top of page

Search Results

978 results found with an empty search

  • मेहनत का महत्व

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव राहुल एक समझदार लड़का था, लेकिन वह पढ़ाई के मामले में हमेशा मेहनत करने से बचता था। एक बार जब उसका पसंदीदा कप टूट गया तो माँ ने उसे बाज़ार से खुद जाकर एक अच्छा कप लाने को कहा। पहली बार राहुल को इस तरह का कोई काम मिला था, वह मन ही मन खुश हो रहा था कि चलो इसी बहाने उसे बाहर जाने को मिलेगा और उतनी देर कोई पढ़ने के लिए नहीं कहेगा। वह पास के बाजार में पहुंचा और इधर-उधर कप खोजने लगा। वह जो भी कप उठाता उसमे कोई न कोई कमी होती। कोई कमजोर होता, तो किसी की डिजाईन अच्छी नहीं होती। काफी खोजने पर भी उसे कोई अच्छा कप नहीं दिखाई दिया और वो मायूस लौटने लगा। तभी उसकी नज़र सामने की दूकान में रखे एक लाल रंग के कप पर जा टिकी। उसकी चमक और ख़ूबसूरती देख राहुल खुश हो गया और झट से दुकानदार से वह कप हाथ में लेकर देखने लगा। कप वाकई में बहुत अच्छा था। उसकी मजबूती, उसकी चमक, उसकी शानदार डिजाईन, हर चीज परफेक्ट थी। राहुल ने वो कप खरीद लिया और घर चला गया। रात को भी राहुल कप अपने साथ लेकर बिस्तर पर लेट गया, और देखते-देखते उसे नींद आ गयी। वह गहरी नींद में सो रहा था कि तभी उसे एक आवाज़ सुनाई दी, राहुल-राहुल। राहुल ने देखा कि वो कप उससे बातें कर रहा है। कप ने कहा, “मैं जानता हूँ कि मैं तुम्हें बहुत पसंद हूँ। पर क्या तुम जानते हो कि मैं पहले ऐसा नहीं था?” राहुल ने कहा, “नहीं, मुझे नहीं पता, तुम्हीं बताओ कि पहले तुम कैसे थे।” कप ने कहा, “एक समय था, जब मैं मामूली लाल मिटटी का हुआ करता था। फिर एक दिन मेरा मास्टर मुझे अपने साथ ले गया। उसने मुझे जमीन पर पटक दिया और मेरे ऊपर पानी डाल कर अपने हाथों से मुझे मिलाने लगा। मैं चिल्लाया कि अब बस करो, लेकिन वो कहता रहा, अभी और अभी और। मैंने बहुत कष्ट सहे, जब वो रुका तो मुझे लगा कि बस अब जो होना था, हो गया। अब मैं पहले से काफी अच्छी स्थिति में हूँ।” लेकिन ये क्या, उसने मुझे उठाकर एक घुमते हुए चक्के पर फेंक दिया। वह चक्का इतनी तेजी से नाच रहा था कि मेरा तो सर ही चकरा गया। मैं चिल्लाता रहा, अब बस, अब बस। लेकिन मास्टर कहता अभी और, अभी और… और वो अपने हाथ और डंडे से मुझे आकार देता रहा जब तक कि मैं एक कप के आकार में नहीं आ गया। खैर, सच कहूँ तो पहले तो मुझे बुरा लग रहा था, लेकिन अब मैं खुश था कि चलो इतने कष्ट सह कर ही सही अब मैं अपने जीवन में कुछ बन गया हूँ, वर्ना उस लाल मिटटी के रूप में मेरा कोई मूल्य नहीं था। लेकिन, मैं गलत था। अभी तो और कष्ट सहने बाकी थे। मास्टर ने मुझे उठा कर आग की भट्ठी में डाल दिया। मैंने अपने पूरे जीवन में कभी इतनी गर्मी नहीं सही थी। मुझे लगा कि मैं इस अग्नि में जल कर भष्म हो जाऊँगा। मैं एक बार फिर चिल्लाया, नहीं-नहीं, मुझे बाहर निकालो, अब बस करो, अब बस करो। लेकिन मास्टर फिर यही बोला अभी और अभी और…और कुछ देर बाद मुझे भट्ठी से निकाल दिया गया। अब मैं अपने आप को देखकर हैरान था। मेरी ताकत कई गुना बढ़ गयी थी। मेरी मजबूती देखकर मास्टर भी खुश था, उन्होंने मुझे फ़ौरन रंगने के लिए भेज दिया और मैं अपने इस शानदार रूप में आ गया। सचमुच, आज मुझे खुद पर इतना गर्व हो रहा है, जितना पहले कभी नहीं हुआ। हाँ, ये भी सच है कि उससे पहले मैंने कभी इतनी मेहनत नहीं की थी। इतने कष्ट नहीं सहे थे, लेकिन आज जब मैं अपने आप को देखता हूँ तो मुझे लगता है कि मेरा संघर्ष मेरी मेहनत बेकार नहीं गयी, आज मैं सर ऊँचा उठा कर चल सकता हूँ। आज मैं कह सकता हूँ कि मैं दुनिया के सबसे अच्छे कपों में से एक हूँ। राहुल सारी बातें बड़े ध्यान से सुन रहा था और जैसे ही कप ने अपनी बात पूरी की उसकी आँखें खुल गयीं। आज सपने में ही सही, राहुल मेहनत का महत्त्व समझ गया था। उसने मन ही मन निश्चय किया कि अब वो कभी मेहनत से जी नहीं चुराएगा और अपने शिक्षक और माता-पिता के कहे अनुसार मन लगा कर पढ़ेगा और कड़ी मेहनत करेगा। सार - कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जितना बड़ा संघर्ष होगा जीत उतनी ही शानदार होगी। *****

