top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • नई-पड़ोसन

    मंजू यादव 'किरण' अभी छ: महीने पहले मेरे पड़ोस में शर्मा परिवार नया-नया रहने आया है। उनका भरा-पूरा परिवार है। यानी कि वो खुद, उनकी धर्मपत्नी, दो बेटे, दो बहुएं और दोनों के दो-दो बच्चे। एक उनकी बेटी भी है जिसकी शादी उन्होंने कर दी थी। वो अपनी ससुराल में रहती है। मेरी अभी तक उन लोगों से मुलाकात नहीं हो पायी है। जिस दिन वो लोग आये थे उसके दो-तीन दिन बाद ही शर्मा जी की धर्मपत्नी मेरे पास किसी कामवाली बाई के लिए मिलने आईं जरूर थीं, लेकिन बाहर दरवाजे से ही बात करके चलीं गईं थीं। मैंने उनको चाय-पानी के लिए लाना चाहा, परंतु वो बोली फिर कभी फुर्सत से आऊंगी। अपनी कामवाली बाई को मैंने अगले दिन ही उनके घर भेज दिया था। इसके बाद आज छः महीने हो गए हैं, फिर कभी हमारी मुलाकात उनसे नहीं हुई। मैं भी घर के कामों में इस कदर उलझी हुई थी कि उनसे मिलने का मौका नहीं मिला। एक महीने पहले मेरे बेटे का जन्मदिन था, तब मैंने पड़ोसी होने के नाते उनको भी अपने यहां बुलाया था। वो मेरे घर आकर मुझसे बहुत प्रभावित हुईं। इस प्रकार मेरा और उनका आपस में आना-जाना शुरू हुआ। अब तो बेतकल्लुफ़ कभी भी हमारे घर में आ धमकती थीं। मुझसे उम्र में भी थोड़ी बड़ी थीं। मैं भी उनकी बातों में हां में हां मिला दिया करती थी। मैं उनकी उम्र का लिहाज़ कर जाया करती थी, पर आज तो हद हो गई। आज वो हमारे यहां दनदनाती हुई आईं। हमारी कामवाली बाई अनिता उस समय हमारे घर में काम कर रही थी। बस वो सीधे तौर पर मुझसे कहने लगीं, "देखो अनीता तुम्हारे यहां कितनी सफाई से काम करती है। तुम्हारी डाइनिंग चेयर्स की पायों की परछाईं साफ-साफ फर्श पर पड़ रही है। फर्श भी तुम्हारा शीशे की तरह चमक रहा है। मेरे यहां तो इतना गंदा पोछा लगाती है कि पैरों के निशान भी नहीं मिटते हैं।" अनीता को यह सुनकर गुस्सा तो बहुत आया, वो कुछ बोलने वाली थी कि मैंने उसको इशारे से कुछ भी बोलने को मना कर दिया। मैंने अपनी नई पड़ोसन भाभीजी को समझाना चाहा कि जब ये पोछा लगाती है, तब हम लोग भी ध्यान रखते हैं। जब तक पोछा सूख नहीं जाता तब तक कोशिश करते हैं कि फर्श पर कोई भी न चले। वर्ना फर्श पर पैरों के निशान बन जायेंगे। इतना सुनते ही वो मुझ पर ही बरस पड़ीं और गुस्से में कहने लगीं, "जब ये पोछा हमारे यहां लगाती है तो हम लोग कौन सा तब डांस करते हैं, ये तुम्हारे यहां काम ही अच्छा करती है, मेरे यहां काम क्या करती है लगता है जैसे बला टाल रही हो। पोछा तो ऐसा लगाती है जैसे कुत्ते ने अपनी गीली दुम फर्श पर फेर दी हो, कभी मेरे घर में आकर देखो कितना गंदा पोंछा लगाती है।" उस समय मुझे उनकी बात करने का लहजा जरा भी पसंद नहीं आया मैं सोचने लगी ये तो वही बात हुई, "उसकी साड़ी मेरी साड़ी से ज्यादा सफ़ेद क्यों है।" इसमें मुझे उनकी बातों में इर्ष्याभाव की अनुभूति हुई, इतनी छोटी उनकी सोच थी मुझे ये जानकर बहुत आश्चर्य हुआ, "कि मेरी साड़ी उनकी साड़ी से ज्यादा सफ़ेद क्यों है।" ऐसा सोच कर वो न जाने कब से टेंशन में थीं। आज उन्होंने अपना सारा गुबार मेरे ऊपर ही उतार दिया। हां एक बात मैं आप लोगों को और बताऊं हमारी कामवाली बाई अनीता ने उसी दिन से उनका काम भी छोड़ दिया। मैंने अनीता से कहा भी तू उनका काम मत छोड़, थोड़ा और सफाई से उनका काम कर दिया कर। वो कहने लगी, "मेरे कारण उन्होंने आपको आपके घर आकर ही सत्तर बातें सुना दीं।" अब मैं उनके यहां काम नहीं कर पाऊंगी, बल्कि हंस कर बोली, "दीदी, अब उनकी साड़ी और पीली हो जाने दो।" यदि आप संबंधों को बनाए रखना चाहते हैं, तो अपने शब्दों पर नियंत्रण आवश्य रखिए। ******

  • मंगल कामनाएँ

    प्रतिभा गुप्ता   खिल उठीं पलकें सुनहरे स्वप्न का प्रतिमान आया। आस की लेकर नयीं किरणें नया दिनमान आया।। जिस तरफ देखो दुआओं के गुलों की बारिशें हैं। गीत ग़ज़लों के लिए दिलकश नया उनवान आया।। आइए वीरानियों को चाँद-तारों से सजा लें। तीरगी के घर उजाले सा कोई मेहमान आया।। धूप हो या छाँव कदमों को न हर्गिज़ डगमगाना। हौसलों का कोशिशों के नाम है फरमान आया।। इस बरस दिल की ज़मीं पर सिर्फ़ खुशियाँ ही उगाना। भूल जाना ग़म ग़मों के दौर का अवसान आया।। नफ़रतों को इस जहाँ से काट फेंको इस जनवरी। प्रेम का अमृत पिलाने प्रेम का भगवान आया।। ******

  • अपना बचपन

    शंकर पांडे    पुराने चौक चौबारे मुहब्बत से बुलाते हैं। चलो न गाँव को हम फिर से वापस लौट जाते हैं। जहाँ पर छोड़ आए थे वो कच्चे आम की डाली। वहीं रातों में अक्सर अब भी जुगनू जगमगाते हैं। करौंदे तोड़ कर लाएं चलो छुप कर के माली से वहीं बरगद की छाँव में कोई झूला लगाते हैं। वहीं उस पास वाले हाट ओ बाज़ार जाएंगे। वो चूल्हे वाली लज़्ज़्त आज मिलकर संग उठाते हैं। वो जर्जर सी पुरानी पाठशाला की कोई कक्षा पुराने पल वो बचपन में ज़रा सा लौट जाते हैं। चलो आषाढ़ की इक दोपहर में माँ से लुक-छुप कर बगीचे से किसी के फिर कोई लीची चुराते हैं। रहा हर रंग ही फ़ीका शहर की होलियों का अब चलो अब गाँव की मिट्टी से मिलकर रंग बनाते हैं। बड़ी मुद्दत हुई "सन्दल" हैं तरसे इक तबस्सुम को चलो फिर बचपने में जा के थोड़ा मुस्कुराते हैं। ******

  • सुन्दरता

    डॉ. विभा कुमारी सिंह "खरोंची हुई पीठ छुपाने के लिए बंद गले की ब्लाउज पहनती हो और कहती हो कि खुले गले पसंद नहीं।" शारदा ने अपनी देवरानी अमिता से हर शब्द को चबाते हुए बोली। उसकी आँखों में नफ़रत साफ दिखाई दे रही थी। कम उम्र में ब्याह कर दिया गया था, स्कूल की पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पाई थी। पर अपनी बुद्धिमत्ता के सामने किसी को नहीं समझती थी। जल्दी शादी हुई, जल्दी बच्चे हो गये, उनके बच्चे बड़े हो गये। घर के काम खत्म करके तीनों बहूएँ एक साथ बैठ बातें कर रही थी। शारदा बड़ी थी, रंग से गोरी पर व्यवहार से कड़वी। उसकी बातें दिल को चीर कर निकल जाती थी। अमिता मंझली और शोभना छोटी थी। दोनों घर के काम में निपुण, व्यवहार से बहुत मधुर थी। सभी रिश्तों को निभाती, सास ससुर का खूब ख्याल रखती थी। दोनों अपनी जेठानी की कड़वी बातों को भी मुस्कुरा कर चुपचाप सुन लेती। शोभना पाक कला में निपुण थी, रसोई के काम को खुशी-खुशी करती थी। खिलखिला कर हँसना उसकी एक खासियत थी, जिससे पूरा घर जगमगाता रहता था। अमिता पढ़ी लिखी संभ्रांत परिवार की बेटी थी, चेहरे पे मधुर मुस्कान सदा सुशोभित रहती। अमिता जब गर्भवती थी, उसके पूरे शरीर पर खुजली होने के कारण निशान पड़ गया था, उसका ताना उसे गाहे बगाहे सुनना पड़ता। शिक्षिका होने के कारण वो हमेशा शालीन कपड़े पहनती। बंद गले की ब्लाउज, हल्के रंग की साड़ी, कम और हल्के गहने, दो चार चूड़ियाँ, श्रृंगार के नाम पर सिंदूर और बिंदी। आज फिर उसकी जेठानी ने खुले गले, बिना बाजू की ब्लाउज पहनी थी। अमिता की कमी को इंगित करती हुई कड़वा बोल गई। अमिता ने मुस्कुरा कर कहा कि "जब ये निशान नहीं थे, उस समय भी मैं बंद गले की कुर्ता पहनती थी। निशान मेरे शरीर पर है, मन एकदम साफ है। असली खूबसूरती तन की नहीं मन की होती है।" अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए, मधुर मुस्कान के साथ आदर से बोली, "सुंदर तन आँखों को सुख देती है और सुन्दर मन, सुंदर व्यवहार आत्मा को सुखी करते हैं। शरीर की सुन्दरता उम्र के साथ कम होती है और मन की सुन्दरता उम्र के साथ बढ़ती जाती है।" शोभना दोनों की बातों को सुनकर मंद मंद मुस्करा रही थी। उसके चेहरे के भाव बता रहे थे कि वो अमिता की बात से सहमत थी। ******

