Search Results
Search this site
1029 results found with an empty search
- अनोखा अनुभव
रमाकांत अवस्थी आज हेम और हरि दोनों के बीच जबरदस्त विचार-विमर्श चल रहा था। मंहगाई, सरकारी सेवा करते चैनल से होकर बातचीत सच्चे संस्मरण तक आ पहुंची थी। "भाग्य' क्या होता है? क्यों होता है? किसलिए होता है? मैं नहीं जानता, क्योंकि मैं भाग्य के तिलिस्म में कभी पड़ा ही नहीं। मैं वर्तमान में जीना पसंद करता हूं। भाग्य और भविष्य की चिंता में वे लोग डूबे रहते हैं, जिनके पास डूबने का और कोई साधन नहीं होता, पर एक पूरा जीवन कैसे बेपरवाही और लापरवाही से गुज़र जाता है यह तो मैंने साक्षात देखा है।" हरि ने कहा तो हेम बोला, "बता ना किसको देखा था।" "था एक युवक। जब मैंने उसे पहली बार देखा, तब मै आठ साल का था और मुझे खेलते समय दौड़ते हुए घुटने पर चोट लग गई थी। मैं सिसक ही रहा था कि एक युवक आया और बकरियों को चारा देते हुए बोला, "खरोंच आ गई है।" फिर पीठ पर हाथ रख कर बोला, "अभी ठीक हो जाएगी।" मैं उसे देखता रह गया।" "क्यों देखता रह गया?" "अरे, इसलिए कि उसके हाथ में न जाने क्या था कि दर्द कम हो गया।" "फिर क्या हुआ?" "फिर, वो आया। हां, वो मैदान से कुछ पत्ते लाया। उसका रस मेरी चोटिल और दुखती त्वचा पर लगाया। उसी समय आराम आ गया।" "वो तो पीठ पर हाथ रखते ही आ गया था ना।" "हां, पर वो पत्ते का रस ऐसा था कि अगले दिन खरोंच भर गई थी।" "अच्छा! सच?" हेम ने आश्चर्य से पूछा। "हां, फिर मुझे बहुत मन हुआ यह जानने का कि वो कौन है। तब पता लगा कि वो अपने सात भाइयों के साथ इसी गांव में खेत-खलिहान, मवेशियों के साथ रहते हैं।" "अच्छा! हाँ, फिर मेरे मन में उनसे बार-बार मिलने की इच्छा होती रही।" "तो हुई मुलाक़ात?" "हां, कई बार हुई। मैं रामलीला और नौटंकी देखने जाता, तो वहां पर वो सेवा करते हुए ज़रूर दिखाई दे जाते। जब उस दिन चोट लगी, तो एक सप्ताह बाद गांव में एक नाटक खेला गया। वो नज़र आ गए, तो मैं भागकर गया और उनसे मिला। बताया कि आपने तो मेरी चोट एक दिन में ही सही कर दी। वो हंस दिए, बोले, "मैं तो भूल गया।" पर हौले-हौले मैंने पता लगाया कि वो एक कमरे की कोठरी में रहते थे और कुछ बकरियां पाल रखी थी, जबकि उनके सारे भाई ख़ूब बडे़ और हवादार मकानों में मज़े से रहते थे। उनकी काफ़ी ज़मीन-जायदाद थी।" "अच्छा!" हेम मज़े लेकर सुन रहा था। "हां, एक दिन पता लगा कि उनकी पत्नी भी थी, जो उनके लापरवाह स्वभाव से परेशान होकर अपने माता-पिता के घर चली गई। अब न तो ये उनको लिवाने जाते हैं और ना वो यहां आना चाहती है। एक दिन मैंने देखा कि वो एक संस्थान में सेवा देने लगे हैं और वहां उनको रहना, खाना व पहनना सब मुफ़्त में मिल रहा है।" "वाह! क्या बात है।" "हां, वो उस संस्था के प्रमुख ने इनको पत्ती के रस से चोट सही करते देखा, तो यह मान लिया था कि यह कोई पावन मन के ख़ास इंसान है।" "फिर…" "पर एक साल बाद पता लगा कि त्रिलोचनजी ने वो सब भी छोड़ दिया है और फिर से अपनी एक कमरे की कोठरी मे आ गए हैं। क्योकि मेहनत का जलवा दिखा चुके हैं, इसलिए कोई भी उनको आलसी या निकम्मा नहीं कह सकता था। हरि ने आगे बताया कि फिर मैं आगे की पढ़ाई तथा नौकरी में लखनऊ रहा। जब गांव लौटा, तो वो वही पर थे और अब उन्होंने कुआं-तालाब खोदने का काम हाथ मे़ लिया था। अजीब बात है कि इतनी ज़मीन-जायदाद थी। भाई-भाभी सब थे, पर वो बिल्कुल अलग ही ढंग के इंसान थे। हां, वो पचास की उम्र में भी सात-आठ घंटे शारीरिक श्रम करने के बाद भी चुस्त-दुरुस्त थे।" "बहुत ख़ूब।" "हां हेम, यह जो उपयोगिता है ना यह इंसान को टिका कर रखती है। ख़ासकर आज के समय में यह बात याद रखनी चाहिए कि अपनी उपयोगिता बना कर रखो, नहीं तो कौन पूछता है। वो फक्कड़ थे, पर सबके काम के थे। शायद जानते थे कि यह ज़माना ऐसा ही है, इसलिए उपयोगी बनो, योगी बनो। मैं देखा करता था कि जिस ढाबे में बैठ जाते, वहां चाय बोलते, तो चाय आ जाती। खाना आ जाता। पूरा गांव ही उनका घर था। जब भी कोई शादी-ब्याह या किसी का जन्मदिन-मुंडन होता, तो उसी घर में उनका ठिकाना रहता। पर वो पचपन साल के थे, तब उनके पैर में अचानक चोट लग गई। घाव भरा ही नहीं, जबकि वो सबके घाव भर देते थे।" "ओह!" हेम को सुनकर अजीब-सा लगा। "हां हेम, हमेशा सत्कर्म करने का मतलब यह नहीं कि आपका कभी बुरा नहीं होगा। कुछ तो होगा ही पर उस बुरे वक़्त में आप कभी अकेले नहीं रहेंगे। कोई न कोई आपके मदद के लिए खड़ा मिलेगा।" कहकर हरि कुछ पल ख़ामोश हो गया और फिर बोला, "बस सात-आठ दिन बाद वो चल बसे। जब उनकी अंतिम यात्रा हुई, तब पता लगा गांव के हर दूसरे युवक को उन्होंने आर्थिक मदद की थी। ख़ुद रोज़ काम करते और भरपूर जीवन जीते वो चले गए। ******
- तुम हो तो मैं हूँ
त्रिलोचन कौर बहुत बड़े घर की खिड़की के अन्दर से माथुर दम्पति की झाँकती दो जोड़ी उदास बूढ़ी आँखे, फोन पर आँखे टिकाये, बेटे विराज के सपरिवार कुशल-मंगल लंदन पहुँचने का समाचार सुनने के लिए बेताब हो रही थी। दोनों पति-पत्नि सफर के समय का पूरा हिसाब किताब लगा चुके थे कि विराज दो घंटे पहले ही घर पहुँच चुका होगा लेकिन अभी तक फोन क्यों नही आया। अनहोनी शंकाओ के विचार उन दोंनो के चेहरे पर स्पष्ट नजर आ रहे थे। "मैं फोन करता हूँ।" माथुर साहब ने अपनी पत्नि से कहा। "नही-नही, अभी थोड़ा इन्तज़ार और करते है..विराज ने कहा था आप फोन नही करना मैं वहाँ पहुँच कर फोन करुँगा।" विराज की माँ ने चेहरे पर छाई चिन्ता की लकीरों को हटाकर हल्की मुस्कराहट से कहा। अचानक फोन बजने से दोंनो के चेहरे चमक उठे विराज का फोन था।" माँ हम लोग ठीक-ठाक घर पहुँच गए है, माँ अपना और पापा का ख्याल रखना, टेककेयर ..ओके..बॉय .. बॉय।" "जाओ, अब चाय बना लाओ" राहत की साँस लेकर माथुर साहब ने कहा। अचानक बन्द दरवाजे पर किसी ने जोर से दस्तक दी। किसी आगन्तुक के आने के विचार से माथुर साहब का चेहरा खिल उठा दरवाजा खोलकर देखा कोई नही था तेज हवा चल रही थी उससे दरवाजा खड़-खड़ हो रहा था। रसोई अन्दर से पत्नी की आवाज आई "कौन है?" "कोई नही, हवा थी।" माथुर साहब मायूसी से बोले पत्नी ने चाय की प्याली हाथ में पकड़ाकर बोझिल माहौल को हल्का बनाने के लिए हँसकर कहा "अरे कोई तो है न...चाहे हवा.. तुम हो.. मै हूँ.. हमारे संग ये हवा है..और जीने के लिए क्या चाहिए?" कहते-कहते खिलखिला उठी विराज की माँ" माथुर साहब चाय का घूँट भरकर एकटक पत्नी के चेहरे की ओर देखते रहे जैसे ही आँखे चार हुई, दोंनो एक दूसरे को देख आत्मिय भाव से मुस्काने लगे । ******
