top of page

Search Results

Search this site

1029 results found with an empty search

  • द्रौपदी का कर्ज

    वीरेन्द्र प्रताप अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा महल में झाड़ू लगा रही थी। तो द्रौपदी उसके समीप गई उसके सिर पर प्यार से हाथ फेरते हुए बोली, "पुत्री भविष्य में कभी तुम पर घोर से घोर विपत्ति भी आए तो कभी अपने किसी नाते-रिश्तेदार की शरण में मत जाना। सीधे भगवान की शरण में जाना।" उत्तरा हैरान होते हुए माता द्रौपदी को निहारते हुए बोली, "आप ऐसा क्यों कह रही हैं माता?" द्रौपदी बोली, "क्योंकि यह बात मेरे ऊपर भी बीत चुकी है। जब मेरे पांचों पति कौरवों के साथ जुआ खेल रहे थे, तो अपना सर्वस्व हारने के बाद मुझे भी दांव पर लगाकर हार गए। फिर कौरव पुत्रों ने भरी सभा में मेरा बहुत अपमान किया। मैंने सहायता के लिए अपने पतियों को पुकारा मगर वो सभी अपना सिर नीचे झुकाए बैठे थे। पितामह भीष्म, द्रोण धृतराष्ट्र सभी को मदद के लिए पुकारती रही मगर किसी ने भी मेरी तरफ नहीं देखा, वह सभी आँखें झुकाए आँसू बहाते रहे। सबसे निराशा होकर मैंने श्रीकृष्ण को पुकारा, "आपके सिवाय मेरा और कोई भी नहीं है, तब श्रीकृष्ण तुरंत आए और मेरी रक्षा की।" जब द्रौपदी पर ऐसी विपत्ति आ रही थी तो द्वारिका में श्री कृष्ण बहुत विचलित होते हैं। क्योंकि उनकी सबसे प्रिय भक्त पर संकट आन पड़ा था। रूकमणि उनसे दुखी होने का कारण पूछती हैं तो वह बताते हैं मेरी सबसे बड़ी भक्त को भरी सभा में नग्न किया जा रहा है। रूकमणि बोलती हैं, "आप जाएँ और उसकी मदद करें।" श्री कृष्ण बोले, "जब तक द्रोपदी मुझे पुकारेगी नहीं मैं कैसे जा सकता हूँ। एक बार वो मुझे पुकार लें तो मैं तुरंत उसके पास जाकर उसकी रक्षा करूँगा। तुम्हें याद होगा जब पाण्डवों ने राजसूर्य यज्ञ करवाया तो शिशुपाल का वध करने के लिए मैंने अपनी उंगली पर चक्र धारण किया तो उससे मेरी उंगली कट गई थी। उस समय "मेरी सभी पत्नियाँ वहीं थी। कोई वैद्य को बुलाने भागी तो कोई औषधि लेने चली गई। मगर उस समय मेरी इस भक्त ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़ा और उसे मेरी उंगली पर बाँध दिया। आज उसी का ऋण मुझे चुकाना है, लेकिन जब तक वो मुझे पुकारेगी नहीं मैं जा नहीं सकता।" अत: द्रौपदी ने जैसे ही भगवान कृष्ण को पुकारा प्रभु तुरंत ही दौड़े गए। *****

  • पहला केस

    संगीता चावला जूही कोर्ट में अपना केस लड़ रही थी। जज ने कहा, "आज के लिए कोर्ट स्थगित की जाती है।" ये सुनकर जूही ने वहां मौजूद लोगों की ओर देखा, जो उसकी अगली चाल जानने को उत्सुक थे। मीडिया के सवालों से बचने के लिए जूही तेजी से अपनी कार की ओर बढ़ गई।जूही के सामने विपक्ष के वकील और कोई नहीं, बल्कि उसका अपना भाई था। जूही ने वकालत में जो कुछ सीखा, अपने पिता और भाई से ही सीखा था। लेकिन उसके पिता, अरुण शर्मा, लड़कियों के वकील बनने के खिलाफ थे। उनका मानना था कि लड़कियां ये प्रोफेशन ठीक से नहीं संभाल सकतीं। इस केस का सीधा संबंध जूही के परिवार से था। उसके पिता ने उसके भाई को वकील बनाने के लिए अपनी जमीन गिरवी रख दी थी। लेकिन जिसने जमीन गिरवी रखी थी, उसने लालच में आकर जमीन वापस नहीं की और वहां बिजनेस कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना बना ली। यहां तक कि उसने जूही के भाई को भी अपने पक्ष में मिला लिया। अगले दिन कोर्ट में सुनवाई के दौरान जूही केस जीत गई। जब वह घर पहुंची तो उसने अपने पापा से कहा, "डैड, ये रही हमारी जमीन।" अरुण शर्मा ने जूही को गले से लगा लिया। उन्होंने कहा, "मैं तुम्हें जमीन वापस मिलने की खुशी में नहीं, बल्कि तुम्हारी आखिरी दलील सुनकर गले लगा रहा हूं।" जूही की आखिरी दलील थी: "जज साहब, उन बच्चों को भी सजा मिलनी चाहिए जो अपने माता-पिता की मेहनत और प्यार को भूलकर उन्हीं के खिलाफ खड़े हो जाते हैं। जो उस डाल को काटने लगते हैं जिसने उन्हें फल-फूलने का मौका दिया।" अरुण शर्मा ने जूही के साहस और समझदारी को सराहा, और उन्हें अपनी बेटी पर गर्व हुआ। ******

  • मेच्योर लव स्टोरी

    सरिता जायसवाल चालीस पार की एक महिला और एक पुरुष पास-पास ही रहते थे, दोनों अकेले थे। दोनों दोस्त हो गये और साथ समय बिताने लगे, एक दूसरे को पसंद करने लगे। बैंक कर्मचारी वरुण फ्लैट किराये पर लेकर अकेला रहने आया। उसकी उम्र 41 साल, कद 5 फुट 7 इंच लम्बा, गेहुंआ रंग और फिट शरीर था। वरुण के सामने वाले फ्लैट में एक महिला रहती थी, पर कभी बात नहीं हुई। वही महिला वरुण के बैंक में खाता खुलवाने आयी। आधार कार्ड से पता चला- नाम मीनाक्षी, उम्र 50, उनकी और वरुण की मातृभाषा एक है। वरुण ने मातृभाषा में बात की - मीनाक्षी जी, खाता खोलने में दो दिन लगेंगे। दो दिन बाद वरुण ने मीनाक्षी को बताया- पासबुक, चेक बुक, तैयार है। उनके बीच थोड़ी बात हुई, वरुण ने मीनाक्षी को ध्यान से देखा। मीनाक्षी का चेहरा सुन्दर था, भरा बदन, गेहुंआ रंग, उनकी आंखें बहुत सुन्दर थी, उनके नाम मीनाक्षी (मछली जैसी आँखों वाली) के नाम के अनुरूप। करीब 5 फुट लम्बी। मीनाक्षी की आवाज़ मधुर थी, वह बात सलीके से करती थी। अगली शाम वरुण ने चाय बनाते समय देखा दूध फट गया है। वरुण ने मीनाक्षी की कालबेल बजाई मीनाक्षी ने दरवाज़ा खोला। वरुण- आप मुझे थोड़ा दूध दे सकती हैं? चाय बनानी है। मेरी रसोई में दूध खराब हो गया है।