  • बटवारा

    लक्ष्मी कुमावत आज घर में एक छोटा सा फंक्शन था। नेहा ने अभी अट्ठाईस दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया है, बस उसी का कुआं पूजन था। नेहा के पति समीर बिजनेस मीटिंग के कारण बाहर गए हुए थे। इस कारण ज्यादा बड़ा प्रोग्राम नहीं किया गया। बस कुछ खास रिश्तेदार को बुलाया गया था। नेहा अपने कमरे में अपनी अट्ठाईस दिन की बेटी माही को दूध पिला रही थी कि उसकी छोटी बहन आरती ने उसके कमरे में प्रवेश किया। उसे देखते ही नेहा बोली, "अरे आरती इतनी जल्दी खाना खा भी लिया तूने। अभी तो गई थी बाहर।" "नहीं दीदी, अभी बाहर और मेहमान खाना खा रहे हैं इसलिए मैं अंदर आ गई।" उसकी बात सुनकर नेहा थोड़ी हैरान होते हुए बोली, "अच्छा! फिर पापा कहां है?" "पापा बाहर बरामदे में बैठे हुए हैं" "अकेले?" अचानक नेहा के इस संक्षिप्त सवाल से आरती झेंप गई। पर बोली कुछ नहीं। नेहा को समझते देर नहीं लगी कि पापा इन बड़े लोगों के बीच में खुद को अकेला महसूस कर रहे हैं। या फिर शायद उन्हें जानबूझकर अकेला महसूस कराया जा रहा है। समीर और नेहा की लव मैरिज थी। समीर एक अमीर घर का बेटा था, वही नेहा एक मध्यम वर्गीय परिवार की बेटी। शादी होकर जब ससुराल आई तो ससुराल में सास तो नहीं थी, पर एक जेठानी थी। जो अपनी पूरी मनमानी करती है। अपने आगे तो वो नेहा को कुछ भी नहीं समझती थी। कारण सिर्फ इतना सा था कि वो एक अमीर घराने की बेटी थी। समीर अपने बड़े भाई रजत के साथ ही पारिवारिक बिज़नेस संभालता था। रजत जहां शहर में रहकर बिजनेस संभालता था, वही समीर को अक्सर बिजनेस मीटिंग्स के लिए बाहर जाना पड़ता था। घर की बागडोर पूरी तरह से उसकी जेठानी सुप्रिया के हाथों में थी। नेहा के आने के बाद सुप्रिया अपने आप को किसी सास से कम नहीं समझती थी। खुद तो दिन भर आराम करती है और नेहा पर हुकुम चलाती थी। हालांकि घर में नौकर चाकर थे पर सुप्रिया हमेशा नेहा पर टोका टाकी करती रहती थी। नेहा कभी समीर से कहती तो समीर उसे ही समझा देता। "अरे भाभी ने कई सालों से घर खुद संभाल रखा है। उन्हें तुमसे बेहतर पता है कि घर को किस तरह संभाला जाता है। इसलिए इतना ज्यादा ध्यान मत दिया करो" नेहा को भी समीर की बात सही लगती इसलिए वो चुप रह जाती। पर सुप्रिया की ये खासियत थी कि जब उसके मायके से कोई भी आता तो उनकी मेहमान नवाजी में कोई कमी नहीं छोड़ती। लेकिन जब नेहा के परिवार से कोई आता तो उन्हें अनदेखा ही करती। और ये बात नेहा को धीरे-धीरे अपने आप ही समझ में आ गई। खैर, उसने आरती से कहा, "जा पापा को मेरे कमरे में बुला ला। कहना दीदी बुला रही है।" उसकी बात मानकर आरती बाहर से अपने पापा रविंद्र जी को अंदर बुला लायी। "क्या हुआ बेटा?" पापा ने चेहरे पर जबरदस्ती की मुस्कुराहट लाते हुए कहा। पर उनकी जबरदस्ती की मुस्कुराहट को देख कर नेहा को समझते देर नहीं लगी कि क्या हुआ होगा। जी तो चाह रहा था कि खुद ही उठकर रसोई में चले जाए और पापा के लिए खाना लगा कर ले आए। लेकिन सवा महीने से पहले रसोई में भी उसका प्रवेश वर्जित था। जबकि उसकी नॉर्मल डिलीवरी थी। नेहा अपने पापा से बोली, "पापा आप यहां कमरे में बैठ जाइए। मैं आपका खाना यही लगवा देती हूं।" "अरे नहीं नहीं बेटा, क्यों परेशान हो रही है। जब सब लोग खा लेंगे, तब मैं और आरती भी खाना खा लेंगे। तू फिलहाल तो अभी मेरी नन्ही सी गुड़िया का ध्यान रख।" पापा नेहा को बहलाते हुए बोले। "मैं कौन सा खाना परोस रही हूं पापा। मैं पिंकी को बोल देती हूं।" कहकर नेहा ने घर में काम करने वाली पिंकी को आवाज़ लगाई। उसकी आवाज सुनकर पिंकी दौड़ी-दौड़ी कमरे में आ गई।, "क्या हुआ भाभी? कुछ चाहिए था।" "पिंकी पापा और आरती का खाना यहां मेरे कमरे में ही लगा दे। पापा को दवाई भी लेनी होती है। और फिर मम्मी भी घर पर अकेली है। उनकी तबीयत भी खराब हो रही है, तो इन्हें देर भी हो रही है।" "जी भाभी, अभी खाना लगाती हूँ।" कहकर पिंकी फटाफट कमरे के बाहर निकल गई। नेहा ने आरती और पापा को वहीं पास रखी कुर्सी पर बिठा दिया। लेकिन पंद्रह बीस मिनट हो गए। पिंकी लौटकर ही नहीं आई। आखिर नेहा ने पिंकी को दोबारा आवाज लगाई लेकिन पाँच मिनट ऊपर हो गए पिंकी कमरे में नहीं आई। आखिर नेहा उठकर कमरे के बाहर जाने लगी तो पापा बोले, "अरे बेटा क्यों परेशान हो रही है? वो किसी काम में बिजी होगी।" "कोई बात नहीं पापा आप परेशान मत हो। मैं देख लूंगी" कहकर नेहा बाहर आई। रिश्तेदारों के नाम पर सिर्फ सुप्रिया के परिवार वाले बैठे थे। जिनसे वो हंसी ठिठोली कर रही थी। जबकि बाकी रिश्तेदार शायद जा चुके थे, इसलिए कोई नजर नहीं आया। इतने में पिंकी बाहर शरबत लेकर आई और उन लोगों को परोसने लगी। इतने में नेहा बोली, "पिंकी पापा और आरती के लिए फटाफट से खाना लगा दो। उन्हें देर हो रही है।" अचानक नेहा की आवाज सुनकर सबका ध्यान नेहा की तरफ गया तो सुप्रिया बोली, "अरे नेहा, तुम बाहर क्यों निकल कर आ गई। पिंकी अभी खाना परोस तो रही थी।" उसके पास सुनकर नेहा बोली, "भाभी पापा को देर हो रही है। उन्हें घर भी जाना है।"   "अरे ऐसा कौन सा बिजनेस है तुम्हारे पापा का जो वो नहीं जायेंगे तो नुकसान हो जाएगा।" सुप्रिया की बड़ी बहन ने नेहा से ठिठोली करते हुए कहा। उसकी बात सुनकर वहां बैठे सब लोग हंस दिए। पर नेहा ने ना तो जवाब दिया और ना ही उनकी तरफ ध्यान दिया। उसने दोबारा पिंकी को कहा, "पिंकी जल्दी से मेरे कमरे में खाना ले आओ।" और पलट कर अपने कमरे में आ गई। कुछ ही देर में पिंकी फटाफट दो थालियाँ लगाकर ले आई। पापा और आरती तो खाना खाने लगे। लेकिन नेहा का ध्यान थाली पर गया। उसमें पूड़ी, दाल चावल, गोभी की सूखी सब्जी, और काजू कतली ही थे। जबकि आज घर में मटर पनीर, मिल्क केक, गुलाब जामुन भी बने थे। इतने में पिंकी गरमा गरम पूरी परोसने आई तो नेहा ने इशारे से उसे अपने पास बुलाया और धीरे से उसके कान में कहा, "मटर पनीर, मिल्क केक और गुलाब जामुन क्यों नहीं लेकर आई?" सुनकर पिंकी चुप हो गई और चेहरा नीचे कर लिया। नेहा को समझते देर नहीं लगी कि जरूर सुप्रिया ने उसे मना किया होगा। आखिर नेहा खुद उठी और वहां से सीधे रसोई में पहुंच गई। वहां जाकर दो प्लेट्स में मिल्क केक और गुलाब जामुन रखे। वही दो कटोरी में मटर पनीर की सब्जी डालकर ट्रे में रखकर अपने कमरे की तरफ जाने लगी। जब ट्रे लेकर वो हॉल में से गुजरी तो सुप्रिया ने टोक दिया, "नेहा तुम्हें पता नहीं है क्या? सवा महीने से पहले रसोई में जाना वर्जित होता है। फिर तुम ये सब सामान क्यों लेकर जा रही हो?" नेहा ने एक नजर उठाकर सुप्रिया की तरफ देखा और बिना कुछ जवाब दिये अपने कमरे में चली गई। अपने कमरे में जाकर मिठाई और पनीर की सब्जी अपने पापा और आरती को परोस दी। सुप्रिया को नेहा के इस बर्ताव से बड़ा गुस्सा आया। थोड़ी देर बाद जब नेहा के पापा और आरती खाना खाकर वहां से रवाना हुए, तो नेहा खुद उन्हें दरवाजे तक छोड़ने आई। उसे पता था कि उसके पापा और आरती के लिए कोई निकल कर नहीं आएगा। उन्हें विदा कर जब वो अंदर आई तो अपने परिवार वालों के सामने ही सुप्रिया नेहा पर चिल्ला पड़ी, "क्या समझती हो तुम अपने आप को? घर की छोटी बहू हो, छोटी बहू बनकर ही रहो। हमारे सिर पर चढ़कर तांडव करने की जरूरत नहीं है। किस से पूछ कर तुमने रसोई में कदम रखा। पूरी रसोई गंदी कर दी। अरे एक दो चीज नहीं परोसी तो क्या गलत हो गया? उन्हें कौन सा इतना सब कुछ खाने की आदत है?" "बस भाभी, बहुत बोल लिया आपने। जैसे मैं इस घर की बहू हूं, वैसे आप भी घर की बहू है। रिश्तेदार तो दोनों के एक समान हैं। जो सभी रिश्तेदारों को परोसा गया, वो मेरे पापा और बहन को क्यों नहीं परोसा गया। आखिर इतना भेदभाव क्यों?" नेहा ने जब पलट कर सबके सामने जवाब दिया तो सुप्रिया तिलमिला गई। आखिर अपने मायके वालों के सामने अपनी बेइज्जती होते देखकर सुप्रिया बोली, "तुम अपने पापा की बराबरी मेरे परिवार वालों से कर रही हो। उन्होंने जब मुझे विदा किया था ना, खूब दहेज देकर विदा किया था। अरे तुम तो उनके नाखून की धूल के बराबर भी नहीं हो। अरे मेरे पापा ने तो मुझे राजकुमारी की तरह पाला है। तुम्हारे उस फटीचर...." "भाभी अपनी जबान को यही रोक लो। बेहतर होगा आपके लिए। आपके पापा ने आपको राजकुमारी की तरह पाला है तो मेरे पापा ने भी मुझे राजकुमारी की तरह ही पाला है। हर पिता अपने बच्चों के लिए बेहतर ही करता है। जिस तरह आपके पापा का सम्मान है, उसी तरह मेरे पापा का भी सम्मान है।" "अच्छा ज्यादा जबान चलने लगी है तुम्हारी। अरे वो तो मेरा देवर तुमसे शादी करने की जिद कर चुका था। वरना तुम्हारे जैसी को तो मैं अपने घर में भी नहीं फटकने देती।" "बस करो सुप्रिया, जो जगह तुम्हारी इस घर में है, वही जगह इस घर में नेहा की भी है। बड़ी होकर तुम इस तरह की हरकत करोगी, उम्मीद नहीं थी तुमसे।" अचानक रजत ने अंदर आते हुए कहा। रजत को देखते ही सुप्रिया अचानक चुप हो गई फिर बात को संभालते हुए बोली, "अरे आप ऑफिस से कब आए।" "तभी आया था, जब तुम ये सब तमाशा कर रही थी। अंदाजा भी है तुम्हें कि तुम्हारी ये हरकतें इस घर के दो टुकड़े कर देगी।" "आप भी मुझे ही कह रहे हो। नेहा इतने लोगों के सामने मेरी बेइज्जती कर रही है। वो नहीं दिख रहा आपको। सवा महीने से पहले रसोई में जाकर रसोई गंदी कर दी। क्या इतना भी बोलने का हक नहीं है मुझे।" "हक है, बिल्कुल बोलने का हक है। लेकिन जहां सही है वहां गलत बोलने का हक तो किसी को भी नहीं है। अगर तुम ही इसके पापा को सम्मान देती और सब कुछ संभालती तो इसे उठकर रसोई में आने की जरूरत नहीं थी। आज तुम इसके पापा के साथ ऐसा कर रही हो। भगवान ना करें कल को तुम्हारी स्थिति ऐसी हो कि तुम्हें इसकी मदद की जरूरत पड़े। तब ये तुम्हारे पापा के साथ ऐसा बिहेवियर करें तो तुम्हें कैसा लगेगा। हैरानी तो इस बात की है कि तुम्हारे मायके वाली यहाँ खड़े हैं। लेकिन किसी ने भी इस बात का विरोध नहीं किया। सम्मान दोगी तो सम्मान मिलेगा। वरना आज जो कहानी इस घर में हुई हैं वो रोज होगी। अभी भी वक्त है संभल जाओ" कहकर रजत अपने कमरे में चला गया। नेहा अपने कमरे में। सुप्रिया के मायके वाले भी धीरे-धीरे वहां से निकल गए। पर सुप्रिया पर इसका कोई खास प्रभाव नहीं हुआ। सुप्रिया में बदलाव न देखकर दोनों भाइयों ने समझदारी दिखाते हुए अपने आप ही अपने घर को दो हिस्सों में बांट दिया। ताकि घर युद्ध का मैदान ना बने। और रिश्तो की गरिमा भी रह जाए। ******