- अनहोनी
चिन्मय देशपाण्डे आलोक साहब अपनी सुंदर, सुघड़, विदुषी पत्नी के साथ ऑफिस की सालाना पार्टी में जैसे ही पधारे कइयों के सीने पर सांप लोट गए। आलोक साहब हाल ही में सीनियर डायरेक्टर बने थे और हाई नेटवर्थ क्लाइंट के प्रोजेक्ट्स संभालते, वरिष्ठ लोग उनके कामों से खुश थे और जूनियर भी क्योंकि वह बेहतरीन मैनेजर थे। मातहतों से काम करवाना जानते थे। आलोक साहब खुद भी टेक्निकल थे। तेरह साल पहले बतौर ट्रेनी इंजिनियर उन्होंने कम्पनी में ज्वाइन किया था और उनकी तरक्की से जलने वालों की कमी नहीं थी। आलोक साहब की पत्नी माधुरी जी भी खानदानी थीं। चंदीले रंग की साड़ी और हीरो के हार में वह कहर ढा रहीं थीं। पार्टी हुई और लोग घर जाने को हुए, आलोक साहब की टीम की सदस्या संजना कुछ परेशान सी खड़ी थी, दरअसल उसे जिसके साथ जाना था वह पहले ही निकल गया था। संजना को परेशान देख कर आलोक जी ने उसे लिफ्ट ऑफर की। संजना पंजाब से थी मगर पढ़ाई लिखाई पिताजी की नौकरी के चलते बंगलौर में हुई थी। आलोक जी भी बंगलौर से ही थे और पत्नी नॉर्थ कर्नाटक से। संजना ने आलोक जी की लिफ्ट स्वीकार कर ली और बैक सीट पर जा कर बैठ गई, इधर माधुरी जी का चेहरा बतला रहा था, कि कुछ गडबड है। आलोक और माधुरी अपनी कन्नड़ में शुरू हो गए, संजना जो पहले अपना फोन चला कर गाना सुन रही थी उसने ध्यान दिया कि यह तो पति-पत्नी आपस में लड़ रहे हैं। "यह वही लड़की है न, जिसके साथ रात-रात भर फोन में लगे रहते हो?" "वह मेरी कुलीग है, काम के सिलसिले में बात करनी होती है।" "शर्म नहीं आती बीवी के सामने उसे लिफ्ट देते हुए?" "वह अकेली है, मैनेजर होने के नाते मुझे उसकी सुरक्षा की चिंता होती है।" "मुझे तो तुम ओला यूबर से जहां तहां भेज देते हो इसकी शोफर गिरी करते हो।" "…" "जवाब दो, क्या लगती है वह तुम्हारी?" "कुछ नहीं" "झूठ है यह" कहते-कहते माधुरी जी की आवाज तेज हो गई और उनका चेहरा तमतमा गया। पिछली सीट पर बैठी संजना चौंक गई । आलोक जी उसे देख कर मुस्कुराए और अंग्रेजी में कहा "कुछ नहीं, मैडम को मेरा पार्टियों में पीना पसंद नहीं।" "और भर लो लड़कियां अपनी टीम में और सारी रात उन्हीं से बतियाते रहो फोन पर" "तुम गलत समझ रही हो, यह लड़कियां ट्रेंड प्रफेशनल हैं और नाराज क्लाइंट्स को बेहतर तरीके से हैंडल करतीं हैं।" "तुम मैनेजर हो या दलाल हो उनके?" तेज़ आवाज़ के साथ आलोक साहब ने गाड़ी का ब्रेक दबा दिया। आलोक साहब का चेहरा गुस्से से लाल हो रहा था और उनकी तेज़ सांसे चल रही थी। अपने चरित्र पर लांछन लगाना उन्हें पसंद नहीं आया। वह गाड़ी की पिछली सीट पर पहुँचे और संजना से कहा मेट्रो स्टेशन आ गया, यहां से अब आप आगे जा सकती हैं। संजना ने धन्यवाद कहा और अपनी राह चली गई। पति पत्नी में घर लौटते वक्त गाड़ी में जम कर तू तू मैं मैं हुई, गाड़ी जब फ्लाई ओवर से गुजर रही थी तो माधुरी ने तेज रफ्तार चलती गाड़ी से कूदने की कोशिश की, इधर आलोक ने बीवी को रोकने के लिए बांए हाथ से पकड़ना चाहा और इस बीच स्टियरिंग पूरा बांए घूम गया, गाड़ी फ्लाई ओवर के किनारों से जोरों से टकरा कर उलट गई और पति पत्नी सैंकड़ों फीट नीचे आ गिरे। उनकी निष्प्राण देह कई घंटे कार के मलबे में कुचली हुई यथावत पड़ी रही। सुबह हुई और जब राहगीरों ने देखा तो पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया तब कहीं जा कर पति पत्नी की देह को मोर्चरी ले जाया गया। इधर घर में हाहाकार मच गया। घरवालों को मालूम तो था कि पति पत्नी के बीच खटपट चल रही है आलोक जी के घर वालों और माधुरी जी के घरवाले एक दुसरे को दोषी ठहराने लगे। बात यहां तक पंहुच गई कि माधुरी जी के छोटे भाई साहब आलोक के चरित्र पर कीचड़ उछालने लगे, इधर आलोक की माता जी माधुरी को कोसने लगीं "इस सुंदर सी दिखने वाली चुड़ैल ने जाने क्या जादू कर दिया मेरे होनहार बेटे पर जो इसकी सुनता था।" बेटी दामाद के यूं अकस्मात गुजरने का दुःख माधुरी के मां पिता को भी था किंतु दुःख से चुप थे। इधर आलोक के पिता चुपचाप आंसू बहा रहे थे जवान होनहार बेटे बहु यूं इस तरह दुनिया से चले जाएंगे उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था। कितने अभागे थे कि पोते पोती का मुंह तक न देख पाए। ऑफिस में खबर पंहुची तो जितने मुंह उतनी बातें। "अरे कल ही तो आलोक साहब सबसे इतने हंस कर मिले थे क्या पता था ऐसा हो जाएगा।" "वाकई दोनो की जोड़ी मेड फॉर ईच अदर थी। साथ में दोनो कितने जंचते थे।" "इनको शादी के बाद बच्चा नहीं हुआ तो पति पत्नी टेंस थे।" "आलोक लंगोट का ढीला था।" "ऐसी सुंदर बीवी जिसकी होगी उसकी मौत यूं ही बेमौत होगी।" संजना ने मौन तोड़ते हुए कहा कि कल रात जब उसे मेट्रो स्टेशन पर दोनो पति पत्नी ने उसे ड्रॉप किया तो उसने सुना दोनो आपस में किसी बात को ले कर झगड़ रहे थे, वहीं से कुछ दूरी पर यह दुर्घटना हुई। लोगों ने कहा अरे किस्मत बुलंद है तुम्हारी जो बच गईं। लेकिन पति पत्नी को मानना पड़ेगा कि एक दूसरे को इतना चाहते थे कि लड़े साथ में और मौत हुई भी साथ में। इधर आलोक और माधुरी की आत्मा अपना सिर पकड़ कर बैठे थे कि यह अनहोनी क्यों और कैसे हो गई। *****
- नफ़रत
डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव एक आदमी ने एक बहुत ही खूबसूरत लड़की से शादी की। शादी के बाद दोनों की ज़िन्दगी बहुत प्यार से गुजर रही थी। वह उसे बहुत चाहता था और उसकी खूबसूरती की हमेशा तारीफ़ किया करता था। लेकिन कुछ महीनों के बाद लड़की चर्मरोग से ग्रसित हो गई और धीरे-धीरे उसकी खूबसूरती जाने लगी। खुद को इस तरह देख उसके मन में डर समाने लगा कि यदि वह बदसूरत हो गई, तो उसका पति उससे नफ़रत करने लगेगा और वह उसकी नफ़रत बर्दाशत नहीं कर पाएगी। इस बीच एक दिन पति को किसी काम से शहर से बाहर जाना पड़ा। काम ख़त्म कर जब वह घर वापस लौट रहा था, उसके साथ दुर्घटना हो गयी। दुर्घटना में उसने अपनी दोनों आँखें खो दी। लेकिन इसके बावजूद भी उन दोनों की जिंदगी सामान्य तरीके से आगे बढ़ती रही। समय गुजरता रहा और अपने चर्मरोग के कारण लड़की ने अपनी खूबसूरती पूरी तरह गंवा दी। वह बदसूरत हो गई। लेकिन अंधे पति को इस बारे में कुछ भी पता नहीं था। इसलिए इसका उनके खुशहाल विवाहित जीवन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। वह उसे उसी तरह प्यार करता रहा। एक दिन उस लड़की की मौत हो गई। पति अब अकेला हो गया था। वह बहुत दु:खी था। वह उस शहर को छोड़कर जाना चाहता था। उसने अंतिम संस्कार की सारी क्रियाविधि पूर्ण की और शहर छोड़कर जाने लगा। तभी एक आदमी ने पीछे से उसे पुकारा और पास आकर कहा, “अब तुम बिना सहारे के अकेले कैसे चल पाओगे? इतने साल तो तुम्हारी पत्नी तुम्हारी मदद किया करती थी।” पति ने जवाब दिया, “दोस्त! मैं अंधा नहीं हूँ। मैं बस अंधा होने का नाटक कर रहा था। क्योंकि यदि मेरी पत्नी को पता चल जाता कि मैं उसकी बदसूरती देख सकता हूँ, तो यह उसे उसके रोग से ज्यादा दर्द देता। इसलिए मैंने इतने साल अंधे होने का दिखावा किया। वह बहुत अच्छी पत्नी थी। मैं बस उसे खुश रखना चाहता था।” सीख : सुखी जीवन का यही सूत्र है कि हमें एक दूसरे की कमियो के प्रति आखें बंद कर लेनी चाहिए और उन कमियों को नजरन्दाज कर देना चाहिए। ******
- खाली कश्ती लाख थपेड़े
डॉ. जहांन सिंह “जहांन” गरीबी और बेरोजगारी को लादे, जीवन में कुछ करने की तीव्र इच्छा लिये एक नौजवान कानपुर आता है। एक पिछड़े गाँव एवं अभाव में बीता बचपन जिसके लिए खुशियां सिर्फ एक शब्द मात्र थी। नौजवान के पास अगर कुछ पूंजी थी तो उसका आत्मविश्वास। रेलगाड़ी ने कानपुर तो पहुँचा दिया। रेल पर बैठना भी उसके जीवन का पहला अनुभव था। लेकिन अब कहाँ जाये? एक बुजुर्ग ने सरसैया घाट पर स्थित धर्मशाला का पता दिया। पूछते-पूछते पैदल वह धर्मशाला पहुँच गया। आठ आने रोज पर एक अलमारी, एक चारपाई मिल गई। रात ठहरने का सहारा तो मिल गया पर थकान और भूख से बेहाल घाट की तरफ निकल पड़ा। मंदिर में आरती हो रही थी। लोगों की लम्बी लाइन में वो भी खड़ा हो गया ये सोचकर कि प्रसाद बाँटा जा रहा है| पूड़ी, हलवा का एक दोना उसको भी मिल गया। अपर्याप्त पर, स्वादिष्ट भोजन काफी दिनों बाद प्राप्त हुआ था। आखिरी बार उसने झब्बू काका की तेहरवीं में मीठा खाया था। प्रसाद खाया पेट भर पानी पिया, चारपाई पर लेटा, पता नहीं चला कब सुबह हो गई। उसके जीवन में कानपुर एक ऐसा पड़ाव था जिसने उसकी जिन्दगी बदल दी। होमगार्ड बना, ट्रक चलाया, ट्यूशन पढ़ाई, बी.ए. एम.ए. और पी.एच.डी की। इसी नगर में शिक्षा के उच्च पायदान पर पहुंच कर सेवानिवृत हुए। नगर में रहते हुए वो मेरे मित्र बन गए। एक शाम हम लोग मोतीझींल पार्क में बैठे बीते दिनों की यादों में खो गये। उन्होंने अपने शिक्षण काल की एक मार्मिक घटना का जिक्र किया, जो मानवीय अवमूल्यन की, स्वार्थ की, मनुष्य जाति की गिरावट की पराकाष्ठा थी। डा0 रमेश बताते हैं कि....“समाज में स्त्री एक कश्ती की तरह है। कितने थपेड़े, कितने साहिल, न जाने कितने नाविक, नदी की रोमांचित लहरें, तूफान और खतरे भरे टेढ़े-मेढ़े रास्त्रों से गुजरती है। जिसे सहारा देने को हाथ तो उठते हैं। पर कीमत पहले वसूली जाती है। जब वो अपना शोघधकार्य डॉ, शर्मा के अंडर में कर रहे थे, तब डॉक्टर शर्मा के आचरण की जानकारी प्राप्त हुई। डॉ शर्मा अति सामान्य व्यक्ति, नाक, नक्सा में कोई तालमेल नहीं, पर हृदय मेँ सुन्दर स्त्रियों का आकर्षण और मौका मिलने पर तन, मन व धन से अबलोकन और साथ प्राप्त करने की अति तीव्र कामना रखते हैं। उनको जो जीवन संगिनी प्राप्त हुई वह सामान्य ग्रहणी तक ही सीमित थी। उन्होंने लोकाचार और जैविक आवश्यकताओं के हेतु तीन नई पौधों से घर का आंगन सुशोभित कर दिया। अब ग्रहणी से नज़र हटा कर नये सुन्दर पुष्पों की तलाश और तीव्र हो गई। अन्तताः अपनी एक शिष्या का शिकार कर डाला। गाँव की गौरइया मेट्रो के गौरिल्ला के हाथ लग गई। गाँव की लड़की उच्च शिक्षा के लिये कानपुर आई। कॉलेज का पहला दिन डॉ. शर्मा की क्लास, बस फिर क्या था, उनकी खोजी आँखें आकर मधु पर टिक गई। पारखी नज़रे जैसे ही मधु से ठकराई। गाइड फिल्म का संवाद दिल में गुंजायमान हो गया “राजू तेरी मंजिल इन आँखों में है”। डॉ. शर्मा आनंदमयी हो जाते हैं। फिर क्या शर्मा जी के पुराने हथकंडे, extra classes, library books, private guidance in department etc. और स्पर्श चिकित्सा का उपचार अन्त में प्रथम श्रेणी में पास करवाने का वादा। सरल सहज मधु को फुसलाने में कामयाब। मधु जैसी कोमल लता और शर्मा जैसा जड़ियल वृक्ष मनचाहा सहारा मिला तो लता लपेट में आ गई। सर जी ने बहुत लम्बा लपेटा बी.ए.,एम.ए, पी.एच.डी तक का साथ। शर्म त्याग कर डॉ. शर्मा प्यार के समर में उतर गये, कॉलेज की लज्जा छोड़कर घर में भी निर्लज्ज हो गये। अपनी पत्नी से मधु को बेसहारा बता कर अपने ही घर में रहने का इंतजाम कर दिया। मधु जब तक समझ पाती बहुत देर हो चुकी थी। अब वो चाहे-अनचाहे 'सर' जी पर निर्भर हो चुकी थी। गुपचुप तरीके से चिकित्सीय मदद द्वारा समस्या से छुटकारा तो मिलता रहा पर कश्ती भूल की कीमत दे चुकी और सर प्यार की पहली पगार ले चुके थे। खबर फैली-नौकरी छूटी, बोरिया बिस्तर बाँध कर कानपुर से विदा हो गये। डॉ. शर्मा ने मेरठ के कॉलेज में नौकरी ज्वाइन 'कर ली। मधु के माँ-बाप को समझा कर अपने साथ एम.