खुद पसंद की थी। मुश्किल तो बहुत आई सभी को मनाने में, पर बहुत कोशिश करने के बाद मां-बाबा मान गए और फिर बाकी रिश्तेदारों को भी धीरे-धीरे उन्होंने मना लिया। मैंने अपनी मर्जी से शादी तो कर ली, परंतु 6 महीने के बाद कुछ ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे बहुत सारी बातों को मैंने नजर अंदाज कर दिया। जो कि परिवार में रहने के लिए लाजमी होती हैं। मां ने तो बहुत समझाया था, परंतु मैंने अपनी जिद् पकड़ रखी थी, तो फिर मां बाबा भी मान गए थे। आज 6 महीने बाद जब बैठकर उन सारी बातों का निचोड़ निकालता हूं तो समझ में आता है कि बहुत कमी रह गई.. जो कि पहले नजर नहीं आई। रेशमा जब हमारे घर में नई-नई आई थी, तो मां बाबा ने काफी प्यार दिया और घर के रीति रिवाज सीखाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। परंतु रेशमा ने काफी जगह पर बचपना दिखाया। वह शादी से पहले जैसा बर्ताव करती थी, शादी के बाद भी वैसी ही रही। उसने कभी भी यह महसूस नहीं किया कि अब वह एक परिवार में है। परिवार में रहकर हमें कुछ जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। मां आए दिन मुझे कहती रहती थी कि "बेटा तुम्हारी बहू सजने सवरने पर ज्यादा ध्यान देती है, और घर के काम में उसका योगदान बहुत कम है... वैसे तो पहले भी यह सब काम मैं करती थी, परंतु बहू के आने के बाद थोड़ा बहुत आराम तो मिलना ही चाहिए।" मैं सोच में पड़ जाता था कि अब रेशमा को क्या कहूं ....क्योंकि बच्चों को तो समझाया जा सकता है, परंतु ऐसा इंसान जिसकी शादी हो चुकी है, उसको यह छोटी-छोटी बातें क्या ही समझाई जाएं। आखिर एक दिन मैंने रेशमा को अपने पास बैठा ही लिया और पूछने लगा कि "रेशमा तुम जो खाना खाती हो वह कौन बनाता है?" तो उसने जवाब दिया, "मां बनती है।" फिर मैंने पूछा, "कपड़े कौन धोता है?" तो उसने जवाब दिया: "मां धोती है।" फिर मैंने पूछा, "घर की साफ सफाई कौन करता है?" तो उसने कहा, "मां करती है।" फिर मैंने उससे पूछा, "तुम दिन भर क्या करती हो? तुम्हारा मन कमरे में उदास नहीं होता?" तो उसने जवाब दिया, "मैं आपके दफ्तर जाने के बाद अपना कमरा ठीक करती हूं, और फिर नहा कर तैयार हो जाती हूं। फिर मां जी नाश्ते के लिए आवाज देती है, और मैं नाश्ता करके फिर अपने कमरे में आ जाती हूं और उसके बाद कुछ देर टेलीविजन देख लेती हूं या फिर इंटरनेट पर कुछ शो देख लेती हूं। जब तक शाम हो जाती है और आप आ जाते हो" फिर मैंने रेशमा से कहा, "यदि हम मां बाबा से अल्ग रहे तो कैसा होगा?" तो उसने कहा, "यह तो अच्छा ही होगा। कम से काम मैं खुलकर जी तो पाऊंगी।" मैंने रेशमा से कहा, "तो अभी तुम्हारे जीवन में क्या दिक्कत है?" तो उसने कहा, "मुझसे मिलने मेरी सहेलियां नहीं आ सकती उन्हें मेरी सास से डर लगता है और मुझे भी कहीं जाना हो तो बहुत बार पूछना पड़ता है। बहुत बंधन सा लगता है।" फिर मैंने उससे पूछा कि "जब हम अलग रहेंगे तो, फिर मां तो वहां नहीं होगी, तो तुम खाना कैसे खाओगी? तुम्हें खाना कौन बना कर देगा?" तो उसने कहा, "हम नौकर रख लेंगे।" फिर मैंने उससे कहा कि क्या तुम मेरे घर को अपना घर नहीं समझती हो? उसने कहा क्यों नहीं समझती जब आप मेरे हो तो, आपका सब कुछ मेरा है। तो फिर मैंने कहा, कि जब घर तुम्हारा है, तो तुमसे अधिक उसका ध्यान और कौन रख सकता है? क्या तुम मुझे भी किसी और को सौंप सकती हो? जैसे तुमने वह घर नौकरों के हवाले सौंपने की बात की। तो उसने कहा, बिल्कुल नहीं यह तो बहुत गलत बात हो जाएगी। फिर मैंने कहा, ऐसे ही मेहनत करके जो घर हमने बनाया है और मेहनत करके जो अनाज हम घर में ला रहे हैं, उसे पकाने में या उस घर की देखभाल करने में तुम अपना योगदान नहीं दे रही है। मतलब तुम सिर्फ खुद से ही प्यार करती हो और मुझे नहीं" तब लगा कि शायद रेशमा के दिमाग में बातें समझ में आई क्योंकि उसकी आंखें थोड़ी सी नम हो गई थी। वह बुरी लड़की नहीं थी, बस थोड़ा बचपना था और बिन मां-बाप की बच्ची थी, इसलिए घरेलू लोगों के साथ कैसे रहा जाता है, वह नहीं जानती थी। मैंने उसे समझाया कि मां पहले भी घर का सारा काम करती थी क्योंकि वह इस घर को अपना समझती है। तो यदि तुम भी उनके साथ मिलकर काम कर लिया करो तो कुछ समय मां भी आराम कर लेगी। मिलजुल कर काम करने से काम जल्दी खत्म हो जाता है। काम किसी बाहर के लोगों का नहीं है, वह तो हमारे अपने घर का ही है और जब जरूरत होगी तो हम घर में नौकर भी रख लेंगे। जो तुम लोगों की मदद कर दिया करेगा परंतु ऐसे पूरा दिन अपने कमरे में बैठे रहना और बस सजना सवरना या फिर अपना मनोरंजन करना तो, यह अच्छी बात नहीं है। क्योंकि मां भी पूरा दिन काम में उलझी रहती है उनका भी मन करता है कुछ समय आराम करने का। रेशमा को कुछ शर्मिंदगी महसूस हुई और वह मां के पास जाकर बात करने लगी। मां ने उसे प्यार से गले लगा लिया। अगले दिन से रेशमा मां के साथ मदद करवाने लगी और घर के काम खत्म करके दोनों अपने-अपने कमरे में आराम करती थी। कहीं ना कहीं मेरे मन पर भी जो भार चढ़ गया था, वह भी कुछ खाली हो गया क्योंकि मुझे लगा कि मैंने जो अपनी मर्जी से शादी की है, उससे मैंने घर वालों को किसी मुसीबत में डाल दिया। परंतु रेशमा ने मेरा मन हल्का कर दिया और घर वाले भी कुछ चिंता मुक्त हो गए। *****

  • नया मकान

    संतोष कुमार पटेल "भैया, परसों नये मकान पर हवन है। छुट्टी (इतवार) का दिन है। आप सभी को आना है, मैं गाड़ी भेज दूँगा।" छोटे भाई लक्ष्मण ने बड़े भाई भरत से मोबाईल पर बात करते हुए कहा। "क्या छोटे, किराये के किसी दूसरे मकान में शिफ्ट हो रहे हो?" "नहीं भैया, ये अपना मकान है, किराये का नहीं।" “अपना मकान”, भरपूर आश्चर्य के साथ भरत के मुँह से निकला। "छोटे तूने बताया भी नहीं कि तूने अपना मकान ले लिया है।" "बस भैया", कहते हुए लक्ष्मण ने फोन काट दिया। "अपना मकान", "बस भैया" ये शब्द भरत के दिमाग़ में हथौड़े की तरह बज रहे थे। भरत और लक्ष्मण दो सगे भाई और उन दोनों में उम्र का अंतर था करीब पन्द्रह साल। लक्ष्मण जब करीब सात साल का था तभी उनके माँ-बाप की एक दुर्घटना में मौत हो गयी। अब लक्ष्मण के पालन-पोषण की सारी जिम्मेदारी भरत पर थी। इस चक्कर में उसने जल्द ही शादी कर ली कि जिससे लक्ष्मण की देख-रेख ठीक से हो जाये।

  • क्या ये ही जिंदगी है?

    डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव जीवन के 20 साल हवा की तरह उड़ गए। फिर शुरू हुई नौकरी की खोज। ये नहीं वो, दूर नहीं पास। ऐसा करते करते 2-3 नौकरियाँ छोड़ते एक तय हुई। थोड़ी स्थिरता की शुरुआत हुई। फिर हाथ आया पहली तनख्वाह का चेक। वह बैंक में जमा हुआ और शुरू हुआ अकाउंट में जमा होने वाले शून्यों का अंतहीन खेल। 2-3 वर्ष और निकल गए। बैंक में थोड़े और शून्य बढ़ गए। उम्र 25 हो गयी। और फिर विवाह हो गया। जीवन की राम कहानी शुरू हो गयी। शुरू के एक 2 साल नर्म, गुलाबी, रसीले, सपनीले गुजरे। हाथों में हाथ डालकर घूमना फिरना, रंग बिरंगे सपने। पर ये दिन जल्दी ही उड़ गए। और फिर बच्चे के आने ही आहट हुई। वर्ष भर में पालना झूलने लगा। अब सारा ध्यान बच्चे पर केन्द्रित हो गया। उठना बैठना खाना पीना लाड दुलार। समय कैसे फटाफट निकल गया, पता ही नहीं चला। इस बीच कब मेरा हाथ उसके हाथ से निकल गया, बातें करना घूमना फिरना कब बंद हो गया दोनों को पता ही न चला। बच्चा बड़ा होता गया। वो बच्चे में व्यस्त हो गयी, मैं अपने काम में। घर और गाडी की क़िस्त, बच्चे की जिम्मेदारी, शिक्षा और भविष्य की सुविधा और साथ ही बैंक में शुन्य बढाने की चिंता। उसने भी अपने आप काम में पूरी तरह झोंक दिया और मैंने भी। इतने में मैं 35 का हो गया। घर, गाडी, बैंक में शुन्य, परिवार सब है फिर भी कुछ कमी है? पर वो है क्या समझ नहीं आया। उसकी चिड चिड बढती गयी, मैं उदासीन होने लगा। इस बीच दिन बीतते गए। समय गुजरता गया। बच्चा बड़ा होता गया। उसका खुद का संसार तैयार होता गया। तब तक दोनों ही चालीस बयालीस के हो गए। बैंक में शुन्य बढ़ता ही गया। एक नितांत एकांत क्षण में मुझे वो गुजरे दिन याद आये और मौका देख कर उससे कहा "अरे जरा यहाँ आओ, पास बैठो। चलो हाथ में हाथ डालकर कही घूम के आते हैं।" उसने अजीब नजरों से मुझे देखा और कहा कि "तुम्हें कुछ भी सूझता है यहाँ ढेर सारा काम पड़ा है तुम्हें बातो की सूझ रही है।" कमर में पल्लू खोंस वो निकल गयी। तो फिर आया पैंतालिसवा साल, आँखों पर चश्मा लग गया, बाल काला रंग छोड़ने लगे, दिमाग में कुछ उलझने शुरू हो गयी। बेटा उधर कॉलेज में था, इधर बैंक में शुन्य बढ़ रहे थे। देखते ही देखते उसका कॉलेज ख़त्म। वह अपने पैरो पे खड़ा हो गया। उसके पंख फूटे और उड़ गया परदेश। उसके बालो का काला रंग भी उड़ने लगा। कभी-कभी दिमाग साथ छोड़ने लगा। उसे चश्मा भी लग गया। मैं खुद बुढा हो गया। वो भी उमरदराज लगने लगी। दोनों पचपन से साठ की और बढ़ने लगे। बैंक के शून्यों की कोई खबर नहीं। बाहर आने जाने के कार्यक्रम बंद होने लगे। अब तो गोली दवाइयों के दिन और समय निश्चित होने लगे। बच्चे बड़े होंगे तब हम साथ रहेंगे सोच कर लिया गया घर अब बोझ लगने लगा। बच्चे कब वापिस आयेंगे यही सोचते सोचते बाकी के दिन गुजरने लगे। एक दिन यूँ ही सोफे पे बेठा ठंडी हवा का आनंद ले रहा था। वो दिया बाती कर रही थी। तभी फोन की घंटी बजी। लपक के फोन उठाया। दूसरी तरफ बेटा था। जिसने कहा कि उसने शादी कर ली और अब परदेश में ही रहेगा। उसने ये भी कहा कि पिताजी आपके बैंक के शून्यों को किसी वृद्धाश्रम में दे देना। और आप भी वही रह लेना। कुछ और औपचारिक बातें कह कर बेटे ने फोन रख दिया। मैं पुन: सोफे पर आकर बैठ गया। उसकी भी दिया बाती ख़त्म होने को आई थी। मैंने उसे आवाज दी "चलो आज फिर हाथों में हाथ लेके बात करते हैं।" वो तुरंत बोली "अभी आई"। मुझे विश्वास नहीं हुआ। चेहरा ख़ुशी से चमक उठा। आँखे भर आई। आँखों से आंसू गिरने लगे और गाल भीग गए। अचानक आँखों की चमक फीकी पड़ गयी और मैं निस्तेज हो गया। हमेशा के लिए!! उसने शेष पूजा की और मेरे पास आके बैठ गयी "बोलो क्या बोल रहे थे?" लेकिन मैंने कुछ नहीं कहा। उसने मेरे शरीर को छू कर देखा। शरीर बिलकुल ठंडा पड गया था। मैं उसकी और एकटक देख रहा था। क्षण भर को वो शून्य हो गयी। "करूँ?" उसे कुछ समझ में नहीं आया। लेकिन एक दो मिनट में ही वो चेतन्य हो गयी। धीरे से उठी पूजा घर में गयी। एक अगरबत्ती की। ईश्वर को प्रणाम किया। और फिर से आके सोफे पर बैठ गयी। मेरा ठंडा हाथ अपने हाथो में लिया और बोली, "चलो कहाँ घुमने चलना है तुम्हें? क्या बातें करनी हैं तुम्हें?" बोलो!! ऐसा कहते हुए उसकी आँखे भर आई!!...... वो एकटक मुझे देखती रही। आँखों से अश्रु धारा बह निकली। मेरा सर उसके कंधो पर गिर गया। ठंडी हवा का झोंका अब भी चल रहा था। क्या ये ही जिन्दगी है? नहीं?? जीवन अपना है तो जीने के तरीके भी अपने रखें। शुरुआत आज से करें। क्योंकि कल कभी नहीं आएगा....!!! ******