  • पुत्र की भूल

    डॉ. कृष्ण कांत श्रीवास्तव एक बार पिता और पुत्र जलमार्ग से यात्रा कर रहे थे, और दोनों रास्ता भटक गये। वे दोनों एक जगह पहुँचे, जहाँ दो टापू आस-पास थे। पिता ने पुत्र से कहा, अब लगता है हम दोनों का अंतिम समय आ गया है। दूर-दूर तक कोई सहारा नहीं दिख रहा है। अचानक उन्हें एक उपाय सूझा, पिता ने पुत्र से कहा कि वैसे भी हमारा अंतिम समय नज़दीक है तो क्यों न हम ईश्वर की प्रार्थना करें। उन्होने दोनों टापू आपस में बाँट लिए। एक पर पिता और एक पर पुत्र, और दोनों अलग-अलग ईश्वर की प्रार्थना करने लगे। पुत्र ने ईश्वर से कहा, हे भगवन, इस टापू पर पेड़-पौधे उग जाए जिसके फल-फूल से हम अपनी भूख मिटा सकें। प्रार्थना सुनी गयी, तत्काल पेड़-पौधे उग गये और उसमें फल-फूल भी आ गये। उसने कहा ये तो चमत्कार हो गया। फिर उसने प्रार्थना की, एक सुंदर स्त्री आ जाए जिससे हम यहाँ उसके साथ रहकर अपना परिवार बसाएँ। तत्काल एक सुंदर स्त्री प्रकट हो गयी। अब उसने सोचा कि मेरी हर प्रार्थना सुनी जा रही है, क्यों न हम ईश्वर से यहाँ से बाहर निकलने का रास्ता माँगे? उसने ऐसा ही किया। उसने प्रार्थना की, एक नाव आ जाए जिसमें सवार होकर हम यहाँ से बाहर निकल सकें। तत्काल नाव प्रकट हुई, और पुत्र उसमें सवार होकर बाहर निकलने लगा। तभी एक आकाशवाणी हुई, बेटा तुम अकेले जा रहे हो? अपने पिता को साथ नहीं लोगे? तो पुत्र ने कहा, उनको छोड़ो, वो इसी लायक हैं, प्रार्थना तो उन्होंने भी की, लेकिन आपने उनकी एक भी नहीं सुनी। शायद उनका मन पवित्र नहीं है, तो उन्हें इसका फल भोगने दो ना? आकाशवाणी कहती है – बेटा, क्या तुम्हें पता है, कि तुम्हारे पिता ने क्या प्रार्थना की? पुत्र बोला नहीं। तो सुनो, तुम्हारे पिता ने एक ही प्रार्थना की, कि हे भगवन, मेरा बेटा आपसे जो माँगे, उसे दे देना। आकाशवाणी सुनकर पुत्र बड़ा लज्जित हुआ और उसने जीवन में ऐसी गलती दोबारा ना करने की प्रतिज्ञा की। यहां ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह हम सबको इस लायक बनाएं कि हम अपने माता-पिता के साये में हमेशा हँसते मुस्कराते रहें। ******

  • तोते का पिंजरा

    राम शंकर कुशवाहा एक बार गुप्ता जी को अपने ही गांव के मुखिया जी के यहां दावत पर जाना था। बेचारे गुप्ता जी इसके लिए बड़े उत्साहित थे और खुश भी । उस वक़्त जमाना पुराना था, बिजली, बल्ब, स्ट्रीट लाइट वगैरह तब हर इलाक़े, गांव या कस्बे में नहीं हुआ करती थी। उन्होंने सोचा कि आज तो बहुत देर रात तक शेरोशायरी, मौसिकी और शराब की महफ़िल जमेगी, इसलिए अंधेरे में घर लौटने में दिक्कत हो सकती है तो क्यूँ न घर से अपना लालटेन भी साथ लेकर चलें। फिर जैसा कि उन्होंने सोचा था, महफ़िल वैसी ही बहुत देर रात तक चली। गुप्ता जी जैसे तैसे नशे में टुन्न होकर घर लौटे। बेचारे अपने घर आकर दोपहर तक सोते रहे। शाम को उनकी गांव के मुखिया जी से मुलाकात हुई तो उन्होंने गुप्ता जी से कहा,"जनाब, हमारे आने से आपके आराम में कहीं कोई खलल तो नहीं पड़ा न?" गुप्ता जी:- जी नहीं मुखिया जी...बिलकुल भी नहीं, कहिए, कैसे याद किया....? मुखिया जी :- कैसी रही कल की दावत? रात के अंधेरे में घर पहुंचने में कोई तकलीफ तो नहीं हुई न आपको? गुप्ता जी : "साहब, कैसा अंधेरा? लालटेन तो थी मेरे पास औऱ रही बात दावत की तो वो तो बहुत ही उम्दा थी। महफ़िल तो और भी बेहतरीन थी।" मुखिया जी :"जी शुक्रिया! वो मैं कह रहा था कि यदि आपको क़भी मेरे घर तरफ़ आना हुआ तो अपनी लालटेन लेते जाइयेगा .....और जो कल रात नशे में आप हमारे घर से तोते का पिंजरा उठा ले आए थे, वो फ़िलहाल मुझें लौटा दीजिए। *****

  • एक कप कॉफी

    सरोज रावत   ग्रेजुएशन की पहली साल में ही शैली की शादी हो गई। उसका पति कुनाल और परिवार के सभी लोग बड़े प्यारे और खुले विचारों के थे। जब शैली की शादी तय हुई थी, तभी उसकी सास ने खुल के कह दिया था, “बेटा! शादी भले ही हो जाये, पर तुम अपनी पढ़ाई-लिखाई कभी मत छोड़ना। जितना चाहो उतना आगे बढ़ना।” ससुराल में पहले दिन से ही सब उससे ऐसे बर्ताव करते, जैसे वो यहां जाने कितने सालों से रह रही है। हर चीज़ में उसकी राय ली जाती और उसकी पसंद को महत्व दिया जाता। सच कहूं तो शैली का ससुराल ऐसा था, जैसे ससुराल का सपना हर लड़की देखती है, पर हकीकत में सबकी किस्मत शैली जैसी नहीं होती।