  • स्वर्ग की देवी

    प्रेमचंद भाग्य की बात ! शादी विवाह में आदमी का क्या अख्तियार । जिससे ईश्वर ने, या उनके नायबों –ब्रह्मण—ने तय कर दी, उससे हो गयी। बाबू भारतदास ने लीला के लिए सुयोग्य वर खोजने में कोई बात उठा नही रखी। लेकिन जैसा घर-घर चाहते थे, वैसा न पा सके। वह लडकी को सुखी देखना चाहते थे, जैसा हर एक पिता का धर्म है ; किंतु इसके लिए उनकी समझ में सम्पत्ति ही सबसे जरूरी चीज थी। चरित्र या शिक्षा का स्थान गौण था। चरित्र तो किसी के माथे पर लिखा नही रहता और शिक्षा का आजकल के जमाने में मूल्य ही क्या ? हां, सम्पत्ति के साथ शिक्षा भी हो तो क्या पूछना ! ऐसा घर बहुत ढढा पर न मिला तो अपनी विरादरी के न थे। बिरादरी भी मिली, तो जायजा न मिला!; जायजा भी मिला तो शर्ते तय न हो सकी। इस तरह मजबूर होकर भारतदास को लीला का विवाह लाला सन्तसरन के लडके सीतासरन से करना पडा। अपने बाप का इकलौता बेटा था, थोडी बहुत शिक्षा भी पायी थी, बातचीत सलीके से करता था, मामले-मुकदमें समझता था और जरा दिल का रंगीला भी था । सबसे बडी बात यह थी कि रूपवान, बलिष्ठ, प्रसन्न मुख, साहसी आदमी था ; मगर विचार वही बाबा आदम के जमाने के थे। पुरानी जितनी बाते है, सब अच्छी ; नयी जितनी बातें है, सब खराब है। जायदाद के विषय में जमींदार साहब नये-नये दफों का व्यवहार करते थे, वहां अपना कोई अख्तियार न था ; लेकिन सामाजिक प्रथाओं के कटटर पक्षपाती थे। सीतासरन अपने बाप को जो करते या कहते वही खुद भी कहता था। उसमें खुद सोचने की शक्ति ही न थी। बुद्वि की मंदता बहुधा सामाजिक अनुदारता के रूप में प्रकट होती है। लीला ने जिस दिन घर में वॉँव रखा उसी दिन उसकी परीक्षा शुरू हुई। वे सभी काम, जिनकी उसके घर में तारीफ होती थी यहां वर्जित थे। उसे बचपन से ताजी हवा पर जान देना सिखाया गया था, यहां उसके सामने मुंह खोलना भी पाप था। बचपन से सिखाया गया था रोशनी ही जीवन है, यहां रोशनी के दर्शन दुर्भभ थे। घर पर अहिंसा, क्षमा और दया ईश्वरीय गुण बताये गये थे, यहां इनका नाम लेने की भी स्वाधीनता थी। संतसरन बडे तीखे, गुस्सेवर आदमी थे, नाक पर मक्खी न बैठने देते। धूर्तता और छल-कपट से ही उन्होने जायदाद पैदा की थी। और उसी को सफल जीवन का मंत्र समझते थे। उनकी पत्नी उनसे भी दो अंगुल ऊंची थीं। मजाल क्या है कि बहू अपनी अंधेरी कोठरी के द्वार पर खडी हो जाय, या कभी छत पर टहल सकें । प्रलय आ जाता, आसमान सिर पर उठा लेती। उन्हें बकने का मर्ज था। दाल में नमक का जरा तेज हो जाना उन्हें दिन भर बकने के लिए काफी बहाना था । मोटी-ताजी महिला थी, छींट का घाघरेदार लंहगा पहने, पानदान बगल में रखे, गहनो से लदी हुई, सारे दिन बरोठे में माची पर बैठीे रहती थी। क्या मजाल कि घर में उनकी इच्छा के विरूद्व एक पत्ता भी हिल जाय ! बहू की नयी-नयी आदतें देख देख जला करती थी। अब काहे की आबरू होगी। मुंडेर पर खडी हो कर झांकती है। मेरी लडकी ऐसी दीदा-दिलेर होती तो गला घोंट देती। न जाने इसके देश में कौन लोग बसते है ! गहनें नही पहनती। जब देखो नंगी – बुच्ची बनी बैठी रहती है। यह भी कोई अच्छे लच्छन है। लीला के पीछे सीतासरन पर भी फटकार पडती। तुझे भी चॉँदनी में सोना अच्छा लगता है, क्यों ? तू भी अपने को मर्द कहता कहेगा ? यह मर्द कैसा कि औरत उसके कहने में न रहे। दिन-भर घर में घुसा रहता है। मुंह में जबान नही है ? समझता क्यों नही ? सीतासरन कहता---अम्मां, जब कोई मेरे समझाने से माने तब तो? मां---मानेगी क्यो नही, तू मर्द है कि नही ? मर्द वह चाहिए कि कडी निगाह से देखे तो औरत कांप उठे। सीतासरन -----तुम तो समझाती ही रहती हो । मां ---मेरी उसे क्या परवाह ? समझती होगी, बुढिया चार दिन में मर जायगी तब मैं मालकिन हो ही जाउँगी सीतासरन --- तो मैं भी तो उसकी बातों का जबाब नही दे पाता। देखती नही हो कितनी दुर्बल हो गयी है। वह रंग ही नही रहा। उस कोठरी में पडे-पडे उसकी दशा बिगडती जाती है। बेटे के मुंह से ऐसी बातें सुन माता आग हो जाती और सारे दिन जलती ; कभी भाग्य को कोसती, कभी समय को । सीतासरन माता के सामने तो ऐसी बातें करता ; लेकिन लीला के सामने जाते ही उसकी मति बदल जाती थी। वह वही बातें करता था जो लीला को अच्छी लगती। यहां तक कि दोनों वृद्वा की हंसी उडातें। लीला को इस में ओर कोई सुख न था । वह सारे दिन कुढती रहती। कभी चूल्हे के सामने न बैठी थी ; पर यहां पसेरियों आटा थेपना पडता, मजूरों और टहलुओं के लिए रोटी पकानी पडती। कभी-कभी वह चूल्हे के सामने बैठी घंटो रोती। यह बात न थी कि यह लोग कोई महाराज-रसोइया न रख सकते हो; पर घर की पुरानी प्रथा यही थी कि बहू खाना पकाये और उस प्रथा का निभाना जरूरी था। सीतासरन को देखकर लीला का संतप्त ह्रदय एक क्षण के लिए शान्त हो जाता था। गर्मी के दिन थे और सन्ध्या का समय था। बाहर हवा चलती, भीतर देह फुकती थी। लीला कोठरी में बैठी एक किताब देख रही थी कि सीतासरन ने आकर कहा--- यहां तो बडी गर्मी है, बाहर बैठो। लीला—यह गर्मी तो उन तानो से अच्छी है जो अभी सुनने पडेगे। सीतासरन—आज अगर बोली तो मैं भी बिगड जाऊंगा। लीला—तब तो मेरा घर में रहना भी मुश्किल हो जायेगा। सीतासरन—बला से अलग ही रहेंगे ! लीला—मैं मर भी लाऊं तो भी अलग रहूं । वह जो कुछ कहती सुनती है, अपनी समझ से मेरे भले ही के लिए कहती-सुनती है। उन्हें मुझसे कोई दुश्मनी थोडे ही है। हां, हमें उनकी बातें अच्छी न लगें, यह दूसरी बात है।