  • आत्मघाती कदम

    श्याम आठले मैं ऑफिस के काम से मुंबई गया था। वैसे तो ऑफिस की तरफ से रुकने की व्यवस्था थी पर मित्र आकाश की ज़िद के आगे हार मानकर शनिवार-इतवार छुट्टी के दिन मित्र के फ्लैट पर रुकने को मुझे मानना पड़ा। आज पहले इतवार को मैं उसके यहां गया। मित्र किसी काम से बाहर गया था। फ्लैट पर मैं, भाभी जी और मित्र का 13 वर्षीय सुपुत्र अर्जुन था। शायद अर्जुन बगल के कमरे में अपना होम वर्क कर रहा था। वह बार-बार कहता अलेक्सा साल्व दिस और प्रश्न पढ़ देता अगले ही पल लड़की की आवाज में प्रश्न का जवाब आ जाता। उस जवाब को अर्जुन हूबहू अपनी नोट बुक में लिख लेता। इसी प्रकार गणित के सवाल भी उसने जल्दी ही हल कर लिए। मित्र आकाश के आने के पहले-पहले उसने फटाफट अपना होम वर्क कर लिया। मित्र को पता भी नहीं चला कि उसके पीठ पीछे क्या हो रहा था। भाभी जी भी रसोई में व्यस्त थीं। फिर वो अलेक्सा से यहां-वहाँ के ऊलजलूल प्रश्न पूछने लगा। उसके प्रश्नों ने मुझे मजबूर किया और मैंने कमरे में झाँका कि आखिर ये बात किससे कर रहा है। वह एक छोटा गोल सा यंत्र था जो इंटरनेट से चलता था। पावर पूर्ती के लिए प्लग लगा हुआ था। उसी यंत्र को अर्जुन बार-बार आदेश देता अलेक्सा के नाम से और वो जवाब देती। होमवर्क के बाद उसके प्रश्न थे, गर्ल फ्रेंड को कैसे रिझाएँ, गर्लफ्रेंड पटाने के आसान नुस्खे, दोस्तों को कैसे डराएं, उनपर अपना रौब कैसे जमाएं। इसी तरह के और भी प्रश्नों के उत्तर मांग रहा था। आखिर मुझसे रहा नहीं गया और मैंने कमरे में प्रवेश करते हुए कहा, "कहो अर्जुन क्या हो रहा है? वो सकपका गया और बोला, "कुछ नहीं अंकल जी अपना होम वर्क कर रहा था।" "और ये अलेक्सा कौन है जिससे पूछकर तुम होम वर्क कर रहे थे।" "अरे अंकल आपने सुन लिया! प्लीज पापा जी को मत बताइए कि मैंने अलेक्सा की मदद से होम वर्क किया। दर असल मुझे क्रिकेट का मैच खेलने जाना था और अपने मन से होम वर्क करता तो ज्यादा टाइम लगता।" मैं बोला, "मैं पापा जी से नहीं बताऊंगा पर तुम्हें एक वादा करना होगा कि अब आज के बाद फिर कभी तुम अलेक्सा की मदद से होम वर्क नहीं करोगे। तुमने 'आपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने' वाली कहावत तो सुनी ही होगी। यहांपर वही कहावत चरित्रार्थ हो रही है। तुम्हारा होम वर्क तो ठीक हो जायेगा पर क्या परीक्षा में अलेक्सा आएगी बताने? वहां तो आपके दिमाग में जो होगा वही उत्तर कॉपी पर उतरेगा। अलेक्सा की मदद से होमवर्क करना आत्मघाती कदम है इसे तुम जितनी जल्दी समझ लो उतना अच्छा है।" अर्जुन दयनीय नज़रों से मेरी तरफ देखता रह गया। मैंने मन मैं सोचा कि आकाश से भी इस विषय में विस्तार से बात करनी होगी कि इस तरह की खतरनाक डिवाइस बच्चों के हाथों में नहीं पड़नी चाहिए, वे इसका किसी भी तरह से दुरूपयोग कर सकते हैं। वैसे आजकल इंटरनेट से युक्त मोबाईल पर भी ये सुविधा उपलब्ध है। अतः इस पर भी नज़र रखना जरूरी है कि बच्चे इसका किस तरह से उपयोग कर रहें हैं। ********

  • मातृभाषा की मौत

    जसिंता केरकेट्टा   माँ के मुँह में ही मातृभाषा को क़ैद कर दिया गया और बच्चे उसकी रिहाई की माँग करते-करते बड़े हो गए। मातृभाषा ख़ुद नहीं मरी थी उसे मारा गया था पर, माँ यह कभी न जान सकी। रोटियों के सपने खाने वाली संभावनाओं के आगे अपने बच्चों के लिए उसने भींच लिए थे अपने दाँत और उन निवालों के सपनों के नीचे दब गई थी मातृभाषा। माँ को लगता है आज भी एक दुर्घटना थी मातृभाषा की मौत। *****

