Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- बस अब और नहीं
सुषमा यादव सुमन आज सुबह से ही फिर चुपके-चुपके सुबक रहीं थीं। उनके पति केशव आये और बोले, कितनी बार तुम्हें समझाया, पर तुम मेरी एक नहीं सुनती हो। अब बेटे बहू के साथ रहना है तो कुछ सह कर, सामंजस्य बिठा कर रहना पड़ेगा। यह सब थोड़ा बहुत तो हर घर में चलता है। सुमन एकदम से फट पड़ी, हां, हां, आप तो हमेशा की तरह मेरा ही गला पकड़ोगे, मुझे ही हर बार जिम्मेदार ठहरा देते हैं। आपने देखा नहीं किस तरह सुबह चाय मांगने पर बहू ने मेरा कितना अपमान किया, बेटे ने भी कह दिया मैं सास बहू के बीच नहीं पड़ूंगा। मैं तो आपकी और अपनी चाय बना सकतीं हूं। खाना, नाश्ता सबके लिए बना दूं। पर मुझे तो रसोई में जाने से मना कर दिया गया है। मेरी ही गलती हर बार होती है क्या? केशव जी बोले, सब समय-समय की बात है। क्या करूं? कुछ बोलकर घर की शांति भंग नहीं करना चाहता। यहां रहना है तो चुपचाप सब सहना होगा, वरना अपने घर चलते हैं। सुमन खामोश हो गई क्योंकि इस पर भी उसका ही सब गला पकड़ेंगे, उसे ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा। केशव कुछ नहीं कह रहे थे, इसका गलत मतलब बेटे बहू निकाल रहे थे। उन्हें लगता, बाबू जी तो हमारे साथ हैं, हम चाहे जैसे चाहें इन्हें नचा सकते हैं। केशव जी सब समझ रहे थे पर मुंह से कुछ बोल नहीं रहे थे। बहू रो रो कर पूरा घर इकट्ठा कर लेती है, पड़ोसी पूछने आ जाते हैं। एक दिन दोपहर में केशव जी की नींद खुल गई। रसोई से बहू और पोती की जोर जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। मां जी, आपको कितनी बार कहा है कि रसोई में पैर मत रखा करिए, पर आप मानतीं नहीं है। सुमन सहमी सी कह रही थी, बहू, प्यास लगी थी, इसलिए आई, मैंने पोती रिमी से भी कहा कि मुझे पानी दे दो, इसने साफ मना कर दिया। मैं तो इसे भी पानी दे रही थी, पर इसने कहा, मैं आपके गंदे हाथों से पानी नहीं लूंगी और प्यासी ही रोती हुई पति को देखते अपने कमरे की ओर जाने लगी। इतने में बेटा भी आ गया। मां, आप छोटी-छोटी बातों का बतंगड़ बना देती हैं। अब केशव से रहा नहीं गया, चिल्ला कर बोले। आज तक मैं चुप रहा, सबका लिहाज करता रहा। पर आज तुम सबने हद ही कर दी। अपनी मां की इज्जत, मान सम्मान की धज्जियां उड़ा दी। इतनी गर्मी में वो इंतजार करे, कोई उसे पानी आकर पिलाये। बेटे जी, हम तुम्हारे घर अपने से नहीं आये थे, तुमने और बहू ने मीठी-मीठी बातें करके हमें यहां बुलाया। मां, बाबू जी आपके लिए एक कमरा अलग से बनवा रहें हैं, आप दोनों हमेशा यहीं रहेंगें। बस कुछ मदद कर दीजिए और मेरे दो तीन लाख रुपए ले लिए। कहां है हमारा अलग कमरा। बहू, तुम सामान, सब्जी की लिस्ट और बिजली, पानी, मकान का बिल मुझे थमा कर कहती हो, बाबूजी, एटीएम से पैसे नहीं निकाल पाई। फिर दे दूंगी। आज तक कितने पैसे तुमने मुझे दिये। अगर पेंशन नहीं मिलती तो मैं कहां से सब खर्च करता। मेरा तो बैंक बैलेंस घटता जा रहा है और तुम दोनों अपनी चालाकियों से अपना बैंक बैलेंस बढ़ाते जा रहे हो। आज तक कभी हम दोनों के लिए एक रुमाल भी लाए हो। हमें खाने के साथ दूध देते हो उसमें भी पानी मिलाते हो। जबकि दूध मैं ही लेकर आता हूं। बस अब और नहीं। मैं हमेशा तुम्हारी मां का ही गला पकड़ता था, हमेशा तुम्हारा पक्ष लेकर उसे ही जिम्मेदार ठहराया करता, पर इस सबके जिम्मेदार तुम लोग हो। अब हम दोनों यहां से जा रहें हैं, हमेशा के लिए और हां जो तुमने जबरदस्ती मेरी वसीयत बहू के नाम करवा ली थी उसे भी मैं बदल कर अपनी पत्नी के नाम करूंगा। ताकि मेरे जाने के बाद वह किसी की मोहताज ना रहे, तुम लोगों का जुल्म उसे ना सहना पड़े। सारी जिंदगी हर कठिन परिस्थितियों में इसने मुझे सहारा दिया, आज मैं तुम्हारे रहमो-करम पर इसे छोड़ दूं। बूढ़ापे में यह ही मेरा सहारा बनेगी। जिसका कोई नहीं होता, उसका खिवैया भगवान होता है। कहकर अपना सामान समेट कर सुमन का हाथ पकड़ कर केशव जी गर्व से अपने गांव जाने के लिए बस पकड़ने निकल पड़े। ******
- मुझे मीठा पसंद नहीं
अनिता मनोज नए शहर में व्यवस्थित होना तभी पूर्ण माना जाता है जब अच्छी कामवाली मिल जाए। सोनल की तलाश भी आख़िरकार पूरी हो ही गई। घर की साफ़-सफ़ाई और बर्तन के लिए उसने चंदा को रख लिया। कम बोलने वाली साफ़-सुथरी चंदा का काम बढ़िया था। आज तक उसे कभी भी टोकने की ज़रूरत नहीं पड़ी। बस उसकी एक ही आदत सोनल को अखर जाती थी। वह जब भी उसे खाने-पीने को कुछ देती वह न खाने का कोई न कोई बहाना बनाकर उसे परे सरका देती। कभी कहती, "दीदी, छाला है मुंह में… कुछ निगला नहीं जा रहा…" कभी यूं ही बिना कुछ कहे खाने की वस्तु छोड़ जाती। दूसरे दिन पूछने पर चौंककर कहती, "अरे भूल गई थी खाना…" सोनल कभी सामने ही खाने को इसरार करती, तो वह साफ़ मना कर देती, "बहुत जल्दी में हूं दीदी…" कभी-कभी तो सीधे ही, "न दीदी मन नहीं, मीठा मुझे पसंद नहीं…" हां, मीठी चाय के लिए उसकी कभी 'न' नहीं होती, पर साथ में मठरी या नमकीन प्लेट में निकालकर दो, तो एक बार भर नज़र देखकर बोलेगी, "खाली चाय ही दो दीदी, अभी तो खा नहीं पाऊंगी।" चंदा के व्यवहार का विश्लेषण आज सोनल इसलिए भी कर रही थी, क्योंकि आज उसने सुबह नाश्ते में जलेबी मंगवाई। चंदा को भी थोड़ी-सी प्लेट में डालकर दी और वहां से हट गई की शायद सामने खाने में कुछ संकोच हो। कुछ देर बाद वह आई, तो देखा उसकी जलेबी वहीं रखी थी और वह काम करके जा चुकी थी। चंदा के व्यवहार से मन में चिढ़ के भाव उत्पन्न हुए तो सामने ऐसे कई प्रसंग घूम गए जब चंदा ने ऐसा किया। याद आया जब एक बार उसे प्लेट में हलवा दिया, तो वह उस पर नज़र डालकर बोली, "दीदी, अभी मन नहीं है। दरअसल घर से खाकर आई हूं।" फिर एक दिन जब मेरठ वाली जीजी आईं, तो प्लेट में मिठाई निकालते समय ध्यान दिया कि चंदा की नज़र मिठाई पर रह-रहकर लगी थी। उसने मिठाई का एक टुकड़ा, "ये तुम्हारे लिए है… खा लेना।" कहकर स्लैब पर रख दिया, पर मिठाई का टुकड़ा वैसे ही अछूता रखा रहा। सोनल को वह दिन भी याद आया, जब एक दिन वह खीर बनाकर हटी ही थी कि चंदा आ गई। खीर का बर्तन खाली करते हुए उसके लिए जरा-सी खीर कटोरी में डालकर जरा ज़ोर से उसने कहा, "खा लेना चंदा। हमेशा की तरह छोड़ न देना।" तब वह सकपका कर अपनी नज़रें झुकाते हुए