top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • तनातनी

    लक्ष्मी कांत बीते चार दिनों से दोनों में बोलचाल बंद थी। अभी सालभर भी पूरा नहीं हुआ था मोहन और सुधा की शादी को। यूं तो छोटी-छोटी नौकझोंक दोनों में कई बार हुई थी, मगर उस दिन कम्पनी से लौटे मोहन को पानी देते हुए सुधा अपनी पड़ोसन की लाई कीमती साड़ी के गुणगान करते हुए अकस्मात ही मोहन को कह बैठी। हमारी शादी को सालभर हो गया है और आपने एक अच्छी साड़ी भी लाकर दी है? हमारी पड़ोसन के मर्द उसे आए दिन साड़ियां दिलवाते रहते हैं और वो भी एक से एक मंहगी। मोहन को ये ताना तीर की गहराई से भी अधिक तेजी से चुभा। सुधा भलीभांति जानते समझते हुए भी कि उसके पीछे पूरे परिवार की जिम्मेदारी है। इकलौती कमाई आती है उसकी जिसमें उसे मां बाबूजी की दवाओं सहित छोटी बहन की पढ़ाई के साथ-साथ घर के खानेपीने हरेक चीज की खरीदारी सोच समझकर करनी पड़ती है। फिर भी ये सब, सुधा द्वारा कहे शब्दों की आंच में सारा खून छीज गया था। अपमान का पारा सिर चढ़कर तपते हुए तवे सा हो उठा था और वह कड़वे नीम सा कड़वे शब्द बोल गया था कि इतना ही नई साड़ियां पहनने का शौक था तो अपने पिता से कह दिया होता.... किसी साड़ियों की दुकान वाले से ब्याह कर देते। किसी छोटी मोटी तनख्वाह पर काम करने वाले गरीब से नहीं। लगभग तब से ही दोनों के बीच बातचीत बंद थी। तनातनी इतनी थी कि पहले वो बातचीत करें मैं क्यों करुं। वैसे दोनों एक दूसरे के काम तो भलीभांति कर रहे थे, मगर बिना कुछ कहे बोले। फिर बात चाहे शेव की कटोरी से लेकर भोजन की थाली तक क्यों ना हो... बस..... सिर्फ प्रेम और मनुहार की वे समस्त बातें अनुपस्थित थीं। जिनके बिना वे दोनों एक पल भी नहीं रह पाते थे। लेकिन आज... आज जब कम्पनी से मोहन को आदेश मिला कि उसे पन्द्रह दिनों के डेपूटेशन पर मुम्बई ऑॅफिस जाना है, तो घर आकर स्वयं को नहीं रोक पाया। रुँधे गले से भीगे शब्द निकल पड़े ... सुधा ...वो.... वो मेरा सूटकेस सहेज देना....पन्द्रह दिन के लिए मुम्बई जाना है मुझे। क्या.... मुम्बई...वो भी पन्द्रह दिनों के लिए.... और इतना बोलकर सुधा के शेष बचे शब्द आँसुओं में बह निकले। दोनों के बीच तनातनी का अहम टूट गया। दोनों ने एक–दूसरे को उन्होंने बाँहों में जकड़ लिया। उनकी आँखों से बहते गर्म आंसु आपस में ढेर सारी बातें करने लगे...... ******

