Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- अँगरेजी भाषण
मुकेश ‘नादान’ विद्यालय में पढ़ने के समय ही नरेंद्रनाथ की वाक्य शक्तिजागृत हो गई थी। एक बार मेट्रोपोलिटन इंस्टीट्यूट में पुरस्कार वितरण के लिए जो सभा आयोजित हुई, उसके साथ ही एक प्रिय शिक्षक की सम्मानपूर्वक विदाई का आयोजन हुआ। छात्रों ने कहा कि उनकी ओर से नरेंद्र को विदाई अभिभाषण देना होगा, और वह भी अँगरेजी में। नरेंद्र उन दिनों अँगरेजी भाषा और साहित्य का गहन अध्ययन करता था और मित्रों ने उसको सुना भी था। किंतु वह एक सामान्य बात थी और प्रकट रूप में सभा में भाषण देना अलग बात थी, जिसका सभापतित्व का पद सुशोभित कर रहे थे श्रीयुत सुरेंद्रनाथ बंद्योपाध्याय। आखिर निर्भीक नरेंद्र सहमत हुआ और यथा अवसर खड़े होकर आधे घंटे तक उक्त शिक्षक के स्थानांतरण से छात्रगण कितने दुखी हैं और विद्यालय की कितनी क्षति हुई आदि विषयों पर विशुद्ध एवं सुललित अँगरेजी भाषा में व्याख्यान दिया। उसके भाषण के बाद सभापति महोदय ने नरेंद्र की प्रशंसा की। बहुत दिनों के बाद स्वामीजी की वक््तृताशक्ति के विषय में सुरेंद्रनाथ ने अपना मंतव्य प्रकट किया था, “भारतवर्ष में मैंने जिन वक्ताओं को देखा है, उनमें वे सर्वोत्तम थे।” इसमें आश्चर्यचकित होने की कोई बात नहीं है, क्योंकि भगवान् तभी से उन्हें अपने हाथों से गढ़ रहे थे तथा अनेक परिस्थितियों के द्वारा उनकी शक्ति के उद्घाटन की व्यवस्था कर रहे थे। *****
- एक व्यक्ति
विनोद कुमार शुक्ल हताशा से एक व्यक्ति बैठ गया था व्यक्ति को मैं नहीं जानता था हताशा को जानता था इसलिए मैं उस व्यक्ति के पास गया मैंने हाथ बढ़ाया मेरा हाथ पकड़कर वह खड़ा हुआ मुझे वह नहीं जानता था मेरे हाथ बढ़ाने को जानता था हम दोनों साथ चले दोनों एक दूसरे को नहीं जानते थे साथ चलने को जानते थे। ******
- पौधे का संघर्ष
रमाकांत शुक्ल शहर से कुछ दूरी पर बसे एक मोहल्ले में रुचिका अपने हस्बैंड के साथ रहती थी। उसके ठीक बगल में एक बुजर्ग व्यक्ति अकेले ही रहा करते थे, जिन्हें सभी “दादा जी” कह कर बुलाते थे। एक बार मोहल्ले में एक पौधे वाला आया। उसके पास कई किस्म के खूबसूरत, हरे-भरे पौधे थे। रुचिका और दादाजी ने बिलकुल एक तरह का पौधा खरीदा और अपनी-अपनी क्यारी में लगा दिया। रुचिका पौधे का बहुत ध्यान रखती थी। दिन में तीन बार पानी डालना, समय-समय पर खाद देना और हर तरह के कीटनाशक का प्रयोग कर वह कोशिश करती कि उसका पौधा ही सबसे अच्छे ढंग से बड़ा हो। दूसरी तरफ दादा जी भी अपने पौधे का ख़याल रख रहे थे, पर रुचिका के तुलना में वे थोड़े बेपरवाह थे। दिन में बस एक या दो बार ही पानी डालते, खाद डालने और कीटनाशक के प्रयोग में भी वे ढीले थे। समय बीता। दोनों पौधे बड़े हुए। रुचिका का पौधा हरा-भरा और बेहद खूबसूरत था। दूसरी तरफ दादा जी का पौधा अभी भी अपने सर्वश्रेष्ठ रूप में नहीं आ पाया था। यह देखकर रुचिका मन ही मन पौधों के विषय में अपनी जानकारी और देखभाल करने की लगन को लेकर गर्व महसूस करती थी। फिर एक रात अचानक ही मौसम बिगड़ गया। हवाएं तूफ़ान का रूप लेने लगीं। बादल गरजने लगे और रात भर आंधी-तूफ़ान और बारिश का खेल चलता रहा। सुबह जब मौसम शांत हुआ तो रुचिका और दादा जी लगभग एक साथ ही अपने अपने पौधों के पास पहुंचे। पर ये क्या? रुचिका का पौधा जमीन से उखड़ चुका था, जबकि दादा जी का पौधा बस एक ओर जरा सा झुका भर था। “ऐसा क्यों हुआ दादाजी, हम दोनों के पौधे बिलकुल एक तरह के थे, बल्कि आपसे अधिक तो मैंने अपने पौधे की देख-भाल की थी। फिर आपका पौधा प्रकृति की इस चोट को झेल कैसे गया जबकि मेरा पौधा धराशायी हो गया?”, रुचिका ने घबराहट और दुःख भरे शब्दों में प्रश्न किया। इस पर दादाजी बोले, “देखो बेटा, तुमने पौधे को उसके ज़रुरत की हर एक चीज प्रचुरता में दी। इसलिए उसे अपनी आवश्यकताएं पूरी करने के लिए कभी खुद कुछ नहीं करना पड़ा। न उसे पानी तलाशने के लिए अपनी जड़ें जमीन में भीतर तक गाड़नी पड़ीं, ना कीट-पतंगों से बचने के लिए अपनी प्रतिरोधक क्षमता पैदा करनी पड़ी। नतीजा ये हुआ कि तुम्हारा पौधा बाहर से खूबसूरत, हरा-भरा दिखाई पड़ रहा था पर वह अन्दर से कमजोर था और इसी वजह से वह कल रात के तूफ़ान को झेल नहीं पाया और उखड़ कर एक तरफ गिर गया। जबकि मैंने अपने पौधे की बस इतनी देख-भाल की कि वह जीवित रहे इसलिए मेरे पौधे ने खुद को ज़िंदा रखने के लिए अपनी जडें गहरी जमा लीं और अपनी प्रतिरोधक क्षमता को भी विकसित कर लिया और आसानी से प्रकृति के इस प्रहार को झेल गया।” रुचिका अब अपनी गलती समझ चुकी थी पर अब वह पछताने के सिवा और कुछ नहीं कर सकती थी। शिक्षा : आज कल परिवार छोटे होने लगे हैं। अधिकतर जोड़ें 2 या सिर्फ 1 ही बच्चा कर रहे हैं। ऐसे में माता-पिता बच्चों का रख रखाव करने में उन्हें इतना कर दे रहे हैं कि बच्चे को खुद करने और संघर्ष करने का मौका ही नहीं मिल रहा। वे भावनात्मक और शारीरिक मजबूत बनने की जगह कमजोर बन जा रहे हैं। बच्चों को पालना और पौधों की देखभाल करने में काफी समानतायें हैं। ऐसे ही छोड़ देने पर बच्चे और प्लांट्स दोनों बिगड़ जाते हैं और ज़रुरत से अधिक रख रखाव करने पर वे कमजोर हो जाते हैं। इसलिए बतौर अभिभावक ज़रुरी है कि हम एक सही अंतराल के साथ अपने बच्चों को पाले-पोसें और सही परवरिश दें ताकि वे उस पौधे की तरह बनें जो मुसीबतों के आने पर गिरें नहीं बल्कि अपना सीना चौड़ा कर उनका सामना कर सके। ******