  • संस्कारी बहू

    वीरेन्द्र सिंह एक सेठ के सात बेटे थे। सभी का विवाह हो चुका था। छोटी बहू संस्कारी माता-पिता की बेटी थी। बचपन से ही अभिभावकों से अच्छे संस्कार मि लने के कारण उसके रोम-रोम में संस्कार बस गया था। ससुराल में घर का सारा काम तो नौकर-चाकर करते थे, जेठानियां केवल खाना बनाती थीं। उसमें भी खटपट होती रहती थी। छोटी बहू को संस्कार मिले थे कि अपना काम स्वयं करना चाहिए और प्रेम से मिलजुल कर रहना चाहिए। अपना काम स्वयं करने से स्वास्थ्य बढ़िया रहता है। उसने युक्ति खोज निकाली और सुबह जल्दी स्नान करके शुद्ध वस्त्र पहनकर पहले ही रसोई में जा बैठी। जेठानियों ने टोका, लेकिन उसने प्रेम से रसोई बनाई और सबको प्रेम से भोजन कराया। सभी ने बड़े प्रेम से भोजन किया और प्रसन्न हुए। इसके बाद सास छोटी बहू के पास जाकर बोली, "बहू, तू सबसे छोटी है, तू रसोई क्यों बनाती है? तेरी छह जेठानियां हैं। वे खाना बनाएंगी।" बहू बोली, "मांजी, कोई भूखा अतिथि घर आता है, तो उसको आप भोजन क्यों कराती हैं?" "बहू शास्त्रों में लिखा है कि अतिथि भगवान का रूप होता है। भोजन पाकर वह तृप्त होता है, तो भोजन कराने वाले को बड़ा पुण्य मिलता है।" "मांजी, अतिथि को भोजन कराने से पुण्य होता है, तो क्या घरवालों को भोजन कराने से पाप होता है? अतिथि भगवान का रूप है, तो घर के सभी लोग भी तो भगवान का रूप हैं, क्योंकि भगवान का निवास तो सभी में है। अन्न आपका, बर्तन आपके, सब चीज़ें आपकी हैं, मैंने ज़रा-सी मेहनत करके सब में भगवदभाव रख कर रसोई बनाकर खिलाने की थोड़ी-सी सेवा कर ली, तो मुझे पुण्य मिलेगा कि नहीं? सब प्रेम से भोजन करके तृप्त और प्रसन्न होंगे, तो कितनी ख़ुशी होगी। इसलिए मांजी आप रसोई मुझे बनाने दें। कुछ मेहनत करूंगी, तो स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा।" सास ने सोचा कि बहू बात तो ठीक ही कहती है। हम इसे सबसे छोटी समझते हैं, पर इसकी बुद्धि सबसे अच्छी है और बहुत संस्कारी भी है। अगले दिन सास सुबह जल्दी स्नान करके रसोई बनाने बैठ गई। बहुओं ने देखा, तो बोलीं, 'मांजी, आप क्यों कष्ट करती हैं?" सास बोली, "तुम्हारी उम्र से मेरी उम्र ज़्यादा है। मैं जल्दी मर जाऊंगी। मैं अभी पुण्य नहीं करूंगी, तो फिर कब करूंगीं?" बहुएं बोलीं, "मांजी, इसमें पुण्य की क्या बात है? यह तो घर का काम है।" सास बोली, "घर का काम करने से पाप होता है क्या? जब भूखे व्यक्तियों को, साधुओं को भोजन कराने से पुण्य मिलता है, तो क्या घरवालों को भोजन कराने से पाप मिलेगा? सभी में ईश्वर का वास है।" सास की बातें सुनकर सभी बहुओं को लगा कि इस बारे में तो उन्होंने कभी सोचा ही नहीं। यह युक्ति बहुत बढ़िया है। अब जो बहू पहले जाग जाती, वही रसोई बनाने लगती। पहले जो भाव था कि तू रसोई बना… बारी बंधी थी। अब मैं बनाऊं, मैं बनाऊं… यह भाव पैदा हुआ, तो आठ बारी बध गई। दो और बढ़ गए सास और छोटी बहू। काम करने में ʹतू कर, तू कर…ʹ इससे काम बढ़ जाता है और आदमी कम हो जाते हैं, पर ʹमैं करूं, मैं करूं…ʹ इससे काम हल्का हो जाता है और आदमी बढ़ जाते हैं। छोटी बहू उत्साही थी। सोचा कि ʹअब तो रोटी बनाने में चौथे दिन बारी आती है, फिर क्या किया जाए?ʹ घर में गेहूं पीसने की चक्की थी। उसने उससे गेहूं पीसना शुरु कर दिया। मशीन की चक्की का आटा गर्म-गर्म बोरी में भर देने से जल जाता है। उसकी रोटी स्वादिष्ट नहीं होती। जबकि हाथ से पीसा गया आटा ठंडा और अधिक पौष्टिक होता है तथा उसकी रोटी भी स्वादिष्ट होती है। छोटी बहू ने गेहूं पीसकर उसकी रोटी बनाई, तो सब कहने लगे कि आज तो रोटी का ज़ायका बड़ा विलक्षण है। सास बोली, "बहू, तू क्यों गेहूं पीसती है? अपने पास पैसों की कमी है क्या।" "मांजी, हाथ से गेहूं पीसने से व्यायाम हो जाता है और बीमारी भी नहीं होती। दूसरे रसोई बनाने से भी ज़्यादा पुण्य गेहूं पीसने से होता है।" सास और जेठानियों ने जब सुना, तो उन्हें लगा कि बहू ठीक ही कहती है। उन्होंने अपने-अपने पतियों से कहा, "घर में चक्की ले आओ, हम सब गेहूं पीसेंगी।" रोज़ाना सभी जेठानियां चक्की में दो से ढाई सेर गेहूं पीसने लगीं। इसके बाद छोटी बहू ने देखा कि घर में जूठे बर्तन मांजने के लिए नौकरानी आती है। अपने जूठे बर्तन ख़ुद साफ़ करने चाहिए, क्योंकि सब में ईश्वर का वास है, तो कोई दूसरा हमारा जूठा क्यों साफ़ करे! अगले दिन उसने सब बर्तन मांज दिए। सास बोली, "बहू, ज़रा सोचो, बर्तन मांजने से तुम्हारे गहने घिस जाएंगें, कपड़े ख़राब हो जाएंगें।" "मांजी, काम जितना छोटा, उतना ही उसका माहात्म्य ज़्यादा। पांडवों के यज्ञ में भगवान श्रीकृष्ण ने जूठी पत्तलें उठाने का काम किया था।" अगले दिन सास बर्तन मांजने बैठ गई। उन्हें देख कर सभी बहुओं ने बर्तन मांजने शुरु कर दिए। घर में झाड़ू लगाने के लिए नौकर आता था। एक दिन छोटी बहू ने सुबह जल्दी उठकर झाड़ू लगा दी। सास ने पूछा, "बहू झाड़ू तुमने लगाई है?" "मांजी, आप मत पूछिए। आप से कुछ कहती हूं, तो मेरे हाथ से काम चला जाता है।" "झाड़ू लगाने का काम तो नौकर का है, तुम क्यों लगाती हो?" "मांजी, ʹरामायणʹ में आता है कि वन में बड़े-बड़े ऋषि-मुनि रहते थे। भगवान उनकी कुटिया में न जा कर पहले शबरी की कुटिया में गए थे, क्योंकि शबरी रोज़ चुपके से झाड़ू लगाती थी, पम्पा सरोवर का रास्ता साफ़ करती थी कि कहीं आते-जाते ऋषि-मुनियों के पैरों में कंकड़ न चुभ जाएं।" सास ने देखा कि छोटी बहू, तो सब को लूट लेगी, क्योंकि यह सबका पुण्य अकेले ही ले लेती है। अब सास और सभी बहुओं ने मिलकर झाड़ू लगानी शुरू कर दी। जिस घर में आपस में प्रेम होता है, वहां लक्ष्मी का वास होता है और जहां कलह होती है, वहां निर्धनता आती है। सेठ का तो धन दिनोंदिन बढ़ने लगा। उसने घर की सब स्त्रियों के लिए गहने और कपड़े बनवा दिए। छोटी बहू ससुर से मिले गहने लेकर बड़ी जेठानी के पास जा कर बोली, "आपके बच्चे हैं, उनका विवाह करोगी, तो गहने बनवाने पड़ेंगे। मुझे तो अभी कोई बच्चा है नहीं। इसलिए इन गहनों को आप रख लीजिए।" गहने जेठानी को दे कर छोटी बहू ने कुछ पैसे और कपड़े नौकरों में बांट दिए। सास ने देखा तो बोली, "बहू, यह तुम क्या करती हो? तेरे ससुर ने सबको गहने बनवा कर दिए हैं और तुमने उन्हें जेठानी को दे दिए। पैसे और कपड़े नौकरों में बांट दिए।" "मांजी, मैं अकेले इतना संग्रह करके क्या करूंगी? अपनी चीज़ किसी ज़रूरतमंद के काम आ जाए, तो आत्मिक संतोष मिलता है और दान करने का तो अमिट पुण्य होता ही है।" सास को बहू की बात दिल को छू गई। वह सेठ के पास जाकर बोली, "मैं नौकरों में धोती-साड़ी बांटूगी और आसपास में जो ग़रीब परिवार रहते हैं, उनके बच्चों का फीस मैं स्वयं भरूंगी। अपने पास कितना धन है, अगर यह किसी के काम आ जाए, तो अच्छा है। न जाने कब मौत आ जाए। उसके बाद यह सब यहीं पड़ा रह जाएगा। जितना अपने हाथ से पुण्य कर्म हो जाए अच्छा है।" सेठ बहुत प्रसन्न हुआ। पहले वह नौकरों को कुछ देते थे, तो सेठानी लड़ पड़ती थी। अब कह रही है कि ʹमैं ख़ुद दूंगी।' सास दूसरों को वस्तुएं देने लगी, तो यह देखकर बहुएं भी देने लगीं। नौकर भी ख़ुश हो कर मन लगा कर काम करने लगे और आस-पड़ोस में भी ख़ुशहाली छा गई। श्रेष्ठ मनुष्य जो आचरण करता है, दूसरे मनुष्य भी उसी के अनुसार आचरण करते हैं। छोटी बहू ने जो आचरण किया, उससे उसके घर का तो सुधार हुआ ही, साथ में पड़ोस पर भी अच्छा असर पड़ा। उनके घर भी सुधर गए। देने के भाव से आपस में प्रेम-भाईचारा बढ़ गया। इस तरह बहू को संस्कार से मिली सूझबूझ ने उसके घर के साथ-साथ अनेक घरों को ख़ुशहाल कर दिया। ******

  • एक मौका और ...

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक बार मैं शहर से अपने गाँव जा रहा था। रास्ते में एक स्टेशन पर ट्रेन रुकी यहाँ उसका 15 मिनट का स्टॉपेज था, इसलिए मैं थोड़ा टहलने के लिए स्टेशन पर उतरा। स्टेशन पर बहुत भीड़ थी। उसी भीड़ में मेरी नजर अचानक एक बेंच पर बैठे आदमी पर गई। मैं उसको गौर से देखने लगा कि इतने में ही ट्रेन में हॉर्न दे दिया। मैं ट्रेन में वापस अपनी सीट पर आकर बैठ गया और चाय वाले से चाय लेकर पीने लगा। चाय पीते-पीते मैं अपनी पुरानी यादों में खो गया। मुझे याद आया वह दिन जब मैं रेलवे स्टेशन पर बैठकर अपनी परेशानी से निकलने का कोई रास्ता ढूंढने की कोशिश कर रहा था। रात होने लगी थी। इतने में एक आदमी ने मुझसे माचिस मांगी। मैंने कहा, मैं सिगरेट नहीं पीता। वो मेरी बात पर हँस कर बोला, भाई!! मैंने आपसे माचिस माँगी है, सिगरेट नहीं। मैं बोला, जब मैं सिगरेट नहीं पीता तो माचिस रख कर क्या करूँगा? उस आदमी ने चाय वाले को माचिस और एक कप चाय देने को कहा और मुझसे बोला हाँ, आपने बात तो बिल्कुल ठीक कहीं!! पर मैंने सोचा...... इतना बोलते ही उसकी बात बीच में काटते हुए मैं बोला, आपने क्या सोचा, क्या नहीं, मुझे इससे कोई मतलब नहीं!! आप बेवजह मुझे परेशान कर रहे हैं। आप अपना काम कीजिए ना!! इतना बोल कर मैं दूसरी बेंच पर जाकर बैठ गया। थोड़ी देर में चाय वाला आया और मुझे चाय देने लगा। मैंने उससे पूछा कि मैंने कब चाय का आर्डर दिया? वह बोला आपने नहीं, उन साहब ने आपको चाय देने को कहा है। मैं गुस्सा होकर उसके पास गया और पूछा, - आपकी प्रॉब्लम क्या है? भाई मैंने तो ऐसे ही आपके लिए चाय का आर्डर दिया था। मैंने सोचा कि बारिश ज्यादा है, ठंड भी है। आप थोड़े थके भी लग रहे हो! चाय पीने से शायद आप थोड़ा रिलैक्स महसूस करो। मैंने कहा, हमारे देश में यही तो समस्या है कि कोई किसी को चैन से बैठने भी नहीं देता। जहाँ देखो वहाँ अपनी टांग अड़ाने लोग आ जाते हैं। मैंने सोचा था स्टेशन पर आराम से बैठ लूँगा। वहाँ मुझे कोई डिस्टर्ब नहीं करेगा, क्योंकि स्टेशन पर किसी को किसी से कोई मतलब नहीं होगा, पर यहाँ आप आ गए। इतने पर भी मैं नहीं रुका और आगे बोलता गया। अरे भाई! आपको माचिस और चाय मिल गई ना!! तो एंजॉय करो, पर मुझे बख्श दो, मेहरबानी करके!! और गुस्से और खीझ से लगभग अपने दोनों हाथों को जोड़ कर उसे प्रणाम करता हुआ वापस अपनी बेंच की ओर जाने को मुड़ा! मेरी बात सुनकर वह आदमी फिर भी शांत भाव से बोला – भाई, क्यों डिस्टर्ब हो? क्या हुआ? उसकी शांत बातें मुझे थोडा कौतुहल में डाल रही थी। मैंने भी थोड़ा शांत होते हुए उससे पूछा क्यों? आप जानकर क्या कर लोगे? वह आदमी बोला, हो सकता है तुम्हारी परेशानी का कोई हल मिल जाए या अपनी परेशानी बताने से तुम थोड़ा हल्का महसूस करो। उसकी बात सुनकर मुझे थोड़ी हिम्मत मिली और मैं उसे बताने लगा। मेरे पिताजी एक सरकारी ऑफिस में चपरासी थे और मेरी मां लोगों के घर के बर्तन साफ कर करके मुझे पढ़ा रही थी। मेरे पिताजी का सपना मुझे आईपीएस अफसर बनाने का था पर मुझे किसी की नौकरी करना पसंद नहीं था। मैं लोगों को नौकरी देना चाहता था। मैंने एक दिन अपने मन की बात अपने पिताजी को बताई। पिताजी ने गाँव की जमीन बेचकर मुझे पैसे थमा दिए। मैं बहुत खुश हुआ। मैंने अपनी कंपनी शुरू की। समय आने पर मैंने शादी कर ली। मेरे दो प्यारे-प्यारे बच्चे हैं। कुछ साल दो साल मेरी कंपनी अच्छी प्रॉफिट में चली। मैं बहुत खुश था। पर एक गलत इन्वेस्टमेंट ने सब कुछ चौपट कर दिया। पहले थोड़ा नुकसान हुआ। उसको भरने के लिए कुछ पूंजी और लगाई लेकिन वह भी डूब गई। धीरे-धीरे सब कुछ बिक गया। अब सिर पर खाली एक छत बची है। अगर कल किस्त नहीं चुकाई तो मकान नीलाम हो जाएगा फिर आसमान हमारी छत और धरती हमारा बिछोना होगी। मेरी बात सुनकर वह आदमी बोला, तुम अपने आप को एक मौका और क्यों नहीं देते? शायद सब ठीक हो जाए। उसने कहा आगे कहा, तुमने मनोज भटनागर के बारे में सुना है? मैंने कहा, वही जो काफी फेमस एक्टर है!! सुनकर वह आदमी बोला हाँ वही!! याद है, कुछ साल पहले उसके पास चाय पीने के भी पैसे नहीं थे। मैंने कहा, हाँ!! न्यूज़ पेपर्स में पढ़ा था। वह आदमी बोला, उसने अपने आप को एक मौका दिया और आज देखो वह पहले से ज्यादा कामयाब है। मैंने उसकी बात सुनकर कहा, यह सब फिल्मों की बातें हैं। असल जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं होता और फिर आप की हालत भी मुझसे खस्ता लग रही है। कपड़े फटे हुए, चप्पल टूटी हुई, आंखों में टूटा चश्मा, बाल सफेद, हाथों में लकड़ी!! वैसे आप हो कौन!! और आपका नाम क्या है? मुझे अचानक से जैसे कुछ याद आया!! सुनकर वह बोला, मैं ही मनोज भटनागर हूँ!!! यह बोलकर वह बेंच पर से उठा और बोला, मैं रोज इस समय पुराने दिनों की याद करने यहाँ चला आता हूँ। और कोई मुझे मेरे उसी हाल में मिल जाता है तो उससे बातें कर लेता हूँ!! इतना कह कर उसने वापस जाते हुए मुझसे कहा – एक और मौका दे कर देखो!! शायद सब कुछ बदल जाय!! फिर मैंने देखा कि वह मनोज भटनागर ही था। बाहर जाकर एक चमचमाती कार में बैठकर वह चला गया। उसके जाने के बाद मैंने मन ही मन अपने आप को एक और मौका देने का फैसला किया। अगले दिन बैंक से अपनी समस्या बता कर थोड़ा वक्त मांगा। बैंक वाले ने मेरा रिकॉर्ड देखकर मुझे थोड़ा टाइम दिया और कुछ फाइनेंस भी किया। उससे मैंने फिर से कंपनी शुरू की और थोड़े ही समय में सब कुछ पटरी पर आने लगा। आज मैं फिर से कामयाब हूँ। तभी टीटी की आवाज से मेरा ध्यान टूटा! मैंने अपनी टिकट दिखाई। फिर मैंने देखा कि मेरा स्टेशन भी आने वाला था। कुछ देर में मेरा स्टेशन आ गया और मैं ट्रेन से उतर कर घर जाने के लिए टैक्सी ले कर चला गया!! हो सकता है आप भी जीवन की परेशानियों से इसी तरह हताश, निराश, किसी रेलवे स्टेशन, पार्क या निर्जन स्थान पर बैठे हों। हो सकता है आपके पास कोई मनोज भटनागर न आये! लेकिन फिर भी, अपने लिए, अपने परिवार के लिए, क्या आप भी तैयार हैं, खुद एक मौका और देने के लिए!!! याद रखिये कि सहारा देने के लिए हमेशा आपको एक हाथ उपलब्ध नहीं होगा! हो सकता है आपको खुद को ही सहारा देना पड़े। आखिरी दम तक टूट कर बिखरने से पहले एक बार फिर से सम्भलने की कोशिश जरूर कीजियेगा। ******

