top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • जंगल का राजा

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक बार की बात है कि जंगल के राजा सिंह को भूख लगी और उसने लोमड़ी से कहा, मेरे लिए कोई शिकार ढूंढकर लाओ, अन्यथा मैं तुम्हें ही खा जाऊँगा। लोमड़ी एक गधे के पास गई और बोली, मेरे साथ सिंह के समीप चलो, क्योंकि सिंह तुम्हें जंगल का राजा बनाना चाहता है। गधा उसके साथ चल दिया, सिंह ने गधे को देखते ही उस पर हमला करके उसके कान काट लिए। लेकिन गधा किसी प्रकार भागने में सफल रहा। तब गधे ने लोमड़ी से कहा, तुमने मुझे धोखा दिया, सिंह ने तो मुझे मारने का प्रयास किया और तुम कह रही थी कि वह मुझे जंगल का राजा बनायेगा। लोमड़ी ने कहा, मूर्खता भरी बात मत करो। उसने तुम्हारे कान इसीलिए काट लिए ताकि तुम्हारे सिर पर मुकुट सुगमता पूर्वक पहनाया जा सके, समझे! चलो लौट चलें सिंह के पास। गधे को यह बात ठीक लगी, इसलिए वह पुनः लोमड़ी के साथ चला गया। सिंह ने फिर गधे पर हमला किया तथा इस बार उसकी पूँछ काट ली। गधा फिर लोमड़ी से यह कहकर भाग चला कि तुमने मुझसे झूठ कहा, इस बार सिंह ने तो मेरी पूँछ भी काट ली। लोमड़ी ने कहा, सिंह ने तो तुम्हारी पूँछ इसलिए काट ली ताकि तुम सिंहासन पर सहजतापूर्वक बैठ सको, चलो पुनः उसके पास चलते हैं। लोमड़ी ने गधे को फिर से लौटने के लिए मना लिया। इस बार सिंह गधे को पकड़ने में सफल रहा और उसे मार डाला। सिंह ने लोमड़ी से कहा जाओ, इसकी चमड़ी उतार कर इसका दिमाग, फेफड़ा और हृदय मेरे पास लेते आओ और बचा हुआ अंश तुम खा जाओ। लोमड़ी ने गधे की चमड़ी निकाली और गधे का दिमाग खा लिया और केवल फेफड़ा तथा हृदय सिंह के पास ले गई सिंह ने गुस्से में आकर पूछा, इसका दिमाग कहाँ गया। लोमड़ी ने जवाब दिया, महाराज! इसके पास तो दिमाग था ही नहीं। यदि इसके पास दिमाग होता तो क्या कान और पूँछ कटने के उपरान्त भी आपके पास यह पुनः वापस आता। सिंह सन्तुष्ट होकर बोला, हाँ तुम पूर्णतया सत्य बोल रही हो। सीख : गधा कभी राजा नहीं बन सकता। *****

  • आ गले लग जा….