उन्होंने खुद वह सब कष्ट झेले है, जो वह मुझे झेलवाना चाहती है। उनके स्वास्थ्य पर उन कष्टो का जरा भी असर नही पडा। वह इस ६५ वर्ष की उम्र में मुझसे कहीं टांठी है। फिर उन्हें कैसे मालूम हो कि इन कष्टों से स्वास्थ्य बिगड सकता है। सीतासरन ने उसके मुरझाये हुए मुख की ओर करुणा नेत्रों से देख कर कहा—तुम्हें इस घर में आकर बहुत दु:ख सहना पडा। यह घर तुम्हारे योग्य न था। तुमने पूर्व जन्म में जरूर कोई पाप किया होगा। लीला ने पति के हाथो से खेलते हुए कहा—यहां न आती तो तुम्हारा प्रेम कैसे पाती ? पांच साल गुजर गये। लीला दो बच्चों की मां हो गयी। एक लडका था, दूसरी लडकी । लडके का नाम जानकीसरन रखा गया और लडकी का नाम कामिनी। दोनो बच्चे घर को गुलजार किये रहते थे। लडकी लडकी दादा से हिली थी, लडका दादी से । दोनों शोख और शरीर थें। गाली दे बैठना, मुंह चिढा देना तो उनके लिए मामूली बात थी। दिन-भर खाते और आये दिन बीमार पडे रहते। लीला ने खुद सभी कष्ट सह लिये थे पर बच्चों में बुरी आदतों का पडना उसे बहुत बुरा मालूम होता था; किन्तु उसकी कौन सुनता था। बच्चों की माता होकर उसकी अब गणना ही न रही थी। जो कुछ थे बच्चे थे, वह कुछ न थी। उसे किसी बच्चे को डाटने का भी अधिकार न था, सांस फाड खाती थी। सबसे बडी आपत्ति यह थी कि उसका स्वास्थ्य अब और भी खराब हो गया था। प्रसब काल में उसे वे भी अत्याचार सहने पडे जो अज्ञान, मूर्खता और अंध विश्वास ने सौर की रक्षा के लिए गढ रखे है। उस काल-कोठरी में, जहॉँ न हवा का गुजर था, न प्रकाश का, न सफाई का, चारों और दुर्गन्ध, और सील और गन्दगी भरी हुई थी, उसका कोमल शरीर सूख गया। एक बार जो कसर रह गयी वह दूसरी बार पूरी हो गयी। चेहरा पीला पड गया, आंखे घंस गयीं। ऐसा मालूम होता, बदन में खून ही नही रहा। सूरत ही बदल गयी। गर्मियों के दिन थे। एक तरफ आम पके, दूसरी तरफ खरबूजे । इन दोनो फलो की ऐसी अच्छी फसल कभी न हुई थी अबकी इनमें इतनी मिठास न जाने कहा से आयी थी कि कितना ही खाओ मन न भरे। संतसरन के इलाके से आम औरी खरबूजे के टोकरे भरे चले आते थे। सारा घर खूब उछल-उछल खाता था। बाबू साहब पुरानी हड्डी के आदमी थे। सबेरे एक सैकडे आमों का नाश्ता करते, फिर पसेरी-भर खरबूज चट कर जाते। मालकिन उनसे पीछे रहने वाली न थी। उन्होने तो एक वक्त का भोजन ही बन्द कर दिया। अनाज सडने वाली चीज नही। आज नही कल खर्च हो जायेगा। आम और खरबूजे तो एक दिन भी नही ठहर सकते। शुदनी थी और क्या। यों ही हर साल दोनों चीजों की रेल-पेल होती थी; पर किसी को कभी कोई शिकायत न होती थी। कभी पेट में गिरानी मालूम हुई तो हड की फंकी मार ली। एक दिन बाबू संतसरन के पेट में मीठा-मीठा दर्द होने लगा। आपने उसकी परवाह न की । आम खाने बैठ गये। सैकड़ा पूरा करके उठे ही थे कि कै हुई । गिर पडे फिर तो तिल-तिल करके पर कै और दस्त होने लगे। हैजा हो गया। शहर के डाक्टर बुलाये गये, लेकिन आने के पहले ही बाबू साहब चल बसे थे। रोना-पीटना मच गया। संध्या होते-होते लाश घर से निकली। लोग दाह-क्रिया करके आधी रात को लौटे तो मालकिन को भी कै दस्त हो रहे थे। फिर दौड धूप शुरू हुई; लेकिन सूर्य निकलते-निकलते वह भी सिधार गयी। स्त्री-पुरूष जीवनपर्यंत एक दिन के लिए भी अलग न हुए थे। संसार से भी साथ ही साथ गये, सूर्यास्त के समय पति ने प्रस्थान किया, सूर्योदय के समय पत्नी ने । लेकिन मुशीबत का अभी अंत न हुआ था। लीला तो संस्कार की तैयारियों मे लगी थी; मकान की सफाई की तरफ किसी ने ध्यान न दिया। तीसरे दिन दोनो बच्चे दादा-दादी के लिए रोत-रोते बैठक में जा पंहुचे। वहां एक आले का खरबूजज कटा हुआ पडा था; दो-तीन कलमी आम भी रखे थे। इन पर मक्खियां भिनक रही थीं। जानकी ने एक तिपाई पर चढ कर दोनों चीजें उतार लीं और दोंनों ने मिलकर खाई। शाम होत-होते दोनों को हैजा हो गया और दोंनो मां-बाप को रोता छोड चल बसे। घर में अंधेरा हो गया। तीन दिन पहले जहां चारों तरफ चहल-पहल थी, वहां अब सन्नाटा छाया हुआ था, किसी के रोने की आवाज भी सुनायी न देती थी। रोता ही कौन ? ले-दे के कुल दो प्राणी रह गये थे। और उन्हें रोने की सुधि न थी। लीला का स्वास्थ्य पहले भी कुछ अच्छा न था, अब तो वह और भी बेजान हो गयी। उठने-बैठने की शक्ति भी न रही। हरदम खोयी सी रहती, न कपडे-लत्ते की सुधि थी, न खाने-पीने की । उसे न घर से वास्ता था, न बाहर से । जहां बैठती, वही बैठी रह जाती। महीनों कपडे न बदलती, सिर में तेल न डालती बच्चे ही उसके प्राणो के आधार थे। जब वही न रहे तो मरना और जीना बराबर था। रात-दिन यही मनाया करती कि भगवान् यहां से ले चलो । सुख-दु:ख सब भुगत चुकी। अब सुख की लालसा नही है; लेकिन बुलाने से मौत किसी को आयी है ? सीतासरन भी पहले तो बहुत रोया-धोया; यहां तक कि घर छोडकर भागा जाता था; लेकिन ज्यों-ज्यो दिन गुजरते थे बच्चों का शोक उसके दिल से मिटता था; संतान का दु:ख तो कुछ माता ही को होता है। धीरे-धीरे उसका जी संभल गया। पहले की भॉँति मित्रों के साथ हंसी-दिल्लगी होने लगी। यारों ने और भी चंग पर चढाया । अब घर का मालिक था, जो चाहे कर सकता था, कोई उसका हाथ रोकने वाला नही था। सैर’-सपाटे करने लगा। तो लीला को रोते देख उसकी आंखे सजग हो जाती थीं, कहां अब उसे उदास और शोक-मग्न देखकर झुंझला उठता। जिंदगी रोने ही के लिए तो नही है। ईश्वर ने लडके दिये थे, ईश्वर ने ही छीन लिये। क्या लडको के पीछे प्राण दे देना होगा ? लीला यह बातें सुनकर भौंचक रह जाती। पिता के मुंह से ऐसे शब्द निकल सकते है। संसार में ऐसे प्राणी भी है। होली के दिन थे। मर्दाना में गाना-बजाना हो रहा था। मित्रों की दावत का भी सामान किया गया था । अंदर लीला जमींन पर पडी हुई रो रही थी त्याहोर के दिन उसे रोते ही कटते थें आज बच्चे बच्चे होते तो अच्छे- अच्छे कपडे पहने कैसे उछलते फिरते! वही न रहे तो कहां की तीज और कहां के त्योहार। सहसा सीतासरन ने आकर कहा – क्या दिन भर रोती ही रहोगी ? जरा कपडे तो बदल डालो , आदमी बन जाओ । यह क्या तुमने अपनी गत बना रखी है ? लीला—तुम जाओ अपनी महफिल मे बैठो, तुम्हे मेरी क्या फिक्र पडी है। सीतासरन—क्या दुनिया में और किसी के लडके नही मरते ? तुम्हारे ही सिर पर मुसीबत आयी है ? लीला—यह बात कौन नही जानता। अपना-अपना दिल ही तो है। उस पर किसी का बस है ? सीतासरन मेरे साथ भी तो तुम्हारा कुछ कर्तव्य है ? लीला ने कुतूहल से पति को देखा, मानो उसका आशय नही समझी। फिर मुंह फेर कर रोने लगी। सीतासरन – मै अब इस मनहूसत का अन्त कर देना चाहता हूं। अगर तुम्हारा अपने दिल पर काबू नही है तो मेरा भी अपने दिल पर काबू