बोली, "दीदी, आज बहुत जल्दी है। टाइम नहीं है खाने का…" कहती हुई वह फुर्ती से काम करने लगी। "दीदी जाऊं…" चलते समय उसने सोनल से पूछा, तो वह चिढ़कर बोली, "हां इसमें पूछना क्या है। काम हो गया तो जा…" यह सुनकर वह सिर झुकाए निकल गई। उसके लिए कटोरी में निकाली खीर को उपेक्षित पड़ा देख मन खिन्न हो गया था। ख़ुद पर कोफ्त हुई कि क्यों उसे खाने को कुछ देती है। मन ने तुरंत चुगली की कि क्यों वह उसे खाने को देती है… मन में गहरे बैठा था कि जब भी कुछ अच्छा बने, तो थोड़ा सा इन्हें भी दे दो, तो शरीर में लगता है… इसी के चलते चाहे न चाहे वह देने वाली आदत से बाज न आ पाती। पर आज तो पानी सिर से ऊपर चला गया था। गर्म-गर्म जलेबी छोड़ गई। उसने सोच लिया कि अब वह कभी भी उसे खाने को न कुछ देगी न पूछेगी। महीना-डेढ़ महीना बीत गया। चाहे मेहमान आएं या कोई तीज-त्योहार पड़े वह भूलकर भी चंदा को खाने को कुछ नही देती। तभी एक दिन सोनल लड्डू बनाने के लिए बेसन भून रही थी। उस समय चंदा अपनी चार साल की बेटी को लेकर आई। "दीदी, आज इसकी छुट्टी थी सो साथ लाना पड़ा।" सोनल के कुछ पूछने के पहले ही उसने सफ़ाई दी और अपनी बेटी को बालकनी में बैठाकर काम पर लग गई। बेसन की सोंधी खुशबू पूरे घर में फैलने लगी, तो चंदा की नन्ही बिटिया चंदा से बोली, "कित्ती अच्छी ख़ुशबू है न…" झाड़ू लगाती चंदा ने अपनी बिटिया को झट से घुड़का। यह दृश्य ओपन किचन से सोनल को साफ़ दिखा। चंदा का काम निबटते-निबटते बेसन में चीनी-घी सब पड़ गया था, बस लड्डू बांधने बाकी थे। चंदा अपनी बिटिया के साथ जाने को हुई, तो सोनल से रहा नही गया और पूछ बैठी, "तुझे बुरा न लगे, तो इसके लिए दो लड्डू बांध दूं, खा लेगी।" यह सुनकर चंदा के चेहरे पर चमक आ गई, "बुरा क्यों लगेगा दीदी। बांध दीजिए।" सकुचाते हुए उसने कहा और आराम से बैठ गई। आशा के विपरीत मिले जवाब पर सोनल हैरान रह गई। हां में जवाब मिलते ही उसने जल्दी-जल्दी बड़े-बड़े दो लड्डू बांधकर उसे प्लेट में डालकर दिए, तो वह जल्दी-जल्दी अपनी बिटिया को खिलाने लगी। "मुझे मीठा पसंद नहीं दीदी…" कहने वाली चंदा बीच-बीच में ख़ुद भी लड्डुओं का स्वाद चखती रही। उस दिन के बाद से सोनल ने कभी नहीं कहा, "चंदा ये खा लो।" वह हमेशा पैकेट में डालकर उसे पकड़ाते हुए कहती, "ये लो चंदा, जब फ़ुर्सत हो खा लेना।" और आश्चर्य था कि वह भी थैली लपक लेती और कृतज्ञता भरे भाव से उसका अंतस भिगो देती। ******
- पुनर्जन्म
राम प्रिया शास्त्री एक चोर ने राजा के महल में चोरी की। सिपाहियों को पता चला तो उन्होंने उसके पदचिह्नों का पीछा किया। पीछा करते-करते वे नगर से बाहर आ गये। पास में एक गाँव था। उन्होंने चोर के पदचिह्न गाँव की ओर जाते देखे। गाँव में जाकर उन्होंने देखा कि एक संत सत्संग कर रहे हैं और बहुत से लोग बैठकर सुन रहे हैं। चोर के पदचिह्न भी उसी ओर जा रहे थे। सिपाहियों को संदेह हुआ कि चोर भी सत्संग में लोगों के बीच बैठा होगा। वे वहीं खड़े रह कर उसका इंतजार करने लगे। सत्संग में संत कह रहे थे-जो मनुष्य सच्चे हृदय से भगवान की शरण चला जाता है, भगवान उसके सम्पूर्ण पापों को माफ कर देते हैं। गीता में भगवान ने कहा हैः सर्वधर्मान्परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज। अहं त्वा सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः। सम्पूर्ण धर्मों को अर्थात् सम्पूर्ण कर्तव्यकर्मों को मुझमें त्याग कर तू केवल एक मुझ सर्व शक्तिमान सर्वाधार परमेश्वर की ही शरण में आ जा। मैं तुझे सम्पूर्ण पापों से मुक्त कर दूँगा, तू शोक मत कर। वाल्मीकि रामायण में आता हैः सकृदेव प्रपन्नाय तवास्मीति च याचते। अभयं सर्वभूतेभ्यो ददाम्येतद् व्रतं मम।। जो एक बार भी मेरी शरण में आकर 'मैं तुम्हारा हूँ' ऐसा कह कर रक्षा की याचना करता है, उसे मैं सम्पूर्ण प्राणियों से अभय कर देता हूँ – यह मेरा व्रत है। इसकी व्याख्या करते हुए संत श्री ने कहाः जो भगवान का हो गया, उसका मानों दूसरा जन्म हो गया। अब वह पापी नहीं रहा, साधु हो गया। अपिचेत्सुदाराचारो भजते मामनन्यभाक्। साधुरेव स मन्तव्यः सम्यग्व्यवसितो हि सः।। अगर कोई दुराचारी-से-दुराचारी भी अनन्य भक्त होकर मेरा भजन करता है तो उसको साधु ही मानना चाहिए। कारण कि उसने बहुत अच्छी तरह से निश्चय कर लिया है कि परमेश्वर के भजन के समान अन्य कुछ भी नहीं है। चोर वहीं बैठा सब सुन रहा था। उस पर सत्संग की बातों का बहुत असर पड़ा। उसने वहीं बैठे-बैठे यह दृढ़ निश्चय कर लिया कि 'अभी से मैं भगवान की शरण लेता हूँ, अब मैं कभी चोरी नहीं करूँगा। मैं भगवान का हो गया। सत्संग समाप्त हुआ। लोग उठकर बाहर जाने लगे। बाहर राजा के सिपाही चोर की तलाश में थे। चोर बाहर निकला तो सिपाहियों ने उसके पदचिह्नों को पहचान लिया और उसको पकड़ के राजा के सामने पेश किया। राजा ने चोर से पूछाः इस महल में तुम्हीं ने चोरी की है न? सच-सच बताओ, तुमने चुराया धन कहाँ रखा है? चोर ने दृढ़ता पूर्वक कहाः "महाराज! इस जन्म में मैंने कोई चोरी नहीं की।" सिपाही बोलाः "महाराज! यह झूठ बोलता है। हम इसके पदचिह्नों को पहचानते हैं। इसके पदचिह्न चोर के पदचिह्नों से मिलते हैं, इससे साफ सिद्ध होता है कि चोरी इसी ने की है।" राजा ने चोर की परीक्षा लेने की आज्ञा दी, जिससे पता चले कि वह झूठा है या सच्चा। चोर के हाथ पर पीपल के ढाई पत्ते रखकर उसको कच्चे सूत से बाँध दिया गया। फिर उसके ऊपर गर्म करके लाल किया हुआ लोहा रखा परंतु उसका हाथ जलना तो दूर रहा, सूत और पत्ते भी नहीं जले। लोहा नीचे जमीन पर रखा तो वह जगह काली हो गयी। राजा ने सोचा कि 'वास्तव में इसने चोरी नहीं की, यह निर्दोष है।' अब राजा सिपाहियों पर बहुत नाराज हुआ कि "तुम लोगों ने एक निर्दोष पुरुष पर चोरी का आरोप लगाया है। तुम लोगों को दण्ड दिया जायेगा।" यह सुन कर चोर बोलाः "नहीं महाराज! आप इनको दण्ड न दें। इनका कोई दोष नहीं है। चोरी मैंने ही की थी।" राजा ने सोचा कि यह साधु पुरुष है, इसलिए सिपाहियों को दण्ड से बचाने के लिए चोरी का दोष अपने सिर पर ले रहा है। राजा बोलाः तुम इन पर दया करके इनको बचाने के लिए ऐसा कह रहे हो पर मैं इन्हें दण्ड अवश्य दूँगा। चोर बोलाः "महाराज! मैं झूठ नहीं बोल रहा हूँ, चोरी मैंने ही की थी। अगर आपको विश्वास न हो तो अपने आदमियों को मेरे पास