  • मित्र की मदद

    मुकेश ‘नादान’ बी.ए. की परीक्षा के लिए फीस जमा करने का समय आ गया था। सबके रुपयों की व्यवस्था हो गई थी। केवल चोरबागान के गरीब मित्र हरिदास की व्यवस्था नहीं हो पाई थी। वह फीस जमा नहीं कर सका। इसके अतिरिक्त एक वर्ष का शुल्क भी बाकी थी। निश्चय ही इस प्रकार की विशेष अवस्था में रुपए माफ कर देने की भी व्यवस्था थी, और उसका भार राजकुमार नामक कॉलेज के एक वृद्ध किरानी पर था। हरिदास चट्टोपाध्याय ने देखा कि किसी भाँति परीक्षा-शुल्क तो दिया जा सकता है, किंतु कॉलेज का मासिक शुल्क देना असंभव है। लेकिन राजकुमार बाबू दयाशील के रूप में जाने जाते थे, भले ही नशाखोर के रूप में उनकी थोड़ी बदनामी थी। सब सुनकर नरेंद्र ने हरिदास को भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा। दो-एक दिन के बाद जब राजकुमार बाबू की मेज पर काफी भीड़ लग गई और एक के बाद एक लड़के रुपए जमा कर रहे थे, तब नरेंद्रनाथ ने भीड़ को ठेलते हुए आगे जाकर राजकुमार बाबू से कहा, “महाशय, लगता है, हरिदास मासिक शुल्क दे नहीं सकेगा। आप थोड़ी कृपा कर उसे माफ कर दें। उसे परीक्षा देने के लिए भेजने पर वह अच्छी तरह पास करेगा, और नहीं भेजने पर सब बेकार हो जाएगा।” राजकुमार ने मुँह बनाकर कहा, “तुझे धृष्टतापूर्वक पैरवी करने की जरूरत नहीं है। तू जा, अपने चरखे में तेल देने जा। मासिक शुल्क नहीं देने पर मैं उसे परीक्षा नहीं देने दूँगा।” धमकी खाकर नरेंद्र वापस आए। मित्र भी हताश हुए। तथापि नरेंद्र ने भरोसा देकर कहा, “तू हताश क्यों होता है? वह बुड्ढा यूँ ही धमकी देता है। मैं कहता हूँ, तेरा उपाय अवश्य कर दूँगा, तू निशंचित रह।” इधर नरेंद्र घर न जाकर एक अफीम के अड्डे पर गए। पता लगाया कि राजकुमार अभी भी नहीं आए हैं। नरेंद्र तब अपने शरीर को ढककर एक गली में हेदो की ओर स्थिर दृष्टि से देखने लगे। शाम का अँधेरा जब और घना हो गया, तब राजकुमार को अफीम सेवन करने वालों के अड्डे की ओर चोरी-चोरी आते देखा। अकस्मात्‌ नरेंद्र गली के मुँह पर आकर राजकुमार के रास्ते के आगे खड़ा हो गया। नरेंद्र को देखते ही बूढ़े को लगा कि विपदा आ गई। तथापि सहजभाव से उन्होंने पूछा, “क्या रे दत्त, यहाँ क्यों? ” नरेंद्र ने हरिदास की प्रार्थना फिर दुहराई और साथ-साथ यह भय भी दिखाया कि प्रार्थना मंजूर नहीं होने पर अफीम की गोली के अड्डे की बात कॉलेज में प्रचारित कर दूँगा। बूढ़े ने तब कहा, “बच्चा, क्रोध क्यों करता है? तू जो कहता है, वही होगा। तू जो कहता है तो क्या मैं उसे नहीं करूँगा? ” नरेंद्र ने तब जानना चाहा कि यदि यह उनका वास्तविक मनोभाव है तो सुबह ही यह कहने में क्या आपत्ति थी? बूढ़े ने समझा दिया कि उस समय माफ करने से उसका उदाहरण देकर दूसरे लड़के भी ऐसा ही करने लगते। किंतु कॉलेज का मासिक शुल्क माफ होने पर भी परीक्षा शुल्क माफ नहीं होगा, वह देना ही होगा। नरेंद्र ने भी सहमति प्रकट कर विदा ली। इधर नरेंद्र की आँख से ओझल होते ही राजकुमार थोड़ा इधर-उधर देखकर अफीम की गोली के अड्डे में घुस गए। हरिदास का निवास-स्थान चोरबागान के भुवनमोहन सरकार की गली में था। सूर्योदय के पहले ही नरेंद्र ने अपने मित्र के घर आकर दरवाजे को थपथपाया और गाना शुरू किया- भावार्थ-निर्मल-- पावन उषाकाल में आओ तन्मय ध्यान करो पूर्ण ब्रह्म का, जो है अनुपम चिर अनंत महिमा आगार। 'उदयाचल के शुभ भाल पर जिनकी प्रेमानन-छाया बालारुण बनकर शोभित है देखो ज्योतिर्मय साकार। इस शुभ दिन में मधु समीर बहता है कर उनका गुणगान और ढालता रहता अहरह वह मधुर अमृत की धार। सब मिल-जुलकर चलो चलें भगवत्‌ के दिव्य निकेतन में हृदय-थाल में आज सजाकर अपने अमित प्रेम-उपहार। इसके बाद हरिदास को कहा, “ओ रे, खूब आनंद करो, तुम्हारा कार्य सिदूध हो गया है। मासिक शुल्क के रुपए अब तुम्हें नहीं देने होंगे।” इसके बाद उस शाम की कथा सुनाकर सबको हँसने पर विवश कर दिया। ******

  • शिकायतों का कबाड़ा

    सुमन रायजादा काफी देर बेल बजने के बाद अंजलि ने बड़े बेमन से जाकर दरवाजा खोला। शेखर घर में इंटर होते ही सोफे पर जाकर बैठ गए। सुबह की घटना चलचित्र की भाँति दिमाग में चलने लगी। शेखर की गलती सिर्फ इतनी थी कि अंजलि की सहेली सिखा को अपने घर आने के लिए मना कर दिया था। क्योंकि उसे लगता था कि पड़ोसियों की बातें आकर के शेयर करती हैं। जिससे अंजली सुनकर व्यथित होती है और उसके ऊपर बुरा असर पड़ रहा है। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई थी कि अंजलि ने मायके जाने का निर्णय ले लिया। शेखर कुछ नहीं बोला और ऑफिस निकल गया था। घर पर अंजली अपनी तैयारी पूरी कर चुकी थी। शेखर ने बहुत मनाने की कोशिश की पर अंजली नहीं मानी और जाने लगी। शेखर ने बोला अगर तुम नहीं मानती हो तो कोई बात नहीं, कहीं भी जाते समय बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं। तुम जाओ और माता पिता का आशीर्वाद ले लो। मैं तब तक गाड़ी निकालता हूं।