- दस हजार ईंट
विकास यादव नरोत्तम सेठ आज कहीं व्यस्त होने के कारण ईंट भट्टे पर फिर अपने बेटे को ही भेजा थे। बेटे का मन क़भी भी भट्टा पर नही लगता था, जिसके कारण वह अक्सर ग्राहकों से उलझ जाता था, जबकि नरोत्तम सेठ चाहते थे कि अब वह अपना अधिक से अधिक समय भट्टा पर दे, जिससे वो अपने पुस्तैनी व्यवसाय में दक्ष हो सके। अभी उनका बेटा आकर अपने केबिन में बैठा ही था कि मुनीम आ गया- "भईया जी एक बुड्ढा फटी-पुरानी पुर्जी लेकर आया है और दस हजार ईंट मांग रहा है।" "क्या मतलब..!" बेटे ने पूछा । "कह रहा है कि सन उन्नीस सौ अड़सठ में पन्द्रह रुपया हजार के भाव से उसने दस हजार ईंट का दाम एक सौ पचास रुपया जमा किए थे जो आज लेने आया है।" "दिमाग खराब है उसका। आज दस हजार ईंट की कीमत अस्सी हजार है, एक सौ पचास रुपये में कैसे दे देंगे, भगा दो उसको यहाँ से जल्दी।" "पर बड़े बाबूजी के हाथ की दस्तख़त की हुई रसीद है उसके पास है।" "तो क्या हुआ...? तब क्यों नही ले गये थे। अब, जब ईंट का मूल्य आठ हजार रुपये प्रति हजार है तब ये पन्द्रह रुपये के भाव से ले जाएंगे !" सेठ का लड़का अभी मुंशी और बुड्ढे को डाट ही रहा था कि नरोत्तम सेठ स्वयं आ गये। देखा, बेटा फिर आज किसी से उलझा हुआ है। कारण पूछने पर बेटे ने वह मुड़ी-तुड़ी पुर्जी सेठ को पकड़ा दी। सेठ पर्ची को देखते ही चौंक गये। अब बुड्ढे की तरफ ध्यान से देखा और पहचानते ही मुस्करा पड़े। "धनीराम कहां गायब हो गये थे भाई पैसा जमा करके। मैने तब कितनी प्रतीक्षा की थी आपकी? खैर, अब ले जाओ, दस हजार आपकी ईंट तो मेरे पास है ही।" "पर पापा, अस्सी हजार की ईंट एक सौ पचास रुपये में कैसे संभव है?" बेटे ने कहा। "बेटा जब इन्होंने पैसा जमा किया था तब वही भाव था। सन अड़सठ से इनका भी एक सौ पचास रुपया इस ईंट भट्ठा में लगा हुआ है जिसके कारण हम अपने इस व्यवसाय को इतना बढ़ा सके। उस एक सौ पचास रुपये की पूंजी का लाभ लगातार सन अडसठ से आप खा रहे हो। अस्सी हजार से बहुत ज़्यादा का खा चुके हम। मेरे हाथ की रसीद लिये हैं ये। मुझे याद है तब मैंने अपने पिताजी के साथ इस भट्ठा पर आना शुरू किया था। यह मेरी ही उम्र के हैं शायद। जब मैने यह रसीद काट कर इन्हें दी थी तो इन्होंने हंसकर कहा था - 'अगर रसीद गायब हो गयी तो क्या होगा? तब मेरे पिताजी ने इन्हें जो जवाब दिया था वह मुझे आज भी याद है। पिताजी ने कहा था कि अगर मेरे जीवन काल में आ गये तो रसीद न भी लाओगे तब भी ईंट आपको मिलेगी क्योंकि मुझे आपका चेहरा याद है लेकिन जहां तक रसीद की बात है तो अगर आप इसे रखे रह गये तो मेरे न रहने के बाद भी आपको ईंटें मिलेंगी क्योंकि बेईमानी न मुझमें है और न ही मेरे खून में।" इतना कहकर सेठ ने दस हजार ईंट बुड्ढे के यहाँ पहुंचाने के लिए मुंशी को आदेशित कर दिया औऱ अपने बेटे के कंधे पर अपना हाथ रखकर बोला, "बेटा, तुम्हारे साथ परिस्थितियां चाहे कितनी भी प्रतिकूल हो लेकिन ईमानदारी का पथ क़भी न छोड़ना।" ******
- जीवन का लक्ष्य
मुकेश ‘नादान’ 'पाश्चात्य शिक्षा के प्रभाव से नरेंद्र ने अतीत को भुलाकर वर्तमान में रहना सीखा था। उन्होंने बाइबिल भी पढ़ी थी, किंतु संस्कृत का ज्ञान न होने के कारण उपनिषद्, गीता आदि ग्रंथों का अध्ययन नहीं कर पाए थे। नरेंद्र जानते थे, 'पाश्चात्य संस्कृति और भारतीय संस्कृति में क्या अंतर है और उनकी उपयोगिता है, किंतु उन्हें किसी भी धर्म-संस्था में त्याग एवं सत्यनिष्ठा के दर्शन नहीं हुए। भावावेश में आनंदविभोर हो जाने वाले रामकृष्ण का अद्वैतवाद ही ऐसा था, जो आत्मत्यागी और सत्यनिष्ठ युवकों को अपनी ओर आकृष्ट कर रहा था; लेकिन नरेंद्र की तर्कबुद्धि उससे भी अपना सामंजस्य स्थापित नहीं कर पा रही थी। अठारह वर्ष की आयु में उन्होंने रामकृष्ण के पास जाना आरंभ किया था। बी.ए, उत्तीर्ण करते समय वे इक्कीस वर्ष के हो चुके थे। धन, ऐश्वर्य, वासना, सुख-भोग की उन्होंने कभी इच्छा नहीं की थी। सत्य की खोज तथा राष्ट्रीय एवं मानव जाति का कल्याण ही उनके जीवन का परम लक्ष्य था। नरेंद्र ने जब बी.