  • तेंतर

    प्रेमचंद आखिर वही हुआ जिसकी आंशका थी; जिसकी चिंता में घर के सभी लोग और विषेशत: प्रसूता पड़ी हुई थी। तीनो पुत्रो के पश्चात् कन्या का जन्म हुआ। माता सौर में सूख गयी, पिता बाहर आंगन में सूख गये, और वृद्ध माता सौर द्वार पर सूख गयी। अनर्थ, महाअनर्थ भगवान् ही कुशल करें तो हो? यह पुत्री नहीं राक्षसी है। इस अभागिनी को इसी घर में जाना था। आना था तो कुछ दिन पहले क्यों न आयी। भगवान् सातवें शत्रु के घर भी तेंतर का जन्म न दें। पिता का नाम था पंड़ित दामोदरदत्त। शिक्षित आदमी थे। शिक्षा-विभाग ही में नौकर भी थे; मगर इस संस्कार को कैसे मिटा देते, जो परम्परा से हृदय में जमा हुआ था, कि तीसरे बेटे की पीठ पर होने वाली कन्या अभागिनी होती है, या पिता को लेती है या अपने कों। उनकी वृद्धा माता लगी नवजात कन्या को पानी पी-पी कर कोसने, कलमुंही है, कलमुही! न जाने क्या करने आयी हैं यहां। किसी बांझ के घर जाती तो उसके दिन फिर जाते। दामोदरदत्त दिल में तो घबराये हुए थे, पर माता को समझाने लगे—अम्मा तेंतर-बेंतर कुछ नहीं, भगवान् की इच्छा होती है, वही होता है। ईश्वर चाहेंगे तो सब कुशल ही होगा; गानेवालियों को बुला लो, नहीं लोग कहेंगे, तीन बेटे हुए तो कैसे फूली फिरती थीं, एक बेटी हो गयी तो घर में कुहराम मच गया। माता—अरे बेटा, तुम क्या जानो इन बातों को, मेरे सिर तो बीत चुकी हैं, तेंतर ही के जन्म से तुम्हारे दादा का देहांत हुआ। तभी से तेंतर का नाम सुनते ही मेरा कलेजा कांप उठता है। दामोदर—इस कष्ट के निवारण का भी कोई उपाय होगा? माता—उपाय बताने को तो बहुत हैं, पंडित जी से पूछो तो कोई-न-कोई उपाय बता देंगे; पर इससे कुछ होता नहीं। मैंने कौन-से अनुष्ठान नहीं किये, पर पंडित जी की तो मुट्ठियां गरम हुईं, यहां जो सिर पर पड़ना था, वह पड़ ही गया। अब टके के पंडित रह गये हैं, जजमान मरे या जिये उनकी बला से, उनकी दक्षिणा मिलनी चाहिए। (धीरे से) लड़की दुबली-पतली भी नहीं है। तीनों लड़कों से हृष्ट-पुष्ट है। बड़ी-बड़ी आंखे हैं, पतले-पतले लाल-लाल ओंठ हैं, जैसे गुलाब की पत्ती। गोरा-चिट्टा रंग हैं, लम्बी-सी नाक। कलमुही नहलाते समय रोयी भी नहीं, टुकुरटुकुर ताकती रही, यह सब लच्छन कुछ अच्छे थोड़े ही है। दामोदरदत्त के तीनों लड़के सांवले थे, कुछ विशेष रूपवान भी न थे। लड़की के रूप का बखान सुनकर उनका चित्त कुछ प्रसन्न हुआ। बोले—अम्मा जी, तुम भगवान् का नाम लेकर गानेवालियों को बुला भेजों, गाना-बजाना होने दो। भाग्य में जो कुछ हैं, वह तो होगा ही। माता-जी तो हुलसता नहीं, करूं क्या? दामोदर—गाना न होने से कष्ट का निवारण तो होगा नहीं, कि हो जाएगा? अगर इतने सस्ते जान छूटे तो न कराओ गान। माता—बुलाये लेती हूं बेटा, जो कुछ होना था वह तो हो गया। इतने में दाई ने सौर में से पुकार कर कहा—बहूजी कहती हैं गानावाना कराने का काम नहीं है। माता—भला उनसे कहो चुप बैठी रहे, बाहर निकलकर मनमानी करेंगी, बारह ही दिन हैं बहुत दिन नहीं है; बहुत इतराती फिरती थी—यह न करूंगी, वह न करूंगी, देवी क्या हैं, मरदों की बातें सुनकर वही रट लगाने लगी थीं, तो अब चुपके से बैठती क्यों नहीं। मैं तो तेंतर को अशुभ नहीं मानतीं, और सब बातों में की बराबरी करती हैं तो इस बात में भी करे। यह कहकर माता जी ने नाइन को भेजा कि जाकर गानेवालियों को बुला ला, पड़ोस में भी कहती जाना। सवेरा होते ही बड़ा लड़का सो कर उठा और आंखे मलता हुआ जाकर दादी से पूछने लगा—बड़ी अम्मा, कल अम्मा को क्या हुआ? माता—लड़की तो हुई है। बालक खुशी से उछलकर बोला—ओ-हो-हो पैजनियां पहन-पहन कर छुन-छुन चलेगी, जरा मुझे दिखा दो दादी जी? माता—अरे क्या सौर में जायगा, पागल हो गया है क्या? लड़के की उत्सुकता न मानीं। सौर के द्वार पर जाकर खड़ा हो गया और बोला—अम्मा जरा बच्ची को मुझे दिखा दो। दाई ने कहा—बच्ची अभी सोती है। बालक—जरा दिखा दो, गोद में लेकर। दाई ने कन्या उसे दिखा दी तो वहां से दौड़ता हुआ अपने छोटे भाइयों के पास पहुंचा और उन्हें जगा-जगा कर खुशखबरी सुनायी। एक बोला—नन्हीं-सी होगी। बड़ा—बिलकुल नन्हीं सी! जैसी बड़ी गुड़िया! ऐसी गोरी है कि क्या किसी साहब की लड़की होगी। यह लड़की मैं लूंगा। सबसे छोटा बोला—अमको बी दिका दो। तीनों मिलकर लड़की को देखने आये और वहां से बगलें बजाते उछलते-कूदते बाहर आये। बड़ा - देखा कैसी है। मंझला - कैसे आंखें बंद किये पड़ी थी। छोटा - हमें हमें तो देना। बड़ा - खूब द्वार पर बारात आयेगी, हाथी, घोड़े, बाजे आतशबाजी। मंझला और छोटा ऐसे मग्न हो रहे थे मानो वह मनोहर दृश्य आंखो के सामने है, उनके सरल नेत्र मनोल्लास से चमक रहे थे। मंझला बोला - फुलवारियां भी होंगी। छोटा - अम बी पूल लेंगे! छट्ठी भी हुई, बरही भी हुई, गाना - बजाना, खाना पिलाना देना दिलाना सब कुछ हुआ; पर रस्म पूरी करने के लिए, दिल से नहीं, खुशी से नहीं। लड़की दिन-दिन दुर्बल और अस्वस्थ होती जाती थी। मां उसे दोनों वक्त अफीम खिला देती और बालिका दिन और रात को नशे में बेहोश पड़ी रहती। जरा भी नशा उतरता तो भूख से विकल होकर रोने लगती! मां कुछ ऊपरी दूध पिलाकर अफीम खिला देती। आश्चर्य की बात तो यह थी कि अब की उसकी छाती में दूध नहीं उतरा। यों भी उसे दूध देर से उतरता था; पर लड़कों की बेर उसे नाना प्रकार की दूधवर्द्धक औषधियां खिलायी जाती, बार-बार शिशु को छाती से लगाया जाता, यहां तक कि दूध उतर ही आता था; पर अब की यह आयोजनाएं न की गयीं। फूल-सी बच्ची कुम्हलाती जाती थी। मां तो कभी उसकी ओर ताकती भी न थी। हां, नाइन कभी चुटकियां बजाकर चुमकारती तो शिशु के मुख पर ऐसी दयनीय, ऐसी करूण बेदना अंकित दिखायी देती कि वह आंखें पोंछती हुई चली जाती थी। बहु से कुछ कहने-सुनने का साहस न पड़ता। बड़ा लड़का सिद्धु बार-बार कहता—अम्मा, बच्ची को दो तो बाहर से खेला लाऊं। पर मां उसे झिड़क देती थी। तीन-चार महीने हो गये। दामोदरदत्त रात को पानी पीने उठे तो देखा कि बालिका जाग रही है। सामने ताख पर मीठे तेल का दीपक जल रहा था, लड़की टकटकी बांधे उसी दीपक की ओर देखती थी, और अपना अंगूठा चूसने में मग्न थी। चुभ-चुभ की आवाज आ रही थी। उसका मुख मुरझाया हुआ था, पर वह न रोती थी न हाथ-पैर फेंकती थी, बस अंगूठा पीने में ऐसी मग्न थी मानों उसमें सुधा-रस भरा हुआ है। वह माता के स्तनों की ओर मुंह भी नहीं फेरती थी, मानो उसका उन पर कोई अधिकार है नहीं, उसके लिए वहां कोई आशा नहीं। बाबू साहब को उस पर दया आयी। इस बेचारी का मेरे घर जन्म लेने में क्या दोष है? मुझ पर या इसकी माता पर कुछ भी पड़े, उसमें इसका क्या अपराध है? हम कितनी निर्दयता कर रहे हैं कि कुछ कल्पित अनिष्ट के कारण इसका इतना तिरस्कार कर रहे है। मानों कि कुछ अमंगल हो भी जाय तो क्या उसके भय से इसके प्राण ले लिये जायेंगे। अगर अपराधी है तो मेरा प्रारब्ध है। इस नन्हें-से बच्चे के प्रति हमारी कठोरता क्या ईश्वर को अच्छी लगती होगी? उन्होनें उसे गोद में उठा लिया और उसका मुख चूमने लगे। लड़की को कदाचित् पहली बार सच्चे स्नेह का ज्ञान हुआ। वह हाथ-पैर उछाल कर ‘गूं-गूं’ करने लगी और दीपक की ओर हाथ फैलाने लगी। उसे जीवन-ज्योति-सी मिल गयी। प्रात:काल दामोदरदत्त ने लड़की को गोद में उठा लिया और बाहर लाये। स्त्री ने बार-बार कहा - उसे पड़ी रहने दो। ऐसी कौन-सी बड़ी सुन्दर है, अभागिन रात-दिन तो प्राण खाती रहती हैं, मर भी नहीं जाती कि जान छूट जाय; किंतु दामोदरदत्त ने न माना। उसे बाहर लाये और अपने बच्चों के साथ बैठकर खेलाने लगे। उनके मकान के सामने थोड़ी-सी जमीन पड़ी हुई थी। पड़ोस के किसी आदमी की एक बकरी उसमें आकर चरा करती थी। इस समय भी वह चर रही थी। बाबू साहब ने बड़े लड़के से कहा—सिद्धू जरा उस बकरी को पकड़ो, तो इसे दूध पिलायें, शायद भूखी है बेचारी! देखो, तुम्हारी नन्हीं-सी बहन है न? इसे रोज हवा में खेलाया करो। सिद्धु को दिल्लगी हाथ आयी। उसका छोटा भाई भी दौड़ा। दोनो ने घेर कर बकरी को पकड़ा और उसका कान पकड़े हुए सामने लाये। पिता ने शिशु का मुंह बकरी थन में लगा दिया। लड़की चुबलाने लगी और एक क्षण में दूध की धार उसके मुंह में जाने लगी, मानो टिमटिमाते दीपक में तेल पड़ जाये। लड़की का मुंह खिल उठा। आज शायद पहली बार उसकी क्षुधा तृप्त हुई थी। वह पिता की गोद में हुमक-हुमक कर खेलने लगी। लड़कों ने भी उसे खूब नचाया-कुदाया। उस दिन से सिद्धु को मनोंरजन का एक नया विषय मिल गया। बालकों को बच्चों से बहुत प्रेम होता है। अगर किसी घोंसले में चिड़िया का बच्चा देख पायं तो बार-बार वहां जायेंगे। देखेंगें कि माता बच्चे को कैसे दाना चुगाती है। बच्चा कैसे चोंच खोलता हैं। कैसे दाना लेते समय परों को फड़फड़ाकर कर चें-चें करता है। आपस में बड़े गम्भीर भाव से उसकी चरचा करेंगे, उपने अन्य साथियों को ले जाकर उसे दिखायेंगे। सिद्धू ताक में लगा देता, कभी दिन में दो-दो तीन-तीन बार पिलाता। बकरी को भूसी चोकर खिलाकार ऐसा परचा लिया कि वह स्वयं चोकर के लोभ से चली आती और दूध देकर चली जाती। इस भांति कोई एक महीना गुजर गया, लड़की हृष्ट-पुष्ट हो गयी, मुख पुष्प के समान विकसित हो गया। आंखें जग उठीं, शिशुकाल की सरल आभा मन को हरने लगी। माता उसको देख-देख कर चकित होती थी। किसी से कुछ कह तो न सकती; पर दिल में आशंका होती थी कि अब वह मरने की नहीं, हमीं लोगों के सिर जायेगी। कदाचित् ईश्वर इसकी रक्षा कर रहे हैं, जभी तो दिन-दिन निखरती आती है, नहीं, अब तक ईश्वर के घर पहुंच गयी होती। मगर दादी माता से कहीं ज्यादा चिंतित थी। उसे भ्रम होने लगा कि वह बच्चे को खूब दूध पिला रही हैं, सांप को पाल रही है। शिशु की ओर आंख उठाकर भी न देखती। यहां तक कि एक दिन कह बैठी—लड़की का बड़ा छोह करती हो? हां भाई, मां हो कि नहीं, तुम न छोह करोगी, तो करेगा कौन? ‘अम्मा जी, ईश्वर जानते हैं जो मैं इसे दूध पिलाती होऊं?’ ‘अरे तो मैं मना थोड़े ही करती हूं, मुझे क्या गरज पड़ी है कि मुफ्त में अपने ऊपर पाप लूं, कुछ मेरे सिर तो जायेगी नहीं।’ ‘अब आपको विश्वास ही न आये तो क्या करें?’ ‘मुझे पागल समझती हो, वह हवा पी-पी कर ऐसी हो रही है?’ ‘भगवान् जाने अम्मा, मुझे तो अचरज होता है।’ बहू ने बहुत निर्दोषिता जतायी; किंतु वृद्धा सास को विश्वास न आया। उसने समझा, वह मेरी शंका को निर्मूल समझती है, मानों मुझे इस बच्ची से कोई बैर है। उसके मन में यह भाव अंकुरित होने लगा कि इसे कुछ हो जाये तब यह समझे कि मैं झूठ नहीं कहती थी। वह जिन प्राणियों को अपने प्राणों से भी अधिक समझती थीं। उन्हीं लोगों की अमंगल कामना करने लगी, केवल इसलिए कि मेरी शंकाएं सत्य हो जायं। वह यह तो नहीं चाहती थी कि कोई मर जाय; पर इतना अवश्य चाहती थी कि किसी के बहाने से मैं चेता दूं कि देखा, तुमने मेरा कहा न माना, यह उसी का फल है। उधर सास की ओर से ज्यो-ज्यों यह द्वेष-भाव प्रकट होता था, बहू का कन्या के प्रति स्नेह बढ़ता था। ईश्वर से मनाती रहती थी कि किसी भांति एक साल कुशल से कट जाता तो इनसे पूछती। कुछ लड़की का भोला-भाला चेहरा, कुछ अपने पति का प्रेम-वात्सल्य देखकर भी उसे प्रोत्साहन मिलता था। विचित्र दशा हो रही थी, न दिल खोलकर प्यार ही कर सकती थी, न सम्पूर्ण रीति से निर्दय होते ही बनता था। न हंसते बनता था न रोते। इस भांति दो महीने और गुजर गये और कोई अनिष्ट न हुआ। तब तो वृद्धा सास के पेट में चूहें दौड़ने लगे। बहू को दो-चार दिन ज्वर भी नहीं जाता कि मेरी शंका की मर्यादा रह जाये। पुत्र भी किसी दिन पैरगाड़ी पर से नहीं गिर पड़ता, न बहू के मैके ही से किसी के स्वर्गवास की सुनावनी आती है। एक दिन दामोदरदत्त ने खुले तौर पर कह भी दिया कि अम्मा, यह सब ढकोसला है, तेंतेर लड़कियां क्या दुनिया में होती ही नहीं, तो सब के सब मां-बाप मर ही जाते है? अंत में उसने अपनी शंकाओं को यथार्थ सिद्ध करने की एक तरकीब सोच निकाली। एक दिन दामोदरदत्त स्कूल से आये तो देखा कि अम्मा जी खाट पर अचेत पड़ी हुई हैं, स्त्री अंगीठी में आग रखे उनकी छाती सेंक रही हैं और कोठरी के द्वार और खिड़कियां बंद है। घबरा कर कहा—अम्मा जी, क्या दशा है? स्त्री—दोपहर ही से कलेजे में एक शूल उठ रहा है, बेचारी बहुत तड़फ रही है। दामोदर—मैं जाकर डॉक्टर साहब को बुला लाऊं न.? देर करने से शायद रोग बढ़ जाय। अम्मा जी, अम्मा जी कैसी तबियत है? माता ने आंखे खोलीं और कराहते हुए  बोली—बेटा तुम आ गये? अब न बचूंगी, हाय भगवान्, अब न बचूंगी। जैसे कोई कलेजे में बरछी चुभा रहा हो। ऐसी पीड़ा कभी न हुई थी। इतनी उम्र बीत गयी, ऐसी पीड़ा कभी न हुई। स्त्री—वह कलमुही छोकरी न जाने किस मनहूस घड़ी में पैदा हुई। सास—बेटा, सब भगवान करते है, यह बेचारी क्या जाने! देखो मैं मर जाऊं तो उसे कश्ट मत देना। अच्छा हुआ मेरे सिर आयीं किसी के सिर तो जाती ही, मेरे ही सिर सही। हाय भगवान, अब न बचूंगी। दामोदर—जाकर डॉक्टर बुला लाऊं? अभ्भी लौटा आता हूं। माता जी को केवल अपनी बात की मर्यादा निभानी थी, रूपये न खच्र कराने थे, बोली—नहीं बेटा, डॉक्टर के पास जाकर क्या करोगे? अरे, वह कोई ईश्वर है। डॉक्टर के पास जाकर क्या करोगें? अरे, वह कोई ईश्वर है। डॉक्टर अमृत पिला देगा, दस-बीस वह भी ले जायेगा! डॉक्टर-वैद्य से कुछ न होगा। बेटा, तुम कपड़े उतारो, मेरे पास बैठकर भागवत पढ़ो। अब न बचूंगी। अब न बचूंगी, हाय राम! दामोदर—तेंतर बुरी चीज है। मैं समझता था कि ढकोसला है। स्त्री—इसी से मैं उसे कभी नहीं लगाती थी। माता—बेटा, बच्चों को आराम से रखना, भगवान तुम लोगों को सुखी रखें। अच्छा हुआ मेरे ही सिर गयी, तुम लोगों के सामने मेरा परलोक हो जायेगा। कहीं किसी दूसरे के सिर जाती तो क्या होता राम! भगवान् ने मेरी विनती सुन ली। हाय! हाय!! दामोदरदत्त को निश्चय हो गया कि अब अम्मा न बचेंगी। बड़ा दु:ख हुआ। उनके मन की बात होती तो वह मां के बदले तेंतर को न स्वीकार करते। जिस जननी ने जन्म दिया, नाना प्रकार के कष्ट झेलकर उनका पालन-पोषण किया, अकाल वैधव्य को प्राप्त होकर भी उनकी शिक्षा का प्रबंध किया, उसके सामने एक दुधमुहीं बच्ची का क्या मूल्य था, जिसके हाथ का एक गिलास पानी भी वह न जानते थे। शोकातुर हो कपड़े उतारे और मां के सिरहाने बैठकर भागवत की कथा सुनाने लगे। रात को बहू भोजन बनाने चली तो सास से बोली—अम्मा जी, तुम्हारे लिए थोड़ा सा साबूदाना छोड़ दूं? माता ने व्यंग्य करके कहा—बेटी, अन्य बिना न मारो, भला साबूदाना मुझसे खाया जायेगा; जाओं, थोड़ी पूरियां छान लो। पड़े-पड़े जो कुछ इच्छा होगी, खा लूंगी, कचौरियां भी बना लेना। मरती हूं तो भोजन को तरस-तरस क्यों मरूं। थोड़ी मलाई भी मंगवा लेना, चौक की हो। फिर थोड़े खाने आऊंगी बेटी। थोड़े-से केले मंगवा लेना, कलेजे के दर्द में केले खाने से आराम होता है। भोजन के समय पीड़ा शांत हो गयी; लेकिन आध घंटे बाद फिर जोर से होने लगी। आधी रात के समय कहीं जाकर उनकी आंख लगी। एक सप्ताह तक उनकी यही दशा रही, दिन-भर पड़ी कराहा करतीं बस भोजन के समय जरा वेदना कम हो जाती। दामोदरदत्त सिरहाने बैठे पंखा झलते और मात़ृवियोग के आगत शोक से रोते। घर की महरी ने मुहल्ले-भर में एक खबर फैला दी; पड़ोसिनें देखने आयीं, तो सारा इलजाम बालिका के सिर गया। एक ने कहा—यह तो कहो बड़ी कुशल हुई कि बुढ़िया के सिर गयी; नहीं तो तेंतर मां-बाप दो में से एक को लेकर तभी शांत होती है। दैव न करे कि किसी के घर तेंतर का जन्म हो। दूसरी बोली—मेरे तो तेंतर का नाम सुनते ही रोयें खड़े हो जाते है। भगवान् बांझ रखे पर तेंतर का जन्म न दें। एक सप्ताह के बाद वृद्धा का कष्ट निवारण हुआ, मरने में कोई कसर न थी, वह तो कहों पुरूखाओं का पुण्य-प्रताप था। ब्राह्मणों को गोदान दिया गया। दुर्गा-पाठ हुआ, तब कहीं जाके संकट कटा। *******

