Search Results
978 results found with an empty search
- ठिठकी हुई धूप
वह बारजे पर आई तो उसकी नजर छज्जे पर ठिठक कर बैठे धूप के टुकड़े पर पड़ी। वह किसी भी पल फिसल जाने को आतुर था। ठीक उसके जीवन की खुशियों की तरह । वह लाख खुशियों को पकड़ना चाहती, पर वह तो बस रेत की तरह फिसल जाती और वह रीते घड़े सी बेजान रह जाती । जाने किस मिट्टी की बनी थी वह , कि बार-बार की ठोकर खाकर भी उसे तोड़ नहीं पाती थी। वह कमर कसकर फिर उठ खड़ी होती। इस आस के साथ की घड़ा फिर भरेगा, खुशियां फिर आएंगी, जीवन फिर मुसकुराएगा। साधारण परिवार में जन्मी थी चांदनी । उसके जन्म पर खुशियां नहीं मनाई गई थीं.... बल्कि मां को खूब कोसा गया था। आखिर तीसरी बेटी पैदा करने का अपराध जो किया था उन्होंने। परंतु ममता की मारी राधा अपनी लाडली को कलेजे से लगाए सब की गाली सुनती रहती। वह सबकी आंखों में खटकती थी। वह तो भला हो सरकार का, जो लड़कियों की शिक्षा को निशुल्क कर दिया। उसी के सहारे और मां की जिद के चलते वह बारहवीं अच्छे अंको से पास हो गई। कई वर्षों बाद उस साल, छुट्टियों में बुआ जी घर आई थीं। और घर के कामों में दक्ष चांदनी के हाथों पर बुआ जी ऐसा मोहित हुईं कि उसे आगे की पढ़ाई कराने के बहाने अपने साथ लखनऊ शहर लेकर चली आईं। जब बुआ के घर की चक्की में वह पिसने लगी। तब बुआ के मन का राज़ समझ पाई। फिर उसने भी जिद पकड़ ली कि अगर एडमिशन नहीं कराएंगी तो वह वापस मां के पास गांव चली जाएगी। मन मार कर बुआ ने उसका नाम लिखवा दिया। चांदनी के तो पंख ही लग गए। वह मुंह अंधेरे उठती घर का सारा काम, साफ सफाई, झाड़ू पोछा, बर्तन, नाश्ता बनाना, खाना बनाना सब करके फिर खुद नहा धोकर तैयार होकर पढ़ने चली जाती। बुआ जी और उनकी दोनों बेटियां खुश थीं। साथ ही खुश थी चांदनी भी। सरलता से बहते उसके जीवन में अंगद कब और कैसे घुस आया वह जान ही नहीं पाई। बुआ जी के जेठ का लाडला बेटा था अंगद। घर में उसका बड़ा मान था। जाने कब वह चांदनी के भोले सौंदर्य पर रीझ गया। उस दिन बुआ जी की बड़ी बेटी पल्लवी का जन्मदिन था। अंगद अपनी मां के साथ आया हुआ था। शाम ढले जब केक काटने का समय हुआ तो जाने कैसे अंगद की मां को चांदनी का ख्याल हो आया। वह अचानक बोलीं, “अरे चांदनी कहां है?” अंगद तीखे स्वर में बोला,”कहां क्या? सुबह से रसोई में ही तो है। “ “उसे बड़ी देर से देखा नहीं।“ वह पुनः बोलीं। “अरे जीजी, वह बहुत अच्छा खाना बनाती है। उसी ने कहा, कि आज की दावत का पूरा खाना हम बना देंगे। दोनों दीदी को पार्लर भेज दीजिए। तैयार होकर आ जाएंगी …. इसीलिए….. “ बुआ जी जल्दी से बोलीं। “अच्छा, पूरा खाना चांदनी ही बना रही है?” जेठानी ने आश्चर्य से पूछा। “हां जीजी, जब से आई है इसके हाथ का स्वाद सबको ऐसा लग गया है कि किसी और का बनाया खाना अब हम सबको पसंद ही नहीं आता। और तो और खुद चांदनी को भी खाना बनाना बहुत अच्छा लगता है।“ बुआ जी ने बताया। ठीक उसी समय अपने लंबे बालों को जूड़े की तरह लपेटते हुए चांदनी रसोईघर के बाहर आई। “अरे बिटिया, इधर तो आ।” ताई जी ने स्नेह से पुकारा। “जी , ताई जी।” कहती हुई पसीने से नहाई चांदनी आकर खड़ी हो गई। “अरे लाडो, तू तो पूरी तरह से पसीना-पसीना हो गई है। जा, जाकर नहा ले और हां तू भी अच्छे से तैयार हो जा। वह दोनों तो सज धज कर आएंगी। तू भी किसी से कम थोड़े ही ना है। जा, जा कर तैयार हो जा।” जाने क्यों उन्हें आज चांदनी पर कुछ ज्यादा ही प्यार आ रहा था। “हां-हां चांदनी, तू भी जल्दी से तैयार हो जा। वह नया वाला गुलाबी सूट पहन लेना।“ बुआ जी झट से बोली। शायद जेठानी को बताना चाहती थी कि नया सूट चांदनी को भी दिलाया गया है। पर सच तो यह था, कि वह सूट पल्लवी दीदी के लिए आया था, परंतु उन्हें पसंद नहीं आया और रागिनी दीदी उसमें फिट नहीं हो सकती थीं। तब मजबूरन वह सूट चांदनी को देना पड़ा था। जैसे ही चांदनी चार कदम आगे गई कि बुआ जी की आवाज से ठिठक गई । "रसोई का काम सब निपट गया है न चांदनी?" “ जी बुआ जी, सब हो गया है बस पूड़ी बनाना बाकी है। वह उसी समय गरम गरम निकाल देंगे।“ चांदनी पलट कर बोली। नहाकर चांदनी कपड़े फैलाने छत पर चली आई थी। कपड़े फैलाकर वह अपने धुले हुए बाल तौलिया से झटक कर सुखाने लगी। “ तुम्हारे बाल बहुत सुंदर है चांदनी “ हड़बड़ा कर चांदनी ने नजरें उठाई सामने अंगद खड़ा था। गठीली कद काठी वाला अंगद अपने घुंघराले काले बालों पर हाथ फेरता, खड़ा उसे एकटक देख रहा था। “आ…… आ …. आप?” “ हां चांदनी, मैं बहुत समय से कहना चाहता था। पर मौका नहीं मिल रहा था। आज जब मां भी तुम पर मोहित हो गईं, तो लगा अब मुझे अपने दिल की बात तुम्हें बता ही देनी चाहिए ।” अंगद बहुत ही ठहरी हुई आवाज में बोल रहा था। “ मैं…… मैं कुछ समझी नहीं।“ चांदनी सहमी सी बोली। “चांदनी, तुम्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। बस थोड़े दिनों की बात है। मेरी नौकरी लग जाने दो। मैं तुम्हारे सारे कष्ट दूर कर दूंगा। मैं बहुत समय से तुम से बहुत प्यार करता हूं ।“ “आ…… आप……. “ चांदनी कुछ बोल नहीं पाई। अंगद आगे बढ़ा और उसे अपने आलिंगन में बांधकर उसके माथे पर एक गहरा चुंबन अंकित कर दिया। चांदनी बुरी तरह घबरा गई। “ चांदनी, तुम मेरा प्यार हो बस इतना याद रखना।“ बोलकर और उसे स्तब्ध खड़ा छोड़कर अंगद जल्दी से नीचे चला गया। कुछ पल बाद जब चांदनी संभली। तब उसे अपने जीवन में घटे इस अनमोल पल का एहसास हुआ। और वह स्वयं से ही शर्मा गई । अपने कमरे में जाते हुए उसकी नजरें स्वयं ही झुक-झुक जा रही थीं। एक नए एहसास से भरी, शीशे के सामने खड़ी चांदनी, आज बड़े ही चाव से तैयार हो रही थी। लिपस्टिक के साथ-साथ आज उसने आंखों में काजल भी लगाया था । उसकी बड़ी बड़ी आंखें कजरारी बनकर और भी खूबसूरत लगने लगी थीं। मोतियों के काम वाले गुलाबी सूट में चांदनी परी सी लग रही थी। जब चांदनी बाहर आई सब उसे देखते ही रह गए। और अंगद के मुंह से बरबस ही निकल पड़ा, “ तुम तो गजब ही ढ़ा रही हो चांदनी ।“ परंतु बोलकर अंगद भी झेप गया। “सच कह रहे हो बेटा, चांदनी की सादगी में जो सौंदर्य है वह कोई पार्लर नहीं दे सकता।“ ताई जी ने बेटे की बात का समर्थन करते हुए भतीजियों की ओर देखा। सबके जाने के बाद पल्लवी गुस्से से बिफर पड़ी, “ ताई जी को तो हम लोगों को जली कटी सुनाने के बहाने चाहिए होते हैं। जाने किस बात का घमंड है उन्हें ।“ रागिनी ने जोड़ा, “ ताई जी तो ऐसे बात कर रही थी, जैसे उन्होंने चांदनी को अंगद दादा के लिए बहू चुन लिया हो। “ बुआ जी तैश में बोली, “ चांदनी, अपने मन में कोई भ्रम मत पाल लेना । मैं जानती हूं अपनी जेठानी को । दहेज के बहुत लोभी लोग हैं। भैया भाभी उतना दहेज कभी नहीं दे पाएंगे। इन लोगों के चक्कर में मत पड़ना। तेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी समझी?” “जी, जी बुआ जी “चांदनी सहमी सहमी सी बोली। छत वाली घटना अब वह किसी को कैसे बताए। अब अंगद जल्दी-जल्दी अपनी चाची के घर आने लगा था। बुआ जी की अनुभवी आंखें सब देख रही थी। अतः बुआ जी हर पल उन दोनों के बीच उपस्थित रहतीं । अंगद बस चाय या पानी लेते उसकी अंगुली भर छू लेता और दोनों सिहर उठते । शब्दों से तो नहीं, पर दोनों की आंखें एक दूसरे के प्यार को, एक दूसरे की आंखों में पढ़ती रहतीं। फिर एक दिन जैसे ही चांदनी कॉलेज पहुंची, गेट पर अंगद को देखकर ठिठक गई। “ आप यहां?” “आओ सामने चाय पीते हैं। “ कहता हुआ अंगद उसे रेस्त्रां में ले आया। अंगद उसके ठीक सामने बैठा था और उसे एकटक निहार रहा था। वह घबराकर नीचे देखने लगी। तभी अंगद ने अपना हाथ मेज पर रखें उसके हाथ के ऊपर रख दिया। दोनों की नजरें मिली और दोनों मुसकुरा दिए। अब चांदनी का डर थोड़ा कम हो गया था। “ चांदनी, मुझ पर भरोसा रखना। मैं तुम्हें कभी भी धोखा नहीं दूंगा ।