    रवीन्द्र कान्त त्यागी “सुनो माला, यार कल तुमने खाने में मिर्ची बहुत डाल रखी थीं। मिर्ची ज्यादा हो तो सुबह को टॉयलेट में भी झेलना पड़ता है ना।” सुदर्शन ने हँसते हुए शेव बनाने के बाद चेहरे पर लगे साबुन के झाग पौंछते हुए कहा। “आज कम डाल दूँगी।” किचन में सुदर्शन का लंच बॉक्स तैयार करती हुई पत्नी माला ने ठंडा सा उत्तर दिया। “आज क्या बना रही हो लंच में। वैसे भी तुम्हारे हाथ का बना खाना तो मुझ से ज्यादा मेरे दोस्त खा जाते हैं ऑफिस में।” सुदर्शन ने रसोई में बीवी से सटते हुए स्नेह से कहा। “हटो जी, काम करने दो। गरम घी का छींटा पड़ जाएगा। तुम्हें तो इस उम्र में भी…। और वो तेजी से भिंडी की कढ़ाही में कड़छी चलाने लगी। “इतना घी, ये मेरी तोंध देख रही हो। इसकी गुनहगार तुम ही हो। सुनो, बिटिया का फोन आया था क्या पुणे से, सब ठीक है न।” “जी हाँ। वहाँ सब ठीक है। कुछ पैसे भिजवाने के लिए कह रही थी। कोई टूअर जा रहा है। ऊटी या जाने कहाँ। उसी की फीस जमा करानी है कॉलेज में।” “तुम कुछ परेशान सी लग रही हो माला। कई दिनों से देख रहा हूँ। कुछ उदास सी रहती हो। तबियत तो ठीक है। अरे बात क्या है जानू। मुझे भी नहीं बताओगी क्या।” सुदर्शन ने उसी जौली मूड से कहा। “नहीं जी, ऐसा तो कुछ नहीं है। वहम है आप का। सब, सब ठीक है। और हाँ, शाम को लौटते हुए चाय की पत्ती और हैण्ड्वॉश लाना मत भूलना, कई दिन से कह रही हूँ।” शाम को सुदर्शन ने फ्लैट की बैल बजाई तो माला ने झुकी नजरों से दरवाजा खोला। सुदर्शन के हाथ से बैग और सामान का थैला लिया और चुपचाप चाय बनाने चली गई। शाम की चाय माला और सुदर्शन ड्राइंग रूम में बैठकर एक साथ पिया करते थे। सुदर्शन इस बीच अपने ऑफिस के सारे दिन के अनुभव और किस्से माला को सुनाता और माला, कामवाली बाई के सूचना केन्द्र से मिलीं पड़ौस की चटपटी मसालेदार खबरें। उनकी शादी को पच्चीस साल गुजर गए थे फिर भी गृहस्थी की छोटी मोटी नोकझोंक के अलावा दोनों एक दूसरे से बेहद प्यार करते थे। इन दोनों की जोड़ी को भगवान के द्वारा बनाई एक सफल जोड़ी कह सकते थे। मगर न जाने क्यूँ आज एक चुप सा आकर दोनों के बीच बैठ गया था। “क्या बात है माला। कुछ तो परेशानी है तुम्हें। इस चेहरे को देखते-देखते पच्चीस साल गुजर गए हैं यार। इसकी एक-एक शिकन से मेरी दोस्ती है। तुम कितना भी छुपाओ हाले दिल मगर, आँखों की उदासी बयां कर देगी। तुम तो बहुत उदास दिखाई दे रही हो। किसी पड़ौसन या रिश्तेदार से कुछ बात हुई क्या। मुझे भी नहीं बताओगी।” सहानुभूति के दो शब्द सुनकर माला की आँखों में एक जल दर्पण सा तैर गया मगर वो अपने चेहरे के भाव छिपाने के लिए तेजी से उठकर किचिन की ओर चली गई। बचपन में ही एक दुर्घटना में माता-पिता के वात्सल्य से विहीन मामा के यहाँ पले बढ़े सुदर्शन त्रिपाठी के रूखे से जीवन में माला के आते ही मानो मुहब्बत का सैलाब आ गया था। वो अपनी समर्पिता बीवी को बेहद प्यार करते थे। माला ने भी अपनी शिक्षा, संस्कार और सारी नैसर्गिक विधाएँ अपनी छोटी सी गृहस्थी को समर्पित कर दी थीं। कहते हैं कि गृहलक्ष्मी जिस घर को अपना मंदिर समझती है उस घर का कोना-कोना खुशियों से भरा रहता है। मगर आज एक अदृश्य सी शंका की दरार सुदर्शन का मन व्यथित किए डाल रही थी। रात के दो बजे थे, मगर सुदर्शन की आँखों में नींद का नाम नहीं था। नाइट लैंप की मद्धिम रोशनी में गहरी नींद में सो रही अंकशायनी माला के इस उम्र में भी खूबसूरत चेहरे पर एक निष्पाप मासूमियत के बीच चिंता और तनाव के भाव परिलक्षित होकर सुदर्शन के दिल में एक शूल की तरह चुभ रहे थे। आखिर वो क्या कारण हो सकता है जो माला इतनी उदास और चिंतित दिखाई दे रही है। क्या उसे कोई असाध्य रोग हो गया है जिसे वह छिपाना चाहती है या उसके जीवन में अतीत, ओह। कहीं ऐसा तो नहीं कि जिंदगी की किताब के बरसों पहले पलट चुके अतीत के कुछ पन्ने खुलकर सामने आ गए हों। अचानक उसके दिमाग में एक विचार कौंध गया। इस मोबाइल नाम की जादू की पुड़िया में आजकल बहुत कुछ छिपा होता है। हो सकता है कहीं न कहीं, किसी न किसी को तो उसने अपनी परेशानी बताई हो। क्या पता उसकी उदासी का रहस्य मोबाइल से ही खुल जाये। नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए वो कभी अपनी बीवी का मोबाइल नहीं छेड़ते थे मगर उसे माला के दिल में धँसे हुए दंश को निकालने की उत्कंठा इतनी थी कि सुदर्शन ने दबे पाँव उठकर मला का मोबाइल खोल लिया। वाटसप, गुड मॉर्निंग और फूलों के गुलदस्तों के अनावश्यक मैसेज। फिर पुणे में पढ़ रही बेटी के साथ चैट। अमेरिका में रहने वाले भाई के साथ वीडियो कॉलिंग। कुछ खास तो मिला नहीं। फिर मैसेंजर और टैक्स्ट मैसेज यहाँ तक कि फेसबुक भी छान मारा। फोन रखने ही वाले थे कि सोचा चलो स्क्रीन पर पड़े ढेर सारे एप भी चैक कर लेते हैं। गहरी निगाह डालने के बाद एक अनजाना सा मैसेज एप दिखाई दिया ‘हैंग आउट’। अरे ये क्या बाला है। इसमें तो कई मैसेज भरे पड़े हैं। “कब मिलोगी” -वीआरएस- कब मिलोगी? वीआरएस। मतलब। ये क्या संदेश हुआ भला। “वो बाहों में बाहें डालकर बागों में घूमना। क्लास बंक करके सिनेमा देखना। लच्छू के गोलगप्पे खाने के वक्त तुम्हारी बड़ी बड़ी आँखों में तैर जाने वाली लालिमा।” -वीआरएस- “किताबों में मिलने वाले तुम्हारे शायरी भरे प्रेम पत्र जिनमें तुम्हारी खुशबू और सूखी हुई गुलाब की पंखुड़ियाँ।” -वीआरएस- “मुझे ब्लॉक मत करना अन्यथा ये दुखी उदास अकेली भटकती आत्मा तुम्हें कहीं न कहीं ढूंढ ही लेगी।” -वीआरएस- “अनायास ही बाहों में लेकर जब मैंने तुम्हें चूम लिया था तो तुम्हारा चेहरा लज्जा से रक्तिम हो गया था। वैसा रोमांचक एहसास मुझे जिंदगी में दोबारा कभी नहीं हुआ। जब तुम स्वयं को मुझ से छुड़ाकर हया के मारे आँखें मिलाने का ताव भी नहीं ला पायीं थीं और शरमा कर घर भाग गई थीं तो मैं उस गुलाब की पंखुड़ी सी नाजुक भावना को दिल में सँजोये घंटों पार्क की उसी बैंच पर बैठा रहा।”- वीआरएस- “एक युग बीत गया उन बातों को। अब मेरी नई जिंदगी है राज, जिसमें उस अतीत का कोई स्थान नहीं है। प्लीज, मेरी शांत और सुखी जिंदगी में दखल मत दो।”- माला- “जिंदगी के तीसरे पहर में, एक बार, सिर्फ एक बार दोबारा उन पलों को जीना चाहता हूँ। बस तुम्हारा साथ चाहिए। एक बार चली आओ मेरी माला। सिर्फ एक बार।” -वीआरएस- “वो कॉलेज की दुनिया थी राज। अब… प्लीज अब ऐसा कुछ संभव नहीं है। मेरी गृहस्थी है। प्रेम करने वाले पति हैं और एक बेटी है हमारी।”-माला- “एक आग है जो बुझती नहीं। एक प्यास है जो मिटती नहीं। शहर इतना बड़ा भी नहीं है कि तुम्हें ढूंढ न पाऊँ। एक बार, बस एक बार चली आओ।” -वीआरएस- ओह माय गॉड। तो ये कुछ अलग ही कहानी है। क्या इसी लिए मेरी माला इतनी परेशान है। मगर… कौन है ये वीआरएस। माला का कोई पुराना आशिक। कॉलेज का कोई दोस्त। आखिर कौन है। और… ये साला तो सरेआम ब्लैकमेल सा कर रहा है।” सोचते हुए सुदर्शन माथे पर हाथ रखकर बैठ गए। फिर उन्होने कंप्यूटर से हैंगआउट पर मैसेज करने वाले वीआरएस का फोन नंबर हासिल किया और अपने फोन के ट्रयूकॉलर पर डालकर देखा तो एक नाम उभर आया। ‘वन राज शंडिल्य’। वन राज, वन राज शंडिल्य’। कुछ सुना हुआ सा नाम है। इस शहर में इस नाम के कई लोग तो होंगे नहीं। नाम ही ऐसा है। मगर ये नाम सुना हुआ सा क्यूँ लगा रहा है। सुबह की चाय तक सुदर्शन इसी नाम के बारे में सोचते रहे। तभी अचानक उनकी आँखों के सामने अपने ऑफिस में लगभग एक साल साल पहले इंश्योरेंस क्लेम के लिए आई एक फाइल नाच गई। ये एक महिला शीला शंडिल्य के दुर्घटना में गुजर जाने के क्लेम की फाइल थी जो काफी जद्दोजहद के बाद पास हो पायी थी। उसी के पति का नाम था वनराज शंडिल्य। सुदर्शन एक सुलझे हुए आदमी थे और अपनी पच्चीस साला सफल वैवाहिक जिंदगी में तनिक सी भी खरोंच आने देने को तैयार नहीं थे। ऊपर से प्यारी बीवी के चेहरे का तनाव उनके हृदय में शूल सा चुभ रहा था। उन्हे रह रहकर जिंदगी के गुजरे हुए लमहे याद आ रहे थे। जब उनकी नई नई नौकरी थी और वो एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। तब माला सुदर्शन को बिना बताए चुप चाप अपना एक एक गहना, यहाँ तक कि अपना मंगलसूत्र भी बेचकर इलाज का खर्चा चुकाती रही। विक्षिप्तों की तरह हर समय हस्पताल के जनरल वार्ड की बेंच पर बैठी आँसू बहाती रहती। अनेक चिकित्सीय प्रयासों के बाद और शादी के छह साल बाद जब बेटी निशा चार महीने के गर्भ में थी तो डॉक्टर ने गर्भ की स्थिति कुछ असामान्य दर्शाई थी। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के पूर्ण विकसित होकर डिलीवरी होने में, मां के जीवन को खतरा हो सकता है। इस लिए अभी अबौर्शन सरल समाधान हो सकता है। तब माला रात भर सुदर्शन से लिपटकर रोती रही। बार बार कहती कि मेरा जीवन रहे या न रहे, तुम्हारे वंश को इस दुनिया में आने से नियति भी नहीं रोक सकती और उसने असहनीय दर्द और मृत्यु का भय झेलकर भी बालिका को जन्म दिया था। पच्चीस साल से जो औरत मेरी अंकशाइनी है। अगर मैं बिस्तर पर तनिक सी भी असहज करवट बदलूँ तो पूछती है कि तुम ठीक तो हो। कुछ चाहिए क्या। वो पकाती है जो मुझे पसंद है और खुद भी वही खाती है। मेरा चेहरा देखकर मेरी जरूरतें पढ़ लेती है। मुझे अपटुडेट और स्मार्ट रखने के लिए मेरे कपड़ों का चयन करती है। मेरी उदासी में उसकी उदासी और मेरी खुशी में उसकी खुशी दिखाई देती है। वैवाहिक जीवन का इतना लंबा समय गुजर जाने के बाद क्या मेरा दायित्व नहीं है कि उसके जीवन पथ में आए हर कंटकगाछ को उखाड़ फेंकूँ। उसके प्रेम और समर्पण के आगे उसका कोई भी कैसा भी अतीत का दाग धूमिल कर दूँ। इंटरनैट से आए कमेन्ट या बरसों पुरानी माला के कॉलेज के समय की किसी घटना के कारण इस घर में बरसों से फैली माला के प्रेम की सुगंधी को तनिक सा भी प्रदूषित नहीं होने दूँगा। किन्तु ऐसी समर्पिता प्रेम पुजारिन के माथे पर शिकन भी तो नहीं देख सकता। उसके उन्नत भाल पर कोई आत्महीनता या हृदय में कोई अपराधबोध भी तो नहीं देख सकता। इस संदर्भ का पटाक्षेप करने में यदि कुछ भी ऐसा हुआ, जिस से मेरी माला को तनिक सा भी आघात लगे या आत्मग्लानि हो मुझे कतई स्वीकार नहीं है। अगर इस शिल्प को अनाड़ी हाथों से सँवारने का प्रयत्न किया तो बनी बनाई तस्वीर खंडित भी हो सकती है। कारीगर की छेनी के एक गलत वार से गढ़ा गढ़ाया प्रस्तर शिल्प तनिक भी चटख जाए तो उस क्षति की पूर्ति असंभव होती है। एक गलत कदम हमारे पच्चीस साल के बंधन की गांठें ढीली कर सकता है। किन्तु कुछ तो करना होगा। कुछ ऐसा, जो मक्खन से बाल निकालने जैसा सरल और दंशहीन हो। जो उसके चेहरे की हर शिकन को स्लेट पर लिखी इबारत की तरह पौंछ कर मिटा दे। मगर करूँ तो क्या करूँ।” पूरे दिन सुदर्शन के मस्तिष्क में मंथन चलता रहा। आज ऑफिस की फाइलों में भी मन नहीं लग रहा था। बार-बार माला का उदास और चिंतित चेहरा सामने आ जाता। कॉलेज में उसका किसी लड़के से अफेयर था भी तो इस में कौन से अजीब बात हो गई। उस उम्र में हर लड़के और लड़की का विपरीत लिंगी के प्रति आकर्षण होता ही है। तो क्या इसके लिए एक नारी से जीवन भर मिले अतुल्य प्रेम को भूल