ए. की परीक्षा भी नहीं दी थी, उनके पिता ने उन्हें प्रसिदृध अटार्नी निमाईचरण बसु के पास भेजना शुरू कर दिया था, ताकि वे भी कानून की शिक्षा 'पाकर उनके जैसे सफल वकील बन सकें। इसके अलावा उनकी यह भी इच्छा थी कि वे रामकृष्ण के चक्कर में न 'फँसकर अपनी गृहस्थी बसा लें। इस कार्य में उन्होंने नरेंद्र के सहपाठियों का भी सहयोग लिया। एक दिन नरेंद्र किराए के अपने “तंग' कमरे में बैठे पठन-पाठन में लीन थे। उनका एक मित्र विश्वनाथ के कहने पर नरेंद्र से मिलने आया और गंभीर स्वर में बोला, “नरेंद्र, तुम्हारी यह आयु साधु-संगत, धर्म-अर्चना की नहीं है। इन व्यर्थ की बातों को छोड़कर सांसारिक वस्तुओं का उपभोग करो।” नरेंद्र कुछ पल विचार करने के बाद बोले, “मैं संन्यासी जीवन को मानव जीवन का सर्वोच्च आदर्श मानता हूँ। 'परिवर्तनशील अनित्य संसार के सुख की कामना में इधर-उधर भटकने की अपेक्षा मैं उस अपरिवर्तनीय 'सत्यं-शिवं-सुंदरम्' के लिए प्राणपण से प्रयास करना अति उत्तम समझता हूँ।" नरेंद्र की बात का प्रतिवाद करते हुए मित्र ने कहा, “नरेंद्र, अपनी प्रतिभा और बुद्धि के प्रयोग से उन्नति करो। संसार में आए हो तो जीवन का सही अर्थ पहचानो। दक्षिणेश्वर के रामकृष्ण ने तुम्हारी बुद्धि खराब कर दी है। यदि अपनी खैर चाहते हो तो उस पागल का साथ छोड़ दो, अन्यथा तुम्हारा सर्वनाश निश्चित है।" उनका मित्र न जाने रामकृष्ण के विषय में क्या-क्या कहता रहा। अंत में नरेंद्र बोले, “ भई, उस महापुरूष को तुम क्या समझ पाओगे, जब इतने वर्षों में मैं ही नहीं समझ पाया।”" अंत में मित्र को हार माननी पड़ी। बह्मसमाज के कई युवा सदस्य रामकृष्ण के शिष्य बन गए। ब्रह्मसमाज के नेता शिवनाथ इस स्थिति से व्यग्र हो उठे। एक दिन उन्होंने नरेंद्र को दक्षिणेश्वर जाने से रोकते हुए कहा, “वह सब समाधि भाव जो तुम देखते हो, सब स्नायु की दुर्बलता के चिह्न हैं। अत्यधिक शारीरिक कठोरता का अभ्यास करने से रामकृष्ण का मस्तिष्क विकृत हो गया है।” शिवनाथ बाबू की बात सुनकर नरेंद्र ने कोई उत्तर नहीं दिया और चुपचाप चला आया, लेकिन मन में तूफान उठ रहा था। वह सोचने लगा, “आखिर यह सरल हृदय महापुरूष क्या है? क्या वास्तव में वह विकृत मस्तिष्क है, आखिर मेरे जैसे तुच्छ मनुष्य से उसे इतना लगाव क्यों है? आखिर रहस्य क्या है? ” बह्मसमाज के अधिकांश नेताओं से नरेंद्र परिचित था और उनकी विद्वत्ता से भी प्रभावित था, किंतु फिर भी उसके मन में जितनी श्रदृधा रामकृष्ण के प्रति थी, उन सबके प्रति नहीं थी। *******
- सात फेरों वाला विवाह
अर्जुन रेड्डी अभी एक महीना पहले की तो बात है। बकुल का विदेशी बाला से विवाह करने का निर्णय सुनने के बाद घर में भूचाल सा आ गया था। बाद में मम्मी जी ने ही कहा था, "देखो बकुल, हमने किसी तरह अपने मन को समझा कर उस फिरंगन से तुम्हारी शादी करवाने का फैसला कर लिया है। तुम्हारी जिद के आगे हम सबने घुटने टेक दिए हैं पर तुमको भी हमारा एक अनुरोध मानना होगा।" मम्मी की बातों से उनका दुख या मजबूरी साफ़ झलक रही थी। बकुल आहत तो हो रहा था पर हिम्मत करके उनका हाथ थामते हुए बोला, "मैं आपकी वेदना समझ रहा हूँ पर क्या करूँ? वैसे आपको विश्वास दिलाता हूँ कि क्रिस्टीना के हाथों आपको कभी दुख नहीं मिलेगा। और जैसा आप सब चाहते हैं, हमारा विवाह पूर्ण सनातन पद्धति से ही होगा।" आज उसका विवाह ब्रिटिश बाला क्रिस्टीना के साथ पूरे गाजे बाजे के साथ हो रहा है। पूर्ण भारतीय वेशभूषा में दुल्हन खूब चमक रही थी। सप्तपदी के समय पंडितजी वरवधू के कर्तव्य समझा रहे थे, तभी क्रिस्टीना ने अपनी ननद मीनू के कान में हौले से अंग्रेजी भाषा में कहा, "प्लीज़ इन वचनों को अंग्रेजी में भी ट्रांसलेट करवा दें।" मीनू हॅंसने लगी पर वो उसका हाथ पकड़ कर मनुहार करने लगी, "प्लीज़ मीनू, अभी हिंदी अच्छी तरह समझ में नहीं आती है। धीरे-धीरे हिंदी में सोचने, समझने लग जाऊॅंगी।" सभी लोग आश्चर्यचकित थे और खुसुर फुसुर करने लगे थे, वो सिर झुकाए हुए बोली, "जब भारत के बेटे को जीवनसाथी बनाया है, तो भारतीय संस्कृति, भारतीय संस्कारों को भी तो अपनाना होगा।" सभी हैरानी से सूर्य को पश्चिम में उदय होते देख रहे थे। *******
- पंडित जी की वेशभूषा
डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव किसी गाँव में एक पंडित थे। वह सभी शास्त्रों के अच्छे जानकार थे। वह सब कुछ जानते थे, लेकिन, इतने ज्ञानी होने के बाबजूत भी वो गरीब थे। उसके पास घर नहीं था। वह अपना भोजन भी बड़ी कठिनाइयों से प्राप्त करते थे। यहां तक कि उसके पास पहनने को अच्छे कपडे भी नहीं थे। उनके कपडे फटे हुए थे। पंडित जी अपने भोजन के लिए भीख मंगाते थे। वह घर-घर जाकर भीख मांगते “कृपया मुझे भिक्षा दो” उसके पुराने फटे कपड़ों को देखकर कई लोग सोचते थे कि वह पागल है, इसलिए, उन्हें देख दरवाजा बंद कर दिया करते थे। कई बार तो ऐसा होता था की वो कई दिनों तक खाना नहीं खा पाते थे। एक दिन उनके फटे पुराने कपडे देख कर एक व्यक्ति