  • बांझ

    लक्ष्मी कुमावत रचना को अब यहां घुटन हो रही थी। उस रिपोर्ट को हाथ में लिए वो सदमे में पिछले आधे घंटे से खड़ी हुई थी। उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि उसके साथ इतना बड़ा धोखा हो रहा है। उसका पति मयंक उसके साथ इतना कुछ कर गया। उसे उसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। कहाँ तो वो दुनिया भर के ताने मयंक के प्यार में भुला देती थी। और कहाँ ये रिपोर्ट? मयंक का प्यार केवल छलावा भर था। क्या सच है क्या झूठ, उसे अभी भी समझ में नहीं आ रहा था। पर इस बात को वो मयंक के मुंह से ही सुनना चाहती थी। लेकिन वो तो अपने परिवार वालों के साथ अपनी छोटी बहन सावी की सगाई में गया हुआ था उसे अकेला यहां छोड़कर। क्योंकि अभी थोड़ी देर पहले काफी हंगामा हुआ था। बरबस ही उसे वो दिन याद हो आया जब पाँच साल पहले वो मयंक की दुल्हन बनकर इस घर में आई थी। दोनों की ही अरेंज कम लव मैरिज थी। लव मैरिज जब मजबूरी में अरेंज की जाती है तब जाहिर सी बात है कि ससुराल वालों के दिल में बहू को जगह बनाने में वैसे भी बहुत देर लगती है। शादी कर रचना जब ससुराल आई तो ससुराल में सास मालिनी जी, ननद सावी, देवर सुदेश और पति मयंक ही था। घर में सास मालिनी जी का रुतबा था। मजाल है उनके सामने दोनों बेटे कुछ कह जाए। पर रचना ने अपनी तरफ से कहीं कोई कमी नहीं छोड़ी। अपनी तरफ से उसने हमेशा ससुराल वालों को खुश करने की कोशिश ही की। लेकिन ससुराल वालों को कभी खुश ना होना था, ना वो लोग हुए। और इस आग में घी का काम रचना के माँ न बनने ने पूरी तरह से किया। शादी के दो तीन साल तक तो मयंक खुद ही बच्चा नहीं चाहता था। लेकिन एक साल पूरा होते होते तो मालिनी जी ने बच्चें की रट लगा दी। उनका बच्चे के लिए इतना मन देखकर आखिर मयंक फैमिली प्लान करने को तैयार हुआ। लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद भी रचना कनसीव नहीं कर पाई। इन्हीं कोशिशें में दो साल और निकल गए। साथ ही साथ मालिनी जी के ताने भी तेज होते गए। तब डॉक्टर के कहने पर दोनों ने अपना पूरा मेडिकल चेकअप करवाया। पहले तो मयंक तैयार ही नहीं हुआ। और ना ही मालिनी जी इसके लिए तैयार थी। उनके अनुसार तो कमी रचना में ही थी। बड़ी मुश्किल से मयंक राजी हुआ था। लेकिन जब रिपोर्ट आई तो पता चला कि कमी रचना में ही थी। हालांकि रचना ने रिपोर्ट नहीं देखी थी। उसने तो बस मयंक की बातों पर विश्वास किया था। बस तब से मालिनी जी ने मयंक की दूसरी शादी की बात शुरू कर दी। हालांकि मयंक कभी भी इसके लिए तैयार नहीं हुआ। उसने बच्चा गोद लेने के लिए भी कहा लेकिन मालिनी जी तैयार नहीं हुई। अब तो देवर सुदेश की भी शादी हो चुकी थी और देवरानी नेहा ने दो महीने बाद ही खुशखबरी सुना दी। बस फिर क्या था? तानों का वार और तेज होता गया। एक दिन ऐसा नहीं जाता था जब मालिनी जी उसके दिल के टुकड़े-टुकड़े ना कर देती। लेकिन हर बार मयंक उसके साथ खड़ा हो जाता। बस यही उसके लिए सुकून के पल होते थे। कुछ ही दिनों बाद मालिनी जी ने रचना का कमरा ऊपर वाले फ्लोर पर कर दिया। साथ ही एक छोटी रसोई भी बनवा दी। ये कहकर की कि वो रचना का साया नेहा पर नहीं पड़ने देगी। आज देवरानी का बेटा भी एक साल का हो चुका है लेकिन मजाल हैं कि मालिनी जी ने आज तक उस बच्चे को रचना को हाथ तक लगाने दिया हो। आज सावी की सगाई थी। खास ननद की सगाई थी लेकिन ये बात उसे पड़ोस में से पता चली। सुबह जब सब लोग घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे तो रचना वहां पहुंच गई। और सबसे पहला सवाल मालिनी जी से ही किया, "मम्मी जी आपने बताया तक नहीं कि आज सावी की सगाई है। क्या मैं इस घर की सदस्य नहीं हूं। मुझे जानने का हक नहीं है?" लेकिन मालिनी जी ने रचना की तरफ देखने की जगह मयंक से सवाल किया, "तूने बताया नहीं इसे?" इतने में मयंक रचना के पास आया और उसे ऊपर ले जाते हुए बोला, "रचना अभी ये सब बातें छोड़ो। चलो, ऊपर चलो" "नहीं मयंक, ये गलत है। मुझे पड़ोसियों से पता चल रहा है कि सावी की सगाई है। मैं भी तो भाभी हूं उसकी। ले जाना तो दूर की बात है। मैं ये बात जानूँ, क्या ये मेरा हक नहीं है" इतने में मालिनी जी गुस्सा होते हुए बोली, "आज खुशी का दिन है। और मैं चाहती हूँ कि मेरी बेटी की झोली आशीर्वाद से भरे। अपनी बेटी पर तेरा साया नहीं चाहती थी इसलिए तुझे नहीं बताया" "मां अब बस भी करो ना। मैं रचना को लेकर जा तो रहा हूं। फिर क्यों बोले जा रही हो आप" मयंक का रचना का साथ देना मालिनी जी को अच्छा नहीं लगा तो वो मयंक को सुनाते हुए बोली, "हां तू ही साथ दे इसका। एक बार मेरी बेटी की शादी हो जाने दे। उसके बाद तो इसका इस घर से हमेशा हमेशा के लिए किस्सा ही खत्म करुँगी। मैं तेरी दूसरी शादी करवा कर ही रहूँगी। पता नहीं तू क्यों झेल रहा है इस बाँझ।। " "बस