  • सोच से परे

    कुसुम आज अचला, माँ की व्यथा को समझ पाई थी, आज उसे अहसास हुआ कि माँ किस दर्द और वेदना से गुजरी होगी। माँ के लिये उसके दिल मे भरा रोष आज दया मे परिवर्तित हो गया था। बरसों पहले माँ जिन परिस्थितियों से गुजरी थी हालात आज उसे उसी जगह ले आये थे। जिस समाज को ठेंगा दिखा दिया था उसने आज उसी का डर हावी था उस पर। उसके सामने 25 साल पहले के दृश्य जीवंत हो उठे थे। माँ उसके सामने गिड़गिड़ा कर उसे समाज की दुहाई दे रही थी। पापा तो जैसे निस्तेज हो कुर्सी पर जड़वत हो गये थे, उनके चेहरे पर कोई भाव नहीं थे, जैसे सोचने समझने की क्षमता खो बैठे हों। माँ ने उसके पैर पकड़ इज्जत की भीख मांगी थी लेकिन उसने माँ को झटक उन्हें दकियानूसी और पुरानी सोच का बता दिया था। अचला का जन्म एक ब्राह्मण परिवार मे पंडित दीनानाथ के घर हुआ था। पंडित दीनानाथ समाज मे सम्मानीय व्यक्ति थे। दो भाइयों से छोटी थी वो और सबकी लाडली भी। उसकी शिक्षा-दीक्षा में माँ बाप ने कोई कमी नही छोड़ी थी। कालेज के दिनों मे अचला को अपने सहपाठी राजीव से प्यार हो गया था। राजीव अलग जाति का था। उन दिनों जाति की जंजीरें बहुत मजबूत हुआ करती थी, जिनको तोड़ पाना नामुमकिन था। किसी ब्राह्मण कन्या का जाति से बाहर विवाह करना वर्जित था। उनका प्यार परवान चढने लगा। धीरे-धीरे ये बात पूरे गाँव मे आग की तरह फैल गई थी, जल्द ही इस आग की लपटें पंडित दीनानाथ के घर भी पहुँच गयी। बड़ा भाई जो अचला को जान से भी ज्यादा प्यार करता था, उसने अचला पर उस दिन हाथ उठा दिया था। पापा ने सुना तो अपने होश खो बैठे थे। माँ का रो-रो कर बुरा हाल था। बहुत समझाया था माँ ने उसे लेकिन वो नही मानी। उनके प्यार को स्वीकृति न मिलने पर उसने उसी रात घर और समाज का, हमेशा के लिए बहिष्कार कर दिया था। राजीव से शादी कर उसने अपना नया घर और समाज बसा लिया था। उसको हमेशा माँ-बाप से शिकायत रही, माँ उसकी भावनाओं को नही समझ पाई इसलिए माँ के प्रति उसके मन मे नफरत थी। कुछ समय बाद उसने एक सुंदर बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम उसने राधिका रखा। वो अक्सर सोचा करती, जैसा मेरी माँ ने मेरे साथ किया, मै अपनी बेटी के साथ नही करूँगी। मैं उसकी भावनाओं का हमेशा सम्मान करूँगी। उसकी खुशी को बड़े प्यार से अपनाऊँगी। वो जिस से शादी करना चाहेगी उस से उसकी शादी बड़े धूमधाम से करवाऊंगी। ग्रेजुएशन के बाद राधिका घर से दूर दूसरे शहर में नौकरी करने लगी थी। आज राधिका अपने माँ-बाप के सामने खड़ी है। आज अचला रो-रो कर उसकी मिन्नतें कर रही है उसे समाज का वास्ता दे रही है। लेकिन राधिका ने दो टूक जवाब दे दिया था कि वो फिलहाल नीरज से प्यार करती है शादी में उसकी कोई रुचि नही है, वो नीरज के साथ लिव इन रिलेशनशिप में ही रहेगी। उनको मंजूर हो तो ठीक है वरना वो बालिग है ही। वो भी निकल गई थी अचला को रोता हुआ छोड़ कर.....हमेशा के लिए.... क्या-क्या सपने देखे थे उसने राधिका के लिये, लेकिन राधिका ने तो उसकी सोच से परे कदम उठाया। कदम तो उसने भी उठाया था अपनी माँ की सोच से परे, सपने तो उसकी माँ ने भी देखे थे उसके लिये। ******