को दया आ गई और उस व्यक्ति न उन्हें नए कपडे दिए। उन नए कपड़ों को पहनकर वह पहले की तरह भीख मांगने गए। कल एक घर से जहाँ उन्हें भगा दिया था और दरवाज़ा बंद कर दिया था, उस घर के गृहस्वामी ने कहा, “पंडित जी प्रणाम, कृपया अंदर आइए। कृपया हमारे घर में भोजन करें”। इस प्रकार, बड़े आदर के साथ, वह पंडित को भोजन के लिए अंदर ले गया। पंडित जी खाना खाने बैठ गए। विभिन्न प्रकार के पकवान, मीठे भोजन, और मीठे पदार्थ खाने के लिए परोसे गए। पहले पंडित जी ने प्रार्थना की उसके बाद, पंडित जी ने अपने हाथ से एक मिठाई ली और अपने नए कपड़े को खाने के लिए कहने लगे, “खाओ, खाओ!” यह देखकर सभी घरवाले हैरान रह गए। वो समझ नहीं पा रहे थे कि पंडित जी ऐसा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने पंडित जी से पूछा, पंडित जी आप कपड़ों को खाना क्यों खिला रहे हो ? तब पंडित जी ने इस प्रकार उत्तर दिया, “वास्तव में इस नए वस्त्र के कारण आपने मुझे आज भोजन दिया है। कल जब मैं आपके घर आया था तब आपने ही इस घर के दरवाज़े मेरे लिए बंद कर दिए थे। और आज मेरे कपड़ों के वजह से आपने मुझे भोजन के लिए आमंत्रित किया है। चूंकि मैंने इन कपड़ों के कारण भोजन प्राप्त किया, इसलिए मैं इनका आभारी हूं। इसी वजह से मैं इन्हें खाना खिला रहा हूं। ”घरवाले शरमा गए और अपनी गलती की क्षमा मांगने लगे। शिक्षा: कभी भी किसी को उनकी वेशभूषा के हिसाब से नहीं आंकना चाहिए। ******
- मूर्खों का बहुमत
अंकिता मिश्रा किसी जंगल में एक उल्लू रहता था। उसे दिन में कुछ दिखाई नहीं देता था, इसलिए वह दिनभर एक पेड़ पर अपने घोंसले में छिपकर रहता था। सिर्फ रात होने पर ही वह भोजन के लिए बाहर निकलता था। एक बार की बात के गर्मियों का मौसम था। दोपहर का समय था और बहुत तेज धूप थी। तभी कहीं से एक बंदर आया और वह उल्लू के घोसले वाले पेड़ पर आकर बैठ गया। गर्मी और धूप से परेशान बंदर ने कहा – “ऊफ, बहुत गर्मी है। आकाश में सूर्य भी आग के किसी बड़े गोले की तरह चमक रहा है।” बंदर की बात को उल्लू ने भी सुन लिया। उससे रहा नहीं गया और बीच में ही बोल पड़ा – “यह तुम झूठ कह रहे हो? सूर्य नहीं, बल्कि अगर चंद्रमा के चमकने की बात कहते तो मैं इसे सच मान लेता।” बंदर बोला – “भला दिन में चंद्रमा कैसे चमक सकता हैं। वह तो रात में चमकता है और यह दिन का समय है, तो दिन में सूर्य ही चमकेगा। यही कारण है कि सूर्य की तेज रोशानी की वजह से बहुत ज्यादा गर्मी हो रही है।” उस बंदर ने उल्लू को अपनी बात समझाने का बहुत प्रयास किया कि दिन में सूरज ही चमकता है चंद्रमा नहीं, लेकिन उल्लू भी अपनी ही जिद पर अड़ा था। इसके बाद उल्लू ने कहा – “चलो, हम दोनों मेरे एक मित्र के पास चलते हैं, वही इसका निर्णय करेगा।” बंदर और उल्लू दोनों एक दूसरे पेड़ पर गए। उस दूसरे पेड़ पर उल्लुओं का एक बड़ा झुंड रहता था। उल्लू ने सभी को बुलाया और उनसे कहा कि दिन में आकाश में सूर्य चमक रहा है या नहीं यह तुम सब मिलकर बताओ। उल्लू की बात सुनकर उल्लुओं का पूरा झुंड हंसने लगा। वह बंदर की बात का मजाक उड़ाने लगें। उन्होनें कहा – “नहीं, तुम बेवकूफों जैसी बात कर रहे हो। इस समय आकाश में तो चंद्रमा ही चमक रहा है और आकाश में सूर्य के चमकने की झूठी बात बोलकर हमारी बस्ती में झूठ का प्रचार मत करो।” उल्लुओं के झुंड की बात सुनने के बाद भी बंदर अपनी ही बात पर अड़ा हुआ था। जिसे देखर सभी उल्लू गुस्सा हो गए और वे सारे के सारे बंदर को मारने के लिए उसपर झपट पढ़े। दिन का समय था और उल्लुओं को कम दिखाई दे रहा था इसी वजह से बंदर वहां से बचकर भाग निकलने में कामयाब हो गया और उसने अपनी जान बचाई। सीख : मूर्ख मनुष्य कभी भी विद्वानों की बात को सच नहीं मानता है। ऐसे मूर्ख लोग अपने बहुमत से सत्य को भी असत्य साबित कर सकते हैं। *****
- हीरे का शिलबट्टा
डॉ. जहांन सिंह ‘जहांन’ शोभाराम पन्ना जिले के किशनपुर गांव निवासी गणेश पठानी का एक बड़ा बेटा, जो पढ़ाई लिखाई में तो सामान्य पर खेलकूद में बहुत आगे था। लम्बा डील डौल, मजबूत कद काठी, कुश्ती लड़ने का शौकीन। उसका पहलवानी में बड़ा मन लगता था। कार्तिक पूर्णिमा को उजियारी देवी मंदिर के पास एक बड़ा मेला लगता था। शोभाराम जरूर हिस्सा लेता था। इस बार दंगल का उद्घाटन बड़े दरोगा मोहम्मद इसमाईल ने किया। कुश्ती के दौरान उसकी निगाह शोभाराम पर पड़ी। कुश्ती जीतने के बाद शोभाराम अपना इनाम लेने दरोगा जी के पास गया। दरोगा जी ने पूछा पुलिस में नौकरी करोगे। शोभाराम को जैसे अंधे को दो आंखें मिल गई। उसने तुरंत हां कर दिया। पुलिस में भर्ती कर उसे ट्रेनिंग पर भेज दिया। उसने बड़े अच्छे ढंग से नौकरी की। शोभाराम हेड कांस्टेबल के पद से सेवानिवृत हो गए। काफी पैसा मिला। अंग्रेजी हुकूमत थी, बड़ा मान सम्मान होता था। शहर में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ बड़े आराम से रह रहा था। वह इतने पैसा का क्या करें? लोगों की सलाह के सिलसिले चालू हो गए। किसी ने मकान, दुकान, खेत, होटल खोलने की सलाह दी। पर शोभाराम को हीरे तलाशने का बड़ा शौकीन था। पन्ना स्टेंट में यह काम काफी प्रचलित था। उसने एक खदान खरीदी ली। और अपने मजदूर लगवा कर काम चालू कर दिया। 