करो मां। एक शब्द भी नहीं बोलोगी आप" अचानक मयंक बोला तो मालिनी जी चुप हो गई। मयंक रचना का हाथ पकड़ कर उसे ऊपर लेकर आ गया। रचना की आंखों से आंसू बहे जा रहे थे। मयंक उसे समझाते हुए बोला, "बस, इसीलिए मैं तुम्हें नहीं बता रहा था। मैं जानता था कि तुम्हें दुख होगा। क्योंकि माँ तुम्हें ले जाने को तैयार नहीं होगी। देखो रचना, मेरी बात को समझो। बड़ा भाई होने के नाते मुझे तो जाना ही पड़ेगा। पर मैं तुम्हारा दिल नहीं तोड़ना चाहता था। इसलिए तुम्हें नहीं बताया। प्लीज, मेरी बात को समझो" मयंक अपनी बात समझाते हुए बोला। खूब देर तक उसे चुप कराने की कोशिश करता रहा। तभी नीचे से मालिनी जी की आवाज आई, "मयंक जल्दी चलो, देर हो रही है। लड़के वाले आ गए होंगे" सुनकर मयंक ने रचना को कहा, "रचना, देखो मुझे अपनी जिम्मेदारी तो निभानी ही पड़ेगी ना। प्लीज तुम रो मत। अगर तुम इसी तरह रोती रहोगी तो मेरा दिल नहीं लगेगा। और अगर तुम चाहती हो तो मैं भी नहीं जाऊंगा। मैं तुम्हारे पास ही बैठ जाता हूं" कह कर मयंक वही पलंग पर बैठ गया। उसे वहां ऐसे बैठे देखकर रचना के चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई। वो अपने आंसू पोछते हुए बोली, "मैं भला कौन होती हूं एक भाई को अपनी बहन की सगाई में जाने से रोकने वाली। मैं सावी के इतने खूबसूरत दिन को खराब नहीं करूंगी। तुम जाओ। मैं नहीं रो रही हूं" कहते हुए रचना ने मयंक को वहां से विदा किया।मयंक को विदा करने के काफी देर तक रचना यूं ही चुपचाप बैठी रही। फिर पता नहीं क्या सोचकर अलमारी की सफाई करने लगी। उस अलमारी की सफाई जिसे मयंक कभी हाथ तक नहीं लगाने देता था। काफी दिन से मयंक अलमारी की सफाई करने के लिए कह रहा था। सो रचना ने सोचा कि मयंक को तो वक्त मिल नहीं रहा है, इसलिए वो ही इसे साफ कर देगी। और अलमारी की सफाई करते समय ये रिपोर्ट वाली फाइल उसके हाथ लगी। बस तब से रचना यूं ही शाॅक होकर बैठी हुई है। कुछ सोच कर रचना उठी और घर को लॉक कर बाहर निकल गई। कुछ देर बाद सब लोग घर पर आ गए तब तक रचना भी घर आ गई। जब रचना वापस घर आई तो मयंक ने उसे देखकर कहा, "रचना कहां गई थी तुम?" उसे देखकर रचना को बात करने की इच्छा नहीं हो रही थी। पर फिर भी बोली, "डॉक्टर के पास गई थी। मन कुछ खराब हो रहा था" "क्या कहा डॉक्टर ने?" मयंक ने फिक्र जताते हुए कहा।  "डॉक्टर ने कहा कि मैं मां बन सकती हूं। मुझ में कोई कमी नहीं है। इसलिए आते समय रास्ते में से मिठाई लेकर आई हूं" कहते हुए रचना मिठाई का डिब्बा लेकर मयंक के पास आई और उसे खोलकर मयंक का मुंह मीठा कराने लगी। पर मयंक ने उसका हाथ रोकते हुए कहा, "पर रचना। वो पिछली मेडिकल रिपोर्ट तो।।।" "अरे हां, वो मेडिकल रिपोर्ट। उस रिपोर्ट में तो कहीं नहीं लिखा था कि मैं माँ नहीं बन सकती। है ना मयंक?" रचना ने प्रश्न भरी नजरों से मयंक की तरफ देखा। तब तक मालिनी जी बोली, "अब चाहे तू कुछ भी तमाशा कर ले। तू इस घर में नहीं रहेगी। अब तो मैं अपने बेटे की दूसरी शादी कर के ही रहूंगी। तेरे जैसी बाँझ को तो इस घर में मैं बिल्कुल ना रहने दूँ" "बाँझ?? आज ये शब्द चुभ नहीं रहा मुझे। जानते हो क्यों मयंक? क्योंकि आज तुम्हारी रिपोर्ट मेरे हाथ में आई। ये बाँझ शब्द तो उस 'धोखे' से बहुत छोटा है जो तुम मेरे साथ कर रहे थे। तुम्हारी मां मुझ पर तानों के वार पर वार किये जा रही थी और तुम? तुम चुपचाप सुने जा रहे थे। मुझे लगा था कि तुम मेरा साथ दे रहे हो। तुम मुझे अकेला कभी नहीं छोड़ोगे।लेकिन सबसे पहले अकेला तो तुमने छोड़ा मुझे। बस अब और नहीं" "रचना मुझे माफ कर दो। मुझसे हिम्मत ही नहीं हुई कि मैं सबके सामने सच्चाई ।।।" मयंक कहते-कहते चुप हो गया। "तू क्यों उससे माफी मांग रहा है? इसके जैसी बहुत आएगी। जाने दे इसे। तेरे लिए मैं एक से बढ़कर एक रिश्ते लेकर आऊँगी " "बिल्कुल लाइए मां जी, बिल्कुल लाइए। अपने बेटे की दूसरी शादी करवाईए। पर उससे भी कुछ नहीं होने वाला। क्योंकि आपका बेटा ही पिता नहीं बन सकता" रचना की बात सुनकर मालिनी जी ने मयंक की तरफ देखा। मयंक गर्दन झुकाए खड़ा हुआ था। मालिनी जी को समझते देर नहीं लगी कि आखिर मयंक किस बात की माफी रचना से मांग रहा है। ये देखकर वो अपनी बात पलटते हुए बोली, "बहु ठीक है, मयंक से गलती हो गई। अब तू क्या बात पकड़ कर बैठी हुई है। बच्चा नहीं हो सकता तो बच्चा गोद लिया जा भी सकता है" "अरे वाह माँ जी, बहुत जल्दी बात पलटना तो कोई आपसे सीखे। बहु बाँझ है तो दूसरी बहू आ जाएगी। लेकिन बेटा बच्चा पैदा नहीं कर सकता तो बच्चा गोद ले लेंगे। क्यों? मुझे ये फैसला मंजुर नहीं है। मुझे इस धोखे से भरे हुए रिश्ते से छुटकारा चाहिए" कहकर रचना अपने कमरे में अपना सामान लेने चली गई। मालिनी जी ने उसे खूब रोकने की कोशिश की पर रचना नहीं रुकी। और आखिर ये रिश्ता यहीं खत्म हो गया। *****