नही है। मैं अब जिंदगी – भर मातम नही मना सकता। लीला—तुम रंग-राग मनाते हो, मैं तुम्हें मना तो नही करती ! मैं रोती हूं तो क्यूं नही रोने देते। सीतासरन—मेरा घर रोने के लिए नही है ? लीला—अच्छी बात है, तुम्हारे घर में न रोउंगी। लीला ने देखा, मेरे स्वामी मेरे हाथ से निकले जा रहे है। उन पर विषय का भूत सवार हो गया है और कोई समझाने वाला नहीं। वह अपने होश मे नही है। मैं क्या करुं, अगर मैं चली जाती हूं तो थोडे ही दिनो में सारा ही घर मिट्टी में मिल जाएगा और इनका वही हाल होगा जो स्वार्थी मित्रो के चुंगल में फंसे हुए नौजवान रईसों का होता है। कोई कुलटा घर में आ जाएगी और इनका सर्वनाश कर देगी। ईश्वा ! मैं क्या करूं ? अगर इन्हें कोई बीमारी हो जाती तो क्या मैं उस दशा मे इन्हें छोडकर चली जाती ? कभी नही। मैं तन मन से इनकी सेवा-सुश्रूषा करती, ईश्वर से प्रार्थना करती, देवताओं की मनौतियां करती। माना इन्हें शारीरिक रोग नही है, लेकिन मानसिक रोग अवश्य है। आदमी रोने की जगह हंसे और हंसने की जगह रोये, उसके दीवाने होने में क्या संदेह है ! मेरे चले जाने से इनका सर्वनाश हो जायेगा। इन्हें बचाना मेरा धर्म है। हां, मुझें अपना शोक भूल जाना होगा। रोऊंगी, रोना तो तकदीर में लिखा ही है—रोऊंगी, लेकिन हंस-हंस कर । अपने भाग्य से लडूंगी। जो जाते रहे उनके नाम के सिवा और कर ही क्या सकती हूं, लेकिन जो है उसे न जाने दूंगी। आ, ऐ टूटे हुए ह्रदय ! आज तेरे टुकडों को जमा करके एक समाधि बनाऊं और अपने शोक को उसके हवाले कर दूं। ओ रोने वाली आंखों, आओ, मेरे आसुंओं को अपनी विहंसित छटा में छिपा लो। आओ, मेरे आभूषणों, मैंने बहुत दिनों तक तुम्हारा अपमान किया है, मेरा अपराध क्षमा करो। तुम मेरे भले दिनो के साक्षी हो, तुमने मेरे साथ बहुत विहार किए है, अब इस संकट में मेरा साथ दो ; मगर देखो दगा न करना ; मेरे भेदों को छिपाए रखना। पिछले पहर को पहफिल में सन्नाटा हो गया। हू-हा की आवाजें बंद हो गयी। लीला ने सोचा क्या लोग कही चले गये, या सो गये ? एकाएक सन्नाटा क्यों छा गया। जाकर दहलीज में खडी हो गयी और बैठक में झांककर देखा, सारी देह में एक ज्वाला-सी दौड गयी। मित्र लोग विदा हो गये थे। समाजियो का पता न था। केवल एक रमणी मसनद पर लेटी हुई थी और सीतासरन सामने झुका हुआ उससे बहुत धीरे-धीरे बातें कर रहा था। दोनों के चेहरों और आंखो से उनके मन के भाव साफ झलक रहे थे। एक की आंखों में अनुराग था, दूसरी की आंखो में कटाक्ष ! एक भोला-भोला ह्रदय एक मायाविनी रमणी के हाथों लुटा जाता था। लीला की सम्पत्ति को उसकी आंखों के सामने एक छलिनी चुराये जाती थी। लीला को ऐसा क्रोध आया कि इसी समय चलकर इस कुल्टा को आडे हाथों लूं, ऐसा दुत्कारूं वह भी याद करें, खडे-,खडे निकाल दूं। वह पत्नी भाव जो बहुत दिनो से सो रहा था, जाग उठा और विकल करने लगा। पर उसने जब्त किया। वेग में दौडती हुई तृष्णाएं अक्समात् न रोकी जा सकती थी। वह उलटे पांव भीतर लौट आयी और मन को शांत करके सोचने लगी—वह रूप रंग में, हाव-भाव में, नखरे-तिल्ले में उस दुष्टा की बराबरी नही कर सकती। बिलकुल चांद का टुकडा है, अंग-अंग में स्फूर्ति भरी हुई है, पोर-पोर में मद छलक रहा है। उसकी आंखों में कितनी तृष्णा है। तृष्णा नही, बल्कि ज्वाला ! लीला उसी वक्त आइने के सामने गयी। आज कई महीनो के बाद उसने आइने में अपनी सूरत देखी। उस मुख से एक आह निकल गयी। शोक न उसकी कायापलट कर दी थी। उस रमणी के सामने वह ऐसी लगती थी जैसे गुलाब के सामने जूही का फूल सीतासरन का खुमार शाम को टूटा । आखें खुलीं तो सामने लीला को खडे मुस्करातेदेखा।उसकी अनोखी छवि आंखों में समा गई। ऐसे खुश हुए मानो बहुत दिनो के वियोग के बाद उससे भेंट हुई हो। उसे क्या मालूम था कि यह रुप भरने के लिए कितने आंसू बहाये है; कैशों मे यह फूल गूंथने के पहले आंखों में कितने मोती पिरोये है। उन्होनें एक नवीन प्रेमोत्साह से उठकर उसे गले लगा लिया और मुस्कराकर बोले—आज तो तुमने बडे-बडे शास्त्र सजा रखे है, कहां भागूं ? लीला ने अपने ह्रदय की ओर उंगली दिखकर कहा –-यहा आ बैठो बहुत भागे फिरते हो, अब तुम्हें बांधकर रखूगीं । बाग की बहार का आनंद तो उठा चुके, अब इस अंधेरी कोठरी को भी देख लो। सीतासरन ने जज्जित होकर कहा—उसे अंधेरी कोठरी मत कहो लीला वह प्रेम का मानसरोवर है ! इतने मे बाहर से किसी मित्र के आने की खबर आयी। सीताराम चलने लगे तो लीला ने हाथ उनका पकडकर हाथ कहा—मैं न जाने दूंगी। सीतासरन-- अभी आता हूं। लीला—मुझे डर है कहीं तुम चले न जाओ। सीतासरन बाहर आये तो मित्र महाशय बोले –आज दिन भर सोते हो क्या ? बहुत खुश नजर आते हो। इस वक्त तो वहां चलने की ठहरी थी न ? तुम्हारी राह देख रही है। सीतासरन—चलने को तैयार हूं, लेकिन लीला जाने नहीं देगीं। मित्र—निरे गाउदी ही रहे। आ गए फिर बीवी के पंजे में ! फिर किस बिरते पर गरमाये थे ? सीतासरन—लीला ने घर से निकाल दिया था, तब आश्रय ढूढता – फिरता था। अब उसने द्वार खोल दिये है और खडी बुला रही है। मित्र—आज वह आनंद कहां ? घर को लाख सजाओ तो क्या बाग हो जायेगा ? सीतासरन—भई, घर बाग नही हो सकता, पर स्वर्ग हो सकता है। मुझे इस वक्त अपनी क्षद्रता पर जितनी लज्जा आ रही है, वह मैं ही जानता हूं। जिस संतान शोक में उसने अपने शरीर को घुला डाला और अपने रूप-लावण्य को मिटा दिया उसी शोक को केवल मेरा एक इशारा पाकर उसने भुला दिया। ऐसा भुला दिया मानो कभी शोक हुआ ही नही! मैं जानता हूं वह बडे से बडे कष्ट सह सकती है। मेरी रक्षा उसके लिए आवश्यक है। जब अपनी उदासीनता के कारण उसने मेरी दशा बिगडते देखी तो अपना सारा शोक भूल गयी। आज मैंने उसे अपने आभूषण पहनकर मुस्कराते हुंए देखा तो मेरी आत्मा पुलकित हो उठी । मुझे ऐसा मालूम हो रहा है कि वह स्वर्ग की देवी है और केवल मुझ जैसे दुर्बल प्राणी की रक्षा करने भेजी गयी है। मैने उसे कठोर शब्द कहे, वे अगर अपनी सारी सम्पत्ति बेचकर भी मिल सकते, तो लौटा लेता। लीला वास्तव में स्वर्ग की देवी है! ****