  • एहसास

    रमा शंकर अवस्थी पत्नी ने पति से कहा, “कितनी देर तक समाचार पत्र पढ़ते रहोगे? यहाँ आओ और अपनी प्यारी बेटी को खाना खिलाओ।” पति ने समाचार पत्र एक तरफ़ फेका और बेटी की ओर ध्यान दिया, बेटी की आंखों में आँसू थे और सामने खाने की प्लेट। बेटी एक अच्छी लड़की है और अपनी उम्र के बच्चों से ज्यादा समझदार। पति ने खाने की प्लेट को हाथ में लिया और बेटी से बोला, “बेटी खाना क्यों नहीं खा रही हो? आओ बेटी मैं खिलाऊँ।” बेटी जिसे खाना नहीं भा रहा था, सुबक-सुबक कर रोने लगी और कहने लगी, “मैं पूरा खाना खा लूँगी पर एक वादा करना पड़ेगा आपको।”  “वादा”, पति ने बेटी को समझाते हुआ कहा, “इस प्रकार कोई महँगी चीज खरीदने के लिए जिद नहीं करते।” “नहीं पापा, मैं कोई महँगी चीज के लिए जिद नहीं कर रही हूँ।” फिर बेटी ने धीरे-धीरे खाना खाते हुये कहा, “मैं अपने सभी बाल कटवाना चाहती हूँ।”  पति और पत्नी दोनों अचंभित रह गए और बेटी को बहुत समझाया कि लड़कियों के लिए सिर के सारे बाल कटवा कर गंजा होना अच्छा नहीं लगता है। पर बेटी ने जवाब दिया, “पापा आपके कहने पर मैंने खाना खाया जो कि मुझे अच्छा नहीं लग रहा था, खा लिया और अब वादा पूरा करने की आपकी बारी है।” अंततः बेटी की जिद के आगे पति पत्नी को उसकी बात माननी ही पड़ी। अगले दिन पति बेटी को स्कूल छोड़ने गया। बेटी गंजी बहुत ही अजीब लग रही थी। स्कूल में एक महिला ने पति से कहा, “आपकी बेटी ने एक बहुत ही बड़ा काम किया है। मेरा बेटा कैंसर से पीड़ित है और इलाज में उसके सारे बाल खत्म हो गए हैं। वह इस हालत में स्कूल नहीं आना चाहता था क्योंकि स्कूल में लड़के उसे चिढ़ाते हैं, पर आपकी बेटी ने कहा कि वह भी गंजी होकर स्कूल आयेगी और वह आ गई। इस कारण देखिये मेरा बेटा भी स्कूल आ गया। आप धन्य हैं कि आपके ऐसी बेटी है” पति को यह सब सुनकर रोना आ गया और उसने मन ही मन सोचा कि आज बेटी ने सिखा दिया कि प्यार क्या होता है। इस पृथ्वी पर खुशहाल वह नहीं हैं जो अपनी शर्तों पर जीते हैं, बल्कि खुशहाल वे हैं जो, जिन्हें वे प्यार करते हैं, उनके लिए बदल जाते है। ******

  • संघे शक्ति

    अंकिता मिश्रा एक घने जंगल में एक बंदर और एक हाथी रहते थे। हाथी बड़ा शक्तिशाली था। वो बड़े-बड़े पेड़ों को एक ही झटके में उखाड़ देता था। बंदर काफी दुबला-पतला, लेकिन वो बड़ा ही फुर्तीला और तेज था। दिनभर बंदर जंगल के पेड़ों पर उछलकूद करता रहता था। बंदर और हाथी दोनों को ही अपने गुणों पर बड़ा ही घमंड था। दोनों ही एक-दूसरे से खुद को ज्यादा अच्छा मानते थे। इस वजह से दोनों में हमेशा बहस होती रहती थी। उसी जंगल में एक उल्लू भी रहता था, जो अक्सर बंदर और हाथी की हरकतें देखाता था। वह इन दोनों के लड़ाई-झगड़े से परेशान हो गया था। एक दिन उस उल्लू ने उन दोनों से कहा, ‘जिस तरह तुम दोनों लड़ते हो, इससे कोई फैसला नहीं होने वाला है। तुम दोनों एक प्रतियोगिता के जरिए आसानी से यह फैसला कर सकते हो कि तुम दोनों में से सबसे शक्तिशाली कौन है।’ बंदर और हाथी दोनों को उल्लू की बात अच्छी लगी। दोनों ने फिर एक साथ पूछा, ‘इस प्रतियोगिता में क्या करना होगा?’ उल्लू ने कहा, ‘इस जंगल को पार करने पर एक दूसरा जंगल आता है। जहां पर एक काफी पुराना पेड़ है, जिस पर एक सोने का फल लगा हुआ है। तुम दोनों में से उस सोने के फल को जो पहले लाएगा, उसे ही इस प्रतियोगिता का विजेता बनेगा और असल मायनों में सबसे शक्तिशाली कहलाएगा। उल्लू की बात सुनते ही बंदर और हाथी बिना कुछ सोचे-समझे दूसरे जंगल की तरफ निकले। बंदर ने अपनी फुर्ती दिखानी शुरू की। वह एक ही छलांग में एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक पहुंच जाता। वहीं, हाथी तेजी से दौड़ने लगा और रास्ते में आने वाली हर चीज को अपने मजबूत सूंड से उखाड़ फेंकता। थोड़ी ही देर में हाथी और बंदर उस जंगल से बाहर निकल गए। इस जंगल से दूसरे जंगल के बीच के रास्ते में एक नदी बहती थी। उसे पार करने के बाद ही दूसरे जंगल में पहुंचा जा सकता था। बंदर ने फिर से अपनी फुर्ती दिखाई और झट से वह नदी में कूद गया, लेकिन पानी की लहर काफी तेज थी, तो बंदर नदी में बहने लगा। बंदर को नदी में बहते हुए देखरकर हाथी ने तुंरत अपनी सूंड से उसे पकड़कर पानी के बाहर निकाल दिया। हाथी के इस व्यवहार को देखकर बंदर काफी हैरान हुआ। उसने विनम्र होकर हाथी को अपनी जान बचाने के लिए धन्यवाद कहा और अपनी हार मानते हुए हाथी को ही आगे का सफर तय करने के लिए कहा। बंदर की इस बात को सुनकर हाथी ने कहा, ‘मैं नदीं पार कर सकता है। तुम भी मेरी पीठ पर बैठकर इसे पार कर लो।’ बंदर हाथी की बात मान गया और वह हाथी के पीठ पर बैठ गया। इस तरह दोनों ने नदी पार कर ली और दूसरे जंगर में पहुंच गए। फिर दोनों ने मिलकर सोने के लगे हुए फल वाले पेड़ को भी खोज निकाला। सबसे पहले हाथी ने अपनी अपनी सूंड से उस पेड़ को गिराना चाहा, लेकिन वह पेड़ काफी मजबूत था। हाथी के प्रहार से वो पेड़ नहीं उखड़ा। फिर हाथी ने निराश होकर कहा, ‘मैं अब यह फल नहीं तोड़ सकता हूं।’ बंदर बोला, ‘चलो, मैं भी एक बार कोशिश करके देखता हूं।’ बंदर फुर्ती से उस पेड़ पर चलने लगा और उस डाली पर पहुंच गया जहां पर सोने का फूल लगा हुआ था। उसने वह फल तोड़ लिया और पेड़ के नीचे उतर गया। इसके बाद दोनों वापस नदी पार करके अपने जंगल लौट आए और उल्लू को वह सोने का फल दे दिया। फल पाने के बाद उल्लू जैसे ही इस प्रतियोगिता के लिए विजेता का नाम बोला, वैसे ही बंदर और हाथी ने मिलकर उसकी बात को रोक दिया। दोनों ने एक साथ कहा, ‘उल्लू दादा, अब हमें विजेता का नाम जानने की आवश्यकता नहीं है। इस प्रतियोगिता को हम दोनों ने मिलकर पूरा किया है। हमें यह समझ में आ गया है कि हर किसी का गुण अपने आप में अलग और खास होता है। हमने यह भी फैसला किया है कि आगे से अब हम कभी भी इस बात पर बहस भी नहीं करेंगे और मित्र की तरह इस जंगल में रहेंगे।’ उल्लू को बंदर और हाथी की बात सुनकर काफी खुशी हुई। उसने दोनों से कहा, ‘मैं तुम्हें यही समझाना चाहता था कि सभी एक-दूसरे से अलग होते हैं। अलग-अलग गुण और शक्तियां ही हमें एक दूसरे की मदद करने के काबिल बनाती हैं। साथ ही हर किसी की अपनी कमजोरियां भी होती हैं, इसलिए एक-दूसरे के साथ मिलकर रहना ही सबसे अच्छा होता है।’ उसी दिन से हाथी और बंदर दोनों मित्र हो गए और वह जंगल में खुशी-खुशी रहने लगे। सीख : हमें एक-दूसरे के गुणों और शक्तियों का सम्मान करना और आपस में मिल-जुलकर रहना चाहिए। ******