  • कशक

    अजीत अस्थाना मेरी और रमन की शादी शुदा जिंदगी खुशहाल थी। घर में कोई कमी नहीं थी। सास, ससुर और एक देवर का मेरा छोटा सा संसार था। रमन एक मल्टीनेशनल कंपनी में अधिकारी थे। अच्छी तनख्वाह और सारी सुख सुविधा थी। रमन मुझे दिलो जान से चाहते थे। शादी के डेढ़ वर्ष बीतते बीतते हम एक पुत्र के मां, बाप हो गए। पोते को पा कर उसके दादा, दादी, चाचा सभी खुश थे। उनका परिवार दरभंगा में रहता था। मैं, रमन और बेटा राजू के साथ उनकी नौकरी पर पटना में रहते थे। मेरा मायका बनारस में था। रमन हर दूसरे दिन हम दोनों को बाहर घुमाने फिराने ले जाते। अक्सर हम होटल में ही रात का खाना खाते। सच मूच मुझे दुनिया की सारी खुशीयां मिल गई थी। सच ही कहते हैं, मां, बाप की पसंद और मर्जी से किए फैसले अच्छे होते हैं। सब कुछ ठीक ठाक था। मगर अक्सर जब सब अच्छा होता है तब कभी-कभी बुराई का आगाज भी हो जाता है। एक दिन रमन ऑफिस से आए तो हमेशा की तरह खुश नही थे। उनके चेहरे की परेशानी देख कर मुझे फिक्र होने लगी। वह जब भी घर लौटते तो सब से पहले मुझे ढूंढते फिर राजू के साथ खेलने लगते। मगर उस दिन ऐसा नहीं हुआ। रमन अपना बैग सोफा पर रख कर चुप चाप बैठ गए। मुझे चिंता हुई तो वजह पूछने पर "कुछ नहीं" कह कर कमरे में चले गए। मै समझी कि ऑफिस की कोई परेशानी होगी। मैने रोज की तरह चाय बनाई और ले कर उनके कमरे में गई। पलंग पर बिना कपड़ा बदले चुपचाप पड़ा देख कर मुझे ज्यादा चिंता होने लगी। इस तरह परेशान हाल मैंने इन्हें कभी नही देखा था। मैंने चाय उनकी ओर बढ़ायी तो बिना मेरी ओर देखे कहा "रख दो टेबल पर" मुझे इनका व्यवहार अजीब सा लगा। कारण पूछने पर झुंझलाते हुए कहा "मुझसे बार बार मत पूछो। जब बताना होगा तो बता दूंगा" मुझे आगे कुछ भी पूछने की हिम्मत नहीं हुई। मैं किचन में चली आई। एक घंटे बाद सोए हुए राजू को कमरे में ले कर आई, तब तक वह सो चुके थे। मैने खाने के लिए उठाया, मगर उन्होंने कह दिया कि भूख नहीं है। मैं काफी देर तक चिंतित रही। पता नही मुझे कब नींद आ गई। सुबह देर से मेरी नींद खुली। रमन बिना मुझे जगाए पता नहीं कब ऑफिस चले गए थे। मैं दिन भर परेशान हाल, शाम होने का इंतजार करती रही। मैने सोच रखा था कि शाम को उनके परेशानी की वजह पूछ कर ही रहूंगी। शाम को वह देर से लौटे। उन्हें चाय दे कर सामने बैठ गई और परेशानी की वज़ह जानने की जिद करने लगी। मेरी जिद पर रमन गौर से मेरी आंखों में देखने लगे। उस दिन उनकी आंखों में देख कर मैं सिहर उठी थी। इनकी आंखों में इतनी बेचैनी मैने पहले कभी नही देखी थी। बार-बार पूछने पर उन्होंने उल्टा मुझसे सवाल किया "शादी से पहले पंकज से तुम्हारा क्या रिश्ता था...?” यह सुनते हीं मेरा सर चकराने लगा। मेरे हाथ पांव कांपने लगे। मेरी जुबान सिल गई। उनकी घूरती आंखों का सामना करने की मेरे अंदर हिम्मत खत्म हो चुकी थी। मेरी समझ में नहीं आ रहा था कि रमन के सवाल का क्या जवाब दूं..? वह लगातार मुझे घूर रहे थे। मैं ऊतना ही नर्वस हो रही थी। मुझे खामोश देख कर उनके होठों पर एक कुटिल मुस्कान उभरी। उन्होंने कहा "शायद सच बोलने की हिम्मत तुम्हारे अंदर खत्म हो गई है न..?" रमन मेरे पास से उठे और घर से बाहर निकल गए। मैं पत्थर की तरह सोफा पर जम सी गई। राजू सो गया था। घर के अंदर का सन्नाटा मुझे और ज्यादा भयभीत कर रहा था। मैं सोचने लगी कि अचानक पंकज की बात पूछने की क्या वजह होगी। शादी के तीन साल बाद अचानक पंकज का जिक्र हमारे बीच आ जाने से मैं डर सी गई थी। कहते हैं न कि हर डर के पीछे कोई न कोई छुपी वजह जरूर होती है। मुझे पहले डर हुआ करता था क्योंकि मेरे मायके के रिश्तेदार और वहां के पास पड़ोस के लोग जब भी काम से पटना आते तो रमन से ऑफिस में मिल कर जाते। इस लिए मैं हमेशा चौकस रहती। यह सच है कि शादी से पहले मैं पंकज को पसंद करती थी। पंकज भी मुझे चाहते थे। मेरे पड़ोस में रहने वाला पंकज एक अच्छा लड़का था। वह सुंदर था और पढ़ाई में अव्वल भी था। उसमें हर वह बात थी जिससे कोई भी लड़की आकर्षित हो सकती थी। हम दोनों दिल ही दिल में एक दूसरे को पसंद करते थे। मगर हमने अपने दिलों की बात एक दूसरे पर कभी भी जाहिर नहीं किया था। पड़ोसी होने के कारण हमारा राफ्ता हमेशा होता। हम एक दुसरे के काम भी आते। एक दूसरे का ख्याल भी रखते। हम दोनों एक दूसरे के जज़बाद की परवाह भी करते। दोस्तों में हमारी पसंदगी की चर्चा भी होती। मगर हम दोनों एक दूसरे से प्यार का इजहार नहीं कर पाए थे। या यूं समझे की हमारी हिम्मत नहीं हुई थी। मुहल्ले में भी लोग हम दोनों को शक की नजर से देखते थे। मगर हम कभी भी एक दुसरे के सामने अपने प्यार का इजहार नहीं कर पाए। उसका मुख्य कारण था, हमारे परिवारों का संस्कारी होना। हम दोनों को अपने माता, पिता की भावनाओं का हमेशा और खुद से ज्यादा परवाह होती। कई बार हमें मौका भी मिला जब अपने प्यार का इजहार कर सकते थे। मगर संस्कारी परवरिश और परिवार की इज्जत ने हमें ऐसा करने से रोक दिया था। इसी बीच मेरे घर वालों ने मेरा रिश्ता रमन से तय कर दिया। जिस दिन मेरी शादी की तारीख तय की गई, उस दिन पंकज ने हिम्मत दिखाई और अपने प्यार का इजहार कर दिया। मगर उसके इस स्वीकारोक्ति में देरी होने तथा पापा के फैसले से इंकार करने की हिम्मत मुझमें नहीं होने के कारण, मैंने अपने दिल की बात पंकज से छुपा ली और प्यार से इंकार कर दिया। क्योंकि मैं जानती थी कि अगर मैं अपने दिल की सच्चाई उसे बता देती तो वह मर जाता। मेरे दिल में भी उसके लिए प्यार है, यह जान कर वह मेरी जुदाई बर्दाश्त नहीं कर पाता। इस लिए मैंने सच्चाई की छुपा लिया था। मेरी शादी हो गई। पंकज से बिछड़ने का दुख मुझे बहुत दिनों तक सताता रहा। मगर वक्त हर घाव को भर देता है। पति का प्यार, ससुराल का दुलार मुझे मेरे गम से बाहर निकलने में बहुत मदद की। मैं लगभग पंकज को भूल गई। कभी-कभी जब मायके जाती तब पंकज के बारे में जानकारी होती। वह मेरे लिए दीवाना हो गया था। अपनी जिंदगी बरबाद करने पर तुला था। यह सब जान कर मुझे दुख होता। मेरी वजह से उसकी जिंदगी खराब हो गई थी। मैं खुद को उसका गुनहगार समझती। क्या हो जाता अगर मैं पहले ही उसके प्यार को स्वीकार कर लेती और अपने घर वालों से अपनी इक्षा जाहिर कर के उससे शादी कर लेती..? फिर जब वापस रमन के पास लौटती तो कुछ दिन में पंकज को भूल जाती। मैं बेचैनी से रमन का इंतजार करती रही। काफी रात