हद हो गयी
निरजंन धुलेकर
बबलू की मम्मी से पास दूर का कोई भी रिश्तेदार ख़ास ख़ुश नहीं था, वजह थी उनकी अजीबोगरीब आदतें और एक तकिया कलाम।
आज बबलू की मम्मी अपनी शादी की तीसवीं सालगिरह के फंक्शन में मिले व्योहार का ब्यौरा डायरी में लिख रहीं थीं। एक एक लिफाफा पार्सल पैकेट खुलता जा रहा था और उनकी रँनिंग कमेंट्री भी चलने लगी।
एल्लो, कानपुर वाली जिज्जी दस दस के नोट के कुल पाँच सौ रुपये पकड़ा गयी हैं इन्हें कौन बताए कि रेट ग्यारह सौ का चल रहा आज कल। उस दिन इनके स्टेशन से आने पर ऑटो को देने के लिए खुल्ले नही थे हमाये पास, सो उन्हें ही देने पड़े थे, हद हो गयी।
हें ये क्या है चश्मे का फ्रेम? छोटे जीजा की चश्मे की दुकान है तो वो यही पकड़ा रहे व्योहार में, मेरा आंख का नम्बर ले कर फ्रेम में काँच लगा कर भेजते तो कोई बात होती, हद हो गयी।
हाय राम। जिठानी जी ने फिर तौलिए दे दिए? जब आयी थीं यहाँ उस दिन नहाते वक्त एक भी तौलिया सूखा नही था उसी का बदला निकाल रहीं, अब मैं भी इनके डब्बू की शादी में साबुन बट्टी दूंगी। हद हो गयी।
अरे। इनकी परम प्रिय भाभी जी ने गुलदान दिया है, हमे क्या ब्लडी फूल समझ रखा है? इसे अपने घर मे यूज क़रतीं थी देखा था मैंने, हद हो गयी।
अब जे देखो। बुआ जी ने स्कॉच ब्राइट के दस पैकेट दिए हैं पिछली बार आयीं थी तो किचन की सफाई को लेकर कितनी नौटंकी की थी। रुको, इनकी बेटी की शादी में मैं भी फिनायल की बोतल ही दूंगी, हद हो गयी।
हे भगवान जे फूफा भी न। कान के ईयर बड के पैकेट भेजे हैं, पिछली बार मुँह से निकल गया था कि कान मत खाइए मेरे बस तो कोई ये भेजता है क्या, हद हो गयी।
जे लो, बड़े जीजाजी ने मोबाइल की बैटरी भेजी है। तीन बार उन्होंने कॉल किया था और तीनों बार मेरे मोबाइल की बैटरी लो होने से कॉल लुप्प हो गया, जे नही की नया मोबाइल ही भेज देते, हद जो गई।
धन्य हो गयी, सासु जी ने भी कुछ दिया है देखूं तो ज़रा। सत्यानाश हो ये पेट सफा भी कोई गिफ्ट करने की चीज है? हाँ मुझे थोड़ी देर लगती है अंदर पर उन्हें भी देरी की आदत डालनी चाहिए न तीस सालों में, हद हो गयी।
आआहा पतिदेव का पार्सल? देखें भाई क्या तोहफा भेजा है मेरे लिए। हें सेरिडोन की गोलियाँ? इन्हें मालूम है न मैं डिस्प्रीन लेती हूँ, एक काम ठीक से नही होता इनसे कसम से तभी तो हम हर वक़्त माथे पर पट्टी बांधे पड़े रहते, हद हो गई।
अरे वाह। बहुरानी का पार्सल? देखें तो हमारी बहु को हमसे कितना प्यार है? हे राम जे क्या? नींद की गोलियाँ वो भी पूरे हज़ार का बंडल? बबलू एक बात सुनो। तुम लोग रात भर इतनी खटर पट्टर मचाये रखते हो हमे सारी रात उठ उठ कर टोकना पड़ता है, सोते क्यूँ नही? बहु को भेज यहाँ ये सारी उसी को दे दूंगी। आ तो गए चिक्की डब्बू, अब तो चैन सोने दो मुझे, हद हो गई।
*******



Comments