  • मक्खी चूस

    अज्ञात एक दिन एक बहुत बड़े कजूंस सेठ के घर में कोई मेहमान आया। कजूंस ने अपने बेटे से कहा, आधा किलो बेहतरीन मिठाई ले आओ मेहमान के लिए। बेटा बाहर गया और कई घंटों बाद वापस आया। कंजूस बाप ने पूछा, मिठाई कहाँ है। बेटे ने कहना शुरू किया- "अरे पिताजी, मैं मिठाई की दुकान पर गया और हलवाई से बोला कि सबसे अच्छी मिठाई दे दो। तो हलवाई ने कहा कि ऐसी मिठाई दूंगा जो बिल्कुल मक्खन जैसी होगी। फिर मैंने सोचा कि क्यों न मक्खन ही ले लूं। मैं मक्खन लेने दुकान गया और बोला कि सबसे बढ़िया मक्खन दो। दुकान वाला बोला कि ऐसा मक्खन दूंगा बिल्कुल शहद जैसा। तब मैने बहुत गंभीरता सोचा कि क्यों न शहद ही ले लूं। मैं फिर गया शहद वाले के पास और उससे कहा कि सबसे मस्त वाला शहद चाहिए। वो बोला ऐसा शहद दूंगा जो बिल्कुल पानी जैसा साफ होगा। तो पिताजी फिर मैंने सोचा कि पानी तो अपने घर पर ही है और मैं चला आया खाली हाथ क्योंकि पानी ख़रीदने में पैसे क्यों बर्बाद करना। तो पिताजी, क्यों न हम मेहमान को बिलकुल स्वच्छ पानी ही पिला दें...बेटा बोला। कंजूस बहुत खुश हुआ और अपने बेटे को शाबासी दी। लेकिन तभी उसके मन में कुछ गंभीर शंका उत्पन्न हुई औऱ उसने बहुत व्याकुलता से अपने पुत्र से पूछा, "लेकिन बेटे तू इतनी देर तक घूम कर आया, तेरी चप्पल तो जरुर घिस गयी होंगी।" "पिताजी ये तो उस मेहमान की चप्पल हैं जो घर पर आया है, मैं इतना भी नादान नहीं हूँ।" बाप की आंखों में खुशी के आंसू आ गए औऱ उसने अपने बेटे को गले से लगा लिया। ******