  • आवरण

    सुमन द्विवेदी धाड़… धाड़… धाड़… सविता का कलेजा तेज़ी से धड़कने लगा। ऐसा लग रहा था जैसे वह बहुत दूर से दौड़ कर आ रही हो। ठंड के मौसम में भी उसके कानों के पीछे पसीने की बूंदें चुहचुहा आई थीं। जो कुछ भी उसकी आंखें देख रही थीं, उस पर वह स्वप्न में भी विश्‍वास नहीं कर सकती थी। विश्‍वास! हां विश्‍वास ही तो किया था उसने कामिनी पर। सगी बहन से भी ज़्यादा विश्‍वास। वही कामिनी विश्‍वास की इमारत को गिरा इतनी रात देवेश के कमरे में जा रही थी। पतन की पराकाष्ठा! छल की प्रत्यंचा पर चढ़ा बाण सविता की अंतरात्मा को बींधे डाल रहा था। क्रोध की अधिकता से उसने अपनी आंखें बंद कर लीं, तो पिछले दो माह की घटनाएं क्षणांस में आंखों के सामने तैर गईं। “हेलो।” उस दिन मोबाइल की रिंग सुन उसने फोन उठाया। “हेलो सवि कैसी हो?” उधर से अपनत्व भरा स्वर सुनाई पड़ा। “अरे कामिनी तू? कैसी है? कहां चली गई थी? इतने वर्षो बाद आज मेरी याद कैसे आ गई? तू बोल कहां से बोल रही है?” सविता ने एक सांस में प्रश्‍नों की झड़ी लगा दी। वह अपने बचपन की सहेली कामिनी को पहचान गई थी। “इतने सारे प्रश्‍न एक साथ…” कामिनी खिलखिलाकर हंसी। फिर बोली, “अच्छा चल, सभी के उत्तर सुन। मैं तेरे शहर से ही बोल रही हूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। भले ही वर्षो से हमारी मुलाक़ात न हुई हो, लेकिन मैं तुझे एक पल के लिए भी भूल नहीं सकी हूं। कुछ और पूछना है तो बता?” “बहुत कुछ पूछना है तुझसे। शायद इतना कि तू बता भी न सकेगी। अरे बचपन की दोस्ती को तूने एक झटके में तोड़ दिया और फिर पलट कर भी नहीं देखा। क्या खता थी मेरी? कौन-सा गुनाह किया था मैंने?” बोलते-बोलते सविता का स्वर भारी हो गया। “जब हम मिलेंगे, तब धीरे-धीरे तू स्वयं सब कुछ जान जाएगी, मेरे बताने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वैसे इसमें खता तेरी नहीं, बल्कि मेरी ही थी।” कामिनी का भी स्वर भारी हो गया। “तू हैदराबाद कब आई और यहां कब तक रहेगी?” “इन्होंने हैदराबाद की एक बड़ी कंपनी को टेकओवर किया है और अब हम लोग यहीं रहेंगे।” “तब तो बहुत मज़ा आएगा। शाम को तुम लोग घर आ जाओ। देवेश भी तुम्हें देख कर बहुत ख़ुश होंगे।” सविता उत्साह से भर उठी। “मैं अकेले आ जाऊंगी।” “और जीजाजी?” “वे नहीं आ पाएंगे। नया शहर और नया काम है, इसलिए उनकी व्यस्तताएं बहुत ज़्यादा हैं।” कामिनी ने ठंडी  सांस भरी। “ठीक है तू ही आ जा। जीजाजी से बाद में मिल लूंगी। वैसे उनसे मिलने का बहुत मन है। मैं भी तो देखूं कि वो कौन है कामदेव का अवतार जिसने हमसे हमारी हुस्न परी को छीन लिया है।” सविता हंसते हुए बोली। अचानक फोन कट गया। सविता ‘हेलो हेलो…’ करती रह गई। उसने कई बार कोशिश की, लेकिन कामिनी का मोबाइल स्विच ऑफ था। उसे कामिनी से बहुत सारी बातें पूछनी थीं, लेकिन अब शाम की प्रतीक्षा करने के अलावा और कोई चारा न था। कामिनी और सविता में बचपन से दांत काटी दोस्ती थी। सविता की शादी पहले हो गई थी। उसकी कोई बहन नहीं थी, लेकिन कामिनी ने कभी उसे बहन की कमी महसूस नहीं होने दी थी। उसकी शादी में भी उसने नटखट साली की भूमिका बख़ूबी निभाई थी। जूता चुराने से लेकर दरवाज़ा रोकने की रस्म पूरी करते-करते उसने देवेश को नाकों चने चबवा दिए थे। ससुराल जाने के बाद भी सविता और कामिनी के मधुर संबध बने रहे। सविता जब मायके आती दोनों दिनभर साथ रहतीं। देवेश की खातिरदारी की ज़िम्मेदारी भी कामिनी अपने ही सिर ले लेती थी। फिर अचानक सब कुछ बिखर-सा गया। कामिनी ने बिना किसी कारण सारे सम्पर्क सूत्र तोड़ लिए थे। उड़ते-उड़ते ख़बर मिली थी कि किसी अरबपति से कामिनी का विवाह हो गया है। उसके पति रवि के माता-पिता का काफ़ी पहले देहांत हो गया था। अनाथ रवि ने ट्यूशन करके पढ़़ाई पूरी की थी। इंजीनियरिंग के दौरान ही उसने एक नया सॉफ्टवेयर बना लिया था। दो साल नौकरी करने के बाद उसने अपना स्टार्टअप शुरू कर दिया। आई.टी. इंडस्ट्री ने उसके बनाए सॉफ्टवेयर को हाथोंहाथ ले लिया था। रवि की कंपनी सफलता के नित नए कीर्तिमान स्थापित करने लगी थी। एक समारोह में कामिनी को देख उन्होंने स्वयं उसके माता-पिता से उसका हाथ मांग लिया था। बिना दहेज के अपनी बेटी का विवाह एक मल्टी मिलेनियर से कर कामिनी के माता-पिता अभिभूत थे। कामिनी का विवाह अरबपति से हुआ है, ये जान सविता को बहुत प्रसन्नता हुई थी। किन्तु उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि आख़िर कामिनी ने उसे अपने विवाह की सूचना क्यों नहीं दी? उसका दिल यह मानने के लिए तैयार नहीं था कि अकूत पैसेवाले से विवाह होने के कारण उसकी सहेली के मन में घमंड आ गया होगा। वैसे इस रहस्य पर से आज पर्दा उठ ही जाएगा। सविता ने जब देवेश को कामिनी के आने की सूचना दी, तो उनका चेहरा भी प्रसन्नता से खिल उठा। उन्होंने कहा, “तुमने पूछा कि उसने अपनी शादी में हम लोगों को क्यों नहीं बुलाया और इतने दिनों तक सम्पर्क क्यूं नहीं रखा?” “पूछा था, लेकिन उसने बताया नहीं। कहने लगी कि धीरे-धीरे स्वयं सब जान जाओगी।” सविता के स्वर में  न चाहते हुए भी उदासी उभर आई। “ज़रूर कोई ख़ास बात होगी, लेकिन अगर वह स्वयं न बताना चाहे तो तुम भी कुछ मत पूछना।” सविता, देवेश की राय से सहमत नहीं थी, फिर भी उसने इस संबंध में चुप रहने का ही निश्‍चय किया। कामिनी आते ही किसी बच्चे की तरह सविता के गले से लिपट गई। उसका प्यार देख सविता की आंखें छलछला आईं। सारे गिले-शिकवे पल भर में दूर हो गए। कामिनी के पीछे उसका वर्दीधारी शोफर ढेर सारे पैकेट लिए खड़ा था। “ये सब क्या है?” “तेरे लिए साड़ी, जीजाजी के लिए सूट और सनी के लिए खिलौने और चॉकलेट।” कामिनी ने बताया। “अरे, इसकी क्या आवश्यकता थी।” सविता अचकचा उठी। उपहारों  की पैकेजिंग देख उसे उनकी क़ीमत का  अंदाज़ा हो गया था। “चुप्प, दादी अम्मा की तरह भाषण मत झाड़ और सनी को बुला।” कामिनी ने साधिकार डपटा। सनी चंद क्षणों तक तो शर्माता रहा, लेकिन कामिनी की मीठी-मीठी बातों और उपहारों ने उसकी झिझक दूर कर दी। वह उसकी गोद में ऐसे चढ़ कर बैठ गया जैसे बहुत पुरानी जान-पहचान हो। थोड़ी देर बाद जब सविता चाय बनाने के लिए उठी तो कामिनी ने ज़बरदस्ती उसे सोफे पर ढकेलते हुए कहा, “तू यहीं बैठ, चाय मैं बना कर लाती हूं।” “तू चाय बनाएगी?” “क्या मैं नहीं बना सकती? क्या मेरे हाथ-पैर टूट गए हैं?” कामिनी ने आंखें तरेरी। “अरे तू मेहमान है…” “मेहमान होगी तू…” कामिनी ने सविता के गालों पर चुटकी काटी, फिर आंखें नचाते हुए बोली, “इतने दिनों से जीजाजी की सेवा तू कर रही है। आज मुझे कर लेने दे।” कामिनी ने यह बात ऐसे अंदाज़ में कही कि सविता मुस्कुरा कर रह गई और देवेश ठहाका लगाते हुए बोले, “भाई, साली साहिबा के नाज़ुक हाथों के बने स्वादिष्ट व्यंजन खाए एक ज़माना बीत गया है। जल्दी कीजिए, मेरे मुंह में पानी आ रहा है।” “चिंता मत करिए, आज ऐसे व्यंजन खिलाउंगी कि उंगलियां चाटते रह जाइएगा।” कामिनी मुस्कुराई। “किसकी? अपनी या तुम्हारी।” देवेश ने नहले पर दहला जड़ा। इसी के साथ एक सम्मिलित ठहाका गूंज पड़ा। कामिनी थोड़ी ही देर में गर्मागर्म पकौड़ियां और चाय बना लाई। देवेश ने एक पकौड़ी उठाकर मुंह में रखी और कामिनी की ओर देख मुस्कुराते हुए बोले, “अरे वाह, मज़ा आ गया। ये तो तुम्हारी ही तरह स्वादिष्ट हैं।” “एक पकौड़ी मेरे हाथ से खाकर देखिए, स्वाद और बढ़ जाएगा।” कामिनी ने बड़े इसरार के साथ एक पकौड़ी  देवेश की ओर बढ़ाई। देवेश ने बड़ा-सा मुंह फैलाकर गप्प से पकौड़ी मुंह में रख ली, पर अगले ही पल उनके मुंह से सिसकारी निकल गई और वे चीखने लगे। “क्या हुआ जीजाजी।” कामिनी ने मासूमियत से पलकें झपकाईं। “हाय मार डाला। पकौड़ी