  • मेरा कवि मेरा कमाल

    (एक व्यंग) डॉ. जहान सिंह “जहान”   आजकल कवि क्या कमाल करते हैं। शब्दों की भीड़ शब्दों का धरना शब्दों का प्रदर्शन कर साहित्य का ट्रैफिक जाम करते हैं। इस जाम को कविता और खुद को कवि कहते हैं। आजकल कवि क्या कमाल करते हैं।   मंच पर विराजे आर. टी. ओ. (साहित्य अधिकारी) अपना डी. एल. (पाठन पत्र) लेकर काव्य के हाईवे पर उतर जाते हैं। ताली के लिए कटोरा और माले के लिए झोली फैला देते हैं। ऊबते श्रोताओं से बारी-बारी आंखें चार करते हैं। आजकल कवि क्या कमाल करते हैं।   साहित्य के जाम में फंसे बेबस श्रोता खुली सांस के लिए बाथरूम जाने का बार-बार अभिनय करते हैं। कभी-कभी मोबाइल को ढाल बना कर निकल जाते हैं। श्रोता भी बड़े अनुभवी हो गए हैं। टाइम पास, चाय पकौड़ी, गपशप और अपनी ऊंची-ऊंची हांकने को चले आते हैं। नए प्रोग्राम की डेट लेकर चलो एक दिन गुजरा साझे के ऑटो में खुशी से घर लौट जाते हैं। आजकल कवि क्या कमाल करते हैं।   वरिष्ठ कवि नाराज आते हैं और नाराज लौट जाते हैं। कुछ सलाह जरूर दे जाते हैं। कवि सम्मेलन भी अब कई फ्लेवर में होने लगा है। पिज़्ज़ा, पास्ता, मोमो, चाऊमीन, बर्गर जैसे स्टाइलों में सजने लगा है। हर स्टाइल पर अपनी सुनाकर दिन तमाम करते हैं। आजकल कवि क्या कमाल करते हैं।   लौटते कवि बस एक पुस्तक, एक अंग वस्त्र, एक माला, एक लंच बॉक्स में प्रसन्न हो जाते हैं। अगले दिन अखबार की कटिंग, फोटो भेज कर मिलने-जुलने वालों को जमकर बोर करते हैं। कभी जवाब आते कभी नहीं आते यह सब सहन करते हैं। कुछ लोग तो अपना मोबाइल नंबर देने से डरते हैं। आजकल कवि क्या कमाल करते हैं।   हम सब कवि हैं “जहान”  चलो मिलकर सब मुस्कुराते हैं।  फिर वही अपने पुराने कौशल में लग जाते हैं। *****

  • पटाखा

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव “वाह! क्या लगती हो! इस उम्र में भी बिलकुल पटाखा हो पटाखा।” गली में तेज-तेज कदमों से अपने घर की ओर जाती हुई प्रीति को देख कर पीछे से आते एक बाइक सवार ने फब्ती कसी। बाहर बारिश हो रही थी। अत: मुख्य सड़क पर पानी भरा होने के कारण वह गली वाले रास्ते से अपने घर जा रही थी। “मैडम, बात तो सुनिए।” प्रीति उस बदतमीज लड़के को अनसुना कर चुपचाप चल रही थी, पर उस 18-19 साल के लड़के की उद्दंडता बढ़ती ही जा रही थी। उसने मौका देख प्रीति की पीठ पर ज़ोर से एक हाथ मारा। अब प्रीति चुप न रह सकी - "शर्म नहीं आती तुम्हें? मैं तुम्हारी माँ की उम्र की हूँ?” “मैडम, हम तो आपको एक नवयौवना की तरह देख रहे हैं। आपको तो खुश होना चाहिए कि इस उम्र में भी कोई आपको इन नज़रों से देख रहा है।” लड़के ने बेशर्मी और बदतमीजी से सना एक जुमला फेंका। प्रीति ने अपनी चाल और तेज कर दी। गली में आगे अंधेरा था। एक जगह गड्ढे में पानी भरा था। लड़के को गड्ढें में पानी भरा होने के कारण गड्ढ़ा नहीं दिखा। अत: बैलेंस बिगड़ने से वह बाइक समेत गड्ढे में जा गिरा। प्रीति ने मुड़ कर देखा। उसके मन में एक क्षण को आया कि बहुत ही अच्छा हुआ। इसके जैसे छिछोरे के साथ यही होना चाहिए था, पर पता नहीं क्यों, वह कुछ आगे बढ़ कर रुक गयी। दूसरे ही क्षण वह पीछे लौट कर लड़के के पास पहुंच चुकी थी। “लो हाथ पकड़ो।” प्रीति ने लड़के को आवाज लगायी। प्रीति ने हाथ पकड़ कर लड़के को गड्ढे से बाहर खींचा। लड़के के सिर व बाहों पर गहरी चोट लगी थी। “चलो डॉक्टर के पास।” लड़का बड़ी ही हैरानी और कुछ-कुछ शर्मिंदगी से प्रीति को देख रहा था। “मैं आपको छेड़ रहा था। आपसे बदतमीजी कर रहा था फिर भी आप मेरी मदद कर रही हैं? मुझे डॉक्टर के पास ले जाने को कह रही हैं?” कुछ देर पहले की बदतमीजी अब शर्म बन कर लड़के की आंखों से छलकी। शब्दों में भी शर्मिंदगी अपनी जगह बना चुकी थी। “तुम्हारी नज़रों में मैं बस एक हाड़-माँस की औरत हूं इसलिए तुमने मेरा केवल शरीर ही देखा, दिल नहीं देख सके। पर मेरी नज़रों में तुम मेरे बेटे जैसे हो। एक माँ बेटे की चोट को देख कैसे मुँह फेर सकती है?” लड़का शर्म से पानी-पानी हो चुका था। उसके अंदर का गन्दा पुरुष विलुप्त होकर अब बेटा बन माँ के साथ चल पड़ा था। *****