जाऊं। अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार लूँ। शाम को ऑफिस बंद होने से पहले अनमने से मन से वनराज शंडिल्य की फाइल निकलवाई और पन्ने पलटने लगे। इस फाइल में पत्नी की मौत के कुछ दिन बाद मिस्टर शंडिल्य की अत्महत्या के प्रयास की एक पुलिस रिपोर्ट भी लगी हुई थी जिसके आधार पर डिपार्टमेन्ट ने इसे अवसाद में पत्नी की साजिशन हत्या और उसके बाद अत्महत्या का केस बनाने का प्रयास किया था जिस के कारण ही ये केस उलझ गया था और क्लेम मिलने में देरी हुई थी। यहाँ तक कि अपनी बात साबित करने के लिए विभाग ने मिस्टर शंडिल्य की गमगीन शायरी को भी प्रमाण बनाने का प्रयास किया था और उसके प्रमाणस्वरूप उनके हाथ के लिखे कई पन्ने लगा रखे थे। “दिल में चुभे तेरी जुदाई के शूल ने, आँखों को खारे पानी का समंदर बना दिया है। कि दूर धुंध में डूबे जज़ीरे पर खड़ी मुझे पुकार रही है तू, और घाटियों में प्रतिध्वनित हो रही है तेरी आवाज़। चली आओ, चली आओ, जहां हो चली आओ।” कुछ भी हो, आदमी तो दिलचस्प है। एक साल पहले किसी सामान्य क्लाइंट की तरह देखा होगा तो शक्ल याद नहीं। मगर मगर जब वो अपनी पत्नी को इतना प्रेम करता था तो अपने चौथाई शताब्दि पुराने प्रेम से क्या चाहता है। सदी का एक हिस्सा गुजर गया और आज अचानक उसे याद आई है अपने कॉलेज के जामने की प्रेम कहानी। मानव मस्तिष्क का भी कोई ओर छोर नहीं। शाम के छह बजे थे। सुदर्शन के स्टाफ के अधिकतर लोग अपने घर जा चुके थे मगर सुदर्शन कुछ सोचते से मिस्टर शंडिल्य की फाइल के पन्ने पलट रहे थे। अचानक उन्होने कुछ सोचते हुए मिस्टर शंडिल्य का नंबर डायल कर दिया। “हॅलो” उधर से नशे में डूबी सी आवाज आई। “कैन आई स्पीक टु मिस्टर वी आर शंडिल्य”। “स्पीकिंग” रूखी सी घरघराती आवाज़। “एक्चुयली मिस्टर शंडिल्य, मैं आप की इंश्योरेंस कंपनी से सुदर्शन बात कर रहा हूँ। कंपनी के औडिट में पिछले साल फाइनल हुई आप की क्लेम फाइल में कुछ सिग्नेचर रह गए हैं। सो” “ये आप का हैडेक है। पहले ही आप ने ऑफिस के चक्कर लगवा लगवाकर मेरे पसीने छुड़ा दिये थे। अब मैं आप के ऑफिस की सीडियों पर कदम भी” “ओ नो मिस्टर शंडिल्य। आप की फाइल मेरे सामने खुली पड़ी है। आप तो इंदौर के रहने वाले हैं। इत्तेफाक से मेरा भी मूल निवास इंदौर ही है। बाय द वे कौन से कॉलेज से आप ने” उन्होने बातचीत का वातावरण हल्का करने के लिए कहा। “इट इस नन ऑफ यौर बीजिनस। आय हेट यौर कंपनी।” और फोन कट गया। सुदर्शन जी ने निराश होकर फाइल बंद की और ऑफिस की लिफ्ट की ओर बढ़ गए। बड़ा खडूस आदमी है। बात ही करने को तैयार नहीं। सुदर्शन जी की कार धीरे धीरे अपने घर की ओर बढ़ रही थी कि फोन की घंटी बजी। “आय एम सौरी मिस्टर, आ क्या नाम बताया था आप ने। मुझे आप से इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए थी। आय एम रीयली सौरी। मैं तो नाइनटी टू में देवी अहिल्या बाई यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। और आप?” उधर से मिस्टर शंडिल्य की आवाज सुदर्शन की कार के ब्लूटूथ में गूँजती सी आ रही थी। “अरे शंडिल्य साहब। आप से बात करके तो अपने शहर की गलियां, बाजार, पोहा, नमकीन और कॉलेज लाइफ सब की यादें ताजा हो गई थीं। जब घर से इतनी दूर कोई अपने शहर का मिलता है तो बड़ा अपनत्व का सा अहसास होता है।” “वो तो है ही। तो फिर आइये न किसी दिन। एक कप कॉफी पर पुरानी यादें ताजा करते हैं। और हाँ। वो फाइल भी लेते आयेगा जिस पर मुझे साइन करने हैं। क्या उस में कोई इश्यू है।” “श्योर श्योर शंडिल्य साहब। जी नहीं। फाइल में कुछ खास नहीं है। बस कुछ फोर्मेलिटीज़। दो मिनट का काम है। वीकएण्ड पर आप को फोन करके आप के दर्शन करता हूँ। बड़ा अच्छा लगा अप से बात करके।” दोस्ती ने जड़ें जमा लीं थीं। मात्र दस दिन के बाद मिस्टर शंडिल्य सुदर्शन जी के घर डिनर पर आमंत्रित थे। मला को सिर्फ इतना पता था कि सुदर्शन जी के कोई बालसखा खाने पर आ रहे हैं। वे तल्लीनता के साथ रसोई में लगी हुई थीं। नवंबर का महीना था। दिन भर बादल घिरे रहे। शाम के समय हल्की बूँदाबाँदी होने लगी। ठंड बढ़ गई थी। सूरज अस्थाचल को चला गया था और अंधेरे ने पाँव पसार लिए थे। किन्तु सुदर्शन के घर पर चहल पहल थी। एक ओर खाने पर आने वाले मेहमान के स्वागत की तैयारी चल रही थी तो इत्तेफाक से सुदर्शन की बिटिया को बारह बजे की फ्लाइट पकड़नी थी। लगभग साढ़े सात बजे एक कार सुदर्शन जी के घर के सामने आकर रुकी। मिस्टर शंडिल्य लंबा ओवर कोट पहने हुए, आँखों पर मोटे फ्रेम का काला चश्मा और सर पर फ़ैल्ट कैप लगाए हुए गाड़ी से उतरे। एक वर्ष में उनके व्यक्तित्व में बड़ा परिवर्तन आ गया था। खिचड़ी दाढ़ी और माथे पर तनाव की गहरी सी खाइयाँ। सुदर्शन जी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और ड्राइंग रूम के सोफ़े तक ले गए। सांडिल्य से जेब से रुमाल निकालकर चश्मे के ऊपर जमी हुई पानी की बूंदें साफ कीं और लंबी सांस लेकर कमरे का निरीक्षण करने लगे। घर में चारों तरफ सुगढ़ गृहणी के सुरुचिपूर्ण कलात्मकता की सुगंधि फैली थी। तभी घर के भीतर से एक लड़की के गुस्से से ज़ोर से बोलने की आवाज आई “पापा, आप ने फिर मेरे फोन का चार्जर लिया। सारा घर छान मारा कहीं नहीं मिल रहा है।” “अरे यहीं कहीं होगा बिट्टो। जरा ठीक से देखो।” “सब जगह ढूंढ लिया। पापा आप का चार्जर है तो ओफ़्फ़ सौरी अंकल। आ आ नमस्ते अंकल। मुझे पता नाही था आप बैठे हैं। सौरी, फिर अपने पापा के कंधों पर हाथ रखकर बोली “पापा आप मेरा चार्जर कहीं ऑफिस तो नहीं ले गए थे। पापा नया फोन क्यूँ नहीं लेते जो जल्दी जल्दी डिस्चार्ज न हो।” लाड़ली बेटी ने वात्सल्यपूर्ण रोष के साथ कहा। “अरे हाँ। याद आया। मेरे लैपटॉप बैग में है। शरारती लड़की।” पिता पुत्री का संवाद चल रहा था मगर मिस्टर शंडिल्य एक टक लड़की की तरफ देख रहे थे। “आ आ ये मेरी एकमात्र बेटी है मिस्टर सांडिल्य। बड़ी लाड़ली है हम दोनों की।” “हाँ मगर, ये कैसे हो सकता है।” सांडिल्य ने अनमने से ढंग से कहा। “क्या नहीं हो सकता? कहाँ खो गए वन राज जी।” “नहीं नहीं। कुछ नहीं। बिटिया की शक्ल न जाने क्यूँ मुझे पहले देखी सी लगती है। न जाने क्यूँ हूबहू” “कभी कभी ऐसे इत्तेफाक होते हैं।” सुदर्शन ने हँसते हुए कहा। “मम्मी, मेरा खाना रख दिया न। इस फ्लाइट में फूड फ़ैसिलिटी नहीं है।” कहते हुए लड़की किचन की ओर बढ़ गई। “जब तक निकलेगी, पूरा घर सर पर उठाकर रखेगी। हंगामा कहीं की।” कहते हुए माला ने प्रवेश किया। गौरवर्ण परिपक्व से चेहरे पर व्यस्तता का सा तनाव और एक गरिमापूर्ण गृहणी की गौरवमायी आभा। बेतरतीबी से पीछे बंधे हुए अधपके बाल। मेकअप के नाम पर माथे पर चौड़ी बिंदी। बस। “जी नमस्ते। आप लोग पहले चाय कॉफी वगहरा कुछ लेंगे या सीधे डिनर लगा दूँ।” माला ने प्रवेश करते ही अपने पति के मित्र के अजीब से व्यक्तित्व को देखकर सहमा सा सवाल किया। अधपकी हल्की सी दाढ़ी। सर पर नीचे तक झुकी हुई कैप और रात में भी कला चश्मा। दोस्त हैं या कोई डिटेक्टिव। बड़े रहस्यमई से इंसान हैं। “अरे आओ माला। थोड़ी देर बैठो न हमारे साथ। मैं अपने दोस्त से तुम्हारा परिचय कराता हूँ।” आगंतुक लगभग अभद्रता की सीमा तक लगातार माला को घूर रहा था। माला तेजी से निकट रखे ड्रॉअर की तरफ घूमी और रैपर खोलकर एक टेबलेट पति को देते हुए बोली “आज फिर आप ब्लडप्रेशर की गोली खाना भूल गए न। आप को तो आज भी उंगली पकड़कर” “अरे यार माला। पहले तुम मेरी बीवी थीं। अब माँ बन गई हो। बच्चे की तरह जो पाल रही हो मुझे।” उन्होने हँसते हुए कहा। फिर आगंतुक वन राज शंडिल्य की ओर मुखातिब होकर बोले “शंडिल्य साहब, ये मेरी बीवी हैं, माला त्रिपाठी और ये मेरे मित्र…” “जी मुझे बनराज कहते हैं और कॉलेज के जमाने में कुछ लोग मुझे बनमानुस कहकर चिढ़ाया करते थे। हा हा, और और उन चिड़ाने वालों में तुम भी थीं माला पांडे, जो अब मिसेज़ माला त्रिपाठी बन गई हो।” शंडिल्य ने मुस्कराते हुए कहा। माला जो पच्चीस साल पहले के कॉलेज के छात्र को उसके अजीब से बहरूप के कारण पहचान नहीं पा रही थीं विस्फरित नेत्रों से उस आवाज का पीछा करते हुए एक पल में बरसों पहले के कौलेज के प्रांगण में पहुँच गई। उसके चेहरे पर न जाने कितने भाव आए और चले गए। “तुम… मेरा मतलब… आप मिस्टर बनराज।” उनके मुंह से इतना ही फूट पाया। “हाँ, देखिये न मिसेज़ त्रिपाठी। कैसा अजीब संयोग है। मिले भी तो कहाँ मिले।” तभी व्यस्तता सी प्रदर्शित करती उनकी बेटी ने प्रवेश किया। “मैं निकल रही हूँ पापा। सौरी अंकल मेरी फ्लाइट छूट जाएगी। मुझे निकलना होगा।” “अरे बिट्टो, अभी तो टाइम है। और तुम्हारा चार्जर मिल गया था न। टिकिट वगैरह संभालकर रख लिए हैं। हर बार कुछ न कुछ भूल जाती हो।” कहते हुए सुदर्शन सोफ़े से उठ खड़े हुए। उन्होने जेब से कुछ नोट निकाले और दरवाजे तक बेटी के पीछे पीछे चले गए। “ये रख ले बिट्टो। काम आएंगे।” “क्या पापा। कल से तीन बार आप मुझे ऐसे ही बोलकर पैसे दे चुके हैं। भूल जाते हैं क्या। और एकाउंट में हैं तो पैसे।” “रख ले बेटा शगुन होता है। तू घर में रहती है तो ये घर मानो चिड़ियों की चहक, कोयल की कुहूक और चाँद की धवल चाँदनी से भरा रहता है। अपना ध्यान रखना मेरी बच्ची।” बिटिया तेजी से मुड़ी और पापा के सीने से लग गई। दोनों की आँखें नाम थीं। तभी माला भी उन से जा मिली। देर तक तीनों एक दूसरे से आलिंगन बद्ध रहे। फिर भीगे नेत्रों से उन्होने बेटी को विदाई दी। वनराज गौर से देख रहे थे कि इन तीनों के बीच में तो एक तिल के बराबर भी स्पेस नहीं है। मैं कहाँ बीच में घुसा जा रहा था। “क्या बिटिया लंबे समय तक के लिए बाहर जा रही है त्रिपाठी जी।” “नहीं… बस एक आध महीने में आ जाएगी मगर… हम तीनों ही एक दूसरे के पूरक हैं इस दुनिया में वनराज जी। और कौन है इस जहां में हमारा। बिटिया जाती है तो घर एकदम सूना सूना हो जाता है।” उत्तर माला ने दिया। “मिष्टर त्रिपाठी आ आ आ… आप अपने परिवार से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं। मेरा मतलब है कि वो गाना है न ‘कभी किसी को मुकम्मिल जहां….” “संतुष्ट नहीं, सम्पूर्ण संतुष्ट। बड़े सौभाग्य से माला जैसी बीवी मिलती है मिष्टर शंडिल्य और हम दोनों की जान हमारी बिट्टो। हसरतों की कोई सीमा तो नहीं होती मगर… मगर इस से ज्यादा और क्या चाहिए दुनिया में। मेरे इंतजार में द्वार की ओर निहारती हुई मेरी माला और वात्सल्य की प्रतिमूर्ती हमारी बिट्टो।” “आय एम सौरी मिसेज त्रिपाठी। आय एम वैरी सौरी।” “सौरी सौरी फॉर व्हाट मिस्टर सांडिल्य?” सुदर्शन ने आश्चर्य से कहा। “नहीं वो…. कुछ नहीं। आ… इनके टेबल क्लौथ पर थोड़ी चाय छलक गई है।” फिर उन्होने एक लंबी सांस ली और धीरे से कहा “बहुत देर हो गई है। मुझे समय का अंदाज ही नहीं रहा।” “अभी तो आठ भी नहीं बजे वनराज जी। खाना जल्दी लगवा देता हूँ।” “जी, मगर मुझे अब चलना होगा। अचानक कुछ काम याद आ गया है। सौरी अगेन मिष्टर सुदर्शन। आज डिनर साथ नहीं कर पाएंगे। फिर कभी सही।” और वनराज जी तेजी से बाहर निकल गए। उनके जाते ही माला अपने पति से लिपट गई। दो आँसू उसकी आँखों से बहकर सुदर्शन के वस्त्रों में लीन हो गए थे। *****