में मिर्च ही मिर्च भर दी हैं।” देवेश सिसकारी भरते हुए बोले। जलन के कारण उनका चेहरा लाल हो गया था। उसकी हालत देख दोनों सहेलियां खिलखिला कर हंस पड़ीं। काफ़ी देर तक यूं ही हंसी-मज़ाक होता रहा। डिनर कर कामिनी वापस चली गई। उसकी संगत में समय कितनी जल्दी बीत गया, पता ही नहीं चला। इतने वर्षो की रहस्यमय चुप्पी के बारे में न तो सविता ने कुछ पूछा और न ही कामिनी ने कुछ बताया। अगले दिन कामिनी फिर आई, तो सनी के लिए ढेर सारी मिठाई और चॉकलेट ले आई। उसके बाद दो दिनों तक वह नहीं आई। रविवार की सुबह वह बिना बताए ही आ गई और बोली, “चलो आज लुंबनी पार्क में पिकनिक मनाते हैं। बहुत नाम सुना है उसका।” “अगर तू पहले बता देती, तो मैं लंच तैयार कर लेती।” सविता ने टोका। “उसकी चिंता मत कर। मैंने ताज में लंच पैक करने के लिए फोन कर दिया है। रास्ते में ले लेंगे।” कामिनी ने बताया। यह सुन सविता का चेहरा फक्क हो गया। वह जानती थी कि पांच सितारा ताज शहर का सबसे महंगा होटल है। वहां का लंच लेने में पूरे महीने का बजट गड़बड़ा जाएगा। ऐसा ही कुछ देवेश भी सोच रहे थे। “क्या हुआ, आप लोग इस तरह मुंह लटका कर क्यों बैठे हैं? फटाफट तैयार हो जाइए।” कामिनी ने टोका। सविता की समझ में नहीं आया कि क्या कहे। तभी देवेश ने गंभीर स्वर में कहा, “कामिनी, तुम हमारे परिवार की सदस्य की तरह हो, इसलिए मैं तुमसे कुछ छुपाना नहीं चाहता।” “मैं कुछ समझी नहीं।” कामिनी अचकचा उठी। “मैं एक मध्यमश्रेणी का वेतन भोगी इंसान हूं। मेरी इतनी हैसियत नहीं कि पांच सितारा होटल में सबको लंच करा सकूं।” “इसकी चिंता मत करिए, आज का लंच मेरी तरफ़ से है। प्लीज़ ये मत कहिएगा कि बड़ा होने के नाते यह अधिकार आपका ही है। क्या मेरा कोई अधिकार नही?” कामिनी ने उसकी बात काटते हुए कहा। उसकी आंखें अचानक छलछला आई थीं। उसकी आंखों से छलक रहे अश्रुकणों को देख देवेश आवाक रह गए। वे अपनी भूमिका तय नहीं कर पा रहे थे। तभी कामिनी ने गंभीर स्वर में कहा, “आपको शायद पता नहीं कि हम पति-पत्नी ने अपने-अपने कामों का बंटवारा कर रखा है। वे स़िर्फ कमाते हैं और मैं स़िर्फ ख़र्च करती हूं। भरसक प्रयत्न करती हूं कि धन से उफनाती उनकी गागर को खाली कर दूं, लेकिन लगता है उसमें सागर समाया हुआ है, जो कभी खाली ही नहीं होता। मैं गैरों पर पानी की तरह पैसे बहाती हूं, लेकिन आप लोग तो मेरे अपने हैं। आपके लिए कुछ करके मुझे रूहानी ख़ुशी हासिल होती है। प्लीज़, मुझसे ये ख़ुशी मत छीनिए।” कहते-कहते कामिनी फफक पड़ी। उसका यह रूप देवेश और सविता के लिए नितान्त अप्रत्याशित था। बहुत मुश्किल से वे उसे चुप करा सके। वातावरण काफ़ी गंभीर हो गया था, किन्तु लुंबनी पार्क तक पहुंचते-पहुंचते कामिनी सामान्य हो गई थी। सनी को गोद में उठा वह बहुत उत्साह के साथ सभी चीज़ों को दिखा रही थी। आधा पार्क घूमने के बाद सभी एक फव्वारे के पास बैठ गए। सविता और कामिनी ने मिलकर लंच लगा दिया। खाना बहुत ही स्वादिष्ट था। देवेश ने उसकी तारीफ़ करते हुए कहा, “कामिनी, अगर तुम्हारे पति भी साथ आए होते, तो मज़ा दोगुना हो जाता।” अचानक कामिनी के मुंह में कौर अटक गया। खांसते-खांसते उसका ख़ूबसूरत चेहरा लाल हो गया। सविता ने मिनरल वॉटर की बोतल उसकी ओर बढ़ा दी और उसकी पीठ सहलाने लगी। पानी पीने से कामिनी को कुछ राहत मिली। इस बीच बातचीत का विषय बदल गया था। पिकनिक से वापस घर लौटने पर सविता ने कहा, “अगली बार जीजाजी को साथ लेकर ही आना।” “क्या मैं अकेले नहीं आ सकती?” कामिनी ने अपनी पलकें उठाईं। “मेरा यह मतलब नहीं था। दरअसल, उनसे मिलने का बहुत मन था।” “वे बहुत व्यस्त रहते हैं। इधर-उधर जाने का समय ही नहीं निकाल पाते।” कामिनी ने बताया। “अब ऐसी भी क्या व्यस्तता कि इंसान अपनों से एक बार भी मिलने का समय न निकाल सके?” सविता के स्वर में उसका रोष झलक उठा। “अब तुम्हें कैसे समझाऊं।” कामिनी ने ठंडी सांस भरी फिर बिना कुछ कहे चली गई। सविता को उसका व्यवहार बहुत अजीब-सा लगा। वह देवेश की ओर मुड़ते हुए बोली, “लगता है कि रवि जी को अपने पैसों पर बहुत घमंड है। तभी हम लोगों से मेलजोल नहीं रखना चाहते।” “ऐसी बात नहीं है। रवि जी तो बहुत अच्छे इंसान हैं। घमंड तो उन्हें छू भी नहीं गया है।” “क्या आप उन्हें जानते हैं?” “हां, उनकी कंपनी का खाता मेरे बैंक में ही है। वे अक्सर वहां आते रहते हैं। मैनेजर से लेकर पूरा स्टाफ उनकी बहुत इज़्ज़त करता है। वे सेल्फमेड आदमी हैं। शून्य से शिखर तक पहुंचने की उनकी कहानी किसी के लिए भी प्रेरणा का काम कर सकती है।” देवेश ने बताया। “आपने अभी तक उन्हें घर आने का निमंत्रण क्यूं नहीं दिया?” सविता के स्वर में रोष उभर आया। “जब तक कामिनी स्वयं उनसे हमारा परिचय न करा दे, तब तक अपनी तरफ़ से परिचय गांठना ठीक नहीं होगा। पता नहीं क्या बात है, जो कामिनी उनसे हमारी दूरी बनाए रखना चाहती है।” देवेश ने समझाया। सविता को कोई जवाब नहीं सूझा, तो चुप हो गई। कामिनी का उसके घर आना-जाना पूर्ववत जारी था। जब भी आती, ऐसा घुल-मिल जाती जैसे इसी परिवार की सदस्य हो। लेकिन भूल कर भी किसी को अपने घर चलने के लिए न कहती। न ही कभी रवि को साथ लेकर आती। सविता का मन कभी-कभी क्रोध से भर उठता। किन्तु कामिनी का निश्छल व्यवहार देख चुप रह जाती। एक दिन सुबह वह कपड़े फैलाने छत पर गई, तो सीढ़ियों से पैर फिसल गया। फ्रैक्चर तो नहीं हुआ, किन्तु चोट काफ़ी लगी थी। कामिनी को ख़बर मिली, तो भागी-भागी आई। सविता को दवा देने से लेकर सनी को खिलाने-पिलाने तक की ज़िम्मेदारी उसने संभाल ली। उसके आ जाने से देवेश को काफ़ी राहत मिल गई थी, वरना उनके तो हाथ-पैर ही फूल गए थे। सविता को काफ़ी दर्द हो रहा था, अत: कामिनी रात में वहीं रुक गई। उसके पति तीन दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। सविता ने कामिनी को अपने साथ बेडरूम में सुला लिया। देवेश ड्रॉइंगरूम में दीवान पर सो गए। देर रात कुछ आहट सुन सविता की आंख खुली, तो उसने कामिनी को दबे पांव ड्रॉइंगरूम की ओर जाते देखा। आहिस्ता से दरवाज़ा खोल कामिनी भीतर घुसी, फिर बहुत सावधानी से दरवाज़े को बंद कर लिया। सविता का कलेजा बुरी तरह धड़क उठा। माथे पर पसीने की बूंदें छलछला आईं और सांसें फूलने-सी लगीं। जिस नग्न सत्य की वह स्वप्न में भी कल्पना नहीं कर सकती थी, वह पूर्ण प्रचंडता के साथ सामने उपस्थित था। कामिनी का रोम-रोम सुलग उठा। वह बिस्तर से उठकर दरवाज़े के क़रीब पहुंची और उसकी झिर्री पर अपनी आंख लगा दी। दीवान पर लेटे देवेश के चेहरे पर अभूतपूर्व शांति छाई हुई थी। कामिनी उनके बगल में लेट गई और अपना हाथ देवेश के चौड़े सीने पर रख दिया। देवेश के चेहरे पर मुस्कान तैर गई और उसने कामिनी को अपनी बांहों में समेट लिया। उनका यह रूप देख सविता का खून खौल उठा, कामिनी को वह अपनी बहन मानती थी और वह उसकी आंखों में धूल झोंक वासना का गंदा खेल खेल रही थी। देवेश पर उसने हमेशा अपने से ज़्यादा विश्‍वास किया था और वह उसके साथ इतना बड़ा विश्‍वासघात कर रहा था। क्रोध की अधिकता से सविता की मुट्ठियां भिंच गईं। उसने दरवाज़ा खोलने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, तभी देवेश ने अपनी आंखें खोलीं और कामिनी को देख हड़बड़ाते हुए उठ बैठे और आश्‍चर्य से बोले, “कामिनी तुम?” “हां मैं।” कामिनी फुसफुसाई। सविता के बढ़े हुए हाथ अपनी जगह रुक गए। तभी देवेश का स्वर सुनाई पड़ा, “तुम यहां क्या कर रही हो?” “जीजाजी, आज की रात के लिए मुझे अपना बना लीजिए।” “ये तुम क्या कह रही हो?” देवेश झटके से दीवान से नीचे उतर पड़े। “मुझे निराश मत करिए। जब से हैदराबाद आई हूं, इसी मौ़के की तलाश में थी। आज जाकर अवसर मिल पाया है।” कामिनी ने देवेश का हाथ थाम लिया। देवेश ने उसका हाथ झटक दिया और नफ़रत भरे स्वर में बोले, “शर्म आनी चाहिए तुम्हें। अगर शरीर की आग ही बुझानी थी, तो दुनिया में मर्दों की कौन-सी कमी थी, जो अपनी बहन जैसी सहेली के मांग के सिंदूर को कलंकित करने चली आयी हो?” “आप मुझे ग़लत समझ रहे हैं।” कामिनी का स्वर कातर हो उठा। “तुम्हारा यह रूप देखने के बाद अब समझने को रह ही क्या जाता है… ” देवेश के स्वर से  उनकी  घृणा  टपक  रही थी। “अभी बहुत कुछ समझना बाकी है।” कामिनी ने सिसकारी-सी भरी फिर बोली, “मैं तन की प्यास बुझाने आपके पास नहीं आई थी।” “तो फिर?” “अपनी वंश बेल चलाने के लिए मुझे एक बच्चा चाहिए। मैं कोई बाज़ारू औरत नहीं हूं, जो किसी ऐरे-गैरे मर्द को अपने शरीर पर हाथ लगाने दूंगी। आप मुझे अपने लगे थे, इसीलिए आपसे अपनी कोख के लिए वरदान चाहती थी।” कामिनी नज़रें झुकाते हुए बोली। शर्म और अपमान से उसका चेहरा लाल हो रहा था। “क्या रवि बाबू में कोई कमी है?” “नहीं वे एक शक्तिशाली पुरुष हैं और अपनी इस शक्ति का भरपूर प्रयोग मुझ पर करते रहते हैं। शादी के पहले वर्ष ही मैं उनके बच्चे की मां बनने वाली थी, लेकिन मैंने उन्हें बताए बिना एर्बाशन करवा दिया था। उसके बाद से मैं पूरी सावधानी बरतती हूं।” कामिनी ने अंगूठे से फ़र्श खुरचते हुए बताया। “तुम क्या कह रही हो, मेरी तो कुछ समझ में ही नहीं आ रहा? अगर रवि बाबू पूर्णतया सक्षम हैं, तो तुम्हें दूसरा सहारा खोजने की क्या आवश्यकता है?” देवेश झल्ला उठे। “आप मेरे पति को नहीं जानते, इसीलिए ऐसा कह रहे हैं।” “मैं उनको अच्छी तरह जानता हूं। उनका खाता हमारे ही बैंक में है। वे अक्सर हमारे यहां आते रहते हैं। तुमने उनसे हमारा परिचय नहीं करवाया था, इसलिए मैंने भी उनसे कभी कुछ नहीं कहा।” “आप उन्हें जानते हैं फिर भी मुझसे कारण पूछ रहे हैं?” कामिनी का स्वर आश्‍चर्य से भर उठा। “कामिनी, पहेलियां मत बुझाओ। साफ़-साफ़ बताओ बात क्या है।” देवेश खीजते हुए बोले। उनकी अकुलाहट बढ़ती जा रही थी। कामिनी के चेहरे पर दर्द की रेखाएं तैर गईं। उसने अपनी आंखें बंद कर ली। ऐसा लग रहा था जैसे उसके अंदर कोई संघर्ष चल रहा हो। चंद क्षणों पश्‍चात उसने अपनी आंखें खोलीं, फिर भारी स्वर में बोली, “उन्होंने मुझसे शादी नहीं की है, बल्कि अपने पैसों के दम पर ख़रीदा है। दुनिया की कोई भी औरत उनके जैसे काले कलूटे व्यक्ति से शादी नहीं करना चाहेगी, लेकिन मेरे मां-बाप को उनके पैसों के चकाचौंध के आगे कुछ भी दिखाई नहीं पड़ा। मैं उनके साथ घर के बाहर कदम नहीं रख सकती, क्योंकि लोग हमारी बेमल जोड़ी को देखकर जब मुस्कुराते हैं, तब मेरा दम घुटने लगता है।” इतना कहकर कामिनी पल भर के लिए रुकी, फिर बोली, “औरत अपने पति को प्यार किए बिना ज़िंदा रह सकती है, लेकिन अपनी संतान को प्यार किए बिना ज़िंदा नहीं रह सकती। यह सोच कर मेरा कलेजा दहल उठता है कि अगर मेरी औलाद भी अपने बाप की ही तरह कुरूप हुई और मैं उसे भी प्यार न कर सकी, तो क्या होगा? अपने बाप के कारण उस मासूम को अकारण ही दंड भोगना पड़ेगा, इसलिए मैंने आज तक रवि के बच्चे को जन्म नहीं दिया।” यह सुन देवेश का चेहरा संज्ञाशून्य-सा हो गया। ऐसा लग रहा था जैसे वे किसी तूफ़ान का सामना कर रहे हों। चंद क्षणों पश्‍चात उन्होंने अपने को संभाला और कामिनी की आंखों में झांकते हुए बोले, “मैं तुम्हें बहुत समझदार समझता था, लेकिन तुम भी स़िर्फ बाहरी सुंदरता पर विश्‍वास करती हो। प्रतिभा, योग्यता और शराफ़त जैसे शब्द तुम्हारे लिए अर्थहीन हैं?” “आप कहना क्या चाहते हैं?” कामिनी अचकचा उठी। “रवि की आरम्भिक दरिद्रता, उनके परिश्रम, स्वावलंबन और सफलता की कहानी आज देश के सभी उद्योगपतियों की ज़ुबान पर है। पूरा समाज उस प्रतिभा सम्पन्न व्यक्ति को सम्मान की दृष्टि से देखता है। हर संघर्षशील व्यक्ति उन्हें अपना आदर्श मानता है, लेकिन सफलता के शिखर पर बैठा वह व्यक्ति तुम्हारी दृष्टि में इतना हीन है, मुझे मालूम न था।” देवेश ने एक-एक शब्द पर ज़ोर देते हुए कहा। फिर गहरी सांस भरते हुए बोले, “तुम्हारी भावनाएं क्या हैं तुम्हीं जानो, लेकिन मैं एक बच्चे का बाप हूं और इस हैसियत से कह सकता हूं कि दुनिया का हर बाप चाहेगा कि उसका बच्चा रवि बाबू जैसा ही सुयोग्य हो। वह इंसान घृणा का नहीं, बल्कि पूजा के योग्य है, लेकिन तुम…” देवेश ने अपना वाक्य अधूरा छोड़ दिया था, लेकिन उसके निहितार्थ ने कामिनी की अंतरात्मा तक को झकझोर दिया था। उसके होंठ कांप कर रह गए, वह चाहकर भी कुछ कह नहीं पा रही थी। तस्वीर का जो रुख देवेश ने प्रस्तुत किया था, उस ओर आज तक उसने देखा ही न था। अपनी बात का प्रभाव होता देख देवेश ने स्नेह भरे स्वर में समझाया, “नारी, पुरुष की अर्धांगिनी होती है। रवि बाबू सर्वगुण सम्पन्न हैं, स़िर्फ शारीरिक सुंदरता नामक नश्‍वर गुण की कमी है उनमें। एक अर्धांगिनी के रूप में तुम उनकी इस कमी को पूरा कर सकती हो। यदि तुम्हारी सुंदरता और उनकी योग्यता का एक अंश भी तुम्हारी संतान में आ गया, तो वह लाखों में एक होगी।” “जीजाजी…” कामिनी के होंठ कांप कर रह गए। “सूर्य की अर्धांगिनी हो तुम और जुगनुओं से अपने घर में उजियारा करना चाहती हो? अमृत कलश तुम्हारे हाथ में है और तुम विषपान को तत्पर हो? अलौकिक सौंदर्य को बिसरा कर लौकिक सौंदर्य के मोहपाश में बंधना चाहती हो?” देवेश अपने रौ में कहे जा रहे थे। किंतु उनके मुंह से निकला एक-एक शब्द कामिनी के अंर्तमन में उतरता चला जा रहा था। आज तक वह कोयले के बाहरी आवरण को ही देखती रही थी, उसके भीतर छुपे हीरे को पहचान ही नहीं पाई थी। रवि उसकी छोटी-सी-छोटी ख़ुशी का ध्यान रखते थे और उसने आज तक उन्हें जीवन की सबसे बड़ी ख़ुशी से वंचित रखा था? सोचते-सोचते कामिनी की आंखें भर आईं और वह देवेश के सामने हाथ जोड़ फफक पड़ी, “जीजाजी, मुझे माफ़ कर दीजिए। रूप के झूठे अहंकार के कारण मैं आज तक अंधेरे में भटकती रही। अज्ञानतावश मैंने अपने साथ-साथ रवि की ख़ुशियों को भी निगल डाला है, लेकिन आपने मेरी आंखें खोल दी हैं। आपका यह उपकार मैं जीवनभर नहीं भूलूंगी।” “मैंने तुम्हें हमेशा अपनी छोटी बहन की दृष्टि से देखा है। मुझे विश्‍वास है कि तुम्हारे कदम फिर कभी नहीं डगमगाएंगे।” देवेश ने स्नेह से कामिनी के सिर पर हाथ फेरा, फिर बोले, “सौभाग्यशाली हो तुम, जो तुम्हें रवि बाबू जैसे महान व्यक्ति की पत्नी और उनकी संतान की जननी होने का अवसर मिला है। मुझे विश्‍वास है कि तुम अपने वरदान को अभिशाप में बदलने की नादानी नहीं करोगी।” “मैं आपका यह विश्‍वास जीवन भर बनाए रखूंगी, लेकिन एक अनुरोध है।” “क्या?” “हमारे बीच आज जो कुछ भी हुआ, उसे सविता को मत बताइएगा।” कामिनी ने हाथ जोड़ते हुए प्रार्थना की। “पति-पत्नी का रिश्ता विश्‍वास का होता है। मैं सविता को अच्छी तरह जानता हूं, मुझे विश्‍वास है कि अगर मैं उसे पूरी बात बता दूंगा, तब भी तुम्हारे प्रति उसके व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आएगा। वह तुम्हें बहुत प्यार करती है।” “लेकिन तब मैं उसकी नज़रों का सामना नहीं कर पाऊंगी। अपनी नादानियों के कारण मैं पहले ही बहुत कुछ खो चुकी हूं। अब मैं सविता जैसी दोस्त को नहीं खोना चाहती।”  कामिनी  का  स्वर  कातर  हो  गया  और  वह  सिसक  उठी। “ठीक है, अगर तुम नहीं चाहती, तो मैं उसे कुछ नहीं बताऊंगा। अब जाओ चुपचाप सो जाओ।”  देवेश  ने  स्नेहपूर्वक  कहा। इससे पहले कि कामिनी दरवाज़े की तरफ़ बढ़ती, सविता फुर्ती से आकर बिस्तर पर लेट गई। उसकी आंखें बंद थीं, लेकिन उसमें देवेश की मुस्कुराती हुई तस्वीर कैद थी। उसकी दृष्टि में आज देवेश का कद बहुत ऊंचा हो गया था। उसे इस बात का गर्व था कि वह देवेश जैसे इंसान की पत्नी है। *****