  • प्रतिदान

    निर्मला निक्की की शादी पक्की हो गई, यह ख़बर मिलते ही गरिमा के हृदय में जैसे मनहूसियत सी छा गई। अब तो ३० वर्ष से भी अधिक की हो गई होगी निक्की की उम्र। भैया-भाभी के लाख प्रयास के बाद भी निक्की के लिए सुयोग्य वर नहीं मिल पा रहा था। एक ओर जहां शादी में ज़्यादा ख़र्च न कर पाने की असमर्थता रहती, वहीं दूसरी तरफ़ सुयोग्य वर मिलना भी कठिन होता। और अब जबकि शादी तय हो गई है, तो गरिमा की परिस्थिति ऐसी है कि ख़ुशी की जगह उसके हृदय में शंका और डर सा समा रहा है। गरिमा निक्की की बुआ है। खाली हाथ शादी में गई तो क्या ख़ुशी-ख़ुशी शादी में शामिल हो पाएगी? उसे अंदर-ही-अंदर अपमान की व्यथा नहीं झेलनी पड़ेगी? और यदि आशुतोष से निक्की के लिए एक अच्छे तोहफ़े की मांग की तो क्या आशुतोष का बेबस चेहरा उसके हृदय को तार-तार नहीं कर देगा? निरीहता से भर उठी है गरिमा। भैया गरीब हैं, ज़रूरतमंद हैं, पर आत्मसम्मानी भैया को निःसंदेह गरिमा से कोई आकांक्षा नहीं होगी। लेकिन भाभी को अपनी बेटी के लिए गरिमा से कम-से-कम एक सोने की अंगूठी की आस तो होगी ही। भैया-भाभी की गोद में ही तो पली-बढ़ी है गरिमा। पिता की असमय मौत ने उसकी मां को मानसिक रोगी बना दिया, तब भैया-भाभी ने ही उसे स्नेहिल संरक्षण दिया, भैया के गले में बांहें डालकर, लाड़ दिखाकर उसने कई खिलौने, कपड़े व तोहफ़े पाए हैं। भैया के साथ बिताया गया हर पल गरिमा के लिए अविस्मरणीय है। बच्चों के लिए लाई गई मिठाइयों में से एक मिठाई का टुकड़ा गरिमा के मुंह में ठूंसकर दायित्व निर्वाह करती भाभी के एहसान से तो कदाचित उन्हें सोने-चांदी से तौलकर भी उऋण नहीं हो सकती गरिमा। जाने कितनी बार गरिमा ने भाभी को बगैर सब्ज़ी के दाल रोटी गटकते देखा है। लेकिन गरिमा की थाली में सब्ज़ी की कमी कभी नहीं हुई। गरिमा ने आशुतोष को भैया-भाभी की हर बात बताई है। आशुतोष को भी निक्की की शादी में एक अच्छी-खासी रकम ख़र्च करने से ऐतराज नहीं होगा। लेकिन पैसे बचते कहां हैं, जो ख़र्च किए जाएं। आशुतोष की मजबूरी को जानती है गरिमा, इसीलिए चुप रहती है। आशुतोष भी कदाचित अपनी विवशता के कारण ही चुप था। अपने भीतर चल रहे द्वंद्व से लड़ रहा था। पहले गरिमा भी नौकरी करती थी, वह शिक्षिका थी, लेकिन ब्याह होते ही आशुतोष ने उसे नौकरी पर जाने से मना कर दिया, “देखो गरिमा, मां बहुत कमज़ोर हो गई हैं। बाबूजी के देहांत के बाद इन्होंने बड़ी तकलीफ़ से मुझे और निशा को पाला है। तुम नौकरी करने जाओगी, तो फिर से मां को रसोई में जुट जाना पड़ेगा।" "पूरे दिन के लिए आया रख लेंगे।" गरिमा ने सुझाव दिया। "आया का ख़र्च भी कम नहीं होता गरिमा, चोरी-चपाटी अलग होती रहेगी। तुम्हें इतना वेतन नहीं मिलता कि तुम नौकरी करके कुछ बचा सको। फिर क्या फ़ायदा ऐसी नौकरी का? तुम घर पर ही रहो। मां का ख्याल रखो। मुझे नौकरी करने दो। मैं तुम्हें कोई तकलीफ़ नहीं होने दूंगा।" स्नेह से गरिमा के गालों को हथेली पर रखते हुए, निर्णयात्मक लहजे में आशुतोष ने फ़ैसला सुनाया तो गरिमा को झुकना ही पड़ा। मां के प्रति आशुतोष का स्नेह भाव देखकर पहले-पहल गरिमा गौरवान्वित हो उठती थी कि वह एक मातृभक्त पुरुष की पत्नी है। आशुतोष का सदैव मां के प्रति चिंतित रहना गरिमा को बेहद भला लगा करता था। हर माह वेतन मिलने के बाद आशुतोष सारा वेतन मां के हाथ पर धर दिया करता था। यह भैया-भाभी द्वारा दी गई शिक्षा का ही परिणाम था कि गरिमा यह सब देखकर भी कभी अपनी सास से ईर्ष्या नहीं कर पाई। लेकिन जल्दी ही आशुतोष का मातृप्रेम गरिमा को खटकने लगा। यदि प्रेम और विश्वास दोनों पक्ष बराबर हों, तो सब कुछ सुखद भी लगता है, अन्यथा विपरीत परिस्थितियों में भला कौन सुखी रहा है। आशुतोष को अपनी मां पर अपार विश्वास था। इसीलिए उसने कभी मां से अपने दिए पैसे का हिसाब नहीं पूछा। लेकिन गरिमा जानती थी कि मां पैसे बचाती है। कई बार गरिमा ने उन्हें निशा को पैसे देते देखा भी था। गरिमा सोच-सोचकर व्याकुल हो उठती। यदि निशा को पैसे की जरूरत है तो उसकी मदद ज़रूर की जानी चाहिए, पर आशुतोष को इसकी जानकारी देनी भी तो आवश्यक है। आशुतोष को अंधेरे में रखकर मां द्वारा किया जा रहा कृत्य गरिमा को तनावग्रस्त कर जाता। उसे लगता जैसे आशुतोष की क़द्र इस घर में सिर्फ़ एक पैसे कमानेवाली मशीन के रूप में है। न तो उसे किसी का निःस्वार्थ प्यार मिलता है, न ही विश्वास। मां के इस व्यवहार के बाद आशुतोष के प्रति गरिमा का स्नेह दुगुना हो गया, क्योंकि वे जानती है कि आशुतोष का उसके अलावा कोई नहीं। घर की परिस्थिति मां से छिपी हुई नहीं थी, लेकिन तब भी वे बजाय इस घर में कुछ ख़र्च करने के चुपके से अपनी बेटी को पैसे देती रहतीं। गरिमा को कई बार लगता कि उसे मां की शिकायत आशुतोष से कर देनी चाहिए, लेकिन कहीं आशुतोष सच जानने के बाद मां से स्पष्टीकरण न मांग ले और घर का शांत वातावरण दुखद न बन जाए, यही सोचकर वह चुप रह जाती। कई बार पैसों की तंगी के कारण गरिमा को अपनी आकांक्षाओं को अपने ही अंतर में दफ़ना भी देना पड़ता, पर गरिमा की ललक मां को पिघला नहीं पाती। जैसे वे कभी-कभार निशा को पैसे दे देती हैं। वैसे गरिमा को कभी क्यों नहीं दे पातीं? यदि आशुतोष घर ख़र्च के पैसे गरिमा को दिया करता, तो निश्चित ही गरिमा भी अपने लिए थोड़े पैसे हर माह बचा लिया करती। पर फ़िलहाल तो स्थिति ऐसी थी कि जब भी आवश्यकता हो, उसे आशुतोष से ही पैसे मांगने पड़ते। जब से गरिमा ने मां को छिपाकर निशा को पैसे देते हुए देखा था, तब से उसने अपनी आवश्यकता के लिए मां से पैसे मांगना ही छोड़ दिया था। जब भी पैसे की जरूरत होती, वह आशुतोष से ही मांगती। आशुतोष कभी उसे अपने पॉकेट मनी से पैसे निकालकर दे देता, तो कभी मां से लेकर दे देता। पिछली बार जब होटल दीप्ति में साड़ियों की सेल लगी थी, तब गरिमा की पास-पड़ोस की सभी सखियां सेल से साड़ी ख़रीदने जा रही थीं। उन्होंने गरिमा से भी साथ चलने का सहज आग्रह किया। इस बार गरिमा अपनी आकांक्षा के आगे विवश हो गई पैसे की मांग सुनते ही आशुतोष के चेहरे पर हमेशा की तरह एक बेबसी सी छा गई। उसे गरिमा के लिए मां से पैसे मांगने पड़े। मां ने पैसे तो दिए, पर साथ ही भाषण देने से भी बाज नहीं आई, "बहू, अड़ोस-पड़ोस की औरतों को देखकर तुम्हारा भी साड़ी के लिए ललकना ग़लत तो नहीं, लेकिन साथ में यह देख लेना भी ज़रूरी है कि आशुतोष की कम तनख़्वाह में क्या यह संभव है? और फिर तुम्हारे पास साड़ियां हैं तो। तुम इस बार तो चली जाओ, पर आगे से ध्यान रखना, ज़रूरत हो तभी कुछ ख़रीदना अन्यथा पैसे बर्बाद करने से क्या फ़ायदा? जितनी चादर हो, उतना ही पैर पसारना चाहिए बेटी। आज थोड़ा-बहुत बचाओगी तो कल तुम्हारे ही काम आएगा।" और‌ गरिमा का मन उचाट हो गया। वह सखियों के साथ बेमन से सेल तो देखने गई और एक साधारण सी साड़ी भी ख़रीदी, लेकिन ख़ुशी से नहीं। सखियों का उल्लसित चेहरा देखकर उसे बार-बार अपने आप पर शर्म आती रही, यह सोचकर कि कैसा जीवन है उसका। मां ने थोड़े से पैसे देते हुए कितनी लंबी-चौड़ी बात सुना दी थी और सब कुछ सुनकर भी ख़ामोश खड़ा रहा था आशुतोष, जैसे उसे मां की हर बात मान्य हो। कभी-कभी गरिमा बड़ा उपेक्षित महसूस करती। यदि उसने नौकरी नहीं छोड़ी होती तो इच्छानुसार अपना जीवन तो जीती, लेकिन अब इन बातों को सोचकर मन मैला करने से क्या फ़ायदा? खैर।।। जो कुछ भी उसके साथ होता है, उसे तो वह सहन कर लेती है। लेकिन फ़िलहाल निक्की का ब्याह सिर पर है। कितनी विषम घड़ी आ गई थी। यदि वह आशुतोष से जरा-सी ज़िद करेगी तो निश्चित ही गरिमा की ख़ुशी के लिए कर्ज़ लेकर इंतजाम कर ही देगा, लेकिन क़र्ज़ लेकर आशुतोष पर बोझ डालना गरिमा को अच्छा नहीं लग रहा था। पर चुप रहना भी तो कोई हल नहीं होगा। आशुतोष से बात तो करनी ही होगी। आशुतोष गरिमा की आकांक्षा जानकर कहीं परेशान न हो जाए, यह सोचकर गरिमा के नेत्र सजल हो उठे। वह तो सदैव यही चाहती थी कि अपनी वजह से आशुतोष को कभी परेशान न होने दे। बेचारा आशुतोष।।। गरिमा के अलावा उसका ख़्याल रखनेवाला और कोई भी तो नहीं। अपनी मां को अपने जीवन में सबसे अधिक महत्वपूर्ण स्थान देता है वह, पर यह नहीं जानता कि उसकी मां उसे कैसे छल रही है। मां का दिल टटोलने के उद्देश्य से गरिमा ने मन-ही-मन योजना बनाई कि वह मां के साथ ज़रूरत से ज़्यादा नरमी से पेश आएगी और उन्हीं को अपनी समस्या बताएगी। देखते हैं, उनकी प्रतिक्रिया क्या होती है। वैसे तो मां के अनपेक्षित व्यवहार के बावजूद गरिमा उनसे कभी कठोर नहीं हो पाई थी, पर अब उनके साथ अपेक्षाकृत व अधिक कोमल व्यवहार करने का उसने निर्णय लिया और मौक़ा पाते ही वह अपनी उधेड़बुन से मां को अवगत कराते हुए बोली, "मां, निक्की की शादी में जाना है। समझ में नहीं आता उसे क्या तोहफ़ा दूं। मेरे भैया ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है, अतः उनकी बेटी के प्रति मेरा भी तो कोई दायित्व बनता है।" "तुमने आशुतोष से बात नहीं की?" "नहीं मां, पूछने में संकोच हो रहा है। कितनी मुश्किल से घर चल रहा है, उस पर यह शादी।" "हां… वो तो है।" कहते हुए मां गरिमा के पास खिसक आई, "तू ऐसा कर बेटी, आशुतोष से इस समय कुछ भी मत कहना, उसके पास पैसे तो हैं नहीं, वह बेकार परेशान होगा।" "लेकिन, उनसे कहे बगैर।" "तुमसे कहा ना, उससे मत कहना।" अपनी बात में दृढ़ता लाती हुई मां बोली। उन्हें देखकर लग रहा था, मानो बेटे की परेशानी से व्यथित हों, गरिमा का भी जी चाहा कि वह अपने नाटकीय आवरण को उतार फेंके और कह दे मां से कि अगर बेटे की परेशानी की इतनी ही चिंता है तो बेटे का पैसा चुरा-चुराकर बेटी को देने की क्या ज़रूरत है? ख़ुद जब बेटे के साथ छल करती हैं, तब तो कुछ नहीं लगता और इस वक़्त चेहरे पर ऐसे स्नेह उमड़ा रही हैं, जैसे उन जैसी ममतामयी मां और कोई होगी ही नहीं। छीः गरिमा का हृदय मां के लिए नफ़रत से भर गया, उसने निर्णय लिया कि वह खुलकर इस विषय पर आशुतोष से बात करेगी। यदि गरिमा को कुछ पैसे मिलते रहते तो आज निक्की की शादी के वक़्त यह समस्या नहीं आती। आख़िर… आशुतोष के पैसे पर गरिमा का भी हक़ बनता है। गरिमा का हृदय कुंठाग्रस्त हो चला। जब तक वह अपनी व्यथा को आशुतोष के आगे उड़ेल नहीं देगी, मन शांत नहीं होगा। लेकिन उस रात भी गरिमा आशुतोष से कुछ नहीं कह पाई, कारण आशुतोष देर रात को घर लौटा और कहने लगा कि ओवरटाइम कर रहा था। गरिमा पसीज गई, थककर चूर हो गया था आशुतोष। गरिमा को आशुतोष के आराम की चिंता होने लगी थी। अब इस वक़्त कुछ भी कहना संभव नहीं था। मां के संबंध में कुछ भी कहकर वह आशुतोष की नींद हराम नहीं कर पाई और चुपचाप अपने तनाव को अपने अंदर ही सहेज लिया उसने। सुबह गरिमा का किसी काम में मन नहीं लग रहा था। पूरी रात कुंठित मन लेकर सो भी नहीं पाई थी वह। सुबह मां ने स्नेहपूर्वक एक-दो वाक्य पूछे थे शायद आशुतोष के देर से आने के बारे में, पर गरिमा उनकी बात अनसुनी कर चुप रही। मां के चेहरे की तरफ़ देखने की भी इच्छा नहीं हो रही थी उसकी। कितनी चालाकी से कह रही थीं कि तोहफ़े के बारे में आशुतोष से न कहूं। वह तो यही सोचती होंगी कि मैं बगैर किसी तोहफ़े के चली जाऊं। व्यथित हृदय से गरिमा ने सोचा। "उहं… मेरा अपमान हो या सम्मान, इन्हें क्या फ़र्क़ पड़ता है, इनके लिए तो बेटी ही सब कुछ है।" खीझ उठी गरिमा, मुंह फुलाए घर का काम करती रही। मां से उनके छल-कपट का ज़िक्र करते हुए लड़ बैठने की इच्छा हो रही थी उसकी। पर आदतन चुप ही रह गई। आज तक कभी किसी से लड़ने जैसी स्थिति गरिमा के आगे नहीं आई थी। लड़ाई-झगड़े से सदैव दूर भागने की प्रवृत्ति रही है उसकी। अपनी आदत पर उसे क्रोध भी आ रहा था। उल्टा जवाब देने की आदत होती तो प्रतिक्रिया के बाद थोड़ी सी राहत तो मिलती, पर अब तो अंदर-ही-अंदर घुटते रहने के अलावा और कोई चारा नहीं था। आशुतोष रोज़ की तरह ९ बजे ही दफ़्तर के लिए निकल गया था। गरिमा सोच रही थी कि वह धीरे से मां से पूछे कि उनके इस वक्तव्य का भला क्या अर्थ है कि आशुतोष को तोहफ़े के बारे में कुछ न कहना। वह मां से बड़ी सुस्पष्ट बातचीत कर एक निर्णय लेने को मचल उठी। गरिमा को लग रहा था कि वह कब तक मां के अन्याय को सहती रहेगी। एक बार आवाज़ उठाना तो ज़रूरी था, ताकि अगली बार से मां उसके और आशुतोष के ख़िलाफ़ कोई षड्यंत्र न करे। सच… यह सब षड्यंत्र नहीं तो और क्या था। आशुतोष से कुछ कहे बगैर बंदोबस्त कैसे हो सकता है। ले-देकर आठ रोज़ ही तो शेष रह गए थे निक्की के ब्याह को। गरिमा मन-ही-मन वो भूमिका तैयार करने लगी, जिसका सहारा लेकर उसे मां से स्पष्टीकरण मांगना था। स्वयं को तैयार कर गरिमा जैसे ही मां के कमरे की तरफ़ बढ़ी, देखा मां तैयार होकर बाहर निकल रही हैं। "मैं जरा निशा के पास जाकर आती हूं।" मां ने कहा तो गरिमा को लगा चीख़कर उन्हें रोक ले। कहे, पहले मेरी बात का जवाब दीजिए, फिर जाइए। लेकिन कह नहीं पाई, आज फिर उसकी संकोची प्रवृत्ति ने उसे झुका दिया। मां जा चुकी थीं। गरिमा को कोई मार्ग नज़र नहीं आ रहा था, क्या करे? किससे कहे? जी चाहा आशुतोष के दफ़्तर में फोन करके उसे घर पर बुला ले और चीख-चिल्लाकर अपने मन की भड़ास निकाल ले। एक तो आंतरिक घुटन बर्दाश्त के बाहर हो रही थी, ऊपर से मां का रवैया और आशुतोष की चुप्पी जानलेवा सिद्ध हो रही थी। पता तो है आशुतोष को भी कि निक्की की शादी में जाना है। मेरा कार्यक्रम क्या है, कब जाना है, कब लौटना है? कुछ भी तो नहीं पूछा उसने, गरिमा त्रस्त हो गई। कई दिनों से लगातार एक ही विषय पर सोचते-सोचते वह ऊब गई थी। मानसिक यंत्रणा इतनी बढ़ गई कि वह तकिये में मुंह छुपाकर सिसक-सिसक कर रो पड़ी। न कुछ बनाने की इच्छा हुई, न खाने की। मां निशा के घर गई हैं, तो शाम को ही लौटेंगी। बिस्तर पर पड़े-पड़े कब नींद आ गई गरिमा को, पता ही नहीं चला। अचानक दरवाज़े की घंटी की आवाज़ सुनकर गरिमा हड़बड़ाकर उठ बैठी। घड़ी की तरफ़ देखा, शाम के चार बज रहे थे। सारा शरीर थककर चूर हो गया था। वह बेमन से उठी और दरवाज़ा खोल दिया। सामने आशुतोष खड़ा था। आशुतोष इस वक़्त? वह सोच में पड़ गई। पर आशुतोष के चेहरे पर गरिमा के आश्चर्य को देखकर कोई भाव नहीं उभरा। "गरिमा, मां आज दफ़्तर आई थीं। मुझे दो हज़ार रुपए दिए हमारे टिकट के लिए। मैं रिजर्वेशन करवा कर आया हूं निक्की की शादी के लिए। शादी के दो रोज़ पहले चले जाएंगे। ठीक है न?" शर्ट उतारकर बाथरूम में प्रवेश करते-करते आशुतोष बोला। "क्या तुम भी चलोगे?" "ज़रूर जाऊंगा, वरना भैया क्या सोचेंगे। उनकी पहली बेटी की शादी है और तुम अकेली, नहीं मुझे जाना ही पड़ेगा।" गरिमा चुप रही। हृदय के संशय में कोई अंतर नहीं। तोहफ़े के संबंध में तय होना जो शेष था। चेहरे पर ख़ुशी का भाव न पाकर आशुतोष बिगड़ गया। "यह क्या गरिमा? टिकट भी ले आया, पर लगता है तुम ख़ुश नहीं। आख़िर क्या बात है?" "निक्की को क्या देंगे, यह भी सोचा है?" "निक्की के लिए कंगन लेने ही तो गई हैं मां।" "क्या?" चौंक गई गरिमा। "हां… उन्होंने तुम्हें नहीं बताया?" "न… नहीं…" "गरिमा, मां पैसे बचाकर रखती थीं, ताकि ज़रूरत पड़ने पर हमें किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े। आज वह दफ़्तर में आकर जब टिकट के पैसे देने लगीं, तो मैं चकित हो गया कि मां के पास इतने पैसे कहां से? तब उन्होंने बताया कि वह घर के ख़र्चे से पैसे बचाती थीं। निशा के बैंक में ही उन्होंने अपना भी एक खाता खोल लिया था। वह निशा के हाथ पैसे जमा करवा दिया करती थीं। इस समय उन्होंने पूरे दस हज़ार रुपए बैंक से निकाले हैं। आठ हज़ार कंगन के, दो हज़ार आने-जाने के।" सच्चाई सामने आते ही चकित रह गई गरिमा, "आशुतोष, यदि मां हमें बता देतीं कि वो पैसे जमा कर रही हैं, हम अनावश्यक तनाव से तो बच जाते।" "गरिमा, मां कह रही थीं, यदि वह हमें बतातीं तो हमारी आवश्यकताएं बढ़ जातीं। हममें ऊलजुलूल चीज़ों को ख़रीदने की इच्छा जागृत हो जाती। उन्होंने हम दोनों के स्वभाव को समझकर ही ऐसा कदम उठाया था। तुम्हें भी मां से सब सीखना चाहिए।" फिर आगे भी बहुत कुछ बोला आशुतोष, जिसे गरिमा सुन नहीं पाई। वह तो सोच रही थी कि आंखों देखा, कानों सुना भी कैसे ग़लत सिद्ध हो जाता है। उसे तो लगता था कि वह पत्थरों के घर में आ गई है, जहां उसकी किसी को परवाह नहीं है, पर यहां तो सभी उससे प्यार करते हैं। उसके लिए चिंतित रहते हैं। संशयों के दायरे से तो निकल आई थी गरिमा, पर हृदय में चैन अब भी नहीं था। अब तो जब तक मां के चरण छूकर माफ़ी नहीं मांग लेगी, उसे चैन नहीं आएगा। गरिमा अपने को श्रेष्ठ समझती थी। लेकिन गरिमा की चुप्पी, त्याग, सहनशीलता और कर्तव्यपालन का एक प्यारा-सा प्रतिदान देकर मां ने भी अपनी श्रेष्ठता का एहसास उसे करा दिया। गरिमा को लगा, जैसे उसकी सारी अच्छाइयां कितनी बौनी सिद्ध होने लगी हैं त्यागशील और स्नेही मां के सामने। ******