  • जीवन का सार

    हनुमान प्रसाद बाजपेई एक बार एक व्यापारी था, जो एक छोटे से गाँव में समुद्र तट के किनारे बैठा था। उसने देखा कि एक मछुआरा एक छोटी नाव को किनारे की ओर ले जा रहा है। उसने कुछ बड़ी मछलियाँ पकड़ी हैं। व्यापारी प्रभावित हुआ और उसने मछुआरे से पूछा, "इतनी मछलियाँ पकड़ने में आपको कितना समय लगता है?" मछुआरे ने उत्तर दिया, "ओह, बस थोड़ी देर।" "तो आप समुद्र में अधिक समय तक क्यों नहीं रहते और भी अधिक मछलियाँ पकड़ लेते?" व्यापारी ने चकित होते हुए पूछा। मछुआरे ने कहा, "यह मेरे पूरे परिवार को खिलाने के लिए काफी है।" व्यापारी ने फिर पूछा, "तो, आप बाकी दिन क्या करते हैं?" मछुआरे ने उत्तर दिया, "ठीक है, मैं आमतौर पर सुबह जल्दी उठता हूं, समुद्र में जाता हूं और कुछ मछलियां पकड़ता हूं, फिर वापस जाता हूं और अपने बच्चों के साथ खेलता हूं। दोपहर में, मैं अपनी पत्नी के साथ एक झपकी लेता हूं, और शाम आती है, मैं अपने दोस्तों के साथ ड्रिंक के लिए जाता हूं - हम गिटार बजाते हैं। व्यापारी ने मछुआरे को एक सुझाव दिया। "मैं व्यवसाय प्रबंधन में पीएचडी हूँ। मैं आपको एक अधिक सफल व्यक्ति बनने में मदद कर सकता हूं। अब से आपको समुद्र में ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा मछलियां पकड़ने की कोशिश करनी चाहिए। जब आपने पर्याप्त पैसा बचा लिया है, तो आप एक बड़ी नाव खरीद सकते हैं और अधिक मछलियाँ भी पकड़ सकते हैं। जल्द ही आप अधिक नावें खरीदने, अपनी खुद की कंपनी स्थापित करने, डिब्बाबंद भोजन और वितरण नेटवर्क के लिए अपना खुद का उत्पादन संयंत्र लगाने में सक्षम होंगे। तब तक, आप इस गांव और शहर से बाहर चले गए होंगे, जहां आप अपनी अन्य शाखाओं के प्रबंधन के लिए मुख्यालय स्थापित कर सकते हैं।" मछुआरा कहता है, "और उसके बाद?" व्यापारी दिल खोलकर हंसता है, "उसके बाद, आप अपने घर में एक राजा की तरह रह सकते हैं, और जब समय सही हो, तो आप सार्वजनिक रूप से जा सकते हैं और स्टॉक एक्सचेंज में अपने शेयर ला सकते हैं  और आप अमीर होंगे।" मछुआरा पूछता है, "और उसके बाद?" व्यवसायी कहता है, "उसके बाद, आप अंत में सेवानिवृत्त हो सकते हैं, आप मछली पकड़ने वाले गाँव के पास एक घर में जा सकते हैं। सुबह जल्दी उठ सकते हैं। कुछ मछलियाँ पकड़ सकते हैं, फिर बच्चों के साथ खेलने के लिए घर लौट सकते हैं। दोपहर में एक अच्छी झपकी ले सकते हैं। आपकी पत्नी, और जब शाम आती है, तो आप अपने दोस्तों के साथ शराब पी सकते हैं, गिटार बजा सकते हैं, गा सकते हैं और रात भर नाच सकते हैं।" मछुआरा हैरान था, "क्या अभी मैं यही नहीं कर रहा हूँ?" ******

  • खुशियों का सौदा

    विनय कुमार मिश्रा इस बड़े शहर में एक छोटा सा कॉस्मेटिक शॉप है मेरा। पति ने खोला था मेरे नाम पर। झुमकी श्रृंगार स्टोर। आज एक नया जोड़ा आया है मेरे दुकान पर। स्टाफ ने बताया कि सुबह से दूसरी बार आये हैं। एक कंगन इन्हें पसंद है पर इनके हिसाब से दाम ज्यादा है। इन्हें देख इस दुकान की नींव, मेरा वजूद, और अपनी कहानी याद आ गई। ऐसे ही शादी के बाद पहली बार हम एक मेले में साथ गए थे। मुझे काँच की चूड़ियों का एक सेट पसंद आया था। तब आठ रुपये की थी और हम ले ना पाए थे। ये बार-बार पाँच रुपये की बात करते मगर उसने देने से मना कर दिया। उन्हें मुझे वो चूड़ी ना दिलाने का अफसोस ज़िंदगी भर रहा था। क्यूंकि उस दिन मैं पहली बार उनके साथ मेले में गई थी और कुछ पसंद किया था। उसदिन इनके जेहन में इस दुकान की नींव पड़ गई थी। इतना प्रेम करते थे मुझसे कि फिर कभी कुछ माँगना ही ना पड़ा। मेरी खुशियों के लिए रातदिन एक कर दिया। ये सब याद कर मेरी गीली आँखे इनके फूल चढ़े तस्वीर की तरफ गई जिसके शीशे में ये जोड़ी नज़र आ रही थी। "सर! सुबह ही कहा था कि हजार से कम नहीं होगा।" "चलिये ना, कोई बात नहीं! फिर कभी ले लेंगे।" दोनों सीधे साधे गाँव के लग रहे थे बिलकुल जैसे हम थे। लड़की मेरी ही तरह स्थिति समझ रही है और लड़के में इनके जैसा उसे दिला देने की ललक और ज़िद्द। इस प्यार को मैं महसूस कर रही थी। "एक बार और देख लीजिए ना अगर सात सौ तक भी..!" "एक ही बात कितनी बार बोलूं सर, नहीं हो सकता।" जैसे मैं इनका हाथ लिए मेले के उस दुकान से वापस जा रही थी और ये मायूस हो कदम वापस ले रहे थे..ये जोड़ा भी दुकान से बढ़ने ही वाले थें। "रुकिए आपलोग! कौन सा कंगन पसंद है।" "ये गोल्डेन और रेड वाला मैम" स्टाफ ने कहा। "इसपर तो कल ही फिफ्टी परसेंट डिस्काउंट लगाने को बोला था तुमको।" "कब बोला था मैम?" "अच्छा! लगता है मैं भूल गई थी। जी ये अब पाँच सौ का ही है, आप ले जाइए।" लड़के की खुशी देख मुझे महसूस हो रहा था कि उसदिन ये भी ऐसे ही खुश होते। स्टाफ मुझे ऐसे देख रहा था जैसे आज पहली बार मैंने घाटे का सौदा किया हो। पर उसे क्या पता.. खुशियों का सौदा नहीं होता..! *****

  • प्रेमा

    सरोजनी माथुर प्रेमा एक साधारण नयन नक्श वाली महिला है, उसे न ही ब्रांडेड कपड़ो का शौक है और न ही किसी प्रकार के सजने संवरने का। पूरी सोसाइटी में औरते उसका मजाक उड़ाया करती हैं। ऐसा नहीं की प्रेमा या उसके परिवार वालों को पता नही चलता है, पर वो बेवजह के बहस में पड़ना नही चाहते हैं। वैसे तो प्रेमा सरकारी स्कूल में टीचर है, तो भी वह स्कूल जाते समय, सास के कहने पर लिपिस्टिक लगा लेती है और वो भी बिना मैचिंग के। स्कूल में उसकी साथी टीचर्स मजाक उड़ाती हैं तो वह कहती है।" मुझे फर्क नही पड़ता, वैसे भी सज संवर कर क्या फर्क पड़ जायेगा, जैसी हूं वही रहूंगी।" सब से बड़ी बात ये है कि उसका पति महेंद्र स्मार्ट और सुंदर है, उसके बावजूद उसने ऐसी औरत से शादी की। इस बात की सबको बहुत टेंशन होती है, और तो और महेंद्र उसे दिल से चाहते हैं। उसका पूरा परिवार ही उसका मुरीद हैं, और इसी वजह से सोसाइटी की औरते और भी जली भुनी रहती थी। जबकि वो सुंदर स्मार्ट है, सब कुछ करने के बाद भी उनके घरों में रोज झगड़े होते थे। सोसाइटी की महिला अध्यक्ष सुनीता जो अपने आप को बहुत ही सुंदर और पढ़ी लिखी मानती हैं। वह अक्सर इस बात पर डिस्कस किया करती थी, कि इस प्रेमा ने अपने परिवार पर जरूर कोई जादू किया है, जो सब इसके अनुसार चलते हैं। ना ही कभी झगड़ा होता है और न ही कोई ऊंची आवाज में कहा सुनी। उसके सास ससुर को लोग कई बार भड़काने के लिए कहते हैं कि आप का लड़का इतना सुंदर स्मार्ट है, तो क्या सोचकर आपने ऐसी लड़की से शादी कर दी। लगता है दहेज ज्यादा मिला होगा, या कुछ और होगा। जितने मुंह उतनी बातें होती हैं, पर इन लोगो को कोई फर्क नहीं पड़ता है। एक दिन सुनीता और दूसरी औरते मौका पाकर प्रेमा से पूछती है, कि "ऐसा क्या जादू किया है उसने घर वालो पर जो उससे इतने अच्छे से रहते हैं।" वह मुस्कराकर रह जाती है, सब औरते मन मसोस कर रह जाती हैं, क्योंकि उनका कोई दाव नही चलता। एक दिन सुनीता का बेटा बोलता है "मम्मी मुझे एक मैथ्स का क्वेश्चन समझ नहीं आ रहा है।” सुनीता को ध्यान आता है कि प्रेमा भी मैथ्स टीचर है और आज तो छुट्टी भी है। वह घर पर ही होगी, वह बेटे को लेकर उसके घर जाती है। प्रेमा बड़ी खुश होकर उसका स्वागत करती है। उसे हाल में बैठाती है। सुनीता देखती है कि पूरा घर एकदम साफ सुथरा है। उसके ससुर और सास अंदर के कमरे में हैं। वह चाय और बिस्किट नमकीन लेकर आती है, और इनके सामने रख कर फिर ससुर और सास को देकर आती है। सुनीता सोचती है कि उसके ससुर दस बार बोलते हैं तब वह चाय देती है। वह भी चार बातें सुनाकर। उसी समय महेंद्र और बच्चे आते हैं। शायद कुछ सामान लेने गए थे। प्रेमा उन्हें भी चाय देती है, और सारा सामान चेक करके अंदर रखती है। सुनीता तो पति के लाए हुए सामानों में पचास नुस्ख निकालती है। कई बार तो वह सामान उसके सामने फेंक तक देती थी, जिस कारण दो दो दिन बात नहीं होती थी। प्रेमा उससे आकर कहती है, दीदी बस पांच मिनट, मैं जरा इन लोगो को नाश्ता देकर फिर इसे बता देती हूं। जबकि वह उसे टाल भी देती तो वह क्या करती। वह खुद घर आए लोगो को दरवाजे से ही टाल देती है। कई बार तो उसने उन्हें ये भी कह दिया था कि इस तरह घर न आया करो। पर प्रेमा को देख उसे लगता है वह तो बहुत गलत विचार रखती है। तभी प्रेमा सबको नाश्ता देकर उन दोनों के लिए भी लाती है। सुनीता देखती हैं कि प्रेमा सब का बराबर ख्याल रखती है। जो काम वह उसके पति के कई बार बोलने पर नही करती है वह बिना बोले कर रही थी। सुनीता के मना करने के बाद भी वह उन्हें जबरदस्ती नाश्ता खाने को कहती है। फिर वही बैठ उसके बेटे का मैथ्स देखने लगती है, और उसे समझाने लगती है। इस बीच उसके ससुर दो बार बुलाते हैं, और पति और बच्चे भी बुलाते हैं, पर उसके चेहरे पर मुस्कान ही रहती है। सुनीता सोचती है, कि "इतने देर में तो वह घर के सभी मेंबर्स को सुना चुकी होती। कितना बड़ा फर्क था, उसमें और प्रेमा में। वह पढ़ी लिखी उससे तो ज्यादा ही थी और वह भी टीचर है। उसे अहसास होता है कि क्यों उसके पति और घर वाले उसे पसंद करते हैं।" प्रेमा तब तक उसके बेटे को सीखा चुकी थी। बेटा खुश होकर थैंक्स कहता है तो वह बोलती है "बेटा जब भी कोई प्रोब्लम हो आ जाया करो शाम को।" सुनीता उसको धन्यवाद देती है, तो वह कहती है अरे क्या दीदी इसमें धन्यवाद किस बात का। आपका घर है कभी भी आइए। उसके इस सादगी की वह भी कायल होती है, आज उसे समझ में आता है कि असली सुंदरता क्या है, वह जाती है। नेक्स्ट वीक में सोसाइटी में बेस्ट वूमेन ऑफ ईयर का अवार्ड देना था। उसमें जब प्रेमा का नाम घोषित होता है तो आधी औरतों को चक्कर आ जाता है। बेचारी इतनी सज धज कर ब्यूटी पार्लर से आई थी, और बाकी आधी ये कहने लगती हैं कि जरूर सुनीता मेडम का दिमाग खराब हो गया है। सुनीता कहती है "मैंने सूरत और नखरे देखकर अवार्ड नही दिया। सच जानकर दिया है। हम सभी को इनसे सीखने की जरूरत है। आज मैं भी इनके नक्से कदम पर चल रही हूं तो मेरे घर पर भी शांति हो गई है।" सभी औरतें प्रेमा को देखती हैं। वह हाथ जोड़कर कहती है कि मैं तो बस अपने परिवार की सेवा करती हूं, बाकी मुझे कुछ और नहीं आता है। *****