को वह लौटा। उनका चेहरा अब भी तमतमाया हुआ था। मैं उनके सामने गुनहगार की तरह महसूस कर रही थी। मैं समझ नहीं पा रही थी कि इस मुश्किल से किस तरह निकलूं। रमन ने कपड़े बदले और बिना खाए सोने चले गए। मैने भी खाना नहीं खाया था। पलंग पर हम दोनों खामोश पड़े थे। मैं बात करना चाहती थी क्योंकि बात करना ही इस मुश्किल का एक मात्र हल था। मगर रमन दूसरी ओर सर घुमाए पड़े थे। मुझे मालूम था कि उनकी आंखों में भी नींद नहीं थी। मैने हिम्मत कर के कहा "तुमने जो पूछा था, उसका जवाब सुनना नहीं चाहोगे...?” वह उसी तरह मुंह फेरे पड़े रहे। मैने फिर कहा "अगर तुमने सवाल किया है तो जब तक जवाब नहीं सुनोगे तो सवाल का क्या मतलब रह जाएगा..? मैं तुम्हारे हर सवाल का जवाब देना चाहती हूं, चाहे इसका परिणाम कुछ भी हो" मेरी इस बात का असर हुआ। रमन मेरी ओर मुड़ कर मुझे देखने लगे। मुझे अब भी उनकी घूरती आंखों में देखने में मुश्किल हो रही थी। मगर मुझे सामना तो करना ही था। मैने मुश्किल से कहना शुरू किया "पंकज मेरे पड़ोस में रहता है। हम लोग हमउम्र थे। एक पड़ोसी होने के नाते हमारा पारिवारिक संबंध था। हम लोगों का एक दूसरे के घर आना जाना था। इस संबंध के कारण पंकज के दिल में मेरे लिए कब आकर्षण हो गया, इसकी जानकारी मुझे नहीं थी। मेरी शादी जब तुमसे तय हो गई तब उसने मुझे प्रपोज किया था, जिसे मैने इंकार कर दिया था। अगर मेरे दिल में कुछ भी होता तो या तो मैं तुमसे शादी करने से इंकार कर देती या फिर तुम्हारे साथ खुशहाल जिंदगी नही जी पाती। तुम बहुत पहले मेरे दिल के अंदर के चोर को जान गए होते। क्या तुमने कभी भी मेरे प्यार में कभी या खोट महसूस किया था...? मेरी तरफ से बस यही सच है" मैने इतनी बातें एक ही सांस में कह दिया। क्योंकि मुझे किसी भी तरह अपने संसार को बचाना था। मैने जो कहा उसमे पंकज के तरफ का पक्ष, सच था किंतु मैंने अपने सच को छुपा लिया था। शादी से पहले जब पंकज ने अपने प्यार का इजहार किया था तब भी मैने उससे झूठ कह कर अपनी सच्चाई को छुपाया था। मेरी बात सुनने के बाद रमन ने कोई भी प्रतिक्रिया नही दी। और वह दूसरी तरफ मुंह फेर कर सो गया। मैं भी यह सोच कर सोने की कोशिश करने लगी कि हो सकता है रमन मेरी बात समझ कर सुबह ठीक हो जाएंगे। मगर ऐसा नहीं हुआ। शीशे में पड़े खरोच की तरह रमन के दिल में मेरे लिए खोट कम नहीं हुई। कई दिन हो गए, रमन खुल कर मुझ से बात नहीं करते। वह अपने जरूरत के हिसाब से ही बोलते। मुझे उनके व्यवहार से परेशानी होने लगी। इसी तरह दो महीने गुजर गए। मैं रमन के दिल से बात निकाल नहीं पाई। वह बात-बात में पंकज के नाम पर ताना देने लगे। यह मुझे बुरा लगता। एक समय ऐसा भी आया जब उनसे मेरी लड़ाई भी होने लगी। मेरे भी बर्दाश्त की कोई हद थी। रमन कई बार मुझे मायके छोड़ आने की धमकी देते। पहले मैं सुन कर रह जाती। मगर अब मैं भी बोलने लगी थी। मैने भी कहना शुरू कर दिया था कि मुझे मायके छोड़ दो। वह दिन भी आ गया जब मुझे पापा के पास जाने का निश्चय करना पड़ा। मैं उनके तानों से तंग आ गई थी। रमन ने एक बार भी मुझे रोकने की कोशिश नहीं की। सीधा ट्रेन का रिजर्वेशन टिकिट मेरे हाथ में थमा दिया। मैं भी जोश में थी सो चल पड़ी। मायके पहुंचने के बाद मैने पापा, मां से कुछ भी नहीं बताया। कहा कि बहुत दिनों से आप लोगों की याद सता रही थी, इस लिए आ गई। मुझे उम्मीद थी कि जल्द ही रमन का गुस्सा शांत होगा, उसे मेरी तथा राजू की कमी महसूस होगी तो खुद लेने आ जायेंगे। मायके में आने की खबर पंकज को मिल चुकी थी। वह मुझसे संपर्क करना चाह रहा था। एक दिन मेरी मुलाकात हो गई। उसकी हालत देख कर मेरा दिल रो पड़ा। उसने तो मेरे प्यार में दिवानगी पाल ली थी। उसे अब तक यकीन नहीं हुआ था कि मैं उससे प्यार नहीं करती थी। उसने इशारों-इशारों में कई बार मुझ से सच जानना चाहा, मगर मैं उसकी जिंदगी और अपनी शादी बचाने के लिए झूठ का सहारा लेती रही। मुझे पंकज का सामना करना मुश्किल होता जा रहा था। मैं चाहती थी कि वह मुझे भूल जाए। इसी तरह कई महीने बीत गए। ना रमन मुझे लेने आए, ना ही कभी फोन किया। पापा, मां को इतने दिन मुझे यहां रहने से चिंता होने लगी। वे बार=बार मुझे रमन को फोन कर के बुलाने को कहने लगे। मैं टालती रही। जल्द ही उन्हें शक हो गया। एक दिन पापा ने रमन को फोन कर दिया। रमन ने कठोरता से कह दिया कि उसे मेरी जरूरत नहीं है। अपनी बेटी को अपने पास ही रखें। रमन के रुखे जवाब से मां, पापा परेशान हो गए। एक दिन पंकज मिला तो उसने भी काफी महीने से पापा के पास रहने की वजह पूछ ली। मैने भी भावना में आ कर रमन के शक के बारे में बता दिया। पंकज को दुख हुआ। वह मेरी फिक्र से और ज्यादा चिंतित हो गया। उसे इस बात का अफसोस हो रहा था कि उसके एक तरफा प्रेम की भेट मेरी जिंदगी चढ़ गई थी। उसने इशारों=इशारों में कहा कि अगर मैं वापस रमन के पास लौटना नहीं चाहती या रमन कोई तरजीह नहीं दे रहा है तो वह मुझे मेरे बेटे के साथ खुशी-खुशी अपनाने के लिए तैयार है। मगर यह मुझे मंजूर नहीं था। भले हीं शादी से पहले मैं पंकज को चाहती थी, मगर शादी के बाद किसी गैर मर्द की कल्पना करना मेरे संस्कार में नहीं था। मैने पंकज के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। एक दिन अचानक पंकज ने बताया कि वह जल्द शादी करने वाला है। उसने यह भी बताया कि अगर मेरी जिंदगी मुश्किल में नहीं होती तो वह पूरी जिंदगी मेरी यादों के सहारे काट देता। अचानक एक दिन रमन का फोन आया। उसने बताया कि पंकज अपनी शादी का कार्ड ले कर शहर आया था। उसने रमन को यह कह कर कार्ड दिया कि "आप हमारे मुहल्ले के दामाद हैं, इसलिए वह खास तौर से उन्हें निमंत्रित करने आया है" मैं समझ गई कि पंकज ने यह कुर्बानी मेरे लिए ही दी थी। पंकज की शादी के रिसेप्शन में रमन खास तौर पर आए। उन्हें अब मेरी बात पर भरोसा हुआ था। स्टेज पर पंकज अपनी दुल्हन के साथ बैठा था। रमन और मैं दोनो को मिलने स्टेज पर गए। रमन और मुझ से मिलते वक्त पंकज के होठों पर तो मुस्कुराहट थी। मगर उसकी आंखों के दर्द को सिर्फ मैं ही पहचान रही थी। अगले दिन रमन जब लौटे तब साथ में मैं और राजू भी थे। रमन की जब भी मुझसे आंख मिलती, उसमें उसका अपराध बोध होता, मानो उसने मुझ पर शक कर के गलती कर दी हो। जहां उनके दिल में खुशी होती वहीं मेरा दिल बेजुबान होता। उसमें कहीं न कहीं पंकज के लिए कशक जरूर होती। ******