15 दिन 3 महीने 1 साल बीत गया। शोभाराम के हाथ कुछ न लगा। पैसा खत्म हो रहा था। घर चलाना मुश्किल होने लगा। तंगहाली में मजदूर बन कर खदानों में काम करने लगा। उसकी पत्नी झुमकी बाई को गाने बजाने का शौक था। ठलती उम्र में भी खूबसूरती ने साथ नहीं छोड़ा। अच्छा नाक नक्सा छरहेरा बदन। चाल ढाल में नई युवतियां उसके सामने फीकी लगती थी। गाने की महफिल लगती थी। क्षेत्र के बड़े अधिकारी को पता चला तो उसने गाना सुनने की इच्छा जाहिर की। शाम को झुमकी ठेकेदारिन की महफिल में आने लगा। और धीरे-धीरे उसे पसंद करने लगा। घर के सदस्य जैसा हो गया। एक दिन शोभाराम ने अंग्रेज़ अधिकारी को खाने की दावत दी। सोचा अगर प्रसन्न हो गया तो कई काम दे देगा या कहीं नौकरी लगवा देगा। एक रात जब खाने की दावत पर झुमकी शिलबट्टे पर मसाला पीस रही थी। अंग्रेज उसका बदन निहारते निहारते अचानक उसकी निगाह शिलबट्टे पर पड़ी। जिसमें कहीं-कहीं जुगनू सी चमक दिख रही थी। उसे यह मसाला पीसने का तरीका बहुत अच्छा लगा और शिलबट्टा तो उसे पसंद आ गया। वह सोचने लगा। इसे विलायत ले जाएंगे और अपनी पत्नी को भेंट करेगा। बतायेगा कि भारत में खाने का मसाला कैसे बनता है। उसने शोभाराम से अपनी इच्छा जाहिर की और खरीदने के लिए कहां। पहले कीमत ₹2 फिर ₹5 और फिर ₹10। शोभाराम का माथा ठनका। उस समय ₹10 पूरे 1 महीने का वेतन होता था। ऐसा क्या है इस शिलबट्टे में। नहीं साहब यह झुमकी को बहुत प्यारा है। अपने से जुदा नहीं करेगी। साहब ने उसकी कीमत ₹100 लगा दी। तो शोभाराम का शक और मजबूत हो गया। कोई तो खास बात है इस शिलबट्टे में। भोजन करने के बाद साहब ने कहा कि जब तुम्हारा मन बेचने का हो तो बताना। झुमकी और शोभाराम रात भर सो न सके। भोर पहर में झुमकी ठेकेदारिन को सपने में रौबीला, गठीला बदन मुस्कुराता हुआ अंग्रेज कुछ मांग रहा था। जैसे वो उससे प्यार करने लगा हो। झुमकी भी कुछ बेचैन सी रहने लगी। शोभाराम सुबह होते ही पन्ना की सबसे बड़ी हीरा खदान के दफ्तर गया और उस शिलबट्टे की जांच करवाई। पता चला कि उसमें एक बहुत बड़ा हीरा है। जो छोटे-छोटे सुराखों से चमक फैकता है। यह बहुत कीमती है। दोनों परेशान थे कि अब इसका क्या किया जाए। अंग्रेज साहब अच्छा आदमी था। उसने कंपनी द्वारा शोभाराम को उचित मूल्य दिलवाया। शोभाराम फिर संपन्न हो गया। अपनी खदान वापस ले ली। पर एक हीरा मिला तो एक हीरा खो गया। हीरा रखना जुर्म था और बहुत बड़ी सजा मिलती। ठेकेदारिन, शोभाराम को बहुत प्यार करती थी। उसे दुखी नहीं देख सकती थी। झुमकी ठेकेदारिन अंग्रेजी साहब के साथ विलायत चली गई। एक पत्र छोड़ गई। मेरे प्रिय शोभाराम, मैं तुम्हें बहुत प्यार करती हूं। तुम्हें गरीब और दुखी नहीं देख सकती थी। तुम्हारे लिए मैंने यह कुर्बानी दी है। वरना वह हीरा भी छिन जाता और सजा भी मिलती। हो सके तो मुझे माफ कर देना। मैं जब तक जिंदा हूं। दिल से, तुम्हारी ही रहूंगी। तुम्हारी झुमकी ठेकेदारिन प्यार तेरा अनमोल पिया, सब कुछ तुझ पर बारी। *******
- असली हकदार
रमाकांत शास्त्री रंजन बाबू बिस्तर पर भीगी हुई पलकों को साफ करते हुए हरपल बस यही प्रार्थना करते रहते कि ईश्वर उन्हें जल्दी से अपने पास बुला ले। लगभग साठ वर्ष पार कर चुके रंजनबाबू को कई बीमारियों ने धर दबोचा था। बिस्तर पर ही मलमूत्र त्यागने के चलते उनका बेटा तो उनके कमरे में आने से भी हिचकता था। वही उनकी पत्नी भी कई बीमारियों से जूझ रही थी, ऊपर से उम्र के चलते वह भी विवश थी। ऐसे में उनकी सेवा करने वाला उनका वर्षो पुराना सेवक बिरजू था। वही उनके खाने-पीने दवाओं सहित मलमूत्र सारी व्यवस्थाओ को देखता था। बीते कई दिनों से रंजनबाबू की हालत कुछ ज्यादा ही खराब थी डाक्टर लगभग हाथ खडे कर चुके थे। यू तो बिरजू को इनसब के लिए अधिक मेहनताना नही मिलता था, मगर फिर भी वह अपने कर्तव्यनिष्टा के चलते रंजनबाबू की सेवा में लगा रहता। सेवा के दरम्यान बीते दो-चार महीनों से बिरजू की नजर हमेशा रंजनबाबू के गले से लटकती सोने की चेन पर बनी रहती थी। वह अक्सर सोचता था कि इतने वर्षों से सेठजी की सेवा में है अगर दया करके जीवन की अंतिम अवस्था में यह चेन वह उसे दे दें तो उसकी बेटी की शादी में उसे बहुत सहारा हो जाएगा। रंजनबाबू से बिरजू ने एक दो बार बेटी की शादी और चेन के बाबत आरजु-मिन्नत भी की थी। लेकिन उसकी बातें सुनकर रंजनबाबू चुप हो जाते या बात टाल जाते थे। लेकिन उस दिन दया करके सेठ ने बिरजू को