  • क्या कुछ बदला

    सन्दीप तोमर   क्या कुछ बदला मेरे होने या न होने से धरती आज भी उसी रफ्तार से घूम रही है चाँद भी उसी तरह अपनी चाँदनी बिखेर रहा है ध्वल रोशनी कम नहीं हुई तारे आज भी टिमटिमाते हैं तुमने कहा था कि "तुम बदल गए" माना कि हालात ने मुझे बदल दिया परंतु-- एक मेरे बदलने से कितना अंतर आया (?) प्रकृति के अपने नियम हैं नियति का अपना चक्र है ये किसी एक के बदलने या कि नहीं बदलने से रुकता नहीं इसी तरह व्यक्ति की भी एक नियति है, एक प्रकृति है उसके भी जीने का एक ढंग है किसी एक के होने या न होने से क्या फर्क पड़ता है निवेदनार्थ- मत रुकने देना मेरे बाद अपनी चर्या को ही तुम उसी शिद्दत से मुझे याद करना जिस तरह मेरे होने पर उमड़ते थे जज़्बात मत रुकने देना उनका प्रवाह ही ये जींवनोउल्लास सम्भवतः जीवित रखेगा तुम्हारे अंदर एक जिजीविषा को। ******

  • टूटते रिश्ते

    अनुज कुमार जायसवाल सुबह के साढ़े सात बजे जब निधि स्कूल के लिए ‌तैयार हुई तो‌ चुपके से ऊपर मम्मी के बेडरूम में ‌ग‌ई, धीरे से डोर सरकाया देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। नीचे ड्राइंग रूम में आई तो पापा सोफे पर बेसुध सो रहे थे। अपने रुम में आकर उसने अपनी गुल्लक में से पचास रुपए निकाल कर पॉकेट में रख लिए। बैग उठा कर बस के लिए निकलने लगी तो सरोज आई, निधि बेटा - आलू का परांठा बनाया है, खा लो। निधि ने मायूस नजरों से सरोज आंटी को देखा - नहीं आंटी भूख नहीं है। सरोज ने जबरदस्ती टिफिन उसके बैग में डाला। निधि स्कूल के ‌लिए निकल गई। सरोज ‌सोचने लगी, बेचारी छोटी बच्ची! साहब और मेमसाब के रोज के लडा़ई झगडे से इस तेरह साल की उम्र में ‌कितनी बड़ी हो गई है। सरोज पिछले दस सालों से नेहा व नरेश के यहां काम कर रही है। दोनों ‌मल्टीनेशनल कंपनी में ऊंचे ‌पदों पर कार्यरत हैं। निधि उनकी इकलौती बेटी है। किसी चीज की कोई कमी नहीं है। पर हर समय दोनों एक दूसरे से लड़ते रहते हैं। नरेश पिछले कुछ समय से नेहा से तलाक चाह रहा है। नरेश चाहता है कि निधि की जिम्मेदारी नेहा उठाए और नेहा निधि की जिम्मेदारी ‌नरेश को देने के साथ जायदाद में हिस्सा चाहती है। इस कारण दोनों ‌लड़ते रहते हैं। बच्चे की जिम्मेदारी कोई नहीं लेना चाहता इसलिए दोनों एक दूसरे के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल ‌करते हैं। बेचारी निधि ‌स्कूल से घर आकर अपने कमरे में ‌दुबक जाती है। केवल सरोज आंटी ‌से ही‌‌ बात करती है। रोज‌ की तरह नेहा और नरेश ने नाश्ता ‌अपने अपने कमरे में किया और ऑफिस के लिए निकल गये। करीब बारह बजे स्कूल से कॉल आया कि जल्दी हास्पिटल पहुंचो, निधि को चोट‌ आई है। हॉस्पिटल पहुंच कर पता चला कि निधि बहुत ऊपर से सीढ़ियों से गिर गई है। आईसीयू में रखा गया था। आपरेशन की तैयारी हो रही थी। सिर में बहुत गहरी चोट आई थी। ऑपरेशन शुरू हुआ पर जिंदगी ‌मौत से हार गई। नेहा और नरेश स्तब्ध रह गए। उन्हें ऐसा झटका लगा था कि अपनी सुध-बुध ही खो बैठे थे। निधि की दादी ‌भी आ गई थी। बेटा बहू को देखकर नफरत से मुंह फेर लिया। पूछताछ हुई। टीचर स्टुडेंट्स सभी के बयान लिए गए। यही पता चला कि बैलेंस बिगड़ने से नीचे गिर गई। तेरहवां ‌निबटने‌ के बाद नरेश ने अपनी मां को रोकना चाहा पर उन्होंने आंखों में आंसू भर कर कहा - तुम दोनों खूनी हो तुम्हारी जिद मेरी पोती को खा ग‌ई। मैं उसे अपने साथ ले जाना चाहती थी, पर तुम दोनों ने उसे अपने अहम का मोहरा बना कर उसकी जान ले ली। मां चली गई। सरोज तब से सदमे में थी। फिर उसने जैसे तैसे होश संभाला। नरेश और नेहा से कहा - मेमसाब मैं अब यहां नहीं रह ‌पाऊंगी। इस घर की दीवारें मेरी निधि की सिसकियों से भरी हैं। उसे मैंने कभी अपनी गोद में तो कभी छिप कर रोते हुए देखा है। मेरा मन किया कि उसे लेकर भाग जाऊं पर मैं डरपोक थी। ऐसा नहीं कर सकी। अगर चली जाती तो शायद आज वो जिंदा होती। नरेश और नेहा के पास अब शायद कहने को कुछ नहीं था। जैसे जैसे दिन बीत रहे थे। उनका लडा़ई झगड़ा एक अजीब सी बर्फ में में तब्दील हो चुका था। उनकी सारी भावनाएं अंदर ‌ही अंदर एक खामोशी अख्तियार कर चुकी थी। संडे का दिन था। बड़ी मुश्किल से नेहा ने निधि के रूम में जाने की हिम्मत जुटाई थी। महीनों दोनों उसके कमरे में कदम नहीं रखते थे। कैसे मां बाप थे वो दोनों। उसका रूम, उसका बेड, तकिया, उसकी किताबें, उसकी पेंसिल, पैन, स्कूल बैग, सब वैसे ही रखा था। अलमारी खोली तो उसके कपड़े नीचे गिर पड़े। उसका हल्का ब्लू नाइट सूट जिसे वह अक्सर पहना करती थी। नेहा रोते हुए उसमें से सामान निकालने लगी। तभी उसके‌ हाथ एक ब्लू कलर की डायरी लगी। उसने कांपते हाथों से उसे खोला। आगे के कुछ पेज फटे हुए थे। पेज दर पेज टूटे‌ दिल की दास्तां छोटे छोटे टुकड़ों में दर्ज थी– मम्मी पापा, मैं आपको डियर नहीं ‌लिखूंगी। क्योंकि डियर का मीनिंग प्यारा होता है। पापा, आप मम्मी को कहते हो कि तुम्हारी बेटी। और मम्मी, आप पापा को कहते हो तुम्हारी बेटी। आप दोनों ये क्यों नहीं कहते कि ‌हमारी‌ बेटी। अगले पेज पर था, पता है जब मैं मामा जी के घर ‌जाती हूँ, मामा मामी ‌मुझे बहुत प्यार‌ करते हैं। मामी अनु को जब प्यार से मेरा बच्चा कहती हैं तो मुझे लगता है कि मैं प्यारी बच्ची नहीं हूं। मम्मा, मैं तो ‌आपका सारा कहना मानती हूं, फिर भी आपने मुझे कभी मेरा बच्चा नहीं कहा। एक पेज पर लिखा था‌, मम्मी, मैं जब बुआ के घर जाती हूं तो वो भी मुझे बहुत प्यार करती हैं। पर खाना हमेशा नक्ष की पंसद‌ का बनाती हैं। मम्मा मुझे राजमा बहुत पसंद है। मैंने आपको बनाने को कहा था पर आपने कहा मुझे परेशान मत करो। जो खाना है, सरोज आंटी को बोला करो। वो बना देंगी। मम्मा मैंने राजमा खाना छोड़ दिया है, अब अच्छा नहीं लगता। पापा, मुझे आपके चिल्लाने से बहुत डर लगता है। पापा, मैं आपके साथ आइसक्रीम खाने जाना चाहती हूं। आप कहते हैं कि आपके पास फालतू चीजों के लिए ‌टाइम नहीं है। पापा, जब चीनू मासी और मौसा जी मुझे और विपुल को आइसक्रीम खिलाने ले जाते हैं तो वो कभी ऐसा नहीं कहते। पता है मम्मी, मैं अपने घर से दूर जाना चाहती हूं जहां मुझे ये न सुनाई दे कि निधि को ‌मैं नहीं रखूंगी। जहां पापा के चिल्लाने की आवाज न सुनाई दे। पापा, अगर मैं बड़ी होती तो मैं आप दोनों को कभी परेशान नहीं करती। मैं खुद ही चली जाती। मैं आप दोनों से बहुत प्यार करती हूं। आप दोनों ‌मुझे प्यार क्यों नहीं करते। एक पेज पर था–आइलव यू सरोज आंटी। मुझे प्यार करने के लिए। जब मुझे डर लगता है, अपने पास सुलाने के लिए। मेरी हर बात सुनने के लिए। अंतिम पेज पर था, दादी, आई लव यू। आप मुझे यहां से ‌ले ‌जाओ। आई प्रॉमिस, कभी तंग नहीं करूंगी। नेहा डायरी को सीने से लगा कर जोर जोर से रो पड़ी। नरेश भी उसके रोने की आवाज सुनकर आ गया था। नेहा ने डायरी उसे पकड़ा दी। पेज दर पेज पलटते हुए उसके चेहरे के भाव बदलते जा रहे थे। वह ‌खुद को संभाल नहीं पाया। ‌जमीन पर बैठ गया। नेहा रोते हुए बोली नरेश, पता है वो एक्सीडेंट नहीं आत्महत्या थी। सुसाइड था। जिस रिश्ते को हम बोझ समझते थे, हमारी निधि ने उससे ‌हमें आजाद कर‌ दिया। नरेश हम दोनों ने अपनी बच्ची ‌का खून किया है। नरेश फूट-फूट कर रो पड़ा। *****