  • मोबाइल पर मुन्ना

    अशोक कुमार बाजपाई   मोबाइल पर मुन्ना बतलाता बाबा जी को बहुत सुहाता सुनता नहीं काम की बातें मोबाइल में कटती रातें।   जाने कहां की बातें लाता खुद गढ़ता है हमें सुनाता दादी से हंसकर बतलाता पास बुलाने पर ना आता।   किस को अपनी चीज न देता और दूसरों की रख लेता गुस्सा करता शोर मचाता बाबा से बातें मानवता।   छोटा बहुत अभी है मालू बुद्धू नहीं, बहुत है चालू बातें बहुत बनाता रहता इधर उधर की लाता रहता। *****

  • सच्ची दोस्ती

    विनीता पैंगेनी एक बड़े-से जंगल में एक बंदर और एक खरगोश बड़े प्यार से रहते थे। दोनों में इतनी अच्छी दोस्ती थी कि हमेशा एक साथ खेलते और अपना सुख-दुख बांटते थे। एक दिन खेलते-खेलते बंदर ने कहा, “मित्र खरगोश, आज कोई नया खेल खेलते हैं।” खरगोश ने पूछा, “बताओ कौन-सा खेल खेलने का मन है तुम्हारा?” बंदर बोला, “आज हम दोनों को आँख-मिचोली खेलनी चाहिए।” खरगोश हंसते हुए कहने लगा, “ठीक है, खेल लेते है। बड़ा मज़ा आएगा।” दोनों यह खेल शुरू करने ही वाले थे कि तभी उन्होंने देखा कि जंगल के सारे पशु-पक्षी इधर-उधर भाग रहे हैं। बंदर ने फ़ुर्ती दिखाते हुए पास से भाग रही लोमड़ी से पूछा, “अरे, ऐसा क्या हो गया है? क्यों सब भाग रहे हैं?” लोमड़ी ने जवाब दिया, “एक शिकारी जंगल में आया है, इसलिए हम सब अपनी जान बचाकर भाग रहे हैं। तुम भी जल्दी भागो वरना वह तुम्हें पकड़ लेगा।” इतना बोलकर लोमड़ी तेज़ी से वहाँ से भाग गई। शिकारी की बात सुनते ही बंदर और खरगोश भी डर कर भागने लगे। भागते-भागते दोनों उस जंगल से काफ़ी दूर निकल आए। तभी बंदर ने कहा, “मित्र खरगोश, सुबह से हम भाग रहे हैं। अब शाम हो चुकी है। चलो, थोड़ा आराम कर लेते हैं। मैं थक गया हूँ।” खरगोश बोला, “हाँ, थकान ही नहीं, प्यास भी बहुत लगी है। थोड़ा पानी पी लेते हैं। फिर आराम करेंगे।” बंदर ने कहा, “प्यास तो मुझे भी लगी है। चलो, पानी ढूंढते हैं।” दोनों साथ में पानी ढूंढने के लिए निकले। कुछ ही देर में उन्हें पानी का एक मटका मिला। उसमें बहुत कम पानी था। अब खरगोश और बंदर दोनों के मन में हुआ कि अगर इस पानी को मैं पी लूंगा, तो मेरा दोस्त प्यासा ही रह जाएगा। अब खरगोश कहने लगा, तुम पानी पी लो। मुझे ज़्यादा प्यास नहीं लगी है। तुमने उछल-कूद बहुत की है, इसलिए तुम्हें ज़्यादा प्यास लगी होगी। फिर बंदर बोला, “मित्र, मुझे प्यास नहीं लगी है। तुम पानी पी लो। मुझे पता है, तुमको बहुत प्यास लगी है।” दोनों इसी तरह बार-बार एक दूसरे को पानी पीने के लिए कह रहे थे। पास से ही गुज़र रहा हाथी थोड़ी देर के लिए रुका और उनकी बातें सुनने लगा। कुछ देर बाद हंसते हुए हाथी ने पूछा, “तुम दोनों पानी क्यों नहीं पी रहे हो?” खरगोश ने कहा, “देखो न हाथी भाई, मेरे दोस्त को प्यास लगी है, लेकिन वो पानी नहीं पी रहा है।” बंदर बोला, “नहीं-नहीं भाई, खरगोश झूठ बोल रहा है। मुझे प्यास नहीं लगी है। इसको प्यास लगी है, लेकिन यह मुझे पानी पिलाने की ज़िद कर रहा है।” हाथी यह दृश्य देखकर बोलने लगा, “तुम दोनों की दोस्ती बहुत गहरी है। हर किसी के लिए यह एक मिसाल है। तुम दोनों ही इस पानी को क्यों नहीं पी लेते हो। इस पानी को आधा-आधा करके तुम दोनों पी सकते हो।” खरगोश और बंदर दोनों को हाथी का सुझाव अच्छा लगा। उन्होंने आधा-आधा करके पानी पी लिया और फिर थकान मिटाने के लिए आराम करने लगे। सीख : सच्चे दोस्त हमेशा एक-दूसरे का ख्याल रखते हैं। सच्ची दोस्ती में स्वार्थ की कोई जगह नहीं होती। ******

