top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • अच्छाई की जीत

    विभा गुप्ता "अंशुल बेटे...पापा से पूछ...चाय बना दूँ।" "अंशुल...अपनी मम्मी को बोल दे...नहीं पीनी है चाय मुझे.....।" "अंशुल...पूछ अपने पापा से कि होलिका...।" "बस करो मम्मा....।" आठ वर्षीय अंशुल एकाएक चीख पड़ा। आकाश और नमिता का इकलौता बेटा था अंशुल। दूसरी कक्षा में पढ़ता था। उसकी जब भी अपने मित्रों से लड़ाई हो जाती तो वह घर आकर मुँह फुलाकर बैठ जाता था। तब नमिता उसे अपने अंग में लेकर प्यार-से समझाती कि बेटे... झगड़ा करना तो बहुत बुरी बात है। किसी मित्र ने कुछ कह दिया हो तो उसे इग्नोर करके हाथ मिला लेना चाहिए और तुमने कुछ गलत कह दिया हो तो सॉरी बोलकर फिर से उसे दोस्त बना लो। इस तरह से नाराज़ होना और मुँह फुलाकर बैठ जाना तो अच्छी बात नहीं है। तब अंशुल अपनी मम्मी की बात मानकर अपने मित्रों से फिर से दोस्ती कर लेता था। होली से एक दिन पहले आकाश और नमिता में किसी बात पर अनबन हो गई और दोनों ने आपस में बातचीत बंद कर दी। एक-दूसरे को कोई भी बात कहने के लिए दोनों अंशुल का सहारा ले रहें थें। अब अंशुल बेचारा अपने मम्मी-पापा के बीच एक पेंडुलम बन गया था। शाम को होलिका-दहन के लिये जाना था तो नमिता बेटे से कह रही थी कि पापा से पूछो कि होलिका-दहन के लिये कब जाना है..लेकिन उसकी बात अधूरी रह गई क्योंकि अंशुल इस पूछा-पूछी से झुंझलाकर चीख पड़ा था। बेटे की चीख सुनकर दोनों घबरा गये और एक साथ बोल पड़े, "क्या हुआ अंशुल बेटे?" तब अंशुल अपनी मम्मी के गले में अपनी बाँहें डालते हुए बोला, "मम्मा...आप तो कहती हैं कि झगड़ा करना गंदी बात है। याद है...लास्ट ईयर होली के दिन जब मैंने मनु से कट्टी कर लिया था तब आपने कहा था कि होली तो गले मिलने का फेस्टिवल है। होलिका-दहन में अपना गुस्सा और जेलेस (ईर्ष्या) का दहन कर देना चाहिए और आपने यह भी बताया था कि होली फेस्टिवल तो बुराई पर अच्छाई की जीत है...तो फिर आप पापा से....।" "नहीं-नहीं बेटे...हम कोई झगड़ा नहीं कर रहे थे। तुम्हारी मम्मा ने बिल्कुल सही कहा है कि हमें क्रोध-कट्टी कभी नहीं करनी चाहिए। चलो...अब तुम जल्दी-से तैयार हो जाओ..।" आकाश ने तुरंत बात संभालते हुए अंशुल से कहा। "ओके पापा...।" कहकर अंशुल कपड़े बदलने अपने कमरे में चला गया। आकाश और नमिता ने एक-दूसरे को सॉरी कहा और फिर तीनों होलिका-दहन वाली जगह पर चले गये। तीनों ने एक साथ पूजा किया तथा आकाश-नमिता ने अपने अहंकार की आहुति देते हुए प्रॉमिस किया कि अब कभी भी लड़ाई नहीं करेंगे...एक-दूसरे का सम्मान करेंगे। *******

  • नगर वधू का उद्धार

    शीतला प्रसाद द्विवेदी   एक वैश्या थी। उसके मन में विचार आया कि मेरा कल्याण कैसे हो? अपने कल्याण के लिए वह साधुओं के पास गई, उन्होंने कहा कि तुम साधुओं का संग करो, साधु त्यागी होते हैं, इसलिए उनकी सेवा करो तो कल्याण होगा। फिर वह ब्राह्मणों के पास गई तो, उन्होंने कहा कि साधु तो बनावटी हैं, पर हम जन्म से ब्राह्मण हैं। ब्राह्मण सबका गुरु होता है। अतः तुम ब्राह्मणों की सेवा करोगी तो कल्याण होगा। इसके बाद वह सन्यासियों के पास गई तो उन्होंने कहा कि सन्यासी सब वर्णों का गुरु होता है। इसलिए उनकी सेवा करने से कल्याण होगा। फिर वह वैरागियों के पास गई तो उन्होंने कहा कि वैरागी सबसे तेज होता है अतः उनकी सेवा करो तो कल्याण होगा। फिर वह अलग-अलग संप्रदायों के गुरुओं के पास गई तो, उन्होंने कहा कि हम सबसे ऊंचे हैं शेष सब पाखंडी हैं। तुम हमारी चेली बन जाओ। हमारे से मंत्र ले लो तब हम वह बात बताएँगे जिससे तुम्हारा कल्याण हो जाएगा। इस प्रकार वह वेश्या जहाँ भी गई, वही उसको, अपने-अपने वर्ण, आश्रम, मत, संप्रदाय आदि का पक्षपात दिखाई दिया। यह देखकर उसके मन में आया कि अब तत्व समझ में आ गया, युक्ति हाथ लग गई, साधु कहते हैं कि साधुओं को पूजो, ब्राह्मण कहते हैं कि ब्राह्मणों को पूजो, तो हम क्यों न वेश्याओं को पूजें? ऐसा सोचकर उसने वेश्या भोज करने का विचार किया। उसने सब वेश्याओं को निमंत्रण दिया, निश्चित समय पर सब वेश्याएं वहाँ आने लगीं। उस गांव के बाहर एक विरक्त त्यागी सन्त रहते थे। उन्होंने देखा तो विचार किया कि आज क्या बात है? जब उनको मालूम हुआ कि आज वेश्या भोज हो रहा है। तो वह वेश्या को क्रियात्मक शिक्षा देने के लिए वहाँ पहुँच गए। रसोई बन रही थी, रसोई बनाने वाले ने पके हुए चावल का पानी नाली में गिराया। वैश्या अपनी छत पर खड़ी होकर जिधर देख रही थी उधर बाबाजी बैठ गए और उस मांड से हाथ धोने लगे। वैश्या ने देखा तो बोली कि बाबा जी, यह क्या कर रहे हो? बाबाजी ने कहा कि तू अन्धी है क्या? तेरे को दिखाई नहीं देता, मैं तो अपने हाथ धो रहा हूँ। वैश्या ने बाबाजी को ऐसा करने से रोका तो वे माने नहीं। वेश्या उतरकर नीचे आई और बोली कि बाबा जी, यह चावलों का पानी है, इससे तो हाथ और मैले होंगे। आप साफ पानी से हाथ धोओ। बाबा जी ने कहा कि अगर इससे हाथ मैले हो जाएँगे तो क्या वैश्याऐं ज्यादा साफ, निर्मल, हैं? जिससे इनकी सेवा से कल्याण हो जाएगा? हाथ मैले पानी से साफ होते हैं या साफ पानी से? यह सुनकर वेश्या को होश आया कि बाबा जी बात तो ठीक कहते हैं। तो फिर बाबा कल्याण कैसे होगा? बाबा जी बोले, "जिस सन्त में किसी भी मत, संप्रदाय आदि का पक्षपात, आग्रह न हो, जिसके आचरण शुद्ध हो। जिसके भीतर एक ही भाव हो कि, जीव का कल्याण कैसे हो। जिसमें किसी प्रकार की कामना ना हो, वह सन्त चाहे स्त्री हो या पुरुष, साधु हो या ब्राह्मण, किसी भी वर्ण, आश्रम, संप्रदाय, आदि का क्यों न हो, उस सन्त का संग करो, उनकी बातें सुनो, तो कल्याण होगा।" तात्पर्य यह हुआ कि जहाँ स्वार्थ और अभिमान होगा, भोग और संग्रह की इच्छा होगी। वहाँ आसुरी संपत्ति आएगी ही। जहाँ आसुरी संपत्ति आएगी वहाँ शांति नहीं रहेगी, प्रत्युत अशांति होगी, संघर्ष होगा, पतन होगा। ******