  • ग़ज़ल

    कुसुम शर्मा ये चाँदी की सी चमकीली हवाएं चली हैं आज बर्फ़ीली हवाएं बहे अश्क़ों के दरिया हैं कहीं पर नमी से हो रहीं गीली हवाएं असर ये तर्क-ए-त'अल्लुक़ का है शायद लगी हैं आज ज़हरीली हवाएं किये जाती हैं सीना चाक सा कुछ ये ख़ंजर से भी नोकीली हवाएं हैं बदले रुख़ जहां वालों ने जब से नहीं चलती हैं शर्मीली हवाएं। ******

  • सच्चे गुरु की तलाश

    मुकेश ‘नादान’ सन्‌ 1881 की बात है। नवंबर का महीना था, ठंड भी अपना भरपूर असर दिखा रही थी। एक दिन श्रीरामक्रृष्ण परमहंस आमंत्रण पर सुरेंद्रनाथ के घर पधारे। उनके आने पर आनंदोत्सव मनाया जा रहा था। कोई अच्छा गायक न मिलने पर सुरेंद्रनाथ ने अपने मित्र नरेंद्र को बुला लिया। जब श्रीरामकृष्णजी ने नरेंद्र का गाना सुना, तो वे उसकी प्रतिभा को पहचान गए। उन्होंने नरेंद्र से काफी देर तक बातें कीं और जाते समय नरेंद्र को दक्षिणेश्वर आने का निमंत्रण भी दे गए। उस समय नरेंद्र एफ.ए. की तैयारी में जुटे थे। शीघ्र ही परीक्षा होने वाली थी, जिस कारण नरेंद्र श्रीरामकृष्ण परमहंस के आमंत्रण को भूल गए। परीक्षा समाप्त होते ही नरेंद्र के विवाह की बातचीत होने लगी। लेकिन नरेंद्र विवाह करने के इच्छुक नहीं थे, वह अकसर अपने मित्रों से कहते थे, “मैं विवाह नहीं करूँगा।" इधर विश्वनाथ बाबू खुले विचारों वाले व्यक्ति थे, वे नरेंद्र पर किसी भी तरह का दबाव नहीं डालना चाहते थे। अत: उन्होंने विवाह के संबंध में नरेंद्र की राय जानने का कार्य अपने संबंधी डॉ. रामचंद्र दत्त को सौंप दिया। उनके पूछने पर नरेंद्र ने स्पष्ट शब्दों मे कह दिया, “मैं विवाह के बंधन से मुक्त रहना चाहता हूँ, क्योंकि मेरे उद्देश्य की पूर्ति में विवाह बाधक है।” नरेंद्र का जबाब सुनकर रामचंद्र दत्त ने उन्हें सलाह दी, “यदि वास्तव में तुम्हारा उद्देश्य सत्य की प्राप्ति है, तो ब्रह्मसमाज में जाने से कोई लाभ नहीं है। तुम्हारे लिए दक्षिणेश्वर में श्रीरामकृष्ण के पास जाना ठीक रहेगा।” उनके ऐसा कहते ही नरेंद्र को श्रीरामकृष्णजी का आमंत्रण स्मरण हो आया और वह अपने मित्रों के साथ दक्षिणेश्वर जा पहुँचे। श्रीरामकृष्ण परमहंस नरेंद्र से आत्मीयता के साथ मिले। उन्होंने नरेंद्र को अपने निकट चटाई पर बैठा लिया और गाना सुनाने के लिए कहा। नरेंद्र ने ब्रह्मसमाज का “मन चलो निज निकेतन' गीत गाया। गीत समाप्त होने पर श्रीरामकृष्ण नरेंद्र को एकांत में ले गए और अंदर से कमरा बंद कर लिया। श्रीरामकृष्ण ने नरेंद्र से पूछा, “ अरे, तू इतने दिन कहाँ रहा? मैं कब से तेरी प्रतीक्षा कर रहा था। विषयी लोगों से बात करते-करते मेरा मुँह जल गया है, आज तुझ जैसे सच्चे त्यागी से बात करके मुझे शांति मिलेगी।” कहते-कहते उनकी आँखों से आँसू बहने लगे। नरेंद्र हतप्रभ से उनकी ओर देखते रह गए। कुछ पलों बाद रामकृष्ण ने हाथ जोड़कर नरेंद्र से सम्मानजनक शब्दों में कहा, “मैं जानता हूँ कि तू सप्तऋषि मंडल का महर्षि है, नररूपी नारायण है। जीवों के कल्याण की कामना से तूने देह धारण की है।” नरेंद्र उनकी बातों का कोई उत्तर न दे सके। वह अवाव्क्त से उन्हें देखते रहे। उन्होंने मन-ही-मन सोचा, यह तो निरा पागलपन है। मैं विश्वनाथ दत्त का पुत्र हूँ, फिर ये मुझे क्या कह रहे हैं? उसी पल श्रीरामकृष्ण ने नरेंद्र का हाथ थाम लिया और विनीत स्वर में बोले, “मुझे वचन दे कि तू मुझसे मिलने पुन: अकेला आएगा और जल्दी आएगा।" नरेंद्र ने इस अद्भुत स्थिति से मुक्त होने के लिए बचन तो दे दिया, किंतु मन-ही-मन कहा, फिर कभी न आऊँगा। इसके बाद श्रीरामकृष्ण नरेंद्र के साथ वापस बैठक में आ गए। वहाँ अन्य लोगों की मौजूदगी में जो बातें हुई, नरेंद्र को उनमें जरा भी पागलपन नहीं दिखाई दिया। नरेंद्र वापस अपने घर लौट आए। हालाँकि उन्होंने निर्णय लिया था कि वे अब कभी श्रीरामकृष्ण से मिलने दक्षिणेश्वर नहीं जाएँगे, मगर एक माह बाद वे पुन: दक्षिणेश्वर जा पहुँचे। रामकृष्ण एक खटोले पर लेटे हुए थे। नरेंद्र ने देखा, वहाँ उनके अतिरिक्त कोई दूसरा प्राणी नहीं है। जैसे ही रामकृष्ण की दृष्टि नरेंद्र पर पड़ी, वे प्रसन्‍न हो उठे और आनंदित स्वर में उन्हें अपने निकट बुलाकर बैठा लिया। नरेंद्र के बैठने पर न जाने किस भाव से रामकृष्ण तन्‍्मय हो गए और सरकते-सरकते उनके निकट आ गए। नरेंद्र तनिक से भयभीत हो गए, उन्होंने सोचा, 'शायद यह पागल पहले दिन की भाँति आज भी कोई पागलपन करेगा।' अचानक श्रीरामकृष्ण ने अपना दाहिना पैर नरेंद्र के शरीर से स्पर्श करा दिया। उनका ऐसा करना था कि नरेंद्र को कमरे की दीवारें, सब वस्तुएँ और संपूर्ण संसार घूमता हुआ महसूस होने लगा। एकाएक उन्हें अपना व्यक्तित्व तथा सभी वस्तुएँ शून्य में विलीन होती अनुभव हुई। उस समय नरेंद्र घबरा गए और भयभीत होकर चिल्ला उठे, “अजी, आपने ये मेरी कैसी अवस्था कर डाली, मेरे तो माँ-बाप भी हैं।" नरेंद्र की बात सुनकर श्रीरामकृष्ण खिलखिलाकर हँस दिए और नरेंद्र का हाथ अपनी छाती पर रखकर बोले, “अभी इस सबका समय नहीं आया है, शायद! खैर...फिर कभी सही।” इसके बाद परमहंस पुन: सामान्य स्थिति में आ गए। उन्होंने पहले दिन की भाँति नरेंद्र को प्रेमपूर्वक खिलाया-पिलाया। विभिन्‍न विषयों पर वार्तालाप करते-करते तथा हास-परिहास भी किया। शाम होने पर नरेंद्र ने जब जाने की आज्ञा माँगी, तो वे उदास होकर बोले, “अच्छा! लेकिन वचन दे, फिर जल्दी ही आएगा तू।” नरेंद्र ने विवश होकर पहले दिन की भाँति वचन दिया और घर लौट आए। *******