भेजो। मैंने चोरी का धन जंगल में जहाँ छिपा रखा है, वहाँ से लाकर दिखा दूँगा।" राजा ने अपने आदमियों को चोर के साथ भेजा। चोर उनको वहाँ ले गया जहाँ उसने धन छिपा रखा था और वहाँ से धन लाकर राजा के सामने रख दिया। यह देखकर राजा को बड़ा आश्चर्य हुआ। राजा बोलाः अगर तुमने ही चोरी की थी तो परीक्षा करने पर तुम्हारा हाथ क्यों नहीं जला? तुम्हारा हाथ भी नहीं जला और तुमने चोरी का धन भी लाकर दे दिया, यह बात हमारी समझ में नहीं आ रही है। ठीक-ठीक बताओ, बात क्या है? चोर बोलाः महाराज! मैंने चोरी करने के बाद धन को जंगल में छिपा दिया और गाँव में चला गया। वहाँ एक जगह सत्संग हो रहा था। मैं वहाँ जा कर लोगों के बीच बैठ गया। सत्संग में मैंने सुना कि 'जो भगवान की शरण लेकर पुनः पाप न करने का निश्चय कर लेता है, उसको भगवान सब पापों से मुक्त कर देते हैं। उसका नया जन्म हो जाता है। इस बात का मुझ पर असर पड़ा और मैंने दृढ़ निश्चय कर लिया कि 'अब मैं कभी चोरी नहीं करूँगा। अब मैं भगवान का हो लिया कि 'अब मैं कभी चोरी नहीं करूँगा। अब मैं भगवान का हो गया। इसीलिए तब से मेरा नया जन्म हो गया। इस जन्म में मैंने कोई चोरी नहीं की, इसलिए मेरा हाथ नहीं जला। आपके महल में मैंने जो चोरी की थी, वह तो मैंने पिछले जन्म में की थी। कैसा दिव्य प्रभाव है सत्संग का! मात्र कुछ क्षण के सत्संग ने चोर का जीवन ही पलट दिया। उसे सही समझ देकर पुण्यात्मा, धर्मात्मा बना दिया। चोर सत्संग-वचनों में दृढ़ निष्ठा से कठोर परीक्षा में भी सफल हो गया और उसका जीवन बदल गया। राजा उससे प्रभावित हुआ, प्रजा से भी वह सम्मानित हुआ और प्रभु के रास्ते चलकर प्रभु कृपा से उसने परम पद को भी पा लिया। सत्संग पापी से पापी व्यक्ति को भी पुण्यात्मा बना देता है। जीवन में सत्संग नहीं होगा तो आदमी कुसंग जरूर करेगा। कुसंगी व्यक्ति कुकर्म कर अपने को पतन के गर्त में गिरा देता है लेकिन सत्संग व्यक्ति को तार देता है, महान बना देता है। ऐसी महान ताकत है सत्संग में! ******
- जीवनसाथी
रमाशंकर चतुर्वेदी बाहर हो रही बरसात की गडगडाहट से कविता का दिल जोरों से धडक रहा था। वह तेजी से बर्तन और किचन साफ करते हुए अपनी मालकिन गौरी से बोली - दीदी सब निपट गया मैं घर जाऊं? गौरी - बाहर बहुत तेज बारिश है कविता और आकाशजी भी मेहमानों को छोडने गए हैं अबतक लौटे नहीं हैं। कविता - मैं चली जाऊंगी दीदी.... गौरी- हूह ....अच्छा वो खाना केक वगैरह ले लिया ना.. ये ले 500 रू जा खुश रहे अच्छा सुन ये छाता ले जा वरना बारिश में भीग जाएगी। मालकिन कितनी अमीर है ना.... कितनी बडी पार्टी की बेटे के बर्थडे की.. मन में सोचती हाथों में खाने की थैलियां पकडे कविता ने छाता लिया और तेजी से निकल पडी बाहर। सचमुच बहुत तेज बारिश थी, रात का अंधियारा ऊपर से 11 बज चुके थे। शाम को जब घर से निकली थी तो उसके बेटे सोनू को तेज बुखार था। डाक्टर से दवाई लेकर अपनी सास के हवाले कर कविता को मजबूरी में आना पडा क्योंकि उसकी मालकिन के इकलौते बेटे का बर्थडे था। सबकुछ उसके ऊपर पहले से तय किया था, सो मना भी नही सकती थी। ऐसे में मालिक लोग रुठ जाए तो फट से दूसरे नौकर का इंतजाम कर लेते हैं। पानी घुटनों तक भरा था। उसके कदम तेजी से घर पहुंचने में लगे थे कि अचानक पैर पर कोई ठोकर लगी। देखा तो अंगूठा खूनमखून था। दर्द भी बडे जोरों से हो रहा था। मगर उसे तो बेटे सोनू के बुखार और सास एवं पति के रात के खाने की चिंता थी। कारण सभी एकसाथ खाना खाते थे रात का। जैसे तैसे घर पहुंची तो पति राकेश दरवाजे पर खडा था जोकि गार्ड की डयूटी से लौटा था। झोपड़ी मे घुसते ही सोनू खुशी से उछलते बोला - मम्मा आ गई मम्मा आ गई... कविता ने सास को थैलियां पकडाते पूछा - अम्मा ...बुखार कैसा है सोनू का? अम्मा - ठीक है बहुरिया ..दवाई दे दी थी। अरे वाह ..केक मटर पनीर चावल कोफ्ते क्या-क्या ले आई आज तो... कविता - अम्मा वो मालकिन के बेटे का जन्मदिन था। बहुत खाना बना था। कहकर रस्सी से एक साडी उठाई और पर्दे नुमा बाथरूम मे बदलने लगी। बारिश में छाता होने पर भी कविता पूरी तरह भीग चुकी थी। सोनू ने खुश होकर केक खाया तो पति राकेश और सास संग कविता ने भी स्वादिष्ट खाने का भरपूर मजा लिया। पूरा परिवार इस पार्टी से खुश था क्योंकि कविता एक कामवाली तो उसका पति राकेश एक सिक्योरिटी गार्ड। ऐसी मंहगाई में कहां इतना बढिया खाना खाने को नसीब होता है। खाते पीते 1 बज गया सोनू जहां अपनी दादी से कहानी सुनते सो गया था वहीं दिनभर की थकी कविता जैसे ही बिस्तर पर लेटी तो उसे अंगूठे पर कुछ महसूस हुआ। देखा तो उसका पति राकेश उसके जख्मी अंगूठे पर हल्दी लगा रहा था। ये आप क्या कर रहे हो जी? कोशिश कर रहा हूं तुम्हारे साथ कदम मिलाने की.... जीवन में साथ निभाकर चलने की जो कसमें खाई थी। उसमें पास होने की। तुम तो अव्वल आई हो कविता... मुझे, अम्मा और सोनू को ही नही इस घर को भी बखूबी तुम्हीं ने संभाला है। सच कहते है, लोग आदमी मकान तो बना सकता है मगर घर उसे एक बहु, एक जीवनसाथी, एक लक्ष्मी ही बना सकती है। कविता - चलिए छोडिये लग गई हल्दी.... कहकर भीगी हुई पलकों को साफ करती राकेश से लिपट गई। आज वो सचमुच एक अमीर औरत बन गई थी...!! ******
- अपनी-अपनी खुशी
डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक बार पचास लोगों का ग्रुप किसी सेमीनार में हिस्सा ले रहा था। सेमीनार शुरू हुए अभी कुछ ही मिनट बीते थे कि स्पीकर अचानक ही रुका और सभी पार्टिसिपेंट्स को गुब्बारे देते हुए बोला, ”आप सभी को गुब्बारे पर इस मार्कर से अपना नाम लिखना है।” सभी ने ऐसा ही किया। अब गुब्बारों को एक दुसरे कमरे में रख दिया गया। स्पीकर ने अब सभी को एक साथ कमरे में जाकर पांच मिनट के अंदर अपना नाम वाला गुब्बारा ढूंढने के लिए कहा। सारे पार्टिसिपेंट्स तेजी से रूम में घुसे और पागलों की तरह अपना नाम वाला गुब्बारा ढूंढने लगे। पर इस अफरा-तफरी में किसी को भी अपने नाम वाला गुब्बारा नहीं मिल पा रहा था। 5 पांच मिनट बाद सभी को बाहर बुला लिया गया। स्पीकर बोला, ”अरे! क्या हुआ, आप सभी खाली हाथ क्यों हैं? क्या किसी को अपने नाम वाला गुब्बारा नहीं मिला?” नहीं! हमने बहुत ढूंढा पर हमेशा किसी और के नाम का ही गुब्बारा हाथ आया…”, एक पार्टिसिपेंट कुछ मायूस होते हुए बोला। “कोई बात नहीं, आप लोग एक बार फिर कमरे में जाइये, पर इस बार जिसे जो भी गुब्बारा मिले उसे अपने हाथ में ले और उस व्यक्ति का नाम पुकारे जिसका नाम उसपर लिखा हुआ है।”, स्पीकर ने निर्दश दिया। एक बार फिर सभी पार्टिसिपेंट्स कमरे में गए, पर इस बार सब शांत थे, और कमरे में किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं मची हुई थी। सभी ने एक दुसरे को उनके नाम के गुब्बारे दिए और तीन मिनट में ही बाहर निकले आये। स्पीकर ने गम्भीर होते हुए कहा, ”बिलकुल यही चीज हमारे जीवन में भी हो रही है। हर कोई अपने लिए ही जी रहा है, उसे इससे कोई मतलब नहीं कि वह किस तरह औरों की मदद कर सकता है, वह तो बस पागलों की तरह अपनी ही खुशियां ढूंढ रहा है, पर बहुत ढूंढने के बाद भी उसे कुछ नहीं मिलता। दोस्तों हमारी ख़ुशी दूसरों की ख़ुशी में छिपी हुई है। जब तुम औरों को उनकी खुशियां देना सीख जाओगे तो अपने आप ही तुम्हें तुम्हारी खुशियां मिल जाएँगी। और यही मानव-जीवन का उद्देश्य है। ******
- जादुई पतीला
विनीता पैंगेनी सालों पहले पीतल नगर में किशन नाम का एक किसान रहता था। वह गाँव के एक ज़मींदार के खेत पर काम करके किसी तरह अपना घर चला रहा था। पहले किशन के भी खेत थे, लेकिन उसके पिता के बीमार होने के कारण उसे अपने सारे खेत बेचने पड़े। मज़दूरी में मिलने वाले पैसों से पिता का इलाज कराना और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। वो हर दिन सोचता कि कैसे घर की स्थिति को बेहतर किया जाए। आज भी इसी सोच के साथ किशन सुबह-सुबह ज़मींदार के खेत पर काम करने के लिए निकला। खुदाई करते समय उसकी कुदाल किसी धातु से टकराई और तेज़ आवाज़ हुई। किशन के मन में हुआ कि आखिर ऐसा क्या है यहाँ? उसने तुरंत उस हिस्से को खोदा तो वहाँ से एक बड़ा-सा पतीला निकला। पतीला देखकर किशन दुखी हो गया। किशन के मन में हुआ कि ये ज़ेवरात होते तो मेरे घर की हालत थोड़ी सुधर जाती। फिर किशन ने सोचा कि चलो, अब खाना ही खा लेता हूँ। किशन ने खाना खाने के लिए अपने हाथ की कुदाल उस पतीले में फेंक दी और हाथ-मुँह धोकर खाना खाने लगा। खाना खत्म करने के बाद किशन अपनी कुदाल उठाने के लिए उस पतीले के पास पहुँचा। वहाँ पहुँचते ही किशन हैरान हो गया। उस पतीले के अंदर एक नहीं, बल्कि बहुत सारे कुदाल थे। उसे कुछ समझ नहीं आया। तभी उसने अपने पास रखी एक टोकरी को भी उस पतीले में फेंक दिया। वो एक टोकरी भी पतीले के अंदर जाते ही बहुत सारी हो गईं। ये सब देखकर किशन खुश हो गया और उस जादुई पतीले को अपने साथ घर लेकर चला आया। वो हर दिन उस बर्तन में अपने कुछ औज़ार डालता और जब वो ज़्यादा हो जाते, तब उन्हें बाज़ार जाकर बेच आता। ऐसा करते-करते किशन के घर की हालत सुधरने लगी। उसने इस तरह से बहुत पैसा कमाया और अपने पिता का इलाज भी करवा लिया। एक दिन किशन ने कुछ गहने खरीदें और उन्हें भी पतीले में डाल दिया। वो गहने भी बहुत सारे बन गए। इस तरह धीरे-धीरे किशन अमीर होने लगा और उसने ज़मींदार के यहाँ मज़दूरी करना भी छोड़ दिया। किशन को अमीर होते देख ज़मींदार मोहन को किशन पर शक़ हुआ। वो सीधे किशन के घर पहुँचा। वहाँ जाकर उसे जादुई पतीले के बारे में पता चला। उसने किशन से पूछा, “तुमने यह पतीला कब और किसके घर से चुराया?” डरी हुई आवाज़ में किशन बोला, “साहब! ये पतीला मुझे खेत में खुदाई के समय मिला था। मैंने किसी के घर चोरी नहीं की है।” खेत में खुदाई की बात सुनते ही ज़मींदार ने कहा, “यह पतीला जब मेरे खेत से मिला, तो यह मेरा हुआ।” किशन ने जादुई पतीला ना लेकर जाने की बहुत मिन्नते कीं, लेकिन ज़मींदार मोहन ने उसकी एक नहीं सुनी। वो ज़बरदस्ती अपने साथ वो जादुई पतीला लेकर चला गया। ज़मींदार ने भी किशन की ही तरह उसमें सामान डालकर उन्हें बढ़ाना शुरू किया। एक दिन ज़मींदार ने अपने घर में मौजूद सारे गहने एक-एक करके उस पतीले में डाल दिए और रातोंरात बहुत अमीर हो गया। एकदम से ज़मींदार के अमीर होने की खबर पीतल नगर के राजा तक पहुँच गई। पता लगाने पर राजा को भी जादुई पतीले की जानकारी मिली। फिर क्या था, राजा ने तुरंत अपने लोगों को भेजकर ज़मींदार के यहाँ से वो पतीला राजमहल मंगवा लिया। राजमहल में उस जादुई पतीले के पहुँचते ही राजा ने अपने आसपास मौजूद सामान को उसमें डालना शुरू दिया। सामान को बढ़ता देखकर राजा दंग रह गया। होते-होते आखिर में राजा खुद उस पतीले के अंदर चला गया। देखते-ही-देखते उस पतीले से बहुत सारे राजा निकल आए। पतीले से निकला हर राजा बोलता, “मैं पीतल नगर का असली राजा हूँ, तुम्हें तो इस जादुई पतीले ने बनाया है।” ऐसा होते-होते सारे राजा आपस में लड़ने लगे और लड़कर मर गए। लड़ाई के दौरान वो जादुई पतीला भी टूट गया। जादुई पतीले के कारण राजमहल में हुई इस भयानक लड़ाई के बारे में नगर में सबको पता चल गया। इस बात की जानकारी मिलते ही मज़दूर किशन और ज़मींदार मोहन ने सोचा, अच्छा हुआ कि हमने उस जादुई पतीले का इस्तेमाल सही से किया। उस राजा ने अपनी मूर्खता के कारण अपनी जान ही खो दी। सीख : जादुई पतीले की कहानी से दो सीख मिलती हैं। पहली कि मूर्खता का अंत बुरा ही होता है। दूसरी यह कि हर सामान का इस्तेमाल संभलकर करना चाहिए। अति हानिकारक हो सकती है। ******
- शरणागत
वृंदावनलाल वर्मा रज्जब कसाई अपना रोजगार करके ललितपुर लौट रहा था। साथ में स्त्री थी, और गाँठ में दो सौ-तीन सौ की बड़ी रकम। मार्ग बीहड़ था, और सुनसान। ललितपुर काफी दूर था, बसेरा कहीं न कहीं लेना ही था; इसलिए उसने मड़पुरा नामक गाँव में ठहर जाने का निश्चय किया। उसकी पत्नी को बुखार हो आया था, रकम पास में थी, और बैलगाड़ी किराए पर करने में खर्च ज्यादा पड़ता, इसलिए रज्जब ने उस रात आराम कर लेना ही ठीक समझा। परंतु ठहरता कहाँ? जात छिपाने से काम नहीं चल सकता था। उसकी पत्नी नाक और कानों में चाँदी की बालियाँ डाले थी, और पैजामा पहने थी। इसके सिवा गाँव के बहुत से लोग उसको पहचानते भी थे। वह उस गाँव के बहुत-से कर्मण्य और अकर्मण्य ढोर खरीद कर ले जा चुका था। अपने व्यवहारियों से उसने रात भर के बसेरे के लायक स्थान की याचना की। किसी ने भी मंजूर न किया। उन लोगों ने अपने ढोर रज्जब को अलग-अलग और लुके-छुपे बेचे थे। ठहरने में तुरंत ही तरह-तरह की खबरें फैलती, इसलिए सबों ने इन्कार कर दिया। गाँव में एक गरीब ठाकुर रहता था। थोड़ी-सी जमीन थी, जिसको किसान जोते हुए थे। जिसका हल-बैल कुछ भी न था। लेकिन अपने किसानों से दो-तीन साल का पेशगी लगान वसूल कर लेने में ठाकुर को किसी विशेष बाधा का सामना नहीं करना पड़ता था। छोटा-सा मकान था, परंतु उसके गाँववाले गढ़ी के आदरव्यंजक शब्द से पुकारा करते, और ठाकुर को डरके मारे ‘राजा’ शब्द संबोधन करते थे। शामत का मारा रज्जब इसी ठाकुर के दरवाजे पर अपनी ज्वरग्रस्त पत्नी को ले कर पहुँचा। ठाकुर पौर में बैठा हुक्का पी रहा था। रज्जब ने बाहर से ही सलाम कर के कहा ‘दाऊजू, एक बिनती है।’ ठाकुर ने बिना एक रत्ती-भर इधर-उधर हिले-डुले पूछा – “क्या?” रज्जब बोला – “दूर से आ रहा हूँ। बहुत थका हुआ हुँ। मेरी औरत को जोर से बुखार आ गया है। जाड़े में बाहर रहने से न जाने इसकी क्या हालत हो जायगी, इसलिए रात भर के लिए कहीं दो हाथ जगह दे दी जाय।” “कौन लोग हो?” ठाकुर ने प्रश्न किया। “हूँ तो कसाई।” रज्जब ने सीधा उत्तर दिया। चेहरे पर उसके बहुत गिड़गिड़ाहट थी। ठाकुर की बड़ी-बड़ी आँखों में कठोरता छा गई। बोला – “जानता है, यह किसका घर है? यहाँ तक आने की हिम्मत कैसे की तूने?” रज्जब ने आशा-भरे स्वर में कहा – “यह राजा का घर है, इसलिए शरण में आया हुआ है।” तुरंत ठाकुर की आँखों की कठोरता गायब हो गई। जरा नरम स्वर में बोला – “किसी ने तुमको बसेरा नहीं दिया?” “नहीं महाराज,” रज्जब ने उत्तर दिया – “बहुत कोशिश की, परंतु मेरे खोटे पेशे के कारण कोई सीधा नहीं हुआ।” वह दरवाजे के बाहर ही एक कोने से चिपट कर बैठ गया। पीछे उसकी पत्नी कराहती, काँपती हुई गठरी-सी बन कर सिमट गई। ठाकुर ने कहा- “तुम अपनी चिलम लिए हो?” “हाँ, सरकार।” रज्जब ने उत्तर दिया। ठाकुर बोला- “तब भीतर आ जाओ, और तमाखू अपनी चिलम से पी लो। अपनी औरत को भीतर कर लो। हमारी पौर के एक कोने में पड़े रहना। जब वह दोनों भीतर आ गए, तो ठाकुर ने पूछा – “तुम कब यहाँ से उठ कर चले जाओगे?” जवाब मिला- “अँधेरे में ही महाराज। खाने के लिए रोटियाँ बाँधे हूँ इसलिए पकाने की जरूरत न पड़ेगी।” “तुम्हारा नाम?” “रज्जब।” थोड़ी देर बाद ठाकुर ने रज्जब से पूछा – “कहाँ से आ रहे हो?” रज्जब ने स्थान का नाम बतलाया। “वहाँ किसलिए गए थे?” “अपने रोजगार के लिए।” “काम तुम्हारा बहुत बुरा है।” “क्या करूँ, पेट के लिए करना ही पड़ता है। परमात्मा ने जिसके लिए जो रोजगार नियत किया है, वहीं उसको करना पड़ता है।” “क्या नफा हुआ?” प्रश्न करने में ठाकुर को जरा संकोच हुआ, और प्रश्न का उत्तर देने में रज्जब को उससे बढ़ कर। रज्जब ने जवाब दिया- “महाराज, पेट के लायक कुछ मिल गया है। यों ही।” ठाकुर ने इस पर कोई जिद नहीं की। रज्जब एक क्षण बाद बोला- “बड़े भोर उठ कर चला जाऊँगा। तब तक घर के लोगों की तबीयत भी अच्छी हो जायगी।” इसके बाद दिन भर के थके हुए पति-पत्नी सो गए। काफी रात गए कुछ लोगों ने एक बँधे इशारे से ठाकुर को बाहर बुलाया। एक फटी-सी रजाई ओढ़े ठाकुर बाहर निकल आया। आगंतुकों में से एक ने धीरे से कहा – “दाऊजू, आज तो खाली हाथ लौटे हैं। कल संध्या का सगुन बैठा है।” ठाकुर ने कहा – “आज जरूरत थी। खैर, कल देखा जायगा। क्या कोई उपाय किया था?” “हाँ”, आगंतुक बोला – “एक कसाई रुपए की मोट बाँधे इसी ओर आया है। परंतु हम लोग जरा देर में पहुँचे। वह खिसक गया। कल देखेंगे। जरा जल्दी।” ठाकुर ने घृणा-सूचक स्वर में कहा – “कसाई का पैसा न छुएँगे।” “क्यों?” “बुरी कमाई है।” “उसके रुपए पर कसाई थोड़े लिखा है।” “परंतु उसके व्यवसाय से वह रुपया दूषित हो गया है।” “रुपया तो दूसरों का ही है। कसाई के हाथ आने से रुपया कसाई नहीं हुया।” “मेरा मन नहीं मानता, वह अशुद्ध है।” “हम अपनी तलवार से उसको शुद्ध कर लेंगे।” ज्यादा बहस नहीं हुई। ठाकुर ने सोच कर अपने साथियों को बाहर का बाहर ही टाल दिया। भीतर देखा कसाई सो रहा था, और उसकी पत्नी भी। ठाकुर भी सो गया। सबेरा हो गया, परंतु रज्जब न जा सका। उसकी पत्नी का बुखार तो हल्का हो गया था, परंतु शरीर भर में पीड़ा थी, और वह एक कदम भी नहीं चल सकती थी। ठाकुर उसे वहीं ठहरा हुआ देख कर कुपित हो गया। रज्जब से बोला – “मैंने खूब मेहमान इकट्ठे किए हैं। गाँव भर थोड़ी देर में तुम लोगों को मेरी पौर में टिका हुआ देख कर तरह-तरह की बकवास करेगा। तुम बाहर जाओ इसी समय।” रज्जब ने बहुत विनती की, परंतु ठाकुर न माना। यद्यपि गाँव-भर उसके दबदबे को मानता था, परंतु अव्यक्त लोकमत का दबदबा उसके भी मन पर था। इसलिए रज्जब गाँव के बाहर सपत्नीक, एक पेड़ के नीचे जा बैठा, और हिंदू मात्र को मन-ही-मन कोसने लगा। उसे आशा थी कि पहर – आध पहर में उसकी पत्नी की तबीयत इतनी स्वस्थ हो जायगी कि वह पैदल यात्रा कर सकेगी। परंतु ऐसा न हुआ, तब उसने एक गाड़ी किराए पर कर लेने का निर्णय किया। मुश्किल से एक चमार काफी किराया ले कर ललितपुर गाड़ी ले जाने के लिए राजी हुआ। इतने में दोपहर हो गई। उसकी पत्नी को जोर का बुखार हो आया। वह जाड़े के मारे थर-थर काँप रही थीं, इतनी कि रज्जब की हिम्मत उसी समय ले जाने की न पड़ी। गाड़ी में अधिक हवा लगने के भय से रज्जब ने उस समय तक के लिए यात्रा को स्थगित कर दिया, जब तक कि उस बेचारी की कम से कम कँपकँपी बंद न हो जाय। घंटे-डेढ़-घंटे बाद उसकी कँपकँपी बंद तो हो गई, परंतु ज्वर बहुत तेज हो गया। रज्जब ने अपनी पत्नी को गाड़ी में डाल दिया और गाड़ीवान से जल्दी चलने को कहा। गाड़ीवान बोला – “दिन भर तो यहीं लगा दिया। अब जल्दी चलने को कहते हो।” रज्जब ने मिठास के स्वर में उससे फिर जल्दी करने के लिए कहा। वह बोला – “इतने किराए में काम नहीं चलेगा, अपना रुपया वापस लो। मैं तो घर जाता हूँ।” रज्जब ने दाँत पीसे। कुछ क्षण चुप रहा। सचेत हो कर कहने लगा – “भाई, आफत सबके ऊपर आती है। मनुष्य मनुष्य को सहारा देता है, जानवर तो देते नहीं। तुम्हारे भी बाल-बच्चे हैं। कुछ दया के साथ काम लो।” कसाई को दया पर व्याख्यान देते सुन कर गाड़ीवान को हँसी आ गई। उसको टस से मस न होता देख कर रज्जब ने और पैसे दिए। तब उसने गाड़ी हाँकी। पाँच-छ: मील चले के बाद संध्या हो गई। गाँव कोई पास में न था। रज्जब की गाड़ी धीरे-धीरे चली जा रही थी। उसकी पत्नी बुखार में बेहोश-सी थी। रज्जब ने अपनी कमर टटोली, रकम सुरक्षित बँधी पड़ी थी। रज्जब को स्मरण हो आया कि पत्नी के बुखार के कारण अंटी का कुछ बोझ कम कर देना पड़ा है – और स्मरण हो आया गाड़ीवान का वह हठ, जिसके कारण उसको कुछ पैसे व्यर्थ ही दे देने पड़े थे। उसको गाड़ीवान पर क्रोध था, परंतु उसको प्रकट करने की उस समय उसके मन में इच्छा न थी। बातचीत करके रास्ता काटने की कामना से उसने वार्तालाप आरंभ किया – “गाँव तो यहाँ से दूर मिलेगा।” “बहुत दूर, वहीं ठहरेंगे।” “किसके यहाँ?” “किसी के यहाँ भी नहीं। पेड़ के नीचे। कल सबेरे ललितपुर चलेंगे।” “कल को फिर पैसा माँग उठना।” “कैसे माँग उठूँगा? किराया ले चुका हूँ। अब फिर कैसे माँगूँगा?” “जैसे आज गाँव में हठ करके माँगा था। बेटा, ललितपुर होता, तो बतला देता !” “क्या बतला देते? क्या सेंत-मेंत गाड़ी में बैठना चाहते थे?” “क्यों बे, क्या रुपया दे कर भी सेंत-मेंत का बैठना कहाता है? जानता है, मेरा नाम रज्जब है। अगर बीच में गड़बड़ करेगा, तो नालायक को यहीं छुरे से काट कर फेंक दूँगा और गाड़ी ले कर ललितपुर चल दूँगा।” रज्जब क्रोध को प्रकट नहीं करना चाहता था, परंतु शायद अकारण ही वह भली भाँति प्रकट हो गया। गाड़ीवान ने इधर-उधर देखा। अँधेरा हो गया था। चारों ओर सुनसान था। आस-पास झाड़ी खड़ी थी। ऐसा जान पड़ता था, कहीं से कोई अब निकला और अब निकला। रज्जब की बात सुन कर उसकी हड्डी काँप गई। ऐसा जान पड़ा, मानों पसलियों को उसकी ठंडी छूरी छू रही है। गाड़ीवान चुपचाप बैलों को हाँकने लगा। उसने सोचा – गाँव आते ही गाड़ी छोड़ कर नीचे खड़ा हो जाऊँगा, और हल्ला-गुल्ला करके गाँववालों की मदद से अपना पीछा रज्जब से छुड़ाऊँगा। रुपए-पैसे भली ही वापस कर दूँगा, परंतु और आगे न जाऊँगा। कहीं सचमुच मार्ग में मार डाले ! गाड़ी थोड़ी दूर और चली होगी कि बैल ठिठक कर खड़े हो गए। रज्जब सामने न देख रहा था, इललिए जरा कड़क कर गाड़ीवान से बोला – “क्यों बे बदमाश, सो गया क्या?” अधिक कड़क के साथ सामने रास्ते पर खड़ी हुई एक टुकड़ी में से किसी के कठोर कंठ से निकला, “खबरदार, जो आगे बढ़ा।” रज्जब ने सामने देखा कि चार-पाँच आदमी बड़े-बड़े लठ बाँध कर न जाने कहाँ से आ गए हैं। उनमें तुरंत ही एक ने बैलों की जुआरी पर एक लठ पटका और दो दाएँ-बाएँ आ कर रज्जब पर आक्रमण करने को तैयार हो गए। गाड़ीवान गाड़ी छोड़ कर नीचे जा खड़ा हुआ। बोला – “मालिक, मैं तो गाड़ीवान हूँ। मुझसे कोई सरोकार नहीं।” “यह कौन है?” एक ने गरज कर पूछा। गाड़ीवान की घिग्घी बँध गई। कोई उत्तर न दे सका। रज्जब ने कमर की गाँठ को एक हाथ से सँभालते हुए बहुत ही नम्र स्वर में कहा – “मैं बहुत गरीब आदमी हूँ। मेरे पास कुछ नहीं है। मेरी औरत गाड़ी में बीमार पड़ी है। मुझे जाने दीजिए।” उन लोगों में से एक ने रज्जब के सिर पर लाठी उबारी। गाड़ीवान खिसकना चाहता था कि दूसरे ने उसको पकड़ लिया। अब उसका मुँह खुला। बोला – “महाराज, मुझको छोड़ दो। मैं तो किराए से गाड़ी लिए जा रहा हूँ। गाँठ में खाने के लिए तीन-चार आने पैसे ही हैं।” “और यह कौन है? बतला।” उन लोगों में से एक ने पुछा। गाड़ीवान ने तुरंत उत्तर दिया – “ललितपुर का एक कसाई।” रज्जब के सिर पर जो लाठी उबारी गई थी, वह वहीं रह गई। लाठीवाले के मुँह से निकला – “तुम कसाई हो? सच बताओ !” “हाँ, महाराज!” रज्जब ने सहसा उत्तर दिया – “मैं बहुत गरीब हुँ। हाथ जोड़ता हूँ मत सताओ। मेरी औरत बहुत बीमार है।” औरत जोर से कराही । लाठीवाले उस आदमी ने अपने एक साथी से कान में कहा – “इसका नाम रज्जब है। छोड़ो। चलें यहाँ से।” उसने न माना। बोला- “इसका खोपड़ा चकनाचुर करो दाऊजू, यदि वैसे न माने तो। असाई-कसाई हम कुछ नहीं मानते।” “छोड़ना ही पड़ेगा,” उसने कहा – “इस पर हाथ नहीं पसारेंगे और न इसका पैसा छुएँगे।” दूसरा बोला- “क्या कसाई होने के डर से दाऊजू, आज तुम्हारी बुद्धि पर पत्थर पड़ गए हैं। मैं देखता हूँ!” और उसने तुरंत लाठी का एक सिरा रज्जब की छाती में अड़ा कर तुरंत रुपया-पैसा निकाल देने का हुक्म दिया। नीचे खड़े उस व्यक्ति ने जरा तीव्र स्वर में कहा – “नीचे उतर आओ। उससे मत बोलो। उसकी औरत बीमार है।” “हो, मेरी बला से,” गाड़ी में चढ़े हुए लठैत ने उत्तर दिया – “मैं कसाइयों की दवा हूँ।” और उसने रज्जब को फिर धमकी दी। नीचे खड़े हुए उस व्यक्ति ने कहा – “खबरदार, जो उसे छुआ। नीचे उतरो, नहीं तो तुम्हारा सिर चकनाचूर किए देता हूँ। वह मेरी शरण आया था।” गाड़ीवाला लठैत झख-सी मार कर नीचे उतर आया। नीचेवाले व्यक्ति ने कहा – “सब लोग अपने-अपने घर जाओ। राहगीरों को तंग मत करो।” फिर गाड़ीवान से बोला – “जा रे, हाँक ले जा गाड़ी। ठिकाने तक पहुँच आना, तब लौटना, नहीं तो अपनी खैर मत समझियो। और, तुम दोनों में से किसी ने भी कभी, इस बात की चर्चा कहीं की, तो भूसी की आग में जला कर खाक कर दूँगा।” गाड़ीवान गाड़ी ले कर बढ़ गया। उन लोगों में से जिस आदमी ने गाड़ी पर चढ़ कर रज्जब के सिर पर लाठी तानी थी, उसने क्षुब्ध स्वर में कहा – “दाऊजू, आगे से कभी आपके साथ न आऊँगा।” दाऊजू ने कहा – “न आना। मैं अकेले ही बहुत कर गुजरता हूँ। परंतु बुंदेला शरणागत के साथ घात नहीं करता, इस बात को गाँठ बाँध लेना।” ******
- अंतिम ऊँचाई
कुँवर नारायण कितना स्पष्ट होता आगे बढ़ते जाने का मतलब अगर दसों दिशाएँ हमारे सामने होतीं, हमारे चारों ओर नहीं। कितना आसान होता चलते चले जाना यदि केवल हम चलते होते बाक़ी सब रुका होता। मैंने अक्सर इस ऊलजलूल दुनिया को दस सिरों से सोचने और बीस हाथों से पाने की कोशिश में अपने लिए बेहद मुश्किल बना लिया है। शुरू-शुरू में सब यही चाहते हैं कि सब कुछ शुरू से शुरू हो, लेकिन अंत तक पहुँचते-पहुँचते हिम्मत हार जाते हैं। हमें कोई दिलचस्पी नहीं रहती कि वह सब कैसे समाप्त होता है जो इतनी धूमधाम से शुरू हुआ था हमारे चाहने पर। दुर्गम वनों और ऊँचे पर्वतों को जीतते हुए जब तुम अंतिम ऊँचाई को भी जीत लोगे— जब तुम्हें लगेगा कि कोई अंतर नहीं बचा अब तुममें और उन पत्थरों की कठोरता में जिन्हें तुमने जीता है— जब तुम अपने मस्तक पर बर्फ़ का पहला तूफ़ान झेलोगे और काँपोगे नहीं— तब तुम पाओगे कि कोई फ़र्क़ नहीं सब कुछ जीत लेने में और अंत तक हिम्मत न हारने में। *****
- यादों के झरोखे से…