  • अमर सुहागन

    जगदीश तोमर शा..लू शा...लू आवाज लगाती हुई मौसी बालकनी में आई बोली "अरे बेटा शालू! यहां बालकनी में क्या कर रही हो? शालू "मौसी, ये आंटी कौन हैं, जब से आई हूँ देख रही हूँ। ये रोजाना इस वक्त बाहर जाती हैं। कोई जॉब करती है क्या? बालकनी से झांकते हुए मौसी "अच्छा अच्छा, ये मालिनी आंटी है। कोई जॉब नहीं करती रोजाना इस वक्त दफ्तर जाती हैं अपने पति के बारे में मालूम करने। शालू "पति के बारे में मालूम करने। क्यों मौसी?”  मौसी "बेटा उनके पति फौज में फौजी थे। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर उनकी ड्यूटी थी। सालों पहले लापता हुए उसके बाद आज तक उनकी कोई खबर नहीं। पता नहीं जिंदा भी हैं या मर गए।”  शालू “हो सकता है, मौसी इतने साल हो गए तो अब वे जिंदा भी ना हो।”  मौसी “बेटा, लेकिन यह बात मालिनी आंटी कभी नहीं मानती। वे इस बात से नाराज हो जाती हैं, कहती हैं कोई सबूत है तो बताओ। फौजी के अफसर भी कुछ बता नहीं पाते। इन्हें अरसा हो गया इसी तरह पूछताछ करते हुए। एक दिन हमें पार्क में मिली तो बातों बातों में हमने पूछा अब आपके पति मिले तो आप कैसे पहचान पाओगे। हंसते हुए बोली थी इतने सालों बाद मैं तो पहचान लूंगी। अब उनके काले घुंघराले बाल सफेद हो गए होंगे। फौजी की मूंछ भी सफेद होगी लेकिन एकदम कड़क चाल होगी। उनका चेहरा मेरे ससुर की कॉपी था। मुझे तो पहचानने में कोई दिक्कत ना होगी। एक साँस भर बोली वह मुझे नहीं पहचान पाएंगे शायद मेरा रंग पहले से काला और चेहरे पर चश्मा चढ़ गया है, मेरी काली काली बालों की लटे अब सफेद हो चुकी हैं। मेरी ये बड़ी सी लाल बिंदी और कमर तक लंबे बाल उन्हें बहुत पसंद थे। कहते-कहते उस दिन वे बहुत रोई थी लेकिन कुछ ही क्षण में अपने आंसू पोंछ खुद ही बोली की फौजी की पत्नी को आंसू बहाना शोभा नहीं देता। एक न एक दिन यह खबर जरूर आएगी कि वह जिंदा हैं और जल्द ही भारत आने वाले हैं। फिर वह धीरे-धीरे भारी कदमों से अपने घर चली गई। हम नम आंखों से उन्हें देखते रह गए।”  बेटा शालू, हमारे उन फौजियों की पत्नियाँ जिनके लौटने की कोई खबर नहीं वे अमर सुहागन हैं। वह अपने पति की यादों के सहारे ही जीवन गुजार लेती हैं। मालिनी आंटी 30 वर्ष की थी जब उनके पति लापता हुए। उसके बाद से इनके दिन सरकार और दफ्तरों के चक्कर लगाते ही गुजरे, लेकिन इन्हें आज भी इंतजार है। शालू “सच मौसी हमें फौजियों के साथ उनके परिवार के बलिदान को नहीं भूलना चाहिए।” शालू की आंखें भी उन अमर सुहागिनों को नमन करने लगी। ******

  • एक दिन की छुट्टी

    निर्मला कुमारी शादी के बाद पहली बार ससुराल वो एक दिन की छुट्टी ले कर उससे मिलने आया था। आते वक़्त पहली बस छूट गई थी तो रात आठ के बदले सवा दस बजे पहुँचा। दामाद पहली बार घर आए तो खाना गरम ही परोसा जाना था। अम्माँ ने खीर साँझ में ही बना लिया पूरी सिर्फ़ खाते वक़्त तला जाना था। पूरी तलने और खाते-पीते आधी रात बीत गयी। फिर सालियाँ और साले घेरे बैठे, पटना शहर के बारे में अंतरंगी सवाल पूछते रहें। वो भी बिना चिढ़े और उकताए प्यार से सब बता रहा था। मगर नज़रें अपनी दुल्हन के अलता लगे पाँव तो कभी सुर्ख़ लाल चूड़ियों तो पाज़ेब से जा उलझ रही थी। अम्माँ ने नीचे से कोई रात के दो बजे हार कर आवाज़ लगाई तब सब नीचे उतरने लगे मगर वो रुक गया और उसको भी इशारे में रोक लिया। अब चारपाई पर उसकी गोद में लेटे हुए वो अपनी नौकरी की व्यस्तताएँ बता रहा था और वो चुपचाप सुन रही थी। "तुम बोलोगी नहीं कुछ! कहो न कुछ!" इसने इसरार किया मगर अब भी वो ख़ामोश ही रही। उसकी हथेली को चूम कर अपने गाल पर रख और उसकी गर्दन को अपनी तरफ़ हल्का झुकाया, "अरे तुम रो रही हो? क्यूँ रो रही हो? बाप रे इत्ता दुःखी किया मैंने तुम्हें!" "नहीं!" "हाँ!" "नहीं, बस आप वहाँ जाकर भूल जाते हैं। न हम को फ़ोन करते हैं न कुछ" बोलते हुए फिर सुबकने लगी। "पगली हो तुम। समझो ज़रा मेरी व्यस्तओं को। सब मैं हम दोनों के लिए कर रहा। बस थोड़े पैसे इकट्ठा हो जाएँगे तो तुम्हें भी साथ लिए चलूँगा।" कहते हुए उसने उसके आँसू को होंठों से पोंछ दिया। पता नहीं फिर रात कैसे निकली और कैसे सुबह हो गयी। उसकी नींद खुली तो वो चारपाई पर अकेले था आस-पास कोई न था। दस बजे वाली बस पकड़नी थी तो जल्दी-जल्दी तैयार होने लगा। आलू के पराँठे और दही सासु माँ ने खिलाया। ससुर जी अपनी स्कूटर से बस स्टॉप छोड़ने के लिए जाने वाले थे। दरवाज़े पर साले-सालियों के साथ बग़ल की कुछ औरतें आ कर खड़ी हो गयी थी दामाद जी को देखने के लिए। किवाड़ का पल्ला पकड़े नम आँख लिए उसकी दुल्हन भी खड़ी थी। जी में आया कि जा कर उसको एक बार गले से लगा ले, उसका माथा चूम ले मगर ससुराल और बड़े-छोटों का लिहाज़ उसे ऐसा करने न दिया। एक हूक लिए नज़रों में उसे क़ैद करके ससुर जी के साथ स्कूटर पर बैठ वो निकल गया। मगर मन से मन ने वादा किया कि अगली बार वो अपनी स्कूटर ले कर आएगा और उसे अपने साथ पटना लिए जाएगा। *****