  • जीवन की सीख

    रमाशंकर द्विवेदी एक बार की बात है। एक खूबसूरत लड़की अपने शादी-शुदा जिंदगी से तंग आकर अपने जीवनसाथी की हत्या करना चाहती थी। एक सुबह वह दौड़कर अपनी मां के पास गई और बोली, "मां, मैं अपने पति से थक गई हूं, मैं अब उसको और उसकी बकवास का समर्थन नहीं कर सकती। मैं उसे मारना चाहती हूं, लेकिन मुझे डर है कि देश का कानून मुझे जिम्मेदार ठहराएगा, क्या आप मदद कर सकती हैं। मुझे मां?" माँ ने उत्तर दिया: - हां मेरी बेटी, मैं तुम्हारी मदद कर सकती हूं, और जरूर करूंगी, लेकिन, एक छोटा सा काम है जो तुम्हें करना होगा क्या तुम वो कर पाओगी। बेटी ने पूछा "कौन सा काम? आप बस कहो मैं उसे बाहर निकालने के लिए कोई भी काम करने को तैयार हूं।" ठीक है, माँ ने कहा, 1.   तुम्हें उसके साथ शांति बनानी होगी, ताकि उसके मरने पर किसी को तुम पर शक न हो। 2.  उसे जवान और आकर्षक दिखने के लिए आपको खुद को संवारना होगा। 3. तुम्हें उसकी अच्छी देखभाल करनी होगी और उसके प्रति बहुत अच्छा और सराहना पूर्ण व्यवहार करना होगा। 4. तुम्हें धैर्यवान, प्रेमपूर्ण और कम ईर्ष्यालु होना होगा, अधिक सुनने वाले कान होने चाहिए, अधिक सम्मानजनक और आज्ञाकारी होना चाहिए। 5. उसके लिए अपना पैसा खर्च करने होंगा और जब वह तुम्हें किसी भी चीज के लिए पैसे ना दे तो भी नाराज नहीं होना होगा। 6. उसके खिलाफ आवाज न उठाएं बल्कि शांति और प्रेम को प्रोत्साहित करें ताकि जब वह मर चुका हो तो भी किसी को तुम्हारे ऊपर कभी भी संदेह न हो। क्या तुम यह सब कर सकती हो? माँ से पूछा। हाँ जरूर मैं बिल्कुल कर सकती हूं। उसने जवाब दिया। ठीक है, माँ ने कहा। माँ ने उसे एक चूर्ण का पैकेट दिया और उसको जानकारी देते हुए कहा की इस चूर्ण को लेकर उसके प्रतिदिन के भोजन में थोड़ा सा मिला दें, इससे वह धीरे-धीरे मर जाएगा। 30 दिन बाद महिला अपनी मां के पास वापस आई और बोली। माँ, अब मेरा अपने पति को मारने का कोई इरादा नहीं है। अब तक मुझे उससे फिर से प्यार हो गया है क्योंकि वह पूरी तरह से बदल गया है, वह अब इतना प्यारा पति है जितना मैंने कभी सोचा था। उसने रोते-रोते अपनी माँ से कहा की मैं जहर से उसे मरने से बचाने के लिए क्या कर सकती हूँ? प्लीज़ मेरी मदद करो माँ। उसने दुःखी स्वर में विनती की। माँ ने उत्तर दिया; चिंता मत करो मेरी बेटी। उस दिन मैंने तुम्हें जो दिया वह सिर्फ टरमयुरिक पाउडर था। यह उसे कभी नहीं मारेगा। वास्तव में, कहीं न कहीं तुम ही वो जहर थीं जो धीरे-धीरे आपके पति को तनाव और वैराग्य से मार रही थी। जब तुमने उससे प्यार करना, उसका सम्मान करना और उसकी देखभाल करना शुरू किया, तो तुमने उसे खुद ही बचा लिया और साथ ही साथ अपना परिवार भी। ******

  • पति प्रेम

    अर्चना सिंह एक छोटे से गांव में एक पति थक हार कर घर लौटा और अपनी पत्नी से पानी मांगा। जब पत्नी पानी लेकर आई, तो पति गहरी नींद में सो गया। पत्नी ने अपने पति के प्रति प्रेम और करुणा के कारण पूरी रात उसके पास गिलास हाथ में लिए खड़ी बिताई, यह सोचते हुए कि अगर वह जाग जाए तो उसे तुरंत पानी दे सके। यह बात पूरे गांव में फैल गई और सम्राट ने उसे उसकी निस्वार्थ सेवा के लिए सम्मानित किया। सम्राट ने महसूस किया कि यह महिला प्रेम और सेवा की जीवंत मूर्ति है और उसकी संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। इस घटना से प्रेरित होकर पड़ोसी महिला ने भी रातभर अपने पति के पास गिलास लेकर खड़े होने का नाटक किया ताकि उसे भी सम्मान और पुरस्कार मिले। हालांकि, उसके अंदर प्रेम और निस्वार्थ भावना का अभाव था। सम्राट ने उसकी इस नकल और पाखंड को भांप लिया और उसे दंड दिया। उसने कहा कि करना और होना दो अलग बातें हैं। जब कर्म भावना से प्रकट होता है, तभी उसका मूल्य होता है। सम्राट ने स्पष्ट किया कि प्रेम, सेवा, भक्ति जैसी भावनाएं सिर्फ क्रियाओं से नहीं जानी जा सकतीं। इनका वास्तविक अर्थ तभी होता है जब वे हमारे हृदय में गहराई से महसूस हों। इस प्रकार की प्रामाणिकता ही सच्चा सम्मान और पुरस्कार प्राप्त कराती है। नकली कृत्यों से केवल बाहरी दिखावा किया जा सकता है, परन्तु ऐसे कृत्यों में वह आत्मिक ऊर्जा नहीं होती जो सच्चे भावों से उत्पन्न होती है। जीवन में भी हम अकसर दूसरों की नकल करते हैं या उनके तरीकों को अपनाने का प्रयास करते हैं, चाहे वह किसी धार्मिक आचरण में हो या जीवन के अन्य पहलुओं में। सार - प्रत्येक व्यक्ति को अपनी राह स्वयं बनानी चाहिए और अपने भावनात्मक स्तर पर ईश्वर से जुड़ना चाहिए। किसी और के तरीके या आचारण को अपनाने से केवल बाहरी दिखावा होता है और उस प्रामाणिकता का अभाव रहता है जो सच्चे प्रेम, भक्ति और सेवा के लिए आवश्यक होती है। *****

bottom of page