डॉ. जहान सिंह “जहान” कोई यहां रहता था। वैसे इस रास्ते से कम गुजरता हूं। डरता हूं मेरे चेहरे पर उसका कोई नाम ना पढ़ ले। बस्तियों का क्या यकीन वो अपना घर छोड़कर सब की खबर रखती हैं। न जाने कौन सी कहानी मेरे नाम कर दें। वैसे इस रास्ते से कम गुजरता हूं। गली का वो तीसरा मकान, मोड पर हलवाई की दुकान, सामने पार्क और दौड़ का मैदान एक दूसरे को देखने का बहुत अच्छा इंतजाम। कभी खेल का बहाना, कभी हलवाई से जलेबी लाना, कभी साइकिल चलाना, हर चक्कर में छज्जा निहारना, आंखें मिल जाए तो देर तक मुस्कुराना अजनबी को भी बातों में उलझाना जब तक स्कूल जाने को ना निकले, तब तक आसपास रुकने का बहाना, कुछ तो खास है उसमें। निमंत्रण पत्र जैसा बदन, दूर तक संदेश देती आंखें, चांद से चेहरे पर खिले गुलाब जैसे होंठ पालकें बेचैन फाख्ता के पंख मोड पर मुड़कर उसका पीछे देखना अगर मुस्कुरा दी तो दिन बन जाना कुछ तो खास था उसमें। फिर एक दिन हलवाई की दुकान पर टकराना देखकर मुस्कुराना उसका रुमाल गिरना और चले जाना मेरा घबराना और रुमाल उठाना दौड़ कर मेरा पार्क चले जाना मेरे प्रिय दरख के नीचे बैठकर रुमाल देखना कोई नाम नहीं एक पत्र एक लाइन तुम अच्छे हो। वह बेचैनी दिन रात के लिए काफी थी। समय गुजरता गया गर्मी की छुट्टियों में उसका शहर से चला जाना न जाने क्यों उसे दिन से वक्त तेजी से भागने लगा मेरा जल सेना में भर्ती होना मेरा देश विदेशों की खाक छानना वो संजीव दृश्य मेरी आंखों में कैद हैं आज भी कुछ तो खास था उसमें। रुमाल पर मेरी धरोहर मेरा बहुमूल्य खजाना है। देश वापस आना, उस शहर जाना सब कुछ बदला सा है शहर अब वह शहर नहीं था मेट्रो हो चुका था उस गली में मकान की जगह बहुमंजिली इमारत हलवाई की दुकान एक रेस्टरा और पार्क पर ऊंची-ऊंची दीवारें लाफिंग क्लब, फव्वारे बस वो गली का तीसरा मकान गाली भी गायब थी वो हवाई वो पेड़ का दरख ओजल था। बड़ी याद आती है उसके पत्र की वो इबारत तुम अच्छे हो। आज एक अफसोस पाले जिंदा हूं मैं उससे ना कह सका कि तुम बहुत अच्छे हो। धन्यवाद। *****
- नैनों के पेंच
विभा गुप्ता मकर-संक्रांति का त्योहार आया नहीं कि नीला आसमान रंग-बिरंगे पतंगों से सज जाते हैं। कड़कड़ाती ठंड में भी छत पर बैठकर गुनगुनी धूप सेंकते हुए और दही-चूड़ा के साथ तिलकुट खाने का आनंद लेते हुए आकाश से गिरती हुई कटी-पतंग को लूटने में जो खुशी मिलती है, उसे बयान नहीं किया जा सकता है। लूटी हुई पतंग को हाथ में लेकर स्वयं के अमीर होने का एहसास होता है। खुले आकाश में पेंच लड़ाते हुए इन पतंगों को देखकर बचपन का एक किस्सा मुझे बरबस ही याद आ गया। मैं उस वक्त तीसरी कक्षा में पढ़ रही थी। मेरे श्रवण चाचा मकर-संक्रांति का त्योहार मनाने हमारे घर आये हुए थें। मैं बहुत खुश थी कि चाचा पतंग उड़ायेंगे तो मुझे भी पतंग उड़ाने को मिलेगा। भाई की दादागिरी के कारण तो कभी मौका मिला नहीं था। दही-चूड़ा के साथ गोभी-बैंगन की सब्ज़ी खाकर हम भाई-बहन छत पर पहुँचे, चाचा तो पहले ही पहुँच चुके थें। उन्होनें पतंग के साथ मांझा की चरखी भी तैयार कर ली थी। भाई को पतंग देकर उड़ाने को कहा और खुद चरखी के मांझे (मोटा धागा) को ढ़ील देने लगे। मेरे घर से उड़ती पतंग को देखने मेरी सहेली रीमा जो साथ वाले मकान में रहती थी, अपनी दीदी जो कि इंटर में पढ़ती थीं, के साथ छत पर आ गई। पतंग उड़ाते हुए चाचा की नज़र रीमा की दीदी पर पड़ी तो मुझसे पूछने लगे कि रीमा के साथ कौन है? मैंने कहा," उसकी दीदी।" " दीदी!" चाचा चौंक पड़े। बोले, " पहले तो कभी देखा नहीं।" " दीदी हॉस्टल में पढ़ती थीं ना, अब यहीं पर नाम लिखा लिया है।" मेरी खबर पूरी होते ही चाचा ने चरखी भाई को थमा दिया और स्वयं आकाश में पतंग देखने के बहाने रीमा की दीदी को देखने लगे। मैं तो इस इंतज़ार में आसमान निहार रही थी कि कब कोई पतंग कटकर हमारी छत से गुजरे और हम भाई-बहन डंडा मारकर उसे लूट ले। उस दिन हमें पतंग तो नहीं मिली लेकिन हमारे चाचा के नैनों की पेंच रीमा की दीदी से अवश्य लड़ गई थी। संक्रांति के बाद भी चाचा एक सप्ताह तक पतंग उड़ाने के बहाने छत पर नियमवत जाते रहे और रीमा की दीदी भी आतीं रहीं। एक दिन दीदी जब छत पर नहीं आईं तो चाचा ने मुझे संदेशवाहक बनाया और एक चिट्ठी देकर कहा कि रीमा की दीदी को दे आ। मैं उछलती-कूदती रीमा के घर पहुँच गई। सामने ही चाची (रीमा की माँ) के साथ बैठी दीदी दिख गईं। अब मुझे कोई हिदायत तो दी नहीं गई थी, सो मैंने चाची के सामने ही दीदी को चिट्ठी देते हुए अपनी तरफ़ से कह दिया कि चाचा आपको छत पर बुलाए हैं। सुनकर चाची ने मुझे घूरकर देखा और दीदी से चिट्ठी झपटकर पढ़ने लगी। उनकी गुस्से से लाल आँखें देखकर मैं तो घर वापस आ गई परन्तु चाचा जी का अगले दिन की ही वापसी का टिकट कट गया। उसके बाद से चाचा जब भी हमारे घर आये, एक दिन से ज़्यादा उन्हें रुकने नहीं दिया गया। वे छत पर जाते थें लेकिन दीदी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाती थी, ये उनके चेहरे पर स्पष्ट दिखाई दे जाता था। खैर,दो सालों तक चाचा का आना-जाना लगा रहा और एक दिन जब आये तो बातों-बातों में माँ ने उन्हें रीमा की दीदी की शादी पक्की होने की खबर सुना दी। बेचारे...मेरे चाचा! दुखी होकर उस दिन जो गये तो फिर मेरी अपनी पत्नी यानि मेरी चाची के संग ही वापस आये। ऐसे ही कितने किस्से सर्दी में ठिठुरते, धूप सेंकते और पतंग उड़ाते बन जाते हैं जो हमें ताउम्र याद रह जाते हैं और कभी-कभी याद आकर मन को भी गुदगुदा जाते हैं। *******
- निर्मला
रमाकांत चतुर्वेदी भाईयों ने दूसरी शादी की राय दी मगर उन्हेानें तीन बच्चों का हवाला देकर इंकार कर दिया। उनके लिए तीन बच्चों की परवरिश ही जिंदगी का मकसद था। संयुक्त परिवार था इसलिए उनका लालन पालन करने में उन्हें परेशानी नहीं हुयी। बाद में जब भाईयों में आपसी मनमुटाव हुआ तब हरिवंश बाबू उसी शहर में दूसरा मकान बनवाकर रहने लगे। तब सबसे बडा बेटा शिवम् बीए में नीतीश इंटर और सबसे छोटा आयुष्मान मैट्रिक में था। बच्चें समझदार हो चुके थें इसलिए वे निश्चिंत होकर अपना अध्यापन का काम करते रहे। वे शहर के ही एक सरकारी प्रायमरी स्कूल में अध्यापक थे। बिन घरनी घर भूत का डेरा। ऐसा ही उनके घर की शक्ल था। इसलिए जब शिवम् बीए के आखरी साल में था तभी उन्होंने उसकी शादी कर दी। ससुराल में कदम रखते ही निर्मला ने घर को ऐसे संभाला मानेा काफी समय से रह रही हेा। सबको समय से खाना नाश्ता देना। उसके बाद घर की साफ सफाई। शाम जब हरिवंश बाबू घर आते तो उन्हें सब कुछ अपनी जगह पर साफ सुथरा मिलता। यह देखकर सभी खुश थे। नीतीश ने जब बीए करने के बाद आईएएस की तैयारी के लिए दिल्ली जाने का प्लान बनाया तब कोंचिग के लिए रूपयों की जरूरत आन पडी। हरिवंश बाबू का हाथ पहले से ही तंग था। मकान के लिए काफी रूपया बैंक से लेान ले रखा था। वही शिवम् की आमदनी टयूशन पर निर्भर थी। वह अब भी सरकारी नौकरी के लिए कोशिश कर रहा था। तब निर्मला ने अपनी मुंहदिखाई के रखें रूपयों को नीतीश को देने का मन बनाया। ‘‘ये तुम क्या कर रही हो? सगुन के रूपयें दे रही हो?‘‘शिवम् से रहा न गया। ‘‘रूपये तो आते जाते रहेगे। अभी नीतीश के कैरियर को देखना है। कौन सी मेरी उम्र भागे जा रही है। आपकी सरकारी नौकरी लग जाएगी तब मैं अपनी सारी ख्वाहिशें पूरी कर लूंगी।’’निर्मला के तर्क के आगे शिवम् की एक न चली। *******