  • हमारी शक्ति

    श्वेता श्रीवास्तव बहुत समय पहले की बात है किसी जंगल में एक खरगोश अपने परिवार के साथ रहता था। खरगोश जहां रहता था, वहां आसपास बड़े जानवरों की संख्या ज्यादा थी। खरगोश और उसका परिवार हमेशा इस बात से डरे हुए रहते थे कि कोई जानवर आकर उन्हें नुकसान न पहुंचा दे। उन्हें अपने घर के आस-पास जरा भी हलचल सुनाई देती थी, तो वो झट से अपने बिल में छुप जाया करते थे। दूसरे जानवरों का डर उनपर इस कदर हावी था कि उनकी आहट भर सुनकर उनमें से कुछ खरगोशों की डर से मौत हो गई। यह सब देखकर खरगोश बड़ा परेशान रहता था। एक दिन घोड़ों का दल उनके घर के पास से गुजरा। घोड़ों की आवाज सुनकर सभी सहम गए और हमेशा की तरह अपने बिल में छुप गए। डर से पूरा दिन कोई बिल से बाहर खाने की तालाश में भी नहीं गया। अपने परिवार को इस हालत में देखकर खरगोश बेहद दुखी हुआ। उसने भगवान को कोसते हुए कहा कि हे भगवान आपने हमें इतना कमजोर क्यों बनाया है। इस तरह जीने का क्या फायदा, जिसमें हर दिन अपनी जान को लेकर डर और भय बना रहता है। तभी सारे खरगोशों ने मिलकर फैसला किया कि हर समय डर और भय के चलते बिल में छुपकर रहने से अच्छा होगा कि सब मिलकर एक साथ अपना जीवन त्याग देते हैं। सभी खरगोश इकट्ठे होकर आत्महत्या करने के लिए नदी की ओर निकल गए। नियत समय पर खरगोश और उसका पूरा परिवार नदी के पास पहुंचे। नदी के पास कई सारे चूहों के बिल थे। जब चूहों ने खरगोशों को आते देखा तो वो सभी डर गए और इधर-उधर भागने लगे। कुछ चूहे बिल में घुस गए, तो कुछ नदी में गिरकर मर गए। चारों तरफ अफरातफरी का माहौल था। ये पूरा वाकया देखकर खरगोश दंग रह गए। उन्हें इस बात का यकीन नहीं हो रहा था कि उन्हें देखकर भी किसी में दहशत हो सकती है। अब तक तो वह खुद को ही सबसे कमजोर प्राणी समझते थे और भगवान को दोष देते थे। अब खरगोशों की समझ में आ गया था कि भगवान ने दुनिया में अलग-अलग खासियत के साथ जीव-जन्तु बनाए हैं। जो जैसा है, उसे वैसे ही स्वीकार करना चाहिए। अगर किसी में कमी है, तो उसमें कुछ गुण भी हैं। हर किसी में एक जैसे गुण नहीं हो सकते। ये समझने के बाद खरगोश और उसका परिवार घर वापस लौट गए। सीख : प्रकृति ने सभी को शक्तिशाली बनाया है। बस फर्क इतना है कि सभी अलग-अलग क्षेत्र में अव्वल होते हैं। इसलिए हमेशा कमजोरी से भागने की जगह उसे ही अपनी ताकत बनाएं। ******

  • नर हो, न निराश करो मन को

    मैथिलीशरण गुप्त   नर हो, न निराश करो मन को कुछ काम करो, कुछ काम करो जग में रह कर कुछ नाम करो यह जन्म हुआ किस अर्थ अहो समझो जिसमें यह व्यर्थ न हो कुछ तो उपयुक्त करो तन को नर हो, न निराश करो मन को   सँभलो कि सुयोग न जाए चला कब व्यर्थ हुआ सदुपाय भला समझो जग को न निरा सपना पथ आप प्रशस्त करो अपना अखिलेश्वर है अवलंबन को नर हो, न निराश करो मन को   जब प्राप्त तुम्हें सब तत्त्व यहाँ फिर जा सकता वह सत्त्व कहाँ तुम स्वत्त्व सुधा रस पान करो उठके अमरत्व विधान करो दवरूप रहो भव कानन को नर हो न निराश करो मन को   निज गौरव का नित ज्ञान रहे हम भी कुछ हैं यह ध्यान रहे मरणोत्तैर गुंजित गान रहे सब जाए अभी पर मान रहे कुछ हो न तजो निज साधन को नर हो, न निराश करो मन को   प्रभु ने तुमको दान किए सब वांछित वस्तु विधान किए तुम प्राप्तस करो उनको न अहो फिर है यह किसका दोष कहो समझो न अलभ्य किसी धन को नर हो, न निराश करो मन को   किस गौरव के तुम योग्य नहीं कब कौन तुम्हें सुख भोग्य नहीं जान हो तुम भी जगदीश्वर के सब है जिसके अपने घर के फिर दुर्लभ क्या उसके जन को नर हो, न निराश करो मन को   करके विधि वाद न खेद करो निज लक्ष्य निरंतर भेद करो बनता बस उद्‌यम ही विधि है मिलती जिससे सुख की निधि है समझो धिक् निष्क्रिय जीवन को नर हो, न निराश करो मन को कुछ काम करो, कुछ काम करो ******

  • पिता का देहांत

    मुकेश ‘नादान’ समय के साथ-साथ सब कुछ ठीक ही चल रहा था कि अचानक एक दिन हृदयाघात के कारण नरेंद्र के पिता का देहांत हो गया। नरेंद्र के पिता की मृत्यु मानो परिवार के लिए अभिशाप सिद्ध हुई। पूरे परिवार पर जैसे मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। विश्वनाथजी का हाथ बहुत खुला था, जो कमाते, खर्च कर देते थे। उन पर कुछ कर्जा भी हो गया था। उनकी मृत्यु का समाचार सुनते ही कर्ज देने वाले आ धमके। बड़ी मुश्किल से उन्हें समझाया गया और कर्ज चुकाने के लिए अग्रिम समय ले लिया, किंतु अब सबसे बड़ी समस्या थी, परिवार के भरण-पोषण की। नरेंद्र के परिवार में छह-सात सदस्य थे। बेटों में सबसे बड़े होने के कारण उन पर सारी जिम्मेदारियों का बोझ आ गया था। 'पहली बार नरेंद्र को एहसास हुआ कि दरिद्रता क्या होती है। पिता के जीवनकाल में उन्होंने ऐशो-आराम की भले ही कामना नहीं की थी, किंतु उन्हें किसी बात की चिंता भी तो नहीं थी। अब उनके लिए भोजन का प्रंध करना भी एक बड़ी समस्या बन गई थी। संकट की इस घड़ी में उनके सभी मित्रों ने किनारा कर लिया था। उन्हें कई दिनों तक भूखे-प्यासे रहना पड़ता था। नौकरी की तलाश में पूरे दिन नंगे पैर भटकते रहते थे। उन दुखपूर्ण दिनों के विषय में स्वयं नरेंद्र ने सविस्तार वर्णन किया है! “भूख से बुरा हाल था। एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर नंगे पैर भाग-दौड़ करता, मगर सब तरफ घृणा के अलाबा कुछ नहीं मिला। उन दिनों मानव की सहानुभूति का अनुभव पाया। जीवन की वास्तविकताओं के साथ यह मेरा प्रथम परिचय था। मैंने देखा-संसार में कमजोर-निर्धन तथा परित्यक्तों के लिए कोई जगह नहीं है। वे लोग, जो कुछ ही दिन पहले मेरी सहायता करने में गर्व अनुभव करते थे, उन्होंने सहायता करने की सामर्थ्य होते हुए भी मुँह मोड़ लिया। यह संसार मुझे शैतान की सृष्टि दिखाई देने लगा। एक दिन तपती दोपहर को जब मुझसे अपने पैरों पर खड़ा नहीं हुआ गया तो मैं एक स्मारक की छाया में बैठ गया। वहाँ पर मेरे कई मित्र भी बैठे थे, उनमें से एक मित्र ईश्वर का गुणगान करने लगा। वह गीत मुझे खुद पर गहरा प्रहार सा लगा। अपने भाइयों तथा माता की असहाय अवस्था का ध्यान आते ही मैं चीख पड़ा, “बंद करो यह गीत! जो धनवानों के घर पैदा हुए हैं और जिनके माँ-बाप भूखे नहीं मर रहे, उन्हें तुम्हारा गीत प्रिय लगेगा। कभी मैं भी ऐसा ही सोचता था। मगर आज मैं जीवन की कठोरताओं का सामना कर रहा हूँ। यह गीत मेरे दुखभय जीवन पर उपहासकारी चोट कर रहा है।' “कई बार मैंने देखा कि घर पर खाने के लिए पर्याप्त भोजन नहीं होता था। ऐसे समय में मैं माँ से झुठ ही कह देता कि मुझे मेरे मित्र ने भोजन पर आमंत्रित किया है और मैं भूखा रह जाता था। हालाँकि मेरे धनी मित्र मुझे अपने घर खाने के लिए आमंत्रित करते थे, मगर उनमें से किसी ने भी मेरे दुर्भाग्य-काल में मेरा सहयोग नहीं किया। मैंने भी अपनी अवस्था का जिक्र किसी से नहीं किया।” ******

bottom of page