“ अंगद बोला “अंगद, मेरे माता पिता किसान हैं। गरीब हैं। बुआ जी के घर रहकर पढ़ाई करी है। कुछ भी ऐसा नहीं जो आपसे छुपा हो। फिर भी बताना चाहती हूं कि मेरे माता पिता दहेज में कुछ भी नहीं दे पाएंगे। सिवाय अपनी बिटिया के। ” “ चांदनी, तुमने तो हम लोगों को बहुत घटिया समझ लिया। मुझे तुमसे प्यार है। तुम्हारे पिताजी के पैसों से नहीं। तुम्हें अगर भरोसा नहीं है, तो चलो हम अभी मंदिर में शादी कर लेते हैं।" अंगद के हाथ का दबाव उसकी हथेली पर बढ़ गया था। “ मुझे माफ कर दीजिए अंगद, आपका दिल नहीं दुखाना चाहती थी। परंतु अपनी वास्तविक स्थिति बताना जरूर चाहती थी। मुझे आप पर भरोसा है। तभी तो आपके साथ यहां आई हूं। “ कहते हुए चांदनी ने अपना दूसरा हाथ अंगद के हाथ के ऊपर रख दिया। अंगद खिल उठा। अब इस तरह मिलना उनकी रोज की दिनचर्या बन गया। अंगद ने उसे कई बार गोमती किनारे चलने को कहा, कभी पार्क में चलने को कहा, परंतु वह हमेशा रेस्तरां में ही मिलती रही। छत का एकांत उसे सदा याद रहा। अतः वह एकांत मैं मिलने से परहेज करती रही। धीरे-धीरे 6 महीने निकल गए और चांदनी का कॉलेज भी पूरा हो गया। साथ ही साथ अंगद की नौकरी लगने की सुखद खबर भी आई। ताई जी ढे़र सारी मिठाई लेकर आई। बेटा पुलिस में इंस्पेक्टर जो बन गया था। सब खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। अंगद ट्रेनिंग पर चला गया। जाते समय मिलने भी नहीं आया। शायद समय ना मिला हो، पर चांदनी बहुत दुखी हुई। परन्तु कर भी क्या सकती थी। अतः चांदनी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लग गई । साथ ही एम ए में प्रवेश भी ले लिया । अंगद की बारह महीने की ट्रेनिंग थी। अब घर में हर पल अंगद के लिए आने वाले रिश्तों की बात होती रहती। एक से एक सुंदर लड़कियां साथ में लाखों का दहेज। चांदनी सुनती और मन ही मन घबराती। ताई जी अब कम ही आती थीं। फूफा जी ने अपना पुराना मोबाइल चांदनी को दे दिया था । एक दिन हिम्मत कर चांदनी ने अंगद को फोन किया। अंगद ने चाचा जी का फोन समझ कर फोन तो उठा लिया पर चांदनी की आवाज सुनकर चौक गया और जल्दी से बोला, “ चांदनी, यहां बहुत व्यस्त हूं । लौटकर मिलता हूं । यहां अब फोन मत करना ।“ और उसका जवाब सुने बिना फोन काट दिया। अपने कमरे में जाकर चांदनी फूट फूट कर रोई। जब आंसुओं संग सारा दर्द बह गया वह उठी और अपनी पुस्तकों के पास जाकर बोली, “ मैं पढ़ने आई थी यहां। अपने अम्मा-बाबूजी से दूर पर थोड़े समय के लिए भटक गई थी। अब मेरी आंख खुल गई है। मैं अंगद से बड़ा कंपटीशन पास करूंगी। तुम सब मेरा साथ देना। “ उसी पल से चांदनी ने घर के काम और पढ़ाई के बीच खुद को भुला दिया। परीक्षा का दिन भी आया और वह परीक्षा दे भी आई। उसके सभी पेपर अच्छे हुए थे। सलेक्शन हुआ फिर इंटरव्यू भी हो गया। प्रतियोगी परीक्षा तो प्रतियोगी परीक्षा ही है। इसलिए इसकी चर्चा किसी से नहीं की गई। वैसे भी उसकी खुशी में कौन खुश हो रहा था!!! एक दिन अचानक ताई जी ढेर सारी मिठाई लेकर फिर आ गईं। खुशी उनके चेहरे पर चिपकी हुई थी। बुआ जी ने इंस्पेक्टर की मां का गर्मजोशी से स्वागत करा। दोनों भतीजी भी दौड़ी आईं। “बधाई हो देवरानी जी, तुम्हारी बहू पसंद कर ली है। मुंह मीठा करो। “ चहक कर ताई जी बोलीं। “ अरे आपको भी बधाई जीजी। इस खबर की तो हम बहुत दिनों से प्रतीक्षा कर रहे थे। घर की बड़ी बहू आने वाली है। हमारे लायक काम बताइएगा ।“ गले मिलकर बुआ जी ने खुशी जताई। चांदनी को इस खबर का अंदाजा तो था। फिर भी जाने क्यों उसे लगा जैसे उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है। उसने कसकर कुर्सी को पकड़ लिया और धीरे से बोली, “बधाई ताई जी “ और तेजी से रसोई की ओर बढ़ गई। अगले दिन बुआ जी अपनी दोनों बेटियों के साथ ताई जी की खरीदारी में मदद कराने चली गई। चांदनी खाना बना कर फूफा जी के लिए मेज पर लगा रही थी। तभी घंटी बजी दरवाजा खोला तो सामने अंगद खड़ा था। पहले से भी ज्यादा हैंडसम लग रहा था। “ कैसी हो?” “ बधाई अंगद !” “ देखो चांदनी, तुमसे जरूरी बात करने आया हूं। मुझे मालूम है तुम इस समय अकेली हो ।“ बैठता हुआ अंगद बोला। “ गलत अंगद, फूफा जी घर पर हैं बस खाने के लिए आने वाले हैं। कमरे में हैं।” निश्चिंत सी चांदनी बोली। “ उनके बाहर आने से पहले हम जल्दी से बात कर लेते हैं। “ चाचा के कमरे की ओर देखकर अंगद बोला। “ बोलो क्या कहना चाहते हो? अगले महीने तुम्हारी शादी है। ” चांदनी ने याद दिलाते हुए पूछा। “ देखो, मैं तुमसे शादी तो नहीं कर सकता। चांदनी, पर मैंने तुमसे वादा किया था कि तुम्हें कोई कष्ट नहीं होने दूंगा। अभावों से तुम्हें दूर रखूंगा। तो वह वादा निभाने के लिए मैं आज भी तैयार हूं। मैं तुम्हारे लिए एक मकान खरीद लूंगा। उसमें तुम्हें रखूंगा और पत्नी का हर सुख दूंगा। तुम्हें कोई शिकायत नहीं होगी बोलो मंजूर है?" सुनकर चांदनी जड़ हो गई । इस बेशर्मी के लिए क्या बोले, किन शब्दों में बोले, ….................... “ क्या हुआ बोलो ? इतना सोचने की क्या बात है?” अंगद ने पूछा। “ अंगद, तुमने मुझे और अपने प्यार को इतनी गंदी गाली दी है कि अगर यह घर मेरा होता तो अभी तुम्हें धक्के मार कर निकाल देती। जानते हो इस रिश्ते को रखैल कहते हैं। तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मुझसे ऐसी घटिया बात करने की? आइंदा कभी मुझे अपना चेहरा मत दिखाना अंगद। " अंगद तैश में आ गया, “जानती हो तुम एक पुलिस इंस्पेक्टर से बात कर रही हो।“ “ नहीं, मैं एक घटिया इंसान से बात कर रही हूं। जिसकी शक्ल भी अब मैं कभी नहीं देखना चाहती ।“ कहती हुई चांदनी फूफा जी को बुलाने चली गई। अंगद की शादी हो गई थी। चांदनी ने शादी में जाने से साफ मना कर दिया था। चांदनी के अम्मा बाबूजी भी शादी में शामिल होने आए थे। बुआ जी के साथ वह सब लोग भी वही हैं। आज बहू भोज का बड़ा विशाल आयोजन किया गया है। कल सब वापस आ जाएंगे। चांदनी ने फैसला कर लिया है कि वह अम्मा बाबूजी के साथ गांव चली जाएगी। वहीं रहकर अगले साल की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करेगी। इस निर्णय पर आकर चांदनी हल्का महसूस कर रही थी। तब सारा काम निपटा कर वह बाजे पर आई थी। तभी उसके मोबाइल की घंटी बज उठी। “ हेलो” “......................” “ क्या!!!......... सच ?” “............................” मोबाइल उसके हाथ में था और वह वहीं जमीन पर बैठ गई थी। उसकी आंखें गंगा यमुना बहा रही थीं। फोन उसके छोटे भाई का था। जो शादी के घर से ही बोल रहा था। भाई के कहे शब्द शहद बनकर उसके कानों में गूंज रहे थे, “दीदी, आपका सलेक्शन आई.ए.एस. में हो गया है। हम सब तुरंत आपके पास आ रहे हैं।“ उसने छज्जे पर ठिठके धूप के टुकड़े की ओर देखा। जो अभी भी वहीं बैठा हुआ था। पर चांदनी को लगा यह धूप अब चांदनी बनकर उसके और उसके परिजनों के जीवन में फैल गई है।
- मुस्कान, एक नायाब तोहफा
मनुष्य जीवन भगवान द्वारा की गई सबसे बड़ी नेमत है जिसके लिए हम सभी को उस परमपिता परमेश्वर का हर पल शुक्रिया अदा करना चाहिए जिन्होंने हमारे कर्मों के हिसाब से हमें मानव जीवन बख्शा है। परंतु, केवल मानव जीवन पा लेना ही पर्याप्त नहीं है, मानव जीवन पा लेने के बाद अच्छे कर्म करना और अपने समाज, राष्ट्र और पूरे विश्व के विकास के लिए अपना यथासंभव योगदान करना भी मानवीयता की सबसे पहली शर्त है। अच्छे कर्मों के साथ-साथ प्रत्येक मनुष्य का सबसे प्रथम दायित्व अपने प्रति होता है और अपने प्रति दायित्व का जो भी व्यक्ति जिम्मेदारी से निर्वहन कर लेता है वह व्यक्ति अपने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने में कभी असफल नहीं होता, यह सत प्रतिशत सत्य है। जिम्मेदारी की भावना का हम सभी में होना अत्यंत आवश्यक है। कहा भी तो जाता है ना कि चैरिटी बिगिंस फ्रॉम होम अर्थात कोई भी अच्छा कार्य या कोई भी नेक काम हमें अपने से शुरू करना चाहिए। केवल उपदेश दे देना भर ही पर्याप्त नहीं होता है, व्यवहारिक होना भी उतना ही आवश्यक है। अपने प्रति हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य यह माना जाता है कि हम स्वयं को प्रसन्न रखें, संतुष्ट रखें और अपने लिए दिन भर में थोड़ा सा समय अवश्य निकालें। यह तो बात रही जिम्मेदारियों की, कर्तव्यों की, दायित्वों की जिन्हें निभाने में हमें कुछ खर्च करने की आवश्यकता नहीं होती है, केवल जिम्मेदारी का अहसास भर होना ही काफी होता है। इसी के साथ-साथ हमें खुद को खुश रखने की हर संभव कोशिश भी करनी चाहिए। दुख-सुख हम सबके जीवन में आते जाते रहते हैं। निसंदेह हम खुशियों में सुख का अनुभव करते हैं और दुख आने पर मायूस और उदास हो जाते हैं, किंतु हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सुख और दुख क्षणिक होते हैं ,सुख में अधिक खुश होना और दुख में अधिक मायूस होना सही नहीं। यह सत्य है कि खुशियों को जी भर के मनाना चाहिए, सब के साथ में मनाना चाहिए। परंतु यह भी उतना ही सत्य है कि हमें मस्तिष्क में हमेशा यह बात करनी चाहिए कि कोई भी पल स्थाई नहीं होता । हमारे जीवन में खुशियों और दुखों का आना जाना निरंतर लगा रहता है। कोई भी स्थिति कभी स्थाई रूप से हमारे जीवन में नहीं ठहरती। जिस प्रकार प्रकृति ने दिन-रात, सर्दी-गर्मी ,जन्म-मृत्यु को बनाया है, उसी प्रकार हमारे जीवन में भी सुख और दुख, खुशी और गम के लम्हे भी दिए हैं। अब यह हम पर निर्भर करता है कि हम उन खुशियों में खुद को कितना सराबोर करें ,अपने जीवन के प्रत्येक क्षण का किस प्रकार आनंद लें अपने चेहरे पर किस प्रकार मुस्कान सजाए रखें और अपने हंसते हुए चेहरे से अपने आसपास के वातावरण को कैसे खुशनुमा बनाएं। यह बात तो हम सभी जानते हैं कि हंसता हुआ चेहरा और होठों पर सजी मधुर मुस्कान बड़ी से बड़ी मुश्किलों को पल भर में हल कर देती है। यह भी संभव है कि कभी-कभी किसी