- नया सवेरा
संदीप तोमर अलका सिंह मायके में जितनी सबकी प्रिय थी, उतनी ही प्रिय ससुराल में भी थी। ससुर योगेन्द्र प्रताप उसे बेटी सा सम्मान और दुलार देते थे। परिवार के कुछ लोगों को कई बार आश्चर्य भी होता कि ठाकुर साहब बहु को बेटी सा प्यार क्यों देते हैं, पति फ़ौज में कमान्डेंट ऑफिसर होने के चलते उन्हें छुट्टियाँ कम ही मिलती। अलका को कभी पति के साथ जाना होता, कभी ससुराल को देखना होता। वह सारी जिम्मेदारियाँ बखूबी निभा रही थी। जब कभी वह पति के पास रहने चली जाती, ससुराल वाले परेशान हो जाते। कौन सा सामान कहाँ रखा है, किसे कब क्या चाहिए, किसे खाने में क्या पसंद है, वगैरह-वगैरह, सबका वही तो ख्याल रखती। उसके न होने पर सब अफरा-तफरी का सा माहौल हो जाता, उसे गए बमुश्किल दस दिन भी न होते, पीछे-पीछे ससुर की चिट्ठी या तार पहुँच जाता- मजमून यही होता कि अलका के बिना पूरा घर अस्त-व्यस्त हो गया है, जितना जल्दी हो बहु की वापसी की व्यवस्था हो जाए। अलग-अलग जगहों पर पति की पोस्टिंग का सबसे बुरा असर उनके बेटे देवेश की पढाई पर पड रहा था। पति की लद्दाख पोस्टिंग के बाद अलका ने निर्णय लिया कि बेटे का दाखिला केन्द्रीय विद्यालय में करा दिया जाये और तीन साल पतिदेव के साथ रहा जाये, पति विश्वजीत का भी ऐसा ही मानना था। आखिरकार देवेश का दाखिला करा कर अलका ने चैन की साँस ली। अभी दो महीने भी बमुश्किल हुए थे कि ससुराल से खबर आई कि ससुर की तबियत बहुत ख़राब है। अलका को बुझे मन से ही सही वापिस सुसराल आना पड़ा। ससुर की हालत देखी तो उसने उन्हें कार में लेकर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल ले आने का प्लान बनाया। गॉव-ज्वार के लोगो को घोर आश्चर्य हुआ कि ठाकुर साहब की बहु कार चलाकर ससुर को दिल्ली तक कैसे ले जाएगी? ठाकुर परिवार का मान-सम्मान पूरे इलाके में था। पत्ता भी हिलता तो इस परिवार की मर्जी से। योगेन्द्र प्रताप का पूरे इलाके में नाम था, कितने ही कारिंदे घर और खेत में होते, आम के बगीचे और आम का व्यापार, सैकड़ों एकड़ जमीन, इलाके के राजा थे योगेन्द्र प्रताप। तीन बेटे और दो बेटियाँ, सब की शादी संपन्न परिवारों में हुई थी। बेटियां विदेश में थी, एक बेटा डॉक्टर, एक इंजीनियर, डॉक्टर बेटा अमेरिका चला गया, इंजीनियर बेटा बुकारो और मझला बेटा सी. ओ। खुशहाल परिवार लेकिन ठाकुर साहब हवेली में पत्नी के सतह नितान्त अकेले। अलका अपने परिवार में सबसे छोटी थी, उन्होंने अपनी पसंद से शादी की थी, विश्वजीत दूर के रिश्ते से भाई लगते थे लेकिन रिश्ता इतने दूर का था कि शादी में कोई अड़चन नहीं होनी थी, शुरू में सबने ऐतराज़ किया लेकिन अलका के सौन्दर्य और शिक्षा देखकर किसी को ऐतराज़ न रहा, रिश्तों में अत्मीयता थी चुनांचे हँसी-खुशी विवाह सम्पन्न हुआ और फिर अलका का सबके दिलों पर राज़ हो गया। अलका ने ससुर योगेन्द्र प्रताप को कार से लाकर के अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। उनकी तकलीफ बढती गयी, साँस रुकने लगी तो उन्हें आईसीयू में ले जाया गया। डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे थे, लेकिन हालात बिगड़ती चली गयी, दो हफ्ते जीवन सुरक्षा तकनीक पर रखकर इलाज करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान अलका ही उन्हें लेकर वापिस ससुराल गयी। जल्दी ही पूरा परिवार इकठ्ठा हो चुका था। अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी हो चुकी थी, श्मसान ले जाने के वक़्त परिवार के वकील ने कहा --"ठाकुर साहब अपनी वसीयत लिखकर गए है। वे चाहते थे कि उनके अंतिम संस्कार से पहले उनकी वसीयत पढ़ी जाये।" किसी ने कहा- “अभी तो अंतिम संस्कार करना ही उचित है, वसीयत तो बाद में भी देखी जा सकती है। अलका सिंह ने कहा--"बाबूजी की इच्छा का हमें सम्मान करना चाहिए, यदि वो चाहते थे कि अंतिम संस्कार से पहले उनकी वसीयत पढ़ी जाये तो जरुर कोई वजह रही होगी। बाबूजी बिना वजह कुछ भी नहीं करते थे।" वकील साहब ने वसीयत से संपत्ति का बंटवारा बताकर आगे बोला, ठाकुर साहब लिखवा कर गए हैं कि "मेरी चिता को अग्नि मेरी बहु अलका देगी।" सुनकर सबको काटो तो खून नहीं, ठाकुर साहब ऐसा कैसे कर सकते हैं? हमारे कुछ रीति-रिवाज हैं, ठाकुरों में औरतें श्मशान तक नहीं जाती और यहाँ बहु अग्नि देगी? अनर्थ हो जायेगा, रीति-रिवाज भी कुछ हैं कि नहीं। सब में कानाफूसी होने लगी, परिवार के लोग भी स्तब्ध, क्या करें? तभी अलका सिंह ने कहा- "बाबु जी की आज्ञा का उल्लंघन उनके रहते किसी ने किया जो अब होगा?" सब मौन, कोई उत्तर नहीं, कोई शोर-शराबा नहीं। अलका ने आगे कहा- "बाबूजी पुरानी सड़ी-गली प्रथाओं पर कभी विश्वास नहीं करते थे। उनकी प्रगतिशील विचारों में आस्था थी, वे तो कभी अपनी आसामियों का भी शोषण नहीं करते थे। वे एक स्वस्थ समाज चाहते थे, हमें उनकी इच्छा का सम्मान करना चाहिए।" अलका के तर्क के आगे परिवार और गाँव-ज्वार के सब स्त्री-पुरुष नतमस्तक हुए... चिता को श्मशान घाट ले जाया गया। सारी औपचारिकता पूरी करने के बाद अलका ने दाह-संस्कार एक लिए प्रज्वलित अग्नि को हाथ में लिया, चिता का भ्रमण करके मुखाग्नि दे दी, पंडित जी ने विवशता में ही सही कपाल-क्रिया भी अलका के हाथों सम्पन्न कराई। चिता धू-धू करके जल उठी, अलका देख रही थी- चिता के साथ जलते पुराने विचार कि महिलाएं श्मशान भूमि नहीं जाती। एक नया सवेरा समाज में पसरते हुए वह साफ़ देख रही थी। ******