  • दीवाना

    दिनेश दुबे अभिषेक एक सुंदर नौजवान लड़का है। आज ऑफिस आते समय लॉबी में उसे एक सुंदर लड़की दिखाई देती है। वह देखते ही उसका दीवाना हो जाता है। वह उसे देखने के लिए रुकता है, तब तक उसे ऑफिस बॉय आवाज़ देता है, "सर गुड मॉर्निंग! वह मुड़कर उसे देखता है और कहता है,"गुड मार्निंग मोहन, सब ठीक है! उसने हां में सर हिला दिया। अभिषेक पलट कर देखता है, तब तक वो गायब हो जाती है। अभिषेक का मूड ऑफ होता है, पर वह किसको दोष दे। अब बॉस को देखकर गुड मॉर्निंग ना बोले तो भी बुरा और उसको जवाब नही दे वो भी अच्छा नहीं होता है। वह खुद को कोसते हुए लिफ्ट में जाता है। वह जाकर अपने केबिन में बैठकर कंप्यूटर ऑन करता है। उसी समय उसके बॉस का फोन आता है। वह अपने केबिन में बुलाता है। उसकी यह सॉफ्टवेयर की कंपनी है। यह कई बड़ी कंपनी को सर्विस देते हैं। उसके बॉस सुंदर साहू ने बहुत ही मेहनत से इस कंपनी को आगे बढ़ाया है। वह केबिन में इंटर करता है तो बॉस के सामने उसी लड़की को बैठी देखता है, तो जैसे उसके दिल में फ्रिज खुल जाता है। वह बॉस के सामने कुछ रिएक्ट नही कर पता है और चुप चाप खड़ा हो जाता है। सुंदर उसे देख कहता है, "अभिषेक ये है मेरी बेटी निकिता कल ही देहरादून से आई है, वहां दून कॉलेज में पढ़ती थी। मैंने कभी तुम लोगों से ये बात शेयर नही की, पर अब ये यही रहेगी, और हमारी कंपनी को सम्हालेगी। मैं चाहता हूं कुछ दिन ये मुंबई शहर घूम ले ताकि कहीं भी आने जाने में प्रोब्लम ना हो, तो मैने सोचा इसे घुमाने का काम तुम करो। अंधा क्या मांगे दो आंखे, यहां तो बिन मांगे सब कुछ मिल गया। वह खुश होकर कहता है “इट्स माय प्लेजर सर, आप जब चाहें मैं हाज़िर हूं।” सुंदर अपनी बेटी निकिता से अभिषेक का इंट्रो करवाता है। अभिषेक को रात भर नींद नहीं आती है। वह तो निकिता की याद में खोया रहता है। सुबह एक घंटे पहले ही उसके घर के नीचे आकर खड़ा हो जाता है। थोड़ी देर में वह भी नीचे आ जाती है। वह उसे खड़े देख खुश होकर गुड मॉर्निग बोलती है, तो वह भी खुश होकर गुड मॉर्निंग बोलता है। ड्राइवर गाड़ी लाता है दोनों कार में बैठते हैं, और शहर घूमने निकल पड़ते हैं। अभिषेक को बिन मांगी मुराद मिल गई। तीन दिन में पूरे मुबई घूमने के बाद चौथे दिन वह ऑफिस आता है तो सुंदर बहुत ही खुश होकर मिलता है, और कहता है "निकिता तुम्हारी बहुत तारीफ़ कर रही थी, she is very happy!” अभिषेक की निगाहे निकिता को ढूंढ रही थी। तीन दिनों में वह उसके दिल में बुरी तरह से बस गई थी। वह तीन दिन सिर्फ उसको निहारता ही रहा है। एक बार तो उसने हंस कर कह भी दिया, इतना मत देखो नजर लग जायेगी, और जोर से हंस दी। इस पर तो वह डर गया, कि अगर बॉस को कंप्लेंट कर दी तो क्या होगा। पर उसने कुछ कहा नहीं। आज वह अभी तक आई नही थी। वह सुंदर के पास एक फाइल ले कर जाता है और फाइल साइन कराते हुए उनसे निकिता के बारे में पूछता है। वह कहते हैं, "वह बॉम्बे हॉस्पिटल गई है।” अभिषेक चौक कर पूछता है, "सॉरी सर,! हॉस्पिटल क्यों? सुंदर उसे देखता है और अपने चेयर से उठता है और अभिषेक से कहता है, "उसकी दोनों किडनी फेल हो चुकी हैं, और वह अपना रूटीन चेकअप के लिए गई है।” अभिषेक चौकता है उसके तो दिल पर तो जैसे हथौड़े चलने लगता है उसके सपने चूर चूर होने लगे। वह सुंदर से कहता है "उसे प्रोब्लम है तो अकेले क्यों गई आप साथ चले गए होते।" वह कहते हैं, "निकिता किसी को परेशान नही करना चाहती है, उसने तो मुझे भी मना किया है। वह नही चाहती है कि उसके वजह से किसी को परेशानी हो। अभिषेक बहुत दुखी होता है। जिंदगी में पहली बार किसी लड़की पर दिल भी आया तो वह भी ऐसी निकली। उसकी जिंदगी भी ऐसे ही है, पिता तो बचपन में ही चले गए थे। उसकी मां अभी 6 महीने पहले ही उसे अकेला छोड़ कर चली गई थी। बड़ी मुश्किल से अपने आप को सम्हाल पाया था। उसे अपनी किस्मत से चिढ़ सी होने लगी थी, वह अपने काम में व्यस्त हो जाता है। दोपहर के बाद निकिता ऑफिस में आती है तो अभिषेक बहुत खुश होता है। वह उसके पास जाकर कहता है। "हैलो निकिता जी, हाउ आर यू!” निकिता मुस्कराकर कहती है, "मस्त हूं, और अपनी सुनाओ? अभिषेक भी कहता है, "मैं तो एकदम बढ़िया हूं।” तभी सुंदर बाहर निकल कर आता है, और निकिता से पूछता है। "कब आई बेटी, आओ अंदर बैठ जाओ।” वह अभिषेक को भी आने के लिए कहता है, तीनो केबिन में बैठते है, सुंदर निकिता से पूछता है, "क्या हुआ, डॉक्टर ने क्या कहा।" वह कहती है, "पापा डॉक्टर ने कहा या तो किडनी बदल दो या फिर कुछ दिनों की मेहमान हो, अब कुछ नही हो सकता पापा। " अभिषेक कहता है "सर किडनी तो कोई भी दे सकता है।" सुंदर कहता है "उसे तो ब्लड कैंसर है तो वह दे नही सकता। इसकी मां तो है नही, अब कौन देगा और सबसे बड़ी बात ये है कि मेरे पास पैसे भी नहीं हैं। या तो मैं अपना घर बेचू, अब कुछ नही होगा तो घर बेचना ही होगा। तुम तो जानते ही हो यहां बिजनेस का क्या हाल है। सबकी सैलरी देने भर का ही काम हो पा रहा है। नाम बड़े और दर्शन छोटे हैं। दिखाने के और खाने के दांत अलग अलग है।” अभिषेक पूरी रात करवट बदलता रहा, उसे नींद ही नहीं आ रही थी। बार-बार निकिता का प्यारा चेहरा उसकी नजरों के आगे घूम रहा था। सुबह ऑफिस जाने पर वह सुंदर के केबिन में जाता है। सुंदर उसे देख चौकता है। वह कहता है, "सॉरी सर, मैने डिस्टर्ब किया बट मुझे कुछ अर्जेंट बात करनी है।" सुंदर उसे देखता है, और कहता है "अरे, इसमें सॉरी की क्या बात है, बोलो क्या हुआ?” वह कहता है "सर मैने सोचा है कि निकिता को एक किडनी मैं दे दूं, और आपको घर बेचने की जरूरत नहीं है। मेरे मॉम का इंश्योरेंस पॉलिसी का पैसा करीब 40 लाख मेरे पास है, सब मैनेज हो जायेगा।" सुंदर कहते हैं, "अरे नही, वो मेरा हेडक है, तुम परेशान मत हो।" अभिषेक कहता है, "सर आप बुरा मत मानिए, मैंने जब पहले दिन निकिता को देखा तो मुझे उस से प्यार हो गया, और मैं उसे हर हाल में अपनाना चाहता हूं। प्लीज मुझे निराश मत करिए मुझे अपनी जान भी देनी पड़ी तो दे दुंगा।" सुंदर मुस्कुराता है और कहता है "चार दिनों में इतने बड़े दीवाने हो गए कि अपना सब कुछ देने को तैयार हो गए।” वह कहता है "सर प्यार तो एक पल में होता है, अब हो गया तो हो गया।” सुंदर कहता है "एक बार सोच लो, सारी जिंदगी की बात है।” वह कहता है "सर उसके बिना तो वैसे भी जिंदगी बेकार ही होगी तो हम दोनों एक एक किडनी से जितने दिन जिएंगे अच्छे से जिएंगे।" सुंदर मुस्कुराता है और कहता है "ठीक है सुबह घर आ जाना हम हॉस्पिटल चल कर चेक अप करवा लेंगे।” दूसरे दिन सुबह अभिषेक, सुंदर के घर का बेल बजाता है। सुंदर डोर खोलता है, उसे देख मुस्कराकर अंदर आने को कहता है। वह अंदर आता है, घर बहुत ही सुंदर तरीके से सजा है। सुंदर उसे बैठने को कहता है। थोड़ी देर में निकिता सज धज कर बाहर आती है। वह बहुत ही सुंदर लग रही थी। अभिषेक के दिल की धड़कन तेज होती है, वह उसे देख मुस्कराई और उसे हग करती है। सुंदर अभिषेक से कहता है, "अभिषेक निकिता तुम्हारे साथ एक वीक और घूमना चाहती है।" अभिषेक चौकता है, और कहता है, "आज चेक अप कर लेते है फिर ले जाऊंगा घूमने।" सुंदर कहता है, "अभिषेक तुम्हारी मां मरने से पहले मेरे पास आकर बोली थी कि मेरे बाद इसका कोई नही है। तुम इसका ख्याल रखना, तभी से मैं तुम पर नजर रखे था। फिर मुझे अपनी बेटी के लिए लड़का ढूढना था तो उसने कहा वो अपने तरीके से लड़के को चेक करेगी। मैंने तुम्हारे बारे में बताया क्योंकि तुम्हारी भी जिम्मेदारी निभानी थी, तो तुम निकिता के एग्जाम में पास हो गए, और तुम्हारी किडनी और पैसे दोनो बच गए और तुम कंपनी के मालिक भी बन गए।” अभिषेक को इतनी खुशियां एक साथ बर्दास्त नही होती है उसकी आंखो में आंसू आते है, निकिता उसे गले लगाती है, सुंदर भी उसे गले लगाता है। *****