  • चांदी के खडुआ

    आंसू भी रो पड़े डॉ. जहान सिंह ‘जहान’ सेंगुर नदी की कछार में बसा फरीदपुर मल्लाहों का डेरा। एक हंसती-खाती खुशमिजाज बस्ती। मछली पकड़ना, तरबूज, ककड़ी, खीरा, खरबूजा की खेती करना इस बस्ती के लोगों का मुख्य व्यवसाय था।  ‘जग्गू’ मल्लाह इस गांव का सरपंच, पैसा पानी से मजबूत उसके पास दो नाव भी थी। घाटों का ठेका लेता था। उसकी अच्छी धाक थी। ‘सुखिया’ उसका बड़ा लड़का अच्छी कद काठी का नौजवान उम्र जवानी की नाजुक मोड़ पर। बाप को उसकी शादी की चिंता रहती थी। वह चाहता था कि ऐ काम जल्दी से जल्दी हो जाए। अगर कुछ ऊंच-नीच हो गया तो उसका नाम खराब होगा। रिश्ते तो कई आए पर बात नहीं बनी। नदी के उस पार गुल्ली ठेकेदार का परिवार रहता था। उसकी लड़की ‘लौगश्री’ शादी योग्य थी। दोनों परिवार एक दूसरे को जानते थे। बात बन गई और बड़े धूमधाम से शादी हो गई। दुल्हन ‘लौगश्री’ बहुत सुंदर थी। श्यामल रंग, बड़ी-बड़ी आंखें, तीखा नाक नक्श, छरहरा बदन, हिरनी सी चाल, सुडोल बाहें और मजबूत कंधे, चांदी के खडुआ से भरी-भरी सी पिंडलियाँ। क्या खूब नाव चलाती थी। कुछ ही दिनों में घाट पर, गांव में नदी के उस पार, हर तरफ उसकी खूबसूरती के चर्चे होने लगे। गांव का बनिया ‘मुरारी लाल’ एक सूदखोर, गांठ गिरवी का काम। बिना कुछ गहन धरी, बिना जमानत वह किसी को कुछ नहीं देता था। पैसे की मदद के लिए बस्ती वाले लोग उसके पास आते थे। और कुछ लेने के बदले ही वह कुछ देता था। बहुत लालची और स्वार्थी था। ‘लौगश्री’ को वह पहले दिन से गलत नजरों से देखने लगा था। वक्त तेजी से भाग रहा था। ‘लौगश्री’ को दो बच्चे भी हो गए।  एक साल गांव में भीषण बाढ़ आई। सब बस्ती डूबने लगी। उसका पति ‘सुखिया’ लोगों को बचा कर बच्चे, मवेशियों को नाव से पार कर रहा था। तेज बरसात थी, पानी के ऊंचे-ऊंचे थपेड़े नाव अचानक पलट गई। लोग तो निकल आए पर ‘सुखिया’ का पैर रस्सी में फंस गया। नाव डूबी और ‘सुखिया’ बच न सका। ‘लौगश्री’ पर तो जैसे पहाड़ टूट पड़ा हो। खेत खलिहान सब तबाह हो गया। झोपड़ियाँ डूब कर तहस-नहस हो गई। खुशहाल बस्ती वीरान हो गई। दो जून रोटी की मुसीबत हो गई। ‘लौगश्री’ साहसी, खुद्दार औरत उसने अपनी कुब्बत पर भरोसा करके इस गांव में रहने का फैसला कर लिया। खेतों में मजदूरी करके बच्चे पालने लगी। धीरे-धीरे उसने अपनी झोपड़ी बना ली। वक्त ने कितने कष्ट दिए पर उसकी उम्मीद, हिम्मत और खूबसूरती नहीं टूटी। आज भी उतनी ही जिंदा दिल और उसके किरदार की मजबूती बरकरार थी।  उसके छोटे बेटे की तबीयत कुछ दिनों से काफी खराब चल रही थी। बुखार उतारने का नाम नहीं ले रहा था। परेशान मां ओझा की सलाह, झाड़-फूंक, चूरण चटनी का हर इलाज कर चुकी थी। पर कोई आराम नहीं मिला।उसने कस्बे के डॉक्टर को दिखाने का इंतजाम किया। बच्चों को गोद में लेकर दो मील पैदल चलकर सड़क तक पहुंची। फिर तांगे पर कस्बे में पहुंची। शाम हो रही थी, डॉक्टर ने कहा यह मियादी बुखार है। एक सुई लगेगी वह शहर से मगंवानी पड़ेगी और ₹10 खर्च लगेगा। मां बेचारी गरीबी और लाचारी से परेशान पैसा कहां से लाये? उसने डॉक्टर साहब से कहा आप मेरे बच्चे को बचा लीजिए। मैं गांव जाकर कुछ ना कुछ करके आपको पैसे दे दूंगी। यह सब जल्दी ही करना होगा। जब तक पैसा नहीं होगा, सुई नहीं मिलेगी। जल्दी ले आओ, बच्चों की जान को खतरा है। ‘लौगश्री’ सारी भागी-भागी जैसे तैसे बस्ती पहुंची। रातभर सोचती रही क्या करें। उसे मुरारीलाल सूदखोर की याद आई। शायद, मुझ पर दया करके पैसे दे दे। सीधी बनिया के पास पहुंची और पैसे मांगे। तो मुरारी लाल बोला कैसे दे दूं। क्या है तुम्हारे पास वापस करने के लिए। तुम हमें क्या दे सकती हो? ‘लौगश्री’ बोली मेरे पास क्या है देने को? मुरारी की लम्पट निगाहें उसे ऊपर से नीचे तक देखने लगी। वह सहम गई और पल्लू संभालते हुए रूआसी बोली लाला जी मुरारी बोला तुम्हारे पास बहुत कुछ है देने को। ‘लौगश्री’ बोली मेरे पास यह चांदी के कक हैं। मैं आपको दे दूंगी। मुझे पैसे दे दें मेरे बच्चे की जान को खतरा है। और तुरंत इलाज होना है। वह खडुआ उतरने लगी। पर वह उतरे नहीं। मां ने बचपन में पहनाए थे, अब पैर मोटे हो गए थे। बोली मैं लौट कर दे दूंगी। लाला सूदखोर नहीं माना और लोहार बुलाकर खडुआ कटवाने का फैसला किया। लोहार ने काटने की कोशिश की पर पैर में चोट आ सकती थी। पैर कट सकता था। वह फिर आरी लेने गया। बहुत देर बाद आया और खडुआ काट दिए। फिर पैसे दिए। रात बीत चुकी थी। भूखी प्यासी माँ फिर कस्बे की तरफ भागी।  डॉक्टर को पैसे देते हुए रोते-रोते कह रही थी। मेरे बच्चे को बचा लीजिए। डॉक्टर जड अवस्था में खड़ा आसमान निहार रहा था। बच्चा मरा हुआ कपड़े से ढका बेंच पर लेटा था। डॉक्टर ने कहा बहुत देर कर दी आपने पैसा लाने में। यह कहते हुए अपने कमरे में चला गया। ‘लौगश्री’ अचेत होकर गिर गई पर उसने अपने किरदार को नहीं गिरने दिया।  इतनी लालच की इंसानियत से कितना दूर हो गए। आज आंसू भी रोने को मजबूर हो गए।। *****

  • भूखी चिड़िया

    श्वेता श्रीवास्तव सालों पहले एक घंटाघर में टींकू चिड़िया अपने माता-पिता और 5 भाइयों के साथ रहती थी। टींकू चिड़िया छोटी सी थी। उसके पंख मुलायम थे। उसकी मां ने उसे घंटाघर की ताल पर चहकना सिखाया था। घंटाघर के पास ही एक घर था, जिसमें पक्षियों से प्यार करने वाली एक महिला रहती थी। वह टींकू चिड़िया और उसके परिवार के लिए रोज रोटी का टुकड़ा डालती थी। एक दिन वह बीमार पड़ गई और उसकी मौत हो गई। टींकू चिड़िया और उसका पूरा परिवार उस औरत के खाने पर निर्भर था। अब उनके पास खाने के लिए कुछ नहीं था और न ही वो अपने खाना जुटाने के लिए कुछ करते हैं। एक दिन भूख से बेहाल होने पर टींकू चिड़िया के पिता ने कीड़ों का शिकार करने का फैसला किया। काफी मेहनत करने के बाद उन्हें 3 कीड़े मिले, जो परिवार के लिए काफी नहीं थे। वे 8 लोग थे, इसलिए उन्होंने टींकू और उसके 2 छोटे भाइयों को खिलाने के लिए कीड़े साइड में रख दिए। इधर, खाने की तलाश में भटक रही टींकू, उसके भाई और उसकी मां ने एक घर की खिड़की में चोंच मारी, ताकि कुछ मिल जाए, लेकिन कुछ नहीं मिला। उल्टा घर के मालिक ने उनपर राख फेंक दी, जिससे तीनों भूरे रंग के हो गए। उधर, काफी तलाश करने के बाद टींकू के पिता को एक ऐसी जगह मिली, जहां काफी संख्या में कीड़े थे। उनके कई दिनों के खाने का इंतजाम हो चुका था। वह जब खुशी-खुशी घर पहुंचा, तो वहां कोई नहीं मिला। वह परेशान हो गया। तभी टींकू चिड़िया, उसका भाई और मां वापस लौटे, तो पिता उन्हें पहचान नहीं पाए और गुस्से में उन्होंने सबको भगा दिया। टींकू ने पिता को समझाने की काफी कोशिश की। उसने बार-बार बताया कि किसी ने उनके ऊपर रंग फेंका है, लेकिन टींकू के हाथ असफलता ही लगी। उसकी मां और भाई भी निराश हो गए, लेकिन टींकू ने हार नहीं मानी। वह उन्हें लेकर तालाब के पास गई और नहलाकर सबकी राख हटा दी। तीनों अब अपने पुराने रूप में आ गए। अब टींकू के पिता ने भी उन्हें पहचान लिया और माफी मांगी। अब सब मिलकर खुशी-खुशी एक साथ रहने लगे। उनके पास खाने की भी कमी नहीं थी। सीख : कभी भी किसी पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहिए। इंसान को खुद मेहनत करके अपनी जरूरत की चीजों को जुटाना चाहिए। ******