ए. की पढ़ाई के लिये मेरठ ले गये और अपने घर में ही निवास दे दिया। मधु की कश्ती कितने बार डूबी और उछली कितने तूफानों से गुजरी। 'सर' ने उसका रजिस्ट्रेशन भी अपने साथ करवा लिया और मधु समझौता कर चुकी थी। उसने निश्चय किया कि जीवन में एक मुकाम हासिल करके, समाज को जवाब दूँगी। वक्त ने उसे साहसी बना दिया, उसने पी.एच.डी. पूरी की। डॉ. शर्मा पूर्ण रूप से चुक गये थे। मधु अब डॉ. मधु हो गई थी। उसने कानपुर में शिक्षिका का पद ग्रहण कर लिया। डॉ. शर्मा विचलित हो गये | वो जानते थे पिंजरे का पंक्षी जब निकलता है तो बहुत दूर तक उड़ान भरता है और कभी-कभी वापस भी नहीं आता है। डॉ. शर्मा ने उसका भी तोड़ निकाल लिया और अपने एक परिचित डॉ. लाल के घर में रहने का इंतजाम करवा दिया। एक तीर से दो शिकार। मधु सुरक्षित और उनको मिलने में भी कोई असुविधा नहीं। सच्चाई यह थी कि डॉ. लाल को मधु और शर्मा के रिश्तों को समझने में देर नहीं लगी और वो भी बहती नदी में हाथ धोने को आतुर हो चले और फिर एक दिन बाँघ टूट गया। मधु को अपना कैरियर बनाना था, उसने तरीकों और रास्तों पर ध्यान देना बन्द कर दिया। वहाँ उसे फ्री खाना, रहना तथा बाहरी भेड़ियों से सुरक्षा मिली और वो वक्त से समझौता कर चुकी थी। विजय डॉ. लाल का बड़ा लड़का जवान, खूबसूरत कॉलेज में फुँटबाल का कैप्टन। उसने अपने पिता के बदलते आचरण पर निगाह रखना चालू कर दिया और एक दिन उसने वो सब देखा जिसका उसको भय था। मधु और विजय के बीच रेत से बनी दीवार को टूटने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। विजय भी उस कश्ती पर सैर करने लगा। मधु का जीवन तारीखों का कलेंडर बन गया। हर दिन कोई नया नाविक। डॉ. शर्मा को समझने में देर नहीं लगी कि अब चिड़िया भी घौसला बदलने मेँ प्रशिक्षित हो चुकी थी। उन्होंने आयोग से स्थाई नौकरी लगवाने की कोशिश की और सोचा कि अपने पास घर लेकर स्थापित कर देंगे। नौकरी आयोग के एक अधिकारी की निगाह पड़ी। मधु को उसकी नज़र पहचानने में देर न लगी। उसने सोचा कि बस एक और नाविक का नाम सूची में जोड़ना है। फिर क्या था अधिकारी फिसल कर 'कश्ती पर सवार हो चुका था। नौकरी स्थाई हो गई। मधु ने गर्भधारण कर लिया। अब समाज के अच्छे लोगों में सुमार होने वालों की इज्जत तार-तार होने कि कगार पर थी। किसका बच्चा पिताओं की लम्बी कतार। बस क्या था पुराने पापियों ने “बन्दर की बला तबेले के सर”। उसकी शादी विजय के साथ करा दी गई। तूफान तो थम गया पर डॉ. शर्मा, डॉ. लाल सब कुछ लुटाकर पश्चाताप की आग में जल रहे थे। विजय हताश, निराश, ड्रग्स का सहारा लेकर एक अंधेरी गली में भटक गया। जिसका रास्ता असामाजिक था, जो उसकी मृत्यु पर खत्म हो गया। समय से बेहतर कोई शिक्षक नहीं होता है। अब ये कश्ती बहुत मजबूत हो चुकी थी और दरिया के मिजाज को परखने की काबिलियत रखती थी। अब वो पुराने बंधनों से मुक्त थी। मधु बैठक में सुबह की चाय पी रही थी। पोस्टमैन ने एक पत्र दिया। शिक्षा विभाग से सूचना थी कि उसका दूसरा प्रमोशन होना है। मधु जानती थी कि ये प्रमोशन कैसे लेना है। उसने विभाग के मंत्री जी से शाम को उनके बंगले में मिलने का समय ले लिया और संजीदा होकर सोच रही थी.. “खाली कश्ती लाख थपेड़े”। डॉ. मधु सेवानिवृत्त होकर एक बंच्चों का स्कूल चला रही है और हर बच्चे खास तौर पर लड़कियों को उनकी एक सलाह जरूर रहती है- “अगर फिसलने से बचाना है तो पहले कदम पर ही सावधान हो जाना है।” ******
- बराबरी
अंजना ठाकुर ये क्या कर रहे हो आप मुझे जूते पड़वाओगे क्या मांजी से? अगर उन्होंने काम करते देख लिया आपको तो पूरा घर सर पर उठा लेंगी। अनुजा जल्दी से सूरज को रसोई से बाहर निकालती हुई बोली। सूरज बोला इसमें डरने वाली क्या बात है। जब तुम बराबरी से नौकरी कर रही हो, घर खर्च में हाथ बंटाती हो, तो मैं घर के काम में क्यों नही मदद कर सकता? तुम रहने दो कुछ दिन की बात है मांजी को पता चला तो शर्मिंदा कर देंगी। अनुजा और सूरज ससुराल से अलग रहते हैं। सूरज के घर में लड़कों से काम नही कराया जाता। सब काम घर की औरते ही करती हैं। अनुजा और सूरज दोनों ही नौकरी करते हैं। अनुजा नौकरी के कारण घर के काम निपटाने में बहुत परेशान हो जाती थी। तब सूरज ने धीरे-धीरे काम सीखा और अनुजा की मदद करने लगा। जिस से दोनों एक दूसरे के साथ वक्त भी बिताते और अनुजा को आराम भी मिल जाता, दोनों अपनी जिंदगी से खुश हैं। अनुजा, सूरज को रसोई से निकाल ही रही थी कि सामने से मांजी आ गई, जो रात को ही आईं थी। उन्होंने अनुजा की बातें सुन ली थी। बोली सही कह रहा है सूरज। जब तुम नौकरी कर सकती हो तो सूरज काम कर सकता है। मुझे कोई दिक्कत नही बल्कि खुशी है कि मेरा बेटा इस बात को समझ रहा है। नहीं तो मेरी सास और इसके पापा ने तो कभी जरूरत समझी ही नहीं। उनका सोचना है कि ये काम औरतों के ही हैं। तो मुझे भी वही सब करना पड़ता है। अनुजा, मांजी के गले लग गई। सूरज भी गले लगते हुए बोला इसमें भी बराबरी होगी, सब हंसने लगे। ******
- बड़े पापा