  • कुदरत का चमत्कार

    हरभजन सिंह विभाजन के पहले भारत और आज के पाकिस्तान में नदी किनारे बसा एक गाँव था ‘बसाल’। मेरी दादी उसी गाँव की थीं। गाँव में रहता था एक पंजाबी दंपत्ति, कुंदन लाल और संतोष, जिसे सब तोशी के नाम से बुलाते थे। पति-पत्नी दोनों संतोषी जीव, निहायत ही भोले, सरल स्वभाव एवं शान्त और धार्मिक प्रवत्ति के थे। छल-कपट तो जैसे उनको छू भी नहीं गया था। कुंदन गाँव के किनारे एक छोटी सी पंसारी की दुकान चलाता था। उनका एक पांच साल का इकलौता पुत्र चंद्रभान जिसे प्यार से चंदर के नाम से बुलाते थे। एक दिन की बात है, सारे गाँव में खबर फैल गई कि गाँव के बाहर विशाल वट वृक्ष के नीचे महंत बाबा ईश्वर दास और उनके साधुओं ने डेरा डाला है। उस शांत गाँव में उत्साह की लहर दौड़ गई। बच्चे डेरे की तरफ सरपट भागे। खेतों में काम कर रहे युवक और घरों से बुज़ुर्ग लाठी टेकते-टेकते उत्सुकता से साधुओं के डेरे की तरफ चल दिये। उस डेरे में नौजवान से लेकर सफेद दाढ़ी वाले करीब पंद्रह से बीस साधु थे, कुछ के तो अभी दाढ़ी मूछें भी नहीं फूटी थीं। डेरे के साथ ज़रूरी समान लादने के लिए तीन घोड़े और दो गाय और कुछ बकरियां भी शामिल थीं। झक सफेद दाढ़ी और सर पर बिना पगड़ी के छोटा सा जूड़ा बांधे तेजस्वी मुख्य महंत ईशर दास डेरे के साधुओं को दिशा निर्देश देने में लगे थे। नौजवान साधु उत्सुक तमाशबीनों की भीड़ पर बिना ध्यान दिये घोड़ों पर लदे तंबू उतारकर ज़मीन में गाढ़ने में लगे थे। बाबा संतराम धूनी रमाने के लिए गीली मिट्टी का गारा तैयार करने में लगे थे। अगले दिन से धूनी रमा दी गई, आस पास के गांव से भी लोग आने लगे, गाँव की रौनक़ बढ़ गई। गाँव के और लोगों की तरह कुंदन और तोशी भी अपने पुत्र चंदर को लेकर नियमित रूप से हर रोज़ सुबह डेरे पर जाने लगे। नन्हा चंदर हर रोज़ डेरे पर जाने के नाम से उत्साह से भर जाता, कुछ ही दिनों में चंदर डेरे के सभी साधुओं में प्रिय हो गया। उनके साथ खेलता कूदता, नवयुवक साधु उसे अक्सर घोड़े की सवारी भी करवाते। अक्सर उसकी माँ तोशी, चंदर को दिन भर के लिए डेरे पर छोड़ देती। शाम को कुंदन अपनी दुकान बंद करने के बाद डेरे पर जाता। मुख्य महंत ईश्वर दास के पास बैठ कर उनका प्रवचन सुनता और शाम ढलने पर चंदर को लेकर घर आता। कुछ ही दिनों में कुंदन का छोटा सा परिवार बाबाजी का पक्का भक्त बन गया। बाबाजी की हर आज्ञा सर माथे पर चढ़ाई जाने लगी। कुंदन के होठों पर सिर्फ तीन अल्फ़ाज़ रहते थे “जो हुक्म बाबाजी”। दोनों पति-पत्नी तन मन से डेरे के साधुओं की सेवा करते। इसी तरह क़रीब एक महीना बीत गया। हर रोज़ की तरह कुंदन, अपनी दुकान जाते हुए बेटे चंदर को साथ लेकर बाबाजी के डेरे पर दर्शन के लिए पहुँचा… लेकिन ये क्या??? बाबाजी अपना डेरा उखाड़ कर कहीं और जाने की तैयारी कर रहे थे। इस अचानक विदाई से कुंदन स्तब्ध रह गया। क्या बात है बाबाजी? बिना कुछ बताए आपने जाने की तैयारी भी कर ली। कुंदन ने हैरानी से पूछा। बस बेटा…इस गाँव में हमारा दाना पानी पूरा हुआ, अब चलते हैं। अब कौन से गाँव जाने की तैयारी है बाबाजी? कुछ पता नहीं बच्चा। हम तो घुमक्कड़ साधू हैं। जहाँ मन लगा वहीं तंबू गाढ़ कर धूनी रमा देंगे। इतने में कुंदन ने देखा कि नन्हा चंदर एक नौजवान साधू के साथ घोड़े पर बैठा है। लाख मनाने के बाद भी वह घोड़े से उतरने को तैयार नहीं हुआ। ज़िद पर अड़ गया कि मैं भी बाबाजी के साथ जाऊंगा। इतने में महंत ईश्वर दास कुंदन के पास आये और बोले। कुंदन लाल, प्रभु का इशारा समझ रहे हो? भोला भाला कुंदन कुछ समझा नहीं, सिर्फ हाथ जोड़ कर खड़ा रहा। महंत ईश्वर दास आगे बोले चंदर परमात्मा की सेवा के लिए बना है, मेरी मान, उसे परमात्मा के चरणों में अर्पित कर दे। तेरे तो सात जन्म सुधर जाएंगे, इतना कहते हुए बाबा ने कुंदन के जोड़े हुए हाथ अपने हाथों में ले लिए… बोल क्या कहता है कुंदन लाल? बाबा की बातों के सम्मोहन में बंधे कुंदन के मुँह से निकल गया “जो हुकुम बाबाजी”  इतना सुन सारे साधुओं ने एक स्वर में कुंदन लाल, महंत ईशर दास और भोले नाथ की जयजयकार कर दी। कुंदन इस अचानक हुए घटनाक्रम से हतप्रभ रह गया। थोड़े बहुत गाँव वाले जो वहाँ जमा थे, आश्चर्य से कुंदन लाल के चेहरे की तरफ देखने लगे। तुरंत ही साधुओं का काफिला अनजानी राह पर निकल पड़ा। नन्हें चंदर को अभी भी अहसास नहीं था कि उसके जीवन की धारा बदलने का निर्णय हो चुका है। वह तो घोड़े पर सवारी के आनंद से अभी उबर ही नहीं पाया था। काफिला आंखों से ओझल होते ही गाँव वालों ने कुंदन को घेर लिया। अरे कुंदन, ये तूने क्या किया? कुंदन तो जैसे पत्थर हो गया था, उसे समझ नहीं आया कि उसने ये क्या कर दिया। अचानक उसकी आँखों से आंसुओं की धार बह निकली। कुछ देर बाद गुमसुम बैठने के बाद उसी हालत में वह अपनी दुकान की तरफ चल दिया। दिन भर में कई ग्राहक आये पर उसके गुमसुम चेहरे से कोई जवाब न पाकर वापस लौट गए। सूरज ढलने से पहले ही कुंदन ने दुकान बंद की और घर की तरफ चला। तोशी को क्या जवाब देगा? कि उसका चंदर कहाँ गया? अब जाकर भोले कुंदन को अपने निर्णय की गंभीरता का अहसास हुआ। गाँव के लोगों में से किसी ने तोशी को यह ख़बर बताने की हिम्मत नहीं की। कुंदन शाम को आया तो सब अपने घरों से झांक कर देखने लगे कि अब क्या होगा? कुंदन भारी क़दमों से घर मे दाख़िल हुआ। तोशी ने तुरंत पूछा, चंदर को फिर डेरे पर ही छोड़ आये क्या? कुंदन से कुछ जवाब देते न बना, पास ही पड़ी चारपाई पर कुंदन निढाल होकर गिर पड़ा। तोशी ने घबराई आवाज़ में पूछा, क्या हुआ जी सब खैरियत तो है ना? चंदर कहाँ है? चंदर को तो बाबाजी के चरणों में अर्पण कर आया। कुंदन ने बिना किसी लाग लपेट और बिना कोई भूमिका बाँधे सीधा जवाब दिया। खिडक़ी और आस पड़ोस से झाँकते चेहरों को देख तोशी को मामले की गंभीरता समझते देर न लगी। बिना एक पल गंवाए वो नंगे पैर डेरे की तरफ भागी, कुछ गाँव वाले पीछे दौड़े। दीवानों की तरह बदहवास दौड़ी चली जा रही तोशी की साँस फूल गई, होंठ सूख गए। डेरे का दृश्य देख कर तोशी निराश और निढाल सी गिर पड़ी, डेरे की जगह अब सन्नाटा था। धूनी की राख से मामूली धुआँ अब भी उठ रहा था, यहाँ वहाँ खुदे गड्ढ़ों और और इक्का दुक्का गेरुआ कपड़े के टुकड़ों और घोड़ों की बिखरी लीद के सिवा कुछ भी न था। उसने फिर भी हिम्मत नहीं हारी और गाँव के बाहर की तरफ भागी। इतने में उसके पड़ौसी किशन ने आवाज़ लगाई, ओ तोशी…। डेरा तो सुबह ही उठ गया, अब कहाँ जा रही है। तोशी, एक लाश की तरह गिरी और बेहोश हो गई। उधर चंदर दो तीन दिन बाद ही माँ बाप के लिए बेचैन हो गया। डेरे के साधुओं ने उसे तरह तरह से खुश रखने की कोशिश की, लेकिन तितलियों जैसा चंचल चंदर ऐसा उदास हुआ कि दोबारा उसके चेहरे पर हंसी न आई। उस नादान को अहसास न था कि उसके वापस जाने के सारे रास्ते बंद हो चुके थे। वक़्त के साथ साथ डेरा भी मीलों आगे निकल आया था। इधर तोशी बेटे के वियोग में अर्ध पागल जैसी हो गई। घर के काम करती लेकिन सारा दिन अपने आप से बड़बड़ाती रहती। किसी से बात न करती थी, कुंदन भी तोशी को देख गहरे दुःख में डूबा रहता। सीधे सादे दंपत्ति का सादा और सुंदर जीवन एक दुःखद गाथा में बदल चुका था, और तोशी…? धीरे-धीरे सारे गाँव में कमली तोशी (पगली तोशी) के नाम से जानी जाने लगी। कुंदन अक्सर रात के अंधेरे में चारपाई पर लेटे-लेटे अनजाने में हुई भूल को सोचकर आँसू बहाया करता था। तोशी की हालत उससे देखी न जाती थी। वक़्त गुज़रता गया, इसी तरह चौदह साल बीत गए। चन्दर अब बाबा सुखदेव हो चुका था। लंबा और बलिष्ठ गबरू जवान मगर धीर गंभीर साधू बन चुका था। डेरे के बाकी साधुओं के साथ हँसी ठिठोली में शामिल नहीं होता था। भिक्षा पर निकलता तब भी किसी के द्वार पर पुकार नहीं लगाता था। कोई बाहर आकर कुछ दे जाए तो ठीक, वरना अगले द्वार पर चल पड़ता। एक दिन काफिले के साथ चलते चलते चन्दर यानी बाबा सुखदेव के चेहरे पर एक अजीब सी चमक आ गई। ये जगह उसे जानी पहचानी लगी, डेरा अचानक उसी गाँव ‘बसाल’ में आकर रुका। वही छोटी सी नदी, वही वट का वृक्ष जो अब पहले से ज़्यादा फैल चुका था। उसी वट वृक्ष के नीचे डेरा डाल दिया गया। मुख्य महंत बाबा ईश्वर दास का देहान्त हो चुका था। बाबा संतराम अब नए मुख्य महंत थे। चन्दर ने सारी रात जागते गुज़ारी और सुबह होते ही बाबा संतराम की आज्ञा लेकर भिक्षा को निकल पड़ा। तेज़ और व्याकुल कदमों से चलते हुए सीधे अपने घर के सामने पहुँच गया। आंगन के पार तोशी पुरानी पंजाबी सलवार क़मीज़ पर एक मटमैला दुपट्टा ओढ़े झाड़ू बुहारी कर रही थी। कुंदन किसी काम से साथ वाले गाँव गया हुआ था। बाबा सुखदेव यानी चन्दर ने जीवन में पहली बार किसी द्वार पर भिक्षा के लिए लंबी पुकार लगाई… माई ई ई ई ई……। भिक्षा दे… बाबा की आवाज़ तोशी के कानों से टकराई। तोशी की जिस्म में अचानक एक झुरझुरी सी होकर गुज़री और ज़हन में एक बिजली सी चमकी आंखों में एक रौशनी से उसकी आंखें फैल गईं। इतने में बाबा ने फिर पुकारा। माई ई ई ई ई…।। भिक्षा दे माई… तोशी ने झाड़ू एक तरफ फेंका और पागलों की तरह चिल्लाती और दौड़ती बाहर की तरफ भागी… चन्दर…। तू आ गया, कहकर छः फ़ीट लंबे बाबा सुखदेव से छोटे कद की तोशी दीवानों की तरह लिपट गई। मेरा चन्दर आ गया, मेरा चन्दर आ गया। यह जानते हुए भी, कि तोशी उनकी जन्मदात्री माँ है, एक साधू की मर्यादा का मान रखते हुए उन्होंने उसे हाथ भी न लगाया। सिर्फ निःसहाय से अडिग खड़े कि कोई आये और इस स्त्री से उन्हें छुड़ाने में मदद करे। बाबा ने ऐसी विचित्र स्थिति की कल्पना नहीं की थी, कमंडल हाथ से छूट गया लेकिन बाबा अडिग खड़े रहे। लोक लज्जा के भय से भी तोशी को न हाथ लगाया न उससे छूटने की कोई कोशिश की। इधर तोशी थी जो बाबा से ऐसी लिपटी कि जैसे बरसाती बेल पेड़ से लिपटती है। छोड़ने को तैयार ही न थी। बाबा ने धीरे से कहा, माई तैनू भुल पई लगदी ए (माई तुझे शायद भूल हुई लगती है) मैं तेरा चन्दर नईं बाबा सुखदेव हाँ (मैं तेरा चन्दर नहीं, बाबा सुखदेव हूँ)। इतने में आस पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए और कुछ स्त्रियाँ तोशी को बाबा से छुड़ाने की कोशिश करने लगीं। मगर तोशी थी कि बाबा से जोंक की तरह लिपटी थी और चिल्लाए जा रही थी। मेरा चन्दर आ गया… मेरा चन्दर आ गया। एक स्त्री ने बाबा से याचना की मुद्रा में कहा- माफ करणा बाबा जी, जदों दा इसदा पुत्तर ग्या, ए कमली हो गई आ… (माफ करना बाबाजी जब से इसका बेटा गया तब से पागल हो गई है) बाबा ने फिर कहा - बिब्बी मैं तेरा पुत्त नईं गा, मैं ते डेरे तो आया संत हैगा… (मैं तेरा पुत्र नहीं, डेरे से आया संत हूँ)। अचानक तोशी का स्वर बदल गया, अब वो अचानक तोशी से एक माँ हो गई। अच्छा,  तू बड़ा संत हो गया है? बड़ा ज्ञानी हो गया है ना? तू भी सारे पिंड (गाँव) की तरह मुझे कमली समझता है? इसके बाद एक और विरल घटना घटी। अचानक एक संत का कवच तोड़कर उसमें से एक आम इंसान निकल आया। बाबा सुखदेव पिघल गए और उसमें से चन्दर प्रकट हो गया। हाँ बेब्बे हाँ…। मैं… तेरा चन्दर … हाँ हाँ …चंदरभान तेरा पुत्तर चंदरभान… इतना कहकर चन्दर के आंसुओं का बाँध फूट पड़ा, और बुरी तरह फफक पड़ा। उसने माँ को झुक कर गले से लगा लिया। चन्दर बार बार एक ही बात दोहरा रहा था। मिन्नू माफ कर दे बेब्बे, मैं तैन्नु बड़ा ई दुःख दित्ता… (मुझे माफ़ कर दे माँ, मैंने तुझे बहुत दुःख दिए ) मैं तैन्नु बड़ा दुख दित्ता बेब्बे… मिन्नू माफ कर दे। और तोशी बार बार उसके मुँह पर हाथ रख कर उसे ये कहने से रोक रही थी। आंखों और आँचल से निकले द्रव्य एक हो गए । सारा गाँव कुदरत का ये विरल चमत्कार देखने को इकट्ठा हो गया था। माँ-बेटे का ये अद्भुत मिलन देख कर वहाँ एक भी व्यक्ति ऐसा न था, जिसकी आँखों में आँसू न हों… आगे की कहानी के मुताबिक, मुख्य महंत की सहमति से, पूरे विधि विधान के साथ साधु वस्त्र त्याग कर चंद्रभान को सांसारिक जीवन मे प्रवेश की अनुमति दी गई। *****