  • मेरी बेटी

    भारती देसाई   एक बेटी मेरे घर में भी आई है..... सिर के पीछे उछाले गये चावलों को, माँ के आँचल में छोड़कर, पाँव के अँगूठे से चावल का कलश लुढ़का कर, महावर रचे पैरों से, महालक्ष्मी का रूप लिये, बहू का नाम धरा लाई है. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.   माँ ने सजा धजा कर बड़े अरमानों से, दामाद के साथ गठजोड़े में बाँध विदा किया, उसी गठजोड़े में मेरे बेटे के साथ बँधी, आँखो में सपनों का संसार लिये सजल नयन आई है. एक बेटी मेरे घर भी आई है.   किताबों की अलमारी अपने भीतर संजोये, गुड्डे गुड़ियों का संसार छोड़ कर, जीवन का नया अध्याय पढ़ने और जीने, माँ की गृहस्थी छोड़, अपनी नई बनाने, बेटी से माँ का रूप धरने आई है. एक बेटी मेरे घर भी आई है.   माँ के घर में उसकी हँसी गूँजती होगी, दीवार में लगी तस्वीरों में, माँ उसका चेहरा पढ़ती होगी, यहाँ उसकी चूड़ियाँ बजती हैं, घर के आँगन में उसने रंगोली सजाई है. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.   शायद उसने माँ के घर की रसोई नहीं देखी, यहाँ रसोई में खड़ी वो डरी डरी सी घबराई है, मुझसे पूछ पूछ कर खाना बनाती है, मेरे बेटे को मनुहार से खिलाकर, प्रशंसा सुन खिलखिलाई है. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.   अपनी ननद की चीज़ें देखकर, उसे अपनी सभी बातें याद आई हैं, सँभालती है, करीने से रखती है, जैसे अपना बचपन दोबारा जीती है, बरबस ही आँखें छलछला आई हैं. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.   मुझे बेटी की याद आने पर "मैं हूँ ना", कहकर तसल्ली देती है, उसे फ़ोन करके मिलने आने को कहती है, अपने मायके से फ़ोन आने पर आँखें चमक उठती हैं मिलने जाने के लिये तैयार होकर आई है. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.   उसके लिये भी आसान नहीं था, पिता का आँगन छोड़ना, पर मेरे बेटे के साथ अपने सपने सजाने आई है, मैं खुश हूँ, एक बेटी जाकर अपना घर बसा रही, एक यहाँ अपना संसार बसाने आई है. एक बेटी मेरे घर में भी आई है.....!! ******

  • पोथी-पत्री

    ऋतु अग्रवाल सरला भाभी और महेश भैया हमारी ही फ्लैट के बगल में रहते हैं। महेश भैया बाजार में कपड़ों की दुकान चलाते थे। बड़े मजे में उनके दिन कर रहे थे। लेकिन कोरोना काल के दौरान बिक्री न होने से उनके कपड़े फैशन के हिसाब से पुराने हो गए। नए कपड़ों की लाट मंगाने के लिए उनके पास पूंजी की कमी थी। जिसके परिणाम स्वरूप उनकी दुकान की बिक्री काफी कम हो गई और महेश भैया को अपना घर चलाने में दिक्कत होने लगी।   "अरे भाभी जी! कैसे परेशान हो?" बगल वाली शर्मा बहनजी ने पूछा तो नूतन बोली, "पता नहीं बहन जी, इनका काम अच्छा-खासा चल रहा था पर पिछले कुछ समय से बहुत मंदी आ गई है। समझ नहीं आ रहा कि क्या करें?" "अरे! आपने पहले क्यों नहीं बताया? हमारे एक पंडित जी हैं, बहुत ज्ञानी हैं, भविष्यवक्ता हैं। उनके पास हर समस्या का हल है। आप चलिएगा मेरे साथ, देखना आपकी हर समस्या का समाधान हो जाएगा।" शर्मा बहन जी ने सुझाव दिया। "क्या नाम है पंडित जी का?" नूतन ने पूछा। "पंडित विद्याधर शास्त्री।" शर्मा बहनजी बोलीं। "वही जिनके पुत्र ने आत्महत्या कर ली थी। अगर वह इतने ही ज्ञानी एवं भविष्यवक्ता हैं तो अपने घर की समस्याओं का हल क्यों नहीं कर पाए? बहनजी! समस्याओं का निराकरण प्रयत्न करने से होता है न कि पोथी-पत्री को दिखाने से।" नूतन ने कहा तो शर्मा बहनजी बगलें झाँकने लगीं। ******

  • फर्ज

    रश्मि प्रकाश “भाभी-भाभी कहाँ हो आप, अरे जल्दी से बाहर आओ ना।” नैना अपनी भाभी राशि को इधर-उधर खोजते हुए बोले जा रही थी। “क्या हुआ नैना आ रही हूँ, ब्याह का घर है ना बहुत काम होते हैं। अब यहाँ रहती हूँ तो सब कुछ देखना भी तो मुझे ही होगा।” कहती हुई राशि स्टोर में कुछ सामान खोजने में व्यस्त थी। “ये क्या बात हुई भाभी, बड़ी भाभी के बेटे की शादी वो तो मजे से अपने कपड़ों की मैचिंग ज्वैलरी सेट करने में व्यस्त है। उसके बाद संगीत के लिए रिहर्सल भी कर रही है और एक आप बस काम काम काम।” नैना राशि का हाथ पकड़कर डाँस की प्रैक्टिस करवाने ले जाने लगी। “नैना… बाद में कर लूँगी ना प्रैक्टिस पहले काम करने देती। माँ और भाभी फिर मुझसे ही सवाल करेगी।” राशि हाथ छुड़ाकर जाने की कोशिश करने लगी। “बस भाभी जब से आप आई हो देख रही हूँ माँ और बड़ी भाभी दोनों आपके उपर काम की ज़िम्मेदारी सौंप कर मजे करने लगी। फिर बड़े भैया तबादले के बाद बाहर क्या गए बड़ी भाभी भी खुद को मेहमान समझने लगी है। थोड़ा काम उन्हें भी करने बोलों भाभी नहीं तो ज़िन्दगी भर काम ही करती रहोगी। ना कहना सीखो भाभी, वो कहते हैं ना सीधे का मुँह कुत्ता चाटे, सब आपसे फ़ायदा लेते रहेंगे पर आपको ना तो कोई समझेगा ना आपकी मदद करेगा।” नैना राशि का हाथ ज़बरदस्ती पकड़कर वहाँ ले गई जहाँ सब डाँस की प्रैक्टिस कर रहे थे। “अरे राशि वो सब सामान स्टोर से निकाल दिया?” राशि को देखते ही उसकी जेठानी ने पूछा। “वो ऽऽ वोऽऽऽ।” राशि कुछ कहती उससे पहले नैना ने कहा। “बड़ी भाभी आपकी प्रैक्टिस तो हो गई है ना। आप देख लो सामान। अब आपके बेटे की शादी में इकलौती चाची का डाँस अच्छा नहीं होगा तो सब बुराई करेंगे इसलिए इनको ज़बरदस्ती पकड़कर ले आई हूँ फिर कोरियोग्राफ़र भी तो चले जाएँगे।” “हाँ, ये तो सही किया, अरे भई लड़के की चाची का डाँस ए वन होना चाहिए।” वहाँ एकत्रित रिश्तेदारों ने समवेत कहा। “बड़ी बहू जाओ तुम ही सामान निकाल कर रख लो। तुमको भी तो पता ही है कहाँ क्या रखा है। तब तक छोटी बहू भी प्रैक्टिस कर लेगी।” कुर्सी पर बैठी सास ने कहा। नैना राशि को देख आँख मारते हुए बोली,” देखा ऐसे करना चाहिए।” बाद में राशि को नैना ने कहा, “भाभी मैं जब अपने ससुराल गई ना तो अकेले मेरे से उतना काम ही नहीं होता था। फिर मेरी सास और ननद मिल कर करने लगे। अब तो देवरानी भी आ गई है। सच कहूँ सब मिलकर काम करते हैं तो घंटों का काम समझो मिनटों में हो जाता है। तो बस अब से आप भी वही करना। अब माँ से क्या ही बोलूँ ये सोच कर आपको समझा रही हूँ।” राशि को भी लग रहा था जो भी काम सब उससे कहते वो सिर झुकाए करती चली जा रही थी। शायद इसलिए ही सब उससे करवाने भी लगे थे।” अब मैं भी ना कर दिया करूँगी ऐसा भी क्या जो वो नहीं कर सकते हैं।” *****