की हल्की सी मुस्कान हमारे जीवन में अत्यधिक मायने रखती हो। जिन लोगों में हमें अपनापन नजर आता है, जिन लोगों को हम खुद से अधिक चाहते हैं उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए हम हद से गुजर जाने के लिए भी तैयार रहते हैं। उदाहरण के लिए एक मां के लिए उसके बच्चे की खुशी से बढ़कर कुछ नहीं होता जिसके लिए वह अपना सर्वस्व दांव पर लगा देने से भी नहीं चूकती। माता-पिता के लिए उनकी संतान ही सबसे महत्वपूर्ण होती है जिसके लिए वे अपनी खुशियों तक को नजरअंदाज कर देते हैं और अपने बच्चे की खुशियों को हर पल बढ़ाने का हर संभव प्रयास करते हैं। इसी प्रकार अन्य अनेक रिश्ते हैं जिनमें हम अपने से अधिक अपनों की खुशियों की परवाह करते हैं। हंसता हुआ चेहरा हमें अपनी ओर आकृष्ट करता है इस बात से हम इंकार नहीं कर सकते। दिलों के भीतर किसके क्या है, कितना गम है उसको छुपा कर भी अपने चेहरे पर मधुर मुस्कान रखने वालों की कोई मिसाल नहीं दी जा सकती क्योंकि इस प्रकार के व्यक्ति अपने दुखों को सुखों और अपनों की खुशियों पर हावी नहीं होने देना चाहते इसलिए वे अपने चेहरे सदैव एक मधुर मुस्कान सजाए रखते हैं। व्यक्तिगत तौर पर मुझे तो हमेशा यही लगता है कि मुस्कुराता हुआ चेहरा ईश्वर प्रदत्त वरदान होता है जो दूसरों के दुखों को पल में हर लेता है और हमें एक अजीब सा सुखद सुकून मिलता है। मुस्कान हम सभी को निशुल्क मिली है इसके लिए ईश्वर ने हमसे कुछ शुल्क नहीं लिया, प्रकृति भी हमें हर पल मुस्कुराने की प्रेरणा देती है। इतना सब होने के बावजूद भी यदि हम मुस्कुराने में, हंसने में कंजूसी करते हैं तो अप्रत्यक्ष रूप से हम अपने खूबसूरत जीवन को निराशा में तब्दील करने का ही प्रयास करते हैं। हमें मुस्कुराहटों को बांटना चाहिए ना कि उन्हें अपने तक सीमित रखना चाहिए। याद रखिए, खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और गम बांटने से कम हो जाते हैं इसलिए सदैव मुस्कुराएं और अपने आसपास के लोगों को भी मुस्कुराने के अवसर प्रदान करें । मुस्कुराने से हमारे जीवन का सफ़र अत्यधिक सरल हो जाता है, इसी भाव पर आधारित मेरी कुछ स्वरचित पंक्तियां: किसी को कुछ दे पाओ या ना दे पाओ यारों चेहरे पर मुस्कुराहट का सब के इंतजाम कर देना ये ज़िन्दगी मिलती नहीं है बार बार ए मेरे दोस्तों कोई मांगे तुमसे जो कुछ हंस के बेहिचक ये जां उनके नाम कर देना उल्फत में सितारों की चांद खुद को रातों में जगाता है चांदनी जब हंस के मिलती है उस पर अपना वो सब कुछ लुटाता है लबों को कितना आकर्षक सिर्फ़ इक मुस्कुराहट बनाती है किसी को देकर तो देखो हंसी यारों वो होकर दुगुना वापिस लौट आती है बंगले गाड़ी कार तो है आसां बहुत ही मिलना कभी कर पाओ जो कुछ सच में ये मधुर मुस्कान जग के नाम कर जाना मुस्कान तो कुदरत का बस एक नायाब तोहफा होता है जिसको मिलता है ना जग में ये वो बेहद किस्मत वाला होता है अपनों के अधरों की मुस्कान पर एक नहीं सौ दिल कुर्बान हंसते रहो जो हर राह पर चलकर ज़िन्दगी का सफ़र फ़िर हो जाए आसान जी हां मित्रों, दुनिया में ऐसा कोई भी शख्स नहीं जिसके जीवन में केवल और केवल खुशियां ही हों। सुख और दुख तो क्षणिक होते हैं। सुख के बाद दुख और दुख के बाद सुख का आना उतना ही सच है जितना दिन के बाद रात और रात के बाद दिन का आना इसलिए हमें सुख और दुख दोनों ही परिस्थितियों में समभाव रखना चाहिए। न ही खुशियों में उन्मादी हो जाना चाहिए और न ही दुखों में अवसाद की स्थिति में चले जाना चाहिए। संतुलन बनाते हुए जिंदगी को जीना ही जीवन है। हंसता हुआ चेहरा गुलाब के फूल की तरह खिला-खिला नज़र आता है। मुस्कान हमारे चेहरे की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है इसलिए सदैव मुस्कुराए और दूसरों को भी मुस्कुराने के लिए प्रेरित करें, प्रोत्साहित करें। छोटी-छोटी मुस्कुराहटें निश्चित ही किसी दिन हमारे भाग्य के द्वार खोलेंगी, इस भाव के साथ हमें खुशियों को आमंत्रण देना चाहिए और जीवन में उमंग का संचार करना चाहिए। बड़ी से बड़ी मुश्किलों का सामना चेहरे की खुशी के साथ और मजबूत हौंसलों के साथ करना हमें आना चाहिए। जिस प्रकार मुस्कुराता हुआ चेहरा हमारे जीवन से निराशा को दूर करता है उसी प्रकार मीठी वाणी बोलने से भी हमारे अधिकतर दुख और परेशानियां खत्म हो जाते हैं। मीठी वाणी बोलना हमारे अपने हाथ में है। जिस प्रकार ईश्वर ने हमें मुस्कुराहटें निशुल्क प्रदान की हैं, उसी प्रकार मीठी वाणी बोलने का हुनर भी दिया है और हमें अपने उस हुनर को प्रतिदिन प्रतिफल पॉलिश करना आना चाहिए। दूसरों से हमेशा प्यार से, स्नेह से मीठा बोलना चाहिए ।मीठी वाणी बोलने का जितना प्रभाव दूसरों पर पड़ता है उससे दोगुना हमारे व्यक्तित्व में निखार लाने में सहायक होता है। अपने रोजमर्रा के जीवन में हम देखते हैं कि जो व्यक्ति सभी से मधुर व्यवहार रखता है, मीठी वाणी बोलता है वह दूसरों पर अमिट छाप छोड़ जाता है, वहीं दूसरी ओर कड़वा बोलने वाला व्यक्ति उपेक्षा का शिकार होता है। दूसरे व्यक्ति उस से केवल औपचारिक रिश्ते रखते हैं और यथासंभव दूरी बनाने का भी प्रयास करते हैं। कटु शब्द हमारे हृदय को चीर जाते हैं और मीठी वाणी हमारे हृदय को गदगद कर देती है। मीठी वाणी बोलने वालों का सानिध्य हम सभी पाना चाहते हैं इसलिए हमें हमेशा ऐसे शब्द बोलने चाहिएं जिन शब्दों को बोलकर हमें आप संतुष्टि का अनुभव हो एवं जिन्हें सुनकर दूसरों के जीवन में खुशियां आएं, उनके चेहरे पर मुस्कान आए, न कि ऐसे शब्द जो दूसरों को तकलीफ दें, दुख दें, उनकी आंखों में आंसू लाएं। हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि जिस प्रकार की वाणी हम दूसरों से सुनना चाहते हैं, दूसरे भी हमसे उसी वाणी उसी व्यवहार की अपेक्षा रखते हैं, इसलिए सदैव कम बोलें, धीमा बोलें, परंतु मधुर बोलें। इस बात से तो हम सभी सरोकार रखते हैं कि मीठी वाणी बोलने वालों के सानिध्य से, उनके साथ कार्य करने से हमें सुखद अनुभूति होती है, अच्छा महसूस होता है। मीठी वाणी बोलने वाले परायों को भी अपना बना लेते हैं, इसी भाव पर मेरी स्वरचित पंक्तियां काफी कुछ कह जाती हैं: मन से निकले उदगार है वाणी मस्तिष्क में उठते विचार है वाणी वाणी से है होती पहचान हमारी वचनों का सारा ही सार है वाणी मीठी वाणी सबको अपना बनवाती कड़वी वाणी न किसी को भाती बिन बोले कोई क्या जाने किसको वाणी व्यक्तित्व से परिचय करवाती मधुर बोल दुख हरते सबके घोलें मधुररस जीवन में सबके कटु शब्द भी व्यर्थ न जाते दिल में शूल से चुभते सबके पहले तोलो तुम बाद में बोलो जब भी बोलो बस मीठा बोलो मधुर मुस्कान तुम रख चेहरे पर बंद कपाट के द्वार भी खोलो मुस्कान और मीठी वाणी हमारे व्यक्तित्व के ऐसे दो महत्वपूर्ण पहलू होते हैं जो हमारे व्यक्तित्व के विकास में अत्यधिक सहायक होते हैं। अपने व्यक्तित्व को सजाने, संवारने और निखारने के लिए हमें अपने चेहरे पर वास्तविक अर्थों में मुस्कान रखनी चाहिए ।दूसरों को दिखाने के लिए नहीं, अपितु खुद को अच्छा महसूस करवाने के लिए भी हमें सदैव मुस्कुराना चाहिए और अपने शब्दों से दूसरों के दिलों पर राज करना चाहिए। इसके लिए हमें ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं। हमें सिर्फ और सिर्फ अपना व्यवहार अच्छा बनाना होगा और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना होगा। सकारात्मक सोच रखने के बाद हमें कुछ भी एक्स्ट्रा प्रयास करने की जरूरत नहीं पड़ेगी हमारी सोच स्वत: ही हमारे व्यक्तित्व को उस मुकाम तक ले जाएगी जहां पहुंचकर हमें गजब का आत्म संतोष मिलेगा और हम अपने परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए काफी कुछ बेहतर सोच पाएंगे तथा अपनी उस सुंदर सोच को क्रियान्वित कर पाएंगे। ********
- और आँखें खुल गई
एक जंगल के निकट एक महात्मा रहते थे। वे बड़े अतिथि-भक्त थे। नित्यप्रति जो भी पथिक उनकी कुटिया के सामने से गुजरता था, उसे रोककर भोजन दिया करते थे और आदरपूर्वक उसकी सेवा किया करते थे। एक दिन किसी पथिक की प्रतीक्षा करते-करते उन्हें शाम हो गई, पर कोई राही न निकला। उस दिन नियम टूट जाने की आशंका में, वे बड़े व्याकुल हो रहे थे कि उन्होंने देखा, एक सौ साल का बूढ़ा, थका-हारा चला आ रहा है। महात्मा जी ने उसे रोककर हाथ-पैर धुलाए और भोजन परोसा। बूढ़ा बिना भगवान का भोग लगाए और बिना धन्यवाद दिए, तत्काल भोजन पर जुट गया। यह सब देख महात्मा को आश्चर्य हुआ और बूड़े से इस बात की शंका की। बूढ़े ने कहा - "मैं तो अग्नि को छोड़कर किसी अन्य देवता को ईश्वर नहीं मानता हूँ।" महात्मा जी उस बूढ़े बात सुनकर बड़े क्रुद्ध हुए और उसके सामने से भोजन का थाल खींच लिया तथा बिना यह सोचे कि रात में वह इस जंगल में कहाँ जाएगा, कुटी से बाहर कर दिया। बूढ़ा अपनी लकड़ी टेकता हुआ एक ओर चला गया। रात में महात्मा जी को स्वप्न हुआ, भगवान कह रहे थे- "साधु उस बूढ़े के साथ किए तुम्हारे व्यवहार ने अतिथि सत्कार का सारा पुण्य क्षीण कर दिया।" महात्मा ने कहा- "प्रभु! उसे तो मैंने इसलिए निकाला कि उसने आपका अपमान किया था।" प्रभु बोले- "ठीक है, वह मेरा नित्य अपमान करता है तो भी मैंने उसे सौ साल तक सहा, किंतु तुम एक दिन भी न सह सके।" भगवान अंतर्धान हो गए और महात्मा जी की भी आँखें खुल गई। *********