  • निवेश

    दर्शना जैन बैंक के लंच टाइम में अमर, रमन और नवल खाना खाते हुए एक दूसरे को बता रहे थे कि वे अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने हेतु क्या कदम उठा रहे हैं। अमर बोला," मैंने बच्चों के बैंक खातों में काफी पैसे जमा कर रखे हैं जिससे वे अपनी सारी इच्छाएँ व जरूरतें पूरी कर सकें।" ` रमन ने बताया," यह तो मैंने भी किया है लेकिन इसके साथ मैंने कुछ बीमा योजनाओं में भी निवेश किया है, उनकी ब्याज दर ज्यादा होने से इसका लाभ भविष्य में बच्चों को निश्चिंतता देगा।" नवल ने भी ऐसा ही कुछ कर रखा था। उसे अपने कर्मचारियों का विचार आया, वह बोला, "हमारा तो ठीक है परंतु मासिक पंद्रह से बीच लाख कमाने वाले हमारे कर्मचारियों के पास घर खर्च के पैसे निकालने के बाद कितनी रकम बचती होगी, उसमें वे क्या निवेश कर पायेंगे?" पानी देने आया वह कर्मचारी बोला," सर, मैं आपके जितने पैसे तो नहीं निवेश नहीं कर सकता परंतु मैं अपने बच्चों संग समय जरूर निवेश करता हूँ, जितना उन्हें चाहिये उतना करता हूँ। यही उनकी इच्छा भी रहती है और जरूरत भी है। जब भी वे तकलीफ में आये, दुखी हुए, परेशानी से गुजरे मैंने उनको यह निश्चिंतता दी कि मैं हूँ ना तुम्हारे साथ, चिंता क्यों करते हो?" उस कर्मचारी के कंधे पर हाथ रख नवल बोला - यार, तुम जो निवेश करते हो, वह तो शायद हमने कभी किया ही नहीं। अपने परिवार के लिए धन के साथ-साथ समय का भी निवेश कीजिए। ******