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव शुक्ला विला से असमय आ रही हंसी-ठिठोली की आवाज़ से पूरा मोहल्ला जान गया था कि परिवार में फिर महफ़िलों का दौर चल पड़ा है। बच्चों का तेज़ म्यूज़िक बजाकर डांस करना, बड़ों का हा-हा, ही-ही करते हुए कभी लॉन में, कभी टैरेस पर, कभी बैठक में ज़ोर-ज़ोर से गप्पे लड़ाना, समय-बेसमय चाय का दौर चलना, ताश की बाज़ी सजना, नौकरों का भाग-भागकर काम करना, पिछले दो दिनों से वहां यही सीन चल रहा था। ऐसा दृश्य हर साल गर्मियों की छुट्टियों में उत्पन्न हो जाता था। जब इस कोठी की दोनों बेटियां अपने-अपने बाल-बच्चों संग छुट्टियां बिताने मायके आती थीं, तब इस कोठी की रौनक़ देखने लायक होती थी, मगर इस बार ये रौनक़, ये उत्साह कुछ ज़्यादा ही उफ़ान पर था और हो भी क्यों न, कारण भी तो बड़ा था। शुक्ला विला की नींव स्वर्गीय सीताराम शुक्लाजी ने रखी थी, जो रुड़की शहर के जाने-माने कपड़ा व्यापारी थे। उन्हें और उनकी पत्नी को गुज़रे कई साल हो गए। उनके तीन बेटों कृष्णचंद्र, रामेश्वर और मनमोहन एवं दो बेटियों निर्मला और कुसुम के बचपन, जवानी, शादी-ब्याह, बहू-दामादों, नाती-पोतों के आगमन का साक्षी बना था यह शुक्ला विला। आज उसी के आंगन में मंझले बेटे रामेश्वर की बड़ी संतान और नई पीढ़ी की अग्रजा 23 वर्षीया नम्रता की शादी के चर्चे चल रहे थे। शुक्ला परिवार की नई पीढ़ी में नम्रता सहित कुल 9 किशोरवय बच्चे थे। सभी का आपस में बहुत प्रेम था। जब भी मिलते, ख़ूब धमाचौकड़ी मचाते। उन सभी को सम्मिलित रूप से ‘शुक्ला गैंग’ के नाम से संबोधित किया जाता था। यह गैंग थोड़ी और बड़ी होती अगर बड़े भाई कृष्णचंद्र की पत्नी और दुधमुंही बच्ची की एक कार दुर्घटना में असमय मृत्यु न हुई होती। कार वे ही चला रहे थे, किन्तु ईश्वर ने उन पर थोड़ी दया दिखाई। चोटें बहुत थीं, मगर प्राण बच गए थे। वे स्वयं को इस दुर्घटना का दोषी मानकर ग्लानि के ऐसे भंवर में उलझे कि सालों बाद भी नहीं उबरे थे। इस घटना के बाद उन्होंने स्वयं को बस अनवरत श्रम की भट्ठी में झोंक दिया था। उनकी निरंतर मेहनत का ही परिणाम था कि पिता का बिज़नेस दिन दूनी, रात चौगुनी तऱक्क़ी कर रहा था। कृष्णचंद्र ऐसे हंसी-ठट्टों, गप्पों की महफ़िलों का कभी हिस्सा न बनते। काम से घर लौटकर सबका संक्षिप्त हालचाल पूछते और चुपचाप खाना खाकर सीधा अपने कमरे में चले जाते। वहां भी देर रात तक व्यापार के अकाउंट्स ही निपटाते रहते। परिवार में उनका एक कड़क अनुशासित पिता के समान दबदबा था और हो भी क्यों न, छोटे भाई-बहनों की शादियां, रोज़गार आदि सभी ज़िम्मेदारियां उन्होंने ही उठाई थी। भाई-बहन उन्हें ‘बड़े भाईसाहब’ और बच्चे ‘बड़े पापा’ कहकर संबोधित करते। आज भी कुछ ऐसा ही हुआ। उनके घर में आते सभी शालीनता की मूर्ति बनकर बैठ गए। उन्होंने सबके हालचाल पूछे, खाना खाया और अपने कमरे की तरफ़ रुख कर लिया। उनके जाते ही सभी मिल-बैठकर चार दिन बाद होनेवाली रोके की रस्म की प्लानिंग करने लगे। शुक्ला गैंग डेस्टिनेशन वेडिंग की तरह डेस्टिनेशन रोके की ज़िद पर अड़ा था। निर्मला की बेटी नव्या बोली, “सुनिए, सुनिए, शुक्ला गैंग पूरी प्लानिंग कर चुका है। रस्म मसूरी के एक रिसॉर्ट में होगी। लड़केवाले भी वहीं आ जाएंगे। सभी वहां दो दिन रुकेंगे। ख़ूब नाच-गाना, धमाल-मस्ती होगी। इस तरह से हमें अपने जीजाजी के और जीजाजी को जिज्जी के साथ व़क्त बिताने का भरपूर मौक़ा मिलेगा।” कहते हुए उसने नम्रता की तरफ़ आंख मारी, तो वह थोड़ी लजा गई। “नहीं-नहीं, ऐसा अच्छा लगता है क्या? रोके की रस्म तो घर पर ही होनी चाहिए।” कुसुम बोली। “बस-बस मौसी, आप हमारी प्लानिंग की यूं बखिया मत उधेड़ो। इस बार हम बच्चों की चलेगी, आप बड़ों की नहीं। पिछले दो सालों से आप लोग हमें गर्मियों में घुमाने के नाम पर तीर्थयात्राएं करा रहे हैं और हम कुछ नहीं बोले, लेकिन इस बार नहीं। हमारी नम्रता दी का रोका हमारे हिसाब से ही होगा।” नव्या की बात को सभी बच्चों ने ज़ोरदार तरी़के से सपोर्ट किया। “अरे, अरे, रुको ज़रा, प्रोग्राम अकेले हमारा थोड़े ही है, लड़के वालों की भी तो सहमति चाहिए। उनसे भी तो बात करनी पड़ेगी।” नम्रता के चाचू मनमोहन ने अपना पक्ष रखा। “आपको वो सब सोचने की ज़रूरत नहीं मामू, हमने जीजाजी से बात कर ली है, वे भी हमारे इस आइडिया से ख़ुश हैं और हां, हम रिसॉर्ट मैनेजर और ईवेंट प्लानर से भी बात कर चुके हैं। सब कुछ फाइनल है, आपको तो बस किराए और कैश का इंतज़ाम करना है, बाकी सब हम संभाल लेंगे।” नव्या पूरे शुक्ला गैंग की तरफ़ से हाथ नचाते हुए बोली। सब बड़े सिर पकड़कर बैठ गए, “बाप रे, आजकल के बच्चे रॉकेट से भी तेज़ हैं।” कुसुम मौसी के कमेंट पर नव्या तपाक से बोली, “सही पकड़े हैं।” तो सब हंसने लगे। “ठीक है, ठीक है, हमें कोई आपत्ति नहीं, पर एक बार ज़रा अपने बड़े पापा से भी पूछकर देख लो, कनवेंस मैं संभाल लूंगा, मगर कैश तो वहीं से निकलवाना है।” नम्रता के पिता रामेश्वर बोले। उनका नाम आते ही सबको जैसे सांप सूंघ गया। “बड़े पापा क्यों मना करने लगे। मुझे पूरा यक़ीन है, उन्हें इसमें कोई आपत्ति न होगी।” नम्रता का स्वर आश्वस्त था। “हां, हां दी, उन्हें भला क्या आपत्ति होने लगी, अगर उनकी लाडली भतीजी की बात हो, तो सारी आपत्तियां-विपत्तियां हवा हो जाती हैं। ये सब तो हम बाकी बचे-खुचे प्राणियों के समय ही निकल-निकल के आती हैं।” नम्रता के चचेरे भाई राघव की बात पर जब पूरे शुक्ला गैंग ने हां में हां मिलाई, तो नम्रता चिढ़कर मुंह फुलाकर बैठ गई। बात ग़लत भी नहीं थी। बड़े पापा का नम्रता से कुछ विशेष लगाव था, जो मौ़के-बेमौ़के ज़ाहिर हो ही जाता। बाकी बच्चों के साथ सख़्त कायदे-क़ानून से पेश आनेवाले बड़े पापा नम्रता की बात आते ही मोम की तरह पिघल जाते। इसका एक सबूत तो तब देखने को मिला था, जब नम्रता का आईआईटी में सिलेक्शन हुआ था। पूरा परिवार चाहता था कि नम्रता रुड़की आईआईटी में ही पढ़ाई करे। इस तरह वह घर में रहकर इंजीनियरिंग कर लेगी, मगर उसने मुंबई आईआईटी जाने की ज़िद पकड़ी थी। ऐसे में उसने अपने मन की बात बड़े पापा को बताई, तो वे सबको अपना फ़रमान सुनाते हुए बोले, “घर में यह सबसे समझदार बच्ची है, अगर इसने आईआईटी मुंबई जाने का फैसला लिया है, तो कुछ सोच-समझकर ही लिया होगा। इसे जाने दो।” यह सुनकर सब हैरान रह गए। बाकी बच्चे तो नम्रता के मुक़ाबले नासमझ ठहराए जाने पर ईर्ष्या से जल उठे। बड़े पापा के सपोर्ट से नम्रता आईआईटी मुंबई से पासआउट होकर निकली और दिल्ली की एक कंपनी में जॉइन कर लिया। दूसरी बार उनका लगाव तब देखने को मिला, जब नम्रता ने अपने विजातीय सहकर्मी आयुष से प्रेमविवाह करने