- पूर्णत्व
शिवम् की शादी की उम्र बीती जा रही थी। मां उसे समझाती- "बेटे, स्त्री घर की ऊर्जा होती है। उसके बिना पुरुष के लिए अकेले जीवन बिताना बहुत ही दुष्कर है। जवानी तो अकेले बीत जाएगी, लेकिन बुढ़ापे में पत्नी के सहारे की ज़रूरत पड़ेगी। मेरा कहा मान और शादी के लिए हामी भर दे।" शिवम् ने अपने घर-परिवार, आस-पड़ोस और समाज में स्त्री चरित्रों को देखा था। इसलिए उसका मन शादी करने के लिए राज़ी ही नहीं होता था। आखिर एक दिन मां ने उसे समझा कर कुसुम नामक सुंदर और सुशील कन्या के साथ उसकी सगाई कर दी। एक दिन शिवम् को तेज़ बुखार आया। शिवम- "मां दोनों भाई-भाभी को फोन किया, लेकिन कोई नहीं आया।" मां- "बेटे, यही संसार है। घर पर बैठे रहने से तबीयत और भी बिगड़ जाएगी। मैं कुसुम को फोन कर देती हूं। तू रिक्शा से हॉस्पिटल चला जा।" ख़बर मिलते ही कुसुम तुरंत हॉस्पिटल पहुंच गई और शिवम् को संभाल लिया। कुसुम- "मैंने डॉक्टर से मिलकर सारी बातचीत कर ली है। आपके सारे रिपोर्ट्स हो गएं हैं। सब कुछ नोर्मल है।" शिवम्- "कुसुम, आज़ तुम न होती तो.....।" कुसुम- "डाक्टर ने शाम तक रूकने की सलाह दी है। मैं सारी दवाइयां, मूंग का पानी और फल आदि ले आई हूं। आप आराम कीजिए।" शिवम्- "पूरे बदन और जोड़ों में काफ़ी दर्द हो रहा है।" कुसुम- "मैं महामृत्युंजय मंत्र के जाप के साथ आपके पूरे शरीर पर मालिश कर देती हूं। थोड़ी ही देर में आपको काफ़ी राहत महसूस होगी।" शाम होते ही शिवम् की तबीयत ठीक हो गई। डॉक्टर ने दवाइयां देकर घर वापस जाने की अनुमति दे दी। कुसुम ने उसका सारा सामान पैक कर दिया। शिवम् एकटक उसके के सामने देखता ही रहा। कुसुम- "अरे! आप ऐसे क्यों देख रहे हैं?" शिवम- "कुसुम, मेरे पास शब्द ही नहीं है कि मैं कैसे तुम्हारा शुक्रिया अदा करूं?" इतना कहकर शिवम ने कुसुम को अपनी बाहों में जकड़ लिया और बोला- "आज़ तुमने अपनी सेवा और समर्पण भाव से यह साबित कर दिया कि सचमुच नारी बिना नर है आधा-अधूरा। आज़ तक मैं अधूरा था, लेकिन तुमने मुझे पूर्णत्व प्रदान कर किया।" शाम को मां अकेली हॉस्पिटल पहुंच गई। हमेशा गंभीर मुद्रा में रहने वाले शिवम् के चेहरे पर हंसी की रेखाएं और कुसुम के साथ उसके तालमेल को देखकर ख़ुशी के कारण मां की आंखें भर आईं। ***********
- हमसे आगे हम
टीचर ने सीटी बजाई और स्कूल के मैदान पर 50 छोटे छोटे बालक-बालिकाएँ दौड़ पड़े। सबका एक लक्ष्य। मैदान के छोर पर पहुँचकर पुनः वापस लौट आना। प्रथम तीन को पुरस्कार। इन तीन में से कम से कम एक स्थान प्राप्त करने की सारी भागदौड़। सभी बच्चों के मम्मी-पापा भी उपस्थित थे तो, उत्साह जरा ज्यादा ही था। मैदान के छोर पर पहुँचकर बच्चे जब वापसी के लिए दौड़े तो पालकों में "और तेज...और तेज... " का तेज स्वर उठा। प्रथम तीन बच्चों ने आनंद से अपने अपने माता पिता की ओर हाथ लहराए। चौथे और पाँचवे अधिक परेशान थे, कुछ के तो माता पिता भी नाराज दिख रहे थे। उनके भी बाद वाले बच्चे, ईनाम तो मिलना नहीं सोचकर, दौड़ना छोड़कर चलने भी लग गए थे। शीघ्र ही दौड़ खत्म हुई और 5 नंबर पर आई वो छोटी सी बच्ची नाराज चेहरा लिए अपने पापा की ओर दौड़ गयी। पापा ने आगे बढ़कर अपनी बेटी को गोद में उठा लिया और बोले : "वेल डन बच्चा, वेल डन....चलो चलकर कहीं, आइसक्रीम खाते हैं। कौनसी आइसक्रीम खाएगी हमारी बिटिया रानी? " "लेकिन पापा, मेरा नंबर कहाँ आया ? " बच्ची ने आश्चर्य से पूछा। "आया है बेटा, पहला नंबर आया है तुम्हारा।" "ऐंसे कैसे पापा, मेरा तो 5 वाँ नंबर आया ना ? " बच्ची बोली। "अरे बेटा, तुम्हारे पीछे कितने बच्चे थे? " थोड़ा जोड़ घटाकर वो बोली : "45 बच्चे।" "इसका मतलब उन 45 बच्चों से आगे तुम पहली थीं, इसीलिए तुम्हें आइसक्रीम का ईनाम।" "और मेरे आगे आए 4 बच्चे ? " परेशान सी बच्ची बोली। " इस बार उनसे हमारा कॉम्पिटीशन नहीं था।" " क्यों ? " "क्योंकि उन्होंने अधिक तैयारी की हुई थी। अब हम भी फिर से बढ़िया प्रेक्टिस करेंगे। अगली बार तुम 48 में फर्स्ट आओगी और फिर उसके बाद 50 में प्रथम रहोगी।" "ऐंसा हो सकता है पापा? " " हाँ बेटा, ऐंसा ही होता है। " " तब तो अगली बार ही खूब तेज दौड़कर पहली आ जाउँगी।" बच्ची बड़े उत्साह से बोली। "इतनी जल्दी क्यों बेटा? पैरों को मजबूत होने दो, और हमें खुद से आगे निकलना है, दूसरों से नहीं।" पापा का कहा बेटी को बहुत अच्छे से तो समझा नहीं लेकिन फिर भी वो बड़े विश्वास से बोली : "जैसा आप कहें, पापा।" "अरे अब आइसक्रीम तो बताओ? " पापा मुस्कुराते हुए बोले। तब एक नए आनंद से भरी, 45 बच्चों में प्रथम के आत्मविश्वास से जगमग, पापा की गोद में शान से हँसती बेटी बोली : "मुझे बटरस्कॉच आइसक्रीम चाहिए।" क्या अपने बच्चो के रिजल्ट के समय हम सभी माता पिता का व्यवहार कुछ ऐसा ही नही होना चाहिए ....विचार जरूर करे और सभी माता पिता तक जरुर पहुचाये। ********
- सोलह श्रृंगार
आज के मेरे इस आलेख का मुख्य प्रश्न यह है कि औरतों का सिंगार करना महज़ सुंदर दिखने के लिए होता है या चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र सच में सौभाग्य की निशानी होती हैं और क्या इन सब से पति के भाग्य पर असर होता है? इन प्रश्नों के जवाब में मेरा तर्क केवल और केवल यही है कि जिस रिश्ते में प्यार और सम्मान होता है उस रिश्ते के लिए आप कुछ भी कर गुजरने के लिए सदैव तैयार रहते हैं चाहे फिर वह पत्नी का पति के लिए सजना सवरना, मंगलसूत्र पहनना, चूड़ियां पहनना, नथनी और मांग टीका धारण करना और अपनी मांग को उसके नाम के सिंदूर से सजाना आदि आदि। यहां मैंने मांग का सिंदूर पति के नाम का इसलिए लिखा है क्योंकि हमारे धर्मों में विवाहित स्त्रियां ही सिंदूर लगा सकती हैं। निसंदेह सजी संवरी दुल्हन की तरह दिखने वाली स्त्री पुरुषों को अपनी ओर आकर्षित करती है और यदि यह पुरुष और स्त्री रिश्ते में पति-पत्नी होते हैं तो यह आकर्षण सामाजिक मान्यता भी प्राप्त कर लेता है अर्थात पति पत्नी का एक दूसरे के प्रति आकृष्ट होना और इस आकर्षण को एक मुकाम तक ले कर जाना सामाजिक दायरे के भीतर माना जाता है जो सही भी है। अब बात आती है कि इन सब क्रियाकलापों सजने सवरने का क्या एक पति के भाग्य पर भी असर होता है तो यहां मेरा मत यह है कि यदि किसी महिला के विवाह के कुछ समय पश्चात ही उसके पति की असामयिक मृत्यु हो जाती है तो यह तर्क अपने आप ही आधारहीन हो जाता है। पति-पत्नी का रिश्ता वह रिश्ता होता है जिसमें दोनों में से कोई भी एक दूसरे को खोने की इच्छा तो क्या कल्पना तक नहीं करना चाहता। एक दूसरे की लंबी आयु की कामना करते हुए वे अपना जीवन बिता देते हैं। परंतु यदि पत्नी के सजने सवरने और सोलह सिंगार करने के बाद भी दुर्घटना हो जाती है तो इसका संबंध अब किस चीज से जोड़ा जाए यह एक बहुत बड़ा प्रश्न है। महिला ने तो सज संवर कर सोलह सिंगार कर अपनी जिम्मेदारी निभाई उसके बाद भी वह अपने पति को मौत से नहीं बचा पाई तो अब समाज के उन तथाकथित ठेकेदारों का इस विषय पर क्या तर्क होगा जो यह कहते फिरते हैं कि महिलाओं के सिंगार करने से उसके पति का भाग्य संवरता है और उसकी आयु भी लंबी होती है। सजना सवरना सभी को अच्छा लगता है चाहे वह स्त्री हो या पुरुष। खुद को मेंटेन रखना और आकर्षित दिखना हर किसी की चाह होती है परंतु इस सब को एक दूसरे के भाग्य के साथ जोड़कर देखना तर्क हीन है। माना कि हमारे धर्म में सजने सवरने और सोलह सिंगार का अपना एक विशेष महत्व है। यहां मेरा तात्पर्य किसी भी धर्म संबंधी भावनाओं को ठेस पहुंचाना अथवा उन पर प्रश्नचिन्ह लगाना नहीं है अपितु यह मेरा व्यक्तिगत मानना है कि यदि ऐसा होता कि पत्नी के सजने सवरने और चूड़ी बिंदी, कजरा, गजरा और मंगलसूत्र या सिंदूर लगाने से उसके जीवन साथी की आयु लंबी होती है और उसके भाग्य के सितारे बुलंद हो जाते हैं तो शायद ही इस दुनिया में आज कोई स्त्री अकेलेपन का बोझ ढोती हुई, विधवा कहलाती। केवल सिंगार करने से ही सब कुछ ठीक-ठाक रहता तो कोई पत्नी-पति की इतनी देखभाल ना करती अपने मन में उसके प्रति सम्मान और आधा भाव रखने की फिर क्या जरूरत रह जाती वह तो केवल सिंगार करके बैठ जाती और सदा सुहागन ही कहलाती। माफ कीजिएगा, लेकिन, इस प्रकार के मत से व्यक्तिगत तौर पर मैं सरोकार नहीं रखती। यदि यह मान भी लिया जाए कि जीवनसाथी का आपस में ऐसा संबंध होता है कि एक के किसी एक क्रियाकलाप से दूसरे का भाग्य सवाने लगता है तो यहां केवल महिलाएं ही इस दौड़ में आगे क्यों आए? क्या पुरुषों को नहीं लगता कि उन्हें भी अपनी पत्नियों के लिए कुछ ऐसा खास करना चाहिए जिससे उनके उस प्रण से उनकी पत्नियों की आयु लंबी हो और उनके भाग्य के सितारे भी बुलंद हो। आजकल देखा गया है कि बहुत से पति इस प्रकार का प्रण लेते हैं जैसे बहुत से पति करवा चौथ पर पत्नी के साथ व्रत रखते हैं और चांद देखकर ही अपना व्रत खोलते हैं अपनी बात करूं तो मुझे यह सब बहुत अच्छा लगता है। एक दूसरे के लिए भूखे रहने का कोई वैज्ञानिक आधार तो नहीं है, किंतु हां, एक दूसरे के प्रति प्यार और केयर दिखाने का इससे अच्छा तरीका मुझे नहीं लगता, खैर यहां सबका अपना-अपना मत होता है। अंत में मैं तो सिर्फ इतना ही कहना चाहूंगी कि किसी व्यक्ति का भाग्य किसी दूसरे के क्रियाकलापों से नहीं अपितु उसके अपने कर्मों से जुड़ा होता है जो जैसा कर्म करता है उसे वैसा ही फल भोगना होता है फिर चाहे वह स्त्री अथवा पुरुष; पति हो अथवा पत्नी।