  • बुद्धिमान साधु

    डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव किसी राजमहल के द्वार पर एक साधु आया और द्वारपाल से बोला कि तुम भीतर जाकर राजा से कहो कि बाहर उनका भाई आया है। द्वारपाल ने समझा कि शायद ये कोई दूर के रिश्ते में राजा का भाई होगा जो संन्यास लेकर साधुओं की तरह रह रहा होगा। सूचना मिलने पर राजा मुस्कुराया और साधु को राजमहल में बुलाकर अपने पास बैठा लिया। साधु ने पूछा, “कहो अनुज, क्या हाल-चाल हैं तुम्हारे?” “मैं ठीक हूँ आप कैसे हैं भैया?”, राजा बोला। साधु ने कहा, “जिस महल में मैं रहता था, वह पुराना और जर्जर हो गया है। कभी भी टूटकर गिर सकता है। मेरे 32 नौकर थे वे भी एक-एक करके चले गए। पाँचों रानियाँ भी वृद्ध हो गयीं और अब उनसे भी काम नहीं होता।” यह सुनकर राजा ने साधु को 10 सोने के सिक्के देने का आदेश दिया। साधु ने 10 सोने के सिक्के कम बताए। तब राजा ने कहा, “इस बार राज्य में सूखा पड़ा है, आप इतने से ही संतोष कर लें।” साधु बोला, “मेरे साथ सात समुन्दर पार चलो वहां सोने की खदानें हैं। मेरे पैर पड़ते ही समुद्र सूख जाएगा। मेरे पैरों की शक्ति तो आप देख ही चुके हैं।” अब राजा ने साधु को 100 सोने के सिक्के देने का आदेश दिया। साधु के जाने के बाद मंत्रियों ने आश्चर्य से पूछा, “क्षमा करियेगा राजन, लेकिन जहाँ तक हम जानते हैं आपका कोई बड़ा भाई नहीं है, फिर आपने इस ठग को इतना इनाम क्यों दिया?” राजन ने समझाया, “देखो, भाग्य के दो पहलु होते हैं। राजा और रंक। इस नाते उसने मुझे भाई कहा। जर्जर महल से उसका आशय उसके बूढ़े शरीर से था। 32 नौकर उसके दांत थे और 5 वृद्ध रानियाँ, उसकी 5 इन्द्रियां हैं। समुद्र के बहाने उसने मुझे उलाहना दिया कि राजमहल में उसके पैर रखते ही मेरा राजकोष सूख गया। मैं उसे मात्र दस सिक्के दे रहा था जबकि मेरी हैसियत उसे सोने से तौल देने की है। इसीलिए उसकी बुद्धिमानी से प्रसन्न होकर मैंने उसे सौ सिक्के दिए और कल से मैं उसे अपना सलाहकार नियुक्त करूँगा। सार - किसी व्यक्ति के बाहरी रंग रूप से न तो उसकी बुद्धिमत्ता का अंदाजा लगाना चाहिये और न ही उसके बारे में गलत विचार बनाने चाहिये। ******

  • मां तुम कितनी सुंदर हो।

    डॉ. जहान सिंह 'जहान' प्राकृति का ये सुन्दर आवरण ही पर्यावरण है। ये खूबसूरत धरती मां का घूंघट है। उसकी लज्जा है, उसका श्रंगार है।। तेरे-मेरे जीवन का आंचल है।। ये पर्यावरण है। मत करो मलीन इस मां के आवरण को। तुझ पर से तेरा आंचल हट जायेगा ।। तू बेसहारा हो जायेगा। थम जायेंगी सांसे तेरी। जब ये हवाएं-प्राण वायु, जब ये जल-प्राण पेय, मां को निष्प्राण कर जाएंगे। बिन मां के तू कैसे जी पायेगा। ये 'जहान' फिर यहीं थम जाएगा।। मत करो इस का क्षरण। प्राकृति का ये सुन्दर आवरण। पर्यावरण है।। ******

  • गलती का पछतावा

    सुरेश चंद्र वर्मा एक व्यक्ति जिनकी उम्र लगभग 60 रही होगी, रिक्शे से अपनी पत्नी को बैठा कर कुछ बेचने का सामान ले के कहीं जा रहे थे। गर्मी भी खूब थी और उम्र ज़्यादा होने के कारण रिक्शा धीरे धीरे चला रहे थे। रास्ते में भीड़ थी मुझे जल्दी जाना था। मै पीछे से कई बार हॉर्न बजा रहा था। मुझे बहुत ग़ुस्सा आ रहा था रिक्शे वाले पर। बड़ी मुश्किल से आगे आया। जैसे आगे आया सोचा इनको बोलता हूँ रिक्शा साइड में चलाये। लेकिन जब इनकी उम्र देखी तो खुद के किए पर शर्मिंदा था। गाड़ी रोक कर गाड़ी में पड़ी पानी की बोतल उनको पकड़ाते हुए माफ़ी माँगा। बदले में खूब आशीर्वाद मिला। अब मुझे कोई जल्दी नही थी। सोचा पता करता हूँ कि इस उम्र में इन्हें इतनी मेहनत क्यों करनी पड़ रही है। तो पता लगा कि बेटा नशा करता है। इनको पूछता नही है। कमाई का कोई श्रोत नही है। इसलिए जीवन यापन के लिए खिलौने बेचते है। पत्नी बीमार रहती है। जो कमाते है इलाज में लग जाता है। बताते हुए उनकी भी आँख नम थी और मेरी भी कुछ थोड़े पैसे देने का प्रायस किया, पर लिया नही। बोला बाबू हो सके तो पत्नी को किसी अच्छे डाक्टर को दिखा दो। वादा कर के चला आया हूँ अपना नम्बर दे के। कल उनकी पत्नी को अच्छे डाक्टर को दिखा देंगे। आप की हैसियत बड़ी गाड़ी में घूमने से नही, लोगों को इज्जत देने से बढ़ेगी। और इस तरह के बहुत रिक्शा चालक जो गर्मी में अपना पूरा परिवार लेके सड़क पर जीवित रहने की लड़ाई लड़ते हैं ये बस आप के सम्मान के भूखे होते हैं। इन्हें बार-बार हॉर्न बजा कर, दुःख मत दीजिए। इन्हें इस गर्मी में आप से ज़्यादा जल्दी है, मंज़िल पर पहुँचने की। आप AC कार में बैठे हैं तब भी इतनी जल्दी है। तो इन्हें कितनी होगी। ऐसे लोग जहाँ भी मिले थोड़ा समय निकालिए और इनसे बात करिए। थोड़ा मदद का प्रयास करिए। अपने लिए मेहनत और भागदौड़ तो तब तक चलेगी जब तक आप अंतिम सैंया पर लेट ना जाए। इस लिए जीवित होने का प्रमाण दीजिए। केवल खुद के लिए जीना आप को मृतक होने का प्रमाण पत्र देती है। *****