स्वीकृति प्रदान कर दी कि वह चेन उसके गले से निकालकर ले ले। उन्होने कहा, बिरजू, मेरी जिन्दगी का अब क्या भरोसा जाने कब, तू ये चेन निकाल ले। रंजनबाबू की आज्ञा से बिरजू ने उसके गले से जैसे ही चेन निकाली उसी समय अचानक रंजनबाबू के बेटे दीपक ने आकर चेन उसके हाथ से छीन ली। यह कहते हुए कि एक असहाय मृत्युशैय्या पर पड़े आदमी के गले से चेन निकाल लेने का हक उसका नहीं बनता है। यह सरासर चोरी है तुमने चोरी की है। अगर इस चेन पर किसकी का असली हक है तो वो मेरा है उनके बेटे का। बिरजू का सिर झुक गया उसके उदास चेहरे को देखकर रंजनबाबू ने धीमी और टूटी हुई आवाज में कहा, “बिरजू ने कोई चोरी नहीं की है। उसने मेरी बहुत सेवा की है। मैने ये चेन उसे उपहार स्वरुप दी है मेरे कहने पर ही इसने मेरे गले से चेन निकाली है। दीपक ने कहा, आप चुप ही रहिए तो अच्छा है। कुछ ही दिनों के मेहमान हैं जल्द ही आप स्वर्गवासी होने वाले हैं। आपका अब इस घर में किसी भी चीज पर हक नहीं है। हम जो चाहेंगे वही होगा। अब आपका ठिकाना धरती पर नहीं ऊपर है। और तुम्हारा ठिकाना इस घर के बाहर है..... सुना तुमने .... अभी ये चेन तुरन्त बिरजू को दो, पता है तुम्हारे जन्म के पहले से ही यह इंसान इस घर की सेवा में लगातार लगा हुआ है। मैंने तुम्हारी सारी बातें सुन ली है। जब तक सांस तब तक आस है। अपने पापा को 'स्वर्गवासी होने वाले है बताकर उनके जीने की इच्छा पर कुठाराघात कर रहे हो। शर्म कर नालायक, जब मालिक स्वयं अपनी मर्जी से बिरजू को उपहार स्वरूप चेन दे रहे हैं तो हम कौन होते हैं उनको रोकने वाले। ये सब चल-अचल सम्पत्ति उन्हीं का अर्जित किया हुआ है समझा। गुस्से में दीपक की मां ने कहा। अपनी माँ का रौद्र रूप देखकर दीपक ने तुरन्त चेन बिरजू को वापस लौटा दी। बिरजू ने एकटक भीगी हुई आखें लिए मालकिन की और देखा तो वह रुधाए गले से बोली, बिरजू बेटा इस चेन पर उसके असली हकदार का ही हक है और वो तू है बेटा। हमारा असली बेटा, इस घर इन बूढे माता-पिता का असली हकदार तेरे मालिक और मैने अपनी तमाम संपति का आधा हिस्सा स्वेछा से पहले ही तेरे नाम कर दिया है। बिरजू रोते हुए मालकिन के पैरो में झुक गया...!! *****
- नरेंद्र की परीक्षा
मुकेश ‘नादान’ रामकृष्ण परमहंस ने नरेंद्र की परीक्षा लेने के लिए ऐसा भाव अपनाया कि वे नरेंद्र के दक्षिणेश्वर आने पर उनकी ओर तनिक भी ध्यान नहीं देते थे। न उनके गीत सुनते और न ही बातचीत करते। नरेंद्र ने भी इसकी कोई परवाह नहीं की। वे दक्षिणेश्वर आते और शिष्यों से हँस-बोलकर लौट जाते। प्रतापचंद्र हाजरा से नरेंद्र की काफी घनिष्ठता हो गई थी। इस तरह नरेंद्र को वहाँ आते-आते करीब एक माह हो गया। एक दिन हाजरा से बात करने के पश्चात् नरेंद्र कुछ देर के लिए रामकृष्ण के पास जाकर बैठ गए। जब नरेंद्र उठकर जाने लगे, तो रामकृष्ण ने कहा, “जब मैं तुझसे बात नहीं करता, तो यहाँ किसलिए आता है? ” नरेंद्र ने शांत भाव से कहा, “आपको चाहता हूँ, इसलिए देखने आता हूँ, आपकी बातें सुनने नहीं आता।" नरेंद्र का उत्तर सुनकर रामकृष्ण आनंद से गद्गद हो उठे। अपने प्रति रामकृष्ण का इतना प्रेम देखकर एक दिन नरेंद्र ने उनसे उपहास करते हुए कहा, “पुराण में लिखा है, 'एक राजा दिन-रात अपने पालित हिरण की बात सोचते-सोचते मृत्यु को प्राप्त हुआ और अगले जन्म में हिरण बना। आप मुझसे जितना प्रेम करते हैं, उससे आपकी भी वही गति होगी।” रामकृष्ण किसी बालक की भाँति चिंतित होकर बोले, “तू ठीक कहता है, ठीक ही तो कहता है, अब क्या होगा? मैं तुझे देखे बिना नहीं रह सकता।" रामकृष्ण के मन में संदेह उत्पन्न हो गया। वे तुंत काली मंदिर में माँ के पास गए और कुछ क्षण बाद हँसते हुए लौट आए। उन्होंने नरेंद्र से कहा, “अरे मूर्ख, मैं तेरी बात नहीं मानूँगा। माँ ने कहा है-तू उस नरेंद्र को साक्षात् नारायण मानता है, इसलिए प्रेम करता है। जिस दिन उसके भीतर नारायण नहीं देखेगा, उस दिन उसका मुख देखने की भी तुझे इच्छा नहीं होगी।" जिन दिनों नरेंद्र की भेंट रामकृष्ण से हुई, तब वे एफ.ए. की परीक्षा दे रहे थे। तब तक उन्होंने पाश्चात्य न्याययिकों के मतवाद का अध्ययन कर लिया था। दक्षिणेश्वर जाते-आते समय भी उन्होंने विज्ञान तथा पाश्चात्य दर्शन का अध्ययन जारी रखा। बी.ए. उत्तीर्ण करते-करते उन्होंने ह्यूम और बेनथैन की नास्तिकता, देकार्त का अहंवाद, डार्विन का विकासबाद, आदर्श समाज की अभिव्यक्ति, स्पिनोजा का अद्वैत। चिद्वस्तुवाद, काम्टे व स्पेंसर का अज्ञेयवाद आदि के संबंध में काफी ज्ञान अर्जित कर लिया था। जर्मन दार्शनिक के विषय में भी उन्होंने कुछ पढ़ा था। इसके अतिरिक्त वे मेडिकल कॉलेज में जाकर स्नायु व मस्तिष्क की गठन प्रणाली को समझने के लिए व्याख्यान सुनते थे और उन विषयों का अध्ययन भी करते थे। लेकिन फिर भी उनकी ज्ञान-पिपासा शांत नहीं हुई, अपितु और भी बढ़ती गई। *******