कहा भी तो गया है कि "जिसका जितना है आंचल यहां पर उसको सौगात उतनी मिलेगी। जैसे बुखार होने की स्थिति में उससे होने वाला कष्ट केवल वही व्यक्ति भोगता है जिसे बुखार हुआ है, बाकी दूसरे व्यक्ति उस दुख से दुखी जरूर हो सकते हैं किंतु उस पीड़ा का अनुभव केवल और केवल बीमार व्यक्ति को ही होता है।।" एक बात और इन सोलह सिंगार और सजने सवरने को मैं ढकोसले का नाम नहीं देना चाहूंगी क्योंकि यदि कोई स्त्री इन्हें अपने पूरे मन और श्रद्धा के साथ निभाना चाहती है, तो यह उसका व्यक्तिगत मामला है। आत्म संतुष्टि आखिर हर चीज से बढ़कर होती है। हां, यदि यह सब चीजें उसके अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह उठने लगे और उसे बंदिशें जान पड़ें, तो मुझे नहीं लगता कि किसी भी स्त्री को इन परंपराओं का दबकर पालन करना चाहिए। जीने का हक जितना पुरुष को है उतना ही स्त्री को भी मिलना चाहिए। दोनों को खुले माहौल में सांस लेने का अधिकार है। अनुशासन का महत्व दोनों के लिए एक बराबर है इसलिए अपने चरित्र को मजबूत करते हुए स्त्री और पुरुष दोनों को ही एक दूसरे को पूरे मन से अपनाना चाहिए और मन से ही उन सभी रीति-रिवाजों को निभाना चाहिए। जिन्हें वे खुद अपनी मर्जी और पूरे दिल से निभाना चाहते हैं, न कि किसी अंधविश्वास और रूढ़िवादिता को अपना धर्म मानकर। ************
- कठिनाईयां
एक धनी राजा ने सड़क के बीचों-बीच एक बहुत बड़ा पत्थर रखवा दिया और चुपचाप नजदीक के एक पेड़ के पीछे जाकर छुप गया। दरअसल वो देखना चाहता था कि कौन व्यक्ति बीच सड़क पर पड़े उस भारी-भरकम पत्थर को हटाने का प्रयास करता है। कुछ देर इंतजार करने के बाद वहां से राजा के दरबारी गुजरते हैं। लेकिन वो सब उस पत्थर को देखने के बावजूद नजरअंदाज कर देते हैं। इसके बाद वहां से करीब बीस से तीस लोग और गुजरे लेकिन किसी ने भी पत्थर को सड़क से हटाने का प्रयास नहीं किया। करीब डेढ़ घंटे बाद वहां से एक गरीब किसान गुजरा। किसान के हाथों में सब्जियां और उसके कई औजार थे। किसान रुका और उसने पत्थर को हटाने के लिए पूरा दम लगाया। आखिर वह सड़क से पत्थर हटाने में सफल हो गया। पत्थर हटाने के बाद उसकी नजर नीचे पड़े एक थैले पर गई। इसमें कई सोने के सिक्के और जेवरात थे। उस थैले में एक खत भी था जो राजा ने लिखा था कि ये तुम्हारी ईमानदारी, निष्ठा, मेहनत और अच्छे स्वभाव का इनाम है। जीवन में भी इसी तरह की कई रुकावटें आती हैं। उनसे बचने की बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए। शिक्षा : मुसीबतों से डर कर भागे नहीं, उनका डटकर सामना करें। *************
- अपूरणीय क्षति
नीति और निहाल माता पिता बनने की खबर सुनकर बहुत ही उत्साहित थे और अपने मन में अपने अजन्मे बच्चे की तस्वीर को सजाने लगे थे। बच्चे के जन्म के बाद वे उसका क्या नाम रखेंगे ,उसे कौन से स्कूल में पढाएंगे, बड़ा होकर उसे क्या बनाएंगे इत्यादि इत्यादि सोच कर दोनों ही बहुत अधिक प्रसन्न हो रहे थे। उनके साथ घर के सभी सदस्य भी आने वाले मेहमान की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे। नीति की इंजीनियरिंग का वह अंतिम वर्ष था जिसके पश्चात उसे बीटेक की डिग्री मिलने वाली थी। घर के कामकाज के साथ-साथ नीति पढ़ाई में भी बहुत ही तेज और होशियार थी। वह जिस भी काम को करती थी बहुत ही शिद्दत के साथ करती थी, चाहे, फिर वह घर का काम हो अथवा पढ़ाई लिखाई। गर्भावस्था के पांचवे महीने में उसके एग्जाम की डेट शीट आई और वह जी जान से पढ़ाई में जुट गई। पढ़ाई में कभी-कभी वह इतना अधिक मशगूल हो जाती थी कि उसे अपने खाने-पीने तक का ध्यान नहीं रहता था। पिछले महीने ही चेकअप करने के पश्चात डॉक्टर ने उसे अच्छी डाइट लेने की सलाह दी थी क्योंकि उसके शरीर में खून की कमी थी। परंतु परीक्षाओं के दबाव में नीति इन सब बातों को दरकिनार कर अपना ध्यान केवल और केवल अपने आने वाले एग्जाम पर ही केंद्रित करना चाहती थी इसलिए वह खाने-पीने में कोताही बरतने लगी। अभी उसके पेपर शुरू भी नहीं हुए थे कि उसे कुछ अजीब सा महसूस होने लगा। उसे बार-बार यह शंका होती थी कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की हलचल कुछ ज्यादा नहीं है। परंतु पढ़ाई के बोझ तले दबे होने की वजह से वह इन बातों को अपना वहम सोच कर एक तरफ करती रही। अपनी मां से जब उसने यह बात शेयर की तो उसकी मां ने उसे समझाया कि पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान ना देते हुए उसे अपने बच्चे पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए और यदि बच्चे की हलचल कम महसूस हो रही है तो उसे दिन में दो से तीन बार शक्कर वाला मीठा पानी पीना चाहिए क्योंकि गर्भ में कभी-कभी बच्चे सुस्त पड़ जाते हैं और मीठा पानी और तरल पदार्थ शरीर के भीतर जाने से बच्चे पुन: हिलना डुलना शुरू कर देते हैं। उनके लिए मीठा पानी एनर्जी बूस्टर का काम करता है जिससे उनकी मूवमेंट अच्छी हो जाती है। मां की बात पर भी ज्यादा ध्यान ना देते हुए नीति पढ़ाई में ही व्यस्त रही और उसने मीठा पानी 2 से 3 बार तो क्या दिन में एक बार भी नहीं पिया। 3 से 4 दिन बीत जाने के पश्चात जब उसे बच्चे की हलचल बिल्कुल महसूस होनी बंद हो गई तो अंतत: उसने यह बात अपनी सासू मां को बताई। सासू मां उसकी यह बात सुनकर काफी चिंतित हुई और तुरंत उसे डॉक्टर के पास ले गई। डॉक्टर ने उसका चेकअप किया और उसे बिना कुछ बताए केबिन के बाहर चली गई। डॉक्टर का यह व्यवहार देखकर सासू मां काफी घबरा गई। निहाल भी कुछ समझ नहीं पा रहा था कि आखिर माजरा क्या है, क्यों डॉक्टर कुछ जवाब नहीं दे रही है। उनके बार-बार पूछने के बाद डॉक्टर ने बताया कि उन्हें बच्चे की धड़कनें कुछ समझ नहीं आ रही है इसलिए बच्चे की सही पोजीशन देखने के लिए उन्हें अब नीति का अल्ट्रासाउंड करना पड़ेगा जिसके लिए अभी उन्हें थोड़ा इंतजार करना होगा क्योंकि अल्ट्रासाउंड करने के लिए उनका रेडियोलॉजिस्ट शहर के बाहर है और उन्हें दूसरा रेडियोलॉजिस्ट पास वाले हॉस्पिटल से बुलाना होगा। 1 घंटा बीत जाने के पश्चात अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट डॉक्टर ने निहाल और उसकी मां के साथ साझा की। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की धड़कन बंद हो चुकी है और वह भीतर ही अपना दम तोड़ चुका है। यदि जल्दी ही उसे बाहर नहीं निकाला गया तो नीति की जान को भी खतरा हो सकता है। साथ वाले कमरे में लेटी नीति ने उनकी बातें सुन ली। सुनकर उसकी चीख निकल पड़ी वह जोर-जोर से रोने लगी और "यह सब झूठ है, ऐसा नहीं हो सकता, मेरे बच्चे को कुछ नहीं हुआ है "कहकर उठने की कोशिश करने लगी। परंतु जैसे ही उसने उठने की कोशिश की उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। पास खड़ी नर्स ने बामुश्किल उसे संभाला और बिस्तर पर लेटाया। नीति की प्रीमेच्योर डिलीवरी की गई और नीति के अत्यंत कष्ट सहने के बाद उसके मृत शिशु को बाहर निकाला गया जिसे देखकर नीति के ससुराल वाले और सगे संबंधी फूट-फूट कर रोने लगे। होश में आने के बाद नीति को पछतावा हुआ कि उसने समय रहते अपनी मां और डॉक्टर की बात मानकर अच्छी डाइट क्यों नहीं ली, क्यों वह परीक्षाओं में इतनी उलझी रही, क्यों उसने अपने कैरियर को अपने बच्चे से अधिक महत्व दिया, क्यों वह उसको बचा नहीं पाई। अगर वह उस समय अपने खानपान पर उचित ध्यान देती तो शायद आज उसका अजन्मा बच्चा उस से सदा-सदा के लिए दूर नहीं होता। नीति आज भी अपने उस अजन्मे बच्चे की हत्या के लिए खुद को जिम्मेदार और गुनहगार मानती है और प्रायश्चित की अग्नि में दिन-रात जलती है क्योंकि उसका यह दुख अब जीवन भर उसके साथ ही रहेगा। ***********
- एक हमसफर ....