  • मुस्कान खिल उठी…

    संगीता फाइलें तैयार कर रिचा बॉस के केबिन में पहुंची, तो पता चला कि वे घर के लिए निकल चुके हैं। “ओह, लगता है जल्दी में भूल गए। चलो, उनका घर तो रास्ते में ही है, देते हुए निकल जाऊंगी। एक बस ही तो बदलनी पड़ेगी।” सोचते हुए रिचा बॉस के घर चल पड़ी। बंगले के बाहर खड़े चपरासी ने उसे अंदर बैठक तक पहुंचा दिया था। बॉस बेटे को पढ़ा रहे थे। उनकी पीठ दरवाज़े की ओर थी। “लेकिन डैडी, मैडम ने दूसरे तरी़के से समझाया था, जो बहुत शॉर्ट था।” “दूसरा कोई तरीक़ा नहीं है। इसी तरी़के से होगा।” काफ़ी देर तक दोनों की बहस सुनने के बाद रिचा से रहा नहीं गया। “सर, बच्चा ठीक कह रहा है। इसे इस तरह एच.सी.एफ. निकालकर करेंगे।” पलक झपकते ही रिचा ने सवाल हल कर दिया। “हां, मैडम ने बिल्कुल ऐसे ही तो सिखाया था।” ओजस ख़ुशी से उछल पड़ा। “अच्छा, अब अपने कमरे में जाकर बाकी होमवर्क करो। मुझे कुछ काम है। हूं… आप यहां?” उदय ने डैडी से बॉस की भूमिका अख़्तियार कर ली थी। “ये फाइलें पूरी हो गई थीं। मुझे लगा अर्जेंट है, तो घर देने आ गई।” “ओह हां, मैं तो भूल ही गया था।” फाइलें चेक करवाकर रिचा जाने लगी, तो उदय बोल उठे, “मैथ्स अच्छी है आपकी!” “जी थैंक्यू! यहां से पहले मैं स्कूल में थी, तो मैथ्स ही पढ़ाती थी। और विषय भी पढ़ाती थी, पर मैथ्स के लिए बच्चे मुझे आज तक याद करते हैं।” प्रशंसा से उत्साहित हो बोलते समय रिचा ने यह नहीं सोचा था कि यह आत्मप्रशंसा उसे कितनी भारी पड़ेगी। “ठीक है, कल से आप ओजस को एक घंटे मैथ्स पढ़ा दिया करें। ऑफ़िस के बाद मेरे साथ ही आ जाना। बाद में ड्राइवर आपको घर छोड़ देगा।” “पर सर, मेरे पास इतना व़क़्त…” रिचा फंस गई थी। “आप जो फ़ीस लेंगी, मुझे मंज़ूर है। दरअसल पढ़ाई छोड़े इतना व़क़्त हो गया है। फिर वैसे ही ऑफ़िस के इतने झमेले… उस पर घर आने के बाद भी चैन नहीं। अंदर क़दम रखते ही शिकायतों का पुलिंदा।” उदय को लगा कि वह आवेश में कुछ ज़्यादा ही बोल गया है, इसलिए उसने बीच में ही बात रोक दी। “तो कल आप तैयार रहना।” रिचा के पास स्वीकृति में गर्दन हिलाने के अलावा कोई चारा न था। लेकिन कमरे में पहुंचते ही वह अपने रूममेट स्वाति के सम्मुख बिफर पड़ी। स्वाति ने उसे समझाया कि बॉस से बनाकर चलने में ही समझदारी है, जब तक कि वह उसके साथ कोई ग़लत हरकत न करे। “मुंह नोंच लूंगी यदि उसने ऐसा कुछ किया तो।” देर तक रिचा बड़बड़ाती रही और स्वाति उसे शांत करती रही। घर से दूर इस घर में दोनों ही एक-दूसरे का सहारा थीं। दो-चार दिन चले इस क्रम में ही रिचा के सम्मुख बॉस के घर का खाका काफ़ी स्पष्ट हो गया था। बॉस की पत्नी मालिनी काफ़ी अहंकारी स्वभाव की महिला थीं। हर व़क़्त उनकी त्यौरियां चढ़ी रहती थीं। मुस्कुराना तो शायद उन्होंने सीखा ही नहीं था। रिचा जैसी सुंदर युवती का रोज़ पति के संग घर आना उन्हें फूटी आंख नहीं सुहा रहा था। बॉस उदय उसे ज़रा पलायनवादी प्रवृत्ति के लगे। घर, बीवी से निर्लिप्त वे स्वयं को ज़्यादा से ज़्यादा देर ऑफ़िस की फ़ाइलों में डुबोए रखते थे। हां, दस वर्षीय ओजस न केवल पढ़ाई में अच्छा था, वरन् अन्य गतिविधियों में भी रुचि रखता था और रिचा से इस बारे में विचार-विमर्श भी करता था। घर के उबाऊ-उखड़े वातावरण से निर्लिप्त वह भी अपनी पढ़ाई, खेलकूद, कंप्यूटर आदि में ही मस्त रहता था। रिचा की उससे अच्छी छनने लगी, लेकिन चौथे दिन ही मालिनी मैडम ने उसे अल्टीमेटम पकड़ा दिया। “शाम को ओजस का खेलने का समय होता है। आप दिन में आकर पढ़ा दिया करें।” “लेकिन दिन में मैं ऑफ़िस में रहती हूं।” “वो मैं उदय से बात कर लूंगी।” रिचा के सम्मुख फिर गर्दन हिलाने के अलावा कोई चारा न था। घर आकर स्वाति के सम्मुख खीझ निकालने के अतिरिक्त वह कुछ न कर पाई। उस दिन मैडम का मूड काफ़ी अच्छा था। “कल ओजस का जन्मदिन है। आप पढ़ाने के बाद यहीं रुक जाना। पार्टी के बाद ड्राइवर आपको घर छोड़ आएगा।” रिचा का मन हुआ मना कर दे। लेकिन एक तो ओजस का आग्रह और फिर पहली बार मैडम की कृपादृष्टि, वह इंकार नहीं कर पाई। ख़ूब सारे चॉकलेट्स और गेम्स की सीडी पाकर ओजस ख़ुशी से उछल पड़ा। वह कंप्यूटर पर मस्त हो गया और रिचा मैडम के पास रसोई में चली गई। वैसे तो घर में ढेरों नौकर थे, लेकिन कुछ विशेष व्यंजन बनाने और बैठक सजाने में रिचा ने पूरा-पूरा सहयोग दिया। मालिनी उससे बहुत ख़ुश हो गई। पार्टी में भी उसने आगंतुकों के सामने रिचा की दिल खोलकर तारीफ़ की। उदय और मालिनी बड़े प्रेम और आदर से मेहमानों का आदर-सत्कार कर रहे थे। उन्हें देखकर कोई सोच भी नहीं सकता था कि इतना आदर्श नज़र आनेवाला यह जोड़ा साधारणतः एक-दूसरे से बात करना भी पसंद नहीं करता। देर रात तक रिचा स्वाति को पार्टी की ही सब बातें बताती रही। “दोनों दिल के बुरे नहीं हैं। फिर पता नहीं क्यों एक-दूसरे से इतना खिंचे-खिंचे रहते हैं?” “जब हमारी शादी होगी, तब सब समझ आ जाएगा। अभी सो जा और मुझे भी सोने दे।” स्वाति करवट बदलकर लेट गई, तो रिचा भी सोने का प्रयास करने लगी। उस दिन से रिचा के संबंध मैडम से मधुर हो गए थे। अब वह पढ़ाने के बाद कभी-कभी उसे चाय के लिए रोक लेती थी। बातों-बातों में ही रिचा को पता चला कि मालिनी मैडम काफ़ी अमीर और प्रतिष्ठित घराने की थीं, जबकि बॉस एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक़ रखते थे। शायद बॉस की अच्छी नौकरी के कारण ही यह रिश्ता तय हुआ होगा। रिचा ने कयास लगाया। उस दिन रिचा ओजस को पढ़ाने पहुंची, तो पता चला वह स्कूल से लौटा ही नहीं था। वार्षिकोत्सव की तैयारी के कारण स्कूल की छुट्टी देरी से होने वाली थी। रिचा लौटने लगी तो मालिनी ने उसे रोक लिया। “अब आई हो तो कुछ देर मेरे पास बैठ जाओ। वैसे भी आज मेरी तबियत ठीक नहीं है।” रिचा ने मालिनी की नब्ज़ छुई, तो उन्हें बहुत तेज़ बुख़ार था। चाय के संग टेबलेट देकर लौटने लगी, तो मालिनी ने उसका हाथ थाम लिया। “कुछ देर और बैठो। तुमसे बातें करने का मन कर रहा है।” आत्मीयता में मालिनी तुम पर आ गई थी। रिचा उनके दिल के दर्द को महसूस कर चुपचाप बैठ गई। “उदय और ओजस दोनों ही बहुत व्यस्त रहते हैं। मैं बहुत अकेलापन महसूस करती हूं। टीवी पर सास-बहू सीरियल्स देखकर आख़िर कितना व़क़्त गुज़ारा जा सकता है? किटी पार्टियों में भी मेरी ज़्यादा रुचि नहीं है। सच कहूं तो आभिजात्य परिवार से होते हुए भी मुझे उस तरह की कोई लत नहीं है।” “फिर तो आपका और सर का नेचर एक जैसा है। वे भी तड़क-भड़क से दूर शांत, सीधे-सादे हैं।” रिचा ने अपना मत रखा। “हूं… काफ़ी जान गई हो अपने सर के स्वभाव के बारे में! अच्छा तुमने कभी किसी से प्यार किया है?” “यह क्या सवाल है? नहीं तो?” रिचा की ज़ुबान लड़खड़ा गई। “अच्छा, पहले प्यार के बारे में तुम्हारा क्या ख़्याल है?” रिचा उठ खड़ी हुई। “आपको शायद ग़लतफ़हमी हो गई है।” “तुम ग़लत समझ रही हो। बैठो! मैं यह जानना चाह रही थी कि क्या इंसान कभी अपने पहले प्यार को भुला नहीं पाता? क्या उदय उस टीचर को कभी भुला पाएंगे?” “कौन टीचर?” रिचा को बात कुछ-कुछ समझ आने लगी थी। तो उसके प्रति दूरी बरतने के पीछे मैडम के मन का यह पूर्वाग्रह था। “उदय एक साधारण परिवार की लड़की, जो एक टीचर थी, को पसंद करते थे। लेकिन जब मेरा रिश्ता गया, तो उनके माता-पिता ने बात पक्की कर दी। उदय जानते थे