की ठानी। एक बार फिर पूरा परिवार उसके विरुद्ध हो गया। मगर बड़े पापा ने आयुष की छानबीन कराई, उसके परिवार से जाकर मिले और अकेले ही रिश्ता पक्का कर आए। घर आकर इतना भर कहा, “जिसमें बेटियों की ख़ुशी हो, वही करना चाहिए।” एक बार फिर उनकी बात सबको स्वीकारनी पड़ी। इन्हीं पूर्व अनुभवों ने नम्रता को आश्वस्त कर दिया था कि बड़े पापा उसका यह आग्रह भी मान लेंगे। मगर वह स्वयं अपने रोके की योजना कैसे बताती, सो यह ज़िम्मेदारी निर्मला बुआ के कंधों पर डाली गई। उन्होंने बड़े भाईसाहब से बात की और वे वाकई बिना किसी किंतु-परंतु के तैयार हो गए। साथ ही यह भी कह डाला, “ध्यान रहे, इंतज़ाम में कोई कमी न रह जाए, जो भी ख़र्च होगा उसकी मैं व्यवस्था कर दूंगा।” निर्मला ने सबको यह ख़ुशख़बरी सुनाई, तो उनके चेहरे खिल उठे। “बस, एक ही बात है, जो खटक रही है।” निर्मला बोली, तो सबके चेहरे पर प्रश्न चिह्न लग गया। “बड़े भाई साहब हमारे साथ मसूरी नहीं आ पाएंगे, कह रहे थे बिज़नेस में कुछ ज़रूरी डीलिंग चल रही है, तो किसी को तो देखनी पड़ेगी। तुम लोग जाओ, मैं यहां संभाल लूंगा।” “ओह! भाईसाहब भी ना, हमेशा ऐसा ही करते हैं। मुझे तो याद ही नहीं कि कभी वे हमारे साथ कहीं बाहर गए हों।” रामेश्वर के स्वर से नाराज़गी फूट रही थी। “वो भी क्या करें, सारा व्यापार वही तो संभालते हैं, कितने काम रहते हैं उन्हें,” कुसुम की बात दोनों भाइयों को तंज की तरह चुभ गई। बात सही भी थी। सारा बोझ बड़े भाईसाहब के कंधों पर डालकर सभी अपने संपन्न जीवन का आनंद उठा रहे थे। दोनों भाई सहयोग करते थे, मगर किसी सहायक से ज़्यादा नहीं। अपनी पत्नी और बच्ची को खोने के बाद बड़े भाईसाहब काम में डूब गए और दोनों भाइयों ने बजाय उन्हें उबारने के, अपने-अपने कंधे के बोझ भी उनके ऊपर डाल दिए और ख़ुद ज़िम्मेदारियों से मुक्त होते चले गए। “हमेशा की बात अलग थी, पर ये नम्रता के रोके की बात है। अगर नम्रता की जगह उनकी अपनी बेटी होती तो।” कहते-कहते नम्रता की मां रुक गई। “अरे भाभी दुखी न हों। हम हैं ना। हम सब संभाल लेंगे। भाईसाहब वैसे भी कहीं आते-जाते नहीं हैं, इसलिए उनसे कुछ कहना-सुनना बेकार ही है। सालों से ऐसे ही चल रहा है और आगे भी ऐसा ही चलेगा। तुम उनके बारे में सोचकर जी छोटा मत करो। अब तो रोके की तैयारी के बारे में सोचो। स़िर्फ चार दिन बचे हैं।” मनमोहन के समझाने पर बड़े भाईसाहब के न चलने की बात को हमेशा की तरह सबने स्वीकार कर लिया। दिन तेज़ी से गुज़रने लगे। सभी अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे थे, नम्रता भी। लेकिन इस बात से वह अंदर ही अंदर दुखी थी कि उसके रोके पर बड़े पापा साथ नहीं होंगे। आज रात जब वह सोने की कोशिश कर रही थी, तो बचपन से लेकर अब तक की वे समस्त मधुर स्मृतियां उसकी नज़रों के आगे तैरने लगीं, जो बड़े पापा से जुड़ी थीं। मां कहती थीं, उस एक्सीडेंट के बाद वे पहली बार तब मुस्कुराए थे, जब तुझे गोद में लिया था। तू जन्मी तो कहने लगे, ‘चलो कम से कम मेरी खोई हुई बिटिया तो वापस आई।’ उसका नम्रता नाम भी बड़े पापा का ही दिया हुआ था, जो उनकी अपनी बेटी का था। नम्रता को याद आ रहा था कैसे बड़े पापा घर के सभी सदस्यों की ज़रूरतों का, उनकी सुविधाओं का ख़्याल रखते हैं। अपने लिए तो शायद ही कभी कुछ चाहा या मांगा हो। मेरे लिए तो वे मेरे पापा से भी बढ़कर हैं। वे सच में मेरे बड़े पापा हैं और वही मेरे जीवन के इतने बड़े पड़ाव पर मेरे साथ खड़े नहीं होंगे! नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। उन्हें होना ही होगा। इस दृढ़ निश्चय के साथ नम्रता उठी और बड़े पापा के कमरे में चली गई। वे खिड़की पर खड़े आकाश को निहार रहे थे। एक अजीब-सी तन्हाई और उदासी उनके चेहरे पर फैली थी। नम्रता को आता देख वे थोड़े संयत हुए, “आओ बेटी।” “बड़े पापा, कल मेरे जीवन का इतना महत्वपूर्ण दिन है और आप ही की वजह से यह दिन आया है, पर आप ही वहां नहीं होंगे मुझे अपना आशीर्वाद देने के लिए।” “ये क्या कह रही हो बेटी, मैं वहां रहूं या न रहूं, इससे क्या फ़र्क़ पड़ता है, मेरा आशीर्वाद तो हमेशा ही तुम्हारे साथ है। वैसे भी, मैं नहीं तो क्या, बाकी सभी तो होंगे ही तुम्हारे साथ।” “बाकी सभी भले हों, मगर आप तो नहीं होंगे न और इस बात से मुझे फ़र्क़ पड़ता है। बहुत फ़र्क़ पड़ता है।” नम्रता आंखों में अनुग्रह लिए उदास स्वर में बोली। यह सुनकर बड़े पापा की आंखें भर आईं, स्वर रुंध गया। बमुश्किल संभलकर बोले, “सुन बेटी, दिल छोटा मत कर, तू ख़ुशी-ख़ुशी जा। अगर ज़रूरी काम न होता, तो मैं भी आ जाता। ख़ैर, मेरा होना तेरे लिए ज़रूरी है, मैं तो यह सुनकर ही गदगद हो गया हूं। बाकी किसी ने तो मुझसे एक बार भी साथ चलने को नहीं कहा।” “साथ चलने को तो मैं भी नहीं कह रही हूं बड़े पापा।” नम्रता का स्वर गंभीर था। “तो फिर?” कृष्णचंद्र को नम्रता की बात कुछ समझ नहीं आई। “मैं जानती हूं बड़े पापा, अगर मैं कहूंगी भी तो आप साथ नहीं आएंगे, इसलिए मैं आपको साथ चलने को कहने नहीं आई हूं। मैं तो यह कहने आई हूं कि आपके बग़ैर यह रोका नहीं होगा। उस समय, उस मुहूर्त पर आप जहां होंगे, मेरा रोका वहीं होगा। आप घर पर होंगे, तो घर में, ऑफिस में होंगे, तो ऑफिस में, कार में, शोरूम पर। आप जहां होंगे बस हमें पांच मिनट दे देना, हम वहीं रोका कर लेंगे।” “पागल हो गई है क्या? सब व्यवस्थाएं हो चुकी हैं, आयुष के घरवाले क्या सोचेंगे।” “वो कुछ भी सोचें, मुझे परवाह नहीं। मेरे लिए आप सबसे इंपॉर्टेंट हैं और इस बार मैं आपको यूं बच के नहीं जाने दूंगी।” यह सब सुन कृष्णचंद्र पत्थर से जम गए। उन्हें यूं चुप खड़ा देख नम्रता जाने लगी, “चलिए ये ख़ुशख़बरी मैं बाकी सभी को भी दे आऊं कि रोका मसूरी में नहीं, बल्कि यहीं होगा, बड़े पापा के साथ।” नम्रता को जाता देख कृष्णचंद्र पीछे से बोले, “रुक, सुन तो, मैं चलूंगा तेरे साथ।” “क्या कहा, फिर