प्रतापगढ़ से लालगंज का सफर बहुत कष्टदायक था। मेटाडोर यात्रियों से खचाखच भरी थी और तेज ठंड में भी उमस और उलझन महसूस हो रही थी। हर तरह की सांसें एक दूसरे से उलझ रही थी और एक ऐसी गंध का निर्माण कर रही थी, जो असहनीय होती जा रही थी। पाद की गंध, इत्र की सुगन्ध और सांसों से झिरती, प्याज, लहसुन, सिगरेट-बीड़ी और तम्बाकू-खैनी की रसगंध एकसार होकर बेचैन किए थी। मैं अपनी किस्मत को कोस रहा था कि पहले मैं ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठा था, अकेला। परन्तु जब ड्राइवर कम कंडक्टर ने एक-एक करके तीन आदमी उस सीट पर बैठाये तो मैं झुंझला कर बोल उठा, आप गाड़ी कैसे चलाओगे,? खुद कहाँ बैठोगे? ‘यह मेरा काम है, मैं कर लूंगा। ‘उसने गर्व मिश्रित साधिकार घोषणा कीं।’ मैंने असमंजस में आकर पीछे बैठना ही बेहतर समझा। वहाँ, कमोवेश गिरने का डर तो नहीं रहेगा, और उस समय पीछे की सीटें पूर्णरूपेण भरी नहीं थीं, और मुझे तनिक भी आशंका नहीं थी कि, पीछे की स्थिति भी बदतर हो जायेगी। वैसे भी ड्राइवर के साथ वाली जगह पर इस इलाके के प्रभावशाली लोग ही बैठते थे। इस जगह पर उनका अघोषित आरक्षण था। मुझ जैसे का उनके साथ बैठना उन्हें असहज बना रहा था। एक दो बार इशारों से और वाक्यों से मुझे पीछे आराम से बैठने की सलाह, ड्राइवर और तथाकथित उच्च लोग दे चुके थे। परन्तु वहाँ बैठकर मैं भी अपने को विशिष्ट समझने का भाव लिए था। मेरे वहाँ से उतर कर पीछे चले जाने से, उन लोगों के चेहरे से हार्दिक संतुष्टि का भाव प्रगट हो रहा था। मेटाडोर के पीछे वाले हिस्से में दो लम्बी-लम्बी सीटें थीं, जिन पर चार-चार लोग आसानी से बैठ सकते थे। परन्तु उसने देखते ही देखते उनमें छै-छै व्यक्ति खिसका-खिसका कर व्यवस्थित कर दिए थे। मैं आगे और पीछे की सीटों पर बैठने की प्राथमिकताओं और उपयोगिताओं के गणित में उलझ कर रह गया था। मेरे सामने की सीट पर चार औरतें थीं और दो आदमी। उसमें तीन औरतें और दोनों आदमी साठ-सत्तर के आसपास बूढ़े और थके थे। सिर्फ एक औरत जवान थी, शायद काली सी। वह घूंघट लिए थी और उसकी गोद में एक डेढ़ साल का बच्चा था, उस जैसा ही। उस बच्चे वाली औरत के दांत सफेद मोती जैसे थे जो घूंघट में चमक रहे थे। बच्चा अकसर रो उठता था, जिसे चुप कराने के लिए उसे छाती से सटाकर दूध पिलाना पड़ता था, जिसके लिए उसे काफी सावधानी रखनी पड़ती थी, कि कोई नजर उसका पोषण अंग देख न ले। जिस सीट पर मैं बैठा था उसमें एक कम उम्र का जवान लड़का गेट की तरफ, दो अधेड़ औरतें, एक मुच्छड़ अधेड़, एक मैं और मेरे बगल में, ड्राइवर की सीट के एकदम पीछे एक पर्दानशीन। ड्राइवर के साथ एक पुलिस वाला एक ठेकेदार और एक अध्यापक था, जो जोर-जोर से बातें और बहस कर रहे थे। एक तो बोरियों की तरह ठुसे, ऊपर से बोरियत का आलम, कहीं कोई खूबसूरती का चिह्न नहीं था। मैं कसमसाया और अन्दर चारों तरफ नजर दौड़ाई, मगर अफसोस उस यात्रियों से भरी मेटाडोर में कहीं कोई रोमांस लायक नहीं था। सारे चेहरे थके बोझिल और बूढ़े थे। ज्यादातर अधेड़ मुच्छड़ या झुर्रियों भरे चेहरे थे। मैं खूबसूरती की तलाश में था। बच्चे वाली काली नवयौवना घूंघट की आड़ से अकसर मुझे देख लेती थी, जब मेरी नजरें कहीं और होती थी। उसका चेहरा तो ठीक से नहीं देख पाता था परन्तु पोषण वाली जगह अकसर दृष्टि पड़ जाती थी। वह झट से बच्चे का दूध छुटाकर अपने को पूरा ढक लेती थी। मेरी खूबसूरती की तलाश पर्दानशीन पर आकर अटक गई थी। वह बुरके में थी। लड़की, नवयुवती या स्त्री? उसका कोई भी अंग, या कोर नहीं दिख रहा था, जिससे खूबसूरत, बदसूरत का अंदाजा लग सकें। खूबसूरती की खोज में असफल, निराश और यह सोच कर कि सुन्दरता के दर्शन दुर्लभ हैं, मैंने आंखें बंद कर लीं। कुछेक पलों बाद मैंने आंखें खोलीं तो देखा घूंघट वाली अपने बच्चे को दूध पिला रहा थी, मगर उसकी आंखें मुझ पर स्थिर थीं मैं अचकचाया और अपनी दृष्टि पर्दानशीन पर फेर दी। उसकी आंखें भी महीन जालियों में कैद थीं। बड़ी कोफ्त हो रही थी। अचानक उसने बुरके की जेब से हाथ बाहर निकाला और अपने चेहरे पर फेरते हुए मद्धिम स्वर में कहा, ‘‘आह! क्या आफत है? मेरी सांस न घुट जाये।‘‘ उसके हाथ और साइड से चेहरे की झलक पाकर, मुझे आभास हो गया कि यह लड़की बला की खूबसूरत होगी। मुझे लगा सुन्दरता हर जगह होती है, तलाश करनी पड़ती है। मैं उसे कनखियों से देख लेता। अब मेरा ध्यान सिर्फ उसी पर केन्द्रित था कि कैसे पूर्ण चांद दिख जाये! मैंने एक नजर चारों ओर दौड़ाई, सब ऊब और ऊँघ रहे थे। सायं के सात बज रहे थे। रात का अंधेरा घिर आया था। गाड़ी अपनी गति से चल रही थी और हर आधा-एक किमी पर गाड़ी रुकती सवारियां उतारती और चढ़ाती थी। परन्तु यात्रियों की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं आ रहा था। पर्दानशीन हसीना ने व्याकुल होकर अपने चेहरे के हिजाब को उलट दिया और मेरी तरफ मुखातिब होकर बोली, ‘बड़ी बेबसी है, घुटन है।‘ मैं हतप्रभ उसकी ओर अपलक निहारता ही रह गया। उसके चेहरे पर अजीब सा आकर्षण और सम्मोहन था, जिसने मुझे मंत्रमुग्ध कर दिया था। वह बला की खूबसूरत थी और उसका बदन तराशा हुआ था। उसकी आंखों में बेपनाह गहराई थी। वह मेरी तरफ उत्सुक नजरों से देख रही थी। मैं प्रतिक्रिया विहीन, भावशून्य अवस्था में शब्दहीन और अर्ध व्याकुल था। कई सारी जोड़ी आंखें, उस पर केन्द्रित हो गयीं तो झट से उसने अपना चेहरा ढक लिया और मैं चेतन अवस्था में आ गया। मैंने सोचा इश्क करने के लिए उससे ज्यादा उपर्युक्त कोई नहीं होगा। कम से कम जिंदगी में एक अदद गर्लफ्रेन्ड होना जरूरी है, जिससे मैं अभी तक महरूम था। मेरी तलाश पूर्ण हो चुकी थी। मैंने मन ही मन अपनी दीदी का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने कुछ समय के लिए छुट्टियों में अपने साथ रहने को बुलाया था। लीलापुर आ गया था। कई सवारियां उतरी थीं। बच्चे वाली औरत गायब थी, वह कब उतर गई पता ही न चला। यहाँ पर कोई सवारी नहीं चढ़ी। मेटाडोर कुछ हल्की हो गयी थी। राहत सी महसूस हो रही थी कुछ तरह की गंधों और उमस से निजात मिली थी। ‘ठीक से बैठ जाइये।‘ हसीना बोली। मैं खिसक के बैठ गया। उसने खाली स्थान की पूर्ति कर दी। अब भी उसका जिस्म मेरे शरीर के सम्पर्क में था। काफी अच्छा लग रहा था। मैं सीट को बायें हांथ से पकड़े था, सम्भावित धचके से बचने के लिए। उसने कुछ सोचा और अपनी हथेली मेरे हाथ पर टिका दी। एक करंट हाथों से होता हुआ मन मस्तिष्क पर पहुंच गया। खून का प्रवाह रूक गया, प्यार का आवेग चल पड़ा। मैं बुखार में दग्ध हो उठा था। मैं जड़वत वैसा ही बैठा रहा। ‘नये हो?‘ मेरा हलक सूख गया। हाँ, और आप? ‘यहीं की हूँ। लाल गंज घर है। प्रताप गढ़ में सर्विस करती हूँ। ‘आप स्टूडेंन्ट हैं?‘ ‘सही अनुमान है, आपका। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में एम0ए0 का छात्र हूँ। एक लम्बी खामोशी। सफर जारी था। उसकी हथेली हल्के-हल्के मेरी हथेली को दबा रही थी। मादकता की अनुभूति हो रही थी। लालगंज आने वाला था, ड्राइवर ने चेताया, किराया निकाल कर रख लो। लालगंज में उस समय बिजली आ रही थी इस कारण रोशन हो रहा था लालगंज। मेटाडोर एक झटके से रूकी और हम दोंनों एकदम सट गये। लड़की ने मेरी तरफ मद्धिम खुमार भरी, उत्सुक नजरों से देखा। उसकी निगाहें शायद खुलकर दिल का राज कह देना चाहती थी, मगर कामयाब न हो सकी। उन आंखों में एक हल्की सी चमक पैदा हुई, परन्तु गुम हो गई। सारे यात्री मेटाडोर से उतरते जाते और किराया देते जाते थे। ड्राइवर ने उसकी तरफ देखा, लड़की ने मेरी तरफ देखा। ड्राइवर बोला, ‘साथ में हो?‘ हम दोंनों में से कोई नहीं बोला। उसने दोनों का किराया मेरे से काट लिया। हम दोंनों साथ-साथ चल रहे थे। कालाकांकर रोड में दीदी का घर था, मैं एक बार पहले भी आ चुका था। शायद उस हसीना का घर भी उधर होगा। एकदम से लालगंज की बिजली गुम हो गयी और वह मुझसे सट गई। उसने मेरी बांह पकड़ ली थी और बाह पकड़े-पकड़े ही चल रही थी। रोमान्टिकता फिर चल पड़ी थी। मैंने फ्रेंड बनाने की गरज से उसका नाम पूछा। ‘तरन्नुम।‘ और आपका? ‘आनन्द। मुझसे दोस्ती करोगी? ‘जरूर। क्यों नहीं?‘ मैंने अपना कान्टेक्ट नम्बर दिया। उसने नहीं दिया। रास्ता खामोशी और रोमांस से तय हो रहा था। मैं प्रसन्नता के उच्चतम शिखर पर था गर्वानुभूति से घिरा हुआ। अप्रत्याशित रूप से उस हसीन दोस्त का मिलना किसी सौगात से कम नहीं था। अचानक वह रुकी, उसने मेरी हथेली, अपनी हथेलियों से रगड़ी, और बोली ‘काम ..............काम नहीं करोगे?‘ ‘काम।.............काम का मतलब? लड़की ने अपने दोनों हाथों की अंगुलियों से मेरी दोनों हथेलियों को गुदगुदाया .......काम ........नहीं जानते.......? उसने मेरी आंखों में अपनी आंखें डाल दीं। उसकी आंखों में नशा था, आमंत्रण था। मगर मैं संज्ञा शून्य हो चुका था। उसका यह रूप देखकर मैं पाषाण बन चुका था। मेरी कल्पनाओं और भावनाओं को भयानक आघात लगा था। हसीना फिर लड़की में तबदील हो चुकी थी। ‘तो, ये काम करती हो?‘ ‘हां, क्या करें,? मजबूरी है।‘ ऐसी क्या मजबूरी है? मैं नार्मल हो चुका था। उसकी आंखें नम थीं। गला रूंध गया था। उसने धीमे और बोझिल आवाज में कहा। हम अब्बू अम्मी को मिलाकर दस जने का परिवार। अब्बू बढ़ई का काम करते हैं। खाने के लाले पड़े रहते हैं। फिर बढ़ई गिरि कभी चलती है, कभी नहीं। घर का खाना-खर्चा और भाई बहिनों की पढ़ाई लिखाई कैसे चले? अब्बू की बढ़ईगीरी से दो जने का भी खर्चा नहीं निकल सकता। मैं घर में सबसे बड़ी, मुझे भी तो घर की जिम्मेदारी निभानी है। नवीं पास, मैं और क्या काम कर सकती हूँ। मैं आगे नहीं पढ़ पाई तो क्या मेरे भाई बहिन भी पढ़ाई-लिखाई से महरूम रहें? उन्हें तो योग्य बना दूँ। उसने मेरा हाथ छोड़ दिया था और कुछ अलग हट कर खड़ी हो गई थी। ‘ऐसी मजबूरी की दास्तान तो हर गलत काम करने वाला सुना देता है।‘ उसने गमगीन अविश्वसनीय निगाहों से मुझे देखा भर था और मेरी बर्फ पिघलने लगी थी। लड़की कुछ पल रूकी फिर उसने मेरी नजरों में झांका। शायद मेरी आंखों में अपनी बातों की सच्चाई परख रही हो, और फिर बोली आज शहर के होटल में बुलाया था, परन्तु कस्टमर शाम को ही वापस दिल्ली लौट गया। इसलिए मेरा काम नहीं हुआ। मैंने सोचा तुम नये हो तलाश में भी दिखे शायद एक रात की दुल्हन का अनुभव करना चाहोगे? परन्तु तुम तो .......। खैर............। यह पहली बार नहीं है कि काम से खाली लौटी हूँ।‘ उस लड़की की आंखों में निराशा, हताशा पसर गई थी और मैं मुजरिम की तरह खड़ा, अपना गुनाह कबूल करने की तरफ अग्रसर था। मुझे लगा, मुझे दण्ड मिलना चाहिए, उस गुनाह की सजा जो मैंने अनजाने में की थी। उसकी उम्मीदों को ठोकर मारकर। मैंने अपना पर्स निकाला और कुछ एक रूपये छोड़कर, सारे रूपये उसकी हथेली में रखकर उसकी मुटठी बंद कर दी। उसकी नरम और नाजुक हथेलियां बर्फ की तरह ठंडी पड़ चुकी थीं। ‘गुड बाई।‘ मैंने जल्दी में कहा, और तेज कदमों से उसे छोड़कर बढ़ गया था। मैं उससे इतनी दूर आ गया था कि वह हसीन बला पूरी तरह नजरों से ओझल हो चुकी थी। ********