  • लाख का शेर

    प्रवीण कुमार फारस का राजा और बादशाह अकबर बहुत अच्छे दोस्त थे। वे दोनों एक दूसरे को पहेलियाँ व चुटकले भेजा करते थे। उन्हें एक दूसरे से उपहार प्राप्त करने में आनंद प्राप्त होता था, जिससे उन्हें अपनी दोस्ती बनाये रखने में मदद मिलती थी। एक दिन बादशाह अकबर को फारस के राजा से एक बड़ा सा पिंजरा और उसमे नकली शेर तथा एक पत्र प्राप्त हुआ। पत्र में लिखा था, “क्या आपके राज्य का कोई बुद्धिमान व्यक्ति बिना पिंजरा खोले शेर को बाहर निकाल सकता है। यदि पिंजरा खाली नहीं हुआ तो मुग़ल साम्राज्य, फारस साम्राज्य की संप्रभुता के आधीन आ जाएगा।” अकबर ने उत्सुकता भरी नज़रो से एक के बाद एक सारे दरबारियों की ओर देखा और कहा, मैं जानता हूँ कि आप सभी अपने क्षेत्र में बुद्धिमान और विशेषज्ञ हैं। क्या कोई बिना पिंजरा खोले शेर को बाहर ला सकता है?” उसने फिर अपने दरबारियों की ओर उम्मीद भरी नज़रो से देखा। प्रत्येक दरबारी अपने अपने आसन पर जमा हुआ बैठा था। सारे के सारे हैरान और परेशांन थे, क्योकि यह उनकी समझ से परे था। वे एक दूसरे को देख रहे थे। वे सब निराश थे। उस दिन बीरबल दरबार में अनुपस्थित था। वह कही सरकारी कार्य से व्यस्त था। अकबर ने सोचा कि काश बीरबल इस समय यहाँ होता। उन्होंने बीरबल को बुलाने के लिए दूतो को आदेश दिया। अगले दिन अक़बर अपने सिंघासन पर आराम से बैठे हुए थे। बाकी असानो पर अधिकृत दरबारी बैठे हुए थे। एक आसन बीरबल के ना आने से खाली था। तभी बीरबल ने दरबार में प्रवेश किया। उसने झुककर बादशाह का अभिवादन किया और कहा, जहाँपनाह! मैं आप की सेवा में उपस्थित हूं। मेरे लिए क्या आदेश है?” अकबर ने संक्षेप में उसे पूरी बात बताई और फारस के राजा द्वारा भेजा गया पत्र उसके हाथ में रख दिया। बीरबल ने पत्र पढ़ा और पिंजरे की और नज़र डाली। बीरबल ने नौकर को बुलाया और एक लोहे की गरम छड़ लाने को कहा। नौकर ने तुरंत आदेश का पालन किया। बीरबल ने लोहे की गरम छड़ से शेर को छूआ। शेर उस जगह से थोड़ा सा पिघल गया। वह तब तक उसे छूता रहा जब तक पूरा शेर पिघल नहीं गया। फारस का दूत बीरबल की प्रतिभा से बहुत प्रभावित हुआ। अकबर ने बीरबल से पूछा, “तुमने कैसे जान लिया की यह शेर लाख का बना हुआ है?” “बीरबल ने उत्तर दिया हुजूर! पत्र के अनुसार यह पिंजरा बिना खोले खाली करना था। लेकिन यह नहीं कहा गया था कि शेर को बरक़रार ऱखना है। मैंने बस यह सोचने की कोशिश की यह लाख का भी बना हो सकता है।” फारस का दूत दरबारी अपने राज्य वापस चला आया और उसने बीरबल के बुद्धिमानी की एक और कहानी बताई। *****

  • लक्ष्य

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव बहुत मुश्किल से पापा ने आज मुझे आगे की पढ़ाई के लिए शहर भेजने की बात को मान लिया, अम्मा आज मैं बहुत खुश हूं प्यारी अम्मा कहकर मैं गले में लग गई। कमला भी चाहती थी कि बेटी पढ़ लिखकर अपने पैरो पर खड़ी हो तभी उसका विवाह करेंगे, लेकिन पढ़ाई के लिए शहर भेजने से डर भी लगता था कही कुछ ऊंच नीच न कर दे बिट्टो। कमला ने अनिला को पास बिठाया अब मेरी बात सुन बिट्टी। तुम हुआ़ पढ़ाई छोड़ घूमा फिरी न करियो, कौनाऊ अगर गलत बात सुनाई दी तो ऑन दिनई तुमका वापस बुलाई लाई समझी। बहुत भरोसा करके पापा तुमको पढ़ने को भेज रहे हैं। अरे मेरी अम्मा हम पढ़ाई छोड़ कुछ नही घूमा फिरी करिये मुझे पढ़कर अच्छी अफसर बनना है। घर से दूर जाने का डर भी था, परंतु आगे पढ़ने का मन भी था। इसी सब खयालों से आज मैं सो नहीं सकी। सुबह जब पक्षियों ने बोलना शुरू किया तभी उठकर अम्मा के पास आकर लेट गई। क्या हुआ बिट्टी सोई नहीं? तुम्हारे साथ सोई जाई अम्मा कहकर जो सोई तो सूरज चढ़े आंख खुली। पापा ने कानपुर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज में मेरा एडमिशन करवा दिया। पापा खुद एक अच्छे टीचर हैं। उनकी गांव में बड़ी इज्जत है। बहुत मुश्किल से एक गर्ल्स हॉस्टल में मेरे लिए जगह मिल गई। एक कमरे में दो लड़कियों को रहना था। मेरे साथ भी एक लड़की रुचिता थी। देखने में बहुत सुंदर फैशन पसंद। मेरा तो पहनना कस्बे की लड़की जैसा था। मुझे तो पढ़ना था, एस. एस. सी. की परिक्षा पास करनी थी। रूचिता की दोस्ती कुछ लड़कों से थी। वह उनके साथ घूमती रहती कभी थोड़ी बहुत पढ़ाई कर लेती। मेरा तो उद्देश्य पढ़ाई और कंप्टीशन की तैयारी था। वह अक्सर अच्छी-अच्छी गिफ्ट लेकर आती। मुझे अब उससे बचकर रहना था। वह मुझे दोस्तों के किस्से उनके साथ की मौज मस्ती सुनाती थी। मै उसके साथ फूक-फूक के कदम रखकर रह रही थी कोई दूसरा कमरा भी मुझे नही मिल रहा था। मुझे अम्मा की बात भी याद आती थी, एक कमरे में रहते उससे दूरी बनाना चाहती थी परंतु वह भी संभव नहीं हो रहा था। एक दिन वह अपने जन्म दिन की पार्टी की बात कहकर मुझे अपने साथ चलने को मजबूर करने लगी। उसने दो तीन लड़कियों के नाम बताए कि वह भी आएंगी। हम लोग एक रेस्टोरेंट में चाय पार्टी करेंगे। मेरी दोस्त ने केक बनने को ऑर्डर किया है प्लीज तुम भी चलो। मैने साथ रहते हुए नही जाना ठीक नही समझा। मैं उसके साथ चली गई उसकी दो लड़कियां दोस्त थी और तीनों के ब्वॉय फ्रेंड थे। मुझे बहुत अजीब लग रहा था। मुझे डर लग रहा था कि कहीं मेरे घर का या पास का कोई मुझे देखेगा और पापा से कहेगा कि मैं यहां मस्ती कर रही हूं तो क्या होगा? मेरे सिर में बहुत दर्द है, मुझे उलटी आ रही है, मुझे रूम पर जाना है। रेस्टोरेंट से निकल कर एक ऑटो रोका और मैं उनसे बचकर अपने कमरे पर आ गई। हॉस्टल के नियम सख्त थे। उसके दोस्त कमरे में नही आ सकते थे। वह मुझे साथ चलने को कहती तो मैने उसे साफ कह दिया मेरे पापा अम्मा ने मुझे पढ़ने बहुत विश्वास के साथ भेजा है, कोई घूमने मौज करने नही। किसी तरह एक साल बीता। अगली साल हमारी तरह की लड़की के रूम में जगह खाली होने पर मैं उसके साथ रहने लगी। अनीता हमारी संस्कृति और सोच की लड़की थी। हम दोनों का उद्देश्य भी एक था। मेहनत और लगन से हमारा लक्ष्य पूरा हुआ था। आज अम्मा और पापा के आखों में खुशी के आंसू थे। सार : एकाग्रता, समर्पण और लगन ही वह गुण हैं, जिसको अपना कर हम मनचाही सफलता प्राप्त कर सकते हैं। ******