  • फुल्ला जीजी

    मंजू यादव 'किरण' फूलवती जी क्लब में होने वाले सत्संग से जब शाम को घर लौटी तो उनकी बड़ी बेटी रूचि ने मामा के लड़के की शादी का कार्ड दिया और बोली, "अम्मा! जब तुम सत्संग के लिए चली गयी थीं, तभी डाकिया ये शादी का कार्ड देकर चला गया था।" फूलवती जी शादी का कार्ड देखकर बहुत खुश हुईं, सोचने लगीं उस दिन भाई फोन पर बता तो रहा था कि विजय की शादी पक्की हो गई है और तुमको फुल्ला जीजी छः-सात दिन पहले आना पड़ेगा क्योंकि बुआ को शादी में बहुत नेक चार करना पड़ता है। फूलवती जी अपने मायके जाने के लिए हमेशा उत्साहित रहती थीं, और उत्साहित क्यों न हो, उनकी अम्मा अपनी प्यारी बेटी फूलवती का इंतजार जो करती थीं। उनके मायके में सब लोग उन्हें फुल्ला के नाम से ही बुलाते थे। उनकी दादी ने उनका ये नाम दिया था क्योंकि वो थीं ही गोल-मटोल। रात का खाने आदि से निबटने के बाद वह अपने पति अशोक को शादी का कार्ड दिखाते हुए बोलीं, देखो! नितिन के लड़के की शादी का कार्ड आया है, मैं तो शादी में पांच-छः दिन पहले से चली जाऊंगी, तुम बच्चों को लेकर शादी के दिन आ जाना, इससे बच्चों की पढ़ाई भी खराब नहीं होगी।" अशोक जी तुरंत तुनक कर बोले, "सुनो! तुम्हें शादी में जाना है जाओ और चाहे तो बच्चों को भी अपने साथ लेकर चली जाना। मुझसे शादी में आने के लिए न कहना क्योंकि पिछली शादी में उन लोगों ने मेरे साथ जो व्यवहार किया था, वो मैं अभी तक भूला नहीं हूं।" तुम तो यही खैर मनाओ कि तुमको और बच्चों को वहां जाने से मना नहीं कर रहा हूं। फूलवती जी ने अपने पति को बहुत समझाया कि शादी में इतने रिश्तेदार आते हैं थोड़ी बहुत कमी-बेशी हो जाये तो बुरा नहीं मानना चाहिए और तुमको तो वो सब कितना मानते हैं। पर अशोक का मूड किसी तरह ठीक नहीं हुआ। पांच-छः दिन बाद फूलवती जी अकेले ही अपने मायके शादी वाले दिन पहुंच गईं थीं, भाई और भाभी ने जब उनको अकेला आया देखा तो वो लोग बोले, "फुल्ला जीजी! तुम अकेली ही आयी हो, बच्चे और जीजाजी नहीं आये।" फूलवती की अम्मा भी फूलवती को देखकर बहुत खुश हो गईं, पर दामाद के न आने से मायूस भी हो गईं थीं। बच्चों की फुल्ला बुआ चाय पीते हुए बोलीं, "देखो भाई! मुझको आना था मैं आ गई, तुम्हारे जीजाजी पिछली शादी से अभी तक नाराज़ बैठे हैं, हो सकता है शायद बारात में आ जाये।" मैंने उनको समझाया तो बहुत है कि आजकल जमाना गुस्सा होने का नहीं है, लेकिन उनकी समझ से ये बात बाहर है। आजकल वो जमाना है कि जो शादी में जो गुस्सा है वो गुस्सा बैठा रहे, अब मान-मनौव्वल के जमाने लद गये, आओ न आओ किसी की शादी रुकती तो है नहीं। फूलवती अकेले ही अपने भतीजे की शादी करके अपने घर भी लौट आईं, पर उनके पति शादी में नहीं गये और न ही उन्होंने अपने बच्चों को भेजा। फूलवती शादी से लौटने के बाद से कुछ दिनों अपने घर अनमनी सी रहीं और सोचती रहीं, शादी-ब्याह में ऐसी रूठा-मनती तो चलती रहती है, कभी फूफा रूठे, कभी मौसी रूठीं, कभी नानी रूठीं, कभी-कभी चाची-ताई भी रूठ जाती हैं। सबको मनाते रहो, पर अब वो जमाना चला गया, पहले किसी खास रिश्तेदार के न आने से नाक कट जाती थी। अब तो ऐसा जमाना आ गया है कि जो आ जाये वो ठीक है और जो न आए वो भी ठीक है, आज के जमाने में कोई किसी को मनाता नहीं है, पहले वाली सारी बातें अब खत्म हो गयीं हैं। उनके भाइयों ने भी अपने जीजाजी को एक बार भी आने के लिए फोन नहीं किया। ये सब सोचकर उनका मन बहुत दिनों तक खिन्न रहा। उनके ज़हन से अभी तक ये बात निकल नहीं रही है कि आज भी कुछ खास रिश्तों की लाज तो हर घर-परिवार के लोगों को रखनी ही चाहिए। *****

  • पछतावा

    नरेंद्र कुमार रितिक एक बहुत समझदार और सुलझे विचारों की लड़की थी। सभी लोगों उसे बेहद पसंद करते थे। कुछ समय के पश्चात उसका विवाह हो गया। कई मीठे सपने संजोकर ससुराल में आई। वहां पर तो कोई भी उसकी योग्यता को समझने वाला था ही नहीं। वह अपनी ओर से सबके लिए बहुत अच्छा करती और अच्छा व्यवहार रखना चाहती थी। लेकिन वहां पर एक औरत की नहीं बल्कि एक मशीन की जरूरत थी, जो लगातार काम करती रहे। जब तक सबके लिए करती रही तब तक सब कुछ ठीक था। पति परिवार का भक्त था उसे पत्नी के दुख, बीमारी से कोई मतलब नहीं था। हर बात पर गलती निकालना और अपमानित करना बस इसी में वह अपनी शान समझता था। धीरे-धीरे रितिका का मन उन लोगों के व्यवहार से दुखी होने लगा। अपने माता-पिता के दिए हुए संस्कारों के कारण वह सब कुछ निभाते चली जा रही थी। लेकिन मन भीतर से टूटता जा रहा था, क्योंकि वह किसी से कुछ कह नहीं पाती थी। शरीर से भी कमजोर होती जा रही थी। लेकिन किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता था। उसकी बीमारी भी सबको एक बहाना लगती थी। रितिका को अपने गुण और पढ़ाई सब बेकार लगने लगी थी। वह घुटन भरी जिंदगी जी रही थी। दिखाने के लिए सब कुछ करना पड़ता था लेकिन वास्तव में उसका अस्तित्व खत्म होता जा रहा था। वह सही भी होती तो उसे गलत साबित किया जाता। जहां पर सारे इंसान एक से हो उनके बीच में एक सरल इंसान का अस्तित्व दब जाता है। उसका कोई अस्तित्व नहीं रह जाता यही हाल रितिका का था। बड़ा ही दुख होता था उसे देखकर। ऐसा लगता था मानो वह सिर्फ अपनी गृहस्थी को बचाने के लिए जी रही है। बाकी सारी इच्छाएं और अरमान उसके मर चुके हैं। रितिका जैसी कई लड़कियां हैं जो अपनी जिंदगी परिवार को बचाने के लिए जीती हैं या फिर अपने बच्चों के लिए जीती हैं। भीतर से कोई खुशी ना होने के बाद भी वह मुस्कुराती हैं और सब कुछ करती हैं। लेकिन ऐसे घुटन भरी जिंदगी से क्या फायदा। दिखाने के लिए मंदिर भी जाते हैं, देवी की पूजा भी करते हैं, घर में भी पूजा की जाती है, लेकिन घर में जब औरतें घुटन भरी जिंदगी जी रही हो तो इस पूजा का कोई महत्व नहीं है। जो घर औरत की इज्जत नहीं कर सकता उसे घर के लोगों को औरत की बेइज्जती करने का भी कोई अधिकार नहीं है। जिस दिन रितिका जैसी धैर्यवान समझदार लड़की के सब्र का बांध टूट जाएगा उस दिन घर में एक सैलाब आ जाएगा। जो पूरे परिवार को डुबा देगा और फिर कुछ नहीं बचेगा सिवाय पछतावे के। रितिका जैसी होनहार लड़की ने बेवकूफों से बहस करने की बजाय चुप रहना ही अपनी जिंदगी के लिए बेहतर समझा। उसकी मुस्कुराहट के पीछे के आंसू को पढ़ना बहुत मुश्किल था। कठोर दिल के लोगों को कोई बात वैसे भी समझ में नहीं आती है। यही हाल उसके घर का भी था। सबका अपना स्वार्थ सिद्ध हो जाए बस और किसी चीज से मतलब नहीं था। माता-पिता ने अपनी बेटियों का विवाह बहुत सोच समझकर करना चाहिए। जिससे की बाद में पछताना न पड़े। *****