  • संभावनाएँ

    कुँवर नारायण   लगभग मान ही चुका था मैं मृत्यु के अंतिम तर्क को कि तुम आए और कुछ इस तरह रखा फैलाकर जीवन के जादू का भोला-सा इंद्रजाल कि लगा यह प्रस्ताव ज़रूर सफल होगा। ग़लतियाँ ही ग़लतियाँ थी उसमें हिसाब-किताब की, फिर भी लगा गलियाँ ही गलियाँ हैं उसमें अनेक संभावनाओं की बस, हाथ भर की दूरी पर है, वह जिसे पाना है। ग़लती उसी दूरी को समझने में थी। ******

  • कैसी शर्म

    रमेश चंद्रा सोनू की जब शादी हुई थी, तब सदर बाजार में उसका सेंट बेचने का बिजनेस खूब चलता था। किंतु 5 साल बाद उसके बिजनेस में अचानक ब्रेक लग गया। तब उसकी पत्नी मीनाक्षी ने एक अस्पताल में गार्ड की नौकरी करनी शुरू कर दी। सोनू अब घर पर ही रहता था। पत्नी ड्यूटी जाने लगी।  इस बात को 9 महीने बीत गये। एक दिन सोनू अपने दूर के मित्र दिलीप के पास आया था। जमकर खूब बातें हुई बिजनेस के बारे में। बिजनेस को दोबारा से कैसे शुरू किया जाए। तमाम बातें उनकी हुई। सोनू अपने मित्र से मिलकर बाहर सड़क पर आ गया। पास में ही वह अस्पताल था, जिसमें सोनू की पत्नी मीनाक्षी काम करती थी। सोनू अपनी पत्नी के अस्पताल में पहुंच गया। पहले तो वह घर जाने की सोच रहा था। उसे याद आया कल जब शाम को उसकी पत्नी मीनाक्षी घर आई थी, तो उसका चेहरा कुछ उदास लग रहा था। कई दिनों से उसने ठीक से बात भी नहीं की थी। यही सोचते-सोचते सोनू, ड्यूटी पर पहुंच गया। किंतु वह अपनी पोस्ट पर नहीं थी। किसी दूसरी महिला गार्ड ने बताया उसका अक्सर फोन आता है, वह अस्पताल के पीछे चली जाती है। सोनू कुछ सोचता हुआ अस्पताल के पीछे चल पड़ा। उसकी बीवी फोन में किसी से बातें करते हुए रो रही थी। उसका सारा ध्यान अपने मोबाइल पर ही था। वह रोते-रोते बता रही थी, जब मेरी शादी हुई थी, तब मैं अपने पति का घर पर इंतजार करती थी। उनके आते ही उन्हें एक गिलास पानी पिला देती। उनके जूते उतार देती। उन्हें हमेशा खुश रखती। लेकिन आज जब मैं ड्यूटी से घर जाती हूं, तो मेरे पति ने कभी भी मुझे एक गिलास पानी नहीं दिया। क्या पानी पिलाने का अधिकार सिर्फ महिलाओं को है, पुरुषों को नहीं।  सोनू अपनी पत्नी से बिना मिले ही वापस घर लौट आया। घर की सफाई करने के बाद घर के बर्तन धोकर रसोई घर में सजा दिए। मीनाक्षी जब शाम को घर पहुंची तो सोनू ने अपनी पत्नी को कुर्सी पर बिठा दिया। एक गिलास पानी अपनी पत्नी को देते हुए सोनू ने जवाब दिया, अब तुम्हें रोज एक गिलास पानी पीने को मिलेगा। मैं अपने हाथों से दूंगा इस बात को सुनकर मिनाक्षी प्यार भरी निगाहों से अपने पति को देखने लगी। पत्नी की मुस्कुराहट देखकर सोनू के भीतर से एक आवाज आई कामकाजी महिलाएं जब नौकरी से घर आती है तो, उनका सम्मान करें, उन्हें एक गिलास पानी पिलाने में कैसी शर्म। *****