- जो पास है वही खास है।
यह सत्य है कि जीवन में हर व्यक्ति की कुछ इच्छाएं, आकांक्षाएं, अभिलाषाएं और चाहतें होती हैं और ऐसा होना गलत भी नहीं है। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और समाज में रहते हुए इन सब चाहतों का आकांक्षाओं का होना स्वाभाविक ही है। जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए भी इनकी मौजूदगी अति आवश्यक हो जाती है क्योंकि यदि इंसान के मन से इच्छाओं का ही अंत हो जाए तो उसका जीवन नीरस हो जाता है आगे बढ़ने की उसकी सभी इच्छाएं वही खत्म हो जाती हैं। हमारी इच्छाएं , आकांक्षाएं हमें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करती हैं। अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए हम मेहनत करते हैं, संघर्ष करते हैं और मनचाहा प्राप्त करने के लिए जी तोड़ कोशिश करते हैं। परंतु यदि यही इच्छाएं, आकांक्षाएं, अभिलाषाएं, महत्वकांक्षा का रूप ले लेती हैं, तो एक सीमा के पश्चात यह हमारे लिए दुख का कारण बन सकती हैं। जैसा कि मैंने ऊपर भी कहा कि इच्छाएं और आकांक्षाएं रखना कतई गलत नहीं है परंतु यदि यह महत्वकांक्षा बन जाती है और हमारे ऊपर हावी होने लगती है तो उन्हें उसी वक्त रोकने की भी उतनी ही आवश्यकता हो जाती है जितनी की इच्छाओं को तमाम उम्र अपने जीवन में बनाए रखने की। अक्सर देखा जाता है कि हमारे पास जो चीजें उपलब्ध होती हैं हमें उन में संतोष नहीं होता है। एक सीमा तक तो यह बात सही प्रतीत होती है कि हमें हमेशा ऊंचाइयों की ओर देखना चाहिए, आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए जीवन में तरक्की और प्रगति हासिल करने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में हार नहीं माननी चाहिए, अपने उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए हमें यथासंभव प्रयत्न करने चाहिए और जब तक अपना लक्ष्य प्राप्त ना कर लें हमें रुकना नहीं चाहिए। परंतु प्रत्येक वस्तु और बात की एक सीमा भी तय होती है और हमें उस सीमा का हमेशा ध्यान रखना चाहिए। यदि कभी हमारी महत्वकांक्षा इस कदर बढ़ जाती है कि वह हम पर हावी होने लगती हैं तो हमारे जीवन से खुशियों और सुखों का ह्रास होने लगता है, हमारी बेचैनियां बढ़ने लगती हैं और हम हमेशा व्यथित रहना प्रारंभ कर देते हैं। मन में उपापोह की स्थिति सी बनी रहती है। दूसरे के महलों को देखकर अपनी झोपड़ी में आग लगा देना कहां की समझदारी है ।हमें अपने सीमित संसाधनों के भीतर रहकर ही अपने जीवन को आगे बढ़ाना चाहिए। दूसरों के पास रखी चीजों की चमक दमक को देखकर हमें खुश अवश्य होना चाहिए परंतु वैसा ही सब कुछ हमें भी मिल जाए इस चीज के लिए उन्मादी होना भी सही नहीं है। दूसरों की होड़ करना गलत नहीं है, परंतु उस होड को प्रतिस्पर्धा ना समझ कर जुनून समझ लेना समझदारी नहीं कही जा सकती। इस प्रकार का उन्माद हमें हम से ही दूर कर देता है और हम अपने साथ-साथ अपनों से भी दूर होने लगते हैं। बात यदि रिश्तों की जाए तो यदि हम अपने किसी रिश्ते के प्रति कुछ कमी महसूस करते हैं अर्थात यदि हम अपने संबंधों से संतुष्ट नहीं होते हैं तो हमें उसकी जड़ में विद्यमान समस्या का निराकरण और समाधान ढूंढना चाहिए ना कि उस संबंध को तोड़कर किसी अन्य संबंध मे से खुद को जोड़ लेना चाहिए। रिश्ते हमारे जीवन की बुनियाद होते हैं, रिश्तों की डोर इतनी कच्ची नहीं होनी चाहिए कि आप जब चाहे उन्हें तोड़ सकें क्योंकि रिश्ते टूटने से केवल रिश्ते ही नहीं टूटते, अपितु हमसे हमारे अपने भी छूट जाते हैं और अपनों के बिना जिंदगी क्या होती है यह केवल वह इंसान समझ सकता है जिसने जीवन में कभी अपनों को खोया हो। आप लोगों ने अक्सर सुना पढा होगा कि जो पास है वही खास है। यह बात शत प्रतिशत सत्य है क्योंकि जो आपके पास होता है वही अक्सर अपना होता है। दूसरे लोग हमारे मित्र, हमारे संबंधी, हमारे रिश्तेदार हो सकते हैं परंतु हर रिश्ते की अपनी एक गरिमा, एक सीमा होती है। रिश्तों में असमंजस लेकर चलना सही नहीं, हर रिश्ते में शीशे सी पारदर्शिता और स्पष्टता का होना बहुत ही आवश्यक है। अक्सर हमारे पास जो रिश्ते, जो संबंध होते हैं वही हमारे जीवन में कारगर सिद्ध होते हैं। रिश्तों में तनाव तो आते जाते रहते ही हैं, परंतु उन तनावों के चलते रिश्तों को ही खत्म कर देना किसी भी सूरत में सही नहीं माना जा सकता। जो हमारे पास है उसे भूल कर जो हमारे पास नहीं है उसके पीछे दौड़ना मूर्खता ही कही जा सकती है। माना कि, खूबसूरती और अच्छाई हमें आकर्षित करती है परंतु आकर्षण और खिंचाव कभी भी स्थाई नहीं हो सकते। इसलिए रिश्तों को बेवजह गलतफहमियों का शिकार न होने दें, उनको असमय तिलांजलि ना दें, उन्हें संभाले और उनकी खूबसूरती को बढ़ाने के लिए अपना शत प्रतिशत दें। ऐसा कर आपको आत्म संतुष्ट तो मिलेगी ही साथ ही साथ हमारी रिश्तों के प्रति समझदारी भी पहले से कहीं अधिक विकसित होगी। **********
- डर के आगे जीत है
मां-बाप की इकलौती बेटी होने के कारण शेफाली बहुत ही नाज़ों से पली-बढ़ी थी। घर के सभी छोटे बड़े शेफाली को बहुत ही स्नेह देते थे और उसकी हर ज़िद को बिना किसी सवाल जवाब के पूरा भी करते थे क्योंकि शेफाली के अलावा घर में कोई और बच्चा नहीं था। उसे तनिक भी कष्ट या परेशानी का अनुभव ना होने पाए, इसलिए उसकी हर छोटी बड़ी समस्या को घर के बड़े अपने स्तर पर ही सुलझा लिया करते थे। उसे कभी मौका ही नहीं दिया गया कि वह आगे बढ़कर कोई जिम्मेदारी ले, संघर्ष करे, दर्द को महसूस करना सीखे। इसलिए दुनियादारी से अनजान शेफाली के मन में कई चीजों को लेकर डर और असुरक्षा की भावना घर कर गई। कांटे भर की चुभन उससे बर्दाश्त नहीं होती थी। कई चीजों के प्रति मन में डर रखने वाली शेफाली धीरे-धीरे जवान हुई और उसकी शादी हो गई। दुख, तकलीफ, दर्द, पीड़ा क्या होते हैं, उसे इस बात का कोई अनुभव और एहसास ही नहीं था। इसलिए शादी के बाद जब वह पहली बार प्रेग्नेंट हुई तो उसे इस बात का भय दिन-रात सताता था कि 9 महीने पश्चात डिलीवरी के समय होने वाले दर्द को वह कैसे बर्दाश्त कर पाएगी क्योंकि उसने अपने मस्तिष्क में कुछ इस प्रकार के संशय या यूं कहें कि डर बैठाकर रखे थे कि डिलीवरी के समय महिलाओं को असहनीय पीड़ा होती है, कई महिलाएं तो वहीं दम भी तोड़ देती हैं, कईयों की सर्जरी भी करनी पड़ जाती है, और डिलीवरी के बाद मानों उनका दूसरा जन्म ही होता है। 9 महीने का यह समय उसने दिन रात चिंता में भयभीत होकर ही निकाला। समय आने पर जब उसे लेबर रूम में ले जाया गया तो वह बहुत अधिक घबरा रही थी। उसे भी अन्य महिलाओं की तरह उसी पीड़ा का अनुभव हुआ। 4 से 5 घंटे ऐसे असहनीय दर्द को घूंट-घूंट पीने के पश्चात शेफाली ने एक प्यारी सी बिटिया को जन्म दिया जिसकी झलक पाते ही शेफाली अपनी सारी पीड़ा और तकलीफें पल भर में भूल गई। इस प्रकार अंतत: उसने अपने इस डर पर भी स्वाभाविक तरीके से जीत हासिल की। सच ही कहते हैं कि प्रकृति बहुत महान है जो सही समय आने पर हमें सब कुछ सहना सिखा ही देती है। **************
- बढ़ता फैशन, घटते संस्कार
परिवर्तन जीवन का नियम है। 10 साल पहले जैसे हम थे वैसे अब नहीं हैं और 10 साल बाद भी हम वैसे नहीं रहेंगे जैसे हम आज हैं। कहने का अर्थ यह है कि समय के साथ-साथ हमारे विचार, खानपान, शिक्षा, बोलचाल, रहन-सहन एवं पहनने ओढ़ने के तरीकों में बदलाव आता है। समय के अनुसार चलने में ही समझदारी मानी जाती है, यह बात नितांत सही है। समय के अनुसार स्वयं को ना बदलने वाले लोग अक्सर शिकायती प्रवृत्ति के बन जाते हैं और दुखी रहने लगते हैं। चूंकि वे समय के अनुसार अपने आप को नहीं ढाल सके इस बात की उन्हें खासा परेशानी रहती है और इसी परेशानी के चलते वे किसी अन्य को भी बदलते देखना स्वीकार नहीं कर पाते हैं जिसके कारण उनके विचारों में मतभेद होता है और धीरे-धीरे वह मतभेद मनभेद में परिवर्तित होने लगता है। बात बदलते समय के अनुसार स्वयं को बदलने तक ही है तो उचित है, किंतु आज की वर्तमान पीढ़ी समय बदलाव की आड़ में अपनी मनमानी करने पर आमादा दिखाई देती है जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है, क्योंकि उनकी इस प्रवृत्ति से हमारी संस्कृति और सभ्यता निश्चित रूप से प्रभावित होती है। बढ़ते फैशन की बात की जाए तो फैशन से हमारा तात्पर्य केवल बदलाव से होना चाहिए। किंतु युवा पीढ़ी फैशन के अर्थ को किसी दूसरी दिशा में ले जाकर सोचती है। उनके अनुसार फैशन के नाम पर कुछ भी पहनना ही फैशन है। यह बात सही है कि अपने मन मुताबिक कपड़े पहनना घूमना फिरना खाना पीना रहना सहना हमारे मौलिक अधिकारों में से एक है किंतु, फैशन के नाम पर कुछ भी पहनकर अपने को आधुनिक कहलाना एक सीमा तक ही सही माना जा सकता है। निसंदेह प्रत्येक जनरेशन