- एक आंच की कसर
प्रेमचंद सारे नगर में महाशय यशोदानन्द का बखान हो रहा था। नगर ही में नही, समस्त प्रान्त में उनकी कीर्ति की जाती थी, समाचार पत्रों में टिप्पणियां हो रही थी, मित्रो से प्रशंसापूर्ण पत्रों का तांता लगा हुआ था। समाज-सेवा इसको कहते है! उन्नत विचार के लोग ऐसा ही करते है। महाशय जी ने शिक्षित समुदाय का मुख उज्जवल कर दिया। अब कौन यह कहने का साहस कर सकता है कि हमारे नेता केवल बात के धनी है, काम के धनी नही है ! महाशय जी चाहते तो अपने पुत्र के लिए उन्हें कम से कम बीज हतार रूपये दहेज में मिलते, उस पर खुशामद घाते में! मगर लाला साहब ने सिद्वांत के सामने धन की रत्ती बराबर परवा न की और अपने पुत्र का विवाह बिना एक पाई दहेज लिए स्वीकार किया। वाह! वाह! हिम्मत हो तो ऐसी हो, सिद्वांत प्रेम हो तो ऐसा हो, आदर्श-पालन हो तो ऐसा हो। वाह रे सच्चे वीर, अपनी माता के सच्चे सपूत, तूने वह कर दिखाया जो कभी किसी ने किया था। हम बडे गर्व से तेरे सामने मस्तक नवाते है। महाशय यशोदानन्द के दो पुत्र थे। बडा लडका पढ लिख कर फाजिल हो चुका था। उसी का विवाह तय हो रहा था और हम देख चुके है, बिना कुछ दहेज लिये। आज का तिलक था। शाहजहांपुर स्वामीदयाल तिलक ले कर आने वाले थे। शहर के गणमान्य सज्जनों को निमन्त्रण दे दिये गये थे। वे लोग जमा हो गये थे। महफिल सजी7 हुई थी। एक प्रवीण सितारिया अपना कौशल दिखाकर लोगो को मुग्ध कर रहा था। दावत को सामान भी तैयार था ? मित्रगण यशोदानन्द को बधाईयां दे रहे थे। एक महाशय बोले—तुमने तो कमाल कर दिया ! दूसरे—कमाल ! यह कहिए कि झण्डे गाड दिये। अब तक जिसे देखा मंच पर व्याख्यान झाडते ही देखा। जब काम करने का अवसर आता था तो लोग दुम लगा लेते थे। तीसरे—कैसे-कैसे बहाने गढे जाते है—साहब हमें तो दहेज से सख्त नफरत है यह मेरे सिद्वांत के विरुद्व है, पर क्या करुं क्या, बच्चे की अम्मीजान नहीं मानती। कोई अपने बाप पर फेंकता है, कोई और किसी खर्राट पर। चौथे—अजी, कितने तो ऐसे बेहया है जो साफ-साफ कह देते है कि हमने लडके को शिक्षा – दीक्षा में जितना खर्च किया है, वह हमें मिलना चाहिए। मानो उन्होने यह रूपये उन्होन किसी बैंक में जमा किये थे। पांचवें—खूब समझ रहा हूं, आप लोग मुझ पर छींटे उडा रहे है। इसमें लडके वालों का ही सारा दोष है या लडकी वालों का भी कुछ है। पहले—लडकी वालों का क्या दोष है सिवा इसके कि वह लडकी का बाप है। दूसरे—सारा दोष ईश्वर का जिसने लडकियां पैदा कीं । क्यों ? पांचवे—मैं चयह नही कहता। न सारा दोष लडकी वालों का हैं, न सारा दोष लडके वालों का। दोनों की दोषी है। अगर लडकी वाला कुछ न दे तो उसे यह शिकायत करने का कोई अधिकार नही है कि डाल क्यों नही लायें, सुंदर जोडे क्यों नही लाये, बाजे-गाजे पर धूमधाम के साथ क्यों नही आये ? बताइए ! चौथे—हां, आपका यह प्रश्न गौर करने लायक है। मेरी समझ में तो ऐसी दशा में लडकें के पिता से यह शिकायत न होनी चाहिए। पांचवें---तो यों कहिए कि दहेज की प्रथा के साथ ही डाल, गहनें और जोडो की प्रथा भी त्याज्य है। केवल दहेज को मिटाने का प्रयत्न करना व्यर्थ है। यशोदानन्द----यह भी Lame excuse है। मैंने दहेज नही लिया है।, लेकिन क्या डाल-गहने ने ले जाऊंगा। पहले---महाशय आपकी बात निराली है। आप अपनी गिनती हम दुनियां वालों के साथ क्यों करते हैं ? आपका स्थान तो देवताओं के साथ है। दूसरा----20 हजार की रकम छोड दी? क्या बात है। यशोदानन्द---मेरा तो यह निश्चय है कि हमें सदैव principles पर स्थिर रहना चाहिए। principal के सामने money की कोई value नही है। दहेज की कुप्रथा पर मैंने खुद कोई व्याख्यान नही दिया, शायद कोई नोट तक नही लिखा। हां, conference में इस प्रस्ताव को second कर चुका हूं। मैं उसे तोडना भी चाहूं तो आत्मा न तोडने देगी। मैं सत्य कहता हूं, यह रूपये लूं तो मुझे इतनी मानसिक वेदना होगी कि शायद मैं इस आघात स बच ही न सकूं। पांचवें---अब की conference आपको सभापति न बनाये तो उसका घोर अन्याय है। यशोदानन्द—मैंने अपनी duty कर दी उसका recognition हो या न हो, मुझे इसकी परवाह नही। इतने में खबर हुई कि महाशय स्वामीदयाल आ पंहुचे। लोग उनका अभिवादन करने को तैयार हुए, उन्हें मसनद पर ला बिठाया और तिलक का संस्कार आरंम्भ हो गया। स्वामीदयाल ने एक ढाक के पत्तल पर नारियल, सुपारी, चावल पान आदि वस्तुएं वर के सामने रखीं। ब्राहृम्णों ने मंत्र पढें हवन हुआ और वर के माथे पर तिलक लगा दिया गया। तुरन्त घर की स्त्रियो ने मंगलाचरण गाना शुरू किया। यहां पहफिल में महाशय यशोदानन्द ने एक चौकी पर खडे होकर दहेज की कुप्रथा पर व्याख्यान देना शुरू किया। व्याख्यान पहले से लिखकर तैयार कर लिया गया था। उन्होनें दहेज की ऐतिहासिक व्याख्या की थी। पूर्वकाल में दहेज का नाम भी न थ। महाशयों ! कोई जानता ही न था कि दहेज या ठहरोनी किस चिडिया का नाम है। सत्य मानिए, कोई जानता ही न था कि ठहरौनी है क्या चीज, पशु या पक्षी, आसमान में या जमीन में, खाने में या पीने में। बादशाही जमाने में इस प्रथा की बुंनियाद पडी। हमारे युवक सेनाओं में सम्मिलित होने लगे। यह वीर लोग थें, सेनाओं में जाना गर्व समझते थे। माताएं अपने दुलारों को अपने हाथ से शस्त्रों से सजा कर रणक्षेत्र भेजती थीं। इस भॉँति युवकों की संख्या कम होने लगी और लडकों का मोल-तोल शुरू हुआ। आज यह नौवत आ गयी है कि मेरी इस तुच्छ –महातुच्छ सेवा पर पत्रों में टिप्पणियां हो रही है मानों मैंने कोई असाधारण काम किया है। मै कहता हूं ; अगर आप संसार में जीवित रहना चाहते हो तो इस प्रथा क तुरन्त अन्त कीजिए। एक महाशय ने शंका की----क्या इसका अंत किये बिना हम सब मर जायेगें ? यशोदानन्द-अगर ऐसा होता है तो क्या पूछना था, लोगो को दंड मिल जाता और वास्तव में ऐसा होना चाहिए। यह ईश्वर का अत्याचार है कि ऐसे लोभी, धन पर गिरने वाले, बुर्दा-फरोश, अपनी संतान का विक्रय करने वाले नराधम जीवित है। और समाज उनका तिरस्कार नही करता । मगर वह सब बुर्द-फरोश है------इत्यादि। व्याख्यान बहुंतद लम्बा ओर हास्य भरा हुआ था। लोगों ने खूब वाह-वाह की । अपना वक्तव्य समाप्त करने के बाद उन्होने अपने छोटे लडके परमानन्द को, जिसकी अवस्था ७ वर्ष की थी, मंच पर खडा किया। उसे उन्होनें एक छोटा-सा व्याख्यान लिखकर दे रखा था। दिखाना चाहते थे कि इस कुल के छोटे बालक भी कितने कुशाग्र बुद्वि है। सभा समाजों में बालकों से व्याख्यान दिलाने की प्रथा है ही, किसी को कुतूहल न हुआ।बालक बडा सुन्दर, होनहार, हंसमुख था। मुस्कराता हुआ मंच पर आया और एक जेब से कागज निकाल कर बडे गर्व के साथ उच्च स्वर में पढने लगा------ प्रिय बंधुवर, नमस्कार ! आपके पत्र से विदित होता है कि आपको मुझ पर विश्वास नही है। मैं ईश्वर को साक्षी करके धन आपकी सेवा में इतनी गुप्त रीति से पहुंचेगा कि किसी को लेशमात्र भी सन्देह न होगा । हां केवल एक जिज्ञासा करने की धृष्टता करता हूं। इस व्यापार को गुप्त रखने से आपको जो सम्मान और प्रतिष्ठा – लाभ होगा और मेरे निकटवर्ती में मेरी जो निंदा की जाएगी, उसके उपलक्ष्य में मेरे साथ क्या रिआयत होगी ? मेरा विनीत अनुरोध है कि २५ में से ५ निकालकर मेरे साथ न्याय किया जाय...........। महाशय श्योदानन्द घर में मेहमानों के लिए भोजन परसने का आदेश करने गये थे। निकले तो यह बाक्य उनके कानों में पडा—२५ में से ५ मेरे साथ न्याय किया कीजिए ।‘ चेहरा फक हो गया, झपट कर लडके के पास गये, कागज उसके हाथ से छीन लिया और बौले--- नालायक, यह क्या पढ रहा है, यह तो किसी मुवक्किल का खत है जो उसने अपने मुकदमें के बारें में लिखा था। यह तू कहां से उठा लाया, शैतान जा वह कागज ला, जो तुझे लिखकर दिया गया था। एक महाशय--पढने दीजिए, इस तहरीर में जो लुत्फ है, वह किसी दूसरी तकरीर में न होगा। दूसरे---जादू वह जो सिर चढ के बोलें ! तीसरे—अब जलसा बरखास्त कीजिए । मैं तो चला। चौथै—यहां भी चलतु हुए। यशोदानन्द—बैठिए-बैठिए, पत्तल लगाये जा रहे है। पहले—बेटा परमानन्द, जरा यहां तो आना, तुमने यह कागज कहां पाया? परमानन्द---बाबू जी ही तो लिखकर अपने मेज के अन्दर रख दिया था। मुझसे कहा था कि इसे पढना। अब नाहक मुझसे खफा रहे है। यशोदानन्द---- वह यह कागज था कि सुअर ! मैंने तो मेज के ऊपर ही रख दिया था। तूने ड्राअर में से क्यों यह कागज निकाला? परमानन्द---मुझे मेज पर नही मिला। यशोदान्नद---तो मुझसे क्यों नही कहा, ड्राअर क्यों खोला ? देखो, आज ऐसी खबर लेता हूं कि तुम भी याद करोगे। पहले यह आकाशवाणी है। दूसरे----इस को लीडरी कहते है कि अपना उल्लू सीधा करो और नेकनाम भी बनो। तीसरे----शरम आनी चाहिए। यह त्याग से मिलता है, धोखेधडी से नही। चौथे---मिल तो गया था पर एक आंच की कसर रह गयी। पांचवे---ईश्वर पांखंडियों को यों ही दण्ड देता है यह कहते हुए लोग उठ खडे हुए। यशोदानन्द समझ गये कि भंडा फूट गया, अब रंग न जमेगा। बार-बार परमानन्द को कुपित नेत्रों से देखते थे और डंडा तौलकर रह जाते थे। इस शैतान ने आज जीती-जिताई बाजी खो दी, मुंह में कालिख लग गयी, सिर नीचा हो गया। गोली मार देने का काम किया है। उधर रास्ते में मित्र-वर्ग यों टिप्पणियां करते जा रहे थे------- एक ईश्वर ने मुंह में कैसी कालिमा लगायी कि हयादार होगा तो अब सूरत न दिखाएगा। दूसरा--ऐसे-ऐसे धनी, मानी, विद्वान लोग ऐसे पतित हो सकते है। मुझे यही आश्चर्य है। लेना है तो खुले खजाने लो, कौन तुम्हारा हाथ पकडता है; यह क्या कि माल चुपके-चुपके उडाओं और यश भी कमाओं ! तीसरा--मक्कार का मुंह काला! चौथा—यशोदानन्द पर दया आ रही है। बेचारी ने इतनी धूर्तता की, उस पर भी कलई खुल ही गयी। बस एक आंच की कसर रह गई। *****