  • बारिश

    सविता पाटील बरसी तो थी बारिश, बूंदों ने कोना कोना भिगो दिया, भर गई नदी, भरा सरोवर, सागर भी तो भर गया! फिर क्यों वो प्यासा… शिकायत में खड़ा था, देखा तो... उल्टा रखा घड़ा था, बह गई धाराएं किसी के लिए निरर्थक रहा सावन, कोई अपनी प्यास बुझा हो गया पावन! *****

  • सुन्दरता

    रमाकांत शुक्ला एक अति सुन्दर महिला ने विमान में प्रवेश किया और अपनी सीट की तलाश में नजरें घुमाईं। उसने देखा कि उसकी सीट एक ऐसे व्यक्ति के बगल में है जिसके दोनों हाथ ही नहीं हैं। महिला को उस अपाहिज व्यक्ति के पास बैठने में झिझक हुई....! उस 'सुंदर' महिला ने एयरहोस्टेस से कहा: मैं इस सीट पर सुविधापूर्वक यात्रा नहीं कर पाऊँगी क्योंकि साथ की सीट पर जो व्यक्ति बैठा हुआ है उसके दोनों हाथ नहीं हैं। और उस महिला ने एयरहोस्टेस से सीट बदलने हेतु आग्रह किया। असहज हुई एयरहोस्टेस ने पूछा: मैम क्या आप मुझे कारण बता सकती हैं। महिला ने जवाब दिया: मैं ऐसे लोगों को पसंद नहीं करती। मैं ऐसे व्यक्ति के पास बैठकर यात्रा नहीं कर पाउंगी। दिखने में पढी लिखी और विनम्र प्रतीत होने वाली महिला की यह बात सुनकर एयरहोस्टेस अचंभित हो गई। महिला ने एक बार फिर एयरहोस्टेस से जोर देकर कहा: मैं उस सीट पर नहीं बैठ सकती। अतः मुझे कोई दूसरी सीट दे दी जाए। एयरहोस्टेस ने खाली सीट की तलाश में चारों ओर नजरघुमाई पर कोई भी सीट खाली नहीं दिखी। एयरहोस्टेस ने महिला से कहा: मैडम इस इकोनोमी क्लास में कोई सीट खाली नहीं है किन्तु यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना हमारा दायित्व है। अतः मैं विमान के कप्तान से बात करती हूँ। कृपया तब तक थोडा धैर्य रखें। ऐसा कहकर होस्टेस कप्तान से बात करने चली गई। कुछ समय बाद लोटने पर, उसने महिला को बताया: "मैडम! आपको जो असुविधा हुई, उसके लिए बहुत खेद है। इस पूरे विमान में, केवल एक सीट खाली है और वह प्रथम श्रेणी में है। मैंने हमारी टीम से बात की और हमने एक असाधारण निर्णय लिया है। एक यात्री को इकोनॉमी क्लास से प्रथम श्रेणी में भेजने का कार्य हमारी कंपनी के इतिहास में पहली बार हो रहा है। महिला अत्यंत प्रसन्न हो गई, किन्तु इसके पहले कि वह अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करती और एक शब्द भी बोल पाती, एयरहोस्टेस, उस अपाहिज और दोनों हाथ विहीन व्यक्ति की ओर बढ़ गई और विनम्रता पूर्वक उनसे पूछा- सर, क्या आप प्रथम श्रेणी में जा सकेंगे। क्योंकि हम नहीं चाहते कि आप एक अशिष्ट यात्री के साथ यात्रा कर के परेशान हों। यह बात सुनकर सभी यात्रियों ने ताली बजाकर इस निर्णय का स्वागत किया। वह अति सुन्दर दिखने वाली महिला तो अब शर्म से नजरें ही नहीं उठा पा रही थी। तब उस अपाहिज व्यक्ति ने खड़े होकर कहा: मैं एक भूतपूर्व सैनिक हूँ, और मैंने एक ऑपरेशन के दौरान कश्मीर सीमा पर हुए बम विस्फोट में अपने दोनों हाथ खोये थे। सबसे पहले, जब मैंने इन देवी जी की चर्चा सुनी, तब मैं सोच रहा था कि मैंने भी किन लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली और अपने हाथ खोये..! लेकिन जब आप सभी की प्रतिक्रिया देखी तो अब अपने आप पर गर्व हो रहा है कि मैंने अपने देश और देशवासियों के लिए अपने दोनों हाथ खोये और इतना कह कर, वह प्रथम श्रेणी में चले गए। महिला पूरी तरह से अपमानित होकर सर झुकाए सीट पर बैठ गई। अगर विचारों में उदारता नहीं है तो ऐसी सुंदरता का कोई मूल्य नहीं है। *******

  • इम्तिहान

    मनीष कुमार शुक्ल 'मन' गिरा शजर तो उड़े परिन्दे नये सफ़र की उड़ान ओढ़े पड़ा रहा वो और उठ न पाया बदन पे अपनी थकान ओढ़े उसी की क़िस्मत सहर सजाये उसी के हिस्से में आये मन्ज़िल जो अपने रस्तों पे चल रहा है क़दम-क़दम इम्तिहान ओढ़े बुलन्दियों की अगर है चाहत तो पहले ख़ुद पर यक़ीन रखना मिटा रहे हो क्यूँ ज़िन्दगी को हर एक लम्हा गुमान ओढ़े मेरी इन आँखों में आ बसा है वो हुस्न जिस का बदल नहीं है मैं सो रहा हूँ मुझे न छेड़ो उसी हसीना का ध्यान ओढ़े मुझे ख़बर है तुम्हारी लेकिन तुम्हें पता 'मन' न कुछ भी मेरा ये रब्त है अपने दरमियां जो है फ़ासले दरमियान ओढ़े *****