  • एक पेड़ हमने लगाया

    अशोक कुमार बाजपेई   अब गति आगे बढ़ाओ एक पेड़ हमने लगाया एक तुम लगाओ पंक्ती को बनाओ पांति को सजाओ एक पेड़ हमने लगाया एक तुम लगाओ यहां से जिंदगी की शुरुआत है पेड़ों से ही होती बरसात है अपने-अपने घर को सब सजाओ एक पेड़ हमने लगाया एक पेड़ तुम लगाओ वृक्ष पानी साथ हो और फिर ना कोई बात हो चिड़िया हर वृक्ष पर चहचहाएगी तितलियां उड़ उड़ आएगी भौरे फिर भन भननाएंगे गीत अपना-अपना गाएंगे धरती हरी भरी हो जाएगी सबके मन को भाएगी एक हाथ हमने बढ़ाया एक तुम भी बढ़ाओ एक पेड़ हमने लगाया एक तुम लगाओ। *****

  • बाँझ

    शीतला प्रसाद आधी रात का समय था रोज की तरह एक बुजुर्ग शराब के नशे में अपने घर की तरफ जाने वाली गली से झूमता हुआ जा रहा था, रास्ते में एक खंभे की लाइट जल रही थी, उस खंभे के ठीक नीचे एक 15 से 16 साल की लड़की पुराने फटे कपड़े में डरी सहमी सी अपने आँसू पोछते हुए खड़ी थी जैसे ही उस बुजुर्ग की नजर उस लड़की पर पड़ी वह रूक सा गया, लड़की शायद उजाले की चाह में लाइट के खंभे से लगभग चिपकी हुई सी थी, वह बुजुर्ग उसके करीब गया और उससे लड़खड़ाती जबान से पूछा तेरा नाम क्या है, तू कौन है और इतनी रात को यहाँ क्या कर रही है...? लड़की चुपचाप डरी सहमी नजरों से दूर किसी को देखे जा रही थी उस बुजुर्ग ने जब उस तरफ देखा जहाँ लड़की देख रही थी तो वहाँ चार लड़के उस लड़की को घूर रहे थे, उनमें से एक को वो बुजुर्ग जानता था, लड़का उस बुजुर्ग को देखकर झेप गया और अपने साथियों के साथ वहाँ से चला गया लड़की उस शराब के नशे में बुजुर्ग से भी सशंकित थी फिर भी उसने हिम्मत करके बताया मेरा नाम रूपा है मैं अनाथाश्रम से भाग आई हूँ, वो लोग मुझे आज रात के लिए कहीं भेजने वाले थे, दबी जुबान से बड़ी मुश्किल से वो कह पाई...! बुजुर्ग:- क्या बात करती है..तू अब कहाँ जाएगी..! लड़की:- नहीं मालूम.....! बुजुर्ग:- मेरे घर चलेगी.....? लड़की मन ही मन सोच रही थी कि ये शराब के नशे में है और आधी रात का समय है ऊपर से ये शरीफ भी नहीं लगता है, और भी कई सवाल उसके मन में धमाचौकड़ी मचाए हुए थे। बुजुर्ग:- अब आखिरी बार पूछता हूँ मेरे घर चलोगी हमेशा के लिए...? बदनसीबी को अपना मुकद्दर मान बैठी गहरे घुप्प अँधेरे से घबराई हुई सबकुछ भगवान के भरोसे छोड़कर लड़की ने दबी कुचली जुबान से कहा जी हाँ। उस बुजुर्ग ने झट से लड़की का हाथ कसकर पकड़ा और तेज कदमों से लगभग उसे घसीटते हुए अपने घर की तरफ बढ़ चला वो नशे में इतना धुत था कि अच्छे से चल भी नहीं पा रहा था। किसी तरह लड़खड़ाता हुआ अपने मिट्टी से बने कच्चे घर तक पहुँचा और कुंडी खटखटाई थोड़ी ही देर में उसकी पत्नी ने दरवाजा खोला और पत्नी कुछ बोल पाती कि उससे पहले ही उस बुजुर्ग ने कहा ये लो सम्भालो इसको "बेटी लेकर आया हूँ हमारे लिए" अब हम बाँझ नहीं कहलाएंगे आज से हम भी औलाद वाले हो गए, पत्नी की आँखों से खुशी के आँसू बहने लगे और उसने उस लड़की को अपने सीने से लगा लिया। *****