से कहिए। मैंने ठीक से सुना नहीं।” नम्रता ने न सुनने की एक्टिंग की। “मैंने कहा कोई ज़रूरत नहीं है किसी से कुछ कहने की, मैं साथ चलूंगा।” “और आपके सो कॉल्ड ज़रूरी काम, उनका क्या होगा?” “कोई ज़रूरी काम नहीं है। परिवार के आगे मेरे कभी कोई ज़रूरी काम नहीं रहे।” “तो फिर ये न जाने का ड्रामा क्यों कर रहे थे?” नम्रता झूठा ग़ुस्सा ज़ाहिर करते हुए बोली। “इसलिए कि कोई तो मुझे भी पूछे, मेरे साथ ज़िद करे। मेरी मान-मनुहार करे। मैं इतने सालों से तुम सभी का दुख-दर्द बिन कहे समझता आया हूं। बिन मांगे सब देता आया हूं, क्यों? क्योंकि यह परिवार मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इस परिवार के बिना मेरा वजूद अधूरा है, मगर क्या मैं भी इस परिवार के लिए कुछ मायने रखता हूं? क्या मेरी उपस्थिति भी इस परिवार के लिए ज़रूरी है? मैंने जब भी तुम लोगों के साथ कहीं जाने को मना किया, तो बस यह जानने के लिए कि मेरे होने या न होने से तुम लोगों को कुछ फ़र्क़ पड़ता भी है या नहीं। पर हर बार मेरे हाथ बस निराशा ही लगी।” बड़े पापा की बातें सुनकर नम्रता स्तब्ध रह गई। “ये क्या कह रहे हैं बड़े पापा। आप हम सभी के लिए बहुत मायने रखते हैं।” “नहीं, सभी के लिए नहीं, वरना जब भी मैंने किसी फैमिली आउटिंग या फंक्शन पर आने में असमर्थता जताई, तो क्या किसी ने मुझे साथ चलने के लिए मनाया? किसी ने कहा कि आप नहीं जाएंगे, तो हम भी नहीं जाएंगे। नम्रता, मैं भले ही बूढ़ा होता जा रहा हूं, पर मेरे अंदर अभी भी एक बच्चा छिपा है, जो तुम सबकी आंखों में अपने लिए प्यार और अहमियत देखना चाहता है। जो चाहता है कि कोई उसके कामों को, उसके योगदान को सराहे, उसकी कमी को महसूस करे। उसे यक़ीन दिलाए कि वह उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है, मगर अफ़सोस! इस घर में सबने मुझे हमेशा फॉर ग्रांटेड ही लिया। मैं धीरे-धीरे दूर होता गया और सबने मुझे सहजता से दूर होने दिया। किसी ने मुझे खींचकर अपनी चौकड़ी में शामिल नहीं किया और अगर आज तुम भी मुझे मनाने नहीं आतीं, तो मैं पूरी तरह से टूट जाता।” मन की पीड़ा कहते-कहते बड़े पापा की आंखों से अविरल अश्रुधारा बह रही थी, जो न जाने कितने बरस का जमा गुबार पिघलाकर बाहर ला रही थी। उनकी पीड़ा से वाक़िफ़ हो नम्रता की भी आंखें और दिल दोनों भर आए। सच ही तो कह रहे थे बड़े पापा, आज तक पूरे परिवार ने उन्हें पिता समान होने का तमगा पहनाकर एक सर्विस प्रोवाइडर ही तो बना कर रखा है, जो उनके बदले मर-खपकर उनके लिए धन और सुविधाएं जुटा रहा है। उनकी भावनाओं को कब किसी ने सुनने-समझने का प्रयास किया? पर अब ऐसा नहीं होगा, वह सबसे इस बारे में बात करेगी। भारी हुए माहौल को हल्का करने के लिए नम्रता आंखें पोंछकर उनकी आलमारी खोलते हुए बोली, “चलिए, इमोशनल बातें बहुत हुईं, अब आपकी ड्रेस देखते हैं कि कल क्या पहन सकते हैं, आपने तो कोई नई ड्रेस बनवाई नहीं होगी।” “क्यों नहीं बनवाई। ज़रूर बनवाई है। यह देख।” बड़े पापा ने एक बेहद सुंदर एंब्रॉयडरीवाला सिल्क कुर्ता-पायजामा आलमारी से निकालकर दिखाते हुए कहा। उसे देख नम्रता की आंखें खुली की खुली रह गईं। “ओह, तो आप सारी तैयारी किए बैठे थे।” “हां, क्योंकि मेरे दिल के किसी कोने में उम्मीद थी कि कोई और मुझे मनाए या न मनाए, मगर तू मुझे ज़रूर मनाकर संग ले जाएगी। तू मेरी प्यारी बिटिया जो है।” यह सुनकर नम्रता अपने बड़े पापा से किसी छोटे बच्चे की तरह लिपट गई। वह मन ही मन ऊपरवाले को शुक्रिया अदा कर रही थी कि अच्छा हुआ, जो उसे सही समय पर बुद्धि आ गई और वह उन्हें मनाने चली आई, वरना आज वे कितनी बुरी तरह टूटकर बिखर जाते और किसी को कानोंकान ख़बर भी न होती। खिड़की से कमरे में आ रही चांदनी गवाह थी कि आज नम्रता की एक पहल से बड़े पापा के दिल में पैठ किया अंधकार सदा के लिए दूर हो रहा था। *******
- खुद को पढ़ रहा हूँ
सन्दीप तोमर मैं बन्द कमरे में खुद को पढ़ रहा हूँगा या कि गर्मी की रात छत पर लेट महसूस रहा हूँगा तपिश तुम्हारी और ताक रहा हूँगा तारों को जिनमें तुम्हारे होने का अहसास जिंदा हुआ होगा मैं देख रहा हूँगा उन अनगिनत तारों में एक खास किस्म के तारे को या कि पैटर्न किसी तारा मण्ड़ल का तेरे जिंदा रहने के ख्याल आज भी जिंदा हैं मुझमें महसूस होता है के एक लम्बी दूरी भी हमारे इश्क के दरम्यान बंधन पैदा नहीं करती तुम्हारा वजूद ठीक वैसा ही है जैसा अमलतास पर केसर की कल्पना हाँ! ये सच है तुम दूर ही सही पर हो कहीं मेरे इर्द गिर्द होने के अहसास से भरपूर वो लोग सबूत माँगते हैं तुम्हारे होने या कि न होने का मेरे जज्बातों से हो बेखबर और मैं बन्द कमरे में खुद को पढ़ रहा हूँ। ******
- त्रिया चरित्र
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव एक प्यासा आदमी एक कुएं के पास गया, जहां एक जवान औरत पानी भर रही थी। उस आदमी ने औरत से थोड़ा पानी पिलाने के लिए कहा खुशी से उस औरत ने उसे पानी पिलाया। पानी पीने के बाद उस आदमी ने औरत से पूछा कि आप मुझे औरतों की त्रिया चरित्र के बारे में कुछ बता सकती हैं? इतना कहने पर वह औरत जोर-जोर से चिल्लाने लगी बचाओ... बचाओ... उसकी आवाज सुनकर गांव के लोग कुए की तरह दौड़ने लगे तो उस आदमी ने कहा कि आप ऐसा क्यों कर रही है, तो उस औरत ने कहा ताकि गांव वाले आए और आपको खूब पीटें और इतना पीटे की आपके होश ठिकाने लग जाए। यह बात सुनकर उस आदमी ने कहा मुझे माफ करें, मैं तो आपको एक भली और इज्ज़तदार औरत समझ रहा था। तभी उस औरत ने कुएं के पास रखा मटके का सारा पानी अपने शरीर पर डाल लिया और अपने शरीर को पूरी तरह भींगा डाला। इतने देर में गांव वाले भी कुएं के पास पहुंच गए। गांव वालों ने उस औरत से पूछा कि क्या हुआ? औरत ने कहा मैं कुएं में गिर गई थी इस भले आदमी ने मुझको बचा लिया। यदि यह आदमी यहां नही रहता तो आज मेरी जान चली जाती। गांव वालों ने उस आदमी की बहुत तारीफ की और उसको कंधों पर उठा लिया। उसका खूब आदर सत्कार किया और उसको इनाम भी दिया। जब गांव वाले चले गए तो औरत ने उस आदमी से कहा कि अब समझ में आया औरतों का त्रिया चरित्र? अगर आप औरत को दुःख देंगे और उसे परेशान करेंगे तो वह आपका सब सुख-चैन छीन लेगी और अगर आप उसे खुश रखेंगे तो वह आपको मौत के मुंह से भी निकाल लेगी। *****
