ज्योति दर्शन
मुकेश ‘नादान’
नरेंद्र के सोने की क्रिया भी अद्भुत थी। वे दूसरे लड़कों की तरह तकिए पर सिर रखते ही निद्राभिभूत नहीं हो जाते थे, उन्हें पट होकर सोने की आदत थी। इस अवस्था में सोने के लिए आँख मूँदते ही वे अपनी भौंहों के बीच में एक अपूर्व ज्योतिबिंदु देखा करते थे। वह बिंदु बढ़कर और विविध वर्षों में परिवर्तित होकर क्रमशः अंडे का आकार धारण कर लेता था तथा अकस्मात् फटकर तारों की भाँति बिखर जाता, अपनी शुभ तरल ज्योति से चारों दिशाओं को प्रकाशित कर उन्हें इस ज्योति-सागर में डुबो देता था। उस सागर में निमग्न होते-होते वे सो जाते।
हर रात ऐसा ही होता, वे उसे साधारण रूप में ही ग्रहण करते और सोचा करते कि आदमी इसी प्रकार सोता है। उन्होंने इस अति असाधारण दैनिक घटना की बात किसी से कहने की आवश्यकता महसूस नहीं की। बहुत दिनों के बाद जब वे श्रीयुत देवेंद्र ठाकुर के पास ध्यान सीखने जाया करते थे, तब अपने एक समवयस्क मित्र को ध्यान कैसे होता है, यह जानने के लिए उत्सुक होकर उन्होंने प्रंगवश उससे पूछा, "अच्छा भाई, तुम क्या सोने के पहले एक ज्योति देखते हो?"
प्रश्न का तात्पर्य ग्रहण करने में असमर्थ उस मित्र ने आश्चर्यचकित होकर कहा, "नहीं।" नरेंद्र ने कहा, "मैं देखता हूँ, यह बात याद रखना, बिछावन पर लेटते ही सो नहीं जाना, कुछ देर सतर्क रहने पर तुम भी देख सकोगे।"
मित्र ने इसे किस रूप में ग्रहण किया था तथा उसके भाग्य में इसका क्या फलाफल हुआ था, पता नहीं, किंतु बाद में, सन् 1882 में श्रीरामकृष्ण परमहंसदेव ने इस ज्योति-दर्शन की बात सुनकर कहा था, "जो लोग ध्यान-सिद्ध होते हैं, वे ही इस प्रकार ज्योति देख पाते हैं।" नरेंद्र के लिए वह आजीवन दैनिक घटना थी। फिर भी अंतिम दिनों में यह ज्योत्ति-दर्शन उतना सधन व स्पष्ट रूप में नहीं होता था।
******



Comments