कि उस टीचर से शादी के लिए अपने माता-पिता को कभी नहीं मना पाएंगे, इसलिए बुझे मन से मान गए।” “आप ये सब कैसे जानती हैं?” “ख़ुद उदय ने बताया था, जब हम पहली बार अकेले में मिले थे।” “तो आपने शादी करने से मना क्यों नहीं कर दिया?” “इसका जवाब मुश्किल है। एक तो शायद यह कि पहली नज़र में उदय जैसा सुदर्शन, सुसंस्कृत, शिक्षित, उच्च नौकरीवाला युवक मुझे भा गया था। दूसरे, मुझे लगा उदय उस लड़की के तो कभी होंगे नहीं, तो फिर किसी और के होने की बजाय मेरे ही क्यों न हो जाएं। कुछ मुझे अपने रूप और पैसे का भी घमंड था। मुझे लगा वे शादी के बाद उसे भूलकर मेरे दीवाने हो जाएंगे।” “फिर?” रिचा को इस प्रेम-कहानी में रस आने लगा था। “उदय ने मुझे सम्मान दिया। कभी तिरस्कृत नहीं किया। लेकिन वो प्यार, वो दीवानगी, जिसकी मुझे अपेक्षा थी, मुझे कभी हासिल नहीं हुआ। अपना दंभ खोखला साबित होने पर मैं चोट खाई नागिन की भांति बिफर उठी। बात-बात पर उन्हें प्रताड़ित करने लगी। अपने पैसे का रौब दिखाकर उन पर हावी होने का प्रयास करने लगी। फलस्वरूप उदय मुझसे कटने लगे। मैं आज भी उनकी पत्नी मात्र हूं, प्रेयसी नहीं। क्या उदय सचमुच अपने पहले प्यार को ज़िंदगीभर नहीं भुला पाएंगे?” पूरी कहानी सुन लेने के बाद रिचा का आत्मविश्‍वास लौट आया था। वह स्वयं को काफ़ी महत्वपूर्ण समझने लगी। “मैं इस अनुभव से गुज़री तो नहीं हूं मैडम…” “प्लीज़ रिचा! मुझे मैडम मत कहो। छोटी बहन मानकर तुमसे अपना दर्द बयान किया है।” “दीदी! मेरी जानकारी तो यह कहती है कि पहला प्यार विपरीत लिंग के प्रति शारीरिक आकर्षण मात्र होता है, जो समझ आने पर अपने आप समाप्त हो जाता है। मुझे नहीं लगता कि सर के दिल में उस टीचर के लिए छुटमुट स्मृतियों के अलावा अब कुछ बचा होगा।” “सच कह रही हो?” आशा की एक किरण मालिनी की आंखों में कौंध उठी। “हां दीदी, बिल्कुल सच।” “तुमने मेरे दिल को आज बहुत तसल्ली दी है।” मालिनी ने भावावेश में रिचा का हाथ कसकर थाम लिया तो वह अनमनी-सी हो उठी। “मैं अब चलती हूं। बहुत देर हो गई है।” रिचा की व्याकुलता स्वाति से छुप नहीं सकी। रिचा ने सब कुछ उगल दिया। “मैं नहीं जानती स्वाति, दीदी को तसल्ली देकर मैंने अच्छा काम किया या बुरा? मैं बस इतना जानती हूं कि मुझसे उनकी पीड़ा नहीं देखी गई। मैं दिल से चाहती हूं कि उन दोनों का मिलन हो जाए, पर कैसे…? इतने नाज़ुक़ रिश्ते के बीच में औघड़ करूं भी तो क्या?” रिचा की चिंता का कोई समाधान न था। ओजस का कोर्स समाप्त हो चुका था, इसलिए रिचा ने वहां जाना बंद कर दिया था। परीक्षा समाप्त होते ही ओजस मम्मी के संग ननिहाल चला गया। रिचा ने भी अपने आप को ऑफ़िस के कामों में डुबा दिया था। उस दिन ऑफ़िस से निकलते बहुत अंधेरा घिर आया। उदय ने रिचा को घर छोड़ देने का प्रस्ताव रखा, क्योंकि आख़िरी बस भी निकल चुकी थी। रिचा को मानना पड़ा। दोनों के बीच चुप्पी पसरी रही। आख़िर उदय ने ही मौन तोड़ा। “ओजस और मालिनी के फ़ोन आते रहते हैं। दोनों तुम्हें बहुत याद करते हैं। जादू-सा कर दिया है तुमने उन पर। ओजस का रिज़ल्ट बहुत बढ़िया रहा, इसका श्रेय भी तुम्हें ही जाता है।” “ओजस को स्कूल खुलने से पूर्व यदि एक बार मैथ्स का कोर्स करवा दिया जाए, तो उसका रिज़ल्ट और भी अच्छा रहेगा।” “अच्छा! फिर तो उन्हें बुला ही लेते हैं… वैसे भी इस बार मालिनी ने बहुत दिन लगा दिए हैं। हमेशा तो जल्दी लौट आती थी। कुछ ख़याल ही नहीं मेरा।” “आपको है?” आक्रोश में जाने कैसे रिचा के मुंह से निकल गया। “क्या कहा तुमने? मैं मालिनी का ख़याल नहीं रखता।” “सॉरी सर!… ग़लती से…” “मालिनी ने तुम्हें मेरे बारे में क्या बताया है? पिछले कुछ समय से मैं उसमें आश्‍चर्यजनक परिवर्तन देख रहा हूं। उसका अभिमान, दर्प सब कहीं खो-सा गया है। एक टूटन-सी महसूस कर रहा हूं मैं उसके अंदर। न कोई उपालंभ, न कोई अवहेलना… बस, किसी सोच में गुम। तुम्हारे संग इधर वह काफ़ी व़क़्त बिताने लगी थी। मुझे बताओ रिचा, कोई परेशानी है उसे? मैं उसे उदास, परेशान नहीं देख सकता। बहुत प्यार करता हूं मैं उससे।” उदय भावुक हो गया। “तो फिर वह टीचर?” रिचा से रहा नहीं गया। “कौन…? शायद तुम मोना की बात कर रही हो। मालिनी ने बताया होगा। उसे तो मैं कब का भुला बैठा। एक दिन स्टेशन पर ही देखा था उसे। मुटियाई-सी, बच्चे को लटकाए, कर्कश आवाज़ में पांच रुपए के लिए कुली से झगड़ रही थी… ह हं? वह भी क्या उम्र होती है न? नई-नई जवानी, नई-नई ख़ुमारी, हर सुंदर लड़की प्रेमिका नज़र आने लगती है। मौसमी बुख़ार!! थोड़े समय बाद सब उतर जाता है… आश्‍चर्य है! मालिनी अभी तक उस लड़की के बारे में सोचती है? चलो, ओजस की प़ढ़ाई के बहाने उन्हें बुला लेता हूं। यह ठीक सुझाया तुमने” “बस, यहीं रोक दीजिए। मैं चली जाऊंगी।” कमरे में पहुंचते ही रिचा स्वाति के सम्मुख फट प़ड़ी। “अजीब बौड़म, लल्लू आदमी से पाला पड़ा है।” “कौन?” स्वाति चकित थी। “अरे वही मेरा बॉस! बीवी को बुलाने के लिए बहाना ढूंढ़ रहा है। सीधे से फोन करके नहीं कह सकता, मालिनी! डार्लिंग, मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं। तुम्हें बहुत मिस कर रहा हूं। तुम्हें लेने आ रहा हूं…” “रिचा! तुम्हारा पर्स कार में रह गया था।” उदय को दरवाज़े पर देख रिचा और स्वाति के तो होश ही उड़ गए। निर्विकार भाव से उदय ने रिचा के कांपते हाथों में पर्स थमाया और लौट गया। “शायद उसने कुछ सुना ही नहीं। तुम व्यर्थ कांप रही हो।” स्वाति ने रिचा को ढाढ़स बंधाना चाहा, लेकिन रिचा तब तक संभल चुकी थी। “सुन भी लिया तो क्या? मुझे अब नौकरी की परवाह नहीं। बस, मेरी दीदी के चेहरे पर मुस्कान खिल आए।” अगले दिन रिचा धड़कते दिल से ऑफ़िस में प्रविष्ट हुई और सीधे सीट पर जाकर बैठ गई। अभी चपरासी उसका निलंबन पत्र लेकर आता ही होगा। सचमुच चपरासी आ गया। “साहब ने आपके नाम यह पत्र छोड़ा है।” “छोड़ा है मतलब?” “आपको नहीं मालूम? वे अपनी फैमिली को लेने गए हैं।” रिचा की सांस हलक में अटक गई। लिफ़ा़फे पर उसी का नाम था। कांपते हाथों से उसने पत्र खोला। अंदर केवल एक शब्द था, ‘थैंक्यू !’ नीचे हस्ताक्षर थे ‘लल्लू, बौड़म’ रिचा के चेहरे पर अनायास ही मुस्कान खिल उठी। *****

  • ख्वाब

    डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव   रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया।   सिर पर कामों का बोझ लाद, मैं दिन भर फिरता रहता था। जीवन की आपाधापी में, मैं मुस्कुराना भूल गया। रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया।   परायों के अफसानों में मैं अपना किरदार ढूंढता था। किरदार तो मेरा मिला नहीं, अपना ही फसांना भूल गया। रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया।   गैरों को जो मंजिल मिलती, मैं खुश हो गले लगाता था। इस चकाचौंध में मैं खोकर, अपनी ही मंजिल भूल गया। रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया।   मिला बहुत इस जीवन में, जो चाहा था, वह मिला नहीं। चाहत की चाहत बनने को, मैं अपनी हस्ती भूल गया। रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया।   इस भूलभुलैया जीवन में ‘कृष्णा’ की सीख भूल गया। कैसा भी हो वक्त परन्तु,   मैं अपने को कैसे भूल गया। रोटी की भाग दौड़ में मैं, प्यार जताना भूल गया। ******

bottom of page