- गंगा स्नान
सुषमा यादव मां ने एक बार कहा, मेरे सामने ही यह चला जाए तो मैं गंगा नहा लूं। गंगा मैया से विनती है इसे मेरे मरने से पहले अपने पास बुला ले। मैंने गुस्से में कहा। मां, ऐसे भी कोई अपने बेटे के लिए बोलता है। आप कैसी मां हैं। हां हां, मैं बहुत खराब मां हूं, रोते हुए बोली, पर क्या करूं। मेरे जाने के बाद इसे कौन देखेगा। तुम्हारे भाई-भाभी ने तो साफ मना कर दिया उसे रखने को। तुम्हारे बाबूजी को तो इससे कोई मतलब ही नहीं है। आखिर मैं ऐसा ना बोलूं तो क्या करूं, कम से कम मैं इसके जाने के बाद चैन से मर तो सकूंगी। वरना इसके चिंता में मेरे प्राण ही नहीं निकलेंगे। मेरा सबसे छोटा भाई संजू मानसिक रूप से आंशिक विकलांग था। शरीर से भले ही उनतीस वर्ष का था पर लगता था चौदह पंद्रह साल का। वह पढ़ नहीं सका, पर सब बोलता था। अपना और घर का बहुत सारा काम कर लेता था। मैं और मेरी दोनों बेटियां उसे बहुत मानती थीं। वो भी हम पर जान छिड़कता था। मैंने और बेटियों ने मां को बहुत समझाया कि हम संजू को अपने पास रखेंगे। पर मां को लगा कि जब बेटा बहू ने ही मना कर दिया तब बेटियां कैसे रख सकेगी क्योंकि उन्हें तो पराए घर जाना है। अंत में संजू के गम में पागल मां, संजू के जाने से पहले ही गंगा नहाने सच में तन मन से चली गईं और गंगा मैया ने उनकी अस्थियां अपने में समाहित कर शायद उनकी प्रार्थना स्वीकार कर ली। मैंने संजू को अपने पास रखा। एक साल बाद अचानक ही मेरी दोनों बेटियां आ गईं। संजू ने डाक्टर और कुछ लोगों की उपस्थिति में एक लंबी सांस खींची और मां से मिलने चला गया। उसका हार्टफेल हो गया था। बचपन से ही उसके ह्रदय में कुछ खराबी थी। लोग मनौती पूरी होने पर गंगा नहाने की बात करते हैं पर मां मनौती पूरी होने के पहले ही गंगा स्नान को चली गई। शायद अपने बच्चे के लिए मनौती मांगने। *****
- कश्ती में छेद
डॉ. कृष्णा कांत श्रीवास्तव एक आदमी ने एक पेंटर को बुलाया अपने घर, और अपनी नाव दिखाकर कहा कि इसको पेंट कर दो। उस पेंटर ने पेंट लेकर उस नाव को लाल रंग से पेंट कर दिया जैसा कि नाव का मालिक चाहता था। फिर पेंटर ने अपने पैसे लिए और चला गया। अगले दिन, पेंटर के घर पर वह नाव का मालिक पहुँच गया, और उसने एक बहुत बड़ी धनराशी का चेक दिया उस पेंटर को दिया। पेंटर भौंचक्का हो गया, और पूछा - ये किस बात के इतने पैसे हैं? मेरा पैसे तो आपने कल ही दे दिया था। मालिक ने कहा - ये पेंट का पैसा नहीं है, बल्कि ये उस नाव में जो "छेद" था, उसको रिपेयर करने का पैसा है। पेंटर ने कहा - अरे साहब, वो तो एक छोटा सा छेद था, सो मैंने बंद कर दिया था। उस छोटे से छेद के लिए इतना पैसा मुझे, ठीक नहीं लग रहा है। मालिक ने कहा - दोस्त, तुम्हें पूरी बात पता नहीं। अच्छा मैं विस्तार से समझाता हूँ। जब मैंने तुम्हें पेंट के लिए कहा तो जल्दबाजी में तुम्हें ये बताना भूल गया कि नाव में एक छेद है उसको रिपेयर कर देना। और जब पेंट सूख गया, तो मेरे दोनों बच्चे उस नाव को समुद्र में लेकर नौकायन के लिए निकल गए। मैं उस वक़्त घर पर नहीं था, लेकिन जब लौट कर आया और अपनी पत्नी से ये सुना कि बच्चे नाव को लेकर नौकायन पर निकल गए हैं, तो मैं बदहवास हो गया। क्योंकि मुझे याद आया कि नाव में तो छेद है। मैं गिरता पड़ता भागा उस तरफ, जिधर मेरे प्यारे बच्चे गए थे। लेकिन थोड़ी दूर पर मुझे मेरे बच्चे दिख गए, जो सकुशल वापस आ रहे थे। अब मेरी ख़ुशी और प्रसन्नता का आलम तुम समझ सकते हो। फिर मैंने छेद चेक किया, तो पता चला कि, मुझे बिना बताये तुम उसको रिपेयर कर चुके हो। तो मेरे दोस्त उस महान कार्य के लिए तो ये पैसे भी बहुत थोड़े हैं। मेरी औकात नहीं कि उस कार्य के बदले तुम्हे ठीक ठाक पैसे दे पाऊं। जीवन में "भलाई का कार्य" जब मौका लगे हमेशा कर देना चाहिए, भले ही वो बहुत छोटा सा कार्य ही क्यों न हो। क्योंकि कभी-कभी वो छोटा सा कार्य भी किसी के लिए बहुत अमूल्य हो सकता है। *******
- किस घर की बेटी
अनजान (एक कवि नदी के किनारे खड़ा था। तभी वहाँ से एक लड़की का शव नदी में तैरता हुआ जा रहा था। तो तभी कवि ने उस शव से पूछा ----) कौन हो तुम ओ सुकुमारी, बह रही क्यों नदी के जल में? कोई तो होगा तेरा अपना, मानव निर्मित इस भू-तल मे। किस घर की तुम बेटी हो, किस क्यारी की कली हो तुम। किसने तुमको छला है बोलो, क्यों दुनिया छोड़ चली हो तुम? किसके नाम की मेंहदी बोलो, हांथो पर रची है तेरे? बोलो किसके नाम की बिंदिया, मांथे पर लगी है तेरे? लगती हो तुम राजकुमारी, या देव लोक से आई हो? उपमा रहित ये रूप तुम्हारा, ये रूप कहाँ से लायी हो? ""दूसरा दृश्य----"" कवि की बाते सुनकर, लड़की की आत्मा बोलती है.. कविराज मुझ को क्षमा करो, गरीब पिता की बेटी हूं। इसलिये मृत मीन की भांती, जल धारा पर लेटी हूं। रूप रंग और सुन्दरता ही, मेरी पहचान बताते है। कंगन, चूड़ी, बिंदी, मेंहदी, सुहागन मुझे बनाते है। पित के सुख को सुख समझा, पित के दुख में दुखी थी मैं। जीवन के इस तन्हा पथ पर, पति के संग चली थी मैं। पति को मेने दीपक समझा, उसकी लौ में जली थी मैं। माता-पिता का साथ छोड, उसके रंग में ढली थी मैं। पर वो निकला सौदागर, लगा दिया मेरा भी मोल। दौलत और दहेज़ की खातिर, पिला दिया जल में विष घोल। दुनिया रुपी इस उपवन में, छोटी सी एक कली थी मैं। जिसको माली समझा, उसी के द्वारा छली थी मैं। ईश्वर से अब न्याय मांगने, शव शैय्या पर पड़ी हूँ मैं। दहेज़ की लोभी इस संसार मैं, दहेज़ की भेंट चढ़ी हूँ मैं। *****