  • आदर

    रमा कांत द्विवेदी ट्रेन से उतर मैं और दादी ने गाँव  की बस पकड़ी। बस भी गाँव के अंदर तक कहाँ जाती थी। सरकारी योजना के तहत बनी पक्की सड़क ने हम दोनों को करीब गाँव से छः किलोमीटर की दूरी पर उतार दिया। सड़क के किनारे बिसना बैल गाड़ी लिये खड़ा हुआ था। दादी के उसने पैर छुए। बिसना दादी के देवर का पोता। बैलगाड़ी में बैठ दादी मुझसे बोली - "बिटिया! हमाई बैग से चादर निकाल दो सफेद वाली।" उन्होंने चादर सिर पर से ओढ़ ली। बैलगाड़ी कच्चे पक्के रास्ते से हिचकोले खाते गाँव की तरफ चल पड़ी। दादी, अपलक उन रास्तों को देख रही थी। अपनी यादों से जैसे आज को जोड़ रही हों। दो दिन हुए मैने अपनी कंपनी से आते ही दादी को सूचना दी - दादी चलो आपको आपके गाँव घुमा लाते हैं। मेरी चार दिन की छुट्टी स्वीकृत हो गई है। "खुशी से दादी का चेहरा भर गया। बहुत दिनों से ज़िद कर रहीं थीं। गाँव, अपने ससुराल जाने की। मैने मज़ाक मे कहा भी था - दादी, लड़कियाँ तो मायके की याद करती हैं, आप ससुराल की याद करती हो।" "बिटिया मायका तो ऐसा, कि हमें भाई का सहारा रहा। चौदह साल के ब्याह के ससुराल आ गये। बीस साल तुम्हारे दादा जी के साथ वहीं रहे। उनकी यादें बसी हैं वहाँ। तुम्हारे पापा दस बरस के रहे होँगे तब। तुम्हारे दादा जी को एक रोज ताप चढ़ा, हकीम जी को दिखाया दो दिन दवा ली होगी। कोई आराम नही आया। बस चटपट सब निपट गया। तुम्हारे पापा के मामा आके हम मां बेटे को शहर ले आये।" मैने जबसे होश सम्भाला, हमेशा दादी को सफेद कलफ की साड़ी, माथे पर चन्दन का गोल टीका, हाथ मे बंधी घड़ी, इस रुप मे ही देखा। इकहरा बदन, गोरा रंग, चेहरे पर तेज दिखाई पड़ता। जीवन का संघर्ष व्यक्ति को तपा कर कंचन बना देता है। भाई ने उन्हें प्राईवेट पढ़ाया। प्राईमरी स्कूल में शिक्षिका की नौकरी मिली। अब दादी रिटायर है। पापा कॉलेज मे प्रोफेसर है। मम्मी गृहिणी है। मेरा छोटा भाई इंटर कॉलेज में पढ़ रहा है। अस्सी बरस की दादी कई दिनों से गाँव जाने की रट लगाए थीं। पापा के पास समय नहीं, मम्मी छोटे भाई की पढ़ाई के कारण, कुछ खुद की अस्वस्थता के चलते, जाने में असमर्थ थीं। गाँव के रास्ते में पड़ती अमराई, पोखरो मे सिंघाड़े तोड़ते बच्चे, कुओं से पानी भरती औरतें, दादी अपनी आँखों में भर लेना चाहती थी। बड़े दिनों की प्यासी आँखे तृप्त होना चाहती थी। पैतीस की उम्र में छोड़ा गाँव अस्सी की उम्र में बहुत बदल गया था। दादी से बड़ी उम्र के अधिकतर लोग दुनियाँ छोड़ चुके थे। छोटे बच्चे बूढ़े हो गये थे। बैल गाड़ी घर के सामने आकर रुकी। दादी ने लम्बा सा घूँघट खींच लिया। मैं हँसी बोली--दादी तुमसे बड़े तो यहाँ कोई है नहीं। तुम्हारे बराबर, और तुमसे छोटे ही यहाँ पर होँगे। फिर ये घूँघट किसके लिये।" "बिटिया, ये जो घर है न, घूँघट डाल के इसमे आईं थीं हम। जब तेरे पापा को लेकर निकली तब भी घूँघट था। ये घर, ये गाँव तो मुझ्से बड़ा है न। बस इसी के आदर सम्मान में मैने सिर पर चादर डाली है। *****

  • तारीफ़

    चंदन जेडी   “यार, तुम ना पराँठे कितने करारे कर देती हो। जल्दबाजी बहुत करती हो, गैस को तेज़ मत रखा करो। मीडियम पर सिकते हैं पराँठे और पकौड़े तो।” नीरजा कुछ न बोली बस चुपचाप गैस की ऑंच मीडियम कर दी। “सब्ज़ियों में तड़का मारो, तब मसालों की ख़ुशबू आएगी और हाँ, मसालों को थोड़ी देर तेल में रहने दिया करो, तुरंत सब्ज़ियॉं मत डाला करो।” “जब भी पुलाव बनाओ तो उसे चमचे से खोंसा मत करो। काहे की जल्दी में रहती हो भई तुम।” ये कुछ ऐसे डायलॉग्स हैं जो शायद हर उस घर में सुनाई देते होंगे जहॉं पर मर्द को खाना बनाना आता होगा। अब नीरजा विनोद को कैसे समझाएँ कि घर में कुल मिलाकर सात लोग हैं और अगर वो एक पराँठे पर 5-7 मिनट लगाएगी तो घरवाले उसे खा जाएँगे। विनोद अच्छा खाना बनाता है पर बनाता कितना है…. दो पकौड़े, एकाध पराँठे, कभी-कभार चाय और कभी बनती हुई सब्ज़ी में आकर चम्मच हिला जाना... बस। पर नुक़्स निकालना तो आदत सी हो गई है। पिछली बार जब नीरजा की ननद आयी थी तो भाई की तारीफ़ करके बोली, “कुछ भी कहो भैया के हाथों में जो स्वाद है वो भाभी के हाथ में नहीं।” “अरे! खाना बनाना एक आर्ट है और नीरू तो बस उसे काम समझ कर पूरा करती है। जब तक हम खाना बनाने को काम समझेंगे, तब तक उसमें वो स्वाद सामने वाला कभी महसूस नहीं कर पाएगा।” विनोद गर्व से ख़ुश होकर बोला। “ऐसी बात नहीं है, खाने को बनने में जितना वक़्त लगता है मैं उतना वक़्त देती हूँ विनोद और जिस तरह की डेकोरेशन चाहिए वो भी करती हूँ। रही बात आपके अनुसार समय की तो वो पॉसिबल नहीं है। अगर मैं एक पराँठे के लिए इतना टाइम देने लगी तो बच्चे भूखे रह जाएंगे। तुम तो बिना सोचे समझे जो हाथ लगता है वो सब डाल देते हो....पर मुझे तो सबकी हेल्थ भी देखनी पड़ती है और घर का बजट भी।”  लेकिन  उसकी  भीगती  आवाज़  सी  को  सुनाई  नहीं पड़ी। “सुनो, शाम को कुछ दोस्त डिनर पर आ रहे हैं तो कुछ अच्छा और सुन्दर बनाने की कोशिश करना।” नीरजा ने पूरे मन से ढेर सारी तैयारियाँ करीं। काफ़ी कुछ बनाया। स्टार्टर, मेन कोर्स और डेजर्ट ...सब कुछ तैयार था। सब कुछ बहुत अच्छा और टेस्टी लग रहा था। बस विनोद का अप्रूवल बाक़ी था। “सुन, नीरू ने सारी तैयारियॉं कर ली हैं, पूरे दिन से लगी हुई थी।” “तो क्या हुआ? काम है उसका और फिर मैंने भी तो उसको टाइम से पहले ही बता दिया था ना तो प्रीपेयर तो होना ही था।” “हॉं, पर तू तारीफ़ ही करना उसकी....” मॉं की बात को अनसुना करता हुआ विनोद किचन में पहुँचा। बहुत अच्छी ख़ुशबू आ रही थी पर विनोद ने कहा, “ये मंचूरियन की ग्रेवी इतनी पतली क्यों बना दी। मंचूरियन बनाया है तो फिर कोफ्ते क्यूँ बनाए साथ में और कम से कम हरा धनिया तो डाल देतीं। अगर खाना देखने में अच्छा नहीं लगेगा तो खाने में भी मज़ा नहीं आएगा। पर तुम तो....कम से कम मुझसे मेन्यू डिस्कस ही कर लेती।” “विनोद, जब तक वो लोग आएँगे, मंचूरियन की ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी इसलिए पतली रखी और ये कोफ्ते मेन कोर्स के लिए है ग्रेवी बना रखी है, बाद में उसमें डालूँगी। हरा धनिया भी काट के रखा है अभी से डाल दूँगी तो काला हो जाएगा। और देखो ना, मैंने डेज़र्ट में....” “रुको नीरू....” मम्मी जी ने बीच में आकर बोला। “कोई ज़रूरत नहीं है इसको सफ़ाई देने की। विनोद, अगर तुझे ये खाना अच्छा नहीं लग रहा, सुंदर नहीं दिख रहा है तो तू उनके लिए या तो बाहर से ऑर्डर कर दें या फिर ख़ुद बना ले। ये खाना हम खा लेंगे।” ख़ैर! ऐसा तो होना नहीं था। मेहमानों को नीरजा के हाथ का बनाया हुआ खाना बहुत पसंद आया। दिल खोलकर तारीफ़ भी करी। तारीफ़ होनी भी थी क्योंकि खाना तो नीरजा अच्छा ही बनाती थी, बस विनोद को ऐसा नहीं लगता था। अगले दिन सन्डे था तो मम्मी जी ने विनोद को किचन की ज़िम्मेदारी दे दी। उनका कहना था कि विनोद पहले एक दिन उस सो कोल्ड आर्ट को करके दिखाए, जिसके बारे में वो हर दिन नीरू के पीछे पड़ा रहता है। अब सन्डे को तो विनोद सोकर लेट उठता है तो आठ बजे तक विनोद उठा। मम्मी जी-पापा जी की सुबह की चाय स्किप हुई। किसी तरह विनोद ने साढ़े आठ तक चाय चढ़ाई पर भूल ही गया कि पापा जी चाय में चीनी नहीं लेते। बच्चों को नीरजा दूध में तुलसी और अदरक उबाल कर देती है पर विनोद ने सादा दूध पकड़ाया। अब बारी आई नाश्ते की जो ब्रेड बटर से पूरी हुई। दोपहर में बच्चों ने फ़रमाइश की कि पापा आज आप खाना बना रहे हो तो हमें मिक्स वेज पकौड़ा ही चाहिए। हमेशा जब विनोद कुछ बनाने किचन में आता तो नीरजा एक सहयोगी की तरह सब कुछ रेडी रखती। उसे सिर्फ़ आकर मेकिंग करना होता पर आज तो मेकिंग से पहले कटिंग भी करना था। सब्ज़ियों की कटिंग को लेकर हमेशा नीरजा पर छींटाकशी करने वाला आज ख़ुद आलू प्याज़ की मोटाई को नज़रअंदाज़ कर रहा था। जो नीरजा से हरी मिर्च कटवाने के बजाय कुटवाता था, आज उसी ने हाथ से ही उसके तीन-चार टुकड़े करके डाल दी है। अदरक लहसुन की स्मॉल चॉपिंग के लिए उसने नीरजा की जान खा रखी थी, आज सब कुछ भूल-भाल कर बस मोटे मोटे टुकड़े डाल रहा था। “अरे अरे..!!! ये क्या कर रहा है विनोद, तू तो अपनी ही आर्ट भूल गया। तूने ही बताया था कि पकौड़ों को मीडियम पर तलते हैं और सब्ज़ियाँ भी बहुत मोटी-मोटी काटी है तूने तो। प्लेटफ़ॉर्म भी कितना गंदा कर रखा है, तुझे तो गंदा पसंद ही नहीं था और क्या तू आज सेल्फ़ी नहीं लेगा अपनी आर्ट के साथ।” “नहीं मम्मी, कहॉं इतना टाइम है कि सेल्फ़ी भी लूँ और ये सब भी करूँ। प्लेटफ़ॉर्म पड़ा रहने दें, एक साथ ही साफ़ कर लूँगा। सब्जियॉं कैसी भी कटी हो, स्वाद तो सेम ही रहेगा। बच्चे इतनी जल्दी मचा रहे हैं कि ये सब फ़ालतूगिरी करने का टाइम कहॉं.....” बोलते बोलते रुक गया। उसे नीरजा की कही हर एक बात याद आ गई। उसे समझ आ गया था कि नीरजा उसे क्या समझाना चाहती थी। “मेरी ज्ञानी माता जी और अन्नपूर्णा पत्नीजी, मैंने अपनी भूल मान ली। समझ गया कि मैं इसको दिमाग़ के आर्ट से जोड़ रहा था और तुम दिल की भावनाओं से खाना बना रही थी। मुझे माफ़ कर दो और अपना किचन सँभालो। आज के बाद तुम्हारे डिपार्टमेंट में मैं इंटरफ़ेयर नहीं करूँगा, ये मेरा वादा।” विनोद ने हाथ जोड़ लिए। “पापा, क्या आज पकौड़े मिलेंगे या बाहर से ऑर्डर करें।” सोनू की बात से सब खिलखिला उठे। ******

bottom of page