  • बोनस

    भूपेंद्र सिंह "गुड मॉर्निंग सर, क्या मेरी बात भूपेंद्र जी से हो रही है?" "जी मैडम, कहिए.. भूपेंद्र ही बोल रहा हूँ।" "सर, मैं रितु श्रीवास्तव.. एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस डिपार्टमेंट से बोल रही हूँ। मैं देख पा रही हूँ कि आप पिछले 10 वर्षों से हमारे वैल्युएबल कस्टमर है और हमेशा अपना प्रीमियम समय से भरते आये हैं। क्या यह समय आपसे बात करने के लिए उपयुक्त है?" "जी मैडम, कहिए। मैं आपकी बात सुन रहा हूँ।" "ठीक है सर। मैं शुरू करती हूँ लेकिन आप एक बात का ध्यान रखें। यह कॉल क्वालिटी सर्विस प्रोवाइड के लिए रिकॉर्ड की जा रही है। अतः आप इस बात का ध्यान रखें कि आप किसी भी तरह का कोई ओटीपी, पिन पासवर्ड, ईमेल आईडी जैसी गुप्त सूचनाएं किसी से शेयर ना करें।" "ठीक है। आप अपनी बात कहिए।" "भूपेंद्र जी, जैसा मैं देख पा रही हूँ आप पिछले 10 वर्षों से हमारे वैल्युएबल कस्टमर है और पिछले दस वर्षों से लगभग 25000 रुपये वार्षिक प्रीमियम भरते आ रहे हैं। भूपेंद्र जी, SBI LIFE INSURANCE की तरफ से आपको और आपकी ब्रांच को 'बोनस के Regarding' तीन बार ईमेल पर सूचना दी जा चुकी है और पत्रव्यवहार पर लेटर भेजा जा चुका है। लेकिन न तो आपकी ओर से और ना ही आपकी ब्रांच की ओर से बोनस निकासी की कोई कार्यवाही की गई और न ही किसी तरह का कोई जवाब दिया गया है। आज अंतिम तिथि पर आपकी फाइल मेरे सामने रखी है। आपके मोबाइल नम्बर पर भी बहुत बार कॉल की गई। आपका नम्बर नहीं लगा और बहुत बार व्यस्त बताता रहा। क्या मैं जान सकती हूँ कि आपने बोनस की अमाउंट अपने खाते में लेने के लिए कोशिश क्यों नहीं की?" "एक मिनट मैडम जी, आप क्या कह रहीं हैं? मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा? हां, यह सच है कि मेरी एसबीआई लाइफ में पॉलिसी चल रही है लेकिन यह बोनस का क्या मामला है? जब हर वर्ष बोनस की रकम डायरेक्ट मेरे खाते में ट्रांसफर हो जाती है तो इस वर्ष भी खुद ट्रांसफर हो जानी चाहिए थी। आप बोल रही हो कि बोनस से संबंधित लेटर, मेल आपने भेजे हैं लेकिन मेरे पास ऐसी किसी तरह की कोई सूचना नहीं आई। न तो मुझे आपकी मेल मिली, न ही कोई लेटर मिला और ना ही बैंक से मुझे कॉल आए। मुझे खुलकर बताइये आखिर क्या बात है?" "भूपेंद्र जी, जैसा मैं देख पा रही हूँ। आप पिछले 10 वर्षों से प्रीमियम का भुगतान समय से करते आ रहे हैं। अब तक आप लगभग ढाई लाख रुपए का भुगतान कर चुके हैं लेकिन आपके द्वारा जमा की गई धनराशि के सापेक्ष आपकी फंड वैल्यू 158472 रुपए ही शो हो रही है।" रितु मैडम द्वारा फंड वैल्यू कम बताये जाने पर मेरा माथा ठनका। "ऐसे कैसे हो सकता है?" मैंने सवाल किया। "रुपए बढ़ने की बजाय कम कैसे हो सकते हैं?" "बिल्कुल ऐसा ही है। आपको जानकारी के लिए बता दूँ। आपके द्वारा यह जो पॉलिसी ली गई है, यह पॉलिसी शेयर मार्केट पर आधारित है।" "ऐसा नहीं हो सकता। मैंनें पॉलिसी शेयर मार्केट वाली नहीं ली थी।" "हमारे सिस्टम में यही शो हो रहा है भूपेंद्र जी। आपको तो पता है कि अभी कोरोना के कारण शेयर मार्केट कितना गिर गया था। अब धीरे-धीरे मार्केट मंदी के दौर से उबर रहा है। जैसे-जैसे मार्केट ऊपर की ओर जाएगा, आपकी फंड वैल्यू बढ़ती जाएगी और जैसे-जैसे मार्केट नीचे जाएगा, आपकी फंड वैल्यू कम होती जाएगी।" "यह तो मुझे भी पता है कि शेयर मार्केट आधारित पॉलिसी में ऐसा होता है।" "क्या मैं पूछ सकती हूँ कि आपने पॉलिसी किससे ली थी?" "बिल्कुल, जिस SBI बैंक में मेरा खाता है। इस बैंक में विपिन प्रभाकर जी.. जो क्लर्क थे, उन्हीं से ली थी।" "भूपेंद्र जी, जैसा मैं देख पा रही हूँ। आपकी पॉलिसी पर एजेंट कोड लगा हुआ है। एजेंट कोड का मतलब तो आप समझते ही होंगे? चलो, मैं बताती हूँ। सुनिए, आप जिस एजेंट से पॉलिसी करवाते हैं, कंपनी उस एजेंट को जमा प्रीमियम की धनराशि पर निश्चित मात्रा में कमीशन देती है। आपके एजेंट ने ज्यादा कमीशन के चक्कर में आपकी पॉलिसी गारंटेड रिटर्न वाली न करके.. शेयर मार्केट पर आधारित कर दी। इस वजह से हर साल आप जो प्रीमियम जमा करते हैं, उसका 40 परसेंट लगभग ₹10000 आपके एजेंट के खाते में चले जाते हैं और बाकी शेष ₹15000 रुपये मार्केट में लग पाते हैं। तभी आपकी फंड वैल्यू 158472 दिख रही है जबकि आप ढाई लाख रुपए जमा कर चुके हैं। अगर आप कहो तो मैं यह एजेंट कोड हटा सकती हूँ ताकि आगे से आपकी सारी अमाउंट मार्केट में लग सके और आपका फायदा हो सके।" "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि विपिन ऐसा कर सकते हैं? आप देख कर बता रहे हो तो ऐसा हो भी सकता है कि उन्होंने मेरी पॉलिसी शेयर मार्केट आधारित कर दी हो।" मैंने रितु के बात का समर्थन करते हुए अपने मन की शंका जाहिर की। "भूपेंद्र जी, आपको पता होगा कि शेयर मार्केट में NAV UNITS खरीदी-बेची जाती हैं। कंपनी आपके द्वारा जमा की गई प्रीमियम की राशि को अपॉर्चुनिटी फंड, ब्लूचिप फंड, फ्लेक्सी कैप फंड, मिडकैप फंड इत्यादि में इन्वेस्ट करती है। इससे कंपनी को जो एक्स्ट्रा इनकम होती है, उस एक्स्ट्रा इनकम का कुछ हिस्सा ग्राहकों को बोनस (लाभांश) के रूप में वितरित करती है। इस बार कंपनी को अच्छा रिटर्न प्राप्त हुआ। जो NAV UNITS कम्पनी ने 10 रुपये के भाव से खरीदी थी उनकी वैल्यू 40 रुपये प्रति यूनिट्स हो गई है, इसलिए कंपनी ने अपने ग्राहकों को बोनस देने का फैसला किया क्योंकि आपकी रकम से ही कम्पनी ने तगड़ा मुनाफा कमाया था। भूपेंद्र जी, आप हमारे वैल्युएबल कस्टमर है। कंपनी कभी नहीं चाहती कि उनके ग्राहकों का नुकसान हो। इसलिए कंपनी प्रीमियम के रूप में प्राप्त रकम को ऐसी कंपनी के शेयर खरीदने में या ऐसी प्रोपर्टी में इन्वेस्ट करती है, जहां से उसे एक अच्छा रिटर्न मिल सके। जब आप पॉलिसी लेते हैं तो उसमें सरकारी नियमों को ध्यान में रखकर POLICY BOND में सिर्फ गारंटेड रिटर्न ही शो किया जाता है। इसके अलावा कंपनी को जो एक्स्ट्रा इनकम होती है, उसको दूसरे तरीके से भेजा जाता है। इस तरह की इनकम (बोनस) को खाते में ट्रांसफर करवाना होता है। आपको बोनस की मिलने वाली रकम 567980 रुपए है। इस बोनस की रकम को अपने खाते में ट्रांसफर करवाने के नियमों को लेकर.. आपको और आपकी एसबीआई ब्रांच को पहले भी दो बार लेटर और ईमेल के जरिए सूचित किया जा चुका है। अब तीसरी व अंतिम बार हमने रिमाइंडर लेटर भेजा था। यह समझ में आता है कि आपके एजेंट के द्वारा पॉलिसी पर लगाए गए एजेंट कोड के कारण पॉलिसी की सारी सूचना आपके एजेंट पर जा रही होंगी। आपके एजेंट ने इस बारे में आपको कोई सूचना नहीं दी। लेकिन आपकी बैंक के द्वारा भी आपको कोई सूचना नहीं की गई, यह खेदजनक है। आज बोनस की रकम खाते में ट्रांसफर करवाने की अंतिम तिथि है। इस समय शाम के 4:00 बज रहे हैं। अगर आप आज 6:00 बजे तक हमारे SBI LIFE हेड ऑफिस, मुंबई आ सको या हमारी दूसरी सहायक ब्रांच, दिल्ली पहुंच सको.. तो आप यह बोनस की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा सकते हैं। अब समय ज्यादा हो गया है, अंतिम तिथि भी है। मुझे नहीं लगता कि आप अगले दो घंटे के अंदर हमारे ऑफिस पहुंच सकते हो।" "आप सही कह रही हो। अगले 2 घंटे में मैं आपके ऑफिस नहीं पहुंच पाऊंगा। दिल्ली ही हमारे यहां से करीब है। दिल्ली का रास्ता ही लगभग 4 घण्टे का होगा। 6 बजे तक ऑफिस पहुंचना असम्भव है। अब मुझे अपनी बोनस की रकम लेने के लिए क्या करना होगा? मार्गदर्शन कीजिए।" "हम नहीं चाहते कि हमारे वैल्युएबल कस्टमर का कोई नुकसान हो, यह रकम अभी भी आपको मिल सकती है। लेकिन इसके लिए आपको हमारे हेड सर सत्यप्रकाश भारद्वाज जी से बात करनी होगी। वही आपकी मदद कर सकते हैं। सत्यप्रकाश जी काफी व्यस्त रहते हैं। आपको उनसे बात करने में दिक्कत हो सकती है या काफी देर तक आपकी कॉल होल्ड पर रह सकती है। अतः आप एक काम करो। आप सत्यप्रकाश जी के PA (पर्सनल असिस्टेंट) अभिनव जैन का मोबाइल नंबर नोट कर लो। इनका नंबर है 8****8294 है। आप इनसे मेरा नाम बता कर और अपनी फाइल का नंबर बता कर बात कर लीजिएगा। अभिनव सर आपकी सत्यप्रकाश भारद्वाज जी से बात कर देंगे। भारद्वाज जी बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। आप अपनी सारी समस्या उनके सामने रख दीजिएगा और बता देना कि आपको इस बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई थी, इसलिए आप बोनस की रकम ट्रांसफर नहीं करवा पाए थे। निश्चित ही, वे आपकी मदद करेंगे। आप एक काम कीजिए। अपनी फाइल नंबर नोट कर लीजिए। फ़ाइल नम्बर बताने से आपको अपनी बात रखने और फाइल ढूंढ़वाने में आसानी होगी। आपकी फाइल का नंबर है:- 33200 VS 7428/SBI मैंने एक कागज पर फाइल नंबर व मोबाइल नंबर नोट करके अभिनव जी को कॉल की और उनको रितु मैम का रिफरेंस देते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने भी फंड वैल्यू, बोनस वैल्यू के बारे में बिल्कुल वैसा ही बताया जैसा रितु मैडम ने बताया था। जब मैंनें अपनी बोनस की रकम को अपने खाते में ट्रांसफर लेने की बात कही तो उन्होंने कहा- "भूपेंद्र जी, आपकी बातों से पता चला कि एजेंट के द्वारा धोखा देने पर और बैंक द्वारा आपको सूचित न करने पर आपको इस संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई, इसलिए आप बोनस की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर नहीं करवा सके। आपको तो पता है कि आज बोनस ट्रांसफर के अंतिम तिथि है। हम तीन बार आपको और बैंक को रिमाइंडर दे चुके हैं। अतः अब फिर से रिमाइंडर भेजना संभव नहीं होगा। यह रिमाइंडर अधिकतम तीन बार ही भेजा जाता है। इसके बाद इसपर विचार सम्भव नहीं होता। मैं भी चाहता हूँ कि आपकी बोनस की रकम आपको मिल जाये। ऐसी हमारे पास लगभग 15 फाइल्स है जिनमें कस्टमर को बोनस की जानकारी प्राप्त न हो सकी है। आप भी उनमें से एक हैं। मैं सत्यप्रकाश जी से बात करके कुछ देर में आपको सूचित करता हूँ कि अब आपके मैटर में क्या हो सकता है?" कुछ देर बाद अनुभव जैन की कॉल आई और उन्होंने बताया कि उनकी सत्यप्रकाश जी से बात हो गई है। उन्होंने कहा है कि अंतिम तिथि के बाद बोनस की रकम अपने खाते में ट्रांसफर लेने का एक ही उपाय है। वो है- GBI" "GBI का क्या मतलब है सर? मुझे GBI के बारे में बताइये।" "GBI का मतलब 'गवर्नमेंट बॉन्ड इन्वेस्टमेंट' है। जिस तरह से सेविंग के लिए लोग NSC खरीदते हैं वैसे ही GBI बांड्स खरीदे जाते हैं। आपको 19790 रुपये के GBI बॉन्ड खरीदने पड़ेंगे। ये बांड्स सिर्फ सिक्योरिटी पर्पस के लिए हैं। जब आप बांड खरीद लें तो आप हमें बता दीजिएगा। बांड की कॉपी हमारे नंबर पर मेल या व्हाट्सएप कर दीजिएगा। इसके बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे। जब बोनस की रकम आपके खाते में ट्रांसफर हो जाए तो आप इन बांड्स को कैंसिल करके अपनी बांड्स की सारी रकम वापस पा सकते हैं। इन बांड्स को आप कहीं से भी बनवा सकते हैं। GBI बांड्स इस नाम से बनवाने हैं। इसको नोट कर लीजिए- GBI SERVICES A/C- 89****233 IFSC- KKBK000**328 KOJAK BANK जब तक बोनस के रुपए मिलने वाली बात हो रही थी, मेरी रुचि उनकी बातों में रही। लेकिन जैसे ही उन्होंने GBI बॉन्डस खरीदने की बात कही और बॉन्डस के नाम पर रुपए खाते में ट्रांसफर की बात कही तो मेरे दिमाग ने काम करना शुरू कर दिया। मैं समझ गया कि यह सब फ्रॉड करने, लोगों को अपने जाल में, अपनी बातों में फसाकर, उनकी रकम हड़पने का एक नया एवं प्रभावशाली हथियार है। मैंनें अगले दिन अपनी SBI ब्रांच में संपर्क किया तथा बोनस से संबंधित ईमेल, लेटर, एजेंट कोड आदि की सच्चाई को लेकर बैंक मैनेजर से जानकारी ली। बैंक मैनेजर ने बताया- "भूपेंद्र जी, ऐसा कुछ भी नहीं है। सब कुछ झूठ है। अच्छा हुआ, आप उन जालसाज लोगों की बातों में आने से बच गए। नहीं तो.. आपके 19740 रुपये भी मारे जाते।" उन्होंने यह भी बताया कि आपने ब्रांच के माध्यम से पॉलिसी ली है, इसलिए एजेंट कोड जैसा कुछ भी नहीं है। यह सरकारी बैंक है। हमेशा ध्यान रखिये.. बैंक की ओर से कभी भी किसी ग्राहक को कॉल नहीं की जाती। ऐसे धोखेबाज लोगों से दूर रहे। उनकी बात न सुनें। ये अपनी बातों से लोगों को अच्छी तरह से प्रभावित कर लेते हैं। लोग इनकी बातों में आकर लुट जाते हैं। अनजान नंबरों से आने वाले कॉल या एसएमएस से सतर्क रहें। अपरिचित लिंक पर क्लिक करने से बचें क्योंकि वे आपके फ़ोन को मिरर करके संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं। ओटीपी, पिन, लॉगिन आईडी, पासवर्ड, डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड विवरण आदि किसी के साथ साझा न करें। *******

bottom of page