  • घर वापसी

    लक्ष्मी कांत कम्पनी से ऑप्शन फॉर्म आया हुआ था। कम्पनी जानना चाहती थी कि मुझे अभी और कम्पनी में बने रहना है या फिर वीज़ा फिनिश कर देश वापस लौटना है। मैं अभी एक्सटेंशन के लिए फॉर्म भर ही रहा था कि घर से मधु का वीडियो कॉल आ गया। उसने याद दिलाया कि बीस दिन बाद बिट्टू का पांचवां जन्मदिन है, और मैं इंडिया आ रहा हूँ कि नहीं। मैंने कहा, "यार मधु अट्ठारह लाख जमा हो गए हैं, छः महीने का एक्सटेंशन ले रहा हूँ बस बीस लाख हो जायें तो आकर वहीं कोई बिज़नेस सेट कर लूँगा, कितनी बार तो कहा है तुम्हें, पर तुम समझती ही नहीं।" "हाँ मैं कुछ नहीं समझती, आप आ जाओ बस आपको पाँच साल से ऊपर हो गए गये हुये। बिट्टू पेट में तीन महीने का था तब गए थे। आज तक बच्चे ने अपने पापा का मुँह वीडीओ कॉल के अलावा देखा ही नहीं है। न आपने उसे छुआ भी है। ऐसे पैसे किस काम के?? चले आओ बस।" मधु झल्लाई। "अरे यार! ये सब तुम लोगों के लिये ही तो कर रहा हूँ। बस छः महीने की तो बात है।" मैंने कोफ़्त से कहा। मधु ने फोन बेटी मिष्टी को पकड़ा दिया और मुँह फुलाकर बैठ गई। "पापा, आ जाओ न।" मिष्टि ने विनती की। "आऊँगा बेटा बस छः महीने की तो बात है, आ जाऊँगा।" मैंने समझाने की कोशिश की। "पापा मैं आपके ये छः महीने तो पिछले दो साल से सुन रही हूँ। आप हैं कि आने का नाम ही नहीं लेते। जब चाचू, मोनू को कंधे पर बैठा कर घूमते हैं, तो बिट्टू बहुत ललचाई नज़रों से देखता है। पापा आप लेट करते जाओगे तो एक दिन ऐसा आएगा, जब बिट्टू इतना बड़ा हो जाएगा कि आप बिट्टू को कंधे पर उठा भी न पाओगे। उसके मन की इच्छा भी तब तक खत्म हो जाएगी। ऐसा होने से पहले आ जाओ। और पापा क्या फर्क पड़ता है कि अट्ठारह लाख जमा हुए या बीस लाख? ये पैसे यहाँ भी जमा हो सकते हैं। हमें आप चाहिए पैसे नहीं।" तेरह साल की मिष्टि ने बहुत बड़ी बात कह दी थी। मधु के सुबकने की आवाज आ रही थी और मैंने कॉल काट दी। मैंने कुर्सी की पुश्त पर गर्दन टिका दी, tv पर गाना चल रहा था "दिल ढूंढता है फिर वही, फुर्सत के रात दिन….."मेरी निगाहें और दिमाग वहीं पर जम गया। दिख रहा था कि कैसे संजीव कुमार, पेड़ के पीछे खड़े होकर अपने अतीत को देख रहा था। एक तरफ जवान संजीव कुमार, शर्मिला टैगोर के साथ हाथ में हाथ पकड़े चल रहा था, और एक तरफ बूढ़ा संजीव कुमार पेड़ के पीछे से अपना अतीत झाँक रहा था। मैं भी सोच में गुम हो गया था। मैं भी तो अपना वर्तमान अतीत बना रहा था। वो तो फ़िल्म थी जहाँ, जहां संजीव कुमार फ्लैश बैक में देख पा रहा था, पर असली जिंदगी में तो फ्लैश बैक में केवल यादें रहती हैं दिखाई कुछ नहीं देता। मैंने tv से नजर हटाई तो टेबल पर साइड में रखा फोटो फ्रेम दिख गया जिसमें मधु, मिष्टि और बिट्टू की फोटो दिख रही थी। मैंने वहाँ से नज़र हटाई तो सामने लगे शीशे पर नजर पड़ गई। मेरी कनपटी पर सफ़ेद बाल नज़र आ रहे थे। मैंने आँखें बंद कर ली, और कुर्सी की पुश्त पे फिर से सर टिका दिया। मैंने सोचा तेरह साल की मिष्टि ने कितनी बड़ी बात कह दी थी। उन्हें पैसे नहीं मैं चाहिए था, और बिट्टू बड़ा हो जाएगा तो सच में मैं उसे कंधे पर नहीं बिठा पाऊँगा। मैं झट से उठा और अपने लैपटॉप पर कम्पनी से आये ऑप्शन फॉर्म पर वीज़ा फिनिश की एंट्री कर दी। मैं जानता था, कल ये अप्रूव हो जाएगी और मैं घर लौट जाऊंगा। मैं सोने का अथक प्रयास कर रहा हूँ, मगर आँखों से नींद कोसों दूर है। बार-बार ये एहसास हो रहा है कि घर जाते ही बिट्टू को कंधे पर बिठाकर देर तक और दूर तक घुमाऊंगा। पहली बार अपने बच्चे को हाथ से छूकर महसूस करूँगा। रात है कि कट नहीं रही... और नींद है कि आ नहीं रही। बस एक मीठी सी खुशी का एहसास हो रहा है। ********

  • निर्णय

    मंजु लता सुबह के सात बजे थे और डोर बेल बजी। आश्चर्य हुआ, इतनी सुबह कौन होगा? मैं चाय का कप ले कर दरवाजे की ओर गई। दरवाजा खोला तो देखा, आज गृह सहायिका की जगह पर उसका पति खड़ा था। गुस्से में दिख रहा था। मैंने प्रश्न वाचक नज़रों से उसे देखा। छूटते ही बोला, "तुमने चपला को डाँटा।" मैं हक्की-बक्की रह गई। फिर सम्हलते हुए बोली, हाँ, डाँटा तो था। घर के नियम तोड़ेगी। गलत काम करेगी तो बोलना तो पड़ेगा न! वो पलट के और गुस्सा दिखाते हुए बोला, "तुम्हें पता है वो मेरी पत्नी है। तुम्हें कोई अधिकार नहीं है उसे डाँटने का।" मैंने उसके मुँह न लगते हुए कहा, "हाँ तुम जाओ। अब नहीं डाँटूंगी।" वो बड़-बड़ करता हुआ चला गया। थोड़ी देर में ही चपला आ गई। काम शुरू करने से पहले ही मैंने रोक दिया। "आज तेरा पति आया था मुझे धमकी देने। तुझे मेरी चौक चतुराई पता है न! गलती करेगी तो बोलना तो पड़ेगा न।" वह नीचे मुँह किये सुनती रही। मैंने कहा,"देख तू मेरे घर काम करती है, तेरा पति नहीं।" "अच्छा बता, तू दो महीने पहले काम छोड़ कर चली गई थी न! मैं तुझे बुलाने तो न आई थी। तू खुद काम माँगने आई और अब यह नाटक! मुझे बिल्कुल पसंद नहीं। अच्छा सुन, आज तो 21 तारीख हुई है। तू पूरे महीने की पगार ले। अब कल से काम पर मत आना। समझी।" हे ईश्वर! भलाई का तो जमाना ही नही। सोचते हुए मैं धम्म से सोफे पर बैठ गई। पुरानी फ़िल्म की रील चलने लगी आँखों के आगे। हर तरह से मदद की मैंने इसकी और यह सिला। चपला पैसे उठा कर चुपचाप चली गई। अपने निर्णय को लेकर मैं सोच रही थी, "आस्तीन के साँपों को पालने के बजाय उन्हें दूर रखने के लिए आस्तीन ही काट देना चाहिए।" ******

bottom of page