  • शहर खर्चीले होते हैं।

    लक्ष्मी कुमावत “ये क्या छोटी बहू? ये मैं क्या सुन रही हूं? तुमने दिनेश की पढ़ाई शहर में अपने घर पर रखकर करवाने से इनकार कर दिया। भला ये भी कोई बात हुई। तुम चाची हो उसकी और उसके इतने से खर्चे नहीं उठा सकती तो फिर तुम्हारे शहर में इतना कमाने का क्या फायदा। इतने पैसों पर क्या सांप बन कर बैठोगी, जो बच्चे की पढ़ाई की दुश्मन बन गई।” अम्मा मीनाक्षी को डांटते हुए बोली। “अम्मा जी मैंने कब उसकी पढ़ाई के लिए इंकार किया है? मैंने तो सिर्फ उसे हॉस्टल भेजने के लिए कहा है।” मीनाक्षी अपना पल्ला सही करते हुए बोली। वहीं पास खड़ी उसकी जेठानी आरती भी अपना हाथ नचाते हुए बोली, "अरे! हम तो इन्हें अपना समझते थे। पर हमें क्या पता था कि ये तो हमें पराया समझती है। अरे मेरे बेटे के वहां जाकर इसके पास रहने से कौन सा इसकी आजादी में खलल पड़ जाता, जो उसे अपने पास रखकर पढ़ाने से इंकार कर दिया। ऊपर से ये तक कह रही है कि उसे हॉस्टल में रख दो। बताओ, घर वालों के वहां होने का क्या फायदा? दिनेश के बापू को पता चला तो वो बहुत नाराज हो रहे थे। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि छोटी बहू ने किस मुंह से ये बात कह दी। क्या हम उसके कुछ भी नहीं लगते।" आरती की बात सुन अम्मा गुस्से में तमतमाती हुई मीनाक्षी से बोली, "देख छोटी बहू, तु छोटी है छोटी ही बनकर रह। ज्यादा सिर उठाने की जरूरत नहीं है। तेरी हरकत से दोनों भाइयों के रिश्ते में खटास आ जाएगी। ‌और तेरा कौन सा खर्चा करवा रहे हैं हम लोग। हम तो हमारे बेटे से बोल रहे हैं। और वैसे भी बड़े बेटे बहु दिनेश की कॉलेज की फीस देने को तैयार तो हैं। तुम्हें तो बस उसके खाने-पीने का खर्चा करना है। एक इंसान के खाने पीने के खर्चे में क्या जाता है?" "अम्मा जी सिर्फ खाने पीने की बात होती तो बात अलग थी। पिछली बार सुरेश को भी हमने रखा था। पर उसके बाद क्या हुआ? भाई साहब ने तो सिर्फ कॉलेज की फीस दी थी। पर कोचिंग का खर्चा, कॉलेज तक आने जाने का खर्चा, कभी किसी किताब की जरूरत पड़ रही है तो कभी किसी चीज की, कभी कॉलेज के सेमिनार में बाहर जाना है तो कभी कुछ और। सब खर्च हमने उठाएं थे।" और उस पर भी आए दिन कोई ना कोई गांव से उससे मिलने चला आता था। और आता भी तो अकेला नहीं आता, साथ में तीन-चार लोगों को लेकर ही आता। अब उनको सिर्फ खिला-पिला कर तो भेजेंगे नहीं। शहर भी घूमाना पड़ता था। यहां तक कि जब वापस गांव आते थे तो कुछ ना कुछ विदा देना भी जरूरी होता था। नहीं तो वो लोग यहां आकर आप लोगों से शिकायत लगा देते थे कि मेहमान नवाजी अच्छे से नहीं की। और आप फट से फोन खड़का देती कि हमारी नाक कटा रहे हो। कितना बजट बिगड़ गया था हमारा। ऊपर से ये भी ताने सुने थे कि हमने सुरेश से घर के काम करवाए हैं। उसे मुफ्त में अपने घर में नहीं रखा। तो बताइए अम्मा जी, अपना खुद का काम तो खुद ही करना पड़ेगा। मेरे बच्चे भी तो अपना काम खुद करते हैं। वो तो उससे छोटे हैं" मीनाक्षी ने ये बात आरती की तरफ देखकर कहीं तो आरती ने अपना मुंह दूसरी तरफ कर लिया। यह देखकर मीनाक्षी अम्मा जी से बोली, "देखिए अम्मा जी, मैं साफ-साफ कह रही हूं। इतने खर्चे हम तो नहीं उठा पाएंगे। मेरे बच्चे भी अब कॉलेज में आ चुके हैं। हमारी भी अपने खर्चे हैं। आखिर नौकरी के अलावा दूसरा कोई कमाई का जरिया नहीं है हमारे पास।" मीनाक्षी के इतने लंबे चौड़े भाषण को सुनकर अम्मा चिढ़ते हुए बोली, "अच्छा! तुम दोनों पति-पत्नी मिलकर कमाते हो। फिर भी हमेशा खर्चे का ही रोना रोते हो। शहर में मौज मस्ती करने के लिए पैसे चाहिए लेकिन परिवार पर खर्च करने के लिए पैसे नहीं हैं।" "माफ कीजिएगा अम्मा जी। दो-दो लोग मिलकर कमाते हैं तो क्या हुआ? शहर में रहने वालों के खर्चे भी होते हैं। वहां सामान मुफ्त में नहीं आता। अगर एक की कमाई से घर की किश्त और बच्चों की फीस जाती हैं तो दूसरे की कमाई से घर खर्च चलता है। हमें तो हर चीज मोल खरीदनी पड़ती है। यहां तक कि पानी तक भी मुफ्त नहीं है।" मीनाक्षी ने कहा तो आरती चिढ़ते हुए बोली, "अच्छा! आज घर खर्चे की बात कर रही है। तो हम भी बता दें कि हम भी कोई यहां मुफ्त में नहीं रहते। हम भी खर्चे करते हैं। ऊपर से तुम तो शहर जाकर बैठी हो। सारी रिश्तेदारी के अंदर लेनदेन तो हमको ही करना पड़ता है।" "हां भाभी जी, लेनदेन में सिर्फ लेना आपको करना पड़ता है। देने के मामले में तो बराबर हिस्सेदारी होती है। तो ये बात तो मत ही बोलिए आप कि लेनदेन हम अकेले करते हैं। कई प्रोग्राम में तो हम आते भी नहीं हैं लेकिन हमारी तरफ से शगुन वगैरह बराबर जाता है। क्योंकि उसका आधा खर्चा आप हमसे बराबर मांगते हो" मीनाक्षी आज बराबर जवाब दिए जा रही थी। यह देखकर आरती चिढ़ते हुए अंदर चली गई। वही अम्मा जी भी मुंह फुला कर बैठ गई। लेकिन मीनाक्षी ने उन्हें मनाने की कोई कोशिश नहीं की। पिछली बार भी यही हुआ था। जब दिनेश का बड़ा भाई रमेश पढ़ने के लिए अपने चाचा चाची के पास शहर आया था। हालांकि वो वहां सिर्फ एक साल ही रुका था। उसके बाद अचानक उसने बिजनेस करने की ठान ली, इसलिए पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। और दूसरे शहर चला गया। भैया जी ने तो कॉलेज के फीस देकर अपने जिम्मेदारी की इतिश्री यह कहकर कर ली कि कोचिंग का खर्चा तो चाचा भी उठा सकता है। आखिर इतना हक तो उस पर ही बनता है। पर उसकी कोचिंग की फीस, आने जाने का खर्चा, खाने पीने का खर्चा, पॉकेट मनी, सब खर्चा मीनाक्षी और रमन को ही उठाना पड़ा था।‌ इसके अलावा कभी कोई कॉन्फ्रेंस हो रही है तो कभी कोई कॉलेज का टूर जा रहा है। आए दिन कोई ना कोई खर्चे। इस कारण मीनाक्षी के घर का बजट पूरी तरह से हिल गया। साथ ही उसकी नौकरी पर भी बन आई। ऊपर से हर महीने कोई ना कोई मिलने चला आता। कभी भैया मिलने आते तो कभी भाभी जी, पर अकेले कभी नहीं आते। कभी भाभी जी की बहनें उनसे मिलने साथ में आती तो कभी उसके मामा मामी। और फिर तीन-चार दिन रुक कर ही जाते। उस दौरान मीनाक्षी को अपने स्कूल से छुट्टी लेनी पड़ती। क्योंकि उनकी मेहमान नवाजी के लिए तो उसे ही घर पर रुकना पड़ता। अब उन्हें शहर ना घूमाए तो भाभी जी का मुंह बन जाता। मुंह पर कहने से भी गुरेज नहीं था।, "अरे तुम्हारे शहर में आए हैं तो थोड़ा घूमा कर भी ले आओ। जरा हम भी तो देखें तुम्हारे शहर की रौनक।" इसलिए मीनाक्षी के साथ-साथ रमन को भी छुट्टी लेनी पड़ती थी। ऊपर से अगर विदा ढंग की नहीं दी तो उसकी बातें और बन जाती। फिर अम्मा फोन करके दो-तीन दिन तक जान खाती रहती। "तुम हमारी नाक कटा रहे हो। शहर में जाकर क्या बैठे, तुम्हें अपने बड़ों की इज्जत का कुछ ख्याल ही नहीं रहा। अरे! इतना कमाते हो। थोड़ा बहुत किसी को दे दोगे तो कुछ कमी नहीं पड़ जाएगी तुम्हारे खजाने में। और तुम्हारे पास नहीं है तो मेरे पास से ले जाया करो। अभी तक तो मैं जिंदा हूं। इतने से तो मैं ही तुमको दे दूंगी" इतना सब कुछ होने के बावजूद भी सुरेश ने बीच में अपनी पढ़ाई छोड़ दी तो बदनामी भी उन्हीं लोगों की हुई। गांव में सब तरफ भाभी जी ने ये बात फैला दी कि सुरेश ने इसलिए पढ़ाई छोड़ दी क्योंकि चाची उससे घर का काम कराती थी। इसलिए वो पढ़ाई ढ़ंग से नहीं कर पाया। अब जिंदगी में कुछ तो करना ही था। इसलिए व्यापार कर रहा है। सुनकर मीनाक्षी को बहुत बुरा लगा था। उसी समय उसने ठान लिया था कि अगर अब भाभी जी ने अपने छोटे बेटे दिनेश के लिए कहा तो वो पलट कर जवाब दे देगी। और आज आखिर वही हुआ। उसने पलट कर इंकार कर दिया तो बस इसी बात को सब ने पकड़ लिया। फिर थोड़ी देर बाद रमन और बड़े भैया घर पर आए, तब भी अम्मा मुंह फुलाकर बैठी हुई थी। जब रमन ने इसका कारण पूछा तो अम्मा गुस्से में ही बोली, "तेरी पत्नी की हिम्मत कैसे हो गई दिनेश को वहां रखकर पढ़ाने से मना करने के लिए। आखिर तेरे ऊपर उसने कैसे निर्णय ले लिया? अपनी पत्नी को थोड़ा दबा कर नहीं रख सकता। आज अपने ससुरालियों के निर्णय के बीच में बोल रही है। तुम दोनों भाइयों के रिश्ते के बीच में खटास पैदा कर देगी।" अम्मा की बात सुनकर रमन समझ गया कि आखिर क्या बात हुई होगी। तभी बड़े भैया भी बोले, "रमन तुझे नहीं लगता कि तूने तेरी पत्नी को बहुत ज्यादा छूट दे रखी है।" उसने बड़ी ही विनम्रता से भैया से कहा, "भैया जी, मेरी पत्नी मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलती है। जब घर के खर्चों में वो बराबर मेरे साथ खड़ी है। मेरे घर को बनाने में वो मेरे साथ खड़ी है तो उसको दबा कर रखना ये तो बेवकूफी है। मैं इस पर विश्वास नहीं करता।" फिर अम्मा की तरफ मुंह करके बोले, "अम्मा मैं और मीनाक्षी घर कैसे चलाते हैं ये हमारा जी जानता है। हम कोई अमीर घराने के लोग तो हैं नहीं। मध्यम वर्गीय परिवार के लोग हैं। क्या हमारे खर्च नहीं होते? नौकर चाकर रखने की हमारी औकात नहीं है। हम और हमारे बच्चे मिल जुल कर घर का काम करते हैं। कल को हमने दिनेश को भी परिवार का सदस्य मानकर मिल-जुल कर काम करने को कह दिया तो ये बदनामी हो जाएगी कि हम उस से काम करवा रहे हैं। और यदि कल को ये भी अपने बड़े भाई की तरह अगर निर्णय लेकर बैठ गया कि मुझे बिजनेस करना है तो फिर गांव भर में हमारी बदनामी होती फिरेगी कि हमने उसे पढ़ने से रोक दिया। अब दोबारा हम बदनामी सिर पर नहीं लेंगे। मीनाक्षी गलत नहीं है। इसमें मैं भी उसके साथ हूं। आपको दिनेश को पढ़ाना है तो हॉस्टल में डाल दो। और अपनी जिम्मेदारी पर पढ़ाओ।" कहते हुए रमन ने हाथ जोड़ दिए। रमन से इस तरह की उम्मीद किसी को नहीं थी। उसका कड़ा रूख देखकर अम्मा हैरान रह गई। आखिर रमन के आगे तो किसी की न चली। और सब चुप रह गए। आखिर दिनेश ने हॉस्टल में रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी की। ये अलग बात है कि रमन बीच-बीच में उसे हॉस्टल जाकर संभाल आता था या वीकेंड पर कभी-कभी वो अपने चाचा-चाची के घर आ जाता था। ******

bottom of page