कुछ बदलावों के साथ आगे आती है, जो कि एक विकासशील समाज की पहचान भी है। फैशन की इस अंधाधुंध दौड़ में आज की जनरेशन पाश्चात्य सभ्यता और संस्कृति को अपनाने में लगी है। अगर यह कहा जाए कि युवा पीढ़ी भौतिकवादी सभ्यता के पीछे क्रेजी (उन्मादी) हो रही है तो कोई अतिशयोक्ति ना होगी। फैशन के नाम पर अंग प्रदर्शन करना एवं इस प्रकार के वस्त्र पहनना जो देखने में अजीब लगें एवं हम पर बिल्कुल न फब रहे हों, किसी भी दृष्टि से सही नहीं कहे जा सकते। अब बात यह उठेगी कि वस्त्रों के अजीब लगने का क्या मापदंड या क्राइटेरिया है। हो सकता है किसी एक को एक पहनावा अजीब लगता हो वहीं दूसरी ओर, वही पहनावा किसी अन्य के लिए सामान्य हो। हां, यह बिल्कुल सही है, ऐसा हो सकता है। परंतु एक आयु के पश्चात प्रत्येक व्यक्ति को इस बात की समझ आ ही जाती है कि जो वस्त्र उसने पहने हैं वे वाकई में उस पर फब भी रहे हैं अथवा नहीं, अथवा कहीं उसने कुछ ऐसे वस्त्र तो धारण नहीं कर लिए हैं जो फैशन के नाम पर सिर्फ़ नग्नता का ही प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्नति, प्रगति, विकास और आगे बढ़ने से तात्पर्य यह कदापि नहीं होता कि हम फैशन को अपना मोहरा बनाएं और कुछ भी ऐसा पहनावा धारण करें जो एक सभ्य समाज में पहनने लायक ना होता हो। यहां इस बात पर कुछ लोगों का यह तर्क होगा कि कमी कभी हमारे वस्त्रों में नहीं होती, अपितु उन लोगों की नजरों में होती है जो उन वस्तुओं पर भद्दे कमेंट करते हैं। काफी हद तक यह बात सही है किंतु बात जब हमारे संस्कारों की आती है तो हमें यह सोचना और समझना चाहिए कि अश्लीलता का प्रदर्शन करने वाले कपड़े कभी भी किसी के लिए स्टाइलिश नहीं कहे जा सकते। बात यहां स्त्री या पुरुष की बिलकुल नहीं है। जिन वस्त्रों को पहनकर हम असहज महसूस करें वे वस्त्र हमारे लिए कदापि पहनावे योग्य नहीं हो सकते। जिन वस्त्रों को धारण करने के पश्चात हमारे मन में संशय और डर की स्थिति बनी रहे उन्हें पहनने की आखिर आवश्यकता ही क्यों है। हम जो भी पहने सबसे पहले वह हमें स्वयं को हर दृष्टि से उचित एवं आरामदेह लगने चाहिएं, उसके पश्चात ही हमें दूसरों की दृष्टि से अपने पहनावे का विश्लेषण करना चाहिए।यहां यह बात स्पष्ट कर देनी भी अत्यंत आवश्यक है कि हम हर चीज के लिए समाज के दूसरे लोगों की सोच पर निर्भर नहीं कर सकते और ना ही हमें यह करने की आवश्यकता है, क्योंकि वही बात है कि कुछ तो लोग कहेंगे लोगों का काम है कहना, परंतु कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिनके लिए जब तक हमारा दिल और दिमाग गवाही ना दें हमें उन चीजों पर अमल नहीं करना चाहिए। यह सत्य है कि हम जो भी कार्य करते हैं हमारी अंतरात्मा सबसे पहले हमें बताती है कि क्या ऐसा करना हमारे लिए सही है अथवा नहीं। खुद को सौम्य, सुंदर, आकर्षक एवं सुरक्षित महसूस कराने के लिए ही वस्त्रों का धारण किया जाता है इसमें संदेह नहीं, किंतु यदि हमारे वही वस्त्र हमें असुरक्षा के घेरे में लाकर खड़ा कर दें, तो हमें अपने पहनावे पर गौर फरमाने की आवश्यकता है। वर्तमान युग में कुछ लोग बढ़ते फैशन के चलते अपने संस्कारों की तिलांजलि देने से भी पीछे नहीं हटते। अपने माता पिता अथवा पुरानी पीढ़ी को दकियानूसी सोच का टैग लगाने वाला यह वर्ग अपनी मनमानी कर कुछ भी पहनने के लिए तैयार रहता है क्योंकि उनके अनुसार तन पर जितने कम वस्त्र होंगें,उतने ही वे अधिक आधुनिक कहलाएंगे। अर्थात आधुनिक दिखने की उनकी इस चाह में अपने बदन को दूसरों की निगाहों का निशाना बनते देखने में वे तनिक भी असहज महसूस नहीं करते। वहीं दूसरी तरफ जब उनके माता-पिता अथवा अभिभावक उन्हें समझाते हैं कि तन पर फबने वाले कपड़े ही पहनने चाहिएं तो वे पलटकर उनको जवाब देने से भी नहीं चूकते, अपितु उनका विरोध भी करते हैं और कभी-कभी तो स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वे अपने बड़े बुजुर्गों की आयु तक का ख्याल नहीं रखते और उनकी हर बात को काटना शुरू कर देते हैं। कभी-कभी कुछ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने से भी उन्हें गुरेज नहीं होता क्योंकि वे हर कीमत पर सिर्फ और सिर्फ अपनी इच्छाओं को पूरा करना चाहते हैं बिना यह सोचे कि उनके बड़े अपने अनुभवों के आधार पर ही उन्हें समझा रहे हैं, उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं। कभी-कभी बदलते फैशन के साथ-साथ सोच भी बदलने लगती है व चीजों और रिश्तों के प्रति लोगों का नजरिया भी बदलने लगता है ।यह बदलाव अगर अच्छे के लिए हो, अपनों को करीब लाने या उनके करीब जाने के लिए हो, चीजों में सुधार लाने के लिए हो तो कोई परेशानी नहीं, किंतु, यदि यह बदलाव अपनों से अपनों को दूर करने लगे, संबंधों में खटास पैदा करने लगे और मनों में दूरियां उत्पन्न करने लगे तो इस दिशा में सोचने की अत्यंत आवश्यकता है। फैशन और संस्कारों की जब बात चल ही रही है तो इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि बढ़ते फैशन के हिसाब से खुद को चलाने के लिए लोग अक्सर गलत आदतों का शिकार भी होते देखे गए हैं। अपनी पहुंच के बाहर बाजार में बिकने वाली चीजों के प्रति आकर्षण का पैदा होना स्वाभाविक है, किंतु यदि जेब में इतने पैसे ना हों कि अपने मन मुताबिक चीजों को क्रय किया जा सके तो मन में असंतोष उत्पन्न होता है, मानसिक उथल-पुथल होती है और इस उथल-पुथल में कुछ गलत एवं अनैतिक करने की सोच भी स्वत: ही विकसित होती है। आजकल एक नई बात और ट्रेंड में देखी जा रही है कि पाश्चात्य सभ्यता और संस्कृति के साथ-साथ हमारे युवा और या यूं कहें प्रत्येक आयु वर्ग के लोग फिल्मी जगत की हस्तियों को अपना आदर्श मानते हैं और उनके खान पान, रहन-सहन, आदतों और पहनावे को ज्यों का त्यों अपनाना फैशन समझते हैं। फिल्मी जगत और सेलिब्रिटीज के ग्लैमर की चकाचौंध में अंधे होकर वे यह तक भूल जाते हैं कि पर्दे पर दिखाई जाने वाली फिल्मों का वास्तविकता से बहुत ज्यादा लेना देना नहीं होता है। रियल और रील लाइफ में आकाश पाताल का अंतर होता है।फिल्मी हस्तियां तो केवल मनोरंजन और पैसा कमाने की मंशा से ही रुपहले पर्दे पर छाए रहते हैं। उनका अंधानुकरण करना मूर्खता ही कहलाएगा। बिना यह जाने समझे कि दूसरों की हूबहू नकल करने का क्या परिणाम होगा, हमें किसी के पीछे नहीं भागना चाहिए, उनकी नकल नहीं करनी चाहिए। आप जैसे हैं, सदा वैसे ही रहें क्योंकि आप की मौलिकता एवम स्वाभाविकता ही आप की असली पहचान होती है और उसे गंवाने का अर्थ यह है है कि हम अपने आप से ही दूर होते जा रहे हैं। अपने मूलभूत संस्कारों से दूरी बनाना भला कहां की समझदारी है। फैशन के नाम पर यदि हमें अपने आप और अपनों से दूरी बनाने पड़े तो इससे दुखद और कुछ नहीं हो सकता अक्सर देखने को मिलता है कि चीज़ों का फैशन हर छोटे अंतराल के बाद बदल जाता है। पुरानी चीजों का स्थान एक अवधि के बाद नई चीजें लेने लगती हैं। फैशन के नाम पर यदि हम भी इसी प्रकार अपने को थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद बदलते रहे, तो वह दिन दूर नहीं जब हम स्वयं ही यह भूल जाएंगे कि वस्तुत: हम हैं कौन, हमारा असली अस्तित्व क्या है। यहां मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि फैशन करना गलत नहीं है। समय के अनुसार चलना ही समझदारी कहलाती है और जो व्यक्ति समय के अनुसार नहीं चलता वह पिछड़ जाता है, यह भी सत्य है। परंतु, फैशन के नाम पर हमें क्या खरीदना है क्या नहीं, क्या अपनाना है क्या नहीं, इसकी समझ भी बहुत मायने रखती है। दूसरों के महलों को देखकर अपनी झोपड़ी में आग लगाना कतई सही नहीं है। समाज में विभिन्न प्रकार के वर्गों के लोग रहते हैं, परंतु सभी का आर्थिक स्तर तो एक जैसा नहीं हो सकता। इसलिए हमें सदैव उतने ही पैर पसारने चाहिएं जितनी हमारी चादर हो। कहने का मतलब यह है कि हमें अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण करना आना चाहिए। अपने मस्तिष्क में एक बात हमें बिठा लेनी चाहिए कि बाहरी सुंदरता कभी भी आंतरिक सुंदरता की बराबरी नहीं कर सकती। फैशन अपनाकर निसंदेह आप स्वयं को बाहरी तरीके से बहुत सुंदर बना सकते हैं। किंतु यदि आंतरिक सुंदरता का अभाव है तो बहुत जल्द वह बाहरी सुंदरता भी आपके आस पास के सभी लोगों को अखरने लगती है। अपने रीति-रिवाजों, परंपराओं, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को महत्व देते हुए ही हमें समय के अनुसार आगे बढ़ना चाहिए। ये संस्कार तो हमारी धरोहर होते हैं, हमारी पहचान होते हैं, हमारी शान होते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि खुद को आधुनिक दिखाने की चाह में हम यह कदाचित नहीं भूल सकते कि हमारी संस्कृति अत्यधिक समृद्ध एवं पुरातन है। अपनी सांस्कृतिक विरासत को हमें अपने साथ लेकर चलना होगा। साथ ही साथ आगे आने वाली अपनी पीढ़ियों को भी इस विरासत को सौंपना होगा, उन्हें इसका सांस्कृतिक महत्व समझाना होगा ताकि वे भी इसे अमूल्य पूंजी समझकर सदैव संजो कर रखें और समय आने पर नेक्स्ट जेनरेशन को सादर प्रेषित करें। भारत की तो संस्कृति ही सादा जीवन उच्च विचार वाली रही है। बाह्य आडंबर, चकाचौंध, ढोंग और दिखावे से दूर हमारी संस्कृति की विश्व में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान है, इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता। अपनी संस्कृति को हमें बिल्कुल वैसे ही हीरे की तरह तराशना होगा जिस प्रकार हमारे पूर्वजों ने इसे तराशा कर समृद्ध बनाया और सुरक्षित तरीके से हम तक पहुंचाया। संस्कारों को भूलकर कभी भी किसी भी प्रकार के फैशन की वकालत नहीं की जा सकती। संस्कारों ने हमें सदियों से बांधकर रखा है। रोज बदलते फैशन के वशीभूत होकर हमें अपने संस्कारों को कदापि नहीं भूलना चाहिए और अपनी संस्कृति और सभ्यता का मान और सम्मान सदैव बनाए रखना चाहिए। *************











